Varanasi News: मुस्लिम युवक के मोबाइल को पुलिस ने खंगाला, स्कूल में किया तोड़फोड़; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें
वाराणसी के घाट पर गंगा आरती के दौरान मिले मुस्लिम युवक की मोबाइल को पुलिस ने खंगाला। सीसीटीवी की भी जांच की। वहीं, निजी विद्यालय में मारपीट, तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बहू समेत छह के खिलाफ केस दर्ज किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News Today: दशाश्वमेध घाट पर आरती के दौरान मोहम्मद रेहान की पिटाई मामले में पुलिस ने उसके मोबाइल और सीडीआर खंगालने के साथ ही उसके दोस्तों के बारे में भी जानकारियां जुटाई। हालांकि अभी तक पुलिस को संदिग्ध जैसा कुछ भी नहीं मिला। घाट के आसपास लगे सीसी कैमरों को भी देखा गया। कैमरे के फुटेज में भी युवक की गतिविधियां सामान्य रहीं। वहीं, बुधवार की रात में पुलिस आयुक्त ने शिवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला को दशाश्वमेध थानाध्यक्ष बनाया।
पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने बताया कि पड़ाव के चौरहट निवासी मोहम्मद रेहान के बारे में हर तरह की जानकारियां जुटाई गईं। अभी तक ऐसी कोई भी संदिग्ध बात सामने नहीं आई हैं। इस प्रकरण की जांच चल रही हैं। उधर, एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस का पत्र आया था, लेकिन एटीएस न तो रेहान से मिली और न ही पूछताछ की। थाने पर किसी तरह की कोई जानकारी भी इस प्रकरण में नहीं ली गई।
भाईयों को पीटा, मुकदमा दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के भतसार गांव में खेत की सिंचाई कर घर लौट रहे दो भाईयों की पिटाई कर दी गई। पीड़ितों ने संयुक्त रूप से मुकदमा दर्ज कराया। पीड़ित क्रांति कुमार व साहब लाल ने पुलिस को बताया कि खेत की सिंचाई कर घर लौट रहे थे। तभी विपक्षी सुरेंद्र ने फोन करके अपने घर बुलाया और सुरेंद्र, रामसेवक, महेंद्र, पवन, सरदार, मनीष ने हम भाईयों की पिटाई की। इसी दौरान मोबाइल भी तोड़ दिए।
धरने के बाद चितईपुर थानाध्यक्ष को लोहता की कमान
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार की रात चार थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। भाजपा पार्षदों के धरने के बाद चितईपुर थानाध्यक्ष निकिता सिंह को लोहता का थानाध्यक्ष बनाया गया। शिवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला को दशाश्वमेध थाना प्रभारी निरीक्षक, चौबेपुर थाना के एसआई राजू कुमार को थानाध्यक्ष शिवपुर और लोहता प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार को प्रभारी निरीक्षक चितईपुर बनाया गया है।
होमगार्ड की पिटाई में दो के खिलाफ केस दर्ज
खोजवा में पिछले दिनों होमगार्ड संतोष कुमार श्रीवास्तव की पिटाई मामले में दो नामजद के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। सुकुलपुरा के रहने वाले संतोष श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि 14 अप्रैल को वह खोजवा स्थित एटीएम पर पैसा निकालने पहुंचा। इस दौरान बुलेट सवार ओम यादव ने एक युवक की बाइक में टक्कर मार दी। ओम ने युवक की पिटाई शुरू कर दी। बीच बचाव को पहुंचा तो ओम यादव और उसके रितेश सिंह ने पिटाई की।
अस्सी घाट पर भाई-बहन पिटाई मामले में खिलौना बेचने वाली महिलाओं पर केस दर्ज
अस्सी घाट पर भाई-बहन की पिटाई मामले में खिलौना बेचने वाली छह से सात युवतियों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य आरोपों में भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। महमूरगंज के तुलसीपुर की रहने वाली शिव नंदिनी ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई अमित कुमार के साथ मंगलवार को अस्सी घाट घूमने गई थी। इस बीच प्लास्टिक का खिलौना बेचने वाली छह से सात की संख्या में युवतियों ने मारपीट की। भेलूपुर थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।
बहू और उसके परिजनों ने स्कूल में किया तोड़फोड़, केस दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के निजी विद्यालय में मारपीट, तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने बहू समेत छह के खिलाफ केस दर्ज किया है। टकटकपुर के प्रताप नगर कालोनी निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि कालोनी में मां सरस्वती विद्या मंदिर नाम से स्कूल संचालित करते हैं।
बहू अंजना प्रजापति अपनी बहन धन्नो देवी, मां और दो अन्य व्यक्तियों के साथ 28 अप्रैल को विद्यालय में जबरदस्ती घुस आई और सभी ने कार्यालय और परिसर में तोड़फोड़ की। अध्यापक, स्टाफ और बच्चों के साथ मारपीट की। आधे घंटे तक सभी ने विद्यालय में हंगामा किया। सरकारी कागजात फेंक और फाड़ दिए। पिटाई से अध्यापिका सीमा पटेल का हाथ फ्रैक्चर हो गया।
चार पहिया की टक्कर से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत
शिवपुर क्षेत्र के अष्टभुजी मंदिर के पास चार पहिया वाहन की टक्कर से महिला की मौत हो गई। बुधवार को पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बड़ागांव थाना क्षेत्र के करोमा गांव निवासी पिंकी (46) मंगलवार को अष्टभुजी मंदिर में दर्शन पूजन को आई थी। मंदिर में पूजा के बाद गिलट बाजार स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेना था।
सड़क पर जैसे ही पहुंची कि सामने से तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई। घायल महिला को आसपास के लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां हालत नाजुक होने पर बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। रात में उपचार के दौरान पिंकी ने दम तोड़ दिया। पिंकी को एक बेटा शिवम, बेटी पूजा है। पति कमल किशोर पांडेय पूजा पाठ का कार्य करते हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एसडीएम से की जमीन पर कब्जे की शिकायत
जंसा क्षेत्र के खेवली (चकरा) गांव के रहने वाले रामजी ने उप जिलाधिकारी राजातालाब को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि गांव के सरकारी अभिलेखों में नाली के रूप में अंकित है। जिसको गांव के ही कुछ लोग नाली को काटकर अपने खेत में मिल लिया। जब हमने इसका विरोध किया तो उपरोक्त सभी लोग झगड़ा फसाद करने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। जिसकी जांच पड़ताल करने के बाद पुलिस वापस लौट गई। उप जिलाधिकारी शिवानी सिंह ने इस मामले की जांच क्षेत्रीय लेखपाल को सौंपी है।
टिकरी के ग्रामीणों ने चकबंदी में धांधली करने की शिकायत
काशी विद्यापीठ ब्लॉक के टिकरी गांव में पिछले 30 साल से चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है। ग्रामीणों ने चकबंदी अधिकारियों की तरफ से चकबंदी में धांधली करने की शिकायत प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में की।
वहां पत्र देकर जनसुनवाई कर रहे कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव से जांच की मांग की। विधायक ने जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच करके निस्तारण करने के लिए कहा है। पत्र देने वालों में सुशील सिंह, अनुराग सिंह, विनोद सिंह, सचिन सिंह, शमशेर सिंह शामिल रहे।
पत्नी की आत्महत्या मामले में पति और सास को पांच-पांच साल की सजा
पत्नी की आत्महत्या मामले में पति और सास को न्यायालय अपर एवं सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट-1 ने पांच-पांच साल की सजा और 10 हजार का जुर्माना लगाया है। प्रकरण के मुताबिक वादिनी कुसुम देवी ने 2018 में आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
आरोप लगाया कि दहेज की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित किया गया। पति विष्णु जायसवाल और सास उर्मिला देवी की प्रताड़ना से बेटी क्षुब्ध थी। पति और सास ने बेटी की हत्या करके उसे फंदे पर लटका दिया गया। वादी मुकदमा के बयान पर वैकल्पिक धारा- 304बी का भी आरोप बनाया गया।
फायरिंग मामले में नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर के चंगवार बस्ती के समीप बाइक सवार गोविंद पटेल पर फायरिंग मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास मामले में नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मिर्जामुराद के भटपुरवा गांव निवासी गोविंद व अरविंद रात में बाइक से घर लौट रहे थे, तभी नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने गोविंद के सिर में गोली मार दी।
गोली माथे को छूते हुए निकल गई। निजी अस्पताल में गोविंद का उपचार कराया जा रहा है। सरदार सेना के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात की है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
लाइनमैन की हत्या मामले में परिजनों से मिले कैबिनेट मंत्री
मिर्जामुराद के बेनीपुर गांव निवासी फया राजभर (59) की हत्या के मामले में बुधवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर गांव पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्हें हर हाल में न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने स्पष्ट किया कि अपराध करने वाला या उसे संरक्षण देने वाला कोई भी बच नहीं पाएगा। पत्नी बचनी देवी के तहरीर पर कुंडरिया गांव निवासी रहीस खान समेत 4 लोगों खिलाफ हत्या का मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया है।
बेनीपुर स्थित राजभर बस्ती निवासी फयाराम राजभर 25 अप्रैल की शाम से लापता था और चार दिन बाद मंगलवार की सुबह घर से एक किमी दूर कुंडरिया गांव के कुएं में सड़ा गला शव बरामद हुआ था।
फया राजभर के पुत्र सोनू ने 28 अप्रैल को मिर्जामुराद थाने में तहरीर देते हुए आरोप लगाया था कि कि जंसा थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव निवासी रहीस ने पिता का अपहरण किया है। पुलिस गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही थी। अब पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
सेल्स टैक्स बार के अध्यक्ष बने दिलीप श्रीवास्तव
सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर दिलीप कुमार श्रीवास्तव की एकतरफा जीत हुई। संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर आशीष वाजपेयी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश कुमार श्रीवास्तव और कनिष्ठ उपाध्यक्ष सुमित जायसवाल, संयुक्त सचिव पुस्तकालय पर जितेंद्र कुमार मौर्य निर्वाचित हुए।
एल्डर कमेटी के चेयरमैन उमाशंकर प्रसाद ने बताया कि सदस्य कार्यकारिणी वरिष्ठ पद पर 307 मत पाकर पंकज सिंह, 215 मत पाकर अमित कुमार वाजपेयी, 211 मत पाकर धनंजय सिंह और 151 मत पाकर नवरतन सिंह चुने गए। सदस्य कार्यकारिणी वरिष्ठ पद पर 242 मतों से मनीष कुमार चौरसिया, 230 से पवन सेठ, 226 से रोहित सेठ और 211 मत पाकर भरत कुशवाहा निर्वाचित हुए।
एल्डर कमेटी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर निर्वाचित दिलीप श्रीवास्तव को 300 मत मिले तो वहीं श्रवण कुमार साहू को 169 और राजेंद्र प्रताप कुमार को 24 वोट पड़े। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर रमेश कुमार श्रीवास्तव को 251 मत, श्यामजी जायसवाल को 114 और श्रवण कुमार को 113 वोट मिले।
संयुक्त सचिव प्रशासन पर निर्वाचित आशीष वाजपेयी को 213 वोट, सुनील कुमार केशरी को 127 वोट और राकेश श्रीवास्तव को 122 मत प्राप्त हुए। निवर्तमान अध्यक्ष प्रमोद कुमार राम त्रिपाठी ने बताया कि सचिव पद पर चंद्रेश कुमार सिंह और कोषाध्यक्ष अरूणेश को निर्विरोध चुना गया। अधिवक्ता कल्याणकारी समिति सदस्य पर विक्रम सिंह निर्विरोध चुने गए।
मुस्लिमों ने 15 मिनट बत्ती बुझाकर वक्त संशोधन बिल का विरोध
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की अपील के बाद वाराणसी के मुस्लिमों ने बुधवार को वक्त संशोधन अधिनियम का विरोध किया। उन्होंने अपने घरों की बत्तियां बुझाकर शांति के साथ इसका खिलाफत किया। शहर के तमाम मुस्लिम बाहुल्य मुहल्लों में रात में नौ बजे से 15 मिनट तक बिजली बंद रहा।
जल्लापुरा, सरैया, कोनिया, शक्करतालाब, पीलीकोठी, बड़ीबाजार, जैतपुरा, छित्तनपुरा, पठानीटोला, मदनपुरा, बजरडीहा, नई सड़क, अर्दलीबाजार, नदेसर आदि इलाकों में बिजली की बत्ती बुझाकर विरोध जताया।
अक्षय तृतीया पर अडॉप्ट ए ट्री ड्राइव की हुई शुरुआत
अक्षय तृतीया पर बुधवार को गिलटबाजार में रूट्स एंड राइज फाउंडेशन ने अडॉप्ट ए ट्री अभियान का शुभारंभ किया। अभियान का प्रतीक चिन्ह बच्चों के बीच आयोजित आर्ट, स्लोगन और कविता प्रतियोगिता के माध्यम से चुना गया। कला प्रतियोगिता में शान्वि सिंह, वर्तिका, अदिति श्रीवास्तव, अनीषा श्रीवास्तव, पंखुड़ी सिंह विजेता रही।
कविता प्रतियोगिता में स्मिता सिंह, नंदिनी सिंह, अंशिका सिंह, आरव कुमार, आर्यन श्रीवास्तव एवं स्लोगन प्रतियोगिता में विक्रान्त सिंह, आशिर्या मौर्या, दिव्यांशी सिंह, आद्रिका दूबे, शिवांश श्रीवास्तव को विजेता चुना गया। फाउंडेशन की अध्यक्ष नमिता टंडन ने काशीवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे इस अभियान से जुड़ें। साथ ही काशी को सुंदर, हरित और सशक्त बनाने में सहयोग करें।
ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन ने किया मुंडी गरम प्रदर्शन
ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारणी समिति के आह्वान पर बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के समक्ष रनिंग कर्मियों ने मुंडी गरम प्रदर्शन किया। इंजन के कैब में एसी लगाने, पंखा की व्यवस्था, यूरिनल की व्यवस्था, इंजन में एफएसडी व टूल बॉक्स लगाने समेत अन्य मांगों को लेकर कर्मियों ने प्रदर्शन किया। कर्मियों ने कहा कि कई साल से लंबित प्रमोशन, बीओएस को रिवाइज करके सभी खाली पदों को भरने समेत अन्य मांगें रहीं। इस दौरान केपी यादव, रंजीत कुमार, आलोक कुमार श्रीवास्तव, ललित मोहन मौजूद रहे।
हाईटेक सब्जी पौधशाला तकनीक पर महिलाओं को प्रशिक्षण
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) शाहंशापुर में ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने और आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने के लिए हाईटेक-पौधशाला तकनीक पर प्रशिक्षण दिया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में सब्जियों की खेती के लिए मौसम और बेमौसम में स्वस्थ, रोग रहित और गुणवत्तायुक्त पौध तैयार करने की विधि बताई गई।
निदेशक ने बताया कि हाइटेक-पौधशाला तकनीक ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने और महिलाओं के लिए रोजगार व आय में बृद्धि का एक बेहतरीन माध्यम बन सकती है। इस दौरान प्रधान वैज्ञानिक डॉ. हरे कृष्ण, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सिंह, डॉ. आत्मानंद त्रिपाठी मौजूद रहे।
दस्तक अभियान : 679 में मलेरिया के लक्षण मिले
स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए गए संचारी रोग अभियान के तहत लोगों को डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों के बारे में जागरूक किया गया। 1 से 30 अप्रैल तक चले अभियान के बीच दस्तक अभियान भी चलाया गया। इसमें 2091 बुखार और 679 मलेरिया के मरीज चिह्नित किए गए।
सभी का जरूरत के अनुसार उपचार करवाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से दस्तक अभियान में शहरी और ग्रामीण इलाकों में 7 लाख घरों का सर्वेक्षण किया गया। जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद पाण्डेय ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी चलाया गया।
भगवान बद्रीनारायण का हुआ भव्य शृंगार, लगाई गई जलधारी
अक्षय तृतीया पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में विराजमान भगवान बद्रीनारायण का भव्य शृंगार किया गया। इसके साथ ही बाबा विश्वनाथ के लिए सावन मास तक अनवरत प्रवाहित होने वाली जलधारी भी लगाई गई। मंदिर के अर्चकों ने विधि-विधान से संपूर्ण अनुष्ठान को पूर्ण कराया।
बुधवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से श्रावण मास तक भगवान श्री विश्वनाथ जी के विग्रह पर कुंवरा (जलधारी) की स्थापना की गई। यह कुंवरा विशेषतः शिवलिंग पर निरंतर जलाभिषेक के उद्देश्य से लगाया गया है जो शीतलता, शुद्धता एवं साधना का प्रतीक माना जाता है।
ओम शांति मंदिर में हुआ शृंगार
नदेसर स्थित ओम शांति मंदिर के वार्षिक शृंगार महोत्सव पर मोहक शृंगार हुआ। झांकी के दर्शन कर भक्त निहाल हुए। आकर्षक सजावट की गई थी। भजन गंगा से सभी ने डुबकी लगाई। मां आदि शक्ति भजन मंडल की ओर से मंदिर में सुगंधित फूलों से शृंगार हुआ। षोड़शोपचार कर विधिवत पूजन हुआ। भक्तों के बीच प्रसाद बांटे गए।
अक्षय तृतीया पर निकली ओंकार खंड की अंतर्गृही यात्रा
अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर ओंकार खंड अंतर्गृही यात्रा हुई। श्री लाट भैरव काशी यात्रा मंडल की ओर से शिवभक्तों ने प्रातःकाल मछोदरी पार्क (मत्स्योदरी तीर्थ) से जलमार्जन कर यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा के संयोजक केवल कुशवाहा ने बताया कि त्रैलोक्य न्यारी काशी तीन पवित्र खंडों में विभक्त है। प्रथम ओंकार, द्वितीय विश्वेश्वर तथा तृतीय केदारखंड है।
बुधवार को प्रथम ओंकारखंड अंतर्गत 108 शिवालयों में दर्शन-पूजन के साथ ही अंतर्गृही यात्रा संपन्न हुई। भक्तों के कल्याणार्थ यह पावन यात्रा हर प्रकार के पापों से मुक्ति देने वाली और कष्ट निवारक है। यात्रियों के लिए कई स्थानों पर जलपान की व्यवस्था की गई थी। यात्रा में धर्मेंद्र शाह, रितेश कुशवाहा, उत्कर्ष कुशवाहा, जयप्रकाश राय, अनुराग सेठ, आकाश शाह, गीता देवी सहित बड़ी संख्या में भक्त शामिल रहे।
श्रीरामलीला समिति के अध्यक्ष का निधन
श्रीराम जानकी रामलीला समिति कीरतपुर के अध्यक्ष राधेश्याम वर्मा (68) का सोमवार को रात में हृदयगति रुकने से निधन हो गया। वह पिछले 14 वर्षों से समिति के अध्यक्ष रहते हुए राजा दशरथ, राजा जनक, बालि, केवट व अन्य पात्रों का अभिनय भी किया करते थे। इनके निधन की खबर मिलते ही श्रीरामलीला समिति से जुड़े सदस्यों एवं ग्रामवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। शव यात्रा में सुधीर कुमार सिंह, रतन चौहान, धनंजय वर्मा, अजीत वर्मा, गणेश चौहान, राहुल वर्मा मौजूद रहे।
बाबा कीनाराम स्थल पर आज सामूहिक विवाह
वाराणसी। विश्वविख्यात अघोरपीठ बाबा कीनाराम स्थल क्रीं-कुंड की ओर से एक मई को सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन होगा। आयोजन अघोराचार्य महाराज बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर उनके संरक्षण और मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
आयोजन की जानकारी देते हुए बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान के प्रधान व्यवस्थापक अरुण सिंह ने बताया कि संस्था समाज के जरूरतमंद वर्गों की सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम भी उन्हीं प्रयासों की एक कड़ी है। आयोजन में पांच हजार लोग मौजूद रहेंगे।
तीन मई को शैक्षणिक भ्रमण पर जाएंगे काशी विद्यापीठ के छात्र
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ शारीरिक शिक्षा विभाग में संचालित पाठ्यक्रम एमपीएड एवं बीपीएड प्रथम सेमेस्टर सत्र 2024-25 के विद्यार्थी तीन मई को शैक्षणिक भ्रमण पर मिर्जापुर जाएंगे। विभागाध्यक्ष प्रो. संतोष कुमार ने बताया कि विद्यार्थी सुबह 6:30 बजे शारीरिक शिक्षा विभाग से शक्तेषगढ, चुनार, मिर्जापुर के लिए प्रस्थान करेंगे। सभी विद्यार्थियों को अपने स्पोर्ट्स किट में पहचान पत्र के साथ उपस्थित होना जरूरी है। इस बारे में विस्तृत जानकारी संयोजक डॉ. अभिषेक कुमार मिश्र से संपर्क कर की जा सकती है।
भारत विकास परिषद की सत्यम शाखा ने लगवाया निशुल्क प्याऊ
भारत विकास परिषद की सत्यम शाखा ने अक्षय तृतीया पर नि:शुल्क प्याऊ सेवा का शुभारंभ किया। उद्घाटन सेवा क्षेत्र के रीजनल गतिविधि संयोजक प्रवीण कुमार पटेल के करकमलों से हुआ। सेवा, संस्कार और समर्पण के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए शाखा ने सेवा शाकुंभरी कांपलेक्स रवींद्रपुरी में आरंभ की।
भीषण गर्मी में राहगीरों, यात्रियों एवं जरूरतमंदों को शीतल व स्वच्छ पेयजल प्रदान किया जाएगा। इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष अजीत मेहरोत्रा, सचिन अग्रवाल, वी.के.मालू, राजेश जायसवाल, शालिनी बरनवाल मौजूद रहीं।
चक्र पुष्करिणी कुंड के जल से श्री काशी विश्वनाथ जी का हुआ अभिषेक
अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ जी की मंगला आरती में चक्र पुष्करिणी मणिकर्णिका कुंड के जल से श्री विश्वेश्वर महादेव का अभिषेक हुआ। इसके साथ ही बाबा विश्वनाथ के लिए जलधरी भी लगाई गई। बुधवार को भोर में मंगला आरती के दौरान श्री काशी विश्वनाथ जी का जलाभिषेक चक्र पुष्करिणी कुंड के 11 कलश जल से संपन्न किया गया। पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय विश्वनाथ के जयकारों से गूंज रहा था।
युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव बने चंचल शर्मा
चंचल शर्मा को युवा कांग्रेस में प्रदेश महासचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी नियुक्ति पर कांग्रेसजनों ने हर्ष जताया है। जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने संयुक्त रूप से बताया कि नेतृत्व ने भरोसा जताते हुए बड़ी जिम्मेदारी दी है।
नवनियुक्त प्रदेश महासचिव ने कहा कि हम सबसे पहले नेतृत्व का धन्यवाद देते हैं। जिन्होंने हम जैसे कार्यकर्ता के ऊपर विश्वास जताते हुए जिम्मेदारी सौंपी। मनोनयन पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रदेश अध्यक्ष युवा कांग्रेस विशाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश चौबे, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव, मयंक चौबे ने हर्ष व्यक्त किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष यूथ प्रणब और प्रदेश अध्यक्ष यूपी सिद्धांत हुआ भव्य स्वागत
लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष यूथ प्रणब कुमार और प्रदेश अध्यक्ष यूपी सिद्धांत मिश्रा का एयरपोर्ट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने शानदार स्वागत किया । वाराणसी के एक होटल में आयोजित शादी समारोह में पहुंचने के पहले ही पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोश व उत्साह के साथ माल्यार्पण कर स्वागत किया। स्वागत में तमाम जिलों से पहुंचे जिलाध्यक्षों के साथ कई समाजसेवी भी उपस्थित रहे।
चोलापुर में मेधावियों का हुआ सम्मान
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बुधवार को बोर्ड परीक्षा की मेधावी छात्राओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इंटरमीडिएट में गरिमा 80 प्रतिशत, नेहा वर्मा 77.8 प्रतिशत और शिक्षा सिंह 77.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। हाई स्कूल में अंशिका यादव 88 प्रतिशत, सेजल बानो 85.34 प्रतिशत और आसिया बानो 81.67 प्रतिशत ने शीर्ष स्थान प्राप्त किए। सभी छात्राओं को विद्यालय प्रबंध समिति, शिक्षक-अभिभावक समिति, उपस्थित अभिभावकों और विद्यालय परिवार द्वारा प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए।
लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का हुआ स्वागत
लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा प्रणब कुमार और प्रदेश अध्यक्ष यूपी सिद्धांत मिश्रा का एयरपोर्ट पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। वाराणसी स्थित एक होटल में वैवाहिक समारोह में आए थे। कार्यकर्ताओं द्वारा लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जिंदाबाद के जमकर नारे लगाए। स्वागत में तमाम जिलों से पहुंचे जिलाध्यक्षों के साथ कई युवा समाज सेवी भी उपस्थित रहे। जिन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी प्रदेश अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
श्रम विभाग लगाएगा उदयपुर में कैंप
श्रम विभाग की ओर से एक मई मजदूर दिवस को पुलिस चौकी चंदापुर के सामने उदयपुर में श्रमिक पंजीकरण कैंप का आयोजन किया गया है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत लगने वाले श्रमिक पंजीकरण कैंप का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के श्रम एव सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर करेंगे। उपश्रमायुक्त धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कैंप में आने वाले लोगों का पंजीकरण कर उनको अहम जानकारियां भी दी जाएंगी।
1001 श्रद्धालुओं व राहगीरों में बांटे शरबत
अक्षय तृतीया पर बनारस यूथ थियेटर और संस्कृति भारती के बैनर तले कलाकारों और रंगकर्मियों ने कालभैरव क्षेत्र स्थित दुर्गा मंदिर के पास 1001 से अधिक श्रद्धालुओं और राहगीरों को शरबत बांटा। संयोजन उपेंद्र विनायक सहस्रबुद्धे ने बताया कि हर रविवार को शरबत का वितरण होगा। सहयोग में अर्चना निगम, अरविंद मिश्र, श्रुति नागवंशी, लेनिन रघुवंशी, मधुरेश पारिख, सुलभ केजरीवाल, ललित यादव, गुल्लू महाराज, निखिल उपाध्याय, विशाल श्रीवास्तव आदि रहे।
अभियान चलाकर राकें बाल विवाह
अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध ममता रानी की अध्यक्षता में बुधवार को यातायात सभागार में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) व विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) की अप्रैल माह की मासिक समीक्षा बैठक हुई। कमिश्नरेट में गुमशुदा बच्चों व पाक्सो एक्ट के लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
बाल विवाह रोकथाम के दृष्टिगत, एंटी रोमियो टीमों, महिला बीट आरक्षियों व बाल कल्याण अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर संभावित बाल विवाह रोकने हेतु निर्देशित किया गया। अभियान में विभागों के आपसी समन्वय पर जोर दिया गया। बैठक में बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्याय बोर्ड, चिकित्सा व शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि और पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।
अक्षय तृतीया पर पूजे गए आदिकेशव
नमामि गंगे ने बुधवार को अक्षय तृतीया पर काशी के सबसे प्राचीन विष्णु तीर्थ आदिकेशव की आरती उतारी। भगवान श्री हरि नारायण विष्णु के आदिकेशव स्वरूप और माता लक्ष्मी, माता तुलसी का विधिवत पूजन-अर्चन कर भारत के लिए सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से तुलसी के पौधों का वितरण किया गया। आदि केशव घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि हे भगवान विष्णु, आप भारत की रक्षा करें। आयोजन में महंत पं. विद्या शंकर त्रिपाठी, दिवाकर मिश्रा, नंदलाल कुशवाहा, गोविंदलाल पांडेय, अभिषेक पांडेय, पप्पू, कमल आदि रहे।
अक्षय तृतीया पर आतंकवाद के नाश के लिए प्रार्थना
स्वामीनाराणानंद तीर्थ संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और जागृति फाउंडेशन की ओर से अस्सी घाट पर वेदपाठी बटुकों ने गंगा में स्नान कर मां गंगा और भगवान सूर्य से आतंकवाद के नाश के लिए प्रार्थना की। काशीधर्म पीठाधीश्वर स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराज के उत्तराधिकारी शिष्य स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी के सानिध्य में और रामेश्वर मठ के प्रबंधक आचार्य डॉ. वरुणेश चंद्र दीक्षित की देखरेख में अक्षय तृतीया पर वेद पाठी बटुक अस्सी घाट पहुंचे।
गंगा स्नान कर आतंकवाद के नाश के लिए मां गंगा और सूर्य नारायण से प्रार्थना की। स्वामी लखन स्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि अक्षय तृतीया पर जो भी आप भगवान से भावपूर्वक मांगेंगे वह आपको मिलता है। इसी कामना से आज हमने आतंक के नाश की प्रार्थना की। प्रबंधक वरुणेश चंद्र दीक्षित, रामयश मिश्र आदि रहे।
जीएसटी के संयुक्त आयुक्त एसआईबी रविंद्र द्विवेदी ने संभाला कार्यभार
राज्यकर विभाग में संयुक्त आयुक्त एसआईबी (रेंज-सी) रविंद्र द्विवेदी ने पदभार ग्रहण कर लिया है। बुधवार को चेतगंज स्थित कार्यालय में उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की। निर्देशित किया कि कर चोरी रोकने को लेकर प्रभावी और ठोस कार्रवाई करें। मूलरूप से अयोध्या निवासी रविंद्र द्विवेदी इसके पूर्व बरेली में तैनात थे।
बिन बाप की बेटी का व्यापारियों ने कराया विवाह
काशी नटिनियादाई व्यापार मंडल ने बिना बाप की बेटी का मंगलवार को धूमधाम से विवाह कराया। व्यापारिक क्षेत्र के स्व.दिवाकर शर्मा व्यापारी की बेटी रानी की शादी नटिनियादाई स्थित लॉन से हुईं। आर्थिक से कमजोर परिवार की व्यापारियों ने खुलकर मदद की। विवाह में सैकड़ों पारिवारिक लोगों के अलावा व्यापार मंडल के संरक्षक डॉ. एपी सिंह, राजेश श्रीवास्तव, संजय वर्मा, राधेश्याम गोंड, अध्यक्ष पंकज सिंह, महिला उपाध्यक्ष निशा सिंह आदि रहीं।
आईआईटी है सेंट जॉन्स स्कूल लेढूपुर की टाॅपर अंशिका का लक्ष्य
सेंट जॉन्स स्कूल लेढ़ूपुर की छात्रा अंशिका यादव ने आईसीएसई (कक्षा 10) में 98.3 फीसदी अंक हासिल किए हैं। मूल रूप से गाजीपुर के सैदपुर की रहने वाली अंशिका इंजीनियर बनना चाहती हैं। उनका लक्ष्य भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में प्रवेश पाना है।
अपने इस सपने को पूरा करने के लिए वह घर पर करीब आठ घंटे पढ़ाई करती हैं। अंशिका के पिता श्रवण कुमार खेती करते हैं। उनकी मां आशा कुमारी चिरईगांव ब्लॉक के खरगीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका हैं।
12वीं में भी विद्यार्थियों ने परचम लहराया : बारहवीं की परीक्षा में विज्ञान वर्ग में संतुष्टि अग्रवाल ने सर्वाधिक 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, सुहानी यादव ने 93.2 और अथर्व ने 92.2 फीसदी अंक हासिल किए।
कॉमर्स वर्ग में शौर्या अग्रवाल ने 94.6%, आर्या पाण्डेय ने 89% और तनिष्का अग्रवाल ने 88.2% अंक अर्जित कर विद्यालय का मान बढ़ाया। प्रधानाचार्य फादर हेनरी ने स्कूल के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को उनकी मेहनत और सफलता पर बधाई दी।
दुर्गुणों को समाप्त करना ही मनुष्यता का उदय
स्वामी अड़गड़ानंद के शिष्य नारद महाराज ने कहा कि अक्षय तृतीया का दिन त्रेतायुग के शुभारंभ के लिए जाना जाता है। इसी दिन श्रीहरि के छठें अवतार भगवान परशुराम का भी जन्म हुआ था। जक्खिनी में बुधवार को भक्तजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य को प्रत्येक जीव के कल्याण के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करना चाहिए।
नारद महाराज ने कहा कि अपने दुर्गुणों को धीरे-धीरे समापन की ओर ले जाना ही मनुष्यता का उदय है। इस दौरान विनय, साधु बाबा, डब्ल्यू राय, धर्मेंद्र सिंह, उमेश सिंह, रतन शंकर, नारायण सिंह उपस्थित रहे।
आतंकवादियों और उनको पनाह देने वालों को दी जाए सख्त सजा
अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन बुधवार को लक्सा स्थित श्रीनगर कॉलोनी स्थित एक होटल में हुआ। इस दौरान पहलगाम की घटना पर दुख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मारवाड़ी समाज के पदाधिकारियों ने एक स्वर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से घटना में शामिल सभी आतंकवादियों और उनको पनाह देने वालों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार लोहिया ने कहा कि मारवाड़ी समाज ने सदैव राष्ट्र प्रेम और जन सेवा को प्राथमिकता दी है। नई पीढ़ी इस विरासत को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश अध्यक्ष गोपाल तुलस्यान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष गोकुल शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि मारवाड़ी अभाव को भाव देता है।
अनुज डिडवानिया ने कहा कि भारत सरकार से हम सभी मांग करते हैं कि राजस्थानी भाषा को अनुसूची में शामिल करें। संचालन पवन अग्रवाल और धन्यवाद ज्ञापन हेमदेव अग्रवाल ने किया। इस दौरान गोकुल शर्मा, सुरेश तुलस्यान, महेश चौधरी, दीपक अग्रवाल, कृष्ण कुमार काबरा, दिलीप खेतान, विजय मोदी, दीपक माहेश्वरी मौजूद रहे।
13 कर्मचारियों को हुआ 4.53 करोड़ का समापक भुगतान
मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बुधवार को सेवानिवृत्त एनईआर के 13 कर्मचारियों को 4.53 करोड़ का समापक भुगतान किया गया। लहरतारा स्थित डीआरएम ऑफिस में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, मंडल कार्मिक अधिकारी (इंचार्ज) अभिनव कुमार सिंह, सहायक कार्मिक अधिकारी वीरेंद्र यादव आदि रहे।
बरेका के 8 कर्मचारी हुए सेवानिवृत्त
बरेका में सेवानिवृत्त होने वाले आठ कर्मचारियों का बुधवार को सम्मान हुआ। प्रशासन भवन में आयोजित समारोह के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी जनार्दन सिंह ने फोल्डर एवं मेडल देकर ससम्मान विदाई दी। इस दौरान उषा पांडेय, मनसा राम, चंद्र भूषण तिवारी, आदित्य नारायण, जगदीश कुमार, घनश्याम सिंह, राधेश्याम और रवि कुमार श्रीवास्तव सेवानिवृत्त हुए। संचालन पीयूष मींज ने किया।
सेवानिवृत्त एसीपी समेत तीन पुलिसकर्मियों को दी विदाई
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त एसीपी समेत तीन पुलिसकर्मियों को विदाई दी। कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसीपी धनंजय मिश्रा, एसआई दयावंती सिंह, उर्दू अनुवादक शाहनवाज अहमद को अंगवस्त्रम व स्मृति चिह्न देकर विदाई दी। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था/मुख्यालय एस. चनप्पा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय/वरुणा प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त अपराध सरवणन टी, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन श्रुति श्रीवास्तव मौजूद रहीं।
अधिवक्ताओं ने जाना तनाव मुक्त होकर कार्य करने का तरीका
बनारस बार एसोसिएशन के सभागार में तनाव और अवसाद पर बुधवार को कार्यशाला का आयोजन हुआ। मनोवैज्ञानिक डाॅ. तनु सिंह ने बताया कि तनाव और अवसाद कम करने के लिए नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, स्वस्थ भोजन, नकारात्मक विचारों से दूरी और योग का सहारा लिया जा सकता है। कार्यशाला में बनारस बार के अध्यक्ष सतीश तिवारी, महामंत्री शशांक श्रीवास्तव, नित्यानंद राय, सुजीत यादव, अशोक तिवारी, अजय द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
चार प्रेरणा मार्ट का उद्घाटन, समूह दीदी होंगी सशक्त
समूह की दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अक्षय तृतीया पर बुधवार को काशी विद्यापीठ विकास खंड के चार गांवों में महिला प्रेरणा संकुल समिति की ओर से काशी प्रेरणा मार्ट की शुरुआत हुई। इस दौरान बीडीओ राजेश यादव ने भूल्लनपुर गांव में शिक्षा महिला प्रेरणा समिति और कोरौता गांव में अनोखी महिला प्रेरणा समिति की ओर से शुरू किए गए प्रेरणा मार्ट का उद्घाटन किया। इस मार्ट का संचालन समूह की दीदी की ओर से किया जाएगा।
उधर, ग्रंध महिला प्रेरणा समिति डाफी और नई दिशा महिला प्रेरणा समिति बच्छांव द्वारा खोले गए प्रेरणा मार्ट का उद्घाटन एडीओ आइएसबी त्रिवेणी उपाध्याय ने किया। प्रेरणा मार्ट में समूह की सदस्य अचार, मुरब्बा, चटनी, लकड़ी के खिलाैने आदि बेचेंगी। इस दौरान ब्लाक मिशन प्रबंधक प्रियंका कुशवाहा, प्रवीण सिंह आदि थे।
तीन दिन के भीतर किसान करवा लें रजिस्ट्रेशन
आराजी लाइन के ग्राम पंचायत मनियारीपुर में लगाए गए फार्मर रजिस्ट्री कैंप का बुधवार को उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लाभ बताए। जिनमें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ डीबीटी, फसल बीमा, आसान कृषि ऋण और आपदा राहत में प्राथमिकता शामिल हैं। सभी किसानों से जल्द से जल्द सहज जन सेवा केंद्र पर संपर्क कर पंजीकरण कराने का आग्रह किया।
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने किसानों को आगामी खरीफ में उपलब्ध होने वाले बीज मिनीकिट और अनुदानित बीजों की जानकारी दी। उप कृषि निदेशक ने 3 दिन के भीतर गांव के सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कराने और खरीफ की रणनीति पर चर्चा करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह किसान और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
भगवान परशुराम का रक्त रगों में दौड़े, तभी सुरक्षित रहेगा भारत
कोआपरेटिव यूनियन निदेशक एवं दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रामप्रकाश दुबे ने कहा कि जब तक भगवान परशुराम के वंशजों के रगों में शौर्य का रक्त नहीं दौड़ेगा, तब तक कोई भी ताकत भारत की अखंडता को कमजोर करने की कोशिश करती रहेगी। हमें अब अपनी भूमिका समझनी होगी और एकजुट होकर राष्ट्र रक्षा का संकल्प लेना होगा।
वह धर्मसंघ में आयोजित सामूहिक यज्ञोपवीत महामहोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम सभी का राष्ट्र केवल धर्म से नहीं, बल्कि एकता से भी सशक्त होगा। ब्राह्मण समाज की जिम्मेदारी बनती है कि वह सिर्फ अपनी संस्कृति की रक्षा न करें, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को प्रोत्साहित करें। भारत तभी विश्वगुरु बनेगा, जब हर समुदाय अपनी भूमिका समझेगा।
बरेका में परशुराम जन्मोत्सव पर निकली शोभायात्रा
बरेका में बुधवार को भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर शोभायात्रा निकाली गई। बुधवार को शाम पांच बजे आरपीएफ बैरक से शिव मंदिर (कल्याण केंद्र) तक भगवान परशुराम प्राकट्य दिवस पर भगवान परशुराम सेवा समिति की ओर से शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शुभारंभ धर्म संघ के महामंत्री जगजीतन पांडेय ने नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर दिवाकर द्विवेदी, राकेश पांडेय, अरविंद्र प्रधान, नवीन सिन्हा, धर्मेन्द्र सिंह, विष्णु देव दुबे, नरेंद्र मिश्रा, कपिल पांडेय शामिल रहे।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्राकृति खेती जरूरी
नेशनल मिशन आन नेचुरल फार्मिंग योजना के तहत खेतलपुर गांव में बुधवार को पंचायत भवन परिसर में प्राकृतिक खेती पर एक दिवसीय जनजागरूकता अभियान चलाया गया। ब्लाक के बीटीएम अनिल कुमार सिंह ने कहा कि अधिक उत्पादन लेने के चक्कर में खेतों में रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग से मिट्टी की सेहत खराब हो रही है। इसका असर हमारे स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है।
ऐसे में हम सभी का दायित्व है कि खेती में अंधाधुंध रसायनों को छोड़कर प्राकृतिक खेती (नेचुरल फार्मिंग) को बढ़ावा दें। प्रभारी सहायक विकास अधिकारी देवेंद्र पांडेय ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने में सहायक है। इस दौरान उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल, कृषि सखी ममता, राधा, संतोष, सत्यकाम मिश्रा,जयशंकर आदि लोग उपस्थित रहे।
नई पीढ़ी में डालें राष्ट्र प्रेम व जनसेवा: शिवकुमार लोहिया
अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से बुधवार को लक्सा स्थित श्रीनगर कॉलोनी के एक होटल में गोष्ठी हुई। सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार लोहिया, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता एवं प्रदेश अध्यक्ष गोपाल तुलस्यान ने मारवाड़ी समाज के विकास पर जोर दिया। शिवकुमार लोहिया ने कहा कि मारवाड़ी समाज सदैव राष्ट्र प्रेम, जनसेवा को प्राथमिकता देता है।
नई पीढ़ी में भी इस संस्कार को डाला जा रहा है, ताकि वे इस विरासत को बढ़ाए। इस दौरान सभी ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी। सम्मेलन के अध्यक्ष अनुज डीडवानिया एवं महामंत्री हेमदेव अग्रवाल अतिथियों का सम्मान किया। संचालक पवन अग्रवाल एवं धन्यवाद ज्ञापन हेमदेव अग्रवाल ने किया। इस मौके पर गोकुल शर्मा, सुरेश तुलस्यान, महेश चौधरी, दीपक अग्रवाल, कृष्ण कुमार काबरा, दिलीप खेतान, विजय मोदी, दीपक माहेश्वरी, अनिल सराफ आदि रहे।
काशी विद्यापीठ में छात्रों से ऑनलाइन सुविधाओं का प्रयोग करने की अपील
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी एवं कुलसचिव दीप्ति मिश्रा ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए विश्वविद्यालय व सम्बद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों से सेहत पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। कहा कि जिस तरह से गर्मी बढ़ रही है, उससे बहुत जरूरी न हो तो बाहर निकलने से बचना चाहिए। यह भी कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से दी जाने वाली सेवाएं शुल्क जमा करना, परीक्षा फॉर्म भरना, प्रवेश पत्र डाउनलोड करना, प्रार्थना पत्र देना आदि ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। ऐसे में ऑनलाइन माध्यम का अधिकाधिक उपयोग करना चाहिए।
गंगा स्नान के साथ ही किया दान-पुण्य
अक्षय नवमी पर श्रद्धालुओं ने गंगा में पुण्य की डुबकी लगाई। इसके साथ ही घाटों पर तीर्थ पुरोहितों को दान-पुण्य भी किया। अस्सी से राजघाट के बीच के प्रमुख घाटों पर सुबह से लेकर दोपहर तक स्नान और दान पुण्य का सिलसिला चलता रहा।
डॉ. मृदुला मलिक को एसआईसी की जिम्मेदारी
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा के एसआईसी डॉ. एसपी सिंह बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी जगह अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मृदुला मलिक को एसआईसी की जिम्मेदारी दी गई है। अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी के साथ ही अस्पताल के डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ ने डॉ. एसपी सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर जांच, इलाज की दिशा में उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव याद किए जाएंगे।
दो बीघे की अवैध प्लाटिंग वीडीए ने कराई ध्वस्त
वीडीए ने बुधवार को दो बीघे की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कराई। नगवां वार्ड के कुरहुआ में अज्ञात की ओर से दो बीघे में अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। जिसे पूर्व में नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके काम जारी रखने पर वीडीए की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के सहयोग से ध्वस्त कराया। जोनल अधिकारी सिंह संजीव कुमार की अगुवाई में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
रोडवेज की एसी बसों का नहीं बढ़ेगा किराया
गर्मी में रोडवेज एसी बसों का किराया नहीं बढ़ेगा। एक मई से प्रस्तावित एसी बसों के किराए में बढ़ोतरी को लागू नहीं किया जाएगा। परिवहन निगम ने 30 अप्रैल तक जारी छूट को 30 सितंबर तक विस्तार दिया है।
रोडवेज वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि वातानुकूलित बसों में जनरथ, पिंक, शताब्दी हाई एंड बसों (वोल्वो) के साथ ही वातानुकूलित शयनयान में छूट मिली है। जनरथ एसी बसों में 1.45 प्रति किलोमीटर, 2 एंड 2 बस सेवा का किराया 1.60 रुपये प्रति किलोमीटर, हाई एंड बसों (वोल्वो) में 2.30 रुपये और वातानुकूलित शयनयान का किराया 2.10 रुपये निर्धारित है।
कायराना हरकत का जल्द ही मिलेगा जवाब
अक्षय तृतीया पर संत ऋतेश्वर महाराज बनारस पहुंचे। उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधिवत दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि यह दिन अत्यंत शुभ और मंगलकारी है। उन्होंने श्रद्धा भाव से कहा कि आज मैंने बिहारी जी के चरणों के दर्शन कर महादेव की शरण में प्रवेश किया है। मेरी प्रार्थना है कि भारत का कल्याण हो और सनातन धर्म का विकास हो।
ऋतेश्वर महाराज ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन को आत्मिक शांति प्रदान करने वाला अनुभव बताया और कहा कि काशी में आकर दिव्यता की अनुभूति होती है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर उन्होंने कहा हम निर्दोष नागरिकों की हत्या की घोर निंदा करते हैं।
यह कायराना हरकत है और इसका उत्तर जल्द ही मिलेगा। केंद्र और राज्य सरकारें सजग हैं और जनता के मन में जो आक्रोश है, वह निश्चित रूप से शांत किया जाएगा। भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है और जब-जब इस देश की अस्मिता पर हमला होता है, तब राष्ट्र एकजुट होकर उसका जवाब देता है।
निजीकरण के विरोध में आज रैली निकालेंगे बिजली कर्मचारी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव को लेकर अब कर्मचारियों का विरोध बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को कर्मचारियों ने बाइक रैली निकालकर विरोध जताने का निर्णय लिया है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने बताया कि एक मई को रात 8 बजे से प्रबंध निदेशक कार्यालय भिखारीपुर से बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली भिखारीपुर, लंका, रविंद्रपुरी, भेलूपुर, रथयात्रा, सिगरा होते हुए भारत माता मंदिर पर आकर समाप्त होगी।
सीएचसी दुर्गाकुंड में सीआर्म मशीन से हुई सर्जरी
जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने पर मरीजों की सर्जरी सीआर्म मशीन के माध्यम से की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गाकुंड में एक मरीज की निशुल्क सर्जरी की गई। रिक्शा चलाते समय गिरने की वजह से उसके हाथ में चोट लग गई थी।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण ने एक्सरे कराया और रिपोर्ट के आधार ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। बुधवार को रिक्शा चालक के कलाई की सफल ऑर्थोपेडिक सर्जरी की गई। इसमें डॉ. निकुंज वर्मा, फार्मासिस्ट रमाकांत त्रिपाठी, स्टाफ नर्स पूजा आदि मौजूद रहीं।
दुर्गाकुंड सीएचसी में लगे 2 वाॅटर कूलर
अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा की ओर से लोगों को गर्मी में शीतल पेयजल के लिए बुधवार को दो वाॅटर कूलर लगवाए गए हैं। दुर्गाकुंड स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं हमूरगंज स्थित पाणिनि कन्या विद्यालय में स्थाई प्याऊ (वाटर कूलर) लगाया गया।
इससे गर्मी में मरीजों, तीमारदारों और छात्राओं को ठंडा पेयजल के लिए परेशान नहीं होना होगा। संस्था की अध्यक्ष निशा अग्रवाल, डॉ. निकुंज वर्मा, समाजसेवी सुरेश तुलस्यान, उषा तुलस्यान, अनीता सिंघानिया, सहसचिव समता डिडवानिया, सारिका प्रकाश ने फीता काटा व नारियल फोड़कर लोकार्पण किया।
मिनी जू से आज छोड़े जाएंगे 100 प्रतिबंधित पक्षी
वन विभाग की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में प्रतिबंधित पक्षियों की बिक्री और पालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान जब्त किए गए 100 प्रतिबंधित पक्षियों को बृहस्पतिवार को सारनाथ स्थित मिनी जू से छोड़ा जाएगा। इसमें पैराकीट, रिंग्ड पैराकीट, हीरामन तोता, लाल मुनिया, ब्रेस्टेड मुनिया, हेडेड पैराकीट, मैना, गुलाबी रिंग्ड तोता शामिल हैं।
इन्हें वन विभाग की टीम ने अपनी लगातार जारी कार्रवाई के तहत जब्त किया था। उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि कुछ विशेष प्रजातियों के पक्षियों को बिना अनुमति के पालना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध है। ऐसे कृत्य में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
विद्यापीठ में छात्रों ने की प्रवेश परीक्षा कराने की मांग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से प्रवेश की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की है। बुधवार को प्रशासनिक भवन में कुलपति से मिलने गए छात्रों ने कहा कि जिन पाठ्यक्रम में निर्धारित सीट से दोगुना आवेदन आता है, उसमें प्रवेश परीक्षा कराई जानी चाहिए।
उन्होंने मांग रखी कि पहले की तरह पाठ्यक्रमों में निर्धारित कुल सीट का 33 प्रतिशत पेड सीट के लिए रखा जाए। छात्रों ने कुलपति से प्रवेश आवेदन के शुल्क में हुई वृद्धि को भी वापस लेने की मांग की। छात्र नेता रविंद्र सिंह पटेल ने बताया कि कुलपति ने पांच मई तक मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान जतिन पटेल, गौरव, हिमांशु पांडेय, आदर्श आदि लोग मौजूद रहे।
काशी विद्यापीठ में 20 तक जमा कर सकेंगे पीएचडी कोर्स वर्क की फीस
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शोध प्रवेश परीक्षा 2022-23 में शामिल छात्रों के शोध में दाखिले की प्रक्रिया तेज हो गई है। विभागवार शोध समिति की बैठक में प्रक्रिया पर चर्चा के बाद अब चयनित अभ्यर्थियों की सूची तैयार कराई जा रही है। अभ्यर्थियों को 20 मई तक का समय कोर्स वर्क की फीस जमा करने के लिए दिया गया है। विश्वविद्यालय में 2022-23 में हुई प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अब दाखिले की प्रक्रिया चल रही है।
विश्वविद्यालय के विभागों की ओर जिन अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है, सभी को कोर्स वर्क का शुल्क जमा करने को कहा गया है। इसमें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में गणित विभाग, पत्रकारिता संस्थान के छात्रों को 20 मई तक जबकि ललित कला विभाग, दीनदयाल उपाध्याय शोधपीठ में कोर्स वर्क का शुल्क जमा करने के लिए 15 मई तक की तिथि निर्धारित की गई है। इस बारे में विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है।
जाति जनगणना से विभिन्न वर्ग के लोगों की संख्या का चलेगा पता: सपा
सपा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने बुधवार को जनगणना कराने पर बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि जाति जनगणना कराने से विभिन्न वर्गों के लोगों की संख्या का पता चलेगा। जिससे उनके उत्थान और विकास के लिए योजनाएं बनाने में सहूलियत होगी। इससे देश के विकास को गति मिलेगी। इस फैसले से देश के शोषित, वंचित समाज के लोगों का भला होगा।
सपा प्रवक्ता संतोष यादव ने कहा कि जाति जनगणना के फैसले से आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़े सभी वर्गों का सशक्तीकरण होगा, समावेशन को बढ़ावा मिलेगा और यह वंचितों की प्रगति के नए मार्ग प्रशस्त करेगा। समाजवादी पार्टी हमेशा से जाति जनगणना कराने की मांग करती रही हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में जाति जनगणना हमारे चुनावी घोषणा पत्र में था।
सूर्यबली ने नमोघाट पर की गणेश वंदना
नमोघाट पर काशी वंदन सांस्कृतिक कार्यक्रम में सूर्यबली कुमार का गायन हुआ। उन्होंने सर्वप्रथम गणेश वंदना के बाद कैलाश के निवासी और अंत में शिव जी का भजन गाकर वहां बैठे श्रोताओं की तालियों बटोरीं। तबले पर अनुपम सिंह ने संगत की। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन अनूप मिश्रा ने किया। कार्यक्रम संयोजन अंशुमान महाराज ने किया।