फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Two people arrested for taking out I Love Mohammad procession CM photo edited

Varanasi News Today: आई लव मोहम्मद जुलूस निकालने में दो लोग अरेस्ट, सीएम की तस्वीर एडिट कर किया वायरल

Wed, 01 Oct 2025 10:20 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 01 Oct 2025 10:20 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में आई लव मोहम्मद का जुलूस निकालने में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी की फोटो एडिट और वायरल करने के मामल में भी एक युवक को अरेस्ट किया गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Two people arrested for taking out I Love Mohammad procession CM photo edited
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: सर तन से जुदा के नारे और आई लव मोहम्मद के पोस्टर के साथ कस्बे में जुलूस निकालने के आरोपियों जहीर और गुलाम मोहम्मद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा ने बताया कि मीनाबाजार के आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। 

विज्ञापन


इस मामले में अब तक चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। एसीपी ने बताया कि आरोपियों ने पिछले दिनों बिना अनुमति जुलूस निकालकर माहौल खराब करने का प्रयास किया था। मामले में 12 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन


सीएम की तस्वीर एडिट कर वायरल करने वाला गिरफ्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो एडिट कर वायरल करने के आरोपी दिलशाद को लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने मंगलवार रात हुकुलगंज से गिरफ्तार किया। भाजपा पार्षद बृजेश चंद श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आपत्तिजनक फोटो लगाकर इंस्टाग्राम पर वायरल की गई। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हुकुलगंज निवासी दिलशाद को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

बिना पंजीकरण चलने वाला मंजू क्लीनिक सील
बड़ागांव थाना क्षेत्र के सेहमलपुर में बिना पंजीकरण चल रहे मंजू क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने मंगलवार को सील कर दिया। बड़ागांव पीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शेर मोहम्मद ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर टीम ने दस्तावेज की जांच की, लेकिन कोई वैध रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र नहीं मिला। 

बेसमेंट में ऑपरेशन थियेटर के अलावा अलग-अलग कमरे में मेडिकल हॉल और वार्ड व अन्य व्यवस्थाएं चल रही थीं। क्लीनिक सील कर भर्ती दो मरीजों को पीएचसी में इलाज के लिए भेज दिया गया। कार्रवाई के बाद कई प्राइवेट संचालक अस्पताल बंद कर भाग गए। पीएचसी प्रभारी डॉ. शेर मोहम्मद ने कहा कि यदि किसी भी संदिग्ध स्वास्थ्य संस्थान या फर्जी हॉस्पिटल की जानकारी मिले तो तुरंत सूचित करें। 

सड़क पार करते शख्स को बचाने में बाइक सवार घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के बनवारीपुर रिंग रोड पर मंगलवार शाम एक शख्स को बचाने के चक्कर में बाइक सवार अभय पटेल (25) गिरकर घायल हो गया। चौबेपुर थाना क्षेत्र निवासी अभय पटेल शिवपुर के लक्ष्मणपुर के ससुराल जा रहा था। हरिबल्लमपुर रिंग रोड पार कर एढ़े में सड़क पार कर रहे रानी पटेल (55) को बचाने में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। अभय के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। चोलापुर पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। अभय की पत्नी लक्ष्मीना पटेल ने बताया कि 8 माह पहले ही शादी हुई है। 

राहुल गांधी को धमकी देने वाले भाजपा प्रवक्ता की हो गिरफ्तारी
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी पर कांग्रेस में आक्रोश है। कांग्रेस नेताओं ने धमकी देने वाले की गिरफ्तारी की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को संबोधित अपर जिलाधिकारी प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेव के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगी। इस दौरान अशोक कुमार सिंह, राजीव कुमार राजू राम, लोकेश सिंह, युवराज सिंह, मोहसिन खान मौजूद रहे। 

मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को संस्था को सौंपा
बड़ागांव थाने की महिला शक्ति केंद्र की टीम को मंगलवार को बलदेव इंटर काॅलेज के सामने मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला मिली। महिला को पुलिस ने मिशनरीज ऑफ चैरिटी, निर्मला शिशु भवन में संस्था को सुपुर्द किया। डीसीपी गोमती जोन के अनुसार महिला का नाम ज्योति कुमारी है। इसके अलावा वह कोई जानकारी नहीं दे पा रही है। 

कंदवा पोखरे में डूबने से मजदूर की मौत
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कर्दश्वर महादेव मंदिर के पास कंदवा तालाब में मंगलवार को हौसला पटेल (55) की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के कंदवा घमहापुर निवासी हौसला पटेल सुबह घर से निकले थे। काफी देर बाद घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। 

मालूम चला कि गांव के ही तालाब में वह डूब गए हैं। पत्नी मीरा देवी ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि हौसला मजदूरी करता था। पांच बेटियां और एक बेटा है। एक बेटा किशन पटेल (16) और एक बेटी रेखा पटेल (24) अविवाहित हैं, जबकि बाकी बच्चों की शादी हो चुकी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय राज वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज है। 

ओलंपियन मो. शाहिद की पत्नी को जेठ ने पीटा, मुकदमा दर्ज
हॉकी ओलंपियन मो. शाहिद की पत्नी परवीन शाहीन को मंगलवार को जेठ रियाजुद्दीन ने पीट दिया है। आरोप है कि अर्दलीबाजार इलाके में घर ध्वस्तीकरण के बाद शाहीन पुस्तैनी मकान में सामान रखने गई थीं। इसी दौरान जेठ ने उनकी पिटाई कर दी। साथ ही गला दबा कर जान से मारने की कोशिश की। शाहीन की तहरीर पर कैंट थाने की पुलिस ने जेठ रियाजुद्दीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।

परवीन शाहीन ने कैंट थाने की पुलिस को बताया कि ध्वस्तीकरण की जद में आए पुश्तैनी मकान से मंगलवार को कुछ सामान निकालने गई थीं। इस पर जेठ रियाजुद्दीन ने गाली-गलौज की। गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और पिटाई कर दी। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तो रियाजुद्दीन भाग निकला। जाते-जाते आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। 

कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  सड़क चौड़ीकरण में कुछ दिन पहले मोहम्मद शाहिद का मकान ध्वस्त किया गया था। 

सोने की चेन और पैसे छीनने पर केस दर्ज
अस्सी रोड के मुमुक्षु भवन के पास ई-रिक्शा चालक की पिटाई में बीचबचाव करने पहुंचे किशोर वर्मा को मनबढ़ों ने पीट दिया। इस दौरान सोने की चेन और पैसे भी छीन लिए। 21 सितंबर की घटना को लेकर पीड़ित ने भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। 

अस्सी घाट निवासी किशोर वर्मा ने बताया कि ई-रिक्शा चालक मनीष शुक्ला की पिटाई में बीच बचाव करने पहुंचे थे। पुष्कर तालाब के रहने वाले कल्लू और अज्ञात ने मारा पीटा। परिचित सागर सेठ पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। एक लाख की चेन, जेब से 7000 रुपये छीनकर भाग निकले। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मदद से जांच की जा रही है।

सूर्य नारायण मंदिर परिसर से दानपेटी चोरी 
सारनाथ के कपिलधारा के दीनापुर के दशनामी जूना अखाड़ा नागा सन्यासी मठ परिसर मंदिर से सोमवार रात दानपेटी चोरी हो गई। अखाड़ा परिसर की बाउंड्री से घुसे चोरों ने दानपेटी तोड़कर चोरी की। मंगलवार सुबह प्रबंधक केशवानंद सरस्वती ने पुलिस को बताया कि मंदिर से 200 मीटर दूरी पर टूटी हुई दानपेटी मिली। बताया कि इससे पहले शनि मंदिर में लगी दानपेटी तोड़ कर चोरी हुई थी। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सीसी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। 

रेस्टोरेंट संचालक पर फायरिंग के दो आरोपी गिरफ्तार 
लंका थाना क्षेत्र के नगवा पावर हाउस के पास रेस्टोरेंट संचालक विदिप सिंह पर फायरिंग के दो आरोपियों सौरभ सिंह और अरमान खान को पुलिस ने सामनेघाट के जज गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार किया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आरोपियों में चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के समूदपुर निवासी सौरभ सिंह और बिहार कैमूर के चैनपुर अरहल निवासी अरमान खान जो वर्तमान में चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के टांडाकला में रहता है।

दोनों के कब्जे से हमले में उपयोग बाइक बरामद हुई है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है। रंजिश को लेकर विदिप, सूर्यश सिंह और उसके दो दोस्तों को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। अरमान पर पहले भी बलुआ थाने में मुकदमा दर्ज है। 

छेड़खानी के दो आरोपी गिरफ्तार
चौक थाना क्षेत्र में छेड़छाड़, गालीगलौज और धमकी के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों अबरार और सरफराज को काशीपुरा से गिरफ्तार किया। दोनों काशीपुरा में रहते हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में अबरार खान (35) व सरफराज खान उर्फ शाहरुख (32) निवासी काशीपुरा  हैं।चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर दोनों को गिरफ्तार किया गया। 

महिलाओं पर फब्तियां कसने का आरोपी गिरफ्तार
महिलाओं पर फब्तियां कसने के आरोपी कोनिया निवासी रोहित चौहान को आदमपुर पुलिस ने मंगलवार शाम कज्जाकपुरा तिराहे से गिरफ्तार किया। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि आरोपी रोहित कज्जाकपुरा तिराहे के पास महिलाओं पर फब्तियां कस रहा था। 

मनचले को पुलिस ने किया गिरफ्तार
महिलाओं पर फब्तियां कसने के आरोपी मनचले मनोज राय को नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सरायतक्की गांव निवासी मनोज राह चलते युवतियों और महिलाओं पर फब्तियां कसता था। शिकायत दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। 

नाबालिग बरामद, आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा करने के आरोपी सागर गुप्ता उर्फ सत्यम को जैतपुरा पुलिस ने मंगलवार को कैंट स्टेशन से गिरफ्तार किया। साथ ही नाबालिग को बरामद भी किया। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि नाबालिग 28 सितंबर को डिगिया इलाके से लापता हो गई थी। पिता ने थाने में सागर गुप्ता उर्फ सत्यम गुप्ता के खिलाफ शादी का झांसा देकर अगवा करने का केस दर्ज कराया था। आरोपी सत्यम को जेल भेज दिया गया। 

फाइल डाउनलोड करते ही खाते से 9.90 लाख निकले
व्हाट्सएप पर ई-चालान का आरटीओ एपीके मैसेज भेजकर साइबर ठगों ने जितेंद्र कुमार सिंह के खाते से 9 लाख 90 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने 26 सितंबर को साइबर क्राइम थाने में साइबर धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया है। 

शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर प्रताप नगर कॉलोनी निवासी संदीप कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि पिता जितेंद्र कुमार सिंह के व्हाट्सएप पर ई-चालान का आरटीओ एपीके का मैसेज आया। मैसेज को घर के बच्चे ने गलती से इंस्टाल कर दिया और कुछ ही देर बाद खाते से 9,90,148 रुपये निकल गए। साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। साइबर क्राइम के प्रभारी निरीक्षक गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मुकदमे की विवेचना की जा रही है। 

सोशल मीडिया पर धमकी और रंगदारी में मुकदमा 
जैतपुरा थाना क्षेत्र के ईश्वरगंगी निवासी काशीनाथ यादव ने सोशल मीडिया पर धमकी और रंगदारी के मांगने मामले में मंगलवार को मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित काशीनाथ यादव ने पुलिस को बताया कि आजमगढ़ के मेहनाजपुर रामपुर निवासी अखिलेश यादव उर्फ छन्नू यादव लगातार धमकी दे रहा है। साथ ही दस लाख की रंगदारी मांग रहा है। पहले से अखिलेश के खिलाफ केस दर्ज है, जिसकी विवेचना चल रही है। 

आरोपी ने 12 दिसंबर 2024 को फेसबुक मैसेंजर पर दोबारा रंगदारी मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी। 27 सितंबर 2025 को उनके मोबाइल पर रील भेजी। भोजपुरी गीत के जरिये गला काटने की धमकी दी। 

वीडियो में किशन यादव उर्फ हत्यारा, योगेश उर्फ तहसीलदार और अन्य अपराधी दिखाई दे रहे हैं।  काशीनाथ ने पुलिस को बताया कि लगातार धमकी से पूरा परिवार दहशत में है। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

महिलाओं पर फब्तियां कसने का आरोपी गिरफ्तार
चोलापुर थाना क्षेत्र के पलहीपट्टी-भैठौली मंदिर मार्ग पर महिलाओं पर फब्तियां कसने के आरोपी कैलाश पटेल को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि गिरफतार आरोपी भठपुरवा खुर्द निवासी कैलाश है। 

पूजा पंडालों के रास्तों को कराया अतिक्रमण मुक्त
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने मंगलवार को कचहरी चौराहा से लेकर लहुराबीर समेत शहर के कई इलाकों में संवेदनशील स्थानों के साथ दुर्गा पंडालों के आसपास पैदल गश्त किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आगमन एवं प्रस्थान मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया।  निरीक्षण के दौरान बेतरतीब खडे़ वाहनों के मामले में संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारी को विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान थाना भेलूपुर क्षेत्र के सोनारपुरा बाजार में सड़क पर काफी भीड़ को देखते हुए वाहन चालकों को अपने लेन में चलने का निर्देश दिया गया।

Varanasi News Today Two people arrested for taking out I Love Mohammad procession CM photo edited
Varanasi court - फोटो : अमर उजाला

ज्ञानवापी मामले की सुनवाई टली अब 31 अक्तूबर को होगी
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अवधेश  कुमार की अदालत ने मंगलवार को ज्ञानवापी में उर्स  करने और मजार पर चादर चढ़ाने की अनुमति से संबंधित अर्जी पर सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले में कुछ लोगों ने पक्षकार बनने की अर्जी लगाई है इसलिए मामले की अगली सुनवाई  31 अक्तूबर तय कर दी गई। 

निचली अदालत ने फरवरी में सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक की अदालत ने ज्ञानवापी में उर्स करने, अदृश्य मजार पर चादर चढ़ाने की अनुमति देने संबंधी मुख्तार अहमद के वाद में तृतीय पक्षकार हिंदुओं को बनाने का आवेदन स्वीकार कर लिया था। इस आदेश के खिलाफ मुख्तार ने सत्र न्यायालय में निगरानी अर्जी दाखिल की थी। 

निगरानी अर्जी पर बहस करते हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि  लोअर कोर्ट ने सरसरी तरीके से इस मामले आदेश दिया है। जिसे पक्षकार बनाने अनुमति दी जानी है उसका इस मामले में कोई कानूनी अधिकार नहीं बनता है। 

अभियंताओं पर कार्रवाई के विरोध में उतरे कर्मचारी, प्रदर्शन कर जताई नाराजगी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर मंगलवार को बिजली उपकेंद्रों, कार्यालयों पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अभियंताओं पर हो रही कार्रवाई पर नाराजगी जताई। कहा कि अगर जल्द ही इस तरह की कार्रवाई पर अंकुश नहीं लगाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। 

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले धरने में पदाधिकारियों ने कहा कि नवरात्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति में लगे बिजली अभियंताओं और कर्मियों को विजया दशमी के पहले बोनस देने के बजाय प्रबंधन अभियंताओं और कर्मचारियों पर कार्रवाई कर रहा है। सेवानिवृत्ति और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है, जो गलत है। 

मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने बताया कि अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता की पूरी सूची जारी कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अपडेट जानकारी मांगी गई है, जिसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर अभियंताओं को जबरन सेवानिवृत्त करना है। 

बिजली कर्मचारियों का फेशियल अटेंडेंस के नाम पर 3 माह से रुका वेतन नहीं दिया गया। इस दौरान धर्मेंद्र ,यादव, रंजीत पटेल, योगेंद्र कुमार, सुशांत कुमार, सरोज भूषण, मनोज यादव ने नाराजगी जताई।

एक दिन की नगर आयुक्त बनीं जिया, जनता की फरियाद सुनी 
नगर निगम की ओर से मिशन शक्ति के तहत जिया श्रीवास्तव को एक दिन का नगर आयुक्त बनाया गया। मंगलवार को संभव की जनसुनवाई के दौरान जिया ने पांच फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। सिगरा निवासी बाबू लाल ने दाखिल खारिज, सारनाथ के कमलेश बिंद, गोदौलिया की आरती ने नामांतरण, तेलियाबाग के मनोज पाल ने जन्म मृत्यु, महेशपुर के हरिमंगल सिंह ने सीवर से संबंधित शिकायत की। जिया कक्षा 12 की छात्रा हैं।  उनका लक्ष्य भारतीय सेना में जाने का है।

महिला की फरियाद पर भेजी टीम 
मिशन शक्ति के तहत मंगलवार को बड़ागांव के खुशियालीपुर गांव निवासी 10वीं की छात्रा श्रेया यादव को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया। जनसुनवाई में अनेई गांव की अनिता प्रजापति की गुहार पर थाना प्रभारी ने ने तुरंत टीम भेजी। अनिता ने थाना प्रभारी को बताया कि पति राजेश बाहर रहते हैं। देवर राहुल व अनिल दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। 

Varanasi News Today Two people arrested for taking out I Love Mohammad procession CM photo edited
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

पुराने अभिलेखों के संरक्षण में जुटा वीडीए
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर पुराने अभिलेखों और मानचित्रों के संरक्षण, एकीकृत कीट प्रबंधन और पर्यावरण निगरानी प्रणाली शुरू हो गई है। लागत 14,99,844 रुपये है। कार्य इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटैक) लखनऊ को कां सौंपा गया है। 

1930 से 1950 तक के 26 मानचित्रों, 1957 के बाद की 95 पत्रावलियों के 5210 पृष्ठों का वैज्ञानिक संरक्षण किया जाएगा। वर्तमान में अभिलेखों और मानचित्रों के संरक्षण का कार्य विधिवत रूप से शुरू हो चुका है। आगामी दो माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इंटैक ने वीडीए के चयनित कर्मचारियों को अभिलेख संरक्षण की आधुनिक तकनीकों, जैसे कीट प्रबंधन, नमी नियंत्रण, पर्यावरणीय निगरानी से संबंधित विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। 

दो अवैध निर्माण सील
वीडीए की ओर से मंगलवार को दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया। शीतल नगर कॉलोनी में अमितांचल सिंह ने 225 वर्गमीटर के दो तल के मकान को सील किया था। सील तोड़कर अवैध निर्माण किया जा रहा था। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की अगुवाई में कार्रवाई की गई। 

नगवां के साकेत नगर कॉलोनी, संकटमोचन फिजियोथिरैपी, रिहैब सेंटर के सामने अंकुल अग्रवाल की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृत 210 वर्गमीटर के भूखंड पर अवैध निर्माण कार्य कराया जा रहा है। भूतल पर दीवार खड़ी कर गोदाम के निर्माण पर नोटिस दिया गया था। काम जारी रखने पर अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया। जोनल अधिकारी संजीव कुमार की अगुवाई में कार्रवाई की गई। 

मिशन शक्ति की टीम ने किया जागरूक
महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर मिशन शक्ति के तहत मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा व इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला ने महिला पुलिस बल के साथ मंगलवार को क्षेत्र में भ्रमण किया। दुर्गा पूजा पंडाल और प्रमुख चौराहों पर महिलाओं से संवाद कर मिशन शक्ति की जानकारी दी। 

बीज के लिए 1361 किसानों का चयन  :  निशुल्क तिलहन बीज मिनीकिट के लिए मंगलवार को विकास भवन में जिला विकास अधिकारी विजय जायसवाल की अध्यक्षता में ई-लॉटरी निकाली गई। इसमें 1361 किसानों का चयन हुआ। 1974 ने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी।

शीतला माता के वार्षिकोत्सव पर बिरहा दंगल कल
श्री शीतला माता मंदिर प्रबंध समिति की ओर से शीतला माता के वार्षिकोत्सव पर शृंगार और विराट बिरहा दंगल रसमंजरी का आयोजन बुधवार को होगा। गायिका प्रो. सरोज त्यागी और चंदौली के बिहारीलाल भारद्वाज के बीच मुकाबला होगा। संयोजक मुन्नूलाल विश्वकर्मा ने बताया कि लोहटिया स्थित मंदिर में शाम पांच बजे से माता का शृंगार होगा। इसके बाद बिरहा दंगल होगा। मुख्य अतिथि गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव एवं नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल होंगे।

मां की चरण वंदन कर बांधेंगे रक्षा सूत्र
दुर्गा पूजा के विजयदशमी पर बंगीय समाज के श्रद्धालु मां दुर्गा की विधिवत पूजा कर अपराजय के लिए रक्षा सूत्र बांधेंगे। अपराजिता की लकड़ी का रक्षा सूत्र बांधकर एक साल तक किसी भी तरह के संकट से बचाने की माता से कामना करेंगे। बंगीय समाज में दुर्गा पूजा पर अपराजिता की डालियों को काटकर रक्षा सूत्र बांधने की परंपरा चली आ रही है। इसे पूरे साल सुरक्षा कवच के रूप में मानते हैं। 

दुर्गा सप्तशती पर आधारित नृत्य नाटिका
श्री काशी विश्वनाथ धाम के शिवार्चनम के मंच पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। काशी कला स्थली की सोनाली महिंद्रा के निर्देशन में शिवार्चनम के मंच पर मां दुर्गा सप्तशती पर आधारित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति हुई। अष्टमी तिथि पर प्रस्तुत इस सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने मां दुर्गा की अद्भुत लीलाओं एवं शक्ति के दिव्य स्वरूप को नृत्यशैली के माध्यम से जीवंत किया। 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने भेजा सम्मान पत्र
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रीमियर ब्वायज क्लब हथुआ मार्केट दुर्गा पूजा पंडाल की सुंदर प्रस्तुति के लिए क्लब को सम्मान पत्र और बधाई भेजी है। यह जानकारी क्लब के संजय गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि शरद ऋतु के नीले आकाश में मां दुर्गा का आगमन हो रहा है और ढाक की धुनों के बीच एक बार फिर आनंदमयी माता पधार रही हैं। 

काश के फूलों की लहराहट और शिउली की महक के साथ मां का आगमन केवल बंगाल ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए हर्ष और उल्लास का पर्व है। प्रार्थना की कि दसभुजा मां के चरण स्पर्श से धरती आलोकित हो, हर घर में शंखध्वनि गूंजे और आशा का दीप प्रज्वलित हो। उन्होंने आशा जताई कि मां दुर्गा का आशीर्वाद सुख, शांति, समृद्धि और एकता का संदेश लेकर आएगा। 

कन्याओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया
शारदीय नवरात्र की अष्टमी तिथि पर नमामि गंगे की पहल के तहत दुर्गा स्वरूपा कन्याओं ने कुंवारी पूजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का आग्रह किया और कपड़े के झोले व देवी दुर्गा के प्रिय गुड़हल के पौधे उपहार में लेकर अधिक से अधिक पेड़ लगाने के प्रति जागरूकता फैलाई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला, विजय कपूरिया, रामेश्वर कपूरिया, विनय कपूरिया, पूनम शुक्ला, सूर्यांशु शुक्ला शामिल रहे। 

लायरा रिटेल कूपन स्कीम में आठ एक्टिवा स्कूटी की चाबी सौंपी
उत्तर भारत में वस्त्र व्यवसाय के क्षेत्र में प्रमुख स्थान रखने वाले दीनदयाल जालान रिटेल्स प्रा. लि. ने लक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड (लायरा डिवीजन) द्वारा चलने वाली लायरा रिटेल कूपन स्कीम में एक साथ 8 एक्टिवा स्कूटी की स्कीम को पूरा किया है। कैंटोनमेंट स्थित एक्टिवा शोरूम में महात्मा होजरी (लायरा के डिस्ट्रीब्यूटर) के प्रोपराइटर अर्पित अग्रवाल द्वारा दीनदयाल जालान रिटेल्स के प्रोपराइटर कृष्णा एस जालान को एक्टिवा स्कूटी की चाबी सौंपी गई। इस अवसर पर आनंद अग्रवाल, केपी सिंह, मुकेश अग्रवाल, पवन सिंह, सचिन अग्रवाल उपस्थित थे।

पीएनबी ने वीडीए पार्क की सफाई कर जागरूकता का संदेश दिया
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) अंचल कार्यालय, वाराणसी ने अंचल प्रमुख दीपक सिंह के नेतृत्व में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत 26 सितंबर को एक दिन, एक घंटा एक साथ अभियान का आयोजन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने वीडीए पार्क की सफाई कर जागरूकता संदेश दिया। 

हरित पहल के तहत पौधरोपण भी किया गया। इस पहल की शुरुआत में अंचल प्रमुख ने स्टाफ सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और आह्वान किया कि वर्ष भर अपने आस पास के परिवेश को श्रमदान से स्वच्छ रखें और एक वृक्ष भी लगाएं। स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में उप अंचल प्रमुख हरविंदर सिंह रंधावा, राजेश कुमार, संजीव पुरकाएत, उपेंद्र सिंह, सहायक महाप्रबंधकगण, मुख्य प्रबंधकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।

दोबारा शुरू हुआ प्रसारण
एफ एम 100.6  एक बार फिर श्रोता सुन सकेंगे। विशेष मांग पर सुबह 5:55 बजे से रात के 11 बजे तक प्रसारण की शुरुआत बुधवार से की जा रही है। इस कार्यक्रम में श्रोता विशेष रूप से काशी कनेक्ट, बनारस बीट्स, बनारस डायरी, यूथ अड्डा और गेस्ट ऑफ द वीक जैसे पसंदीदा प्रोग्राम भी सुन सकेंगे। कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि श्रोताओं को सीधे जोड़ने के लिए और नए कलाकारों को नया मंच देने के लिए प्रसारण दोबारा शुरू किया जा रहा है।

निकली कलश यात्रा, लगे जयकारे
श्री गुल्लाबीर बाबा मानव सेवा समिति की ओर से साकेत नगर नरिया में दुर्गा पूजनोत्सव कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कलश यात्रा निकाली गई। सुबह नौ बजे पंडाल से निकली कलश यात्रा श्रीगुल्लाबीर बाबा मंदिर बीएचयू कैंपस होकर शायर माता मंदिर होते हुए पंडाल पर पहुंची। कलश यात्रा में पूर्व पार्षद कमल पटेल, रमेश यादव, शैलेंद्र यादव बच्चा आदि शामिल रहे। समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र यादव ने बताया कि बुधवार की रात देवी जागरण का आयोजन होगा। 

मेधावियों को किया गया सम्मानित
नव युवक ग्राम विकास समिति की ओर से दुर्गा अष्टमी पर मंगलवार को मेधावियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मेहंदीगंज ग्रामसभा के 12 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। आयोजन ग्राम की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हर वर्ष शारदीय नवरात्र में किया जाता है।

विश्व शांति के लिए हुआ कोटि कुमकुमार्चन
विश्व के कल्याण और देश की प्रगति के लिए श्री करपात्री धाम केदारघाट में चल रहे श्रीविद्या कोटि कुमकुमार्चन महायज्ञ की पूर्णाहुति मंगलवार को हुई। स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी के आचार्यत्व में माता ललिता का पूजन कर महायज्ञ शुरू हुआ। 

1001 महिलाओं और श्रद्धालुओं ने कुमकुर्माचन और यज्ञ में आहुतियां डालीं। तीन दिनों में श्रीललिता सहस्त्रनाम के मंत्रों से एक करोड़ बार सिंदूर से अर्चन हुआ। स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि देश के विकास के लिए माता ललिता देवी से विशेष प्रार्थना की गई है। महंत स्वामी सर्वेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि सनातन विश्व का मूल है। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि इस अनुष्ठान से देश का वैभव में वृद्धि होगा। संचालन कृष्ण कुमार शुक्ला ने किया। इस मौके पर मुकेश पांडेय, शिवपाल यादव, जितेंद्र मौर्य, अशोक बिंद, संदीप पांडेय, पप्पू यादव आदि रहे।

Varanasi News Today Two people arrested for taking out I Love Mohammad procession CM photo edited
वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन। - फोटो : अमर उजाला

कैंट रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री गेट पर खुलेगा आरक्षण काउंटर
कैंट रेलवे स्टेशन पर बनने वाले सेकेंड एंट्री के पास आरक्षण काउंटर खोलने की तैयारी है। यहां सामान्य टिकट काउंटर भी खोला जाएगा। सुविधा शुरू होने से कैंटोंमेंट, वरुणापार से आने वालों की यात्रा की राह आसान हो जाएगी। 

वेटिंग हॉल सहित अन्य सुविधाएं भी यात्रियों को उसी तरह मिलेंगी, जिस तरह पहले द्वार की तरफ मिलती हैं। कैंट स्टेशन को मॉडल बनाने की दिशा में काम चल रहा है। प्लेटफॉर्म 8-9 के बाद कैंटोंमेंट की ओर सीढ़ी से उतरने के बाद वाली खाली जगह पर सेकंड एंट्री गेट बनवाया जा रहा है। उत्तर रेलवे के एडीआरएम बीके यादव ने बताया कि मॉर्डनाजेशन के तहत कैंट स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में काम चल रहा है। रिजर्वेशन काउंटर, वेटिंग हॉल, जनरल टिकट काउंटर सहित अन्य सुविधाएं मिलेंगी। 

पांच के बाद बैठक में बजट पर होगी चर्चा
पांच अक्तूबर के बाद नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। पहले 5 अक्तूबर को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बैठक होनी थी। अपरिहार्य कारणों से इसे टाला गया है। जल्द ही बैठक की तारीख की घोषणा होगी। नगर निगम अधिनियम के अनुसार, एक अक्तूबर के बाद नगर निगम में बजट पर बैठक होती है। उम्मीद है कि दीपावली के पहले कार्यकारिणी की बैठक में महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे। बैठक में वसूली को लेकर रणनीति तय की जाएगी। 

भरत मिलाप का तीन को सजीव प्रसारण
काशी के विश्वप्रसिद्ध नाटी इमली के 482वें भरत मिलाप का आकाशवाणी वाराणसी की ओर से सजीव प्रसारण (आंखों देखा हाल) तीन अक्तूबर को अपराह्न 4 बजे से लीला की समाप्ति तक किया जाएगा। भरत मिलाप मुख्य लीला स्थल से आंखों देखा हाल रामलीला विशेषज्ञ तथा रामलीला (रामनगर) के पात्र रहे प्रो. राम मोहन पाठक और  प्रतिष्ठित उद्घोषक पांडुरंग पुराणिक द्वारा सुनाया जाएगा। लीला के पूरे मार्ग से श्रोताओं के साथ संवाद लेकर उद्घोषक आशुतोष शास्त्री जुड़ेंगे। प्रसारण आकाशवाणी वाराणसी केंद्र के प्राइमरी चैनेल, विविध भारती चैनेल एफ एम 100.6 न्यूज आन एयर एप के साथ ही ओटीटी से सुना जा सकेगा। 

Varanasi News Today Two people arrested for taking out I Love Mohammad procession CM photo edited
आग लगने की घटना के बाद माैके पर माैजूद लोग। - फोटो : अमर उजाला

चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत पटेल बस्ती में स्थित एक फुटवियर फैक्ट्री में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। फैक्ट्री मालिक ने अराजक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने संबंधित तहरीर चोलापुर थाने में दी।

ग्रैंड स्लाइस फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी चंदापुर गांव में स्थित है। कंपनी के सारे वर्कर काम बंद कर शाम को अपने घर चले गए। रात करीब बजे के लगभग फैक्ट्री में आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री के अंदर रखा हुआ लैपटॉप, डेस्कटॉप, कच्चा माल, फुटवियर बनाने की मशीन तैयार फुटवियर समेत लाखों रुपये के सामान जलकर खाक हो गए।

फैक्ट्री के मालिक दिलीप कुमार ने चोलापुर थाने पर फैक्ट्री में आग लगाए जाने संबंधित तहरीर दी। फैक्ट्री मालिक के अनुसार, सीसीटीवी के कैमरे के तार हटाए गए थे, जिससे आग लगने की घटना शॉर्ट सर्किट से नहीं बल्कि किसी अराजकतत्वों द्वारा लगाया गया है। फिलहाल तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उक्त फैक्ट्री किराए के जमीन पर स्थापित की गई थी। जिससे दर्जनों लोगों की आजीविका भी चलती थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed