फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today FIR for ramming into Kashi Naresh car gold smuggling accused sent to jail and other news u

Varanasi News Today: काशी नरेश की कार में टक्कर मारने पर एफआईआर, सोना तस्करी के आरोपियों को भेज जेल; खबरें

Sun, 15 Mar 2026 12:00 AM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Sun, 15 Mar 2026 12:00 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में शनिवार को कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें काशी नरेश की कार में टक्कर मारने पर प्राथमिकी दर्ज होने और 3.54 करोड़ के विदेशी सोना तस्करी में दोनों आरोपियों को जेल भेजे जाने की खबर सुर्खियों में रही। 

विज्ञापन
Varanasi News Today FIR for ramming into Kashi Naresh car gold smuggling accused sent to jail and other news u
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

काशी नरेश की कार में टक्कर मारने पर प्राथमिकी दर्ज

विज्ञापन

भीखीपुर हाईवे पर काशी नरेश परिवार के कुंवर अनंत नारायण सिंह की कार में टक्कर मारने के मामले में कार चालक चंदौली निवासी भुलई राम की तहरीर पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शुक्रवार दोपहर वह परिवार समेत रामनगर से प्रयागराज जा रहे थे। इस बीच कार को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक में फंसकर 10 मीटर तक घिसट गई। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मिर्जामुराद पुलिस ने वाहनों को सड़क किनारे से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।  

3.54 करोड़ के विदेशी सोना तस्करी में दोनों आरोपियों को भेजा जेल
मजिस्ट्रेट सौम्या पांडेय की अदालत ने 3.54 करोड़ की सोना तस्करी में दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई कर 3.54 करोड़ का विदेशी सोना बरामद किया था। महाराष्ट्र के दो आरोपियों बालासो जाधव और तेजस बाला साहेब पवार को कोर्ट में रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की गई। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा। डीआरआई अब सोने की तस्करी के नेटवर्क और स्रोत की जांच कर रही है।  
विज्ञापन


सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम से अभद्रता, प्रधान समेत छह पर प्राथमिकी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के खेतलपुर गांव में सरकारी बंजर भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व टीम के विरोध में महिलाओं समेत कई लोगों ने जेसीबी के आगे लेट कर हंगामा किया। इस मामले में ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नायब तहसीलदार जाल्हूपुर शैलेश कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि खेतलपुर में जमीन राजस्व अभिलेखों में बंजर के रूप में दर्ज है। भूमि पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण किया था। संबंधित लोगों को 27 जनवरी 2026 को नोटिस देकर कब्जा हटाने को कहा गया था। बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। शनिवार शाम चार बजे राजस्व टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया। कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। आरोप है कि आशा कार्यकर्ता हौसिला देवी जेसीबी के आगे लेटकर विरोध करने लगी। उनके साथ विजयशंकर, रमाशंकर, सुरेश राम, साहिल और विनोद ने भी अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान सुनील कुमार यादव ने भी उनका सहयोग किया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि नायब तहसीलदार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; UP Police SI Exam: वाराणसी में पहले दिन कड़ी सुरक्षा के बीच हुई परीक्षा, 38880 अभ्यर्थियों में से 19933 छोड़ी

युवक पर चाकू से हमला, प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बछिया बारी गांव में अमन पटेल पर चाकू से हमला कर दिया गया। 11 मार्च की रात घटना के बाबत पीड़ित के पिता ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पिता जयप्रकाश पटेल ने पुलिस को बताया कि गांव में ही रहने वाले आरोपी प्रवेश पटेल ने बेटे पर हमला किया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

आठ साल से शादी का झांसा देकर शोषण का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर युवती के यौन शोषण के मामले में आरोपी सागर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार को पंचक्रोशी क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी मिर्जापुर के कछवा बाजार का रहने वाला है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि सागर आठ साल से शोषण कर रहा था। 

चोरी के दो मोबाइल और बाइक के साथ आरोपी गिरफ्तार
चोरी के दो मोबाइल और एक बाइक के साथ आरोपी आदित्य सोनकर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार को हिरामनपुर क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया। आदित्य उर्फ चरना उर्फ काली सुधाकर रोड, खजुरी लालपुर-पांडेयपुर और हाल पता पंचकोशी का रहने वाला है। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पूछताछ में बताया कि दोनों मोबाइल चोरी के हैं। 2 साथियों के साथ योजना बनाकर भीड़-भाड़ वाले स्थानों से चोरी की थी। बाइक भोजूबीर से 10 मार्च को चोरी की थी। बाइक और मोबाइल बेचने के लिए चंदौली की तरफ जा रहा था। आरोपी पर तीन प्राथमिकी पहले से दर्ज हैं।  

वृद्धा का कमरे के अंदर मिला शव
पिंडरा थाना क्षेत्र के मंगारी बाजार में शनिवार को कमरे में शांति देवी (81) का शव मिला। फूलपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घरेलू कलह के चलते महिला के दम तोड़ने की बात सामने आई है। शांति देवी के तीन बेटे और एक बेटी है। बड़ा बेटा अशोक चौरसिया, मझला बेटा घनश्याम चौरसिया, छोटा बेटा मनोज चौरसिया और सबसे छोटी संतान मुन्ना देवी हैं। सभी की शादी हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि शांति देवी पिछले कुछ समय से मनोज के घर रह रही थी। परिवार का कहना है कि दो वर्षों से घर में पारिवारिक तनाव और मनमुटाव से शांति देवी परेशान थीं। घनश्याम इस समय शांति देवी को खाना खिलाता था। सुबह जब कमरे में परिजन पहुंचे तो देखा कि शांति देवी मृत पड़ी थीं। फूलपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला मानसिक तनाव से जुड़ा गल रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की असली वजह का पता चलेगा।  

विवाहिता ने दर्ज कराया दहेज उत्पीड़न मामले में प्राथमिकी
विवाहिता ने ससुराल के नौ सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है। थाना क्षेत्र के काजीसरांय गांव निवासी सुनीता ने पुलिस को बताया कि सास, जेठ और परिवार के अन्य सदस्य प्रताड़ित करते हैं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

आभूषण ठगी मामले में छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
आभूषण धोखाधड़ी के मामले में सराफ प्रशांत सिंह उर्फ सागर समेत छह के खिलाफ कैंट थाने में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। जैतपुरा के हुकुलगंज बघवानाला निवासी तलाश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अर्दली बाजार के चंद्र आभूषण भंडार में अपने पुराने सोने के आभूषण मरम्मत और नए डिजाइन में बनवाने के लिए दिए थे। 92.64 लाख रुपये के आभूषण को नए डिजाइन में तैयार कराने के नाम पर 6 अगस्त 2020 को चेक से 7 लाख रुपये भी दिए थे। कुछ समय बाद जब आभूषण वापस मिले तो उनका रंग पीले से काला पड़ने लगा और पॉलिश उखड़ने लगी। शक होने पर जब उन्होंने जांच कराई तो पता चला कि असली सोने के आभूषणों के बदले नकली गहने दे दिए गए थे। दुकान के मालिक प्रशांत सिंह उर्फ सागर से शिकायत की तो उसने कुछ आभूषण दोबारा अपने पास ले लिए और 20-25 दिन में सही आभूषण लौटाने का आश्वासन दिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी बार-बार अलग-अलग बहाने बनाता रहा। बाद में उसने व्हाट्सएप पर एक स्टांप भेजकर समझौते की बात कही, लेकिन जांच कराने पर वह स्टांप भी नकली पाया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्रशांत सिंह उर्फ सागर, कृष्ण सिंह, आकाश सिंह, शशांक प्रसून, अनूप सराफा, राजेश सेठ पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

अंडरपास के नीचे से हटवाया अतिक्रमण
डीसीपी गोमती आकाश पटेल ने शनिवार को स्थानीय बाजार का निरीक्षण किया। अंडरपास के आसपास अतिक्रमण हटवाया। मिर्जामुराद पुलिस ने 12 ठेला पटरी दुकानदारों को नोटिस दिया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि दुकानदारों को निर्देशित किया कि किसी भी दशा में अतिक्रमण नहीं हो। इस कार्रवाई से ठेला पटरी दुकानदारों में नाराजगी है। दुकानदारों ने कहा कि जीवन यापन में मुश्किल हो रही है। अरुण जायसवाल ने कहा कि इस मामले में जल्द ही ठेला पटरी व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय पर ज्ञापन देकर पीएम को पत्र भी भेजेगा।  

वाहन की टक्कर से ट्रेनिंग सूबेदार घायल, कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से सेना के एक ट्रेनिंग सूबेदार घायल हो गए। कैंट पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। 39 जीटीसी में कार्यरत ट्रेनिंग सूबेदार बिजेन प्रधान सुबह 10.30 बजे सेंटर से ट्रेनिंग एरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दाहिना हाथ फ्रैक्चर हो गया। चेहरे पर भी गंभीर चोट आई हैं। मामले में 39 जीटीसी में कार्यरत कुलदीप घले की ओर से कैंट थाने में कार चालक पवन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।  

सरौनी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर युवक की ट्रेन से कटकर मौत
जंसा थाना क्षेत्र के सरौनी गांव स्थित रेलवे ट्रैक पर शनिवार तड़के ट्रेन की चपेट में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने क्षत विक्षत शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम केलिए भेजा। शव की शिनाख्त में पुलिस जुटी हुई है। जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

चेन चोरी करने की आरोपी महिला गिरफ्तार
लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने चेन चोरी के मामले में आरोपी आजमगढ़ निवासी गीता को शुक्रवार शाम बघवानाला के पास से गिरफ्तार किया। महिला के पास से चोरी का आभूषण बरामद हुआ। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 13 मार्च को एक महिला ने पांडेयपुर चौराहे के पास ऑटो सवार अज्ञात महिला के खिलाफ चेन चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई। जिसकी पहचान गीता के रूप में हुई। गीता पर अंबेडकरनगर, आजमगढ़ और प्रयागराज में भी मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चेन चोरी करती है।  

कैंट स्टेशन परिसर से पकड़े गए 15 आवारा पशु
कैंट रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे और नगर निगम की टीम ने आवारा पशुओं को पकड़ने का अभियान शनिवार को चलाया। स्टेशन के तीनों प्रवेश द्वार से 15 पशुओं को पकड़ा गया। सभी को नगर निगम की टीम को सुपुर्द कर दिया गया। स्टेशन परिसर में कभी मुख्य द्वार तो कभी कैंटोंमेंट वाले साइड पर दूसरे प्रवेश द्वार पर आवारा पशु घूमते रहते हैं। कई बार प्लेटफॉर्म पर भी पहुंच जाते हैं। रेलवे कालोनियों में भी आए दिन घूमते रहते हैं। बच्चों, महिलाओं को चोट लगने का खतरा रहता है। इसे देखते हुए रेलवे और नगर निगम की टीम ने अभियान चलाकर पशुओं को पकड़ा। उत्तर रेलवे की ओर से तीन स्वास्थ्य निरीक्षक प्रशांत पंसारे, अमित, प्रभात के साथ ही एएसआई धर्मेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल बाल किशन मौजूद रहे। 

अराजक तत्वों ने तोड़ी लाइट व बेंच
नेहिया ग्राम सभा के खेलकूद मैदान पर लगे बेंच व बाउंड्री वाल पर लाइट को अराजक तत्वों ने शनिवार की शाम में तोड़ दिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सन्दीप सिंह ने पुलिस को बताया कि गांव के ही कुछ अराजक तत्वों ने बाउंडरी वाल पर लगे लाइट को तोड़ने के साथ बेंच को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लगभग 15 हजार रुपये की क्षति हुई है। फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि जांच कराई जा रही है।

धोखाधड़ी मामले में दंपती समेत तीन पर प्राथमिकी दर्ज
चेक और जमीन का लालच देकर दंपती समेत तीन पर पैसा हड़पने,धोखाधड़ी मामले में रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
लंका के स्वास्तिक टावर निवासी पीड़ित अखिलेश कुमार ने पुलिस को बताया कि आरोपी रामकृष्ण ज्ञा उसकी पत्नी स्मिता झा निवासी बसन्त नगर पटनवां चन्दौली ने अपनी जमीन बताकर 20 लाख रूपये लिए। सत्य प्रकाश श्रीवास्तव नाम के व्यक्ति को लाकर भी पैसा लिया गया। जमीन अपनी बताक पैसा लेने के बाद जमीन को दूसरे को बेच दिया गया। मेरा पैसा वापस करने के लिए रामकृष्ण झा व उसकी पत्नी स्मिता झा ने चेक दिया। सत्यप्रकाश श्रीवास्तव से भी चेक दिलवाया गया। लेकिन अभी तक पैसा नहीं दिया गया। जान से मारने की धमकी देते हैं। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

निगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं को मेसेज भेज रहा बिजली निगम
बिजली निगम की ओर से ऐसे उपभोक्ता जिनके स्मार्ट मीटर का बिल निगेटिव में चल रहा है। उनको मैसेज भेजकर जल्द से जल्द बिल जमा करने को कहा जा रहा है। ऐसा इसलिए कि पावर कार्पोरेशन की ओर से जारी नए निर्देश के अनुसार समय से बिल जमा न करने वालों की बिजली कट जा रही है। इसके बाद उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले में जिन उपभोक्ताओं के घर स्मार्ट मीटर लगा है उनके मोबाइल पर हर दिन की बिजली खपत और धनराशि का मेसेज जा रहा है। इस बीच पावर कार्पोरेशन की ओर से मुख्य अभियंता सहित अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर जीरो बैलेंस वाले उपभोक्ताओं की नए सिरे से सूची तैयार कराकर जल्द बिल जमा करवाने को कहा है। इधर जिले के उपकेंद्रों से संबंधित एसडीओ, जेई से लेकर अन्य अधिकारी उपभोक्ताओं से बकाए बिल जमा करने को कह रहे हैं। मुख्य अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को जागरूक किया जा रहा है ताकि कनेक्शन कटने जैसी समस्या से न जूझना पड़े। 
 
अमेरिका-ईरान के युद्ध की शांति के लिए काशी में हवन, अति महारुद्र यज्ञ
अमेरिका-ईरान सहित अन्य देशों में चल रहे युद्ध को रोककर शांति कायम करने की मांग हर धर्म के लोग कर रहे हैं। अलविदा जुमा में जहां नमाजियों ने शांति की दुआएं मांगी, वहीं मंदिरों, मठों और आश्रमों में शांति के लिए हवन और अनुष्ठान शुरू हो गया है। काशी में दक्षिण भारत के भी साधु-संत, वैदिक विद्वान और श्रद्धालु इसे कर रहे हैं।

प्रशिक्षु आईपीएस मानसी दहिया को चोलापुर थाने का प्रभार
प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया को जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण के तहत शनिवार को चोलापुर थाने का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के आदेश पर उन्हें 12 सप्ताह के लिए सौंपा गया है। 77वें आरआर (2023 बैच) आईपीएस मानसी दहिया मूलरूप से हरियाणा की सोनीपत की निवासी हैं। बीएससी, बीएड कर चुकी हैं।  

कल्वाकोलानु चितरंजन दास मेमोरियल सेवा संगठन, तेलंगाना की ओर से तीन दिवसीय शिवाय विष्णु रूपाय अनुष्ठान शनिवार को मुमुक्षु भवन, अस्सी घाट में शुरू हुआ। श्री श्रृंगेरी शारदा पीठम के दोनों जगद्गुरुओं के आशीष से शुरू अनुष्ठान में विश्व शांति और धर्म की रक्षा के लिए संकल्प लिया गया। पहले दिन विष्णु सहस्रनाम पाठ हुआ। ब्रह्मश्री कल्वाकोलानु रामचन्द्रमूर्ति एवं गुरुपत्नी जयलक्ष्मी रामचन्द्रमूर्ति के सानिध्य में सुबह गणपति हवन, प्रार्थना पाठ, मंडपाधना, दीक्षा, ऋत्विक वरुण पंच गव्य प्रासन, अग्नि स्थापना, गणपति के अंग हवन, रुद्र नवग्रह आदि और गायत्री हवन हुआ।

दोपहर बाद लक्ष्य बिल्वार्चना हुआ। रामचन्द्रमूर्ति ने विष्णु दर्शन पर प्रवचन किया। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन सुबह एक लाख रुद्राक्ष पूजन, लहरी व ललिता सहस्रनाम पारायण होगा। गुरु विश्वेश्वर के दर्शन और प्रवचन होंगे। अंतिम दिन, 16 मार्च को गायत्री हवन होगा और सामूहिक संध्यावंदन होगा। दक्षिण भारत के सौ वैदिक विद्वानों सहित पांच सौ श्रद्धालु अनुष्ठान में शामिल हैं। शृंगेरी मठ, महमूरगंज में तीन दिवसीय अति महारुद्र यज्ञ की पूर्णाहुति हुई। सौ से अधिक विद्वानों ने हवन पूजन और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में मंत्रों से पूजित संगम, गंगा सहित पांच नदियों के जल से अभिषेक किया।
 
न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने किया बीएचयू मूट कोर्ट का शुभारंभ
बीएचयू में शनिवार को 13वीं महामना मालवीय राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता शुरू हुई। विधि संकाय के महामना सभागार में इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने इसका आधिकारिक शुभांरभ किया। रिवर्स प्राइमरी राउंड में प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष के साथ तर्क प्रस्तुत कर अपनी विश्लेषणात्मक क्षमता, अनुसंधान कौशल और न्यायालयीन शिष्टाचार का बेहतर परिचय दिया। शाम को इसके परिणाम घोषित किए गए। लॉटरी से अगले चरण की जोड़ियां तय की गईं और स्मारिका का आदान-प्रदान हुआ। वहीं, क्वार्टर फाइनल दौर चयनित टीमों ने अधिवक्ता-कौशल, संवैधानिक ज्ञान और सूक्ष्म विधिक व्याख्या की। इस दौरान अधिवक्ता अभिनव मिश्रा, अभिनव मिश्रा, एन. राजा सिंह सहित उच्च और सुप्रीम कोर्ट के कई अधिवक्ता मौजूद रहे।  

भाजपा के रंगोत्सव में सम्मानित हुए कार्यकर्ता, पदाधिकारी
भाजपा महानगर कमेटी की ओर से अंधरापुल के पास सिटी गार्डेन में शनिवार को रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम में महानगर कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व महानगर अध्यक्षों एवं वर्तमान मंडल अध्यक्षों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्रम् पहनाकर महानगर अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया। रंगोत्सव में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। गायक मासूम अली और उनकी टीम के होली गीत और चैती सुनकर श्रोता भावविभोर हो गए। इसके बाद कवि चकाचक ज्ञानपुरी और दमदार बनारसी ने अपने हास्य कविताओं से लोगों को खूब हंसाया। इसके बाद सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं के लिए सप्रेम स्वरुचि भोज की व्यवस्था भी की गई। इसके पहले सभा स्थल पर प्रवेश करने वाले सभी लोगों को चंदन का टीका लगाया गया। महिलाओं की टीम द्वारा गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गई और लोगों पर इत्र का छिड़काव किया गया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रेम प्रकाश कपूर, रामगोपाल मोहले और एमएलसी अश्वनी त्यागी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा महानगर के सभी 13 मंडल अध्यक्षों का भी सम्मान हुआ। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed