फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Ravidas Jayanti PM modi and CM yogi invited notice issued in Rahul Gandhi case

Varanasi News Today: रविदास जयंती...पीएम और सीएम को न्योता, राहुल गांधी केस में नोटिस जारी; पढ़ें खबरें

Thu, 08 Jan 2026 06:36 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 08 Jan 2026 06:36 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के लक्खा मेले में शुमार रविदास जंयती का न्योता पीए मोदी और सीएम योगी को भेज दिया गया है। इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वहीं, राहुल गांधी मामले में अदालत ने विपक्षी गण को नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई के लिए 29 जनवरी की तिथि नियत की है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Ravidas Jayanti PM modi and CM yogi invited notice issued in Rahul Gandhi case
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: सीर गोवर्धनपुर में एक फरवरी को माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाली रविदास जयंती में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संत गुरु रविदास मंदिर ट्रस्ट की ओर से निमंत्रण पत्र भेजा गया है। 

विज्ञापन


मंदिर के ट्रस्टी केएल सरोवा और निरंजन चीमा ने बताया कि रविदास जयंती पर अमृतसर (पंजाब) और विदेशों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे लेकर सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर में तैयारियां तेजी से चल रही हैं। मंदिर का रंग-रोगन और साफ-सफाई का कार्य जारी है।
विज्ञापन


श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पंडाल का निर्माण किया जा रहा है और भोजन के लिए तीन लंगर हॉल बनकर तैयार हैं। भोजन निर्माण के लिए मध्य प्रदेश सहित अन्य स्थानों से लकड़ियां मंगाई गई हैं। पंडाल की ओर जाने वाले मार्गों का मरम्मत कार्य भी चल रहा है। रविदास कॉरिडोर पार्क में भी सुंदरीकरण, पार्किंग और जल निकासी का कार्य किया जा रहा है। पार्क के दक्षिणी हिस्से में सरकार की ओर से 24 करोड़ रुपये की लागत से रविदास संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है। समारोह में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खाद्यान्न और उनके ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने में मंदिर ट्रस्ट जुटा हुआ है।

विज्ञापन
विज्ञापन

सवा दो करोड़ रुपये की सोना बरामदगी में तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार की अदालत में बुधवार को सवा दो करोड़ रुपये का सोना बरामदगी के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को डीआरआई की टीम ने पेश किया। कोर्ट ने गाजीपुर व गोरखपुर निवासी आशीष कुमार, गंगा सागर गुप्ता और जय प्रकाश को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया। 

डीआरआई गोरखपुर के अधिकारी राहुल कुमार सिंह ने विशेष अभियोजक अधिकारी के माध्यम से अदालत में आवेदन देकर तीनों आरोपियों के न्यायिक रिमांड की मांग की। अदालत को बताया गया कि आरोपी डेढ़ किलो से अधिक सोने की तस्करी कर कोलकाता ले जाने की फिराक में थे। 

बरामद सोने के संबंध में आरोपियों की ओर से वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। डीआरआई के अनुसार, बरामद सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत सवा दो करोड़ रुपये से अधिक है। तीनों आरोपियों को गोरखपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था। पत्रावली का अवलोकन करने के बाद अदालत ने तीनों आरोपियों की न्यायिक रिमांड स्वीकृत कर जेल भेजने का आदेश दिया।

राहुल गांधी मामले में अदालत ने विपक्षी गण को नोटिस जारी की, 29 जनवरी को होगी सुनवाई
विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र बिक्रम सिंह की अदालत में बुधवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा अमेरिका यात्रा के दौरान सिख समुदाय को लेकर दिए गए बयान से संबंधित मामले में दाखिल रिवीजन अर्जी पर सुनवाई हुई। इससे पूर्व यह पत्रावली जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत से स्थानांतरित होकर विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) की अदालत में सुनवाई के लिए भेजी गई थी। अदालत ने विपक्षी गण को नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई के लिए 29 जनवरी की तिथि नियत की है।

बीते 17 अक्तूबर को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (चतुर्थ/एमपी-एमएलए) की अदालत ने वादी की अर्जी खारिज कर दी थी। मामला कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने पिछले वर्ष सितंबर माह में अमेरिका में कहा था कि भारत में सिखों के लिए माहौल ठीक नहीं है और सवाल उठाया था कि क्या एक सिख को पगड़ी बांधने, कड़ा पहनने और गुरुद्वारा जाने की अनुमति मिलेगी। इस बयान को तिलमापुर, सारनाथ निवासी नागेश्वर मिश्र ने देश में गृहयुद्ध भड़काने की साजिश करार देते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) की अदालत में वाद दाखिल किया था।

पति समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज
विवाहिता ने पति समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में बुधवार को आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कज्जाकपुरा निवासी विवाहिता संगीता देवी ने पति रवि कुमार, सास उर्मिला देवी और देवर निखिल पर आरोप लगाया और पुलिस को बताया कि हुकुलगंज निवासी रवि कुमार के उत्पीड़न से वह पांच महीने से अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही है। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

पति और ससुराल वालों पर प्राथमिकी
विवाहिता ने पति मुकेश केशरी समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में बुधवार को आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। हनुमान फाटक निवासी पीड़िता सोनू केशरी ने पुलिस को बताया कि खोजवा निवासी पति, ससुर शिवकुमार केशरी और दो ननद ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया है। 15 जुलाई 2025 को दो लाख और बुलेट की मांग की है। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

वेबसाइट पर दर्ज करने होंगे प्रायोगिक परीक्षा के नंबर
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में अब कॉलेजों पर होने वाली आंतरिक प्रायोगिक परीक्षा के नंबर भी माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। प्रैक्टिकल के नंबर न मिलने से ही परीक्षा परिणाम में देरी होती है। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इसके पहले ही बोर्ड की ओर से प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जाएंगी। क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के सहायक सचिव मनोज कुमार ने बताया कि बोर्ड की ओर से जारी निर्देश के अनुसार इस बार जो भी प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जाएंगी, उसके परिणाम बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।

अमिताभ ठाकुर की जमानत अर्जी हुई सुनवाई, वादी पक्ष ने जवाब दाखिल का मांगा समय
चौक थाने में दर्ज मामले में आजाद सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की जमानत अर्जी पर बुधवार को सुनवाई हुई। जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान वादी पक्ष के अधिवक्ता उपस्थित हुए और वकालतनामा दाखिल किया। साथ ही जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय देने की मांग की।

इस पर अमिताभ ठाकुर की ओर से अधिवक्ता ने समय दिए जाने का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने वादी पक्ष को केवल एक दिन का समय देते हुए जमानत अर्जी पर अगली सुनवाई की तिथि नौ जनवरी निर्धारित कर दी। बड़ी पियरी निवासी हिंदू युवा वाहिनी के नेता एवं वीडीए के मानद सदस्य अंबरीष सिंह भोला ने बीते नौ दिसंबर को चौक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

आरोप है कि 30 नवंबर को अमिताभ ठाकुर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर उनके विरुद्ध आपराधिक मामलों में संलिप्तता के कथित झूठे आरोप लगाए। साथ ही बहुचर्चित कफ सिरप मामले में बिना किसी साक्ष्य के उनकी संलिप्तता बताते हुए भ्रामक एवं निराधार बातें प्रचारित कीं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची।

मां-बेटे समेत तीन पर जानलेवा हमले के मामले में आरोपी गिरफ्तार
सिगरा थाना क्षेत्र के निराला नगर में मां, बेटे समेत तीन पर चाकू से हमला करने के आरोपी राजीव बिंद को सिगरा पुलिस ने बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे पार्किंग लहरतारा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी सिगरा क्षेत्र के छित्तूपुर का रहने वाला है।

सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर निगम चौकी इंचार्ज पंकज पांडेय की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। 22 दिसंबर को आंचल सोनी ने राजीव बिंद के खिलाफ हत्या के प्रयास मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आंचल ने पुलिस को बताया कि राजीव घर पहुंचा और भाई, मां माला देवी और अभिषेक पर चाकू से हमला कर दिया। 

राजीव बिंद ने पुलिस को बताया कि 2003 से 2007 तक बतौर किराएदार मकान में पीड़िता अपने परिवार के साथ रहती थी। पीड़िता से बातचीत होती थी। इस बात को पीड़िता व उसके भाई को बुरा लगता था, लेकिन मेरी बराबर फोन से बात होती थी। 22 दिसंबर को पता चला कि लड़की अपनी मां के घर निराला नगर आई है तो उससे मिलने गया। उसकी मां व भाई को नागवार गुजरा और नाराजगी जताई। इसी बात से आवेश में आकर पास रखे चाकू से पीड़िता पर वार कर दिया। बीच बचाव में उसका भाई आया तो उसे भी मारा।

रास्ते की सफाई के लिए मारपीट में चार महिलाओं समेत पांच घायल
चौबेपुर के परानापुर गांव में रास्ते की सफाई को लेकर विवाद में लाठी-डंडा और ईंट-पत्थर से हमला कर चार महिला समेत पांच लोगों को आरोपियों ने घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित मनबोध प्रजापति ने बताया कि दो जनवरी को सुबह 11 बजे वह अपने घर के पास रास्ते की सफाई कर रहा था। 

आरोप है कि गांव के जगदीश यादव, सोनू यादव और उसकी पत्नी रीता देवी बाइक पर सवार होकर पहुंचे और टक्कर मारने की कोशिश की। विरोध करने पर लाठी-डंडा और ईंट-पत्थर चलाने लगे। हमले में दिनेश, विनिता, रेनू, निशा और विमला देवी घायल हो गईं। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

महिला से चेन छीनकर भागे बाइक सवार, घटना सीसी कैमरे में कैद
शिवपुर थाना क्षेत्र के वीडीए कॉलोनी बड़ा लालपुर निवासी साधना सिंह से चेन छीनने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साधना सिंह ने पुलिस को तहरीर में बताया कि 26 दिसंबर को दोपहर तीन बजे घर से चांदमारी जा रही थी। नीले रंग की बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक से दो युवक जिनके चेहरे कपड़े से ढके थे। पास रुके और पता पूछने के बहाने बातचीत करने लगे।

अचानक दोनों ने गले से 12 ग्राम वजनी सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना सीसी कैमरे में कैद है और आरोपी भागते दिखाई दे रहे हैं। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि चेन स्नेचिंग के मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। 

जाति छिपाकर शादी करने और मारपीट में प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के 39 जीटीसी के केंद्रीय विद्यालय परिसर में रहने वाली महिला ने पति समेत अन्य पर धोखाधड़ी और मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता रिंकी साहू ने आरोप लगाया कि रामापुरा लक्सा निवासी अमन सैनी ने बहकावे में लेकर आठ दिसंबर 2023 को शादी की। बाद में पीड़िता को जानकारी हुई कि अमन सैनी ओबीसी जाति का है और उसने फर्जी हाईस्कूल का प्रमाणपत्र लगाकर शादी की है। जानकारी होने पर थाने में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर कैंट पुलिस ने पति अमन सैनी समेत उसकी मां और बहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है। 

60 दिन बाद मारपीट समेत अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर लंका पुलिस ने मारपीट के मामले में भगवानपुर निवासी मीना यादव तहरीर पर आरोपी दीपक गुप्ता, सतीश गुप्ता, विकास चौहान, बिनय पांडेय, विद्या दुबे, अरुणा पांडेय, संजू शर्मा और रीता शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता का आरोप है कि सात नवंबर को सुबह 11 बजे आरोपियों ने घर के बाहर से गाली दी और विरोध करने पर घर में घुसकर पीटा। पीड़िता की मां और भाई बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उन्हें भी धमकाया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

सरैया वार्ड की जनसुविधाओं का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को सरैयां वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड के विभिन्न मोहल्लों की सफाई व्यवस्था, क्षतिग्रस्त मार्ग, पेयजल आपूर्ति, सीवर ओवरफ्लो, वाटर लीकेज और प्रकाश से जुड़ी व्यवस्थाओं को बारीकि से देखा। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। पेयजल और सीवर से संबंधित छोटी-छोटी तकनीकी कमियों को दुरुस्त करने, क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत योजना तैयार करने, खराब स्ट्रीट लाइट्स को तुरंत चालू कराने के निर्देश दिए। कहा कि समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी कार्यप्रणाली से नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। 

साहब बताकर फोन किया ठग लिया 84 हजार रुपये
कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल, भोजूबीर निवासी एक व्यक्ति के खाते से ठगों ने झांसा देकर चार बार में 84 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित सतीश कुमार सिंह ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक फोन आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को उनका साहब बताया। जो कि साआरपीएफ में हैं। कहा कि वह फोन-पे से भुगतान भेजा है। उसे उनके खाते में डाल दो। 

पीड़ित ने बताया कि उनके खाते में कोई रकम नहीं आई, लेकिन जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया तो चार बार में 84 हजार रुपये कट चुके थे। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

खड़े ट्रक से टकराई बुलेट, बाइक सवार घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र के नागापुर हाईवे पर मंगलवार देर रात घने कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से बुलेट बाइक सवार रामपुर निवासी आकाश उर्फ सूरज चौबे (35) टकरा गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भेजवाया। ट्रक के दोनों टायर पंचर होने के कारण चालक सड़क पर खड़ा कर दिया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आकाश के सिर, मुंह, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। गौरीश सिंह ने उसे निजी अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

छह के खिलाफ धोखाधड़ी में प्राथमिकी
धोखाधड़ी के मामले में मिर्जामुराद पुलिस ने पीड़ित बबलू मुसहर की तहरीर पर मयंक सिंह, उत्तम तिवारी, मोहम्मद आरजू, निजी बैंक के कलेक्शन मैनेजर मनीष दुबे, फाइनेंसर वाचस्पति समेत एक अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। कपसेठी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी बबलू मुसहर ने तहरीर में बताया कि एजेंसी से एक बाइक फाइनेंस कराई थी। तीन किस्तें जमा करने के बाद बची धनराशि एकमुश्त जमा कर दी। बावजूद एजेंसी और फाइनेंस से जुड़े लोग कह रहे हैं पैसा नहीं जमा है। फोन कर दबाव बना रहे और गालीगलौज कर रहे है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। 

दुकान में घुसकर मारपीट का आरोप
चितईपुर थाना क्षेत्र के महमनापुरी कॉलोनी निवासी भूषण जायसवाल की शिकायत पर सुजीत यदुवंशी, रोशन दीक्षित, विदीप सिंह, अंकित राजपूत सहित अज्ञात पर मारपीट सहित अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज की। भूषण का आरोप है कि मंगलवार शाम आरोपी उनकी दुकान पर पहुंचे और बेटे अंशु जायसवाल के साथ गालीगलौज की। बेटे ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने पीटा। बीचबचाव में आई बेटी आकांक्षा और अंकिता जायसवाल पर आरोपियों ने ईंट से हमला किया। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

18 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
लंका पुलिस ने मंगलवार रात विश्व सुंदरी पुल के सर्विस लेन अंडरपास से 18 लीटर अंग्रेजी शराब के दो आरोपियों योगेश्वर कुमार गुप्ता व रवि कुमार को गिरफ्तार किया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपी बिहार के काराकाट के सिकरिया के रहने वाले हैं। शराब को आरोपी बिहार ले जा रहे थे। 

4 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार
4 लीटर देसी शराब के साथ आरोपी गुलाब को पितरकुंडा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सिगरा के लल्लापुरा का रहने वाला है। उसके पास से झोले में 20 पैकेट की 4 लीटर देसी शराब मिली। जिसे लेकर वह सराय फाटक में बेचने जा रहा था। आरोपी से पूछताछ की ज रही है। 

दुष्कर्म के मामले में आरोपी गिरफ्तार
युवती को बहला फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित मोहित कुमार को चोलापुर पुलिस ने बुधवार को एकला मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी चोलापुर थाना क्षेत्र के दशनीपुर का रहने वाला है। चोलापुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता ने 28 दिसंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि मोहित कुमार ने 19 साल की बेटी को बहला फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। 

आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र से इन्वर्टर-बैटरी चोरी
मिर्जामुराद के कछवा रोड के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र द्वितीय से अज्ञात चोरों ने इन्वर्टर और बैटरी की चोरी कर ली। चोरों ने केंद्र के दरवाजे की कुंडी को आरी से काटकर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा एक इन्वर्टर, दो बैटरी उठा ले गए। जानकारी होने पर प्रधान सुनील कुमार बिंद ने मिर्जामुराद थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

डीह बाबा मंदिर से तीन घंटे चोरी
मंडुवाडीह के नाथूगांव मंदिर से पीतल का घंटा चोरी हो गया। एक सप्ताह में दूसरी घटना है। जब डीह बाबा मंदिर से पीतल के घंटे चोरी हुए। मामले की जानकारी सुबह होने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

सोने की अंगूठी बेचने पहुंचे युवक को दुकानदार ने पकड़ा
कछवा रोड बाजार में बुधवार सुबह एक आभूषण की दुकान पर जंसा निवासी एक युवक पत्नी की सोने की अंगूठी बेचने कछवा रोड पहुंचा। दुकानदार ने जांच की तो अंगूठी नकली निकली। दुकानदार की पूछताछ में जब युवक इधर-उधर की बातें करने लगा तो उसने पुलिस को बुलाया। युवक को पुलिस चौकी लाया गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पूछताछ के बाद उसे निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। उसने बताया कि उसे पैसे की जरूरत थी, इसलिए अंगुठी बेचने निकला था।

ओटीपी पूछकर 1.90 लाख रुपये की साइबर ठगी
लोहता के सिरसा गांव निवासी बीएसएफ से रिटायर्ड रमेश कुमार उपाध्याय साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर जालसाज ने ओटीपी पूछकर बैंक खाते से एक लाख 90 हजार रुपये की निकासी कर ली। पीड़ित ने साइबर थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामला दर्ज कर ट्रांजेक्शन के रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। रमेश ने बताया कि पेंशन के लिए जीवित प्रमाणपत्र जमा करने के लिए पिछले महीने एसबीआई कचहरी शाखा में कुछ कागजात दिए थे, जहां उनका पेंशन खाता है। 

मंगलवार दोपहर उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए कहा कि खाता अपडेट करना है और एक ओटीपी गया है, जिसे बताना होगा। ओटीपी बताते ही खाते से एक लाख 90 हजार रुपये कट गए। मेसेज आने पर ठगी का पता चला। बुधवार को पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद स्टेट बैंक की कचहरी शाखा में पहुंचकर खाता बंद कराया।

घर में घुसकर मारपीट पिता-पुत्र घायल, रुपये छीने
चौबेपुर के कादीपुर रेलवे स्टेशन के पास कौवापुर गांव में घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। जगदीश सिंह यादव ने पुलिस को बताया कि दो जनवरी को दोपहर 12़ 30 बजे पिता के पेंशन के 23 हजार रुपये लेकर घर पहुंचे।

गांव के मनबोध प्रजापति, उनका बेटा और भाई जबरन मकान में लाठी-डंडे के साथ आए और मारने पीटने लगे। मारपीट में जगदीश यादव, बेटा सोनू और पत्नी रीता देवी घायल हुए। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने 23 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। 

गैर इरादतन हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
हुकुलगंज में महिला सलोनी देवी की गैर इरादतन हत्या के मामले में दो आरोपी राजा सोनकर और प्रमोद सोनकर को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने बघवा नाला वरुणा नदी के पास बुधवार को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी खजुरी के निवासी हैं। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दशमी पटेल की पत्नी सलोनी की तबीयत खराब होने पर ऑटो से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ठेला, टॉली रखकर मार्ग अवरुद्ध करने और विरोध करने पर गालीगलौज और मारपीट के दौरान सलोनी की उपचार के दौरान मौत हो गई। खजुरी के राजा, प्रमोद समेत चार अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

जनता का पैसा हड़पने के आरोप में चिट फंड कंपनी का डायरेक्टर गिरफ्तार
धन दोगुना करने और अधिक ब्याज देने का झांसा देकर निवेश कराए गए 8.36 लाख रुपये के गबन के आरोपी सारनाथ भैसोडी निवासी राजेश कुमार यादव को आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन की टीम ने दामोदरपुर से गिरफ्तार किया। ईओडब्ल्यू के अनुसार, आरोपी लंबे समय से वांछित था। आरोपी के खिलाफ थाना ईओडब्ल्यू में प्राथमिकी दर्ज है।

ईओडब्ल्यू निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि 2014 में आरोपियों ने मेसर्स सांई कुंज इंफ्रा डेवलपर्स इंडिया लिमिटेड कंपनी की शाखा गाजीपुर में खोली थी। चिट फंड कंपनी के डायरेक्टरों ने खुद को एजेंट बताकर धन दोगुना करने और अधिक ब्याज देने का लालच देकर लोगों से निवेश कराया। बाद में साजिश के तहत 27 निवेशकों से जुटाए गए 8.36 लाख रुपये का गबन कर लिया। विवेचना में आठ अभियुक्तों की संलिप्तता आई। गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचारों के खिलाफ उद्यमियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की बुधवार को कार्यकारिणी की बैठक में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक समुदाय पर अत्याचारों पर नाराजगी जताई गई। धार्मिक स्थलों के विध्वंस की घटनाओं पर आक्रोश व्यक्त करते हुए उद्यमियों ने प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। भारत सरकार से बांग्लादेश में हो रहे हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचार एवं नरसंहार के विरुद्ध कड़ा और प्रभावी रुख अपनाने का आग्रह किया।

दी स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया एवं कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र लालवानी ने प्रधानमंत्री कार्यालय में विधायक सौरभ श्रीवास्तव से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भारत सरकार से बांग्लादेश सरकार के साथ त्वरित कूटनीतिक संवाद स्थापित करने, अल्पसंख्यक हिंदुओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने व दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावी हस्तक्षेप की मांग की गई। कार्यकारिणी बैठक में नीरज पारिख, राजेश वर्मा, अवधेश गुप्ता, अनुपम देवा, प्रशांत अग्रवाल, मनीष कटारिया मौजूद रहे।

सपा ने किया पीडीए पंचांग का वितरण
सपा महानगर के दक्षिणी विधानसभा की वार्ड संख्या 72 घसियारी टोला में बुधवार को पीडीए पंचांग का वितरण हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया रहे। उन्होंने इस पंचांग के बारे में कहा कि यह पंचांग पीडीए समाज के घर-घर में जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 में विधानसभा चुनाव में सपा सरकार बनाने के लिए पूरे उत्तर प्रदेश के समस्त विधानसभा में पीडीए समाज को जोड़ने लिए अभियान चलाया जा रहा है। 

इस पीडीए पंचांग में पीडीए समाज के महापुरुषों की जयंती, पुण्यतिथि के अलावा ऐतिहासिक दिनों को याद कर पूर्वजों का गौरवशाली इतिहास बताया गया है। धन्यवाद ज्ञापन मीडिया प्रभारी रामजी यादव ने किया। गंगा नगर कॉलोनी में सेक्टर प्रभारी राजवीर सिंह राज, अजहर अली सिद्दीक़ी के नेतृत्व में पंचांग बांटा गया। कार्यक्रम में दिलशाद अहमद, ईशान श्रीवास्तव, धीरज यादव, राहुल कन्नौजिया मौजूद रहे। 

चौदहों के सरदार की पत्नी के निधन पर पत्र भेजकर सपा प्रमुख ने जताया शोक
बुनकर बिरादराना तंजीम चौदहों के सरदार हाजी मकबूल हसन की पत्नी के निधन पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शोक जताया। पत्रवाहक सपा नेता विष्णु शर्मा पत्र लेकर सरदार के पीलीकोठी कटेहर आवास पर पहुंचे। बताया कि सरदार की पत्नी इशरत जहां की बीमारी की वजह से एक महीने पहले निधन हो गया था। जानकारी मिलने पर सपा प्रमुख ने दुख प्रकट किया है। पत्र देने वालों में हाजी शमशुल हक, अनीसुर्रहमान, जलालुददीन अंसारी, शमीम अंसारी, जावेद मौजूद रहे।

बीएचयू में आज नीदरलैंड के प्रोफेसर का व्याख्यान
बीएचयू में नीदरलैंड के लीडेन विश्वविद्यालय के प्रलय रंजन कानूंगो का विशेष व्याख्यान होगा। सामाजिक विज्ञान संकाय के पं. दीनदयाल उपाध्याय चेयर की ओर से बृहस्पतिवार को संबोधि सभागार में कार्यक्रम होगा। व्याख्यान दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। प्रो. कानूंगो राजनीति और क्षेत्रीय अध्ययन के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित विद्वान हैं। लीडेन विवि में उनके अकादमिक कार्यों ने समाज, राजनीति और संस्कृति में बड़ा योगदान दिया। इसमें 200 से ज्यादा प्रोफेसर, शोधकर्ता, छात्र-छात्राएं आएंगी।

लीडरशिप और ई गवर्नेंस पर हुई चर्चा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में जागरूकता कार्यक्रम में वक्ताओं ने एकेडमिक लीडरशिप और ई गवर्नेंस पर चर्चा की। इस दौरान प्रो.पीपी सिंह ने कहा कि सरकारी नियमों, नीतियों को पारदर्शी ढंग से पहुंचाने में ई गवर्नेंस उपयोगी साबित हो रहा है। मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में ई गवर्नेंस से भ्रष्टाचार में कमी होती है और पर्यावरण संरक्षण में भी लाभकारी होता है। 

देव सुमन विश्वविद्यालय गोपेश्वर उत्तराखंड के प्रो. अमित जायसवाल ने भारतीय ज्ञान प्रणाली पर कहा कि आत्मानुशासन हमें उन्नति की ओर ले जाता है। प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. सुरेंद्र राम ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का लक्ष्य भारतीय शिक्षा व्यवस्था को भारतीय विरासत और मूल्यों की ओर उन्मुख करना है। संचालन प्रो. रमाकांत सिंह, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. लालधारी यादव ने किया।

रामकुंड समेत आठ कुंडों की होगी सफाई
शहर के रामकुंड की सफाई तलहटी से कराई जा रही है। नगर निगम की ओर से आठ कुंडों की सफाई और सुंदरीकरण का काम कराया जाएगा। इनमें बकरियाकुंड, भिखारीपुर कुंड, मंदाकिनी कुंड, ईश्वरगंगी कुंड, शंकुलधारा कुंड, दुर्गाकुंड, पितृकुंड की सफाई और सुंदरीकरण का काम कराया जा रहा है। अब रामकुंड की सफाई और सुंदरीकरण का काम गुजरात की एक कंपनी करा रही है। पहले कुंड से मछलियां निकालकर गंगा में डाली जा रही है। इसके बाद कुंड का पानी निकाला जा रहा है। पूरा पानी निकालने के बाद नीचे की मिट्टी बाहर निकाली जा रही है। इसकी सफाई कराने के बाद यहां मरम्मत होगी।

दी बनारस कमिश्नरी बार एसोसिएशन का चुनाव आज
दी बनारस कमिश्नरी बार एसोसिएशन, वाराणसी मंडल का वार्षिक चुनाव 8 जनवरी को आयुक्त न्यायालय परिसर स्थित बार एसोसिएशन कार्यालय में होगा। इस बार अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला होना तय है। अध्यक्ष पद के दावेदारों में रविशंकर त्रिपाठी एडवोकेट, लालचंद चौबे एडवोकेट और कृष्ण चंद्र मौर्य एडवोकेट शामिल हैं। तीनों प्रत्याशी अधिवक्ताओं के बीच जनसंपर्क में जुटे हुए हैं। वहीं महामंत्री पद पर अजय कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट और प्रमोद कुमार जायसवाल एडवोकेट के बीच सीधा मुकाबला है। इसके अलावा बार एसोसिएशन के अन्य सभी पदों पर चुनाव निर्विरोध संपन्न हो चुका है।

होम्योपैथिक कांग्रेस में शामिल होंगे चिकित्सक
आइडियल होमियोपैथिक वेलफेयर आर्गेनाइजेशन शाखा वाराणसी की बैठक में आगरा में 10-11 जनवरी को होने वाली होम्योपैथिक मेडिकल कांग्रेस की चर्चा हुई। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जेएन रघुवंशी ने बताया कि काशी से इस कांग्रेस में बड़ी संख्या में चिकित्सक भाग लेंगे। 

उन्होंने बताया कि आइडियल होमियोपैथिक वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन आगरा की ओर से पहली बार द्वितीय अखिल भारतीय होम्योपैथिक मेडिकल कांग्रेस का आयोजन आगरा में हरिपर्वत पर स्थित आचार्य शांति सागर सभागार में किया जा रहा है। इस दौरान कैंसर (कर्कट रोग) के साथ ही ऑटिज्म पर चर्चा होगी। उद्घाटन आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु और केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल करेंगे।

हैंडबॉल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता मे काशी की एकतरफा जीत
उत्तर प्रदेश की सब जूनियर बालिका टीम ने बुधवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में चल रही 69 वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर ओड़ीशा को 22-1 गोल से धो डाला। उत्तर प्रदेश की टीम में शामिल वाराणसी के विकास इंटर कॉलेज की छात्रा अनीशा सिंह, सोनाली पाल, वंशिका प्रजापति और सेजल सिंह ने शुरू से बेहतरीन खेल दिखाया। 

मैच से पहले उत्तर प्रदेश ने जम्मू कश्मीर को 15-5 गोल से पराजित किया। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ एके सिंह ने बताया कि सभी खिलाड़ी डॉ. आशा सिंह की देखरेख में परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में प्रवीण कुमार से प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। प्रतियोगिता के पूर्व डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया था।

काशी के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स में जीते पदक
अयोध्या। प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन बुधवार को हो गया। डाभासेमर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में आयोजित इस प्रतियोगिता का समापन अपर जिलाधिकारी गजेंद्र सिंह ने किया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों की टीमों ने भाग लिया। 400 मीटर दौड़ में पवन (वाराणसी) प्रथम, अंकित शर्मा (वाराणसी) द्वितीय रहे। 100 मीटर दौड़ में सागर यादव (वाराणसी) तृतीय रहे। डिस्कस थ्रो में आर्यन यादव (वाराणसी) ने कांस्य पदक जीता।

वैराग्य का अर्थ घर-परिवार त्याग नहीं – वेदांती
श्रीराम मंदिर गुरूधाम में रामानंदाचार्य के 726 वें प्राकट्य महोत्सव पर श्रीराम कथा का आयोजन हुआ। कथा के 6वें दिन जगद्गुरु स्वामी राम कमलाचार्य वेदांती महाराज ने कहा कि वैराग्य का अर्थ घर-परिवार छोड़ना नहीं बल्कि बुराइयों का त्याग कर मानव मात्र में ईश्वर का दर्शन करना है। 

उन्होंने पंचवटी और सीताहरण प्रसंग के माध्यम से बताया कि भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के समन्वय से ही जीवन सार्थक होता है। स्वर्ण मृग प्रसंग का उल्लेख कर कहा कि जब मनुष्य ईश्वर से विमुख होकर भौतिक सुखों के पीछे दौड़ता है तभी दुख और अशांति उत्पन्न होती है। इससे संतों के आश्रय से ही मुक्ति संभव है। इस अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रधान अर्चक श्रीकांत मिश्र को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। संयोजन पं. रामभरत शास्त्री ने किया।

संस्कृत विवि में दूसरे दिन 154 कॉलेजों के प्राचार्यों ने ली कॉपी
संपूर्णानंद संस्कृत विवि परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में 9 से 20 जनवरी तक होने वाली सेमेस्टर परीक्षा के लिए कॉपी, पेपर वितरण के दूसरे दिन 152 परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधियों/प्राचार्यों ने कॉपी, पेपर सहित अन्य परीक्षा संबंधी गोपनीय सामग्री ली। परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार ने बताया कि परीक्षा में कुल 35 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की समय-सारिणी विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई। 

कई इलाकों में आज कटेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिले के विभिन्न उपकेंद्रों पर तार बदलने, ट्रांसफार्मर मरम्मत आदि कार्य कराए जा रहे हैं। इसके चलते बृहस्पतिवार को शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। लेढ़ूपुर उपकेंद्र के अंतर्गत सारनाथ, पुरानापुल और लेढ़ूपुर फीडर क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली आपूर्ति नहीं रहेगी। 

इसके अलावा पांडेयपुर उपकेंद्र के तहत पहड़िया, लालपुर, शिवपुर, नारायनपुर, पार्वतीनगर, पुलिस लाइन, डीडीयू अस्पताल, ईएसआईसी हॉस्पिटल तथा जेएचवी फीडर से जुड़े इलाकों में सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक बिजली कटी रहेगी। इस दौरान पुलिस लाइन, जिला अस्पताल, ईएसआईसी सहित अन्य क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

डॉ. पूर्णमासी राय की चतुर्थ पुण्यतिथि पर संगोष्ठी में विद्वानों ने व्यक्त किए विचार
डॉ. पूर्णमासी राय की चौथी पुण्यतिथि पर बुधवार को एक विचारगोष्ठी हुई। इस अवसर पर शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रनिर्माण में डॉ. पूर्णमासी राय के अविस्मरणीय योगदान को स्मरण किया। मुख्य अतिथि शिक्षा सेवा चयन आयोग के सदस्य डॉ. हरेंद्र कुमार राय ने कहा कि डॉ. पूर्णमासी राय का जीवन शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाने के लिए समर्पित रहा। 

बीएचयू के पूर्व आचार्य प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि डॉ. पूर्णमासी एक प्रेरक शिक्षक और मूल्यों के संवाहक के रूप में थे। विशिष्ट अतिथि बीएचयू के वैदिक विज्ञान केंद्र के समन्वयक प्रो. विनय कुमार पांडेय ने वैचारिक योगदान को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ते हुए रेखांकित किया। संगोष्ठी के अंत में डॉ. पूर्णमासी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रीमद्भागवत श्रवण से ही कलयुग में होगा मानव कल्याण
भारत भारती परिषद द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथामृत ज्ञानयज्ञ में वैष्णव संगीत की सुमधुर धुनों के बीच भक्तिरस का प्रवाह देखने को मिला। व्यासपीठ पर विराजमान विद्वानों का स्वागत करते हुए संस्था अध्यक्ष अशोक वल्लभदास ने कहा कि बीते 56 वर्षों से काशी में सतत श्रीमद्भागवत कथामृत का रसपान वैष्णवजन कर रहे हैं। यह हम सबका सौभाग्य है। व्यासपीठ से पं. अंबुज कृष्ण शास्त्री ने कहा कि कलयुग में मानव कल्याण का एकमात्र साधन श्रीमद्भागवत का श्रवण है। इसके नियमित श्रवण से समस्त विकार दूर होते हैं और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed