Varanasi News Today: बच्ची की मौत में नहीं दर्ज किया केस, छठ पूजा में दौड़ा-दौड़ा कर मारा; पढें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में आंख के ऑपरेशन के बाद बच्ची के माैत मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। परिजन सीजीएम कोर्ट चले गए। वहीं, प्रह्लाद घाट पर छठ पूजा के दाैरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: आंख के ऑपरेशन के बाद हुई अनाया रिजवान (7) की मौत के मामले में मां ने बीते गुरुवार को अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने के लिए सीजीएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है। पत्र पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने भेलूपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर 28 अक्तूबर तक कोर्ट में आख्या प्रस्तुत करने को कहा है। हालांकि, भेलूपुर पुलिस ने सोमवार देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं किया।
वादिनी आफरीन रिजवान ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाया था कि अनाया की निजी अस्पताल में आंख की सर्जरी हुई थी। एनेस्थीसिया की मात्रा और ऑक्सीजन आपूर्ति की अस्थिरता के कारण बच्ची की सांस और हृदय गति रुक गई। इससे उसकी मौत हो गई। आफरीन ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा तक दर्ज नहीं किया है, जबकि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही स्पष्ट है।
सात दिन से लापता व्यक्ति का शव घाट पर मिला
सात दिन से लापता कालभैरव निवासी प्रदीप कुमार बिंद (48) का शव सोमवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के बालाजी घाट के पास गंगा किनारे मिला। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों ने बताया कि प्रदीप बिना बताए घर से निकला था, बहुत तलाश की पर नहीं मिला।
इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच शुरू कर दी है। लोगों का कहना है कि प्रदीप शांत स्वभाव का था और उसका किसी से विवाद नहीं था। प्रदीप के घर वाले भी मौत का स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
हत्यारोपी से हुआ सामना तो बेटे ने पूछा, क्यों मारा मेरे पिता को
बड़ागांव थाना क्षेत्र के पुआरी कला गांव निवासी बुजुर्ग रामकुंवर की 26 जनवरी को हुई हत्या के आरोपी तेज प्रकाश पटेल से मृतक के बेटे ने सोमवार को मुलाकात की। मुलाकात के लिए उसने थाना प्रभारी से गुहार लगाई थी।
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार तेज प्रताप पुलिस अभिरक्षा में है और उसका इलाज चल रहा है। आमने सामने की मुलाकात में बेटे आनंद ने पूछा क्यों मार दिया मेरे पिता को। उन्होंने क्या बिगाड़ा था तुम्हारा, इस पर हत्यारोपी ने अपनी शादी टूटने का जिम्मेदार उन्हें बताया। यह सुनते ही आनंद फफक पड़ा और आरोपी से कहा कि इतनी से बात के लिए तुमने पिता की हत्या कर दी। मुझसे कहा होता तो उन्हें समझा देता।
थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी का इलाज जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। बीते रविवार को रामकुंवर की हत्या के आरोपी तेज प्रकाश को वीरापट्टी के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार का इनाम रखा था।
छठ पूजा में मारपीट, दो महिलाओं समेत पांच घायल
आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रह्लाद घाट पर सोमवार शाम छठ पूजा के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। दो महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। प्रह्लाद घाट निवासी नीलिमा पांडेय ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन मनीषा पांडेय, पूजा पांडेय, भाभी मेघा पांडेय और भाई मुरारी पांडेय के साथ छठ पूजा कर रही थीं। बगल में कुछ पुरुषों और महिलाओं से पूजन सामग्री रखने को लेकर विवाद हुआ। आरोपियों ने डंडे से हमला कर दिया। हमले में काफी चोटें आई हैं। नीलिमा ने आरोप लगाया कि उनका झुमका और गले की चेन भी छीन लिया गया। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
छठ के लिए गए थे गांव, दो घरों में चोरी
छठ पूजा के लिए गांव गए अमरा खैरा भोलेनगर कॉलोनी निवासी रिटायर्ड रेलकर्मी केशव पांडेय और विजय पटेल के मकान को चोरों ने रविवार रात खंगाल दिया। आभूषण समेत अन्य घरेलू सामान समेट ले गए। सोमवारसुबह पहुंची पुलिस, डाग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की है।
मूलरूप से देवरिया के सलेमपुर निवासी केशव पांडेय ईसीआर पीडीडीयूनगर से एसएससी के पद से रिटायर होकर भोलेनगर में रहते हैं। रविवार सुबह छठ पूजा के लिए परिवार के साथ गए थे। इस बीच चोरों ने मकान खंगाल दिया। सुबह जब आसपास के लोग पहुंचे तो गेट का ताला टूटा हुआ देखा और केशव को सूचना दी।
उधर, पड़ोसी विजय पटेल भी मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के सिष्टाकला गांव में छठ पूजा के लिए गए थे। घर से चोरों ने 20 हजार नकद, बाइक और अन्य सामान समेट लिया। रोहनिया थाना के कार्यवाहक प्रभारी मोहित सिंह ने बताया कि आसपास के 10 सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
जमीन की धोखाधड़ी के आरोप में तीन पर केस
बड़ी गैबी में प्लॉट के नाम पर डेढ़ लाख रुपये हड़पने के मामले में जवाहर नगर हनुमानपुरा निवासी नारायण प्रसाद, पार्वती देवी और शांति देवी पर रविवार रात भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही गणेशपुरी कॉलोनी निवासी विक्रम ने पुलिस को बताया कि 2017 में वीडीए कॉलोनी बड़ी गैबी में अपनी जमीन की बाउंड्री कराई थी।
जमीन के बगल में आरोपी नारायण प्रसाद ने अपनी जमीन बताई और डेढ़ लाख रुपये लेकर एग्रीमेंट कराया। बाद में पता चला कि इसके पूर्व भी आरोपी ने दो लोगों को जमीन का एग्रीमेंट किया था। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
घायल बस परिचालक की मौत, केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोईराजपुर चौराहे पर 23 अक्तूबर को सड़क हादसे में घायल बाइक सवार बस परिचालक मुन्ना लाल की रविवार देर शाम बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। भाई रमेश ने अज्ञात कार चालक पर केस दर्ज कराया है।
चोलापुर थाना क्षेत्र के पलहीपट्टी गांव निवासी रमेश ने पुलिस को बताया कि भाई मुन्ना लाल ऐढ़े के निजी स्कूल में बस परिचालक थे। हादसे वाले दिन मुन्ना अनिल राय के साथ बाइक से कोइराजपुर में गैराज से बस लेने गया था। उसी समय चौराहे पर चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक भाग निकला। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। कार की पहचान की जा रही है।
वाहन चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, एक बाइक मिली
दोपहिया वाहन चोरी के दो आरोपियों तन्मय वर्मा और अर्चित कमल को चेतगंज पुलिस ने रविवार रात चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक बाइक मिली। चेतगंज इंस्पेक्टर विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि आरोपी रामकटोरा का तन्मय वर्मा और शिवपुर का अर्चित कमल है।
घर में घुसकर की मारपीट, चार घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के सरसौल गांव में बुधवार को घर में घुसकर मारपीट के आरोपियों पर चौबेपुर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को तहरीर में पीड़ित रामकेश विश्वकर्मा ने बताया कि गांव के ही राकेश, किशन, राजन, लैला, प्रेम और रवि ने रंजिशन घर में घुसकर मारपीट की। हमले में रामकेश, पप्पू, राजू और ममता को चोटें आईं। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सोमवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
किशोरी को भगाने वाला गिरफ्तार
किशोरी को भगाने का आरोपी राजन कुमार निवासी डोमरी सूजाबाद को रामनगर पुलिस ने घाट के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि किशोरी और उसके बीच छह साल से प्रेम प्रसंग चल रहा है। उसे भगाकर शादी करने वाला था। पुलिस के डर से किशोरी को घर छोड़कर भाग रहा था।
कारोबारी के बेटे ने दोस्तों संग फेरीवाले को पीटा, केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के टिकरी कला गांव में सोमवार को बकाया पैसा मांगने पर फेरीवालों की कबाड़ी कारोबारी के परिजनों ने पिटाई कर दी। पीड़ितों की तहरीर पर बड़ागांव पुलिस ने छह लोगों पर केस दर्ज किया है। नंदापुर गांव निवासी संजय गुप्ता व राहुल गुप्ता ने बताया कि वह फेरी लगाकर कबाड़ खरीदते हैं।
साथ ही टिकरी कला गांव में कबाड़ कारोबारी हरिश्चंद्र को बेचते हैं। हरिश्चंद्र ने उनके 45 हजार रुपये रोक लिए। सोमवार को पैसे मांगने पर आरोपी के बेटे विशान गुप्ता, नयन, शनि, दीपक, मनीष और गुम्मन साव ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
दुष्कर्म और पॉक्सो के आरोपी को भेजा जेल
बघवानाला के पास 10 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म और पॉक्सो के आरोपी मिलन विश्वकर्मा को कोर्ट ने सोमवार को जेल भेज दिया। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आजमगढ़ के निजामाबाद चंदाभारी निवासी मिलन विश्वकर्मा है। वह किराये के मकान में बघवानाला के पास रहता था। पश्चिम बंगाल के वर्धमान के रहने वाले पीड़ित पिता ने रविवार को केस दर्ज कराया था। आरोप था कि कूड़ा बीनने इनकी बेटी खाली प्लॉट पर गई थी। मिलन ने उसके साथ दुष्कर्म कर पिटाई भी की। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया है।
गेट के लिए दो पक्षों में मारपीट, चार पर केस
चौबेपुर थाना क्षेत्र के नेवादा (मनोरथपुर) गांव में 20 साल पुराने गेट को लेकर दो पक्षों में विवाद मारपीट में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार लोगों पर केस दर्ज किया। रविंद्र नाथ उपाध्याय ने बताया कि उनके घर के पास 20 साल पहले गेट लगा था। पड़ोसी रवि किरण मिश्रा, इंदु शेखर मिश्रा, विनोद मिश्रा और विकास मिश्रा इसको लेकर रंजिश रखते हैं। आरोपी गेट को वहां से हटवाना चाहते हैं, जबकि मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बावजूद मारपीट की गई। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों पर केस दर्ज किया है।
छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
महिलाओं, युवतियों पर फब्तियां और छेड़खानी के आरोपी शिवम शर्मा को चेतगंज पुलिस ने रविवार रात मनसाराम फाटक के पास से गिरफ्तार किया। चेतगंज इंस्पेक्टर विजयनाथ शुक्ला ने बताया कि आरोपी चेतगंज के हबीबपुरा का निवासी शिवम वर्मा है। मिशन शक्ति की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
एससी-एसटी में सराफा व्यवसायी पर मुकदमा
सराफा व्यवसायी राजकुमार वर्मा के खिलाफ एससी-एसटी समेत अन्य आरोपों में कोर्ट के आदेश पर सोमवार को शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। गिलट बाजार निवासी मुन्नालाल सोनकर ने पुलिस को बताया कि आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से 12 सितंबर को सराफा व्यवसायी राजकुमार वर्मा के पास 12 ग्राम का सोने का झुमका रखकर 40 हजार रुपये लिए थे। हर माह ब्याज भी देता रहा।
16 जून को 40 हजार रुपये देने पहुंचा तो आरोपी राजकुमार ने गालीगलौज की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर आभूषण लौटाने से इंकार कर दिया। शिवपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। साथ ही जांच की जा रही है।
शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ोतरी पर सरकार उचित कार्रवाई करे : हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि के मामले में दाखिल अवमानना याचिका खारिज कर दी। हालांकि, कोर्ट ने प्रदेश सरकार को निर्देश दिया कि वह न्यायालय के निर्देश पर गठित समिति की शिक्षामित्रों के सम्मानजनक मानदेय बढ़ाने की सिफारिशों पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे। यह आदेश न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की एकलपीठ ने वाराणसी के विवेकानंद की अवमानना अर्जी पर दिया है।
शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर पूर्व में एक याचिका दाखिल की गई थी। कोर्ट ने 12 जनवरी 2024 को प्रदेश सरकार को चार सप्ताह के भीतर एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का आदेश दिया था। समिति ने शिक्षामित्रों के सम्मानजनक मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार कर रिपोर्ट प्रस्तुत की। हालांकि, कोर्ट के सम्मानजनक मानदेय बढ़ाने के आदेश का अनुपालन नहीं किए जाने पर वर्तमान अवमानना अर्जी दाखिल की गई।
याची अधिवक्ता सत्येंद्र दलील दी कि शिक्षामित्रों को सम्मानजनक मानदेय नहीं मिल रहा है। उन्हें कम से कम न्यूनतम वेतन के बराबर मानदेय दिया जाए। 18 सितंबर 2025 को कोर्ट ने अतिरिक्त मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सहित अन्य अधिकारियों से अनुपालन का हलफनामा दाखिल करने के लिए कहा था। सोमवार को सुनवाई के दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव ने अनुपालन हलफनामा दाखिल किया।
कहा गया कि समिति ने 21 अक्तूबर 2025 को बैठक में सम्मानजनक मानदेय बढ़ाने के मुद्दे पर विचार किया। निर्णय लिया कि यह मामला समिति के दायरे से बाहर है। मंत्रिमंडल की स्वीकृति आवश्यक है। समिति ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है। कोर्ट ने समिति की रिपोर्ट और हलफनामे पर विचार करने के बाद अवमानना अर्जी खारिज कर दिया। कोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देशित किया कि वह शिक्षामित्र के मानदेय को बढ़ाने को लेकर समिति की सिफारिश पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करे।
भाजपा नेता बनाएंगे बिहार में चुनावी माहौल
बिहार के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को परिवार के साथ श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। साथ ही शंकुलधारा पोखरे के पास अर्घ्य दिया। एक निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए धर्मेंद्र प्रधान ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में हर किसी को योगदान देना है। जनप्रधिनिधि और नेता 29 अक्तूबर से बिहार में चुनाव प्रचार करें और एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने का काम करें। इस मौके पर राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, मेयर अशोक कुमार तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र राय, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक अवधेश सिंह और सुशील सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
लेसा में 5600 पद समाप्त करने से आक्रोश
जिले के बिजलीकर्मियों ने 334वें दिन सोमवार को निजीकरण का जमकर विरोध किया। उन्होंने राजधानी सहित प्रदेश की बिजली व्यवस्था बेपटरी होने से बचाने के लिए मुख्यमंत्री से अपील किया। कहा कि रिस्ट्रक्चरिंग के नाम पर लेसा (लखनऊ विद्युत संपूर्ति प्रशासन) में 5600 पद समाप्त किए जाने से हर वर्ग के बिजली कर्मियों में आक्रोश है।
संघर्ष समिति ने कहा कि निजीकरण के लिए मनमाना प्रयोग कर लखनऊ की बिजली व्यवस्था को पटरी से उतारने की कोशिश है। संघर्ष समिति ने कहा कि बिजली कर्मियों से बिना विचार विमर्श किए केवल निजीकरण की पृष्ठभूमि बनाने के लिए हजारों की तादाद में सभी वर्गों के पदों को समाप्त किया जा रहा है। सभा में ओपी सिंह, जिउतलाल, संदीप कुमार, अंकुर पांडेय माैजूद रहे।
छठ पर बरामद किया मोबाइल, लौटाया
छठ पूजा के दौरान राजघाट पुल पर सोमवार को कोनिया निवासी सोनम सेठ का गुम मोबाइल आदमपुर पुलिस ने सर्विलांस से ढूंढ़कर लौटाया। मोबाइल पाकर पीड़िता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
पांडेयपुर ओवरब्रिज पर ऑटो पलटा, छह घायल
पांडेयपुर ओवरब्रिज पर सोमवार को ऑटो अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराकर पलट गया। जिसमें ऑटो सवार छह लोग घायल हो गए।घायलों को कैंट पुलिस ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि ऑटो चालक अरविंद पांडेय निवासी गरखड़ा सिंधोरा और फरीदपुर निवासी बालेंद्र पांडेय, रेखा पांडेय, गीता पांडेय, पूजा पांडेय और चंदन पांडेय घायल हो गए। चिकित्सकों के अनुसार सभी खतरे से बाहर हैं।
मॉडल बायलॉज से राजातालाब में होगा चुनाव, बार का फैसला
दी तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब का चुनाव मॉडल बायलॉज के अनुसार ही होगा। सोमवार को बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ ने घोषणा की। इस मामले को लेकर राजातालाब तहसील में विवाद चल रहा था। अध्यक्ष ने चुनाव की तिथि तय कर दी थी। इसे लेकर महामंत्री अमृत सिंह पटेल ने राज्य विधिज्ञ परिषद उत्तर प्रदेश में शिकायत की थी।
महामंत्री का आरोप था कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देशों के विपरीत बगैर मॉडल बायलॉज लागू किए विधि विरुद्ध तरीके से राजातालाब में चुनाव करवाया जा रहा है। शिकायत पर बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश ने मॉडल बायलॉज लागू करने के बाद ही चुनाव के निर्देश दिए। नई व्यवस्था के तहत सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस अनिवार्य होगा। सीओपी न होने पर कोई भी अधिवक्ता मतदाता, प्रत्याशी या चुनाव कमेटी का सदस्य पदाधिकारी नहीं बन सकेगा। अध्यक्ष के लिए 25 साल, महामंत्री के लिए 15 साल का अनुभव अनिवार्य होगा।
आज बंद रहेंगे 12वीं तक के सभी स्कूल
महापर्व छठ के दृष्टिगत 28 अक्तूबर को कक्षा 12वीं तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में अवकाश रहेगा। शनिवार की देर शाम जिला विद्यालय निरीक्षक ने आदेश जारी कर जानकारी दी। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देशानुसार छठ पूजा के दृष्टिगत जिले के सभी प्री प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालय में अवकाश होगा।
अशोक वर्मा बने एडीआरएम ऑपरेशन
अशोक कुमार वर्मा ने सोमवार को पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक एडीआरएम ऑपरेशन का चार्ज लिया। इससे पहले वह उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर के पद पर तैनात थे। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक कर चुके अशोक वर्मा इंडियन रेलवे सर्विसेज ऑफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स के वर्ष 1999 बैच के अधिकारी हैं।
6 सफाई सुपरवाइजरों की सेवा समाप्त
मोबाइल डिवाइस में छेड़छाड़ करने पर नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सोमवार को आउटसोर्सिंग पर कार्यरत छह सफाई सुपरवाइजरों की सेवा समाप्त कर दी है। इन सुपरवाइजरों ने सफाईकर्मियों की उपस्थिति के लिए संचालित मोबाइल डिवाइस में छेड़छाड़ की थी। इन सुपरवाइजरों में बंगाली टोला के यजुवेंद्र सिंह, सिकरौल के अनुपम, लालपुर मीरापुर बसहीं के भरत बलराम भूषण, कालभैरव के बेलाल अहमद, हनुमान फाटक के पिंटू जायसवाल और बंगाली टोला के चंदन पटेल हैं।
हरियाली के साथ फ्लाईओवर के नीचे होगा विकास कार्य
कैंट स्टेशन के सामने चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे अर्बन प्लेस मेकिंग का काम होगा। यहां पर हरियाली के लिए नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने स्मार्ट सिटी को प्रस्ताव तैयार करने की जिम्मेदारी दी है। दरअसल यहां कैंट स्टेशन के के सामने उतरने वाले यात्रियों के लिए बेहतर वातावरण मिले। इसके लिए यहां सुविधाओं का विकास होना है।
हरियाली के लिए यहां पर इस प्रकार का काम होगा ताकि कम से कम जगह में पौधे रहें। पर्यावरण के साथ साथ हरियाली होने से यहां आने वालों को सुकून भी मिलेगा। पूरे जगह पर पहले हरियाली को जगह देने के बाद ही अन्य कार्य कराए जाएंगे। यहां पर पहले की तरह दुकानें नहीं होंगी बल्कि यहां आने वाले यात्रियों क लिए कुर्सियों होंगी। आसपास पूरा वातावरण हरियाली आधारित होगा। आकर्षक लाइटिंग इन हरियाली के बीच सुंदरता को चार चांद लगाएंगी।
चार दिशाओं में होंगे निगम के चार जोनल कार्यालय
आने वाले दिनेां में नगर निगम में पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी और दक्षिणी जोन होंगे। इनमें अपर नगर आयुक्त और सहायक नगर आयुक्त के रूप में अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। ये चारों जोन के प्रभारी अपने जोन के जिम्मेदार अधिकारी होंगे। ये अधिकारी पनी रिपोर्ट नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त को करेंगे। अभी जिन कामों के लिए लोगों को नगर निगम मुख्यालय आना पड़ता है। भविष्य में यहां न आकर सीधे लोग जोन कार्यालय पर जाएंगे। यही से सारे काम हो जाएंगे।
चाहे जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र हो, दाखिल खारिज, लाइसेंस, आदि से जुड़े सभी कार्य कराए जाएंगे। नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव पी गुरुप्रसाद की ओर से पत्र जारी किया गया है। इसके अनुसार वाराणसी नगर निगम को चार जोन में बांटा जाएगा। प्रदेश के नगर निगमों की तीन श्रेणी बनाई गई है। इनमें 20 लाख से अधिक जनसंख्या वाले 6 नगर निगम, 10 से 20 लाख के बीच की जनसंख्या वाले 6 नगर निगम और 10 लाख से कम की जनसंख्या वाले 4 नगर निगम को रखा गया है।
2913 फेरों में चलीं 199 पूजा विशेष ट्रेनें
छठ महापर्व के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 2913 फेरों में 199 पूजा विशेष ट्रेनें चलाई हैं। मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से देश के महानगरों और प्रमुख नगरों के लिए कुल 117 पूजा विशेष ट्रेनें 1551 फेरों में चलाई जा रही हैं।
इसके अलावा, 82 अतिरिक्त पूजा विशेष ट्रेनें पूर्वोत्तर रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से होकर देश के अन्य महत्वपूर्ण नगरों तक 1362 फेरों में संचालित की जा रही हैं। इस प्रकार, कुल मिलाकर 199 पूजा विशेष ट्रेनें 2913 फेरों में यात्रियों की सेवा के लिए उपलब्ध होंगी। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार, इस बार छठ पर्व पर यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों की संख्या को पहले के मुकाबले कहीं अधिक बढ़ाया गया है।
आईआईटी में शिक्षकों-कर्मचारियों ने ली सतर्कता की शपथ
आईआईटी बीएचयू में केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश से सतर्कता जागरूकता सप्ताह की शुरुआत की गई। सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी विषय पर सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा समारोह मनाया गया। निदेशक कार्यालय स्थित समिति कक्ष में निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने संस्थान के सभी अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। प्रो. पात्रा ने कहा कि सतर्कता केवल एक सप्ताह तक सीमित न रहे, बल्कि यह लगातार हो। ये हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी से जुड़ी है। हमें अपने रोज के कामों में ईमानदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को आत्मसात करना चाहिए।
63 छात्राओं ने कराया डाॅक्यूमेंट वेरिफिकेशन
प्रदेश भर के फार्मेसी कॉलेजों में एडमिशन के लिए वाराणसी की छात्राओं के लिए काउंसिलिंग राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में कराई जा रही है। तीसरे दिन सोमवार को 63 छात्राओं की काउंसिलिंग पूरी कराई गई। यह प्रक्रिया अभी 28 अक्तूबर तक चलेगी। प्रदेश भर के फार्मेसी कॉलजों में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा कराई जा चुकी है। अब प्रवेश के लिए काउंसिलिंग कराई जा रही है। कॉलेज के प्रधानाचार्य पीके सिंह ने बताया कि वाराणसी की जितनी भी छात्राएं हैं उनकी काउंसिलिंग राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में कराई जा रही है।
छात्रों ने ट्रांसपोर्ट नगर का किया भ्रमण
बीएचयू आईआईटी के छात्रों ने वीडीए अधिकारियों के साथ ट्रांसपोर्ट नगर योजना का भ्रमण किया। यहां के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के एमटेक एवं पीएचडी छात्रों ने परियोजना स्थल का शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण का नेतृत्व प्रो. एसके मंडल ने किया। उन्होंने छात्रों को परियोजना की डिजाइन से लेकर जमीनी क्रियान्वयन तक की प्रक्रिया के बारे में बताया। छात्रों ने प्राधिकरण के इस बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को देखकर गहरी रुचि व्यक्त की। छात्रों को बताया गया कि वीडीए की ओर से ट्रांसपोर्ट नगर योजना का निर्माण कार्य चल रहा है।
थाईलैंड के 138 साल पुराने विवि के साथ समझौता करेगा बीएचयू
बीएचयू थाईलैंड के 138 साल पुराने विश्वविद्यालय महाचुलालोंगकोर्न राजविद्यालय के साथ बौद्ध अध्ययन के लिए समझौता करेगा। 1887 में बने इस विवि का एक विशिष्ट प्रतिनिधिमंडल सोमवार को बीएचयू के कला संकाय स्थित पालि एवं बौद्ध अध्ययन विभाग में पहुंचा। यहां पर भारत और थाईलैंड के बीच पालि भाषा और थेरवाद बौद्ध परंपरा के माध्यम से भाषाई, दार्शनिक और सांस्कृतिक संबंधों पर चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने रिसर्च के साथ ही छात्र और प्रोफेसर एक्सचेंज की प्रक्रिया को स्वीकारा। संयुक्त सम्मेलन और अनुवाद कार्य की मदद से शैक्षणिक सहयोग के माध्यम से दोनों देशों के बीच संबंधों को बेहतर ही रखना है। इन सब मुद्दों पर समझौता ज्ञापन की सहमति बनाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने बीएचयू की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा और बौद्ध अध्ययन के क्षेत्र में इसके योगदान की सराहना की। कहा कि बीएचयू ने एमसीयू के थेरवाद परंपरा और विपस्यना साधना के संरक्षण और संवर्धन में अच्छी भूमिका निभाई है।
थाईलैंड से आईं विभागाध्यक्ष डॉ. फ्रमहा युत्थना सिरीवान और बीएचयू के पालि एवं बौद्ध विभाग के हेड डॉ. अरुण कुमार यादव ने कहा कि यह प्रस्तावित सहयोग वैश्विक बौद्ध अध्ययन को नई दिशा देगा। भारत तथा थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक पुल को और मजबूत करेगा।
765 के विवाह का लक्ष्य, 398 जोड़ों की हो चुकी शादी
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए वाराणसी में कुल 765 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य है। लग्न के अनुसार विवाह का कार्यक्रम शुरू हो चुका है। वाराणसी में अब तक 398 जोड़ों का विवाह हो चुका है। समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद्र दुबे ने बताया कि अब भी पंजीकरण जारी है। अविवाहित, विधवा के अलावा तलाकशुदा भी इस योजना का लाभ उठा सकती हैं।
विवाह के लिए निराश्रित कन्या, विधवा महिला की पुत्री, दिव्यांगजन अभिभावक की पुत्री को प्राथमिकता मिलेगी। इस योजना का लाभ उन सभी परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक हो और कन्या की आयु 18 ववर की आयु 21 वर्ष से अधिक है। प्रत्येक जोड़े पर एक लाख खर्च किए जाएंगे हैं। 60,000 कन्या के बैंक खाते में और 25,000 की विवाह विवाह के समय उपलब्ध करवाई जाएगी है। इसके अलावा 15 हजार रुपये आयोजन में खर्च किए जाएंगे।
दीपोत्सव में रोशन हुई खुशियों की दीपमाला
श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज टाउनहाॅल में अग्रसेन सेवा संस्थान की ओर से दीपावली महोत्सव का आयोजन हुआ। 500 से अधिक अग्र बंधुओं के परिवार ने महोत्सव में हिस्सा लिया। दीपों की जगमगाहट, मधुर संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजी यह संध्या समाजिक एकता, संस्कृति और उल्लास का जीवंत प्रतीक बनी। शुभारंभ महाराज अग्रसेन की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वल और माल्यार्पण से हुआ। संस्थान के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने स्वागत किया।
मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। बच्चों ने गणेश वंदना, महिलाओं ने हे शुभारंभ...ए राम आएंगे तो अंगना सजाएंगे... जैसे गीतों ने वातावरण को भक्ति और उल्लास से भर दिया। सचिन अग्रवाल ने संचालन किया।
बच्चों ने राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान जी का रूप धरकर एक अत्यंत सुंदर धार्मिक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान रंगोली प्रतियोगिता हुई। महोत्सव के संयोजक गिरधर अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, अनिल बंसल, अरुण अग्रवाल, हरे कृष्ण रस्तोगी, पंकज अग्रवाल और हरे कृष्ण अग्रवाल रहे। हरीश अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। श्वेता अग्रवाल एवं अल्पना अग्रवाल ने आयोजन में विशेष भूमिका निभाई।
सनकादिक मिलन के साथ रामलीला पूरी
सनक सनंदन की लीला के साथ एक माह तक चली आदि लाटभैरव की रामलीला का सोमवार की देर रात समापन हो गया। लोगों ने नम आंखों से यहां से विदा ली लेकिन इस वादे के साथ कि अगर प्रभु चाहेंगे तो अगले साल फिर मिलना होगा।
पीलीकोठी स्थित धनेसरा तालाब लीला स्थल पर आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्य स्वरूपों की विदाई दी गई। सनक, सनंदन, सनातन, सनत कुमार चारों मुनि प्रभु राम के दर्शन किए। भगवान राम ने षोडशोपचार पूजन करके मुनियों को विदाई दी। व्यास पंडित दयाशंकर त्रिपाठी ने आरती की, लीला का संयोजन सहायक व्यास पंकज त्रिपाठी, प्रधानमंत्री एडवोकेट कन्हैयालाल यादव, उपाध्यक्ष मनोज यादव, केवल कुशवाहा, श्यामसुंदर सिंह ने किया।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासभा के प्रदेश सचिव बने सुजीत
महानगर उद्योग व्यापार समिति (युवा मंच) के अध्यक्ष सुजीत गुप्ता को अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासभा का प्रदेश सचिव मनोनित किया गया है। नई दिल्ली कोर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. मोहित नवानी ने सुजीत गुप्ता को यह जिम्मेदारी सौंपी है। मनोनयन पर संपूर्णानंद पांडेय, आशुतोष मिश्रा, अमित तिवारी, प्रो. शंकर, डॉ. वैभव सिंह, हर्षित सिंह आदि ने बधाई दी है।
परिवार से बिछड़े 12 बच्चों को मिलवाया
बलुआ घाट पर व्रती महिलाएं गंगा नदी में खड़ी होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। रामनगर में कोदोपुर, सिपहिया घाट, शक्ति घाट,अ पिपरिया घाट व बलुआघाट पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। भीड़ के कारण बलुआघाट पर 12 बच्चे अपने परिवार से बिछड़ गए। घाट पर छठ पूजा समिति व भाजपा की ओर से लगाए गए कैंप में पहुंच बिछड़े बच्चों के परिवार ने जानकारी दी। कैंप में मौजूद लोगों ने अलाउंस कर बच्चों को उनके परिवार से मिलवाया। परिवार से बिछड़ीं दो बच्चियां कुछ बता नहीं पा रही थी। इन दो बच्चियों की फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल की गई। बाजार में उन्हें ढूंढ रहे परिजनों को लोगों ने बलुआघाट पर हो रहे अनाउंसमेंट की जानकारी दी। बच्चे के परिजन जब वहां पहुंचे तो बच्चे को देखकर फफक कर रोने लगे।
नगर आयुक्त ने कमियां दूर कराईं
छठ पूजा के प्रथम अर्घ्य से पूर्व सोमवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने रामनगर, बलुआघाट, कोदोपुर, सामनेघाट, रविदासघाट, अस्सी घाट का निरीक्षण किया। यहां की कमियों को दूर कराया। यहां पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल के लिए वाटर टैंकर की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ अस्थायी रूप से चेंजिंग रूम आदि की तैयारी देखी। उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
मौसम में बदलाव से बढ़े खांसी-अस्थमा के मरीज, अस्पतालों में 3 हजार से ज्यादा पहुंचे
मौसम में परिवर्तन के साथ अस्पतालों में सर्दी, खांसी, जुकाम और सांस के मरीज बढ़े हैं। जिला एवं मंडलीय अस्पताल समेत जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार को मरीजों की लाइन लगी रही। मंडलीय अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को 1632 मरीजों का इलाज हुआ, इनमें करीब 400 मरीज सर्दी, जुकाम और अस्थमा की शिकायत लेकर पहुंचे थे।
जिला अस्पताल में भी रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर पैथोलॉजी और फार्मेसी पर लाइन लगी रही। यहां सोमवार को 1545 मरीजों में 350 मरीजों में सर्दी जुकाम और सांस फूलने की समस्या रही। फिजिशियन डॉ. मनीष यादव के मुताबिक, इस समय मौसम में बदलाव के कारण सांस के मरीज बढ़े हैं।
इस दौरान विशेष सावधानी बरतें। बाहर निकलते समय मास्क पहनें, ठंडी चीजों के सेवन से बचें और पर्याप्त पानी पीते रहें। जिन लोगों को पहले से अस्थमा या एलर्जी की समस्या है, वह अपनी दवाइयों का नियमित सेवन करें। मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों का बेहतर तरीके से इलाज किया जा रहा है। अस्पताल में सभी प्रकार की दवाएं मौजूद हैं। मरीजों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।