फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News today Four people died in accidents advocate friend completed arguments in Gyanvapi

News: हादसों में चार लोगों की मौत, ज्ञानवापी केस में वाद मित्र ने पूरी की बहस; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Sat, 05 Jul 2025 05:51 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 05 Jul 2025 05:51 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी में विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, वाराणसी कोर्ट में निगरानी अर्जी पर ज्ञानवापी के पुराने वाद के वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने बहस पूरी कर ली। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today Four people died in accidents advocate friend completed arguments in Gyanvapi
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: अपर जिला जज चौदहवां संध्या श्रीवास्तव की कोर्ट में शुक्रवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अंसारी ने पक्षकार बनाने के लिए निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। कोर्ट में निगरानी अर्जी पर ज्ञानवापी के पुराने वाद के वाद मित्र विजय शंकर रस्तोगी ने बहस पूरी कर ली। अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी। अब अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से बहस होनी है।

विज्ञापन


पक्षकार बनाने सबंधित मुख्तार अंसारी की अर्जी दो मई को सिविल जज सीनियर डिविजन फास्ट ट्रैक की अदालत ने खारिज कर दी थी। इस आदेश के खिलाफ मुख्तार अंसारी ने जिला जज की कोर्ट में निगरानी अर्जी दाखिल की गई है।
विज्ञापन


निगरानी अर्जी में कहा गया की लोअर कोर्ट ने सरसरी तौर से और क्षेत्राधिकार के बाहर विधिक अनुरूप नहीं सुनने हुए निगरानीकर्ता की अर्जी खारिज कर दी। अतिप्राचीन ज्योतिर्लिंग आदिविश्वेश्वर के मूलवाद में मुख्तार अहमद अंसारी की ओर से पक्षकार बनने की अर्जी खारिज कर दी। इस मामले में लोहता निवासी मुख्तार अंसारी ने एक साल पहले पक्षकार बनाने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

कार सवारों ने पंप संचालक को पीटा, सोने की चेन लूटी
फूलपुर थाना क्षेत्र के ताड़ी स्थित पेट्रोल पंप पर गुरुवार की रात कार सवारों ने पंप संचालक की पिटाई के बाद चेन लूट ली। आरोप है कि असलहा दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। घटनाक्रम सीसी कैमरे में कैद है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

सर्विपुर निवासी पीड़ित मनीष पाठक ने पुलिस को बताया कि रात लगभग 10 बजे कार से तीन युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। युवकों ने कैशियर के कमरे में घुसकर रुपये लूटने का प्रयास किया। कैशियर द्वारा कैश लेकर भागने के बाद सभी ने मुझ पर असलहा तान दिया और गले से सोने की चेन लूट ली।

इसके साथ ही पिटाई की। फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रसूलपुर निवासी राजन सिंह, हरिनाथपुर निवासी दीपक सिंह समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसी कैमरे के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है।

किशोरी को भगाने के आरोप में मुकदमा
किशोरी को बहला फुसला कर भगा ले जाने की मामले में भाई ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। तहरीर में बताया कि सोनभद्र निवासी शुग्गन कुमार 30 मई को 15 वर्षीय किशोरी को बहला फुसलाकर भगा ले गया। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

प्रशिक्षुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में ली जानकारी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित जेटीसी प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। पुलिस के विभिन्न रैंक के अधिकारियों डीजीपी, एडीजी, आईजी आदि द्वारा धारण किए जाने वाले चिह्न के बारे में सवाल पूछा। प्रशिक्षुओं के आवास, भोजन, पेयजल, स्नानागार, शौचालय एवं अन्य दी जा रही सुविधाओं के विषय में फीडबैक लिया।

पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड, आरओ प्लांट, बारबर शॉप, सीसीटीएनएस कार्यालय, ट्रेनिंग सेंटर, कार्यालय आदि का हाल जाना। पुलिस लाइन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की लगातार मॉनिटरिंग, कैमरों की संख्या बढ़ाते हुए स्ट्रीट लाइट से रात के समय प्रकाश का प्रबंध कर शत-प्रतिशत क्षेत्र की निगरानी का निर्देश दिए।

पांच करोड़ की धोखाधड़ी में पिता-पुत्र गिरफ्तार
कंपनी में पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में वांछित पिता-पुत्र को चेतगंज पुलिस ने शुक्रवार को चौकाघाट लकड़ी मंडी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने छह पालिसी बांड बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र के आईमा हटवा निवासी कवलधारी यादव और सूर्य नारायण यादव है। दोनों पिता-पुत्र हैं। हाल पता मिश्रपुरा लक्सा है। चेतगंज इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि कूटरचित दस्तावेज के सहारे पांच करोड़ की ठगी मामले में पिछले साल नौ मई को मुकदमा दर्ज किया गया था।

कुएं में गिरने से वृद्ध की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत डुबकियां में गुरुवार रात राम आसरे सिंह (65) की कुएं में गिरने से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार राम आसरे सिंह रात में दरवाजे के पास स्थित कुएं के पास गए। कुएं के किनारे की ईंट खिसकने से कुएं में गिर गए। परिजन कुएं से निकालकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोते समय युवक के ऊपर गिरा पंखा, मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव स्थित दलित बस्ती में बृहस्पतिवार की रात सोते समय ऊपर पंखा गिरने से सुनील कुमार भारती (32) की मौत हो गई। कुछ दिन पहले वह भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए सूरत से आया था।

पिता जोखू भारती ने बताया सुनील कुमार भारती सूरत में रहकर काम करता था। भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए सूरत से घर पहुंचा। रात में पंखा सुनील कुमार के ऊपर गिर पड़ा। करंट की चपेट में आए सुनील को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चार पुत्रों में सुनील तीसरे नंबर पर था। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि पीड़ित पिता ने बिना जानकारी दिए अंतिम संस्कार कर दिया।

अपर पुलिस आयुक्त ने कुंडरिया गांव में किया पैदल मार्च
मोहर्रम एवं कावड़ यात्रा को संपन्न कराने एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार की शाम अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीना ने कुंडरिया गांव में पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने ताजियादारों से बातकर ताजिया के रास्तों में पड़ने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल, एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष जंसा अनिल शर्मा मौजूद रहे।

पिटाई मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कर्मचारी को अगवा कर पिटाई के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पीड़ित ने शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त अपराध व मुख्यालय राजेश कुमार सिंह से गुहार लगाई। आरोप है कि सारनाथ पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।

बिहार के रहने वाले पीड़ित कर्मचारी प्रकाश चंद्र ने अपर पुलिस आयुक्त को बताया कि वह नवोदित फाउंडेशन में ऑडिटर के पद पर कार्यरत थे। कंपनी के लोगों ने अगवा करके पिटाई की। 15 दिन बीत जाने के बाद भी सारनाथ थानाध्यक्ष ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी धमकी दे रहे हैं। आरोपियों में ऋषभ पांडेय, प्रभात पांडेय, मुधकर मिश्रा समेत पांच अज्ञात हैं। सारनाथ थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि विवेचना चल रही है। 

गंगा में उतराया मिला महिला का शव
सामनेघाट पुल के नीचे गंगा में शुक्रवार की शाम महिला का शव उतराया हुआ मिला। लंका पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। थानाध्यक्ष राज कुमार शर्मा ने बताया कि देखने से लगता है कि प्रवाहित शव है। हाथ पैर बंधा और पीठ पर बालू की बोरिया बंधी है। एक दिन पुराना शव संभवत है। पोस्टमार्टम के बाद मौत की असल पुष्टि होगी। 

पुराने मामले में भाजपा नेता को पुलिस ने हिरासत में लिया
चक्काजाम के पुराने मामले में पुलिस ने शुक्रवार को भाजपा नेता को हिरासत में लिया। कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को रिहा कर दिया गया। भाजपा नेता भैया लाल पाल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अपराधियों जैसा सलूक किया।

साल 2001 में पंचक्रोशी चौराहे पर चक्का जाम में तीन लोगों को अपर मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या 5 ने 2011 में दोषमुक्त कर दिया था। बावजूद पुलिस घर पहुंची और कोर्ट के आदेश का हवाला देकर जबरदस्ती उठा ले गईं। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि न्यायालय में पेशी के बाद छोड़ दिया गया। 

अंग्रेजी शराब के साथ में यात्री गिरफ्तार
कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से जीआरपी ने शुक्रवार को एक यात्री को 4.86 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। कैंट इंस्पेक्टर रजोल नागर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भोजपुर के बढ़ानी स्थित डुमरिया का निवासी प्रदुम्न कुमार है।

बाल अपचारी को पकड़ा किशोरी मुक्त
किशोरी को अगवा मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बाल अपचारी को पकड़ा। इस बीच किशोरी को मुक्त कराया। थाना क्षेत्र के पंचक्रोशी रुप्पनपुर से किशोरी को बहला फुसला कर भगा ले जाने मामले में केस दर्ज किया गया। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि पंचक्रोशी से बाल अपचारी को पकड़ा गया है और किशोरी को मुक्त कराया गया है।

Varanasi News today Four people died in accidents advocate friend completed arguments in Gyanvapi
होटल विधान बसेरा ढाबा सील। - फोटो : अमर उजाला

छात्रा हत्याकांड में मुख्य आरोपी, ढाबा मालिक समेत अन्य भेजे गए जेल
मिर्जामुराद के रूपापुर स्थित विधान बसेरा ढाबा में छात्रा की हत्या मामले में मुख्य आरोपी साहब बिंद समेत ढाबा मालिक प्रगट नारायण सिंह, विकास सिंह, विनय मिश्र, सूर्य बली, अनुराग समेत चार अन्य को जेल भेजा गया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि जांच के दौरान आरोपियों के खिलाफ जो भी धाराएं बनेगी उसे बढ़ाया जाएगा।

फैसिलिटेशन काउंसिल में व्यापार को भी शामिल करने की उठी मांग
श्री राम मशीनरी मार्केट मलदहिया में शुक्रवार को व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें व्यापारियों ने व्यापारी आयोग के गठन की मांग की। आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने व्यापारी आयोग की मांग का समर्थन किया। इस दौरान व्यापारियों ने उद्योग के लिए बनी फैसिलिटेशन काउंसिल में व्यापार को भी शामिल करने की मांग की। 

इस बीच, व्यापारियों ने प्रमुख उद्यमी आरके चौधरी को आईआईए का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत होने पर बधाई दी। अध्यक्षता घनश्याम मिश्रा ने की। संचालन महामंत्री बिपिन अग्रवाल और धन्यवाद योगेश अग्रवाल ने किया। बैठक में दिलीप अग्रहरि, बबलू गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, अजय सिंह, अजय अग्रवाल, शैलेंद्र जायसवाल आदि रहे।

मोबाइल छिनैती में तीन किशोरों को पकड़ा
लोहता थाना क्षेत्र के पीसौर पुल के पास शुक्रवार को पुलिस ने मोबाइल छिनैती के आरोप में तीन किशोरों को पकड़ा। थाना क्षेत्र के छितौनी गांव का किशन गौंड मंगलवार की शाम पैदल घर जा रहे थे। एक इंटर काॅलेज के पास बाइक सवार तीन किशोर मोबाइल छीनकर भाग गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से तीनों किशोरों की पहचान की। सभी आरोपी मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के हैं। इस बारे में थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से तीन मोबाइल बरामद किए गए।

फर्जी ईमेल आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप, मुकदमा दर्ज
सेवापुरी क्षेत्र की एक गांव की महिला की शिकायत पर पुलिस ने फर्जी ईमेल आईडी बनाकर बदनाम करने के आरोप मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि किसी ने फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट कर रहा है। इससे सामाजिक प्रतिष्ठा खराब हो रही है। इस बारे में थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

एयरपोर्ट पर गुम मोबाइल को पुलिस ने खोजा
आईआईटी बीएचयू में इंजीनियर के पद पर कार्यरत निशा सिंह का मोबाइल पुलिस ने खोजकर शुक्रवार को सौंपा। पीड़िता निशा सिंह ने पुलिस को बताया कि वह 28 जून को पति अनिल कुमार सिंह व बेटी को लेने एयरपोर्ट पहुंची थीं। इस बीच मोबाइल छूट गया। पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर मोबाइल को ट्रैक किया तो पता चला कि जौनपुर के खेतासराय निवासी मोहम्मद सलीम के पास गलती से मुंबई चला गया। पुलिस ने मोबाइल को मुंबई से बरामद कराकर निशा को सौंपा।

Varanasi News today Four people died in accidents advocate friend completed arguments in Gyanvapi
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

जो दुकानदार किराया जमा नहीं कर रहे, उनकी दुकानों का करें अधिग्रहण
वीडीए सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को संपत्ति अनुभाग की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने कहा कि जिन आवंटियों द्वारा पूर्ण धनराशि जमा कर दी गई है, उनकी रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई जाए और जिन आवंटियों द्वारा अभी तक धनराशि जमा नहीं की गई है, उन्हें नोटिस जारी करते हुए शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराया जाए।

वीडीए सचिव ने कहा कि जिन आवंटियों की किस्त जमा करने की तिथि निकट है, उन्हें नोटिस जारी किया जाए। जो किरायेदार लंबे समय से किराया नहीं जमा कर रहे हैं, जिनकी दुकानें बंद हैं और जो सिकमी किरायेदार हैं, ऐसे मामलों में संबंधित दुकानों को खाली कराकर प्राधिकरण द्वारा उनका अधिग्रहण किया जाए एवं नीलामी की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। जिन आवंटियों द्वारा निर्धारित किस्तों का भुगतान नहीं किया गया है, उन्हें शीघ्र नोटिस जारी करते हुए भुगतान के लिए सूचित किया जाए। अन्यथा स्थिति में उनके आवंटन को निरस्त कर दिया जाएगा।

Varanasi News today Four people died in accidents advocate friend completed arguments in Gyanvapi
विरोध कर रही महिलाओं से बातचीत करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला

शराब ठेका के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन
दुर्गाकुंड क्षेत्र के घसियारी टोला में देशी शराब ठेका खोले जाने के विरोध में शुक्रवार को महिलाओं ने प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय में शिकायत करने जा रहीं महिलाओं को गुरुधाम चौराहे पर पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। इसे लेकर महिलाओं ने नारेबाजी की।

महिलाओं ने कहा कि धार्मिक स्थल सहित बच्चों के आवागमन क्षेत्र में शराब ठेका नहीं खुलना चाहिए। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार, भेलूपुर थाना प्रभारी और चितईपुर थाने की फोर्स ने महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं ठेका बंद करने की मांग पर अड़ी रहीं। इस मामले में जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की।

गंगा के मीर घाट पर डूब रहे बालक को एनडीआरएफ बचाया
गंगा के मीरघाट पर शुक्रवार को गंगा में डूब रहे बालक को एनडीआरएफ ने बचाया। एनडीआरएफ के डीआईजी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी आयु कुमार (7) घाट की सीढि़यों से फिसलकर गहरे पानी में चला गया। एनडीआरएफ के जवानों ने तुरंत बालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 

रेलवे ट्रैक पर मिला किशोर का शव
बड़ागांव थानाक्षेत्र के अहरक (दल्लीपुर) नहर पुलिया के पास शुक्रवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर अमन कुमार (15) का क्षत-विक्षत शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अमन के चाचा शिवकुमार ने बताया थाना क्षेत्र के परसादपुर गांव निवासी अमन कुमार गुरुवार की देर शाम घर से निकला था। सुबह उसका शव वाराणसी-जौनपुर रेलवे ट्रैक पर मिला। अमन के माता-पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि आशंका है कि किसी ट्रेन से कटकर किशोर की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Varanasi News today Four people died in accidents advocate friend completed arguments in Gyanvapi
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

काशी विद्यापीठ में व्यावसायिक पाठयक्रमों की आंसर की जारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 29 व 30 जून को कराई गई प्रवेश परीक्षा की आंसर की शुक्रवार को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को कोई आपत्ति हो वे अपनी आपत्तियां साक्ष्य सहित 7 जुलाई की मध्यरात्रि 12 बजे तक प्रवेश को लेकर बनी ईमेल पर दे सकते हैं। ई-मेल के अतिरिक्त किसी अन्य प्रकार से आवेदन स्वीकार नहीं किया जायेगा। निर्धारित तिथि के बाद प्रेषित/अपलोड आपत्तियों पर किसी भी दशा में विचार नहीं किया जायेगा।

बरेका में तीन सौ खिलाड़ियों ने सीखा फुटबॉल का हुनर
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) की ओर से ग्रीष्मकालीन फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह बरेका स्टेडियम में हुआ। तीन सौ खिलाड़ियों ने डी एरिया से गोल करने और अपने साथियों को पास देने का हुनर सीखा। मुख्य अतिथि सचिव बरेका बास्केटबॉल संघ राजेश कुमार ने बेहतरीन खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। 

संस्थान के सचिव आलोक सिंह ने बताया कि इस साल संस्थान की ओर से 9 ग्रीष्मकालीन शिविर लगाए गए। संचालन अखिलेश कुमार, धन्यवाद सचिव आलोक सिंह ने किया। इस मौके पर बीएन शुक्ल, राकेश जोशी, प्रभात कुमार, रविंद्र प्रसाद यादव, आनंद राय, अखिलेश राय, रमेश चंद्र जैसल, पंकज रहे। 

Varanasi News today Four people died in accidents advocate friend completed arguments in Gyanvapi
BHU - फोटो : अमर उजाला

छात्राओं ने 15129 ऊंचे माउंट मून पीक पर लहराया बीएचयू का झंडा
बीएचयू के 14 छात्र-छात्राओं के दल ने 15129 ऊंचे माउंट मून पीक को फतह कर बीएचयू और भारत का तिरंगा झंडा लहराया। विश्वविद्यालय पर्वतारोहण केंद्र का दल शुक्रवार को लौट आया। 14 में से 6-6 छात्र और छात्राएं और बाकी प्रशिक्षक साथ में गए थे। इन्होंने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से ट्रैकिंग शुरू की थी। 

प्रशिक्षक बलराम यादव ने बताया कि टीम मैकलोडगंज और त्रिउंड होते हुए लाका ग्लेशियर पहुंची। वहां एक्लीमेटाइजेशन के साथ स्नो क्राफ्ट ट्रेनिंग दी गई। उसी रात मून पीक के लिए चढ़ाई शुरू हुई। बिना रुके 19 घंटे तक चले। इद्रहार पास (दर्रा) पार कर टीम ने तिरंगे को लहराया। शेरपा गाइड सचिन शर्मा, सुशील कुमार, अनिल, अश्विीन शर्मा का अहम योगदान रहा। बलराम यादव ने बताया कि टीम ने दो महीने की ट्रेनिंग ली थी। चार सदस्यों को थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन हमने फतह हासिल की। 

मां मंगला गौरी के दर्शन के साथ पंचामृत महोत्सव शुरू
जय श्री कृष्णा फाउंडेशन के 15वें स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय पंचामृत महोत्सव शुक्रवार को सुबह मंगला गौरी मंदिर में दर्शन-पूजन से शुरू हुआ। इस दौरान मंदिर में वाॅटर कूलर लगवाया गया। फाउंडेशन के संस्थापक संजीव अग्रवाल ने बताया कि दूसरा वाॅटर कूलर ककरमत्ता स्थित एक स्कूल में लगवाया जाएगा। इस क्रम में अग्रसेन कन्या डिग्री कॉलेज में यंग इंडिया कार्यक्रम हुआ। 

मुख्य अतिथि काशी अग्रवाल समाज के उपसभापति दीपक अग्रवाल रहे। इस मौके पर पूजा गुप्ता, गौरव गुप्ता, रितु अग्रवाल, कृष्ण मोहन अग्रवाल, अरविंद जैन, प्रदीप मेहरोत्रा, अनिल केसरी, रूपेश महेश्वरी, हरे कृष्णा कक्कड़ आदि रहे। संचालन डॉ. शालिनी राणा व आकांक्षा मिश्रा ने किया। शनिवार को सुबह दशाश्वमेध स्थित खिचड़ा बाबा मंदिर में खिचड़ी वितरण, घाट पर मां शीतला का शृंगार कर दर्शन-पूजन, मां गंगा का दुग्धाभिषेक व चुनरी मनोरथ कार्यक्रम होगा। 

चार सूक्ष्म उद्यम सखी का हुआ चयन
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उद्यमी बनाने के उद्देश्य से बड़ागांव ब्लॉक में चार सूक्ष्म उद्यम सखी का चयन हुआ। उनके लिए उद्यम स्थापित किया जाएगा। उन्हें ई-मार्केट से जोड़ा जाएगा। इस योजना के तहत 32 महिलाओं ने आवेदन किया था। 25 ने परीक्षा दी। इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी बृजेश कुमार सिंह, मनोज कुमार, कुसुम झा, रीता कुमारी,शशिकला देवी, लेखापाल बबीता आदि रहीं। 

वाराणसी बनेगा यूपी का वाइन हब, प्रदेश भर में होगी सप्लाई
अब पूरे उत्तर प्रदेश के लिए वाइन सप्लाई का केंद्र वाराणसी बनने जा रहा है। यहां एक बड़ा नया वाइन गोदाम स्थापित किया जाएगा। नासिक से आने वाली वाइन को पहले वाराणसी लाया जाएगा और फिर पूरे यूपी में वितरित किया जाएगा। फिलहाल, वाराणसी में 21 वाइन गोदाम हैं जो केवल स्थानीय आपूर्ति को संभालते हैं। नया गोदाम प्रदेश स्तर पर आपूर्ति के लिए पहला ऐसा केंद्र होगा। इसके लिए उपयुक्त जमीन की तलाश की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी कमल कुमार शुक्ला ने बताया कि जमीन खोजी जा रही है। जमीन मिलने के बाद काम शुरू होगा। 

बिजली निजीकरण के विरोध में विरोध दिवस मनाएंगे बिजली कर्मचारी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण को लेकर कर्मचारियों ने नौ जुलाई को हड़ताल का ऐलान किया है। इसके पहले पांच जुलाई को प्रांतव्यापी विरोध दिवस मनाया जाएगा। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर चल रहे विरोध, प्रदर्शन को लेकर समिति से जुड़े केंद्रीय पदाधिकारियों ने कहा कि अब हर घर रोशन-उतर प्रदेश के शीर्षक से प्रदेश सरकार द्वारा जारी पूरे पृष्ठ का विज्ञापन अंतर्विरोधों से भरा हुआ है। मुख्यमंत्री से यही मांग है कि निजीकरण का अंतिम फैसला लेने से पहले एक बार संघर्ष समिति को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाय। 

समिति के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने कहा कि विज्ञापन में एक ओर वर्ष 2012 - 17 के दौरान बिजली के सुधार कार्यक्रम लिखे है , दूसरी ओर 2017 से आज तक बिजली व्यवस्था में हुए कई उल्लेखनीय सुधार गिनाए गए हैं। कहा कि 5 जुलाई को सभी जनपदों और परियोजनाओं पर व्यापक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा जिसमें बिजली कर्मी सम्मिलित होंगे।

जैविक उत्पादों की प्रोसेसिंग-पैकेजिंग और ब्रांडिंग करें तो आय होगी दोगुनी
कृषि विभाग की ओर से चांदपुर कृषि भवन में जैविक खेती और कृषकों के मूल्य संवर्धन व विपणन विषयक गोष्ठी हुई। संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने कहा कि किसान अपने जैविक उत्पादों की प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और ब्रांडिंग करेंगे तो उनकी आय दोगुनी होगी। वे एक-दूसरे के सहयोग से ज्यादा मुनाफा कमा सकते हैं। 

उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने कहा कि किसान एपीओ से जुड़कर अपने उत्पादों की बिक्री करें तो उनको उत्पाद का उचित मूल्य मिलेगा और सही समय पर बिक्री भी होगी। संचालन स्वामी शरण कुशवाहा और धन्यवाद ज्ञापन अर्पित सिंह ने किया। पंकज श्रीवास्तव, सौरभ रघुवंशी, हरिशंकर सिंह, गुलाब पटेल, कमलेश सिंह, उदयभान सिंह, शिवकुमार आदि रहे।

विद्यालय में रोपेंगे 2000 पौधे, छात्रों को किया जागरूक
रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी नॉर्थ हरित काशी अभियान के तहत शुक्रवार को जेल रोड एवं शिवपुर के स्कूलों में पौधरोपण हुआ। सदस्यों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। सतीश जैन ने पर्यावरण के बारे में विस्तार से बताया। विद्यालय के प्रबंधक राहुल सिंह व प्रधानाचार्य डॉ. नीलम सिंह ने 2000 पौधे लगवाने और इसके संरक्षण का आश्वासन दिया। 

क्लब की अध्यक्ष रुचि भार्गव ने बताया कि पौधारोपण के बाद तीन माह तक क्लब की वेबसाइट पर पौधे के साथ फोटो अपलोड करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर सुरेश खण्डेलवाल, सीए सतीश जैन, दीपक माहेश्वरी, डॉ. राकेश जायसवाल, नीरज अग्रवाल, डॉ. डॉली श्रीवास्तव, एनएन दुवे, शुभ जायसवाल, राजेश भार्गव, डॉ. राकेश मोहन आदि रहे।

Varanasi News today Four people died in accidents advocate friend completed arguments in Gyanvapi
IIT BHU - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू में प्रोफेसरों के लिए रिसर्च एक्सीलेंस फेलोशिप शुरू
आईआईटी बीएचयू में रिसर्च एक्सीलेंस फेलोशिप की शुरुआत की गई है। केमिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग और मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग के प्रोफेसरों को फायदा मिलेगा। युवा और वरिष्ठ हर उम्र के प्रोफेसरों को हर महीने 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। ऑनलाइन आवेदन एक जुलाई से शुरू हो गया है। 31 जुलाई अंतिम तिथि है। 

फेलोशिप की अवधि दो वर्ष तय की गई है। हालांकि, बाद में कुछ शर्तों के साथ इसे दो वर्षों तक बढ़ाया भी जा सकता है। यानी कि चार साल लगातार फेलोशिप को लिया जा सकेगा। केमिकल इंजीनियरिंग में अक्षय ऊर्जा और टिकाऊ विज्ञान, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में विनिर्माण, डिजाइन, थर्मल और फ्लुएड इंजीनियरिंग, मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में कंप्यूटेशनल मटेरियल इंजीनियरिंग, सस्टेनबल मटेरियल्स, कोलिजन क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले प्रोफेसरों को फेलोशिप दी जाएगी। 

आईआईटी खड़गपुर के संयुक्त कुलसचिव बने आईआईटी बीएचयू के कुलसचिव
आईआईटी खड़गपुर में संयुक्त कुलसचिव सुमित कुमार को आईआईटी बीएचयू का नया कुलसचिव बनाया गया है। वह सात जुलाई को कार्यभार ग्रहण करेंगे। कुलसचिव के अतिरिक्त प्रभार में रहे राजन श्रीवास्तव वापस से संयुक्त कुलसचिव पद पर कार्यरत रहेंगे।

Varanasi News today Four people died in accidents advocate friend completed arguments in Gyanvapi
IMS BHU - फोटो : अमर उजाला

आईएमएस बीएचयू के वीआरडीएल को मिली एनएबीएल की मान्यता
आईएमएस बीएचयू में चलने वाली वायरल रिसर्च एंड डायग्नोस्टिक लेबोरेटरी (वीआरडीएल) को नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज (एनएबीएल) द्वारा मेडिकल लेबोरेटरीज के लिए आईएसओ 15189:2012 मानकों के तहत एनएबीएल मान्यता प्रदान की गई है। इस लैब में वाराणसी समेत आसपास के जिलों से आने वाले कोविड, डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों से जुड़े सैंपल की जांच की जाती हैं।

आईएमएस बीएचयू के वीआरडीएल को प्रयोगशाला की गुणवत्ता, सटीकता और जांच की सेवाओं अनुसंधान में उत्कृष्टता को लेकर यह मान्यता दी गई है। वायरल रोगों की निगरानी और निदान में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधान अन्वेषक माइक्रोबायोलॉजी विभाग के प्रो. गोपालनाथ और प्रो. प्रद्योत प्रकाश इसके सह प्रधान अन्वेषक है। इसके अलावा वैज्ञानिकों की टीम भी जांच से जुड़े कार्यों में लगी है।

विद्यालयों के विलय के विरोध में शिक्षकों ने कैबिनेट मंत्री को सौंपा ज्ञापन
प्राथमिक विद्यालयों के प्रस्तावित विलय नीति के विरोध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ शाखा के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष अपनी आपत्तियां रखीं और नीति को ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था के लिए हानिकारक बताया। 

शिक्षकों ने कहा कि यदि विद्यालयों का विलय किया जाता है तो इसका सीधा और नकारात्मक प्रभाव बच्चों की शिक्षा पर पड़ेगा। विलय से छात्रों को दूर के स्कूलों तक जाना पड़ेगा। इससे उनकी उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होगी। प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से मांग की कि सरकार इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और प्रस्तावित विद्यालय विलय की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए। प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति भूषण त्रिपाठी, वीरेंद्र प्रताप सिंह, रमाशंकर यादव आदि शामिल रहे। 

संत नारायण पुनर्वास संस्थान का उद्घाटन आज, होगा निशुल्क इलाज
जयपुर के सिविल लाइंस के विधायक गोपाल शर्मा शनिवार को शिवदासपुर मार्ग स्थित संत नारायण पुनर्वास संस्थान का शनिवार को उद्घाटन करेंगे। यह संस्थान नई तकनीकी से व्यसन मुक्ति, मानसिक उपचार, डाउन सिंड्रोम, ऑटिज्म सहित विशेष बच्चों का उपचार व देखभाल करेगा।

यहां गरीब बच्चों और दिव्यागों का इलाज निशुल्क होगा। संस्थान के प्रबंधक राकेश पांडेय और डॉ. डीवी मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि इस पुनर्वास केंद्र में योग्य चिकित्सकों के जरिये फिजियोथेरेपी, ऑक्युपेशनल थेरेपी, स्पीच थेरेपी और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की सेवाएं दी जाएंगी। यहां पुनर्वास की सुविधा भी दी जाएगी।

137 आंगनबाड़ी केंद्रों में एजुकेटर की नियुक्ति अटकी
जिले के परिषदीय विद्यालयों में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल व शिक्षा (ईसीसीई) के तहत एजुकेटर की नियुक्ति का मामला लटका हुआ है। आवेदकों के दस्तावेज का भौतिक सत्यापन अब तक पूरा नहीं हो सका है। इस वजह से पहले चरण की नियुक्ति प्रक्रिया बाधित हो गई है। बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी कई आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन शेष है। सभी वैध दस्तावेज मिलने और उनके सत्यापन के बाद ही एजुकेटरों की तैनाती की जाएगी। 

आईटीआई करौंदी में 22 विद्यार्थियों ने लिया दाखिला
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में शुक्रवार को 22 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। पहली मेरिट सूची के बाद फीस जमा करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई है। 9 जुलाई को खाली सीटों की लिस्ट पोर्टल पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थी प्रवेश परिणाम की जानकारी वेबसाइट http:www.scvtup.in या http:www.upvesd.gov.in/dte पर देख सकते हैं। अभ्यर्थी मूल प्रमाणपत्रों, अंक पत्रों की प्रति और उनकी एक-एक प्रमाणित प्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ पहुंचें। प्रधानाचार्य मुकेश सिंह ने बताया कि संस्थान में प्रवेश शुरू हो गया है। विद्यार्थी मेरिट के हिसाब से दाखिला ले सकते हैं।

तजाकिस्तान में खेलेंगे काशी के निशानेबाज सूर्यदीप सिंह
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता कजाकिस्तान में खेली जएगी। हरहुआ ब्लाॅक के कृष्णापुर निवासी सूर्यदीप सिंह सोने पर निशाना साधेंगे। पांच सदस्यीय भारतीय टीम में यूपी से सूर्यदीप सिंह का चयन हुआ है। सूर्यदीप दो स्तरीय ट्रायल से गुजरे थे। उन्होंने दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज और मध्य प्रदेश में ट्रायल दिया था। कजाकिस्तान में खेलने के लिए काशी के खिलाड़ी कैंटोंनमेंट के शूटिंग रेंज में पांच घंटे अभ्यास कर रहे हैं। 

सूर्यदीप ने बताया कि वह हर रोज सुबह 11 से दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तक अभ्यास करते हैं। हवा चलती है तो ड्राई प्रैक्टिस करते हैं। तिरुवनंतपुरम में खेली गई 65वीं राष्ट्रीय शूटिंग टीम वर्ग में रजत जबकि भोपाल में 67वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य जीत चुके हैं। इसमें एक देश से पांच खिलाड़ी खेलते हैं। मैच में 654 अंक के लिए 60 गोली चलानी होती है। एक खिलाड़ी को पांच गोलियां मिलती हैं।

सोसाइटी की ओर से स्टेशनरी और खाद सामग्री का वितरण
विमेंस स्पिरिट क्रिएशन सोसाइटी की ओर से कंपनी के सहयोग से चंदासी कंपोजिट विद्यालय के बच्चों को स्टेशनरी सामान और खाद सामानों का वितरण हुआ। समाज सेविका और सोसाइटी की अध्यक्ष सोनी जायसवाल और अनुराधा जायसवाल ने वितरण किया। इस मौके पर अनुपमा जायसवाल, सुजीत जायसवाल, मयंक जायसवाल, रमन, गुंजन जायसवाल, अनिता, सौरभ आदि रहे।

महामना ने जाति-धन नहीं, ब्रह्मा का स्वरूप देखा
बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र में शुक्रवार को विधिवेत्ता डॉ. प्रदीप राय ने चौरीचौरा कार्रवाई की अदालत में मालवीय, न्याय और राष्ट्रधर्म के संदर्भ में बात की। कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय हर इंसान में जाति या धन का नहीं, ब्रह्म की अनुभूति करते थे। चौरी-चौरा घटना के अभियुक्तों को अंग्रेजी शासन ने जातीय पहचान के आधार पर दोषी ठहराया, जबकि महामना ने इनकी पैरवी कर न्याय की वास्तविक भावना को सबसे सामने ला दिया। वह न्याय को केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि आत्मा का धर्म भी मानते थे। केंद्र समन्वयक प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी ने स्वागत भाषण दिया।

पर्यावरण पर पेंटिंग बनाई, किया जागरूक
शिव शक्ति सेवा फाउंडेशन और सात्विक सोल फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को कबीरचौरा कंपोजिट विद्यालय में वन महोत्सव मनाया गया। बच्चों ने पर्यावरण पर पेंटिंग बनाए। कविताएं सुनाकर सभी को जागृत किया। संस्था की अध्यक्ष प्रीति रवि जायसवाल ने कचरे से इको ब्रिक्स बनाने की विधि के बारे में जानकारी दी। 

प्रधानाचार्या डॉ. मधु सिंह ने कहा कि इको ब्रिक्स बनाकर विद्यालय में प्लास्टिक से उपयोगी वस्तुओं में परिवर्तित करने का संदेश दिया गया है। शिवम अग्रहरि ने निर्मल गंगा के प्रति सभी को जागरूक किया। कृष्ण मोहन पांडेय ने राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता के बारे में बताया। प्रश्नों का सही उत्तर देने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके मोहित, सरस्वती मिश्रा, आर्यन, प्रशांत, प्रेरणा कश्यप, निधि अग्रवाल, श्रेष्ठ जायसवाल मौजूद रहे।

राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन 15 तक
राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई है, लेकिन अब तक केवल 16 अध्यापकों ने ही आवेदन किया है। पुरस्कृत शिक्षक वेलफेयर सोसाइटी के प्रांतीय प्रवक्ता राम अवतार यादव ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने सभी विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं। राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार के लिए प्रदेश भर से कम आवेदन प्राप्त हुए हैं।

पिंडरा-बड़ागांव में किसानों को दिया गया मुफ्त बीज
पिंडरा के जगदीशपुर और बड़ागांव के भीटी गांव में शुक्रवार को भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने किसानों को मुफ्त बीज मिनी किट दिया। मिनी किट में उड़द, मूंग, अरहर, तिल, ज्वार, बाजरा और मडुवा के बीज शामिल थे। विधायक ने किसानों से अपनी आय बढ़ाने के लिए श्री अन्न (मोटे अनाज) और जैविक खेती अपनाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि मोटे अनाज की खेती कम लागत और कम पानी में अधिक मुनाफा दे सकती है। अध्यक्षता उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल ने की।

आषाढ़ी गुप्त नवरात्रि की पूर्णाहुति पर कन्याओं को कराए भोज
आषाढ़ मास के गुप्त नवरात्र की शुक्रवार को पूर्णाहुति हुई। श्रद्धालुओं ने घरों में घट स्थापना की पूजा की और हवन पूजन के साथ कन्याओं को भोजन करवाकर उन्हें दक्षिणा दी। 26 जून से शुरू नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं ने नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा और आराधना की। अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर दुर्गासप्तशती का पाठ किया। 

लंगड़ा-मल्लिका आम की खेती करने वाले किसान होंगे पुरस्कृत
लखनऊ में शुरू हुए आम महोत्सव में बनारसी लंगड़ा और मल्लिका आम को पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनकी खेती करने वाले दो किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा। तीन दिवसीय महोत्सव में बनारस से अम्रपाली, चौसा और दशहरी आम की प्रजातियां प्रदर्शित की गईं। वहीं, वाराणसी मंडल में जौनपुर के एक किसान अनिल सिंह को अच्छी बागवानी करने के लिए प्रमाणपत्र दिया गया। 

वाराणसी के 53 किसानों ने महोत्सव में आम की प्रजातियां प्रदर्शित कीं। जिला उद्यान अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि प्रथम और द्वितीय पुरस्कार अंतिम दिन छह जून को मिलेगा। वाराणसी मंडल के जौनपुर के किसान को सम्मानित किया जाएगा।

अभिषेक रघुराम ने कराया रागों की गहराई का अहसास
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में चल रहे कला उत्सव के तीसरे दिन संगीत प्रेमियों को एक अनुपम संगीतमय अनुभव हुआ। शुक्रवार की शाम की प्रस्तुति सुप्रसिद्ध कर्नाटक शास्त्रीय गायक अभिषेक रघुराम की रही। उन्होंने अपनी गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

रघुराम की प्रस्तुति में रागों की गहराई, तान की विविधता और लय की सुगमता ने श्रोताओं को अध्यात्म और संगीत के अद्वितीय संगम का अनुभव कराया। दर्शकों ने तालियों और हर-हर महादेव की गूंज से कलाकार का स्वागत किया। शनिवार को कला उत्सव के चौथे दिन, विश्वविख्यात वीणा वादिका डॉ. जयंती कुमारेश की प्रस्तुति होगी।

राष्ट्रीय नेटबॉल शिविर से लौटीं तृषा बोस
एशियन यूथ नेटबॉल चैंपियनशिप के लिए चयनित वाराणसी की खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में नहीं खेल पाएंगी। वाराणसी नेटबॉल संघ के सचिव रणविजय सिंह ने बताया कि इंजरी की वजह से तृषा राष्ट्रीय शिविर से काशी लौट गई। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 से 4 जुलाई तक दक्षिण कोरिया के जॉन्जू शहर में होगी। 

डीआईओएस से मिलकर उठाईं शिक्षकों की समस्याएं
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को डीआईओएस से मुलाकात की। इसमें खेदनलाल इंटर कॉलेज के प्रवक्ता अवधेश कुमार के नियम के विरुद्ध निलंबन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने इसे प्रबंधक और प्रधानाचार्य की साजिश बताया और इस पर आपत्ति दर्ज कराई।

प्रतिनिधिमंडल ने एनपीएस से ओपीएस में आए शिक्षकों के जीपीएफ योजनाओं में एनपीएस कटौती और ब्याज सहित अवशेष भुगतान की मांग भी की। इसके अतिरिक्त, राजघाट नगर निगम बालिका विद्यालय की तीन अध्यापिकाओं के एरियर का भुगतान, गौरकला इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य का वेतनमान और कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज के अध्यापकों की समस्याओं पर भी चर्चा की। इस मौके पर सत्येंद्र सिंह, अरविंद कुमार, विवेक सिंह, महेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।

तीन सौ बौद्ध भिक्षुओं की धम्म यात्रा पहुंची लोहता
धम्म शिक्षण संस्थान के संस्थापक व अध्यक्ष भिक्षु चंदिमा के नेतृत्व में 300 भिक्षुओं की धम्म यात्रा शुक्रवार को लोहता पहुंची। चौथे पड़ाव लोहता के गौतम बुद्ध बालिका विद्या संस्थान में यात्रा का स्वागत राज्यमंत्री अनिल राजभर ने किया। राज्यमंत्री ने भिक्षु संघ को भोजन दान किया और आशीर्वाद प्राप्त किया।

धम्म चारिका में जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, मऊ, बलिया, गाजीपुर, गोरखपुर के बौद्ध भिक्षुओं के साथ थाईलैंड के बौद्ध भिक्षु भी शामिल हैं। भिक्षु संघ ने विद्यालय परिसर में स्थापित बौद्ध मंदिर में भगवान बुद्ध की पूजा व वंदना की। पांच जुलाई को यह धम्म चारिका अपने अगले पड़ाव बीएलडब्लू के लिए प्रस्थान करेगी। 

सावन में 20 हजार पौधे लगाएंगी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं
सावन में एक पेड़ मां के नाम के अभियान के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाएं 20 हजार पौधे लगाएंगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने नगर निगम के सभागार में डूडा की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित सभी महिलाओं को एक प्रारूप दिया गया, जिस पर लगने वाले पौधे का पूरा विवरण भरा जाएगा।

मेयर ने सभी से अपील की कि सभी महिलाएं पौधे लगाने के लिए 20-20 स्थान चिह्नित करें। उन चिह्नित स्थानों पर नगर निगम निशुल्क पौधे और ट्रीगार्ड उपलब्ध कराएगा। गड्ढों की खोदाई भी कराएगा। मेयर ने बताया कि सघन क्षेत्र होने के कारण विधानसभावार शिवपुर, सूजाबाद डोमरी, ककरमत्ता, लहरतारा, रामनगर जैसे नव विस्तारित क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने हैं। संवाद

पार्षद ने लगाया एक पेड़ मां के नाम : लहरतारा महेशपुर के पार्षद राजेश कन्नौजिया ने शुक्रवार को अपने वार्ड महेशपुर कंपोजिट विद्यालय में नए सत्र के छात्रों को किताब बांटे। प्रधानाचार्य शीला यादव व अन्य शिक्षिका के साथ एक पेड़ अपनी मां के नाम से लगाया गया।

अपना दल एस के राष्ट्रीय सचिव का भव्य स्वागत
अपना दल एस के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव शुक्रवार को अमरा स्थित प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह सोनू के आवास पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। राकेश यादव ने कहा कि कार्यकर्ता हमारी पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। पंचायत चुनाव की तैयारी में कार्यकर्ता लग जाएं।

मतदाता सूची में लोगों का नाम जुड़वाएं और पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाएं। सरकार आम जनता के हित में काम कर रही है और गरीबों के उत्थान के लिए तमाम योजनाएं चला रही है। इस दौरान सोनू, श्याम नारायण सिंह, डाॅ. महेंद्र पटेल, डाॅ. उमेश पटेल, दिव्यांशु सिंह, अवधेश पटेल, रीना आदि मौजूद रहीं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed