फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today Fraud 5.10 lakh rupees FIR against four six people including two Kanwariyas injured

News: वाराणसी में 5.10 लाख की धोखाधड़ी, चार पर FIR, हादसों में 2 कांवड़ियों समेत छह लोग घायल; पढ़ें अन्य खबरें

Fri, 25 Jul 2025 05:40 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 25 Jul 2025 05:40 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी के कपसेठी थाने में चार लोगों के खिलाफ 5.10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, सड़क हादसों में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो कांवड़िए हैं। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today Fraud 5.10 lakh rupees FIR against four six people including two Kanwariyas injured
पुलिस ने दर्ज किया मामला। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में कपसेठी थाने में गुरुवार को चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कपसेठी के दिलावलपुर गांव के शिवम सिंह का आरोप है कि उसके भाई को नौकरी दिलाने के नाम पर 5.10 लाख रुपये ले लिए गए। पैसे की मांग करने पर अरविंद तिवारी, उसका भाई और पिता समेत चार लोगों ने जान से मारने की धमकी दी।

विज्ञापन


कपसेठी के दिलावलपुर गांव के शिवम सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि अकेलवा गांव निवासी अनुज कुमार उसके घर आता था। उसने भरोसा दिलाया कि वह उसके छोटे भाई हर्षित सिंह को जौनपुर के एक इंटर कॉलेज में बाबू की नौकरी दिलवा देगा। थानाध्यक्ष अरविंद सरोज ने बताया कि इस मामले में अरविंद तिवारी, शरद तिवारी, उपेंद्र तिवारी और अनुज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन


फर्जी पते पर पासपोर्ट बनाकर वाराणसी में रह रहे हिस्ट्रीशीटर को मिली जमानत
अपर सत्र न्यायाधीश (प्रथम) देवकांत शुक्ला की अदालत ने फर्जी पते पर पासपोर्ट बनाकर वाराणसी के जैतपुरा में रह रहे मऊ के हिस्ट्रीशीटर को गुरुवार को जमानत दे दी। सरवा, बिचलापुरा थाना सरायलखसी (मऊ) निवासी आरोपी शेख मुदस्सिर को एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी यूपी एटीएस के निरीक्षक कुलदीप सिंह गौर ने जैतपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि यूपी एटीएस को गलत नाम पते के फर्जी पासपोर्ट बनाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। एटीएस की फील्ड यूनिट आजमगढ़ और वाराणसी ने 24 वर्षीय शेख मुदस्सिर निवासी सरवा, बिचलापुरा, पोस्ट सरवा, थाना सरायलखसी (मऊ) को गिरफ्तार किया। इसके विरुद्ध अनेक अपराध दर्ज हैं और थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उक्त पासपोर्ट से शेख मुदस्सिर कई विदेश जा चुका है। उसको हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।

सड़क हादसों में दो कांवड़ियों समेत छह लोग घायल
वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर के कांवड़िया लेन पर सड़क हादसों में दो कांवड़िया, पति-पत्नी और दो दोस्त समेत कुल छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर भिजवाया। घायलों में दो कावंड़िया जटाशंकर सिंह (55) और हरिशंकर सिंह (50) शामिल हैं, जो कि बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने के बाद प्रयागराज अपने घर जा रहे थे।

वहीं प्रयागराज से वाराणसी के तरफ आ रहे बाइक सवार मुगलसराय निवासी विजय (25) और इनकी पत्नी सुनीता देवी (23) घायल हो गईं। लालपुर चट्टी गांव में नेशनल हाईवे पर बुधवार की देर रात वाराणसी से प्रयागराज जा रहे बाइक सवार नितिन कुमार बिंद और मिर्जापुर के शनि कुमार घायल हो गए थे।

विवाहिता की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर छितुपुर की रहने वाली विवाहिता प्रतिमा की मौत के बाद उनकी मां सीमा सिंह की शिकायत पर लंका थाने में पति, ससुर सहित अन्य के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के मामले में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने सीमा की शिकायत पर पति राहुल राय, ससुर योगेश सिंह, सास सीमा राय उर्फ जुगना, नंद निधि राय देवर शुभम राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

बसंत पट्टी गंगापुर की रहने वाली सीमा के अनुसार उनकी बेटी प्रतिमा की शादी राहुल राय के साथ अप्रैल 2024 में की थी। शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। 23 जुलाई को वह फंदे पर लटकी मिली थी। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मुकदमा दर्ज करके जांच में जुटी है।

छेड़खानी और रंगदारी के मामले में मिली जमानत
नाबालिग बच्चों से छेड़खानी करने और उनकी अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) नितिन पांडेय की अदालत ने कन्दवा, मंडुवाडीह निवासी आरोपी अनूप केशरी को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।

अभियोजन पक्ष के अनुसार मंडुवाडीह थाना क्षेत्र की निवासी एक महिला ने मुकदमा दर्ज कराया था। उसके पति व्यापार के काम से सुबह घर चले जाते हैं और वह शिक्षिका है। घर पर उसके दोनों बच्चे अकेले रहते हैं। अनूप केशरी प्रार्थी के घर आता था दोनों बच्चों के साथ अश्लील हरकत करता था। एक दिन उसने बच्चों के पास रहने वाले मोबाइल को देखा तो इसमें आरोपी उनके बच्चों के साथ जो हरकते कर रहा था।

वंदे भारत एक्सप्रेस में महिला यात्री से अभद्रता का आरोप
नई दिल्ली- वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में बुधवार रात एक महिला यात्री से अभद्रता हो गई। महिला ने आरोपी कैटरिंग मैनेजर के खिलाफ रेलवे कंट्रोल 139 पर शिकायत की। लेकिन कैंट स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। महिला गाड़ी संख्या -22416 वंदे भारत एक्सप्रेस में नई दिल्ली से वाराणसी तक की यात्रा कर रही थी। महिला की शिकायत रेलवे कंट्रोल नंबर 139 पर की गई। आरपीएफ के अनुसार आरोपी की तरफ से माफीनामा और शिकायतकर्ता की सहमति के बाद दोनों चले गए।

रेलवे लाइन पार करने पर भरवाया 12 बाल्टी पानी
बाबतपुर रेलवे स्टेशन पर तैनात एक आरपीएफ के जवान पर आरोप लगा है कि रेलवे लाइन पार कर रहे दो सगे भाइयों से फोटोकॉपी कराने और 12 बाल्टी पानी भरने के साथ 500 रुपये का अर्थदंड लगाया। मंगारी गांव के कन्हैया लाल (25) ने वीडियो जारी कर कहा कि वह अपने भाई पवन कुमार (16) के साथ बाजार जा रहा था।

प्लेटफार्म पर पहुंचते ही आरपीएफ के जवान ने इसे गैर कानूनी बता दिया। आरोप है कि जेल में बंद करने की धमकी देते हुए पवन कुमार से 12 बाल्टी पानी भरवाया और बड़े भाई को एक कागज देकर बोला जाओ 50 पेज फोटो स्टेट करवा लो और इसका पैसा भी उसी ने चुकाया। उसके बाद भी दोनों भाइयों से अर्थ दंड के नाम पर 500 रुपये लिया।

Varanasi News today Fraud 5.10 lakh rupees FIR against four six people including two Kanwariyas injured
पुलिस ने दर्ज किया मामला। - फोटो : अमर उजाला

अतिक्रमण पर 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा
बीएचयू गेट से नरिया और रविदास गेट से मालवीय प्रतिमा तक सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले 9 लोगों पर लंका थाने में बृहस्पतिवार मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं 40 लोगों पर धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई। 30 ठेले खोमचे को नगर निगम के सचल दस्ते की मदद से किया गया जब्त किया गया। 

अतिक्रमण की वजह से मुख्य मार्गों पर हर समय जाम की समस्या बनी रहती है। कई बार तो जाम ऐसा रहता है कि 200 मीटर तक रास्ता तय करने में 10 मिनट से भी ज्यादा समय लग जाता है। इससे बीएचयू में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के साथ-साथ एंबुलेंस को भी काफी देर असुविधा का सामना करना पड़ता है।

एसीपी भेलूपुर ने बताया कि भोगावीर के विक्की सोनकर, संदीप यादव, निवासी थाना लंका, नगवा के संजय सोनकर, भोगावीर के मोनू सोनकर, मजाकी भवन नगवा के संजय सोनकर, बालाजीनगर काॅलोनी भगवानपुर के आदित्य कुमार राय, राजेंद्र प्रसाद और अजय यादव निवासी, वहीं गंगा बाग कालोनी के संजय सोनकर के खिलाफ मुकदमा किया गया।

शोध छात्रा की मौत के मामले में करेंगे आंदोलन
जम्मू-कश्मीर की शोध छात्रा नाजुक हसीन की बीएचयू में मौत के मामले को लेकर गुरुवार को रामकटोरा स्थित समता भवन में लोकतंत्र सेनानी कुंवर सुरेश की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान दो अगस्त से आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया। तय किया कि लोगों को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा। सीपीआई नेता हीरालाल ने इस मामले में बीएचयू प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। इस मौके पर वरिष्ठ समाजवादी नेता डॉ. सूबेदार सिह, दुर्गा प्रसाद, जयशंकर पांडेय, राजद नेता सुरेंद्र यादव सपा महानगर अध्यक्ष दिलीप डे मौजूद रहे।

बीएचयू में इलाज का फर्जी क्लेम कराने वाले रिटायर्ड अधिकारी पर मुकदमा
फर्जी मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर सरकारी धन की प्रतिपूर्ति कराने के आरोप में संयुक्त विकास आयुक्त कार्यालय की तहरीर पर सेवानिवृत्त संयुक्त विकास आयुक्त गोविंद लाल श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा किया गया। जांच शुरू हो गई है। गोविंद लाल पर आरोप है कि उन्होंने बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल स्थित जिरियाट्रिक विभाग के प्रोफेसर एसएस चक्रवर्ती के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर लगाकर चिकित्सा प्रतिपूर्ति क्लेम प्रस्तुत किया। 

इस मामले में जब संयुक्त विकास आयुक्त कार्यालय ने बीएचयू प्रशासन से दस्तावेजों की पुष्टि कराई, तो पता चला कि इलाज से संबंधित दस्तावेजों पर न तो प्रो. चक्रवर्ती ने हस्ताक्षर किए और न ही वहां कोई डॉ. एसएन सिंह नाम का मेडिकल ऑफिसर कार्यरत है। ऐसे में सबंधित दस्तावेज फर्जी प्रतीत होते हैं। इसके बाद आयुक्त, वाराणसी मंडल की ओर से प्रशासनिक अधिकारी संजीव कुमार कनौजिया ने थाने को तहरीर भेजते हुए मुकदमा कराया।

चारपाई पर सो रही वृद्ध महिला की सर्पदंश से मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमौली भगतुआ निवासी हीरामनी देवी (75) की बुधवार रात सर्पदंश से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि हीरामनी कमरे में सो रही थी। रात 2 बजे उन्हें घबराहट की शिकायत होने लगी। जब परिवार के लोगों ने पास जाकर देखा, तो उनके माथे पर दो स्थानों पर किसी जीव के काटने के निशान पाए गए।

परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, उनके मुंह से झाग आ रहा था। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी हालत बिगड़ चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

मांस लदा ऑटो बनकट शिव मंदिर के पास पलटा
चौबेपुर के बनकट गांव के पास हाईवे पर शिव मंदिर के सामने मंगलवार सुबह एक ऑटो असंतुलित होकर पलट गया। ऑटो में मांस भरा हुआ था। ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर ऑटो को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मांस का सैंपल जांच के लिए लैब भेजा गया है। वाहन को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मेड़बंदी का पत्थर उखाड़ने में चार पर मुकदमा
सिंधोरा थाना क्षेत्र के हीरामनपुर गांव में मेड़बंदी के बाद लगाए गए पत्थर को उखाड़ने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। हीरामनपुर निवासी ओमप्रकाश पाठक ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम ने मेडबंदी करवाई थी। रामधनी प्रजापति, सोनू प्रजापति और दो महिलाओं ने पत्थरों को उखाड़ दिया। विरोध करने पर धमकी दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

खेत में बकरी घुसने पर मारपीट
लंका थाना क्षेत्र के रमना निवासी नीतू देवी ने मनजीत पटेल, संजीत पटेल और उनकी मां देवी के खिलाफ बृहस्पतिवार को मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि बीते 22 जुलाई की शाम 6 बजे खेत में बकरी चले जाने पर गाली गलौज की। विरोध करने पर सभी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

घर खाना खाने जा रहे युवक की पिटाई, 4 के खिलाफ मुकदमा
भेलुपुर थाना क्षेत्र में ड्यूटी पूरा कर घर जा रहे युवक पर लाठी डंडा से हमला करने का आरोप लगा है। फारूकी नगर बजरडीहा में किराए पर रहने वाले बल्लू की तहरीर पर क्षेत्र के निवासी अलाव, इकरार, यासमीन और रेयाज के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

तीन क्रेडिट कार्ड से चार लाख रुपये कटे, मुकदमा 
अंजान कॉलर से बात करते हुए सारनाथ थाना क्षेत्र में तीन क्रेडिट कार्ड से 4 लाख रुपये निकाल लिए गए। साइबर ठगी के इस मामले में सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। लेढ़ुपुर के साई धाम कालोनी के अजित कुमार यादव ने बताया कि मोबाइल पर दो अज्ञात नंबरों से फोन आया, जिसे उठाने के बाद बातचीत की और इसी दौरान तीन क्रेडिट कार्ड से चार लाख रुपये कट गए। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
भेलुपुर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की एक किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने वाले रंजनदास को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से गिरफ्तार किया। किशोरी को भी वहीं से बरामद किया है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 21 जुलाई को किशोरी के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

किशोरी के अपहरण का आरोपी बाल अपचारी पकड़ा गया
जंसा थाने की पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर बाल अपचारी को पकड़ा है। आरोप है कि बाल अपचारी ने एक किशोरी का अपहरण किया था। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर परमपुर अंडरपास के पास से वांछित बाल अपचारी को पकड़ा है। किशोरी को भी ढूंढ निकाला गया। पूछताछ में बाल अपचारी ने पुलिस को बताया कि वह किशोरी को पहले से जानता थ्पा। विवाह की नीयत से घर से भागे थे। आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। किशोरी को उसके परिजनों के साथ भेजा गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ ने बिहार के युवक का लौटाया बैग
सिकंदराबाद एक्सप्रेस में कोच बी चार में आरपीएफ को लावारिश बैग मिला। उसमें दवा का पर्चा, दवाइयां और जेवरात मिले। साथ ही रेलवे का टिकट भी मिला। टिकट के आधार पर बिहार के थाना धांसूई सुगंधा के विकेश कुमार को गुरुवार को बैग लौटाया गया।

जल निकासी की व्यवस्था न होने से परेशानी, प्रदर्शन
जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से परेशान सीर गोवर्धनपुर के लोगों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। समाजवादी बाबा साहेब आंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने कहा कि नगर निगम की अनदेखी से क्षेत्रीय लोग परेशान हैं।

जल निकासी नहीं होने से दलित बस्तियों में गंदा पानी घरों में घुस रहा है। सड़कों पर गंदा पानी भरा है। कई लोग बुखार, संक्रमण और अन्य बीमारियों पीड़ित हैं। बिजली के खंभों में करंट आ रहा है, जिससे जान का खतरा बना हुआ है। लोगों ने नगर निगम से जल निकासी की व्यवस्था कराने, फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में मुन्नीलाल, सूरज, पन्नालाल, सुनीता, सितारा देवी शामिल रहे। 

यूपी पुलिस के सिपाहियों को मिलेगा डाक बीमा का लाभ
यूपी पुलिस के सिपाहियों को डाक बीमा का लाभ मिलेगा। इस बारे में गुरुवार को बनारस परिक्षेत्र के पोस्ट मास्टर जनरल कर्नल विनोद कुमार ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से मुलाकात की। कर्नल विनोद ने बताया कि डाक विभाग के कर्मचारी थानों और कार्यालयों में जाकर पुलिसकर्मियों को योजनाओं की जानकारी देंगे।अभियान में डाक अधीक्षक भी शामिल होंगे। यह अभियान वाराणसी के सभी उपमंडलों में शुरू किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त ने जवानों के कल्याण के लिए अभियान में सहयोग करने का भरोसा दिलाया है। कर्नल विनोद ने बताया कि डाक विभाग में प्रधान मंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत सिर्फ दो रुपये सालाना खर्च पर दो लाख रुपये का एक्सीडेंटल डेथ और डिसेबिलिटी का बीमा सुविधा उपलब्ध है। यह सुविधा बनारस के सभी डाक घरों में आसानी से ली जा सकती है। इसके लिए पोस्ट ऑफिस में एक बचत खाता खुलवाना होगा। 

पुलिस उत्पीड़न खिलाफ डीएम को सौंपा ज्ञापन
पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन ने गुरुवार को जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। संगठन के महासचिव अभिषेक निगम के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी को समस्याओं के बारे में बताया।

महासचिव ने कहा कि फेरी पटरी वालों का पुलिस उत्पीड़न कर रही है। साथ ही धारा 170 के तहत मुकदमा दर्ज कर रही है। इसकी शिकायत टाउन वेंडिंग कमेटी अध्यक्ष नगर आयुक्त अक्षत वर्मा से की गई है। नगर आयुक्त ने पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर उत्पीड़न रोकने को कहा है। बावजूद इसके थाना दशाश्वमेध, कोतवाली, लंका, सिगरा अन्य थानों पर पुलिसिया उत्पीड़न जारी है। 

डीएम ने कहा कि सभी विभागों के उच्च अधिकारियों से जल्द ही संवाद स्थापित कर स्ट्रीट वेंडरों की समस्या दूर कराई जाएगी। जल्द वेंडिंग जोन बनाकर स्थापित कराया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में सेंटर बार एसोसिएशन प्रबंध समिति सदस्य अधिवक्ता आशीष शर्मा, शशांक श्रीवास्तव, गोपाल सिंह, शशि राय, लक्खू सोनकर आदि शामिल रहे।

कार का हेलमेट न पहनने पर 1000 का हुआ चालान
एक युवक का ट्रैफिक पुलिस ने बिना हेलमेट पहने कार चलाने के आरोप में एक हजार रुपये का चालान कर दिया। जुर्माने के बारे में मैसेज देखकर युवक दंग रह गया। पहले तो युवक ने जुर्माने को गलती मानकर नजरंदाज कर दिया, लेकिन बाद में चेक करने पर उसे आया चालान का मैसेज सही निकला। रोहनिया के रहने वाले युवक ने बताया कि उसकी कार घर पर खड़ी थी, इसी दौरान मैसेज आया है हेलमेट न लगाने पर एक हजार का चालान हो गया है।

चौपाल में किसानों की संख्या रही कम, डीएम अफसरों पर हुए नाराज
सेवापुरी के चकलोला गांव स्थित इंटर कॉलेज में गुरुवार दोपहर बाद चौपाल का आयोजन किया गया। डीएम सत्येंद्र कुमार समय से पहुंच गए, लेकिन चौपाल में संख्या कम देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। वह कुछ देर चौपाल में रुके और लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्टॉल का भी निरीक्षण किया। यूनियन बैंक शाखा सेवापुरी की ओर से लगाए गए स्टॉल पर पहुंचकर वहां बनाए जा रहे किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी ली। 

काम की धीमी प्रगति देख वह नाराज हुए और बैंक कर्मचारियों को फटकार लगाई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के पंडाल में दो लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया, विभाग द्वारा कुटीर उद्योग खोलने के लिए आसान ब्याज पर लोन देने की व्यवस्था है। कर्मचारियों का कहना है कि समय से जन चौपाल के बारे में प्रचार प्रसार न होने के चलते किसान नहीं पहुंच पाए।

Varanasi News today Fraud 5.10 lakh rupees FIR against four six people including two Kanwariyas injured
वाराणसी में उमस भरी गर्मी। - फोटो : अमर उजाला

35.2 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान
काशी में गुरुवार की सुबह बादल और ठंडी हवा संग हल्की बूंदाबांदी से हुई। हालांकि सुबह 9 बजे के बाद पारा बढ़ने लगा। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री ऊपर 35.2 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा 29 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी 90 फीसदी से ज्यादा रही, जिससे उमस बढ़ गई। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बनारस में अगले दो दिन बारिश का यलो अलर्ट है। हालांकि बूंदाबांदी कराकर बादल वापस लौट जाएंगे। 

Varanasi News today Fraud 5.10 lakh rupees FIR against four six people including two Kanwariyas injured
IIT BHU - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू के जेआर बने ट्रिपल आईटीएम ग्वालियर के कुलसचिव
आईआईटी बीएचयू के संयुक्त कुलसचिव (ज्वाइंट रजिस्ट्रार- जेआर) राजन श्रीवास्तव को अटल बिहारी वाजपेयी ट्रिपल आईटीएम और प्रबंधन संस्थान ग्वालियर का कुलसचिव नियुक्त किया गया है। वे इस पद पर तीन वर्ष की प्रतिनियुक्ति पर रहेंगे। इससे पहले राजन श्रीवास्तव आईआईटी बीएचयू में कार्यवाहक कुलसचिव के रूप में साढ़े चार वर्षों तक थे। 14 दिन पहले कुलसचिव का अतिरिक्त प्रभार खत्म हो गया और वापस संयुक्त कुलसचिव की जिम्मेदारी निभाते रहे।

इनके पास उच्च शिक्षा के क्षेत्र में तीन दशक का अनुभव है। प्रशासन और वित्त के क्षेत्रों में कई योगदान दिया है। 1996 में बीएचयू में सहायक कुलसचिव के रूप में ज्वाइन किया था। 2009 में उन्हें उप कुलसचिव पद पर पदोन्नत किया गया। 2012 में उप कुलसचिव और 2014 से संयुक्त कुलसचिव के रूप में विभिन्न प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का संचालन किए। 

Varanasi News today Fraud 5.10 lakh rupees FIR against four six people including two Kanwariyas injured
अग्निवीर भर्ती।

अग्निवीर : अगले सप्ताह तक रिजल्ट, 8- 9 नवंबर को होगी दौड़
भारतीय सेना की ओर से 30 जून से 10 जुलाई तक कॉमन एंट्रेंस एग्जाम का परिणाम अगस्त के दूसरे सप्ताह में जारी किया जा सकता है। सेना भर्ती कार्यालय वाराणसी के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि इस बार भी परिणाम रीजन वाइज मेरिट लिस्ट के रूप में जारी होने की उम्मीद है। अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से सूचित नहीं किया जाएगा। 

अभ्यर्थी इंडियन आर्मी के आधिकारिक पोर्टल joinindianarmy.nic.in पर अपना परिणाम देख सकते है। वेबसाइट पर स्क्रीन पर रीजन वाइज मेरिट लिस्ट के लिंक दिखाई देंगे। वहां से अपने रीजन की मेरिट लिस्ट डाउनलोड करने के लिए संबंधित पीडीएफ लिंक पर क्लिक करें। पीडीएफ खुलने के बाद उसे डाउनलोड कर लें और अपना रोल नंबर चेक करें। 

लिखित में सफल होने वाले उम्मीदवारों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। इसमें उम्मीदवारों की लंबाई, सीने की माप के साथ-साथ दौड़ का भी परीक्षण किया जाएगा। फिजिकल टेस्ट के लिए रैली भर्ती 8 और 9 नवंबर को है। एडमिट कार्ड फिजिकल टेस्ट से कुछ दिन पहले जारी किए जाएंगे।

स्कूलों में दी जाएगी अग्निवीर की जानकारी
अग्निवीर के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए सेना भर्ती कार्यालय की तरफ से स्कूलों में प्रोग्राम कराए जाएंगे। ताकि अग्निवीर के महत्व को बताया जा सके। सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने बताया कि प्रोग्राम से जागरुकता बढ़ाई जाएगी। जल्द ही स्कूल प्रशासन से बात की जाएगी। अगर विद्यार्थियों को सही समय पर अग्निवीर के फायदे के बारे में जानकारी मिल जाएगी तो आने वाले दिनों में भर्ती में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। प्रोग्राम से फायदे, फॉर्म कैसे भरे, क्या क्या सावधानी होनी चाहिए, कैसे तैयारी करे आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी।

Varanasi News today Fraud 5.10 lakh rupees FIR against four six people including two Kanwariyas injured
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू कराने की तैयारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने की तैयारी चल रही है। आईक्यूएसी कार्यालय में बृहस्पतिवार को बैठक में प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। 29 जुलाई को एक कार्यक्रम में शिक्षा नीति पर विशेष चर्चा की जाएगी। आईक्यूएसी निदेशिका प्रो. नंदिनी सिंह ने बताया कि पंत प्रशासनिक भवन के डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में चर्चा होगी। बैठक में प्रो. अंकिता गुप्ता, डॉ. अंबरीश राय, डॉ. दुर्गेश उपाध्याय, डॉ. प्रतिभा सिंह मौजूद रहे।

महामृत्युंजय मंदिर मार्ग पर सीवर की समस्या
दारानगर महामृत्युंजय मंदिर जाने वाले मार्ग पर सीवर की समस्या है। स्थानीयों ने बताया कि सीवर जमा होने से सड़क पर गंदा पानी भरा रहता है। सावन में मंदिर में दर्शन करने आने वाले भक्तों को इसमें से होकर गुजरना पड़ रहा है। क्षेत्र के पंडित विकास शास्त्री ने बताया कि कई बार जिला प्रशासन और नगर निगम से शिकायत की गई। इसके बाद भी निजात नहीं मिली है।

नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से न केवल स्थानीय लोगों बल्कि आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलकल के अनुसार वहां सीवर समस्या दूर कराने के लिए कर्मचारियों को भेजा गया है। 

थायरायड में गांठ से पीड़ित 10 मरीजों की सफल सर्जरी
आईएमएस बीएचयू के नाक, कान, गला विभाग में गुरुवार को दो दिवसीय वर्कशॉप के पहले दिन थायरायड में गांठ से पीड़ित 10 मरीजों की सफल सर्जरी की गई। ऑपरेशन थिएटर में चल रही सर्जरी का प्रतिभागियों को प्रसारण भी दिखाया। इस दौरान थायरायड में गांठ के कारण और इलाज की विधियों पर चर्चा की गई।

कार्याशाला का उद्घाटन आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने किया। उन्होंने इस तरह की कार्यशालाओं को चिकित्सकों के लिए उपयोगी बताया। कहा कि जिन दस मरीजों की सर्जरी गई है, वह सभी अब पूरी तरह स्वस्थ है। वर्कशॉप में यूपी, बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 30 डॉक्टरों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आधुनिक चिकित्सा संकाय के प्रमुख प्रो. संजय गुप्ता, प्रो. विश्वंभर सिंह, डॉ. एसके अग्रवाल, डाॅ. शिवा एस, डॉ. रामराज्य मौजूद रहे।

निगम की गोशालाओं से निकलने वाले गोबर का होगा बेहतर समाधान
मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने गुरुवार को शहंशाहपुर और छितौनी में निर्मित गोशालाओं का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। दोनों गोशालाओं से उत्सर्जित होने वाले गोबर को तकनीकी रूप से उचित प्रबंधन के लिए गोबर गैस प्लांट गोवर्धन एसपीवी फाउंडेशन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रबंधन कराने के निर्देश दिए।

दोनों गोशालाओं के निरीक्षण के दौरान मेयर ने परिसर के भीतर साफ-सफाई और गौवंशों के भरण पोषण, खाने पीने के बारे में जानकारी ली। मेयर ने दोनों गोशालाओं की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। अपने हाथों से गायों को चारा खिलाया। वहीं छितौनी के कान्हा उपवन गोशाला में नया शेड तैयार कर लगाने का निर्देश मुख्य अभियंता को दिया। मेयर ने दोनो गोशालाओं में पीपल, नीम, बरगद, पाकड़, महोगनी के पौधे लगाने के निर्देश दिए।

केवट समाज के नाव संचालन पर निषाद समाज में रोष
केवट समाज के नौका संचालन के विरोध में मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को दशाश्वमेध घाट पर बैठक की। इस दौरान निषाद समाज के नाविकों ने गैर निषाद समाज के लोगों के नौका संचालन पर रोष जताया। मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने कहा कि बाढ़ घटने के बाद गंगा में नाव का संचालन शुरू होगा।

अगर केवट समाज के लोगों ने नौका संचालन किया गया तो वे तेलियानाला सक्का घाट पर प्रदर्शन करेंगे। कहा कि अगर पुलिस प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो निषाद समाज के लोग आंदोलन करेंगे। बैठक में राकेश साहनी, राकेश निषाद, रामबाबू साहनी, मोनू साहनी, प्रमोद साहनी आदि मौजूद रहे।

बैंक के योजनाओं की दी जा रही जानकारी
केंद्र सरकार की ओर से वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान के तहत जिले के सभी 694 ग्राम पंचायतों में कैंप लगाकर अभियान चलाया जा रहा है। इसमें लोगों को बैंक की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। प्रधानमंत्री जन-धन खाता, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, अटल पेंशन योजना में नामांकन के बारे में बताया जा रहा है। साथ ही बंद खातों का री-केवाईसी कराया जा रहा है। एलडीएम अविनाश अग्रवाल ने बताया कि अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। सभी ग्राम पंचायतों में कैंप लगाने के लिए बैंकवार सारणी सभी बैंकों को भेजी गयी है। इस दौरान लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

11.5 किमी पैदल यात्रा कर यादव बंधुओं ने निभाई 42 साल की परंपरा
श्रावण मास के दूसरे गुरुवार को कटेसर के यादव बंधुओं ने बाबा विश्वनाथ के अभिषेक की परंपरा निभाई। 42 साल से अनवरत बाबा को दूध और जल चढ़ा रहे यादव बंधु 11.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा करके बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचे।

बृहस्पतिवार को कटेसर के यादव बंधुओं ने 1983 से चली आ रही परंपरा के अनुसार शोभायात्रा निकाली। एक हजार से ज्यादा यादव समाज के लोगों ने दूध से भरे बाल्टे सिर पर रखकर पारंपरिक नृत्य करते हुए दशाश्वमेध घाट पहुंचे। यात्रा कटेसर से प्रारंभ होकर राजघाट, मैदागिन, बुलानाला, चौक, नीचीबाग, ज्ञानवापी, बांसफाटक और गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध घाट पहुंची।

दशाश्वमेध घाट पर गंगाजल भरकर यादव बंधु हर-हर महादेव... का जयकारा लगाते हुए डेढ़सी पुल के रास्ते ढुंढिराज गणेश मंदिर से बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे। यादव बंधुओं ने बाबा विश्वनाथ को दूध और गंगाजल अर्पित कर अपनी परंपरा निभाई। इस दौरान राजकुमार यादव, रामनारायण, श्याम विजय, विजय यादव, रामलखन यादव, राजेश यादव, आत्मा पहलवान आदि शामिल रहे।

भीख मांगने वाले बच्चों को पकडेगी टीम, संस्थाओं में भेजे जाएंगे
अब भीख मांगने वाले बच्चों को भी पकड़कर संस्थाओं में भेजा जाएगा। संस्थाएं बच्चों को तीन महीने तक अपने पास रखकर समाज की मुख्य धारा से जोड़ेंगी। इसके बाद इनके परिजनों को बुलाकर सौंपा जाएगा।

सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि भीख मांगने वाले बच्चों को भी पकड़कर जिला प्रोबेशन अधिकारी के माध्यम से संस्थाओं को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने 19 ऐसे जगहों को चिह्नित किया है, जहां बड़ी संख्या में बच्चे भीख मांगते हैं। समाज कल्याण विभाग, नगर निगम, पुलिस प्रशासन, महिला कल्याण विभाग और अपना घर आश्रम को मिलाकर एक स्थायी टीम का गठन किया है।

विभागों को निर्देशित किया है कि अपना घर आश्रम से समन्वय स्थापित कर विभाग सड़क पर भीख मांग रहे बच्चों को पकड़कर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर महिला कल्याण विभाग के तहत संचालित संस्थाओं को सौंपें। इससे काशी की छवि अच्छी बनेगी। 

सीआईएसएफ जवानों ने विद्यालय परिसर में लगाए पौधे
लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ जवानों और अधिकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर काॅलेज में पौधरोपण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में पीपल, आम, अमरूद और जामुन के पौधे लगाए। सीआईएसएफ मुख्यालय के निर्देश पर एयरपोर्ट की मुख्य सुरक्षा अधिकारी सुचिता सिंह, कमांडेंट ने एयरपोर्ट परिसर, इकाई लाइन परिसर और आसपास कई तरह के पौधे लगाए। इस दौरान सहायक कमांडेंट राजू राम, कॉलेज के प्राचार्य ओमप्रकाश दुबे, निरीक्षक पीयूष कुमार, रमेश कुमार और कॉलेज के शिक्षक मौजूद रहे। 

नाइट मार्केट के लिए आज कमिश्नर से मिलेंगे सपा नेता
स्मार्ट सिटी योजना के तहत कैंट-लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे बसे नाइट मार्केट को नगर निगम ने 4 जुलाई की आधी रात को तोड़ दिया था। इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल शुक्रवार को 11 बजे कमिश्नर एस राजलिंगम से मुलाकात कर मांग पत्र देगा। यह जानकारी समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अध्यक्ष ने दी।

बीएचयू अस्पताल में तीन घंटे तक ठप रही जांच
बीएचयू अस्पताल में गुरुवार को तीन घंटे तक खून संबंधी जांच ठप रही। सीसीआई लैब के सर्वर में खराबी की वजह से यह समस्या आई। जांच न होने से काउंटरों पर भीड़ उमड़ पड़ी। सर सुंदरलाल अस्पताल बीएचयू में रोज आपीडी में करीब छह हजार से अधिक लोग इलाज के लिए आते हैं। यहां सीसीआई लैब में खून जांच की व्यवस्था है। बृहस्पतिवार को सुबह 9 बजे ओपीडी में आने के बाद डॉक्टर ने जिन्हें जांच लिखी, वे जब सीसीआई लैब पहुंचे तो पता चला कि सर्वर नहीं चल रहा है। इसलिए जांच नहीं हो पाएगी। दोपहर एक बजे तक सर्वर नहीं चला।

इस वजह से फीस काउंटर, रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। सीसीआई लैब के प्रभारी प्रो. एसपी मिश्रा ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे सर्वर सही हुआ। इसके बाद जांच शुरू करा दी गई। तीन घंटे तक जांच न हो पाने की वजह से शाम 6 बजे के बाद मरीजों की जांच की गई।

गंगा का जलस्तर पहुंचा 68.12 मीटर
गंगा के जलस्तर में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 68.37 मीटर दर्ज किया गया और शाम को यह 68.12 मीटर पहुंच गया था। जलस्तर में तीन सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गिरावट हो रही है। बावजूद इसके अभी भी आठ मोहल्ले बाढ़ से प्रभावित हैं और 14 बाढ़ राहत शिविरों का संचालन किया जा रहा है।

करणी सेना ने जिला अस्पताल में भर्ती संजय सिंह से की मुलाकात
पांडेयपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में गुरुवार को करणी सेना के जिला अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने भर्ती संजय सिंह से मिले। परिजन चंद्रभान सिंह से बातचीत कर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार और चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. प्रेमप्रकाश सहित इलाज कर रहे डॉ. शिवेश जायसवाल से मुलाकात की।

उन्होंने राजनीतिक दबाव में आकर बिना ठीक हुए ही घायल संजय सिंह को डिस्चार्ज करने पर कड़ी आपत्ति जताई। सीएमएस ने कहा कि उन्हें 13 तारीख को डिस्चार्ज किया गया है। लेकिन उन्हें अगर कोई दिक्कत है तो हम पुनः जांच करेंगे। चक्कर आने के सवाल पर न्यूरो के डॉक्टर को दिखाने की बात पर सहमति बनी, जो डीडीयू में नहीं है। वहीं जबरदस्ती डिस्चार्ज न करने का भी आश्वासन दिया गया। 

200 बुनकरों को दी गई योजनाओं की जानकारी
बनारस की पारंपरिक बुनकरी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मलदहिया स्थित एक होटल में आदित्य बिरला, बनारज़ी ग्रुप और जालान ग्रुप ने 200 बुनकरों के साथ बैठक की। वस्त्र मंत्रालय के नेतृत्व में हुई बैठक में बुनकरों को धागे बांटे गए। बैठक में वस्त्र मंत्रालय के अधिकारियों ने बुनकरों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्हें ब्रॉशर और यार्न सैंपल दिए गए। 

आदित्य बिरला ग्रुप के साड़ी श्रेणी प्रबंधक प्रदीप गरुड़ और साड़ी श्रेणी व्यवसाय विकास के डीजीएम कार्तिकेयन थंगावेल ने बुनकरों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने के टिप्स दिए। बनारजी के निदेशक आदिल कैसर ने कहा कि हमारा मिशन विरासत और सतता को जोड़ना है। बनारसी बुनकरों को पर्यावरण-हितैषी विकल्पों से सशक्त कर, हम वैश्विक पहचान और दीर्घकालिक विकास के लिए नए दरवाजे खोलते हैं। इस अवसर पर केशव जालान और अरुण कुमार कुरिल उपस्थित रहे। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने व्यक्त की शोक संवेदना
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कांग्रेस के पूर्व सभासद हरिशंकर सिंह एवं अब्दुल हई के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। बृहस्पतिवार को उन्होंने दोनों परिवार के लोगों से मिलकर शोक जताया। परिवार के लोगों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरी कांग्रेस कमेटी आप के लिए हर तरह से सदैव मजबूती से खड़ी रहेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने परिवार के लोगों से यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर मुझे तुरंत बताएं। मैं हर तरह से सहयोग के लिए तैयार रहूंगा। रामनगर के बाद प्रदेश अध्यक्ष ट्रामा सेंटर पहुंचे और अपराधियों के हमले में घायल चंदौली के फूलपुर के ग्राम प्रधान के रिश्तेदार का हालचाल जाना। इस दौरान राघवेन्द्र चौबे,ओमप्रकाश ओझा, फसाहत हुसैन बाबू, शमशाद खान, सतनाम सिंह उपस्थित थे।

शहीदाने कर्बला के बीसवें पर आज उठेंगे जुलूस, मजलिसें हुईं
इमाम हुसैन और शहीदाने कर्बला के बीसवें की पूर्व संध्या पर गुरुवार को अजादारों ने खिराजे अकीदत पेश की। सदर इमामबाड़ा और दरगाहे फातमान में इमाम हुसैन के रौजे पर जियारत कर लोगों ने नौहा और मातम किया। शुक्रवार को उनकी याद में मजलिसें होंगी। ताबूत और अलम के जुलूस उठाए जाएंगे।

दरगाहे फातमान में शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहा कि शिया समुदाय हर जुल्म के खिलाफ आवाज बुलंद करता है। शिवपुर, अर्दली बाजार, नक्खी घाट, लाट सरैया, दोषीपुरा, बड़ी बाजार, रसूलपुरा, जैतपुरा, कच्ची बाग, राजापुरा, चौहट्टा, पठानीटोला, मुकीमगंज, तेलियानाला, रामनगर आदि इलाकों में देर रात तक मजलिसें हुईं। 

जैतपुरा पीएचसी में जल्द शुरू होगी प्रसव की सुविधा
पीएचसी जैतपुरा में शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने प्रसव कक्ष के निर्माण का शिलान्यास किया। यहां जल्द ही प्रसव की सुविधा शुरू होगी। पहले यह स्वास्थ्य केंद्र किराये के मकान में चल रहा था। साल 2022 में यह अपने भवन में स्थानांतरित हुआ। विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार चिकित्सीय सेवाओं को लगातार बेहतर बना रही है। जल्द ही जैतपुरा पीएचसी में प्रसव की भी सुविधा शुरू हो जाएगी। कार्यक्रम में तारकेश्वर गुप्ता, संदीप चौरसिया, बबलू सेठ, पार्षद विवेक जायसवाल आदि मौजूद रहे।

हरियाली अमावस्या: पितरों का किया तर्पण, पीपल के बृक्ष की 108 बार परिक्रमा
श्रावण मास कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि पर गुरुवार को ''हरियाली अमावस्या'' मनाई जाएगी। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर दान-पुण्य किया। पिशाचमोचन कुंड पर पितरों का तर्पण कर नमन किया। पीपल वृक्ष की 108 परिक्रमा की। भगवान शिव, विष्णु जी की भी पूजा कर मनोवांछित फल की कामना की।

श्रावण कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि बुधवार की रात में 2:29 बजे शुरू हुई थी और बृहस्पतिवार की रात 12:41 बजे तक रही। पुनर्वसु नक्षत्र में सुबह श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। तीर्थ पुरोहितों ने संकल्प कराया। उन्हें दान-दक्षिणा दिया। बाढ़ की वजह से कुछ घाट पर ही पिंडदान श्राद्धकर्म हुए। ज्यादा भीड़ पिशाचमोचन कुंड पर रही। बाहर से आए लोगों ने भी श्राद्धकर्म कर अपने पितरों का तर्पण किया। ज्यादा लोगों ने पितृदोष दूर करने के लिए भी श्राद्धकर्म करवाया। इस तिथि पर भगवान विष्णु और शिव जी के अलावा दुर्गाजी एवं हनुमान जी की भी पूजा हुई। शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक करवाए।

डीपीएस में फेनेस्ट्रा में शामिल हुए 15 स्कूलों के 750 छात्र
दिल्ली पब्लिक स्कूल में गुरुवार को वाद-विवाद प्रतियोगिता फेनेस्ट्रा का आयोजन हुआ। महोत्सव में जिले के 15 नामचीन विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के 750 छात्र शामिल हुए। उद्घाटन मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल और विशिष्ट अतिथि कैंट रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर अर्पित गुप्ता ने किया। प्रथम दिन अलग-अलग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। 

छात्रों ने एआई मानवता के लिए अवसर से अधिक खतरा है, विषय पर शानदार प्रस्तुति दी। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से हम न केवल कौशल-कला सीखते हैं, बल्कि वैश्विक नागरिक बनने की दिशा में भी आगे बढ़ते हैं। डीपीएस के पहल की सराहना कर स्कूल काल की स्मृतियों को साझा किया। संचालन सारा असबाल और भार्गवी राय ने किया। इस दौरान प्रधानाचार्या मुनमुन सेन गुप्ता, एकेडमी हेड रोली मानखंड, एडमिनिस्ट्रेटिव हेड सुदीप बनर्जी उपस्थित रहे।

खंड शिक्षा अधिकारी ने अवैध रूप से संचालित मदरसा कराया बंद
चिरईगांव के जाल्हूपुर बाजार स्थित मस्जिद के पास अवैध रूप से संचालित एक मदरसे को बृहस्पतिवार को खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह ने बंद करा दिया। यह कार्रवाई गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत की गई। जानकारी के अनुसार, यह मदरसा एमआईए पब्लिक स्कूल के नाम से संचालित हो रहा था, जिसकी कोई वैध मान्यता नहीं थी। विद्यालय का संचालन अशरफ अली नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मौजूद अध्यापकों ने बताया कि विद्यालय का कोई वैध पंजीकरण नहीं है। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने बंद कराकर सभी बच्चों को घर भेजने का निर्देश दिया। खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह ने कहा कि भविष्य में यदि बिना मान्यता के विद्यालय संचालन की पुनरावृत्ति की गई तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य गैर मान्यता प्राप्त संस्थानों में हड़कंप मच गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed