फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi news today 4 dead in separate incidents truck driver kidnapped and robbed of 3.5 lakh up latest news

News: हादसों में चार लोगों की मौत, ट्रक चालक को अगवा कर साढ़े तीन लाख लूटे; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Wed, 18 Jun 2025 10:32 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Wed, 18 Jun 2025 10:32 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्र में कुल चार लोगों की माैत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ट्रक और कार की टक्कर के बाद कार सवार लोगों ने ट्रक चालक की पिटाई के बाद अगवा कर लिया। आरोप है कि उससे साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए।

विज्ञापन
Varanasi news today 4 dead in separate incidents truck driver kidnapped and robbed of 3.5 lakh up latest news
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi Hindi News: चौबेपुर थाना के मोकलपुर ढाब क्षेत्र में भैंस नहलाने के दौरान सोता में डूबने से युवक की मौत हो गई। एनडीआरएफ के गोताखोरों ने अपराह्न तीन बजे शव बरामद किया। मोकलपुर निवासी विष्णु पाल (22) सुबह 9 बजे घर से ढाब क्षेत्र सोता में भैंस नहलाने के लिए गया था।

विज्ञापन


कुछ देर बाद भैंस घर लौट आईं, लेकिन विष्णु नहीं आया। परिजन सोता के किनारे पहुंचे तो वहां विष्णु के कपड़े पड़े मिले। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने तुरंत गोताखोरों को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद अपराह्न 3 बजे विष्णु के शव को बाहर निकाला। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है। 
विज्ञापन


बबूल के पेड़ से लटका मिला युवक का शव
चौबेपुर थाना क्षेत्र के देवरिया धराधर गांव में मंगलवार दोपहर में खपड़िया बाबा मंदिर के सामने गंगा किनारे युवक का शव बबूल के पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चौबेपुर थाना प्रभारी ने जगदीश कुशवाहा ने बताया कि चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के हिनौता गांव निवासी अभय राज (20) का शव पेड़ से लटका मिला था। जेब से मिली मोबाइल पर फोन आने पर परिजनों ने पहचान की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

गंगा में डूबे किशोर का शव मिला
चंद्रावती भंदहां गांव के पास गंगा नदी के किनारे मंगलवार की दोपहर गंगा स्नान करते समय डूबे किशोर अमरजीत यादव का शव पानी में उतराया मिला। पंडापुर उगापुर गांव के अमरजीत यादव सोमवार की दोपहर अपने तीन साथियों के साथ गंगा स्नान करते डूब गया था। उसकी तलाश एनडीआरएफ की टीम ने देर रात तक की लेकिन नहीं मिला।

मंगलवार को दोपहर बाद शव उतराया मिला तो स्थानीय मल्लाहों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि किशोर का शव बरामद कर लिया गया है। पंचायत नामा कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया गया है। 

अजगरा गांव में पति से विवाद के बाद पत्नी ने फंदा लगाकर दी जान
चोलापुर थाना क्षेत्र की अजगरा गांव में विवाहिता ने मंगलवार को फंदे पर लटक जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अजगरा निवासी अनिल राय गुजरात में नौकरी करता है। उसकी पत्नी पूनम (40) अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहती थी। पति और पत्नी में जमीन के मामले को लेकर विवाद हुआ और देर शाम पूनम ने कमरे में फंदे पर लटक जान दे दी। 

Varanasi news today 4 dead in separate incidents truck driver kidnapped and robbed of 3.5 lakh up latest news
पुलिस ने दर्ज किया मामला। - फोटो : प्रतीकात्मक

कार सवारों ने ट्रक चालक को अगवा कर साढ़े तीन लाख लूटे
ट्रक और कार की टक्कर के बाद कार सवारों ने ट्रक चालक की पिटाई के बाद अगवा कर लिया। साढ़े तीन लाख रुपये लूटने के बाद 20 हजार रुपये यूपीआई से ट्रांसफर कराए। गोरखपुर तक ट्रक चालक की पिटाई की गई। ट्रक मालिक ने रोहनिया थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने ट्रक और चालक को बरामद किया है।

सोनभद्र के ओबरा निवासी उमेश कुमार राय ने पुलिस को बताया कि बलिया से ट्रक सोनभद्र आ रही था। सोमवार की रात ट्रक जैसे ही राजातालाब क्षेत्र में पहुंचा कि कार सवारों ने लापरवाही पूर्वक ट्रक से टकरा गए। कार सवारों ने ट्रक चालक वकील यादव की डंडे से पिटाई की और साढ़े तीन लाख रुपये लूटकर कार में चालक को बैठा लिया। 

इसके बाद वकील यादव के नंबर से फोन कर 1.20 लाख रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर चालक की हत्या की धमकी दी। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि चालक और ट्रक बरामद है। अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उस रूट पर लगे सीसी कैमरे और रजिस्टे्शन नंबर के आधार पर कार सवारों की पहचान कराई जा रही है।

थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि पूछताछ में पति ने बताया कि पिता की मौत के बाद पूनम दबाव बनाकर जमीन की वरासत अपने नाम कराना चाहती थी। ऐसा करने से मना कर रहा था। शाम को वह सब्जी पकाने की तैयारी में थी। अचानक कमरे में गई और पंखे की कुंडी के सहारे फंदा लगा दी। पूनम का मायका सिंधोरा के गड़खारा में है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

दवा लेने गए युवकों पर हमला, बाइक फूंकी
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के सुसुवाही में सोमवार की रात दवा लेने निकले तीन दोस्तों की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। बाइक में भी आग लगा दी। पीड़ित युवक के पिता ने चितईपुर थाने में दो नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मंगलवार को केस दर्ज कराया।

रोहनिया माधोपुर कोट छितौनी निवासी चंद्रभान सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा देव नारायण सिंह और उसके दोस्त शोभित सिंह और शिवम वर्मा की आरोपियों अमन राजपूत और अमन पाल व अज्ञात ने पिटाई की। शोभित के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। कुछ दूर जाकर सभी ने दोनों बाइक को फूंक दिया। चितईपुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि सीसीकैमरों से मामले की जांच कराई जा रही है। 

आंखों में मिर्च फेंक कर मारपीट, चार पर मुकदमा
आंख में मिर्च फेंक कर मारने के मामले में पुलिस ने चार लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। सभईपुर निवासी शीला देवी ने तहरीर में बताया कि मेरे पड़ोसी शेरू उर्फ जमुना प्रसाद, प्रमिला, सृष्टि, बिजली ने गाली दे रहे थे। विरोध करने पर मेरे पुत्र आनंद पटेल, विकास पटेल, व संदीप पटेल के आंखों में मिर्च डालकर पिटाई कर दी। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

मोबाइल चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
बड़ागांव पुलिस ने गलवार को कुड़ी गांव से दो मोबाइल चोरी के दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। इनके पास पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। थानाध्यक्ष ने बताया कि महफूज और सिकंदर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने कबूल किया कि वे दोस्त हैं और मिलकर मोबाइल तथा बकरी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

मारपीट के मामले में आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज 
चितईपुर थाना क्षेत्र के टिकरी के रहने वाले राकेश साहनी व टिंकू साहनी की तहरीर पर गांव के रहने वाले निखिल यादव, नितिन यादव, नीलू यादव, कल्लू यादव समेत आठ के खिलाफ मारपीट और धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि बीते 14 जून की रात सभी घर के बगल में स्थित खाद की दुकान पर खाद लेने के लिए गए थे। घात लगाए आरोपियों ने रॉड से हमला किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

फेसबुक पर दोस्ती और शादी का झांसा, केस दर्ज 
फेसबुक से दोस्ती और शादी का झांसा देकर शोषण मामले में आरोपी केखिलाफ लंका थाने में सोमवार की रात केस दर्ज किया गया। लंका थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला का आरोप है कि हैदराबाद गेट के पास रहने वाले कृष्णा राज ने दोस्ती की और शादी का झांसा देकर वीडियो कॉल पर देखा व शोषण किया। थाना प्रभारी के अनुसार मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

कार और वाहन की टक्कर, दो घायल
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र बिहड़ा गांव के पास हाईवे पर मंगलवार की दोपहर में कार में पीछे से अन्य वाहन ने टक्कर मर दी। इसमें दो बच्चे अब्दुल और एसल घायल हुए। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय कि भदोही के नवधन से कार सवार आ रहे थे। पीछे से दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी। घायल बच्चों को कछवा रोड स्थित एक निजी अस्पताल भर्ती करवाया। 

गैर इरादतन हत्या के दोषी को मिली दस साल की सजा
सड़क किनारे सोने-बैठने के विवाद में बुजुर्ग की पत्थर से वार कर हत्या के मामले मेंं विशेष न्यायाधीश प्रथम (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) अवधेश कुमार ने अरोपी जैनुअ आब्दीन को दोषी करार दिया है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायसुर्जन, बजरडीहा निवासी दोषी जैनुल आब्दीन को दस साल के सश्रम कारावास व 20 हजार रुपया जुर्माने की सजा सुनाई। 

एडीजीसी श्रवण कुमार रावत के अनुसार एक दिसंबर 2020 की रात में आईपी विजया माल के सामने सड़क किनारे पटरी पर सोने-बैठने और बैठने को अभियुक्त जैनुल आब्दीन का वृद्ध साधु से विवाद हो गया। अभियुक्त जैनुल ने पटरी के पास में पड़े पत्थरों से प्रहार कर साधु की हत्या कर दी। अगले दिन सुबह सड़क किनारे साधु का शव पड़े होने की जानकारी मिलने पर तत्कालीन क्षेत्रीय पार्षद ने इसकी सूचना भेलूपुर पुलिस को दी। 

आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मिली जमानत
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नितिन पांडेय की अदालत ने पूर्व पार्षद की पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी की जमानत मंजूर की। आरोपी अरविंद सिंह को एक-एक लाख रुपये की दो जमानते एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी विशाल वर्मा ने 7 जुलाई 2024 को कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उसकी बहन संध्या वर्मा ने फंदे पर लटक जान दे दी। 

दो की जमानत मंजूर
दुकान का ताला तोड़कर लूटपाट और रंगदारी के मामले में दो आरोपियों की जमानत विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) नितिन पांडेय की अदालत ने मंजूर कर ली। पांडेयपुर निवासी आरोपी अमित पाठक व पिशाचमोचन निवासी आनंद पांडेय को 75-75 हजार रुपये की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार सरायगोवर्धन, चेतगंज निवासी शकीला खातून ने चेतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

अफीम के साथ गिरफ्तार
रोहनिया के टडिया ओवरब्रिज के पास मंगलवार को पुलिस ने अफीम के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। रोहनिया प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि चुनार मिर्जापुर निवासी मुन्ना पांडेय को 50 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया है। 

अधिवक्ता और दरोगा ने दर्ज कराए एक दूसरे पर केस
अधिवक्ता अरविंद वर्मा और दरोगा आदित्यसेन सिंह के बीच विवाद बढ़ गया। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाना में मुकदमा दर्ज कराया। सोमवार की रात अरविंद वर्मा की तहरीर पर दरोगा आदित्यसेन सिंह समेत अन्य पर केस दर्ज किया गया। वहीं, मंगलवार को दरोगा आदित्यसेन ने अरविंद वर्मा, शैलेंद्र राय, रविंद्र समेत अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट समेत नौ आरोपों में केस दर्ज कराया। लालपुर-पांडेयपुर थाना इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मुकदमों में विवेचना कराई जा रही है। 

मकान निर्माण के दौरान दीवार गिरने से मजदूर की मौत
प्रह्लाद घाट स्थित चौहट्टा लाल खां क्षेत्र में मंगलवार को मकान निर्माण के दौरान दीवार ढहने से मजदूर की मौत हो गई। आदमपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिहार के भभुआ निवासी किशन (30) मजदूरी करता था। पिछले कुछ दिनों से वह विक्की गुप्ता के मकान निर्माण कार्य में लगा था। 

कार्य के दौरान अचानक एक नवनिर्मित दीवार गिर गई, इसकी चपेट में आकर किशन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं, इंस्पेक्टर आदमपुर ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।

करंट लगने से मकान से गिरकर मजदूर की जान गई
कैंट थाना क्षेत्र के सिकरौल में निर्माणाधीन मकान में मंगलवार को करंट लगने के बाद दो मंजिला मकान से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिवपुर कांशीराम आवास निवासी सुनील (25) सिकरौल के सूअरबाड़वा निवासी अरमान मलिक के निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा था।

साथी मजदूरों ने बताया कि सुनील तंबाकू खाने के लिए दूसरी मंजिल पर गया और हाईटेंशन तार की जद में कर नीचे गिर गया। उसे जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कैंट इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। 

Varanasi news today 4 dead in separate incidents truck driver kidnapped and robbed of 3.5 lakh up latest news
नगर निगम सदन में बैठक करते मेयर अशोक कुमार तिवारी। - फोटो : अमर उजाला

दोबारा अतिक्रमण करने पर दर्ज कराएं मुकदमा
मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक की। मुख्य मुद्दा अतिक्रमण रहा। मेयर ने कहा कि सभी जोनल अधिकारी अपने तैनाती जोन में टीम बनाकर भ्रमण कर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित करें और अतिक्रमण हटवाएं। दोबारा अतिक्रमण करने पर एफआईआर दर्ज कराएं। 

बैठक में मेयर ने कहा कि नगर निगम मुख्यालय के सामने अतिक्रमण और गंदगी करने वाले ठेलों को हटवाएं। गोदौलिया से दशाश्वमेध तक दोनों पटरियों पर महिलाएं सड़क पर फूल माला बेचती हैं। इससे आवागमन बाधित होता है। जोनल अधिकारी दशाश्वमेध को अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी दी। मैदागिन से विश्वेशरगंज तक नो वेंडिंग जोन में दुकानों को शिफ्ट किया जाए। 

बताया कि 19 जून से विजयानगरम मार्केट के अवैध अतिक्रमण हटवाए जाएंगे। इसी तरह चौकाघाट, अलईपुर रेलवे स्टेशन, मैदागिन पार्क, अस्सी क्षेत्र में भी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाए जाएंगे। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने संपत्ति कर और वसूली की समीक्षा की। कहा कि 31 जुलाई तक छूट दी जा रही है। अभियान चलाकर संपत्ति कर जमा कराएं। नामांतरण, दाखिल खारिज, जन्म मृत्यु प्रमाण-पत्र समय से जारी करें। इसमें किसी प्रकार का विलंब न हो।  

मिलावट के विरोध में व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
खाद्य सामग्री में मिलावट के खिलाफ जन जागरण अभियान के तहत मंगलवार को खाद्य व्यापार मंडल ने विरोध प्रदर्शन किया। प्ले कार्ड लेकर सड़कों पर उतरे व्यापारियों ने लोगों को मिलावट से बचने और शुद्ध खाद्य सामग्री अपनाने पर जोर दिया। सिगरा स्थित स्टेडियम के बाहर मुख्य मार्ग पर मिलावट से नाता तोड़ो, स्वास्थ्य से नाता जोड़ो, शुद्धता अपनाओ-सेहत बचाओ आदि जैसे संदेशों के प्ले कार्ड के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। 

खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष नवरतन राठी ने कहा कि प्रतिस्पर्धा और व्यक्तिगत रंजिश के चलते कई बार कारोबारियों के विरुद्ध झूठी शिकायतें भी की जाती हैं। अभियान में पुरुषोत्तम रामानी, राजू सिंह, गौरव राठी, दीपक मोदनवाल, सुरेश गिड़वानी, चरणजीत सिंह मौजूद रहे। 

पूर्व छात्र ने करवाया पिता का नेत्रदान
बीएचयू के पूर्व छात्र वीरेंद्र कुमार मौर्य ने अपने पिता पारसनाथ के निधन के बाद नेत्रदान करवाया। मूल रुप से सोनभद्र के लोहारा सुकृत निवासी पारसरनाथ ने बीएचयू अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में इलाज के दौरान सोमवार की रात अंतिम सांस ली।

क्षेत्रीय नेत्र संस्थान बीएचयू आई बैंक के चेयरमैन और नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रो. आरपी मौर्य ने बताया कि पिता के निधन के बाद बेटे वीरेंद्र मौर्य ने उनका नेत्रदान कराने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद बीएचयू आई बैंक की टीम में डॉ. माधव गोयल, आशुतोष त्रिपाठी और प्रतीक कुमार सिंह ने नेत्रदान करवाया। नेत्र सर्जन डॉ. माधव ने उनके बेटे वीरेंद्र कुमार मौर्य को नेत्रदाता परिवार सम्मान पत्र भी दिया। 

राज्य हथकरघा पुरस्कार के लिए आवेदन
जिले में हथकरघा बुनकरों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया अगस्त में शुरू होगी। इसमें उत्कृष्ट कार्य कर रहे बुनकरों को शासन के ओर से एक लाख रुपये नकद पुरस्कार के तौर दिया जाएगा। द्वितीय पुरस्कार के तौर पर 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के तौर पर 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। सहायक आयुक्त हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अरुण कुमार कुरील ने बताया कि राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चार श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। 

Varanasi news today 4 dead in separate incidents truck driver kidnapped and robbed of 3.5 lakh up latest news
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

सिटीजन एप और सीएमएस का प्रशिक्षण
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में वीडीए में सिटीजन एप और कंप्लेन मैनेजमेंट पोर्टल (सीएमएस) के संचालन के लिए प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य नागरिकों से प्राप्त शिकायतों के डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से त्वरित और पारदर्शी निस्तारण को सुनिश्चित करना था। विशेषज्ञों ने एप और पोर्टल के विभिन्न फीचर्स जैसे शिकायत पंजीकरण, ट्रैकिंग, फॉरवर्डिंग, निस्तारण प्रक्रिया और डैशबोर्ड मॉनीटरिंग के तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। इस प्रशिक्षण से अधिकारियों को तकनीकी दक्षता प्राप्त हुई। 

वीडीए ने अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई
वीडीए की ओर से मंगलवार को अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई। मुगलसराय वार्ड के कुंडा नदिया में 1 बीघे में अवैध रूप से प्लाॅटिंग नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके शमन मानचित्र दाखिल नहीं किया गया। मौके पर जोनल अधिकारी सिंह की मौजूदगी में प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई गई। 

संभव की जनसुनवाई में आईं 14 शिकायतें
अपर नगर आयुक्त विजय कुमार गुप्ता से आदमपुर के सतीश कुमार गुप्ता ने संपत्ति रजिस्टर से कंप्यूटर में नाम दर्ज कराने और अनधिकृत नाम हटवाने की गुहार लगाई। अपर नगर आयुक्त ने तत्काल इसकी जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मंगलवार को नगर निगम में हुई संभव जनसुनवाई में कुल 14 शिकायतें आईं। 

जनसुनवाई में मंडुवाडीह के हेमंत कुमार राय ने जल निकासी से जुड़ी शिकायत की। पांडेयपुर के आनंद कुमार ने नई सीवर लाइन डालने, खजुही सारनाथ के राकेश ने 35 मीटर सड़क बनवाने, नासिरपुर के रंजीत कुमार वर्मा ने नाली की मरम्मत, शिवदासपुर के रामकृष्ण रावत ने स्ट्रीट लाइट से जुड़ी शिकायत की। इसके अलावा लोहता के मोहम्मद सगीर ने नया नलकूप लगवाने, चौकाघाट के शनि कुमार सोनकर ने नई लाइट लगवाने, इनका समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों के पास शिकायती पत्र भेजा गया।

लोगों को किया जागरूक
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर स्वच्छता महाअभियान के तहत लोगों को मंगलवार को भी जागरूक किया गया। नगर निगम की आईईसी एक्सपर्ट सरिता तिवारी के नेतृत्व में बेसिक्स संस्था की ओर से आरंभ 6.0 के तहत सारनाथ के पंचक्रोसी सब्जी मंडी, शिवपुर सब्जी मंडी में 130 दुकानदारों को जागरूक किया गया। उधर डॉक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह के नेतृत्व में एआईआईएलएसजी टीम ने नगवां, दुर्गाकुंड, रानीपुर और विन्दुमाधव वार्डो लोगों को जागरूक किया गया। 

एक पेड़ मां के नाम अभियान में सभी विभाग करें पौधरोपण : डीएम
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक हुई। जिले में 1697520 पौध रोपण का लक्ष्य आवंटित है। प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति ने बताया कि पौधशाला में करीब 30 लाख से अधिक पौध उपलब्ध है। डीएम ने कहा कि सभी विभाग अपने अपने लक्ष्य के अनुसार पौध मांग पत्र वन विभाग कार्यालय को उपलब्ध करा दें। 

पौध मांग पत्र में रोपित किये जाने वाले पौधों की प्रजातियों का चयन अवश्य करें। उन्होंने में एक पेड़ मां के नाम पौध रोपण करने हेतु समस्त विभागों से अपील किया। डीएम ने कहा कि सभी राजकीय कर्मचारी द्वारा कम से कम एक पौध अवश्य रोपित किए जाए। उन्होंने जनपद में कम्युनिटी प्लांटेशन के साथ ही किसानों को व्यक्तिगत रूप से फलदार पौध देकर व्यक्तिगत पौधरोपण को प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए। 

बिजली कर्मियों ने उठाया स्थानांतरण का मुद्दा
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव का विरोध करने के बीच कर्मचारियों ने स्थानातंरण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। चौकाघाट बिजली उपकेंद्र पर आयोजित सभा में पदाधिकारियों ने बताया कि न केवल बैक डेट में स्थानांतरण किया गया। चेतावनी दी कि यदि 18 जून तक मांग पूरी नहीं हुई तो 19 जून से प्रबंध निदेशक कार्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान तहसीलदार यादव, राजेन्द्र जोशी, पंकज यादव, जैस कुमार मौजूद रहे। 

शिक्षकों की सेवा बहाली पर उठाई आवाज
श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में प्रबंधकीय शिक्षकों को सेवा मुक्त करने और बढ़ी फीस को लेकर विरोध शुरू हो गया। मंगलवार को कॉलेज के दो शीर्ष अधिकारियों ने डीएम से लिखित शिकायत की है। बताया गया है कि पहले तो ढ़ाई महीने से उनका वेतन नहीं मिला फिर अचानक से वाट्सएप पर नोटिस भेज दिया गया। ये भी आरोप लगाया कि शीर्ष अधिकारी और निर्वाचित प्रबंधन समिति की ओर से तीन वर्षों से उत्पीड़न किया जा रहा है। 

छात्रों ने शिकायत कर कहा कि शासन की ओर से परीक्षा शुल्क 800 रुपये निर्धारित है, यहां 2880 रुपये लिए जा रहे हैं। बिना टेंडर के एजेंसी को अनुबंधित कर  छात्राओं से सॉफ्टवेयर शुल्क के मद में 300 रुपये लिए गए। बीए में निर्धारित शुल्क से अधिक शुल्क वसूली। परीक्षा की कॉपी बिना टेंडर निकाले मूल लागत से तीन गुने दर पर छपवाने की जांच हो। शीर्ष अधिकारियों पर पिछले 4 साल में लगे आरोपों की जांच हो। 

खाद्यान्न ढुलाई के मामले में निलंबित प्रधानाध्यापक बहाल
कंपोजिट विद्यालय पचरांव के पूर्व कार्यवाहक प्रधानाध्यापक छोटू राम को पूर्व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने परिनिंदा प्रविष्टि के साथ सवेतन बहाल करने का निर्देश दिया है। छोटू राम पर छात्रों से खाद्यान्न ढुलाई कराने का आरोप था, जिसके चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया था। 

यह मामला 12 मार्च 2025 का है। जब कक्षा 8 के छात्रों से खाद्यान्न ढुलाई कराने की घटना सामने आई थी। प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर तत्कालीन बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने छोटू राम को निलंबित किया था और बीईओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया था। प्रकरण की विस्तृत जांच खंड शिक्षा अधिकारी, हरहुआ को सौंपी गई थी। अधिकारी ने रिपोर्ट 11 जून को बीएसए कार्यालय में प्रस्तुत की। 

निलंबित प्रधानाध्यापक छोटू राम पर सरकारी कार्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं किए जाने का आरोप सही पाया गया। रिपोर्ट के अध्ययन के बाद डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने उत्तर प्रदेश अनुशासन एवं अपील नियमावली के निर्देशों का पालन कर छोटू राम को परिनिंदा प्रविष्टि दी।

शिकायत पर की पैमाइश
विकासखंड के हरिभानपुर गांव के चक मार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायत पर पैमाइश करने पहुंचे एसडीएम राजातालाब को सब कुछ ठीक-ठाक मिला। जिसके बाद ग्रामीणों से हस्ताक्षर करा प्रशासनिक टीम वापस लौटी। दरअसल, अनुराग सिंह ने अवैध कब्जे की शिकायत की थी। मंगलवार को उप जिलाधिकारी राजातालाब शांतुन कुमार, तहसीलदार शालिनी सिंह ने लगभग चार घंटे तक पैमाइश की। चक मार्ग पर विशेष कब्जा नहीं मिला। 

युवक लापता परिजनों ने  लगाई गुहार
चौबेपुर के रुस्तमपुर गांव के रहने वाले रामू यादव का 25 वर्षीय बेटा 25 मई को सिविल सेवा परीक्षा देने रोहनिया स्थित एक कॉलेज में गया था। वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने 29 मई को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त अपराध से न्याय और बेटे की तलाश के लिए गुहार लगाई। 

24 को लगेगा हुनर की एक नई पहचान मेला
मारवाड़ी युवा मंच अन्नपूर्णा शाखा की ओर से हुनर की एक नई पहचान मेला 24 जून को सुबह 11 बजे से महमूरगंज स्थित एक होटल में लगेगा। मेले में रक्षाबंधन, तीज आदि त्योहारों को देखते हुए विभिन्न शहरों के स्टॉल लगेंगे। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि दीपक बजाज, विशिष्ट अतिथि उमा बजाज, डॉ. मोनिका गुप्ता, पूजा मधोक, रानिका जायसवाल करेंगी। अध्यक्ष पूजा खेमका, संयोजिका रुचि पोद्दार और श्वेता अग्रवाल ने बताया कि मेले में दिल्ली, कोलकाता, भदोही, इंदौर, झारखंड, प्रयागराज आदि शहरों के हस्त निर्मित कलाओं का अनूठा संग्रह देखने को मिलेगा। 

बीएड : प्रदेश में दसवें नंबर पर काशी के विवेक, बनना चाहते हैं आईएएस
बीएड की प्रवेश परीक्षा का परिणाम मंगलवार को जारी हो गया। परीक्षा में प्रदेश स्तर पर बेहतर अंक के साथ सफल होकर टॉप टेन सूची में काशी के सिंधौरा के मुहलिया सर आयर निवासी मेधावी विवेक कुमार पटेल ने अपनी जगह बनाई है। 

322.661 अंक पाकर ओवरऑल रैंकिंग में विवेक को 10वां स्थान मिला है। जबकि कैटेगरी रैंकिंग में पांचवें स्थान पर जगह बनाने में कामयाबी हासिल की है। विवेक ने बताया कि उन्हें आईएएस बनना है। फिलहाल बीएड प्रवेश परीक्षा परिणाम आने के वह प्रवेश तो लेंगे ही, लेकिन सिविल सर्विसेज की तैयारी भी करेंगे। 

शासन की ओर से इस बार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी को बीएड प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी। एक जून को पहली पाली में 30974 और दूसरी पाली में 30977 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 16 दिन बाद परिणाम जारी कर दिया गया। विवेक ने बताया कि उन्होंने दूसरे प्रयास में बीएड की प्रवेश परीक्षा इतने बेहतर अंक के साथ पास की है। सफलता का श्रेय पिता रामलोचन पटेल, माता अनीता पटेल सहित भाई-बहन और अन्य लोगों को दिया है।

यूपी कॉलेज में दाखिले के लिए 20 तक करें आवेदन
यूपी कॉलेज में नए सत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए प्रवेश आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। संबंधित अभ्यर्थी अब विलंब शुल्क के साथ 20 जून तक आवेदन कर सकेंगे। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्नातक स्तर पर खेल कोटे से प्रवेश के लिए ट्रायल जुलाई के द्वितीय सप्ताह में होगा।

डीआईओएस ने संभाला पदभार, बीएसए का भी प्रभार
भोलेंद्र प्रताप सिंह ने जिले के नए जिला विद्यालय निरीक्षक का पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्हें बेसिक शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है,। उनके कंधों पर जिले की माध्यमिक और बेसिक शिक्षा दोनों की जिम्मेदारी है। पूर्व डीआईओएस अवध किशोर सिंह को उप शिक्षा निदेशक के पद पर पदोन्नत किया गया है। पूर्व बीएसए डॉ. अरविंद पाठक को सहारनपुर में जिला विद्यालय निरीक्षक के पद पर पदोन्नत कर स्थानांतरित किया गया है। 

पुरातन छात्रों से मिली नैक टीम, देखीं पांडुलिपियां
संपूर्णानंद संस्कृत विवि में नैक मूल्यांकन के दूसरे दिन टीम के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। सदस्यों ने पुस्तकालय का दौरा किया। वहीं, खेलकूद, सांस्कृतिक सुविधाओं की भी हकीकत देखी। साथ ही पुरातन छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर विश्वविद्यालय के बारे में सुझावों को भी लिया। 

तीन दिवसीय मूल्यांकन के दूसरे दिन योग साधना केंद्र के सेमिनार हॉल में एनसीसी अधिकारी, एनएसएस समन्वयक, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष  ने बातचीत की। सरस्वती भवन पुस्तकालय में प्राचीन किताबों और पांडुलिपियों को देखा। सदस्यों को कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने पांडुलिपियों के डिजिटलाइजेशन, रख-रखाव के बारे में बताया। कैंपस को हरा भरा रखने के लिए उपायों को भी देखा। अंतिम दिन बुधवार को शिक्षकों, कर्मचारियों से भी नैक टीम के सदस्य बातचीत करेंगे। 

आईटीआई में कैंपस सेलेक्शन 21 जून को
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 21 जून को सुबह 9.30 बजे से एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट होगा। महाराष्ट्र की एक कंपनी 150 अभ्यर्थियों का चयन करेगी। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि 21 जून को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। केवल पुरुषों की वैकेंसी होगी, 18 से 35 आयु के अभ्यर्थी शामिल हो सकते है। इलेक्ट्रिशियन, फिटर, टर्नर, मशीनिष्ट, वायरमैन, वेल्डर, मोटर मैकेनिक, मशीनिस्ट ट्रेड का होना चाहिए। 10वीं मैट्रिक की अंकतालिका और उत्तीर्णता प्रमाण पत्र,  आधार, पैन लाना अनिवार्य है। 

120 करोड़ की 30 बीघा जमीन लैंडबैंक में 
फरीदपुर में 30 बीघा सरकारी जमीन नगर निगम ने कब्जा मुक्त कराई है। निगम के लैंडबैंक में 120 करोड़ रुपये की इस 30 बीघा जमीन को शामिल किया गया है। यहां पर बैरिकेडिंग करके निगम का बोर्ड लगा दिया गया है। फरीदपुर में आराजी नंबर 10 पर स्थित तीस बीघा सरकारी भूमि पर लोग कब्जा कर रहे थे। जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने तत्काल भूमि का चिन्हांकन कर बैरिकेडिंग कराने के लिए सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव को निर्देशित किया। 

मिलेगी जमीन तभी मिलेगा एनओसी
वन विभाग अब पेड़ काटने के लिए एनओसी तभी देगा, जब उसे पौधे लगाने के लिए जमीन मिलेगी। इस जमीन पर ग्रीन बेल्ट विकसित किया जाएगा। पेड़ों की कटाई से खत्म हो रही हरियाली के मद्देनजर वन विभाग ने निर्णय लिया है। एक पेड़ काटने पर 10 पौधों की कीमत लेकर एनओसी जारी की जाती थी। विभाग को पैसा तो मिल जाता  है, लेकिन पौधे लगाने के लिए जमीन नहीं मिलती। विभाग में हर महीने 20 से अधिक लोग कोई न कोई बहाना बताकर पेड़ काटने के लिए आवेदन करते है। 

यूजी, पीजी का परिणाम जारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और संबद्ध महाविद्यालयों में यूजी, पीजी की परीक्षाओं के परिणाम मंगलवार देर शाम जारी  कर दिए गए। कैंपस के 73 और संबद्ध कॉलेजों के 46 कोर्स शामिल हैं। परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया कि पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम जारी किया गया है। परिसर में स्नातक के 20 कोर्स, स्नातकोत्तर के 53  जबकि कॉलेजों में स्नातक के 16 और स्नातकोत्तर के 27  कोर्स शामिल हैं।

सारनाथ में बनेगा नया फायर स्टेशन 
सारनाथ में एक नया फायर स्टेशन बनाने की तैयारी चल रही है। अग्निसुरक्षा विभाग इस क्षेत्र में जमीन  तलाश कर रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी, आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि गर्मी में सारनाथ और आसपास फसल में आग लगने की घटनाएं अधिक होती हैं। किसानों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नया स्टेशन बनाने की तैयारी चल रही है।

स्टेशन खुलने से घटना होने पर त्वरित कार्रवाई हो सकेगी। फायर विभाग के अधिकारियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी से मुलाकात कर जमीन तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जैसे ही उपयुक्त जमीन मिल जाएगी, नए फायर स्टेशन का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में जिले में पांच फायर स्टेशन हैं। राजातालाब में नया फायर स्टेशन खोला जा रहा है। 

Varanasi news today 4 dead in separate incidents truck driver kidnapped and robbed of 3.5 lakh up latest news
बाबतपुर एयरपोर्ट वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला

खराब मौसम से एयर इंडिया विमान की आपात लैंडिंग
इंडोनेशिया के डेनपसार से दिल्ली जा रहे एयर इंडिया के विमान की वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई। दिल्ली में मौसम खराब होने के कारण हवा में कई चक्कर काटने के बाद फ्यूल खत्म होता देख पायलट ने एटीसी से संपर्क साधा। साथ ही विमान को वाराणसी एयरपोर्ट पर उतारा। विमान में 3 बच्चों समेत कुल 187 यात्री सवार थे। 

मौसम साफ होने के बाद विमान ने 7 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान शाम 4.20 बजे सुरक्षित उतारा गया। दो घंटे से अधिक समय तक विमान के अंदर ही सभी यात्री बैठे रहे। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार दिल्ली में मौसम खराब था और दृश्यता बहुत कम होने के कारण विमान को वाराणसी में उतारा गया। 

डॉ. शंभूनाथ सिंह की मनाई गई जयंती
पूर्वांचल मूवमेंट एवं पूर्वांचल साहित्यकार कलाकार संघ के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को चेतगंज स्थित कवि कृष्णा नंद बैरागी के आवास पर डॉ. शंभूनाथ सिंह की जयंती मनाई गई। अध्यक्षता पूर्वांचल मूवमेंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश आजाद ने की। इस दौरान कुमार हेमंत, तिलकराज कपूर, समीरश्री, सरिता तिवारी, चिन्मय चटर्जी (चिन्मयानन्द) मौजूद रहे। 

सैन्य अधिकारियों ने किया पौधरोपण
39 जीटीसी छावनी में मंगलवार को 137 सीईटीएफ, 39 गंगा टास्क फोर्स की ओर से पौधरोपण हुआ। इसमें इस महीने सेवा निवृत्त हो रहे सैन्य अधिकारियों और अन्य सेना के जवानों ने पौधे लगाएं। उनके परिवार के लोगों ने भी पौधे रोपे। सूबेदार देवेंद्र बसनेट ने बताया कि 102 पौधे लगाए गए। वहीं, चौबेपुर के आईटीआई कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। 

रोटरी क्लब ने आश्रम में दी दवाएं और 12 पंखे
रोटरी क्लब वाराणसी रॉयल्स ने मंगलवार को सामनेघाट स्थित अपना घर आश्रम में छह महीने की दवाएं और 12 सीलिंग पंखे दिए। इस अवसर पर अपना घर आश्रम के डॉ. निरंजन ने रोटरी क्लब वाराणसी रॉयल्स को धन्यवार दिया और इस सेवा के लिए कृतज्ञता प्रकट की। रोटरी क्लब वाराणसी रॉयल्स के अध्यक्ष निशांत नेवर ने बताया कि क्लब के सदस्यों के सहयोग से यह कार्यक्रम सफल हो पाया है। कहा कि दया भाव के बजाय श्रद्धा भाव से यह काम किया गया है। इस दौरान अभिनव पांडेय, अनूप बुबना, आशीष पाटोदिया, प्रवीण, वरुण मूंदड़ा आदि मौजूद रहे। 

संजय श्रीवास्तव दीपक को श्रद्धांजलि
बनारस रिक्शावान महासभा के सिगरा स्थित प्रधान कार्यालय में सामाजिक कार्यकर्ता संजय श्रीवास्तव दीपक के असामयिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा हुई। पदाधिकारियों ने चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने संजय श्रीवास्तव दीपक के मिलनसार स्वभाव की सराहना करते हुए उन्हें एक उत्कृष्ट सामाजिक कार्यकर्ता बताया। इस दाैरान चिन्मय चटर्जी, गोपाल प्रसाद, दिलीप कुमार विश्वकर्मा, ललित तोलानी, मनोज कुमार, सुरेश श्रीवास्तव आदि रहे। 

Varanasi news today 4 dead in separate incidents truck driver kidnapped and robbed of 3.5 lakh up latest news
बैठक करते व्यापारी। - फोटो : अमर उजाला

पूर्वांचल के औद्योगिक विकास पर होगी चर्चा
विश्व एमएसएमई दिवस पर पूर्वांचल के औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने पर चर्चा होगी। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन वाराणसी की ओर से 27 जून को छावनी क्षेत्र स्थित होटल में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य होंगे। मंगलवार को विनायक प्लाजा में आईआईए की कार्यकारिणी बैठक हुई। 

इसमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि वाराणसी के अलावा पूर्वांचल के विभिन्न जिलों जैसे मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ व आजमगढ़ जनपदों के उद्यमियों की उपस्थिति में पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को गति देने पर चर्चा होगी। मंडलायुक्त एस राजलिंगम, संयुक्त आयुक्त (उद्योग) उमेश कुमार सिंह और संयुक्त निदेशक (एमएसएमई) एलबीएस यादव की मौजूदगी में औद्योगिक विकास व निवेश नीति के साथ पूर्वांचल में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं में आईआईए के योगदान पर चर्चा होगी। 

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के नए सदस्यों के लिए ओरिएंटेशन और सदस्यता प्रमाणपत्र बांटे जाएंगे। बैठक में आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया, दीपक बजाज, डिविजनल अध्यक्ष अनुपम देवा, चैप्टर चेयरमैन मनीष कटारिया, सचिव गौरव गुप्ता, कार्यकारिणी के सदस्य ओपी बदलानी, पंकज अग्रवाल एवं आदेश भट्ट व आईआईए टूरिज्म कमेटी के चेयरमैन राहुल मेहता उद्यमी मौजूद रहे। 

लक्ष्मीबाई की जन्मस्थली पर जलाए दीप
रानी लक्ष्मीबाई की 167वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में दो दिवसीय स्मृति समारोह का शुभारंभ मंगलवार को भदैनी स्थित उनकी जन्मस्थली पर हुआ। जागृति फाउंडेशन की ओर से आयोजित समारोह में बटुकों ने दीपदान कर नमन किया। मुख्य अतिथि लोक भूषण सम्मान से सम्मानित साहित्यकार डॉ. जयप्रकाश मिश्र व विशिष्ट अतिथि समाजसेवी नागेश सिंह, काशी प्रदक्षिणा यात्रा समिति के सचिव व संचालक उमाशंकर गुप्ता और जागृति फाउंडेशन के महासचिव रामयश मिश्र ने भी दीप जलाए। 

स्वामीनारायण तीर्थ वेद विद्यालय और स्वामी नारायणनंद तीर्थ संस्कृत उच्चतर विद्यालय के वेद पाठी बटुकों ने दीप जलाकर वेदमंत्रों के बीच उन्हें श्रद्धांजलि दी।  रामयश मिश्र ने केंद्र सरकार व रेल मंत्री से बुंदेलखंड एक्सप्रेस का नाम वीरांगना एक्सप्रेस करने की मांग की। इस मौके पर अवनीश द्विवेदी, अमरेंद्र सिंह, विनय कुमार मिश्रा, हरिनाथ गौड़, राजकुमार आदि रहे। 

योग से मोटापा कम करने के तरीके बताए 
मारवाड़ी समाज और मारवाड़ी महिला संगठन की ओर से मंगलवार को चार दिवसीय योग शिविर लक्सा स्थित मारवाड़ी समाज भवन में शुरू हुआ। चेतन योग सेवा संस्थान के प्रबंधक योग गुरु आशीष टंडन ने लोगों को योगाभ्यास करवाया। पूजा जालान, कनक गुप्ता, अवनीश तिवारी, अनुपम अवस्थी, अन्नू साहनी के नेतृत्व में शुभारंभ हुआ। योग गुरु आशीष टंडन ने योग से ब्लडप्रेशर, मोटापा एवं कमर दर्द जैसी समस्याओं के निदान के तरीके बताए। 

मारवाड़ी समाज संरक्षण मंडल के अध्यक्ष आरके चौधरी, प्रदीप तुलस्यान, मनोज जाजोदिया, सुरेश तुलस्यान, राजेश अग्रवाल, महेश चौधरी, अजय यादुका आदि शामिल रहे। उधर, बीएचयू के अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र में देशभर के राजकीय पाॅलीटेक्निक के 38 शिक्षकों को योग क्रियाएं कराई गईं। 

मणिपाल से आए आयुर्वेदाचार्य प्रो. रविशंकर शेनॉय ने तनाव मुक्ति और भावनात्मक संतुलन के लिए योग को जरूरी बताया। कहा कि आजकल तनाव के दो प्रकार होते हैं। एक यूस्ट्रेस (सकारात्मक तनाव) और दूसरा डिस्ट्रेस यानी नकारात्मक तनाव। इन दोनों में से यूस्ट्रेस का चुनाव करना ही योग की ताकत है। डॉ. शैलेंद्र बहादुर सिंह ने ध्यान साधना कराया। 

अशोक अग्रवाल बने अध्यक्ष
श्री काशी कुष्ठ सेवा संघ हीरामनपुर (आशापुर) का मंगलवार को चुनाव हुआ। इस दौरान डॉ. बैजनाथ प्रसाद व डॉ. एसपी गुप्ता संरक्षक चुने गए। अध्यक्ष पद पर अशोक अग्रवाल, सचिव पद पर दीपक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पद पर सीए रमेश गुप्ता और संयुक्त सचिव पद पर शशांक अग्रवाल चुने गए। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्यों को भी मनोनीत किया गया। 

मां अन्नपूर्णा दरबार में किया कुचिपुड़ी नृत्य
अन्नपूर्णा मंदिर के प्रांगण में दक्षिण भारत से आई युवा नृत्यांगना अंविता प्रिया और अनघा वी ने अपनी नृत्य सेवा माता अन्नपूर्णा के चरणों में अर्पित की। देवों के विभिन्न स्वरूपों को नृत्य के जरिये श्रद्धाभाव से प्रस्तुत किया। अंविता प्रिया ने भगवान गणेश की स्तुति के बाद अर्धनारीश्वर नृत्य कर सभी को निहाल किया। महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती को समर्पित त्रिगुणात्मक नृत्य की प्रस्तुति सराहनीय रही। 

अनघा वी ने कुचिपुड़ी विधा में दुर्गा तरंगम, महिषासुर मर्दिनी, शिव पार्वती परिणय, भो शंभो, काल भैरवाष्टक, मंगलम आदि की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी ने कलाकारों को माता की चुनरी और प्रतीक चिह्न भेंट किया। दोनों कलाकार विश्वनाथ मंदिर में भी प्रस्तुति दे चुकी हैं। इस मौके पर शृंगेरी मठ के प्रबंधक चल्ला अन्नपूर्णा प्रसाद, चिंतामणि गणेश मंदिर के महंत चल्ला सुब्बाराव शास्त्री, चल्ला अभिनव, के रामन, षडानन पाठक कारखेड़कर आदि रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed