Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...छह की मौत, 2 लोग घायल, कपसेठी इंस्पेक्टर लाइन हाजिर; पढ़ें अन्य खबरें
Varanasi News: वाराणसी में हुए विभिन्न हादसों में छह लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, सीपी ने कपसेठी थाना प्रभारी निरीक्षक को लाइन हाजिर कर दिया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
-
- 1
-
Link Copied
विस्तार
Varanasi News in Hindi: रामनगर थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी हर्ष कुमार (22) ने सोमवार को विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वह बीएड का छात्र था। बीएचयू में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दुर्गा दास का बेटा हर्ष उर्फ चिंटू ने सुबह 10 बजे घर में ही विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान शाम में हर्ष की मौत हो गई। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मूर्ति विसर्जन के दौरान वरुणा में डूबे किशोर का मिला शव
बड़ागांव थाना क्षेत्र के ईसीपुर में रविवार को कृष्ण पूजन के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान वरुणा नदी में डूबे शिवम उर्फ प्रिंस यादव 14 वर्ष का शव सोमवार को बरामद हुआ। पुलिस और एनडीआरएफ की खोजबीन के बाद शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ईसीपुर (मड़ई) गांव में कृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अच्छेलाल उर्फ पंधारी यादव के घर मूर्ति स्थापित कर पूजा पाठ किया गया। सुबह 10 बजे गांव के कुछ युवकों और बड़े भाई मुकेश के साथ शिवम उर्फ प्रिंस यादव वरुणा नदी पर गया था, मूर्ति विसर्जन के बाद भाई मुकेश के मना करने के बावजूद शिवम नदी में उतरा और डूब गया। भाई को बचाने में मुकेश भी डूबने लगा था, जिसे लोगों ने बचा लिया था। शिवम दो भाइयों व दो बहनों में तीसरे नंबर का था। बड़ागांव के एक निजी पब्लिक स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था। पिता मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाते हैं।
छत से गिर कर ई-रिक्शा चालक की मौत
सारनाथ थाना क्षेत्र के दानियालपुर नक्खीघाट में रविवार की रात छत से गिरकर ई-रिक्शा चालक बाबू लाल यादव 45 वर्ष की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौबेपुर धरहरा गांव निवासी बाबू लाल यादव सारनाथ थाना क्षेत्र के दनियालपुर नक्खीघाट में किराये के कमरे में रहता था।
ई-रिक्शा चलाकर जीविकोपार्जन करता था। सारनाथ थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शराब के नशे में बाबूलाल रात में उठा और छत से सीधे नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बाबूलाल के तीन बच्चे हैं।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
खालिसपुर रेलवे स्टेशन के उत्तरी छोर पर कंक्रीट स्लीपर प्लांट के समीप सोमवार की दोपहर में ट्रेन के सामने कूदकर युवक ने जान दे दी। वाराणसी-जफराबाद रेल मार्ग स्थित ट्रैक से क्षत विक्षत शव को फूलपुर पुलिस ने कब्जे में लिया है। फूलपुर पुलिस को आसपास के लोगों ने बताया कि युवक साइकिल से पहुंचा और रेलवे क्राॅसिंग से 500 मीटर पहले साइकिल खड़ी की। ट्रेन पहुंची तो वह कूद गया। फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार युवक की शिनाख्त चोलापुर के प्रयागपुर पलिया निवासी मदन प्रजापति के रूप में हुई है। वह सिंधोरा थाना क्षेत्र के बरवां में किराये का कमरा लेकर परिवार के साथ रहता था। पेंटिग का काम करता था। पत्नी रिंकी प्रजापति ने पुलिस को बताया कि वह शराब पीने का आदि था। दोपहर में विवाद होने के बाद वह साइकिल से निकल गए थे। दो पुत्र और एक पुत्री है।
हाइवे पर वाहन की चपेट में आने से शिक्षक की मौत, चचेरा भाई घायल
लंका थाना क्षेत्र के डाफी टोल प्लाजा लौटूवीर पुलिया के पास सोमवार की दोपहर सवा एक बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार संजय कुमार सिंह 42 वर्ष की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर बैठा भाई शिव सिंह (22) घायल हो गया। लंका पुलिस में घायल को बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के जादवपुर गांव निवासी संजय कुमार सिंह बुलंदशहर में राजकीय इंटर कॉलेज में अध्यापक थे। 15 अगस्त की छुट्टी पर घर आए थे। चचेरे भाई शिव सिंह के साथ बाइक से शहर आए थे। दोपहर में वह अपने घर लौट रहे थे। डाफी से एक किमी दूर लौटूवीर पुलिया के पास पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों घायल हो गए। मौके पर पहुंची लंका पुलिस ने दोनों को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने संजय कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ की मौत, साथी घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया में रविवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार राजेंद्र पटेल (50) की मौत हो गई। साथी राजकुमार पटेल (32) घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नेहिया (बन) निवासी राजेंद्र पटेल गांव में ही एक व्यक्ति के यहां छत की ढलाई में गया था, जिसके बाद बाटी चोखा की पार्टी हुई। रात में पान खाने की तलब लगी तो अपने साथी राजकुमार पटेल के साथ पलहीपट्टी बाजार में पान खाने गया। लौटते समय नेहिया के पास पहुंचा था कि अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल राजकुमार और राजेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर शहर स्थित निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस बीच राजेंद्र पटेल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तीन भाइयों में राजेंद्र सबसे बड़े थे। पत्नी मनोरमा का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
आईजीआरएस में कपसेठी थाना प्रदेश में सबसे अंतिम, इंस्पेक्टर लाइन हाजिर
आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में कपसेठी थाने की 1547वीं रैंक (प्रदेश में सबसे अंतिम) आने पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कपसेठी थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज को लाइन हाजिर कर दिया है। सोमवार को कपसेठी थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम को बनाया गया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपराध समीक्षा बैठक में पाया कि प्रभारी निरीक्षक कपसेठी अरविंद कुमार सरोज के रिपोर्ट-कार्ड में जुलाई माह में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया गया था। पुलिस आयुक्त ने पूर्व में ही यह स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रत्येक थाना प्रभारी का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, अपराधियों के विरुद्ध की गई ठोस कार्रवाई, यातायात जाम व अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए किए गए प्रयास, मादक पदार्थों (अफीम, चरस, हेरोइन आदि) की उल्लेखनीय बरामदगी जैसे मापदंडों के आधार पर किया जाएगा। केवल वही थाना प्रभारी अपने पद पर बने रहेंगे जो इन क्षेत्रों में प्रभावी कार्य करेंगे।
अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी पर हो विशेष जोर
अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह ने रविवार को काशी जोन में लूट, नकबजनी, चोरी, हत्या व अन्य एसआर केस के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। कोर्ट द्वारा निर्गत गैर जमानती वारंट के अपराधियों को अधिक से अधिक गिरफ्तारी के लिए राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया।
अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही की समीक्षा व अपराध नियंत्रण के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। सीएम डैशबोर्ड, जनसुनवाई की समीक्षा और गस्त, पिकेट, बैंक चेकिंग पर विशेष जोर दिया है। बैठक में एडीसीपी सरवणन टी., एसीपी चेतगंज ईशान सोनी, एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार, एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी, एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक मौजूद रहे।
जुआ के फड़ पर छापा, आठ आरोपी गिरफ्तार
सिंधौरा थाना क्षेत्र के हीरामनपुर गांव में रविवार की रात पुलिस ने जुएं के फड़ पर छापा मारकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान फड़ से 6100 नकदी, ताश के 52 पत्ते बरामद हुए। आरोपियों में मो राजू उर्फ माली, जीतेन्द्र कुमार, दीपू राजभर, ठाकुर प्रसाद राजभर, दीपक कुमार, जन्तु, अजय कुमार, संदीप कुमार सभी निवासी हीरामनपुर के हैं।
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर स्थित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में कार्य करने वाली लखनऊ की युवती ने सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। सोमवार को पीड़िता ने अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश कुमार सिंह को शिकायती पत्र सौंपा। अपर पुलिस आयुक्त ने लालपुर-पांडेयपुर थाने को जांच कर मुकदमा दर्ज करने को आदेशित किया है।
पीड़िता ने शिकायती पत्र में कहा है कि कंपनी में कार्यरत युवक से उसकी पहचान सितंबर 2024 में हुई। बातचीत के दौरान युवक ने उससे शादी की इच्छा जताई और अक्तूबर 2024 से शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक शोषण किया। जून 2025 में आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया लेकिन गाजियाबाद भाग गया। अब धमकी दे रहा है। लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस भी सुनवाई नहीं कर रही है।
मूर्ति विसर्जन के दौरान ऑटो से टक्कर पर विवाद दो पक्षों में पत्थरबाजी
चोलापुर थाना क्षेत्र के जरियारी गांव में जन्माष्टमी के दौरान स्थापित मूर्ति विसर्जन के बाद ऑटो से टक्कर के बाद सोमवार को मारपीट और पत्थरबाजी हो गई। सिंधोरा थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव निवासी राकेश राजभर ने पुलिस को बताया कि वह ऑटो लेकर घर लौट रहा था, ऑटो के बगल मिरर से सड़क के किनारे खड़े एक युवक को धक्का लग गया युवक ने पिटाई कर दी।
इस बीच, परिजनों को इसकी सूचना दी तो भरतपुर से लोग आए। इस बीच जरियारी गांव के लोगों ने हमला कर दिया और पत्थरबाजी की है। चोलापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों के ग्राम प्रधान सुलह समझौत की बात कर रहे हैं। तहरीर मिली तो आगे कार्रवई की जाएगी।
आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर हिंदू संगठन ने सौंपा शिकायती पत्र
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में राष्ट्रवादी हिंदू शक्ति वाहिनी ने सोमवार को पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने शिकायती पत्र में कहा कि आरोपी मुख्यमंत्री समेत अन्य के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहा है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।
2.75 लाख रुपये हड़पने और ब्लैकमेल मामले में महिला के खिलाफ केस दर्ज
2.75 लाख रुपये हड़पने और ब्लैकमेल के मामले में युवक ने जंसा के खरगूपुर निवासी महिला के खिलाफ कैंट थाने में सोमवार को केस दर्ज कराया। आजमगढ़ के मेंहनगर रसूलपुर निवासी पीड़ित मनीष कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह लहरतारा स्थित ऑटोमोबाइल कंपनी में कार्यरत है।
मोटर सर्विस को आई खरगुपुर, हाथी बाजार, जंसा निवासी अर्चना मिश्रा ने व्यवहार बनाया और चेक व नगद के रूप में 2.75 हजार रुपये उधार लिए। साइबर गिरोह के साथ मिलकर उसके नाम से फर्जी आईडी बनाई और उस पर अश्लील फोटो बना कर और रुपये ऐंठने का दबाव बना रही हैं। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी अर्चना मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मदद के बहाने स्कूटी सवार से मारपीट, लूट की बात फर्जी
सिगरा थाना क्षेत्र के महमूरगंज स्थित आकाशवाणी मार्ग पर रविवार की रात स्कूटी सवार से मारपीट हुई। आरोपी युवक ने लूट का आरोप लगाया लेकिन सीसीटीवी फुटेज में लूट का मामला फर्जी पाया गया। महमूरगंज के ब्रज तुलसी अपार्टमेंट के रहने वाले विशाल थापर ने पुलिस को बताया कि वह रात 12 बजे के करीब होटल लैंड मार्क के पास उनके स्कूटी और ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई थी। इसमें हाथ में चोटें आईं।
इस बीच पहुंचे दो युवकों ने उपचार कराने का बहाना किया। स्कूटी पर दोनों युवक अस्पताल की ओर ले जाने लगे। इस बीच आकाशवाणी मार्ग पर स्कूटी रोककर पिटाई की। गले से सोने की चेन छीन कर भाग निकले। सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि मारपीट का मामला है, जिसकी जांच की जा रही है।
पांच कमरे की अनुमति, सात की करते थे बुकिंग
सारनाथ के फरीदपुर रिंग रोड अंडरपास के पास स्थित पेइंग गेस्ट हाऊस ब्लू स्टार के खिलाफ सारनाथ पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसीपी सारनाथ की जांच में सामने आया कि पांच कमरे की अनुमित थी लेकिन सात कमरे का संचालन किया जा रहा था। इसकी पूरी रिपोर्ट पर्यटन विभाग को भेजी जाएगी।
एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने बताया पेइंग गेस्ट हाउस में घर का कोई सदस्य नहीं रहता है, इसका इस्तेमाल व्यापारिक तरीके से किया जा रहा था। फरीदपुर रिंग रोड अंडरपास के समीप स्थित पेइंग गेस्ट हाउस में रविवार को एक युवक व एक युवती ठहरे थे। युवती की तबीयत खराब होने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मिर्जापुर के रहने वाले युवक और युवती के परिजनों को बुलाकर उन्हें सौंपा गया।
समाधान दिवस में आईं 96 शिकायतें, 4 का मौके पर निस्तारण
डीएम सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में शिकायतों का निस्तारण किया। यहां आईं 96 शिकायतों में 4 का मौके पर निस्तारण हुआ। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण मौके पर करें।
डीएम ने कहा कि प्राप्त शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सभी विभागीय अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और निस्तारण सुनिश्चित करें। भूमि विवाद/ अतिक्रमण की शिकायतों पर राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजकर नियमानुसार निस्तारण करें।
बैग में रखा चांदी लेकर भागने वालों पर केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के पास सराफा व्यवसायी सूरज सेठ से उचक्कागिरी में रविवार को लंका थाने में केस दर्ज किया गया। बिहार के कोचस निवासी सराफा कारोबारी सूरज कुमार सेठ ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार को अपने चार साथियों के साथ शहर आए थे। अपने वाहन को बीएचयू ट्राॅमा सेंटर से मालवीय चौराहे के बीच खड़ी किए थे।
इस दौरान उनके पास एक युवक आया और बोला की गाड़ी से मोबिल गिर रहा है, जैसे ही गेट खोलकर गाड़ी से नीचे उतरा कि इस बीच सीट पर रखा बैग लेकर उचक्का भाग निकला। बैग में 2.448 किलोग्राम पुरानी चांदी थी। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
जमीन विवाद में मारपीट, तीन के खिलाफ केस दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेहदीगंज में रविवार को जमीन विवाद के चलते पड़ोसियों में मारपीट हो गई। घायल काशी नाथ पटेल ने भाई लाल, मुन्नालाल, बाबूलाल के खिलाफ केस दर्ज कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया है।
25 हजार का इनामी पशु तस्कर गिरफ्तार
पशु तस्करी के आरोपी 25 हजार इनामी सुबहानी को फूलपुर पुलिस ने सोमवार को दबेथुआ के पास से गिरफ्तार किया। एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंबेडकरनगर जलालपुर के काजीपुरा का निवासी है, जो कुख्यात पशु तस्कर कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी जमशेद के साथ मिलकर तस्करी करता है।
लंका में लघुशंका करने से मना करने पर मारपीट, पांच पर केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के जीवधिपुर में रवि ओम कुमार के दरवाजे के पास लघुशंका करने से रोकने पर मनबढ़ों ने रविवार की रात पिटाई कर दी। मोहल्ले के रहने वाले अमित चौहान, रामबाबू समेत 5 अज्ञात के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट मामले में केस दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
एडमिट कार्ड लेने आई युवती के साथ मारपीट, दो नामजद पर केस
अष्टभुजा मंदिर विंध्याचल मिर्जापुर की रहने वाली कविता गिरी से मारपीट मामले में आरोपी हर्ष गिरी और विशाल के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। पीड़िता कविता ने पुलिस को बताया कि वह रविवार को कॉलेज में एडमिट कार्ड लेने आई थी। आरोपियों ने डुमरावबाग अस्सी मार्ग पर रोका और गाली गलौज करते हुए पिटाई की। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विशनुपुरा चंदौली के रहने वाले हर्ष गिरी और विशाल गिरी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पहड़िया चौराहे पर चाय दुकानदार को मनबढ़ों ने पीटा
पहड़िया चौराहे के पास चाय पान दुकानदार रवि गुप्ता की मनबढ़ों ने सोमवार की तड़के पिटाई कर दी। नकाबपोश बाइक सवार पांच की संख्या में आए युवकों के खिलाफ पीड़ित ने जैतपुरा थाने में तहरीर दी। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि सीसी कैमरे की फुटेज से आरोपियों की पहचान कराई जा रही है।
परिवार गहरी नींद में और चोर समेट ले गए नकदी और आभूषण
लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में रविवार की रात धीरज जायसवाल के घर में चोरी हो गई। परिजन इस कदर नींद में रहे कि चोरों की आहट भी सुनाई नहीं दी। आलमारी तोड़कर 10 हजार नगदी और आभूषण समेट ले गए। सोमवार की सुबह पहुंची पुलिस ने छानबीन की। आसपास लगे सीसी कैमरे खंगाले गए। छितौनी के धीरज जायसवाल ने पुलिस को बताया सुबह चार बजे उठे तो देखा कि दूसरे कमरे का ताला टूटा हुआ था। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि क्राइम टीम मामले की छानबीन कर रही है।
रेलवे की संपत्ति चोरी करते दो गिरफ्तार
रेलवे सुरक्षा बल ने रेल पटरी के पास से लोहे का एंगल चोरी करते दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि लोहता निवासी कार्तिक और सिगरा निवासी सूरज मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
ऑनलाइन लाटरी में संचालक समेत छह आरोपी गिरफ्तार
एसओजी-2 की टीम ने सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा में सोमवार की शाम अवैध ऑनलाइन लाटरी के संचालक समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान संचालक के मोबाइल में भाग्यलक्ष्मी एप बरामद हुआ। आरोपियों के कब्जे से 33020 नकदी और छह मोबाइल बरामद हुए।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में संचालक रमाकांत नगर निवासी घनश्याम जायसवाल, सहयोगी जौनपुर केराकत कदहरा निवासी संदीप जायसवाल, सूफी नगर भोजूबीर निवासी तौफीक अहमद, इरफान शेख, रमाकांत नगर निवासी रवि शर्मा और बुजुर्ग गजानंद पांडेय शामिल हैं।
दुर्गाकुंड संगीत समारोह में हाजिरी लगाएंगे 121 कलाकार
सात दिवसीय दुर्गाकुंड संगीत समारोह में देश के नामचीन कलाकार हाजिरी लगाएंगे। 20 से 26 अगस्त तक होने वाले संगीतयमी आयोजन में पद्मश्री सम्मान से सम्मानित कलाकारों समेत 74 कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसमें पद्मभूषण पं. साजन मिश्र का गायन और पद्मश्री पं. रोनू मजूमदार की बांसुरी आकर्षण का केंद्र रहेगी। सातों दिन मां दुर्गा का भव्य शृंगार भी किया जाएगा।
20 अगस्त को संगीत समारोह की शुरुआत पं. जवाहर लाल की शहनाई से होगी। पहले दिन की तीसरी प्रस्तुति में पद्मभूषण पं. साजन मिश्र और स्वरांश मिश्र का शास्त्रीय गायन होगा। पहले दिन 10 कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। दूसरे दिन पं. जयतीर्थ मेयुंडी समेत 12 कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। तीसरे दिन 22 अगस्त को पं. देवब्रत मिश्र हाजिरी लगाएंगे। 23 अगस्त को अमलेश शुक्ल समेत 20 कलाकार, 24 अगस्त को सांसद व गायक मनोज तिवारी मृदुल समेत 21 कलाकार, 25 अगस्त को भरत शर्मा व्यास समेत 19 कलाकार, 26 अगस्त को पुनीत जेठली समेत 31 कलाकार हाजिरी लगाएंगे।
डाकघर के स्टाफ को मिले दो माइक्रोवेव
पोस्टमास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार ने अपने कार्यकाल के एक साल पूरे होने पर प्रधान डाकघर के कर्मचारियों को उपहार स्वरूप दो माइक्रोवेव ओवन दिए। कर्नल विनोद ने बताया कि जब उन्होंने बनारस में पीएमजी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया तो उन्होंने अपने कर्मचारियों को सभी तरह की सुविधाएं प्रदान करने का निर्णय लिया था। उन्होंने बताया कि ऑफिस में अधिकारी और कर्मचारियों को अपने दिन का एक बड़ा समय साथ में काम करना होता है। स्टाफ सदस्यों ने माइक्रोवेव में स्नैक्स गर्म करके खाने का लुत्फ उठाया और पोस्टमास्टर जनरल को धन्यवाद दिया।
बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के दरबार पहुंचे स्वामी गौतमानंद
रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के वर्तमान प्रमुख स्वामी गौतमानंद सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और मां अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। बाबा के धाम में उन्होंने दर्शन कर राष्ट्र, समाज और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। अनुयायियों और श्रद्धालुओं ने भी मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की।
सोमवार को रामकृष्ण मिशन के प्रमुख स्वामी गौतमानंद श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। एसडीएम शंभू शरण ने उनका पारंपरिक ढंग से स्वागत किया। उन्होंने रुद्राक्ष की माला और भारतीय पारंपरिक वस्त्र (दुपट्टा) भेंट किया। स्वामी गौतमानंद ने श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। इसके बाद वह अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे।
मंदिर के महंत शंकर पुरी ने उनका स्वागत किया। मंदिर के अर्चकों ने सविधि दर्शन-पूजन कराया। मंदिर के गर्भगृह से बाहर निकलकर स्वामी गौतमानंद ने मंदिर के शिखर को नमन करते हुए फेरी भी लगाई। मंदिर के महंत ने संस्था द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। इस पर स्वामी गौतमानंद काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि मां अन्नपूर्णा की कृपा से ही सारे जग का पालन पोषण चल रहा है।
शास्त्री-आचार्य की सेमेस्टर कक्षाओं के शुल्क आज से होंगे जमा
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में संचालित शास्त्री तृतीय व पंचम सेमेस्टर और आचार्य तृतीय सेमेस्टर की कक्षाओं में प्रवेश शुल्क मंगलवार से ऑनलाइन जमा होंगे। अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक निर्देश, विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ssvvonline.in के प्रवेश सत्र 2025-2026 विकल्प पर उपलब्ध होंगे।
ऑनलाइन शुल्क जमा करने का विवरण प्रपत्र अपने पास सुरक्षित रखें। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने बताया कि शास्त्री तृतीय व पंचम सेमेस्टर औरआचार्य तृतीय सेमेस्टर के पाठ्यक्रमों के प्रवेश शुल्क जमा करने की तिथि 19 अगस्त से 10 सितंबर तक है। शास्त्री तृतीय व पंचम सेमेस्टर का शुल्क 885 रुपये और आचार्य तृतीय सेमेस्टर का शुल्क 1600 रुपये है।
आईटीआई में प्रवेश का चौथा चरण शुरू, 24 तक सीटों का आवंटन
राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में तीसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया के बाद खाली बची सीटों को भरने के लिए चौथे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस चरण में पहले से पंजीकृत और नए ऑनलाइन आवेदनकर्ताओं को शामिल किया गया है, जिनका चयन पहले नहीं हो पाया था।
राज्य व्यावसायिक शिक्षा परिषद (एससीवीटी) ने ग्रुपवार मेरिट सूची राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को भेज दी है। जिन अभ्यर्थियों ने राजकीय संस्थानों के लिए आवेदन किया है, वे चौथे चरण के लिए अपनी रैंक वेबसाइट sevtup.in पर रैंक विकल्प पर क्लिक करके पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर देख सकते हैं। इसके बाद 19 से 24 अगस्त तक राजकीय संस्थान में संपर्क कर सकते हैं।
प्रवेश की प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले गैर-चयनित पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की जाएगी और उसके बाद रिक्त सीटों के सापेक्ष नए ऑनलाइन आवेदनकर्ताओं को वरीयता दी जाएगी। यह प्रक्रिया 25 अगस्त तक पूरी की जाएगी। प्रवेश के समय प्रधानाचार्य सभी प्रमाणपत्रों की जांच करेंगे। निजी आईटीआई में प्रवेश की अंतिम तिथि 30 अगस्त है।
बीलिबआईएससी में प्रवेश आज से शुरू, शुल्क 800 रुपये
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान शास्त्री (बीलिबआईएस-सी), विदेशी भाषा, स्नातकोत्तर भाषा विज्ञान, संस्कृत तथा संगीत प्रमाणपत्रीय प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होगी। प्रवेश के लिए ऑनलाइन पद्धति से पेमेंट गेटवे के माध्यम से शुल्क जमा करके आवेदन भरा जा सकता है।
अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक निर्देश, आवेदनपत्र विश्वविद्यालय के पोर्टल www.ssvvonline.in के प्रवेश सत्र 2025-2026 विकल्प पर उपलब्ध होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 10 सितंबर है। बीलिबआईएस-सी की प्रवेश परीक्षा का शुल्क 800 रुपये ऑनलाइन जमा करना होगा। यह किसी भी दशा में वापस नहीं होगा। प्रवेश परीक्षा/मेरिट का विवरण अलग से जारी होगा।
छात्रावास की सुविधा के इच्छुक प्रवेशार्थी को छात्रावास आवेदन प्रक्रिया शुल्क के रूप में प्रवेश परीक्षा शुल्क के साथ ही 100 रुपये भी जमा करने होंगे। वहीं, भाषा विज्ञान के अंतर्गत संचालित विदेशी भाषा डिप्लोमा रूसी, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, तिब्बती, नेपाली, अंग्रेजी में प्रवेश के लिए छात्रों को पंजीकरण शुल्क 200 रुपये जमा करने होंगे। काउंसिलिंग की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। छात्रों को एंटी रैगिंग शपथ-पत्र भरना अनिवार्य है।
विद्यापीठ और देव संस्कृति विवि के बीच हुआ समझौता, संगीत शिक्षा में मिलकर करेंगे शोध
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और हरिद्वार के देव संस्कृति विश्वविद्यालय के बीच संगीत शिक्षा और शोध के लिए समझौता किया गया। विद्यापीठ के संगीत चिकित्सा प्रकोष्ठ एवं शोध केंद्र और देव संस्कृति के वैज्ञानिक आध्यात्मवाद विभाग ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया। दोनों केंद्र और विभाग मिलकर अध्यात्म विज्ञान और संगीत से इलाज के क्षेत्रों में काम करेंगे। अपने ज्ञान और शोध को भी एक दूसरे के साथ साझा कर सकेंगे।
कार्यशालाओं, संगोष्ठियों और सम्मेलनों आदि का आयोजन करने के साथ-साथ एक दूसरे केंद्रों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित करेंगे। विद्यापीठ की ओर से संगीत चिकित्सा प्रकोष्ठ एवं शोध केंद्र के समन्वयक डॉ. दुर्गेश कुमार उपाध्याय और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति-कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, कुलसचिव बलदाऊ देवांगन, वैज्ञानिक आध्यात्मवाद विभाग के अध्यक्ष ज्वलंत भावसार की मौजूदगी में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए।
काशी सांसद फोटोग्राफी प्रतियोगिता आज से
जिला प्रशासन की ओर से काशी सांसद फोटोग्राफी प्रतियोगिता मंगलवार से शुरू होगी। इसमें जिले से हर आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता ऑनलाइन और ऑफलाइन दो चरणों में होगी। इसको दो मुख्य श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी में काशी का समग्र विकास 10 वर्ष पर आधारित है।
इसमें प्रतिभागी शहर में हुए बदलावों को दिखा सकते हैं। दूसरी जनरल कैटेगरी है, इसमें प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता दिखा सकते हैं। दोनों श्रेणी से तीन-तीन विजेताओं को अगले चरण के लिए चुना जाएगा। पहला ऑनलाइन राउंड 19 अगस्त से 22 अगस्त तक चलेगा। प्रतिभागी एक विशेष वेबसाइट पर अपनी तस्वीरें अपलोड करेंगे। प्राप्त प्रविष्टियों की स्क्रीनिंग 23 अगस्त तक की जाएगी।
ऑफलाइन राउंड के विजेताओं की तस्वीरें 25 से 27 अगस्त तक स्वतंत्रता भवन, बीएचयू में आर्ट गैलरी में प्रदर्शित की जाएंगी। यहीं अंतिम विजेताओं का चयन भी होगा। विजेताओं को चुनने के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। इसमें अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और अन्य विशेषज्ञ शामिल हैं।
तैराकी में स्वर्ण जीत तीन खिलाड़ी राष्ट्रीय के लिए क्वालिफाई
लखनऊ में खेली जा रही 69वीं माध्यमिक स्कूली प्रादेशिक तैराकी में वाराणसी के तीन खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीत राष्ट्रीय के लिए क्वालिफाई कर लिया है। 800 मीटर की बालक और बालिका दोनों वर्ग में वाराणसी के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीते। जबकि तीसरा स्वर्ण पदक 100 मीटर बैक स्ट्रोक में मिला।
800 मीटर फ्री स्टाइल के जूनियर बालक वर्ग में बंगाली टोला इंटर कॉलेज के छात्र सुमित साहनी और बालिका वर्ग में बसंत कन्या इंटर कॉलेज की रिया पटेल ने ने स्वर्ण पदक हासिल किया। 100 मीटर बैक स्ट्रोक में राधाकिशोरी बालिका इंटर कॉलेज रामनगर की 12वीं की छात्रा पूर्णिमा ने स्वर्ण पदक जीता है। टीम के कोच मेजर विमल राव ने बताया कि अन्य मुकाबलों में भी वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद है।
नाजनीन अंसारी राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद की कार्यकारी बोर्ड में शामिल
राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद के कार्यकारी बोर्ड में मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर नाजनीन अंसारी को शामिल किया गया है। नाजनीन अंसारी इससे पूर्व यूपी मदरसा बोर्ड की सदस्य रह चुकी हैं। 2013 में तीन तलाक के खिलाफ वाराणसी से मुस्लिम महिलाओं को लेकर उन्होंने पहली बार आंदोलन शुरू किया था। उन्होंने हनुमान चालीसा और रामचरित मानस उर्दू में लिखी है।
वर्ष 2024 में नाजनीन की उपलब्धियों को देखते हुए भारत सरकार ने राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद का सदस्य मनोनीत किया था। नाजनीन अंसारी ने कहा कि उर्दू भाषा के विकास के लिए जरूरी है कि भारत के महानायकों के बारे में उर्दू में लिखा जाए। रामचरितमानस, गीता को उर्दू में भी लिखा पढ़ा जाए। भारत की महान संस्कृति को उर्दू में भी पढ़ा जाए और हिंदी से मजबूत रिश्ता बने।
काशी की महान विभूतियों के नाम से मिलेगा देश के 12 विद्वानों को सम्मान
काशी की महान विभूतियों के नाम से देश के 12 विद्वानों को सम्मानित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश नागकूप शास्त्रार्थ समिति की ओर से 20 अगस्त को बीएचयू के मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र में देशभर के 12 विद्वान सम्मानित होंगे। पुरस्कारों की घोषणा महर्षि पतंजलि की जन्मजयंती पर नागकूप शास्त्रार्थ समिति ने की थी।
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य होंगे। इस कार्यक्रम में नागपंचमी पर नागकूप में शास्त्रार्थ सभा में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों और युवा विद्वानों का सम्मान होगा। काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने बताया कि प्रथम पुरस्कार अन्नपूर्णा सम्मान काशीपुराधीश्वरी मां अन्नपूर्णा के नाम से समर्पित है।
दूसरा पुरस्कार ब्रह्मानंदसरस्वती सम्मान धर्मसम्राट स्वामी करपात्री के गुरु को समर्पित है। तीसरा सम्मान आचार्य रामप्रसाद त्रिपाठी सम्मान है, आचार्य त्रिपाठी व्याकरण शास्त्र के आधुनिकपाणिनि के रूप में चर्चित रहे हैं। प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने बताया कि काशी की शास्त्रार्थ परंपरा और काशी की ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने का यह लघु प्रयास है।
एमएलसी ने कबड्डी खिलाड़ियों का किया सम्मान
कंदवा चितईपुर में सोमवार को स्व. गुलचंद्र मास्टर स्मृति कबड्डी प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को एमएलसी व भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने पुरस्कृत किया। इस मौके पर राजेश यादव, दशरथ पाल, रामप्रसाद पाल, गोपाल पटेल, नरेंद्र सिंह पटेल, बृजेश जायसवाल मौजूद रहे।
पूर्वोत्तर रेलवे स्टेशनों पर चला स्वच्छता अभियान
भारतीय रेल 16 अगस्त से 31 अक्तूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मना रही है। इसी क्रम में सोमवार को वाराणसी सिटी, बनारस, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर सिटी, भटनी, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ और प्रयागराज रामबाग सहित कई स्टेशनों पर सफाई अभियान चला। स्टेशनों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग कूड़ेदान लगाए गए और यात्रियों को जागरूक करने के लिए साइन बोर्ड भी लगे।
रेलवे ट्रैक और आवासीय कॉलोनियों की सफाई हुई। यात्रियों को ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए घोषणाएं की गईं। स्वच्छ रेल, स्वच्छ भारत का संदेश फैलाने के लिए स्वच्छता रैलियां निकाली गईं। अभियान का नेतृत्व पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने किया।
राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन में रेफरी की भूमिका निभाएंगे प्रमोद और धनश्याम
राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप गुजरात के अहमदाबाद में नारनपुरा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में 24 से 30 अगस्त तक खेली जाएगी। इसके लिए मैच रेफरी की सूची भारतीय भारोत्तोलन संघ ने जारी कर दी है। इसमें विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के सहायक निदेशक डॉ. प्रमोद यादव और घनश्याम यादव को रेफरी नियुक्त किया गया है। इसमें 32 देशों के 350 से ज्यादा एथलीट के भाग लेंगे।
भारतीय और अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों सहित 40 से ज्यादा तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख में प्रतियोगिता कराई जाएगी। यह आयोजन 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए गुजरात की दावेदारी को मजबूती देगा। अहमदाबाद को 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए नामित किया गया है। मैच ऑफिशियल नियुक्त होने पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. निखिल सिंह, डॉ. आनंदिता चक्रवर्ती ने खुशी का इजहार किया है।
ताइक्वांडो में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय के लिए किया क्वालिफाई
लखनऊ में हुई चतुर्थ सब जूनियर और सीनियर स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। यूपी ताइक्वांडो कमेटी की ओर से चैंपियनशिप 17 से 19 अगस्त तक लखनऊ में हुई।
सीनियर पूमसे अंडर 30 महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में अंकिता वर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। फाइनल मुकाबले में उन्होंने अलीगढ़ और आगरा की खिलाड़ियों को 6.2 के शानदार स्कोर से हराकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इस जीत के साथ ही उनका चयन ओडिशा में 29 अगस्त से 4 सितंबर तक होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।
व्यक्तिगत स्पर्धा के अलावा समूह स्पर्धा में भी वाराणसी की टीम ने अपनी धाक जमाई। वाराणसी टीम, जिसमें दीक्षा पटेल, अंकिता वर्मा और साधना देवी शामिल थी, ने फाइनल में कानपुर की टीम को 5.9 के स्कोर से पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता। इस जीत ने समूह स्पर्धा में भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का टीम का मार्ग प्रशस्त कर दिया।
151 महिलाओं को मिला नारी शक्ति सम्मान
विमेंस स्पिरिट क्रिएशन सोसाइटी की ओर से रविवार को महमूरगंज स्थित एक होटल में नारी शक्ति सम्मान समारोह और इंडियाज माई बेस्ट टैलेंट हंट शो 2025 का आयोजन हुआ। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 151 महिलाओं को नारी शक्ति और काशी की शान सम्मान दिया गया। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री मीना चौबे और विशिष्ट अतिथि उपभोक्ता सहकारी संघ की डायरेक्टर नम्रता चौरसिया ने उद्धाटन किया।
इंडियाज माई बेस्ट टैलेंट हंट शो में प्रांजला, नंदिनी ठाकर, मनोज कन्नौजिया, अजय पटेल, मोनू सोनकर और प्रियांशु ने इंडियाज बेस्ट डांसर 2025 का खिताब जीता। अंत में सोनी जायसवाल ने विजेताओं और प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया। इस दौरान डांस, फैशन डिजाइनिंग, मेकअप और हेयर स्टाइल जैसी प्रतियोगिताएं हुईं।
नगवां सीवेज पंपिंग स्टेशन और रविदास घाट पर जमी सिल्ट
बाढ़ का पानी कम होने के बाद अब तक नगवां सीवेज पंपिंग स्टेशन और रविदास घाट पर सिल्ट जमी है। यहां से क्रूज का संचालन होता है जबकि नगवां पंपिंग स्टेशन से सीवर को पंप करके आगे भगवानपुर एसटीपी भेजा जाता है। पानी उतरने के बाद यहां गंदगी और बदबू से लोगों की जिंदगी दूभर हो रही है। सरकारी प्रयास भी नाकाफी साबित हो रहे हैं।
नदी किनारे मिट्टी, कीचड़ और फिसलन की स्थिति बनी हुई है। वरुणा किनारे दानियालपुर, नक्खीघाट, मौजाहाल, बघवानाला, हुकुलगंज, पुलकोहना क्षेत्रों में बाढ़ के बाद कीचड़ और गंदगी की समस्या जस की तस बनी हुई है। यहां गलियों में कीचड़ भरा होने से पैदल चलना मुश्किल हो गया है। वहीं, शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाने से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
कुमार अर्जुन की सुरीली आवाज पर झूमे श्रोता
चिरईगांव के जाल्हूपुर स्थित संत श्री कच्चा बाबा आश्रम पर दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम में अखंड हरिकीर्तन हुआ। देर रात प्रख्यात कीर्तन गायक कुमार अर्जुन ने भक्ति रस की धुनों पर संकीर्तन प्रस्तुत किया। जाल्हूपुर के उमाशंकर मास्टर, चंदौली के राजेंद्र, ढकवा के राम अवतार और भटूही के मंजेश, छितौना के मनोज सहित क्षेत्र की कीर्तन टीमों ने भी अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान हुए भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
डोर टू डोर कूड़ा उठान के लिए जागरूकता अभियान जारी
शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम की ओर से मोहल्लों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग देने के लिए घोषणाएं की जा रही हैं। शहर को गंदा करने वालों पर जुर्माना लगाए जाने की बात कही जा रही है। फाइव स्टार रेटिंग के लिए शहर के कूड़ा घरों को बंद करने की तैयारी है। इसमें डोर टू डोर कूड़ा उठाने पर जोर दिया जा रहा है।
इस योजना के तहत शहर में कूड़ा घर नहीं दिखाई देगा। वहीं, रास्ते में जो कूड़ा कंटेनर व डस्टबिन रखे गए हैं, उन्हें भूमिगत कर दिया जाएगा। घर-घर कूड़ा उठान के बाद सीधे प्रोसेसिंग प्लांट में कचरा भेज दिया जाएगा। नगर में ठोस कचरे के स्मार्ट प्रबंधन की तैयारी है।
आज तीन घंटे नहीं रहेगी बिजली
जिले में मंगलवार को कई जगहों पर बिजली कटौती की जाएगी। चांदपुर चौराहे पर विद्युत मरम्मत कार्य के चलते 10 बजे से 3 तक विद्युत आपूर्ति ठप रहेगी। जिसके कारण चांदपुर, हरपालपुर और लोहता में बिजली गुल रहेगी। मोहनसराय - चकिया तक फोर लेन चौड़ीकरण में पोल और ट्रांसफाॅर्मर शिफ्टिंग के कारण 11 से 3 बजे तक महेशपुर कोटवा फीडर, मड़ौली फीडर से बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। भेलूपुर उपकेंद्र से रानीपुर उपकेंद्र तक 33 केवी लाइन निर्माण के कारण दोपहर 12 से 2:30 बजे तक बिजली कटौती की जाएगी। इससे भेलुपुर और उसके आसपास के इलाके प्रभावित होंगे।
बीएचयू यूजी का रिपोर्टिंग कॉल लेटर 26 अगस्त को होगा जारी
बीएचयू में यूजी काउंसिलिंग और प्रवेश प्रक्रिया का पूरा शेड्यूल बदल दिया गया है। अब बाकी बचे तीसरे, चौथे और स्पॉट राउंड के सीट आवंटन के बाद 26 अगस्त को रिपोर्टिंग कॉल लेटर जारी होगा। वहीं, 28 अगस्त से एक सितंबर तक रिपोर्टिंग टाइम तय किया गया है। यानी इसी दिन बीएचयू के संबंधित विभाग में आकर अपने दस्तावेजा को वेरिफाई कराना होगा। वहीं, चार सितंबर से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
उसी दिन स्पॉट राउंड के लिए भी आवेदन शुरू हो जाएंगे। बची हुई सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। पहले राउंड के स्पाॅट राउंड की मेरिट आठ सितंबर और दूसरे राउंड की मेरिट 11 सितंबर को जारी की जाएगी। बीएचयू यूजी में तीसरे और चौथे राउंड का प्रवेश 25 अगस्त से पहले ही पूरा हो जाएगा। बीएचयू में करीब 9200 सीटों पर यूजी का प्रवेश होना है। इनमें से करीब 7000 से ज्यादा सीटों पर प्रवेश हो चुका है। अब बाकी के दो राउंड में सीटें भरी जाएंगी।
36 घंटे से पांच हजार लोगों को पेयजल संकट
नगर निगम क्षेत्र के गोलाघाट वार्ड में पेयजलापूर्ति की पाइप लाइन लीकेज होने के कारण लगभग पांच हजार लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पिछले 36 घंटे से पेयजलापूर्ति की सप्लाई न होने से लोग परेशान हैं। नगर निगम की ओर से भी मोहल्ले में टैंकर की व्यवस्था की गई है। सोमवार दोपहर बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर काम शुरू किया लेकिन देर शाम तक काम पूरा नहीं हो सका। निगम के एई श्यामराज ने बताया कि लीकेज ठीक कराया जा रहा है। पेयजलापूर्ति नहीं होने से नागरिकों के सामने शुद्ध पेयजलापूर्ति की समस्या बनी हुई है।
तीज पर 151 गरीब महिलाओं को बांटी जाएगी साड़ी
हरितालिका तीज के अवसर पर रविवार को स्वर्णकार सेवा संस्थान महिला मोर्चा की बैठक हुई। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर 151 महिलाओं को मोर्चे की ओर से साड़ी बांटी जाएगी। महासचिव सरिता सराफ के निवास पर हुई बैठक में इसकी रूपरेखा तैयार हुई। मौके पर जिलाध्यक्ष रीता वर्मा, नगर अध्यक्ष सुनीति सिंह, मिनाक्षी वर्मा समेत कई महिलाएं शामिल रहीं।