फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today road Accident four dead 50 Anganwadi centres closed notice to all

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...चार की मौत, 50 आंगनबाड़ी केंद्र बंद, सभी को नोटिस; पढ़ें अन्य खबरें

Sat, 30 Aug 2025 08:20 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 30 Aug 2025 08:20 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में शिवपुर स्थित सेंट्रल जेल में कैदी की बीमारी से मौत हो गई। वहीं, अन्य हादसों में तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इसी क्रम में सीडीओ ने जिले के 50 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों के बंद होने पर कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नोटिस जारी किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today road Accident four dead 50 Anganwadi centres closed notice to all
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: शिवपुर स्थित सेंट्रल जेल में बीती रात हत्या के मामले में सजायाफ्ता राम उजागर (64) की बीमारी के चलते मौत हो गई। सीने में तेज दर्द के बाद उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के राम उजागर को 2022 में सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया गया था। 

विज्ञापन


शिवपुर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव का पोस्टमार्टम कराया। बड़े बेटे विजय बहादुर ने बताया कि मई में छोटे भाई अरुण ने पिता से मुलाकात की थी और बताया था कि जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट में प्रयास चल रहा है। सुबह पुलिस से मालूम चला कि पिता के सीने में दर्द हुआ और उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन


खेत की तरफ निकले युवक की सर्पदंश से मौत
मिर्जामुराद। थाना क्षेत्र के लल्लापुर गांव में शुक्रवार सुबह खेत की तरफ निकले सुनील कुमार बिंद (26) की सर्पदंश से मौत हो गई। परिजनों ने देर शाम सुनील का अंतिम संस्कार कर दिया। लल्लापुर निवासी सुनील सुबह खेत की तरफ जा रहा था। इस बीच वह अचेत हो गया। लोगों ने कछवा बाजार के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

अंतिम संस्कार में जा रहे बुजुर्ग की मौत, भतीजा घायल
लंका थाना क्षेत्र के विश्वसुंदरी पुल के पास बृहस्पतिवार देर रात डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार बुजुर्ग काशीनाथ पांडेय (75) की मौत हो गई। भतीजा अशोक पांडेय (36) घायल हो गए। पुलिस ने अशोक को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। बहनोई रंगनाथ के अंतिम संस्कार में शामिल होने काशीनाथ भतीजे के साथ बाइक से हरिश्चंद्र घाट जा रहे थे। 

बाइक खड़ी कर नीचे उतरते ही युवक की मौत 
लंका थाना क्षेत्र के विश्वसुंदरी पुल के नीचे मलहिया में शुक्रवार शाम बाइक सवार धीरेंद्र पाल (45) की अचानक मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि धीरेंद्र जैसे ही बाइक खड़ी करते ही वह जमीन पर गिर पड़े। बाएं कान से खून निकल रहा था। आसपास के लोगों ने उन्हें बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। 

50 आंगनबाड़ी केंद्र मिले बंद, कार्यकर्ताओं सहायिकाओं को कारण बताओ नोटिस
जिले के 50 से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों के बंद होने पर प्रशासन ने कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल के निर्देश पर 23 और 25 अगस्त को जिले की 80 ग्राम पंचायतों में अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। 80 में से 50 केंद्र पूरी तरह से बंद मिले। केंद्रों पर न तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं और न ही सहायिकाएं। बंद पाए गए 50 केंद्रों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। 

नोटिस में उन्हें पांच दिनों के भीतर अपनी अनुपस्थिति का संतोषजनक कारण बताने को कहा गया है। यदि निर्धारित समय में उनका जवाब नहीं आता है या जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें मानदेय रद्द करने से लेकर सेवा समाप्त करने तक की कार्रवाई शामिल है।

किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म में दो और गिरफ्तार 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने संदहा चौराहे से गिरफ्तार किया। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही एक बाल अपचारी भी पकड़ा गया। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। 

युवती के साथ अश्लील हरकत करने वाला गिरफ्तार 
भेलूपुर थाना क्षेत्र के तिलभांडेश्वर मोहल्ले की युवती के साथ अश्लील हरकत के आरोपी को भेलूपुर पुलिस ने शुक्रवार को तिलभांडेश्वर पार्क से गिरफ्तार किया। आरोपी तिलभांडेश्वर का रहने वाला तनवीर अख्तर है। डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि महिला रेवड़ी तालाब की तरफ जा रही थी, तभी पीछे से आए तनवीर ने महिला को गलत तरीके से छुआ और अश्लील शब्दों का प्रयोग किया। महिला की तहरीर पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 

घर से बुलाकर किशोर की पिटाई, मुकदमा दर्ज
रंजिश में घर से बुलाकर साहिल (16) की सारनाथ थाना क्षेत्र के कपिलधारा में बृहस्पतिवार रात एक बजे पिटाई की गई। पीड़ित के भाई की तहरीर पर दो नामजद व 8 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। साहिल के भाई अजीम ने पुलिस को बताया कि परेडकोठी के राजा सोनकर व सिगरा के अमित सोनकर ने घर पहुंचकर साहिल को बुलाया और कहा कि गणेशु के ससुराल चलना है। बाइक से तीनों कपिलधारा पहुंचे, जहां पहले से मौजूद 8 से 10 युवक हथियार व हाकी डंडे लेकर खड़े थे। सभी ने साहिल की पिटाई की। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

महिला के आभूषण लेकर भागने के मामले में केस
चौक थाना क्षेत्र के नई सड़क के पास 28 दिन पहले महिला के साथ आभूषण और 500 रुपये की उचक्कागिरी में दो अज्ञात पर बृहस्पतिवार को केस दर्ज किया गया। लक्सा के काजीपुरा निवासी इंद्रावती देवी ने पुलिस को बताया कि वह 1 अगस्त को सुबह 11.30 बजे अपने होटल से बेनिया बीएसएनएल ऑफिस में बिल जमा करने जा रही थीं। चौक थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

गैर इरादतन हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, जेल
तीन दिन पहले बसही पोखरा में मारपीट के दौरान दिनेश प्रजापति (35) की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को गैर इरादतन हत्या के आरोपी जयप्रकाश पटेल उर्फ बत्थू को बसही से गिरफ्तार किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि दिनेश के पिता रामजी प्रजापति ने मुकदमा दर्ज कराया। 

आरोप लगाया कि 26 अगस्त को बेटे दिनेश को बसही निवासी जयप्रकाश उर्फ बत्थू ने अकारण ही मारा पीटा। दूसरे दिन सुबह तबीयत बिगड़ने पर बीएचयू ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया। इस बीच आरोपी जयप्रकाश को गिरफ्तार किया गया। 

आरपीएफ ने 14 पर दर्ज किया मुकदमा
कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और टिकट घर की सघन चेकिंग की गई। नो पार्किंग, अवैध वेंडर, यात्रा में बाधा डालने, सारनाथ एक्सप्रेस में चेन पुलिंग करने वालों 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरपीएफ थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि सीसी कैमरे से निगरानी की जा रही है। 

वाहन चोरी में 6 साल से फरार 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
अधिवक्ता के वाहन चोरी, धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में छह साल से वांछित 25 हजार के इनामी धर्मेंद्र राजभर को कैंट पुलिस ने शुक्रवार को कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 9 से गिरफ्तार किया। गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र के खजुरा निवासी धर्मेंद्र के खिलाफ 2019 में कैंट थाने में वाहन चोरी, धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज हुआ था। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि धर्मेंद्र के खिलाफ नंदगंज थाने में तीन मुकदमे और कैंट थाने में एक मुकदमा दर्ज है।

रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ में नामजद समेत पांच पर केस 
सारनाथ थाना क्षेत्र के खजुही रिंग रोड पर कालिका हवेली रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ धमकी समेत अन्य आरोपों में प्रकाश सिंह उर्फ लल्ला समेत पांच के खिलाफ शुक्रवार को केस दर्ज किया गया। शिवपुर के लक्ष्मणपुर निवासी अंकित सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका खजुरी रिंगरोड पर रेस्टोरेंट है। बृहस्पतिवार रात मझमीठिया निवासी प्रकाश सिंह उर्फ लल्ला चार साथियों के साथ पहुंचा और खाना ऑर्डर किया। 

रेस्टोरेंट बंद होने का हवाला देने पर कर्मचारियों से उलझ गया। कर्मचारी लवकुश की पिटाई की। पीड़ित और उसके मित्र नवनीत ने बीचबचाव किया तो उसे भी थप्पड़ मारा। रात 12.30 बजे रात में लगातार फोन कर धमकी दी। रेस्टोरेंट पर ईंट-पत्थर भी फेंके। थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। 

धोखाधड़ी के मामले में महिला समेत 5 पर केस दर्ज
जमीन की रजिस्ट्री से पहले 15 लाख रुपये एडवांस लेने, मुकरने, गालीगलौज और धोखाधड़ी के मामले में शिवपुर थाने में महिला समेत पांच के खिलाफ शुक्रवार को केस दर्ज किया गया। मीरापुर बसही निवासी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तरना में 30 लाख रुपये की एक जमीन का सौदा परिचित कपसेठी थाना क्षेत्र के भीखमपुर निवासी आनंद दुबे ने कराया। 

जमीन रजिस्ट्री कराने से पहले आनंद दुबे, दशाश्वमेध निवासी रीमा अंसारी, आसिफ, रियाज और अयुष खान ने 15 लाख रुपये लिए। जब रजिस्ट्री की बारी आई तो सभी ने साजिश के तहत जमीन किसी और को बेच दी। 15 लाख मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शिवपुर इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि महिला समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। 

नकली प्रोइज सैनेटरी पैड की सूचना पर बसनी, रामपुर हड़हासराय में मारा छापा
आरएसपीएल हेल्थ प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी ने बताया कि बसनी, रामपुर और हड़हासराय में नकली प्रोइज सेनेटरी पैड धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। जानकारी मिलने पर कंपनी के डिप्टी जनरल मैनेजर मनोज सिंह ने दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में दुकानदारों के खिलाफ वाद दायर किया था। जिस पर कॉमर्शियल कोर्ट के जिला जज के आदेश से नियुक्त लोकल कमिश्नर चरनप्रीत सिंह, दिपान्षा गर्ग व कंपनी के अधिकारियों, बड़ागांव, चौक थाने की पुलिस ने 23 अगस्त को दुकानों पर छापा मारा। कई दुकानों में नकली प्रोइज पैड के पैकेट मिले। जिन्हें जब्त कर सील किया गया। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि और भी कई दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

रोहनिया बाजार में डिवाइडर लगाने का विरोध, कार्य रोका
रोहनिया बाजार चौराहे पर पीडब्ल्यूडी और कार्यदायी संस्था की ओर से डिवाइडर लगाकर चौराहा बंद करने के विरोध में व्यापारियों ने निर्माण कार्य रोक दिया। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल और पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता केके सिंह से मुलाकात कर चौराहे पर कट छोड़ने की मांग की, ताकि लोग आसानी से पार हो सकें।

व्यापार मंडल अध्यक्ष दशमी यादव ने बताया कि चौराहे को बंद करने से छात्रों और लोगों को परेशानी होगी। मांग की कि जीटी रोड चौड़ीकरण के दौरान तोड़े गए गांधी स्मारक और भारत माता मंदिर का पुनर्निर्माण कराया जाए। विधायक की पहल पर अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। अजीत, डॉ. नरेंद्र पटेल मौजूद रहे। 

अधिवक्ता से मारपीट के विरोध में नहीं किया काम
सदर तहसील के अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में शुक्रवार को पिंडरा तहसील बार एसोसिएशन के वकीलों ने नाराजगी जताई। वकीलों ने बैठक कर आरोपी लेखपाल की गिरफ्तारी और निलंबन की मांग कर ज्ञापन एसडीएम प्रतिभा मिश्रा को सौंपा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कृपाशंकर पटेल और महासचिव सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में वकीलों ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर अपना विरोध दर्ज कराया। 

कार चालक की पिटाई और चाबी छीनी
रोहनिया थाना क्षेत्र के करसड़ा साधो माधो पुल के पास शुक्रवार शाम 10 से 13 युवकों ने शुभम गुप्ता की पिटाई कर दी। साथ ही कार का शीशा क्षतिग्रस्त कर कार की चाबी भी छीन ली। मंडुवाडीह निवासी शुभम गुप्ता परिवार के साथ मैहर देवी से दर्शन कर घर लौट रहे थे। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। आसपास सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। 

दीवान-सिपाही में मारपीट की जांच एसीपी करेंगे 
लंका थाने में बुधवार रात हेड कांस्टेबल भानु प्रताप सिंह, कांस्टेबल दुर्गेश सरोज और कारखास मनोज कुमार सिंह की बीच मारपीट की जांच एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार करेंगे। डीसीपी काशी जोन ने तीनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। ये कार्रवाई दिन भर थाने में चर्चा का विषय रही। 

सराफा मंडी : जांच करेगी आयकर और जीएसटी टीम
डिपो बस में 12 बोरियों में चांदी पकड़े जाने के बाद आयकर विभाग सतर्क हो गया है। अधिकारी 3.35 करोड़ की चांदी के मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद आरोपी और सराफा बाजार में टैक्स की चोरी करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। चौक के सुड़िया, रेशम कटरा, ठठेरी बाजार, गोविंदपुरा में सोने और चांदी का बड़ा कारोबार होता है। रोज 5 से 7 करोड़ रुपये के माल की बिना बिल के खरीद-बिक्री की जा रही है। 

इस वजह से आयकर और जीएसटी की संयुक्त टीमें अब मंडी में होने वाली सोने-चांदी की खरीद-बिक्री की गहन जांच करेंगी। सराफा बाजार में सोने और चांदी की खरीद पर 3 प्रतिशत जीएसटी है, वहीं निर्माण शुल्क (मेकिंग चार्ज) पर 18 प्रतिशत जीएसटी लिया जाता है। अपर आयुक्त (जांच), आयकर विभाग, आर ऐश्वर्या ने बताया कि चांदी पकड़े जाने के मामले की जांच चल रही है। बिना बिल के सामान खरीदने और बेचने वालों पर विभागीय कार्रवाई होगी। 

पदम नाथ द्विवेदी बने प्रांतीय अध्यक्ष
उत्तर प्रदेशीय चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ की जनपद शाखा की मासिक बैठक शुक्रवार नदेसर स्थित लोक निर्माण विभाग में हुई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुप्ता ने की। इसमें कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। इस अवसर पर पदम नाथ द्विवेदी लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के तीसरी बार प्रांतीय अध्यक्ष चुने गए। शिवकुमार तिवारी और मोहनलाल को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। संचालन मंडल अध्यक्ष उमेश बहादुर सिंह ने किया। इसमें विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। 

पूर्व विधायक की पत्नी को दी गई श्रद्धांजलि
मंगारी निवासी पूर्व विधायक स्व. रामकरन पटेल की पत्नी जगपत्ती देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए शुक्रवार को कई प्रमुख लोग उनके आवास पहुंचे। मछली शहर की सपा सांसद प्रिया सरोज ने स्व. जगपत्ती देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान प्रदेश सचिव कमलेश पटेल, मनोज यादव और जिला पंचायत सदस्य सिकंदर मिश्रा मौजूद रहे। इससे पहले भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह, काशी क्षेत्र के एनजीओ प्रकोष्ठ के संयोजक विपिन पाठक और अन्य लोगों ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। 

सवा आठ बजे तक विद्यालय में लटका रहा ताला
चिरईगांव स्थित कंपोजिट विद्यालय सिंहवार में शुक्रवार को लापरवाही सामने आई। शासन के सख्त निर्देश के बाद भी सुबह सवा आठ बजे तक स्कूल के गेट पर ताला लटका रहा। इससे बच्चे को बाहर ही इंतजार करना पड़ा। विद्यालय में प्रधानाध्यापक समेत सात शिक्षक तैनात हैं, लेकिन कोई भी समय पर नहीं पहुंचा। सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की मनमानी और गैर-जिम्मेदाराना रवैये को उजागर कर दिया है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष है।  खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह ने बताया कि प्रधानाध्यापक से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। 

राजभाषा संगोष्ठी में हिंदी के प्रचार-प्रसार पर हुई चर्चा
क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय में शुक्रवार को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) की ओर से हिंदी के प्रचार-प्रसार पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय आयुक्त प्रथम नीरज श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदी नीतियों के अनुपालन और इसके उपयोग को बढ़ाने के लिए ऐसी संगोष्ठी उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की जानकारी दी। इस दौरान क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त द्वितीय मारुति नंदन त्रिपाठी तथा सहायक भविष्य निधि आयुक्त दिवाकर कुमार मिश्रा रहे। 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर जताई खुशी
डीसीएफ कार्यालय नदेसर में शुक्रवार को आयोजित बैठक में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। इस दौरान दिव्यांगजनों और पूर्व सैनिकों को 20 लाख रुपये तक की संपत्ति की रजिस्ट्री पर स्टांप शुल्क से छूट दिए जाने की घोषणा पर भी खुशी जताई गई। डीसीएफ चेयरमैन राकेश सिंह अलगू और ओबीसी मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री और स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री का आभार व्यक्त किया। 

मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य समय से कराएं पूरा
वीडीए के अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा ने शुक्रवार को शिवपुर स्थित पूर्व निर्मित मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया। वीडीए की अवस्थापना निधि से इसका जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है। इसकी लागत 5.83 करोड़ है। इसके तहत हॉकी फील्ड, फुटबॉल फील्ड एवं वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण कराया जाएगा। अपर सचिव ने कार्यदायी संस्था को मिट्टी भराई का कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाने के सुझाव भी दिए गए। 

पीएम व उनकी माता पर अभद्र नारेबाजी की निंदा
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माता हीराबेन मोदी के खिलाफ लगाए गए अभद्र नारों की निंदा की है। बताया कि विपक्ष चुनावी हार से हताश होकर इस तरह की ओछी हरकतों पर उतर आया है। यह देश की 140 करोड़ जनता का अपमान है।

कांग्रेस और राजद को माफी मांगनी चाहिए। जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने इसे विपक्ष की हताशा और मानसिक संतुलन खोने का प्रमाण बताया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि न चेतावनी दी कि यदि सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई तो भाजपा इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी। 

एसडीएम ने की आईटीआई के दाखिले में लगे आरोपों की जांच
आईटीआई करौंदी में दाखिले की प्रक्रिया पर छात्रों ने सवाल उठाया है। आरोप लगाया कि सरकारी निर्देश के बाद भी 27 अगस्त से दाखिले नहीं लिए गए। सिर्फ फॉर्म ही भरवाए गए। आईटीआई में 1300 छात्रों का दाखिला हो चुका है। 395 सीटें अभी भी खाली हैं।

छात्रों ने उत्तर प्रदेश शासन से शिकायत की था, शुक्रवार को एसडीएम पिनाक पांडेय ने जांच की। आईटीआई के संयुक्त निदेशक केएम सिंह से इससे पहले शिकायत की गई थी। उन्होंने प्राचार्य को परिषद के निर्देशों का पालन कर प्रवेश लेने का निर्देश दिया था। 27 और 28 अगस्त को प्राचार्य संस्थान नहीं आए। शिकायतकर्ता छात्र अभय और प्रिंस मौर्या ने आरोप लगाया कि प्रवेश के लिए दो दिन तक चक्कर लगवाए गए।

2025 की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए पहले आओ पहले पाओ नियम के तहत 27 से 30 अगस्त तक शत प्रतिशत सीटों को भरने का निर्देश था। छात्रों ने कहा कि शिकायतों के बाद भी सिर्फ आवेदन जमा कराए गए और अंतिम दिन बुलाया गया। प्राचार्य एमके सिंह ने आरोपों को खारिज कर कहा कि अवकाश पर रहने के चलते कार्यालय में नहीं थे। 

उद्यमियों ने अपर आयुक्त को गिनाईं एमएसएमई से जुड़ीं समस्याएं
उद्योग के विकास में आ रही परेशानियों के लिए आईआईए (इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन) के पदाधिकारियों ने उद्योग विभाग के अपर आयुक्त उमेश सिंह के साथ बैठक की। बैठक में अपर आयुक्त ने बताया कि रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के विकास एवं अवस्थापना संबंधित 100 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। 

उद्यमियों ने बताया कि उद्यमी जगदीश झुनझुनवाला पर बिजली विभाग की ओर से 10 साल पुराना बकाया दिखाया गया, लेकिन उसका साक्ष्य नहीं दिया गया। नीरज पारीख ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नए वर्कशॉप का प्रस्ताव रखा। चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने कहा कि युवाओं के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम और उद्यमिता प्लेटफॉर्म की जरूरत है। दिसंबर में जिले में अंतराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले टूरिज्म एक्सपो के बारे में कमेटी के चेयरमैन ने बताया। 

इसमें आने वाले 7 देशों के प्रतिनिधि से स्वीकृति मिल चुकी है। बैठक में प्रशांत अग्रवाल, अनुपम देवा, बीएन दुबे, हर्षद तन्ना, राजकुमार शर्मा उपस्थित रहे। संचालन राजेश भाटिया ने किया।

उद्यमियों के लिए बने एक मीटिंग हॉल : औद्योगिक आस्थान सहकारी समिति लिमिटेड चांदपुर के अध्यक्ष विपिन अग्रवाल ने औद्योगिक आस्थान में उद्यमियों के लिए एक मीटिंग हॉल की मांग की। इस पर अपर आयुक्त ने शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया। कहा कि इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रयास किया जाएगा। उद्योग कार्यालय में पर्याप्त जगह है, जहां हॉल बनाया जा सकता है। 

पेंशन के 1.27 लाख लाभार्थियों का होगा सत्यापन
अब हर तिमाही के बाद वृद्धा पेंशन का सत्यापन होगा। अगली पेंशन की किस्त देने के पहले जांच कर मृतकों के नाम काटे जाएंगे। उनके खाते में भेजी गई धनराशि भी रिकवर की जाएगी। इस साल 3800 से अधिक निधन वाले वृद्धों के नाम काटे गए थे। अभी जिले के 1.27 लाख पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन शुरू हुआ है। 

साल के नए सत्र में अप्रैल से वृद्धा पेंशनधारियों का सत्यापन होता था, लेकिन अब शासन से इसे हर तिमाही बाद करने का निर्देश आया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद दूबे ने बताया कि अब हर तिमाही बाद वृद्धा पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन होगा। इस दौरान निधन के अलावा उनके गांव छोड़ने की भी जांच होगी। नाम काटने के बाद अगली किस्त भेजी जाएगी। 

अगले साल मार्च तक बनकर तैयार  हो जाएगा योग, नेचुरोपैथी सेंटर
चौबेपुर में बन रहे पंचकर्म और नेचुरोपैथी सेंटर के निर्माण कार्य का राष्ट्रीय आयुष मिशन की निदेशक निशा अनंत ने निरीक्षण किया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. एनके सिंह के साथ निरीक्षण करने पहुंची मिशन निदेशक ने यहां शुरू की जाने वाली सेवाओं की जानकारी ली। 

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी ने उन्होंने बताया कि अगले साल मार्च तक केंद्र का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। मिशन की निदेशक निशा अनंत ने कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट काॅरपोरेशन लिमिटेड से जुड़े लोगों से तय समय से गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। 

50 बेड वाले भद्रासी के आयुर्वेदिक अस्पताल पहुंचकर मरीजों के जांच-इलाज सहित भर्ती करने की सुविधाओं पर भी बातचीत की। इसके बाद चौकाघाट स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज का निरीक्षण कर यहां मरीजों के लिए चलने वाली ओपीडी, जांच, दवाओं की उपलब्धता, गठिया सेंटर सहित अन्य चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जाना। 

मंडुवाडीह चौराहे की नई व्यवस्था से व्यापार प्रभावित, नाराजगी
मंडुवाडीह चौराहे पर यूटर्न की व्यवस्था से स्थानीय व्यापार पर बुरा असर पड़ा है। इसी मुद्दे पर शुक्रवार को मंडुवाडीह व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यापारियों ने अपनी गंभीर चिंताएं व्यक्त कीं। बैठक में कहा गया कि हाल ही में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए चौराहे को बंद करने और वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया था। 

इस संबंध में पूर्व में व्यापार मंडल की पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से बैठक हुई थी। जिसमें आयुक्त ने 100 मीटर की दूरी पर कट देने का आश्वासन दिया था ताकि आवागमन सुचारू रूप से जारी रह सके। उस समय व्यापार मंडल ने इस निर्णय का स्वागत किया और सहमति भी दी थी। 

व्यापारियों का कहना है कि ट्रैफिक विभाग ने लहरतारा मार्ग पर करीब 700-800 मीटर दूर जाकर नया कट बनाया, जिससे बाजार में ग्राहकों की आवाजाही काफी कम हो गई। व्यापारियों ने कहा कि यदि इसी तरह की स्थिति बनी रही तो दुकानों पर ग्राहक नहीं पहुंच पाएंगे और व्यापार ठप हो जाएगा। बैठक में अध्यक्ष विनय गुप्ता, महामंत्री काशीनाथ गुप्ता, संभू नंदन, ओमकार नाथ गुप्ता, कन्हैया लाल गुप्ता समेत कई व्यापारी मौजूद रहे। 

शिक्षकों ने बुलंद की आवाज
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज के शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जल्द सुनवाई का आश्वासन दिया।मुलाकात में संघ के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह, प्रधानाचार्य मुसर्रत इस्लाम, चंद्रशेखर मौजूद रहे। 

अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छात्रावास का प्रस्ताव
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग दिल्ली के सदस्यों ने शुक्रवार को केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान का दौरा किया। इस दौरान अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं की समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा हुई। निरुपम चकमा (सदस्य, एनसीएसटी) ने बताया कि वर्तमान सरकार अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं के लिए कई योजनाओं पर कार्य कर रही है। जिसमें उच्च शिक्षा पर प्रमुख जोर है।

कुलपति प्रो. वांगचुक दोर्जे नेगी ने सारनाथ परिक्षेत्र में अनुसूचित जनजाति के बच्चों के लिए विशेष छात्रावास का प्रस्ताव रखा। इस दौरान निरुपम चकमा के साथ प्रीति रंजन चकमा, प्रकाश उइके, पर्ना चकमा भी थे। कुलपति प्रो. नेगी और कुलसचिव डॉ. सुनीता चंद्रा ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। दीपांकर, डॉ. सुशील कुमार सिंह, डॉ. नवांग तेंफेल, डॉ. नीमा नेगी के साथ अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। 

बेटियों को 1.70 करोड़ दिए
सुमंगला योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 के चार महीनों में 8239 आवेदनों में 5202 बेटियों को लाभ दिया गया है। इसके तहत कन्याओं को शिक्षा के लिए 1.70 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वन स्टॉप सेंटर की प्रभारी रश्मि दुबे ने बताया कि बेटियों की पढ़ाई के लिए उनके जन्म से लेकर स्नातक में प्रवेश तक पढ़ाई के लिए 6 किस्तों में पैसा दिया जाता है।

चार्जिंग सॉकेट और सूचना पैनल से लैस होंगे 50 स्मार्ट बस शेल्टर
शहर में वीडीए की ओर से 50 स्मार्ट बस शेल्टर का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए अवस्थापना निधि से 12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम के सहयोग से इनका निर्माण कराया जाएगा। इन शेल्टर में फोन और छोटे उपकरणों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग सॉकेट की सुविधा होगी। बस सूचना पैनल भी होगा। जो बस मार्गों और समय-सारिणी को प्रदर्शित करेगा।

यहां डिजिटल एलईडी बोर्ड होगा। जो वास्तविक समय में बस आगमन और प्रस्थान का अपडेट दिखाएगा। रास्ता खोजने और दिशा-निर्देशन के लिए वाराणसी शहर का मानचित्र होगा। सुरक्षा और निगरानी के साथ उच्च-रिजॉल्यूशन वाला सीसी कैमरा होगा। कनेक्टिविटी और उपयोगिताएं होंगी। सार्वजनिक इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए वाई-फ़ाई, हॉटस्पॉट एक्सेस की सुविधा होगाी। शेल्टर सीट का माड्यूल आधुनिक होगा। मौसम को ध्यान में रखकर छत का निर्माण किया जाएगा। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि इसके लिए नगर निगम से स्थान का चयन किया गया है। यहां निर्माण कराया जाएगा। 

यूपी कॉलेज के यूजी-पीजी में 76% छात्राओं का दाखिला
उदय प्रताप कॉलेज में पहली बार सत्र 2025-26 के दाखिले में 76 फीसदी हिस्सेदारी छात्राओं की है। कुल 7200 छात्र और छात्राओं का प्रवेश हो चुका है, जिसमें से छात्राओं की संख्या 5400 से ज्यादा है। वहीं छात्रों के लिए हॉस्टल आवंटन तो बंद है लेकिन छात्राओं के हॉस्टल आवंटन की भी प्रकिया जारी रखी गई है। यूपी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डीके सिंह ने बताया कि पांच साल पहले ये हिस्सेदारी 50 फीसदी या इससे कम थी। पिछले साल पहली बार कॉलेज 70 फीसदी को पार किया था। वहीं इस बार रिकॉर्ड 76 फीसदी पर आ गया है। 

Varanasi News Today road Accident four dead 50 Anganwadi centres closed notice to all
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

काशी विद्यापीठ में 2 सितंबर को होगी छूटी परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ अर्थशास्त्र विभाग में स्नातक के विद्यार्थियों की छूटी परीक्षा दो सितंबर को होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. अंकिता गुप्ता ने बताया कि बीए, बीएससी, बीकॉम द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर 2024-25 के छात्र स्किल (डाटा एनालिटिक्स) की छूटी हुई परीक्षा दो सितंबर को विभाग में उपस्थित होकर दे सकेंगे।

विद्यापीठ में अतिथि अध्यापक के लिए छह सितंबर तक आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ललित कला विभाग में अतिथि अध्यापक पद के लिए अभ्यर्थियों को छह सितंबर तक अपना आवेदन पत्र जमा करना होगा। विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील विश्वकर्मा ने बताया कि इस तिथि के बाद कोई भी आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस बारे में विभाग से विस्तृत जानकारी ली जा सकती है। 

अप्रेंटिसशिप मेला 30 अगस्त को
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 30 अगस्त को अप्रेंटिसशिप मेला लगेगा। इस मेले में जिले के प्रतिष्ठित सरकारी और निजी संस्थान भाग लेंगे, जहां लगभग 200 अप्रेंटिसशिप रिक्तियां उपलब्ध हैं। किसी भी ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण युवा इसमें भाग ले सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार पोर्टल apprenticeshipindia.org पर अपना पंजीकरण कर अपनी प्रोफाइल की प्रिंटआउट के साथ मेले में आएं। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे मेले के दिन संस्थान में ही अपना पंजीकरण करा सकते हैं। 

आज निरस्त रहेंगी जम्मू रूट की ट्रेनें
कठुआ-माधोपुर (पंजाब) रेलखंड पर ब्रिज के पिलर में गड़बड़ी के चलते शनिवार को जम्मू रूट की ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से निरस्त रहेंगी। उत्तर रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेन संख्या 12355 अर्चना एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 13151 कोलकाता एक्सप्रेस, 12331 हिमगिरि एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 13152 कोलकाता एक्सप्रेस 30 अगस्त को अपने प्रारंभिक स्टेशन से निरस्त रहेगी। ट्रेन संख्या 12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस जम्मू से पहले अंबाला कैंट पर ही समाप्त हो जाएगी। 

कप्तानगंज में रुकेगी बापूधाम एक्सप्रेस
यात्रियों की सुविधा के लिए मुजफ्फरपुर-प्रयागराज जंक्शन बापूधाम एक्सप्रेस का कप्तानगंज स्टेशन पर दो मिनट का स्थायी ठहराव किया गया है। एनईआर (वाराणसी मंडल) के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या-12537 चार सितंबर और ट्रेन संख्या-12538 तीन सितंबर से कप्तानगंज स्टेशन पर रुकेगी।

बरेका जीएम को एनसीआर का अतिरिक्त दायित्व
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह को उनके वर्तमान पद के साथ उत्तर मध्य रेलवे व केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (सीओआरई) प्रयागराज के महाप्रबंधक का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। नरेश के नेतृत्व में बरेका ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। 

20 साल पुराने वाहनों के नवीनीकरण के लिए देना होगा दोगुना शुल्क
शहर में 20 साल तक के पुराने वाहनों के नवीनीकरण के लिए दोगुना शुल्क देना होगा। पहली बार 15 साल पूरा करने वाले वाहनों का नवीनीकरण कराना होगा। फिर 20 वर्ष वाले वाहनों का नवीनीकरण कराना होगा। सड़कों की सुरक्षा व प्रदूषण नियंत्रण के लिए वाहनों की आयु 15 वर्ष रखी गई है। हालांकि, वाहन स्वामी इसे कबाड़ घोषित करेंगे या नवीनीकरण कराएंगे, यह उनका निर्णय होगा। 

अब 20 वर्ष की आयु पूरी कर चुके वाहनों के पंजीकरण का नया स्लैब जारी किया गया है। इन्हें पांच साल की मोहलत मिली है। नये स्लैब में हर वाहन के लिए शुल्क दोगुना हो गया है। एआरटीओ मनोज प्रसाद वर्मा ने बताया कि दोगुना शुल्क का आदेश जारी कर दिया गया है, अब वाहन स्वामियों को शुल्क देना होगा। 

सीआरपीएफ कमांडेंट को मिला सेवा पुलिस पदक
सीआरपीएफ की 95 बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर को सेवा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति की ओर से उन्हें नई दिल्ली मुख्यालय में शौर्य और सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया। वाराणसी में तैनात राजेश्वर को गणमान्य लोगों ने बधाई दी। उन्होंने जम्मू कश्मीर, पूर्वोत्तर राज्य, आंध्रप्रदेश समेत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी अपनी सेवाएं दी हैं। 

बहराइच के सांसद ने किया दर्शन-पूजन
बहराइच के भाजपा सांसद डॉ. आनंद सिंह गोंड शुक्रवार को निजी दौरे काशी आए। सिद्धिगिरी बाग के मौलवी बाग में जयपुर मूर्ति भंडार के नए प्रतिष्ठान का उद्घाटन के बाद दर्शन-पूजन कर लौट गए। सांसद ने बताया कि उत्तर प्रदेश और बिहार में मूर्तियों की बढ़ती मांग को देखते हुए काशी में भी संगमरम के मूर्तियों का व्यवसाय का विस्तार किया गया। अब उपभोक्ताओं को अपनी पसंद की मूर्तियों के लिए कहीं और नहीं जाना पड़ेगा। इस अवसर पर राजस्थान के प्रमुख मूर्ति व्यवसायी कैलाश रावत, संजय गोंड, विजय गोंड आदि उपस्थित रहे। 

भगवान सुपार्श्वनाथ का मना गर्भ कल्याणक दिवस
भाद्र शुक्ल षष्ठी पर जैन धर्म के सप्तम तीर्थंकर भगवान सुपार्श्वनाथ का गर्भ कल्याण महोत्सव भदैनी स्थित दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र प्रभु दास जैन घाट पर मनाया गया। शुक्रवार को सुबह सात बजे भगवान के जलाभिषेक के बाद वृहद शांतिधारा हुई। इसके बाद पूजन विधान और शाम को आरती के साथ कई कार्यक्रम हुए। इसके साथ ही उत्तम मार्दव धर्म की दसलक्षण पर्व की पूजा हुई।

1008 भगवान चंद्रप्रभु की जन्म भूमि श्री चंद्रावती जी दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र में भी दसलक्षण पर्व पर विशेष पूजा हुई। वहीं, भगवान पार्श्वनाथ की जन्मभूमि भेलूपुर, भगवान श्रेयांशनाथ की जन्मभूमि सारनाथ और बनारस के सभी प्रमुख जैन मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना की गई। शाम को सभी मंदिरों में आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शास्त्र प्रवचन हुए। 

पारंपरिक कला से रूबरू हुए 16 देशों के मेहमान
भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान की ओर से विरासत और स्वदेशी वस्त्र पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्र कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को बीएचयू स्थित आईयूसीटीई परिसर में हुआ। समापन सत्र में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम में दौरान विदेशी प्रतिभागियों ने भारतीय परंपरा, हथकरघा की विविधता और वाराणसी की आतिथ्य भावना की सराहना की। 

उन्होंने कहा कि भारतीय वस्त्र और हस्तशिल्प न केवल कलात्मकता का परिचय देते हैं बल्कि सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक प्रेरणादायक मॉडल प्रस्तुत करते हैं। इस विशेष प्रशिक्षण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम में 16 देशों से आए 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक ने स्वागत किया। 

जुलूसे मोहम्मदी पांच सितंबर को 
मरकजी दावत-ए-इस्लामी की ओर से जुलूस ए मोहम्मदी कमेटी की बैठक शिवाला में हुई। बैठक में पांच सितंबर को ईद मिलादुन्नबी पर निकलने वाले जुलूसे मोहम्मदी की तैयारियों पर चर्चा की गई। जुलूस रेवड़ी तालाब से उठकर अपने परंपरागत रास्तों से होते हुए बेनियाबाग मैदान पहुंचेगा। जुलूस में मोमिन से शामिल होने की गुजारिश की गई। 

सुमंगल ज्वेलर्स शोरूम की प्रदर्शनी में रतनराग कलेक्शन पेश किया
सुमंगल ज्वेलर्स ने शोरूम का विस्तारीकरण और रतनराग कलेक्शन का शुभारंभ किया। सुमंगल ज्वेलर्स के अधिष्ठाता विनोद लोहिया, गोविंद लोहिया और संजय लोहिया ने बताया कि रतनराग कलेक्शन एक अद्वितीय कृति है। इस मौके पर शुक्रवार को ज्वेलरी प्रदर्शनी को शुभारंभ किया गया। यह प्रदर्शनी 31 अगस्त 2025 तक चलेगी। नमन लोहिया ने बताया कि उन्होंने रतनराग कलेक्शन के माध्यम से पोल्की, डायमंड, नवरत्न और एंटीक आभूषणों की विस्तृत रेंज का अनावरण किया है। प्रदर्शनी में ग्राहकों को 100 प्रतिशत मेकिंग चार्जेस की आकर्षक छूट मिलेगी। 

अंशुल और शुभम लोहिया ने आगंतुकों का स्वागत किया। इस मौके पर राणी सती श्याम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष भरत जी सराफ, गोविंद केजरीवाल (प्रधानमंत्री), विनोद जिंदल (सीए), रमेश चौधरी, अनूप सराफ, दीपक बजाज, प्रदीप तुलस्यान, कृष्ण कुमार खेमका, अशोक सराफ, सज्जन सिंघी, केशव जालान और कौशल शर्मा आदि मौजूद रहे।

अगले तीन साल चुनौतियों को अवसरों में बदलने का समय 
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंस (एसएमएस) में बीबीए, बीसीए और एमसीए के छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का शुभारंभ हुआ। निदेशक प्रो. पीएन झा ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा केवल कौशल अर्जित करने का साधन नहीं बल्कि चरित्र निर्माण और जिज्ञासा को पोषित कर मूल्यों को आत्मसात करने का भी मार्ग है। 

ललित नारायण मिथिला विवि के पूर्व कुलपति प्रो. एसके सिंह ने कहा कि आने वाले तीन साल सिर्फ सिलेबस के नहीं, चुनौतियों को अवसरों में बदलने की जीवन यात्रा होगी। मुख्य अतिथि प्रो. टीवी प्रभाकर ने कहा कि तकनीकी दक्षता को रचनात्मकता से जोड़ना होगा। इस दौरान माय इरिगेसियों वर्ल्ड के प्रबंध निदेशक विपुल जैन, अलख श्रीवास्तव, प्रो. वीरेश त्रिपाठी और प्रो. कमलशील आदि मौजूद रहे।

शृंगारोत्सव में तीज क्वीन बनीं श्वेता और पुष्पा
केसरवानी वैश्य नगर महिला सभा की ओर से शृंगारोत्सव तीज के रंग राधा और कान्हा के संग का आयोजन शुक्रवार को हुआ। मंडुवाडीह स्थित होटल में उत्सव का शुभारंभ शतरूपा, सलोनी, सुधा, स्नेहलता, सत्यभामा और माधवी ने दीप जलाकर किया। तीज क्वीन का खिताब श्वेता केसरी व पुष्पा केसरी को और सर्वश्रेष्ठ व्यक्तित्व का खिताब शिखा केसरी व बॉबी केसरी को दिया गया। 

कार्यक्रम में राधा रानी बरसाने की छोरी, मीठे रस से भरे राधा रानी लागे... भजन के कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण थीम डांस राधा और कृष्ण की रासलीला रही। मेरे बांके बिहारी लाल, आज राधा को श्याम याद आ गया... पर पल्लवी, प्रियंका और श्वेता ने नृत्य प्रस्तुत किया। लक्ष्मी ने मधुर भजन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में हाउजी, प्रश्नोत्तरी और तीज क्वीन प्रतियोगिता हुई। संचालन रितु केशरी और धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री पल्लवी केशरी ने किया। 

कीनाराम आश्रम में श्रद्धालुओं ने किए बाबा सिद्धार्थ गौतम के दर्शन
बाबा कीनाराम की तपोभूमि क्रीं-कुंड पर शुक्रवार को अघोर पथिकों, साधु-संन्यासियों का जमावड़ा लगा। लोलार्क छठ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह आश्रम परिसर की सफाई और दैनिक आरती के बाद श्रद्धालुओं ने पीठाधीश्वर अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के दर्शन किए। अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान की महिला मंडल विंग की तरफ से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें 80 से ज्यादा लोगों ने रक्तदान किया। 

औघड़ गुरुपद संभव राम ने उतारी बाबा कीनाराम की आरती
श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् में बाबा कीनाराम का 425वां जन्म षष्ठी (लोलार्क षष्ठी) पर्व मनाया गया। श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम के सानिध्य में अघोरेश्वर भगवान राम के 89वें जयंती पर्व के दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सुबह बाबा गुरुपद संभव राम ने बाबा कीनाराम की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया। तत्पश्चात् अघोर शोध संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक कुमार सिंह ने सफलयोनि का पाठ किया। इसके बाद बाबा ने आश्रम के उपासना स्थल में हवन-पूजन के बाद दो दिनों तक चलने वाले अखंड संकीर्तन का शुभारंभ किया। 30 अगस्त को अघोरेश्वर भगवान राम की 89वीं जयंती मनाई जाएगी। 

बाबू आनंद ने नहीं किया लेखनी से समझौता : पं शिवनाथ
लोलार्क षष्ठी के अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार स्व. डॉ. आनंद बहादुर सिंह की 95वीं जयंती पर काशी के विद्वत समाज की जुटान भदैनी स्थित आवास पर हुई। शुक्रवार को सायंकाल आयोजित स्मरण सभा में पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्रा, साहित्यकार डॉ. गया सिंह, अधिवक्ता यशपाल कुमार, पं. देवब्रत मिश्रा ने बाबू आनंद बहादुर सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। 

मुख्य अतिथि पद्मश्री पं. शिवनाथ मिश्रा ने कहा कि बाबू आनंद बहादुर विरले व्यक्तित्व के धनी थे, उनकी लेखनी ने कभी भी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। विशिष्ट अतिथि साहित्यकार यशपाल कुमार ने कहा कि वह एक धर्मनिष्ठ पत्रकार थे। वह धर्म सम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज के विशेष कृपापात्र थे। 

अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ साहित्यकार एवं भारतेंदु संस्थान के अध्यक्ष डॉ. गया सिंह ने कहा कि वह जीवट व्यक्ति थे। इस दौरान राजेश सिंह, गोपेश चंद्र राय, डॉ. विनोद शर्मा, दिव्य सिंह, संदीप चौरसिया, एडवोकेट अमृत प्रभात रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed