Varanasi News Today: पुलिस ने गुरुग्राम से बरामद किए लाखों के जेवर और 21 लाख, 13 लोगों पर FIR; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में लापता हुई महिला को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लाखों के जेवरात भी बरामद हुए हैं। वहीं, कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर निवासी विवाहिता ने पति समेत 13 लोगों पर दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विस्तार
Varanasi News in Hindi: वाराणसी मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बौलिया-लहरतारा इलाके से लापता हुई महिला के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुमशुदगी दर्ज कर जांच कर रही पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-51 डाउन टाउन पीजी से महिला सहित लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और एक आईफोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, महिला 27 अप्रैल को बौलिया-लहरतारा इलाके से गायब हो गई थी। जांच में पता चला कि वह अपने किसी परिचित युवक के साथ वहां गई थी। वह अपने साथ नकदी और जेवरात भी ले गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सटीक लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम डाउन टाउन पीजी पहुंची और छापेमारी कर सामान बरामद किया।
पुलिस के अनुसार महिला के साथ दो कंगन, मंगलसूत्र, पायल, ब्रेसलेट, बिछिया, अंगूठियां, चेन, झुमके समेत पीली और सिल्वर धातु के कई आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने 21 लाख 27 हजार 600 रुपये नकद और एक आईफोन भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी गुमशुदगी प्रकरण से जुड़ी हुई है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
पति समेत 13 पर दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर निवासी विवाहिता ने पति समेत 13 लोगों पर दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह प्राथमिकी सीजेएम के आदेश पर दर्ज किया गया। हरहुआ निवासी इवहार अहमद के अनुसार, वर्ष 2023 में उनकी पुत्री गुलरेस का निकाह मोहम्मद जावेद से हुआ था। शादी में नकदी और बुलेट मोटरसाइकिल दी गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग करता रहा। आरोप है कि मार्च 2026 में बुलेट बेचकर चार पहिया वाहन दिलाने का दबाव बनाया गया। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जान से मारने और बच्चे को छीनने की धमकी दी गई। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है।
110 पर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई
अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। एडीसीपी नृपेन्द्र ने बताया कि थाना और चौकी प्रभारियों ने राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों समेत प्रमुख सड़कों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों को हटवाया गया तथा गलत लेन में चल रहे ट्रक, ट्रेलर समेत भारी वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 283 वाहनों का चालान किया गया। इनमें 92 दोपहिया, 76 तीनपहिया, 65 चारपहिया और 50 भारी वाहन शामिल रहे। अभियान में 129 वाहन गलत दिशा में चलते पाए गए, जबकि 44 वाहनों का ओवरस्पीडिंग और 110 वाहनों का अवैध पार्किंग के मामलों में चालान किया गया।
युवती से गाली-गलौज का आरोप
फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित कुआर बाजार में युवती से छेड़खानी, गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने कादर हाश्मी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। युवती अपने जीजा के साथ बाजार गई थी। आरोप है कि जलपान के दौरान जीजा के बाहर जाते ही कादर हाश्मी ने युवती से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद युवती ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लूट की कोशिश करने वाला गया जेल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसराय स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र में पिस्टल के बल पर लूट की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने जेल भेज दिया। आरोपी भरतपुर निवासी गौतम पटेल शनिवार रात करीब आठ बजे ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचा और संचालक जावेद पर पिस्टल तानकर रुपये मांगने लगा। संचालक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को जेल भेज दिया गया।
महिला से छेड़खानी व मारपीट, पति ने दी तहरीर
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला से छेड़खानी और बदसलूकी का मामला सामने आया है। पीड़िता के पति ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। तहरीर के अनुसार, रविवार दोपहर महिला घर के पास स्थित शौचालय की ओर जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के युवक ने रास्ता रोककर अभद्र टिप्पणी की और महिला से छेड़खानी करने लगा। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
महिला से चेन स्नेचिंग करने वाला गिरफ्तार
सारनाथ थाना क्षेत्र में चार मई को महिला सहारा सिंह से सोने की चेन छीनने की घटना के आरोपी बदमाश बबलू जायसवाल को पुलिस ने हृदयपुर रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से छीनी गई करीब 10.320 ग्राम वजन की सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
भरलाई, शिवपुर निवासी बबलू जायसवाल के खिलाफ कैंट, रोहनिया, कोतवाली और मऊ में अलग-अलग मामलों में छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मऊ के सरायलखंसी थाने में आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है। वारदात के दौरान उसने बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर पहचान छिपाई थी।
थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को शनिवार तड़के करीब 1:48 बजे पुलिस टीम ने हृदयपुर रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 1.40 लाख रुपये मूल्य की पीली धातु की चेन बरामद हुई।
कचहरी के विस्तारीकरण के लिए हस्ताक्षर अभियान
चंद्रशेखर आजाद पार्क, लहुराबीर में रविवार को बनारस बार एसोसिएशन के तत्वावधान में कचहरी के विस्तारीकरण को लेकर हस्ताक्षर अभियान, धरना और सभा आयोजित की गई। इसमें 200 से अधिक अधिवक्ता शामिल हुए। अधिवक्ताओं ने एक स्वर में मांग उठाई कि बनारस क्लब, उद्यान विभाग और कमिश्नर बंगले की जमीन अधिग्रहीत कर न्यायालय परिसर का विस्तार किया जाए। सभा में पी.एन. सिंह, मीरा यादव, अनिल पाठक, कमलेश सिंह यादव, नित्यानंद राय और पं. धीरेंद्रनाथ शर्मा मौजूद रहे।
भिखारीपुरी इलाके में 5 घंटे नहीं रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से ककरमता से भिखारीपुर तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत मार्ग में पड़ने वाले ट्रांसफॉर्मर और बिजली के पोल सोमवार को हटाए जाएंगे। इस वजह से सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक भिखारीपुर इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
37,531 करोड़ का निवेश 91 हजार को रोजगार
कभी पिछड़ेपन और पलायन के लिए पहचाना जाने वाला पूर्वांचल अब अर्थव्यवस्था का नया ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है। वाराणसी मंडल (वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली) में 873 निवेशकों ने 37,531.78 करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए हैं, जिससे भविष्य में लगभग 91,199 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
संयुक्त आयुक्त उद्योग मोहन कुमार शर्मा ने बताया कि मंडल में 6,021.276 करोड़ रुपये के निवेश वाली 259 औद्योगिक इकाइयां पहले ही चालू (ऑपरेशनल) हो चुकी हैं। इन सक्रिय इकाइयों के माध्यम से 14,842 लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल चुका है। विशेष रूप से वाराणसी में होटल इंडस्ट्री निवेशकों की पहली पसंद बनी हुई है।
एसएसपीजी अस्पताल बनेगा सुपर स्पेशियलिटी सेंटर
कबीरचौरा अस्पताल (श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय) को अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। 315.48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अस्पताल का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 अप्रैल को शिलान्यास किया था। रविवार को क्षेत्रीय विधायक नीलकंठ तिवारी ने भूमि पूजन किया। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया।
विधायक नीलकंठ तिवारी ने कहा कि 150 साल पुराने अस्पताल का आधुनिक पुनर्निर्माण किया जाएगा। वर्ष 1870-75 के दौरान स्थापित शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय लंबे समय से पूर्वांचल के लाखों मरीजों के उपचार का प्रमुख केंद्र रहा है। अब पुराने ढांचे को हटाकर यहां नया आठ मंजिला सुपर स्पेशियलिटी भवन तैयार किया जाएगा। इसमें आईसीयू, कैंसर, न्यूरो और हार्ट यूनिट जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। यह अस्पताल पूर्वांचल के लाखों मरीजों के लिए बड़ा स्वास्थ्य केंद्र बनेगा।
अपील : स्व-जनगणना कर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें
मेयर अशोक तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपदवासियों, कार्यालयाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी वर्ग, युवाओं और जनप्रतिनिधियों से स्व-जनगणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सहभागी बनना हम सभी का सौभाग्य है। यह केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी का अवसर है।
कहा कि यदि सभी लोग मिलकर इस पुनीत अभियान से जुड़ेंगे और प्रत्येक घर तक जनगणना का संदेश पहुंचाएंगे, तो वाराणसी पूरे यूपी में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करेगा। यह सभी जनपदवासियों का सामूहिक दायित्व और साझा संकल्प है। उन्होंने कहा कि जनपद वाराणसी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय पहचान सदैव अग्रणी रही है।
जनगणना-2027 में भी वाराणसी को प्रदेश का आदर्श जनपद बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बताया गया कि यह प्रक्रिया 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक संचालित की जा रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।
दो दिनों में 23951 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग की ओर से कराई गई प्रवक्ता भर्ती की परीक्षा का समापन रविवार को हुआ। दो दिनों में 23951 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। रविवार को 35 केंद्रों पर हुई परीक्षा सर्वाधिक 13939 ने छोड़ दी। रविवार को परीक्षा देने केंद्रों पर आए अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर पिछली बार की अपेक्षा काफी आसान था। रीजनिंग के सवालों ने थोड़ा उलझाया।
दूसरे दिन रविवार को पहली पाली में 11896 में से 5506 ने परीक्षा दी। 6390 ने छोड़ दी। ऐसे ही दूसरी पाली में 15908 में से 8359 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। 7549 ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों दिन की परीक्षा में कुल 52052 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग की ओर से 4 साल बाद यह परीक्षा कराई गई। एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ परीक्षा कराई गई।
बिहार में भी बीएचयू की एक शाखा खोलने का होगा प्रयास : शिक्षा मंत्री
बीएचयू के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग में रविवार को बिहार सरकार के नवनियुक्त शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी पहुंचे। मुख्य अतिथि के तौर पर घोषणा की कि अपने कार्यकाल के दौरान वे बीएचयू की एक शाखा बिहार में भी स्थापित करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह मां गंगा की अविरल धारा काशी से होकर बिहार की ओर जाती है, उसी तरह वे महामना की बगिया की ज्ञानगंगा को भी बिहार की धरती तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि मुगलों और अंग्रेजों ने भारतीय शिक्षा व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया, जिसको अब पटरी पर लाया जा रहा है। मिथिलेश तिवारी ने कहा कि पिछली सरकारों ने अकबर और बाबर को महान बताया, जबकि 2014 के बाद राष्ट्रवादी विचारधारा ने यह स्थापित किया कि भारत राम-कृष्ण की धरती है। भोजपुरी गायक रितेश पांडेय ने गीत प्रस्तुत किया। संचालन डॉ. अशोक ज्योति और स्वागत पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. ज्ञान प्रकाश मिश्र ने किया। रवि प्रकाश मणि त्रिपाठी, मनजीत त्रिपाठी, डॉ. राजेश कुमार राय मौजूद रहे।
कल आ सकते हैं सीबीएसई 12वीं के रिजल्ट
सीबीएसई की बारहवीं की परीक्षा के परिणाम मंगलवार को जारी होने की उम्मीद है। यदि ऐसा होता है तो पिछली बार की तुलना में इस बार परिणाम एक दिन पूर्व जारी होगा। इस बार परीक्षा में ऑनलाइन मार्किंग भी अपनाई गई है। इससे गलती होने की संभावना कम है। सीबीएसई की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से कराई गईं। कुल 46478 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए। इसमें कक्षा 10वीं में 22932 और 12वीं में 23546 परीक्षार्थी थे। 15 अप्रैल को दसवीं के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं।
विद्यापीठ में आज से पीजी कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 में पीजी कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन 11 मई से शुरू होंगे। इस महीने के अंतिम सप्ताह तक आवेदन की प्रक्रिया चलेगी। पिछले सत्र की तरह इस सत्र में भी मेरिट के आधार पर प्रवेश होगा। विवि में यूजी के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 अप्रैल से चल रही है। वेबसाइट पर इससे संबंधित विवरण दिया गया है।
काशी विद्यापीठ में 15 को होगी मौखिक परीक्षा
काशी विद्यापीठ के विधि विभाग में एलएलबी षष्टम सेमेस्टर की मौखिक परीक्षा 15 मई को होगी। विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार ने बताया कि सुबह 11 बजे से विधि विभाग में होने वाली परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण फाइल के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। इसके अभाव में मौखिकी परीक्षा नहीं दे पाएंगे। इस बारे में विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है।
समाज कार्य विभाग में माैखिक परीक्षा आज
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में समाज कार्य स्नातक षष्ठम सेमेस्टर के छात्रों की तृतीय प्रश्न पत्र फील्ड वर्क की मौखिक परीक्षा 11 मई को होगी। विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. वंदना सिन्हा ने बताया कि सुबह 10.30 बजे से समाज कार्य भवन के प्रो. राजाराम शास्त्री सभागार में होगी। मौखिक के दिन फील्ड वर्क प्रैक्टिकम वी की फाइल के साथ उपस्थित होना जरूरी है।
उच्च प्राथमिक में 100 छात्र संख्या होने के बाद ही हेड मास्टर की तैनाती
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से छात्रों के सापेक्ष शिक्षकों की संख्या निर्धारण का एक चार्ट जारी किया गया है। इसके तहत उच्च प्राथमिक में 100 छात्र संख्या के बाद हेड मास्टर मिलेंगे। वहीं, प्राथमिक विद्यालयों में 150 छात्र संख्या होने के बाद ही हेडमास्टर मिलेंगे।
नए चार्ट के अनुसार प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की संख्या के अनुसार प्रधानाध्यापक और सहायक शिक्षकों की संख्या तय की गई है। लेकिन इस व्यवस्था को लेकर शिक्षकों और अभिभावकों के बीच असंतोष है।
नई व्यवस्था के अनुसार प्राथमिक विद्यालयों में 30 छात्रों तक केवल दो सहायक शिक्षक रहेंगे, जबकि 31 से 60 छात्रों पर भी शिक्षकों की संख्या नहीं बढ़ेगी। इसी तरह उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 100 छात्रों तक मात्र तीन सहायक शिक्षक रखने का प्रावधान किया गया है। ऐसे में सीमित स्टाफ के साथ कक्षाओं का संचालन प्रभावित होगा। एबीएसए हेेमंत राव ने बताया कि नया चार्ट जारी हुआ है लेकिन विद्यालयों में छात्र संख्या के आधार शिक्षकों की मांग की गई है। जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है वहां जल्द ही तैनाती की जाएगी।
20 दिन में तीन हजार में बुखार के लक्षण, इनमें बच्चे और महिलाएं भी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पिछले महीने 20 दिन (10 से 30 अप्रैल) तक चले दस्तक अभियान में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक तीन हजार लोगों में बुखार के लक्षण मिले हैं। इसमें 460 लोगों में इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस (खांसी, सर्दी, बुखार) वाले लक्षण सामने आए हैं। जिन लोगों में जांच के दौरान लक्षण मिले हैं, उनमें बच्चों, महिलाओं से लेकर बुजुर्ग भी शामिल हैं। अब विभाग की ओर से जरूरी जांच से लेकर इलाज कराया जाएगा। समय-समय पर संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों की ओर से निगरानी भी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अप्रैल महीने में 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया गया। इसके तहत शहरी, ग्रामीण इलाकों में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों की सेहत का हाल जाना। साथ बुखार, डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया आदि के कारण, बचाव के प्रति भी जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 56 बच्चों में कुपोषण के लक्षण मिले हैं। अभियान के नोडल अधिकारी और जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय का कहना है कि जिन लोगों में लक्षण मिले हैं, उनकी सूची तैयार करवाकर संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़ी आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से निगरानी करवाई जाएगी।
डेंगू, चिकनगुनिया के लक्षण वाले 539 में कोई पॉजिटिव नहीं
नोडल अधिकारी ने बताया कि 539 लोगों में डेंगू, चिकनगुनिया के लक्षण मिले लेकिन राहत की बात यह है कि जब लोगों की जांच कराई गई तो कोई पॉजिटिव नहीं मिला। इसके बाद भी संबंधित लोगों को सेहत के प्रति सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मरीजों ने लगाया ध्यान व्यवहार में दिखा सुधार
वाराणसी। काशी विद्यापीठ के म्यूजिक थेरेपी लैब/सेल एवं रिसर्च सेंटर की ओर से हुए कार्यक्रम में पांडेयपुर के मानसिक अस्पताल में भर्ती मरीजों को गीत-संगीत के माध्यम से तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी गई। इस दौरान मनोविकृति, द्विध्रुवीय विकार, स्किजोफ्रेनिया स्पेक्ट्रम विकार, अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित महिला मरीजों को संगीत चिकित्सा दी गई। इसका असर यह हुआ कि मरीजों के व्यवहार में सुधार होने लगा है।
मानसिक अस्पताल और काशी विद्यापीठ में मनोविज्ञान विभाग के लैब और रिसर्च सेंटर के बीच एमओयू पिछले दिनों किया गया था। इसके तहत छह सप्ताह का संगीत चिकित्सा कार्यक्रम हुआ। इसमें मरीजों को ओम् का उच्चारण, तानपुरा ध्वनि के माध्यम से केंद्रित ध्यान, सरगम और लयात्मक अभ्यास, समूह भजन गायन की प्रस्तुति दी गई।
साथ ही विश्राम जैसी वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक रूप से प्रासंगिक गतिविधियों को भी शामिल किया गया। मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि इससे लोगों में काफी सुधार आया है। समन्वयन डॉ. दुर्गेश कुमार उपाध्याय, मानसिक अस्पताल के निदेशक डॉ.सीपी मल्ल, अधीक्षक डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. अवनीश, डॉ. अजय, डॉ. चंदन, डॉ. नवीन मौजूद रहे।
प्रदीप कुमार बने राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुधीर महासचिव
अखिल भारतीय चौरसिया महासभा का रविवार को रामनगर रोड स्थित होटल रमाडा में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से आए समाज के पदाधिकारियों की मौजूदगी में महासभा के निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप चौरसिया की टीम को पूर्व मंत्री कैलाशनाथ चौरसिया ने शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल गंगाबाबू चौरसिया ने महासभा के राष्ट्रीय प्रभारी व पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री टीएन चौरसिया को भीष्म पितामह सम्मान से सम्मानित किया गया।
प्रदीप चौरसिया अध्यक्ष, सुधीर चौरसिया महासचिव और नरेंद्रनाथ चौरसिया कोषाध्यक्ष बनाए गए। गंगाबाबू चौरसिया, कैलाशनाथ चौरसिया, सुरेंद्र चौरसिया (विधायक, रामपुर कारखाना देवरिया), आलोक चौरसिया (विधायक, डाल्टेनगंज झारखंड) ने नई टीम को बधाई दी। महेश कानडी (उज्जैन), जगत नारायण चौरसिया (सिंगरौली, मध्य प्रदेश), सुरेश चौरसिया, सोहनलाल चौरसिया की देखरेख में चुनाव हुआ।
प्राथमिक विद्यालय सीवो में गंदगी का अंबार, शिक्षक खुद कर रहे सफाई
चिरईगांव विकास खंड के आदर्श गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय सीवो परिसर में इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। विद्यालय में पिछले 15 दिनों से सफाईकर्मी के नहीं पहुंचने से परिसर में कूड़ा जमा हो गया है। इससे विद्यालय की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण उन्हें स्वयं झाड़ू लगाकर परिसर की सफाई करनी पड़ रही है। ग्राम प्रधान सविता राजभर ने बताया कि सरकारी अभिलेखों में ग्राम पंचायत में दो सफाईकर्मी तैनात हैं, लेकिन एक सफाईकर्मी श्रीनाथ पिछले तीन महीनों से गांव में कभी नहीं आए और लगातार गायब रहते हैं। इसकी शिकायत एडीओ पंचायत कमलेश सिंह से कई बार की गई, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरा सफाईकर्मी विनोद नियमित रूप से ड्यूटी करता था, लेकिन विभाग द्वारा उसी को निलंबित कर दिया गया है।
एमबीए में चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू
बीएचयू में एमबीए और एमबीए-आईबी कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया चौथे चरण का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। सभी चयनित उम्मीदवारों को 12 मई की रात 11:55 बजे तक भुगतान प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस संबंध में संबंधित चयनित उम्मीदवारों को ईमेल भेज दिया गया है। संस्थान की ओर से बताया गया है कि मेल में स्पैम फोल्डर भी जरूरी चेक करें। यदि निर्धारित समय सीमा के अंदर भुगतान नहीं किया गया तो आवंटित सीट रद्द की जा सकती है।
पत्नी संग यश दयाल ने बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन
भारतीय क्रिकेटर यश दयाल रविवार को अपनी पत्नी श्वेता पुंडीर के साथ काशी पहुंचे। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद बाबा काल भैरव के दर्शन किए। काल भैरव मंदिर में पुजारी कल्लू महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजन कराया। दर्शन-पूजन के बाद यश दयाल ने पत्नी के साथ काशी की गलियों में भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर बनारसी व्यंजनों का स्वाद भी चखा। यश दयाल ने कहा कि काशी आकर उन्हें बेहद अच्छा लगा। बाबा के दर्शन कर मन को शांति मिली। बताया गया कि वह करीब पांच घंटे तक काशी में रहे।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने रोटरी के चार्टर पदाधिकारियों को किया सम्मानित
डिस्ट्रिक्ट 3120 के अग्रणी क्लबों में शामिल रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की 41वीं चार्टर नाइट और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की आधिकारिक विजिट रविवार को मलदहिया स्थित एक होटल में हुआ।
मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि वाराणसी सेंट्रल ने स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, नेत्र चिकित्सा, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर पूरे डिस्ट्रिक्ट में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित किया है। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने विशेष रूप से क्लब के गिफ्ट ऑफ आई ग्लोबल ग्रांट प्रोजेक्ट की प्रशंसा की। अध्यक्ष राजेश भाटिया ने बताया कि क्लब ने सात शिविर लगाकर 128 मोतियाबिंद रोगियों की आंखों का ऑपरेशन करवाया।
क्लब के 41 वर्षों की यात्रा का वर्णन प्रदीप अग्रवाल एवं अनिल बजाज ने किया। क्लब के चार्टर सदस्यों, पूर्व अध्यक्षों, वरिष्ठ रोटेरियंस और दानदाताओं का सम्मान हुआ। क्लब के सचिव सतीश बजाज, संयोजन अनिल जाजोदिया, रोहित पाठक, चंद्र प्रकाश सिंह, विवेक अग्रवाल, संतोष सोनी, राहुल मेहता आदि रहे।
मेटाबाॅलिक कॉन्क्लेव में डॉ. सोमानी को माहेश्वरी समाज ने दी श्रद्धांजलि
आईएमएस बीएचयू के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेमनारायण सोमानी को माहेश्वरी समाज और बीएचयू के हृदय रोग विभाग की ओर से रविवार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। छावनी स्थित होटल में मेटाबाॅलिक कॉन्क्लेव में विभाग की ओर से जारी स्मृति पत्र में चिकित्सा व समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया।
बीएचयू के प्रो. कमलाकर त्रिपाठी ने डॉ. सोमानी के व्यक्तित्व के बारे में जानकारी दी। डॉ. श्रीधर द्विवेदी ने कहा कि डॉ. सोमानी अंतरराष्ट्रीय स्तर के शोधकर्ता थे। विश्वविद्यालय में वे एक कुशल शिक्षक और जनसेवी चिकित्सक के रूप में प्रसिद्ध रहे। डॉ. अलंकार ने परहेज से मधुमेह को नियंत्रित करने की जानकारी दी।
डॉ. एके पांडेय ने हृदय रोग के बारे में बताया। डाॅ. सोमानी की पौत्री श्रुति सोमानी ने डॉ. श्रीधर द्विवेदी का परिचय दिया। माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष दीपक माहेश्वरी, सचिव राजेश, बृजेश, कैलाश राठी, लाला चांडक, लोकेंद्र करवा, अनिल झंवर, मनीष माहेश्वरी ने स्वागत किया। प्रफुल्ल सोमानी ने डॉ. श्रीधर द्विवेदी और अनूप माहेश्वरी को स्मृति चिह्न दिया। धन्यवाद ज्ञापन रामजी माहेश्वरी ने किया। संयोजक डॉ. धर्मेद्र जैन रहे।
खुशी की उड़ान ने वृद्धाश्रम की माताओं संग मनाया मातृ दिवस
मातृ दिवस पर खुशी की उड़ान संस्था ने दुर्गाकुंड स्थित राजकीय वृद्धाश्रम में वृद्ध माताओं संग ममता और खुशियां बांटी। संस्था की संस्थापिका सारिका दुबे ने कहा कि मां शब्द अपने आप में शक्ति और त्याग का प्रतीक है। वृद्धाश्रम में रह रही इन माताओं के चेहरे पर मुस्कान लाना किसी आध्यात्मिक आशीर्वाद से कम नहीं है। इस दौरान रितेश मिश्रा, आहिल खान, रिया, प्रेमलता, प्रीति, शीतांशु, मोहित मौजूद रहे। इसके अलावा बाबा जी की फ्री पाठशाला से राजीव टंडन और आरती टंडन ने भी उपस्थिति दर्ज कराई।
52 महिलाओं की हुई शुगर और एनीमिया की जांच : भारत विकास परिषद वरुणा शाखा की ओर से रविवार को शिवपुर तरना स्थित पाठशाला कॉन्वेंट स्कूल में मातृत्व दिवस मनाया गया। स्कूल के बच्चों के साथ सभी माताओं ने गेम्स खेला। रैंप वॉक, पासिंग चेयर,फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। इस दौरान 52 महिलाओं की निशुल्क थायराइड, शुगर और एनीमिया की जांच हुई।
सभी माताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। परिषद के राष्ट्रीय दायित्वधारी डॉ. शिप्राधर, प्रांतीय दायित्व धारी वीना पांडेय, शाखा अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने विचार रखे। इस मौके पर नीतू सिंह, गणेश श्रीवास्तव, दिनेश जायसवाल, जेपी सिंह, नीतू सिंह, निधि सिंह माैजूद रहीं।
183 जोड़े हुए एक-दूजे के, इसमें 80% शिक्षित
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को बड़ागांव स्थित बलदेव इंटर कॉलेज परिसर में 183 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। शहनाई और बैंडबाजों की धुन के बीच सजे मंडपों में वैदिक मंत्रोच्चार गूंजे और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा। इनमें 179 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ। वहीं, चार मुस्लिम जोड़ों को निकाह पढ़ाया गया।
इस सामूहिक विवाह समारोह की खास बात यह रही कि करीब 80 फीसदी नवदंपती शिक्षित थे। अधिकांश युवक-युवतियां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण थे। इनमें चार स्नातक और दो परास्नातक डिग्रीधारी भी शामिल रहे। सभी युवक-युवतियां अपने शैक्षिक प्रमाणपत्र और अंकपत्र लेकर पहुंचे थे। बड़ागांव ब्लॉक के 84 और पिंडरा ब्लॉक के 99 जोड़ों का विवाह कराया गया।
भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और उपजिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, बीडीओ प्रतिभा चाैरसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से प्रत्येक जोड़े को सांकेतिक 60 हजार रुपये का चेक, परिधान, गृहस्थी का सामान और विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। समारोह में दो महिलाओं का पुनर्विवाह भी हुआ। धनंजयपुर की कानू प्रिया और सरविपुर की दीपमाला ने नए जीवन की शुरुआत कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
कालभैरव मंदिर के महंत के परिवार के जितेंद्र दुबे का निधन, शवयात्रा में शामिल पुजारी की भी गिरने से माैत
बाबा कालभैरव मंदिर के महंत परिवार के पं. जितेंद्र दुबे उर्फ संतोष का रविवार को सुबह हृदयाघात से निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर हुआ। राज मंदिर निवासी पं. जितेंद्र दुबे पांच भाई में सबसे छोटे थे। कालभैरव मंदिर में पांचों भाइयों की बारी-बारी से पारी आती है। पं. जितेंद्र ने पिछले महीने ही बेटी की शादी की थी। वहीं, उनकी शवयात्रा में शामिल राजमंदिर निवासी पुजारी जीवन जेटली का भी निधन हो गया। मणिकर्णिका घाट जाते समय वो अचानक गिर गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
विजय बने तमिलनाडु के सीएम, काशी में खुशी
अभिनेता से राजनेता बने विजय थलापति ने रविवार को जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तो काशी में बसे दक्षिण भारतीय खुशी से झूम उठे। काशी में रहने वाले तमिलभाषियों का कहना है कि विजय थलापति प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाएंगे।
काशी-तमिल संघ के अध्यक्ष पं. वीएस सु्ब्रह्मण्यम मणि ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में उनसे तमिल की जनता को काफी उम्मीद है कि पूर्व की सरकार से बेहतर कार्य कर लोगों को सरकारी के साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार मुहैया कराएंगे।
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व सदस्य पं. वैंकट रमन घनपाठी ने बताया कि विजय युवा हैं और यह उनकी राजनीतिक शुरुआत है। उम्मीद है कि प्रदेश का विकास करेंगे। प्रो. जगदीशन, सुधाकर, पी मुरदन ने भी विजय के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी जताई।
विकास शर्मा बने मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष
अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच वाराणसी शाखा की साधारण सभा में चुनाव हुआ। विकास शर्मा को सत्र 2026-27 के लिए अध्यक्ष चुना गया। चुनाव अधिकारी आलोक बोहरा व उनकी टीम श्याम मनोहर लोहिया, उमेश जोगाई के नेतृत्व में पूर्व अध्यक्ष महेश चौधरी, पबुदेव अग्रवाल, प्रतिक गर्नेड़ीवाल, प्रतीक केडिया और सदस्य आलोक पोद्दार, पंकज जयपुरिया, आकाश गोयनका, चंदर अग्रवाल आदि ने विकास को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना। विजय खेमका ने उन्हें बधाई दी। इस दौरान सचिव उमंग दारुका, अमित बजाज ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। पूर्व अध्यक्षों और सदस्यों ने सहमति से इसे पारित किया।
मन लागो मेरो यार फकीरी में...
सुबह-ए-बनारस में रविवार को पूर्णिया विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफ्रेसर डॉ. शिवि तिवारी का गायन हुआ। उन्होंने गायन की शुरुआत राग अहीर भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध रचना से की। बोल थे-अलसाने हो लालन...। द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश के बोल थे- बेगी बेगी आओ मंदिर...। समापन कबीर भजन-मन लागो मेरो यार फकीरी में...। तबले पर किशन झा और संवादिनी पर प्रवीण कुमार सिंह ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।
संशय के बीच शांति देती है गीता : नरेंद्रानंद
बीएचयू के मालवीय भवन में काशी सुमेरु पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती ने छात्र-छात्राओं को गीता का पाठ पढ़ाया। रविवासरीय गीता समारोह में कहा कि गीता संशय में पड़े हुए जीव को शांति देती है। जीवन के सभी आध्यात्मिक और व्यावहारिक पक्ष का मूल गीता में समाहित है। धर्म सृष्टि में शाश्वत है। अध्यक्षता करते हुए प्रो. राजाराम शुक्ल ने कहा कि गीता जीवन का आधार है।
प्रो. पतंजलि मिश्र ने कहा कि गीता के हर अक्षर में जीवन जीने का सूत्र दिया हुआ है। जीवन में धर्म ही कर्म का मर्म है। अतिथियों का स्वागत प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी और संचालन प्रो. शरदिंदु कुमार त्रिपाठी ने किया। कुलगीत का गायन कुमारी अंलकृता राय ने किया। प्रो. सदाशिव द्विवेदी, प्रो. यूपी शाही, प्रो. रुद्रप्रकाश मलिक, प्रो. विनोद कुमार मिश्र और डॉ. ओबी राम आदि मौजूद रहे।
हनुमान चालीसा पाठ में नौ विद्यार्थी हुए पुरस्कृत
नृसिंह मठ सेवा समिति की ओर से सिद्ध पीठ नरसिंह मठ में रविवार को अशोक सिंहल हनुमान चालीसा पाठ प्रतियोगिता हुई। इसमें प्रथम वर्ग में प्रथम विनायक शर्मा, द्वितीय नियति सरीन और तृतीय उपासना सरीन रहीं। द्वितीय वर्ग में श्रुति शर्मा प्रथम, कृष्णा उपाध्याय द्वितीय, तेजस शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। तृतीय वर्ग में काजल पांडेय प्रथम, समर्थ खन्ना द्वितीय और पीहू पांडेय तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को मेडल और प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया गया। संचालन विकास मेहरा और धन्यवाद ज्ञापन संयोजक हरि कृष्ण दास ने किया। इस मौके पर राजेश सिंह, विजय चौधरी, सौरभ मिश्रा, दिनेश भारद्वाज, श्याम सुंदर सिंह, अनुपम खन्ना, कमल कुमार आदि रहे।
सौरभ जैन की टीम ने संभाला पदभार
भारत विकास परिषद काशी शाखा का पदग्रहण समारोह रविवार को चौकाघाट स्थित होटल में हुआ। मुख्य अतिथि प्रख्यात साहित्यकार डॉ. नीरजा माधव और परिषद प्रांतीय अध्यक्ष हरविंदर वालिया ने दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। नव नियुक्त अध्यक्ष सौरभ जैन ने परिषद के सेवा प्रकल्पों, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा सामाजिक उत्तरदायित्वों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया। सचिव डॉ. अमित कुमार सिंह ने आगामी वर्ष की कार्ययोजना प्रस्तुत की। महिला संयोजिका संगीता रस्तोगी ने महिलाओं की सहभागिता पर जोर दिया। कोषाध्यक्ष जीवन खन्ना, पूर्व अध्यक्ष अमित अग्रवाल, हिना मेहरोत्रा, आरती अरोड़ा माैजूद रहीं। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व अध्यक्ष दीपक माहेश्वरी ने किया।