News: विमान में खराबी, 14 घंटे की देरी से गया मुंबई, वाराणसी में स्वामी प्रसाद के खिलाफ FIR; पढ़ें खास खबरें
News Update Today: बाबतपुर एयरपोर्ट पर बीती रात मुंबई जाने वाला विमान एक दिन बाद विमान भर सका। इससे यात्रियों को दिक्कत हुई। वहीं, भाजपाइयों ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News Today: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पर मंगलवार को रात्रि में मुंबई जाने वाला विमान बुधवार को दोपहर में 14 घंटे उड़ान भर सका। इसी विमान से मुंबई जाने वाले लगभग 200 यात्री पूरी रात एयरपोर्ट पर परेशान रहे। इसको लेकर यात्रियों और विमानकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
स्पाइस जेट का विमान एसजी 508 मंगलवार को रात्रि 11:15 बजे वाराणसी से मुंबई उड़ान भरने के लिए तैयार था। तभी पायलट को विमान में तकनीकी खराबी नजर आई। पायलट ने ग्राउंड स्टाफ को सूचना देने के बाद विमान को ग्राउंड कर दिया।
यात्रियों को विमान से उतारने के बाद इंजीनियरों की टीम विमान को ठीक करने में जुट गई। हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली। बुधवार को सुबह विमान का एक पार्ट दिल्ली से मंगाया गया तब जाकर विमान ठीक हुआ और 14 घंटे की देरी से दोपहर 1:40 बजे मुंबई के लिए रवाना हुआ। इस बीच यात्रियों और विमानकर्मियों में तीखी नोकझोंक हुई। कुछ यात्रियों ने अपना टिकट कैंसल करवा लिया।
कमिश्नरेट के एडिशनल सीपी का तबादला
वाराणसी कमिश्नरेट के एडिशनल सीपी डॉ. शिवासिम्पी चनप्पा को गोरखपुर का डीआईजी बनाया गया है। यह निर्णय शासन की ओर से जारी किया गया है।
पंद्रह लोगों पर रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज
रेलवे सुरक्षा बल की ओर से बुधवार को अभियान में 15 लोगों पर रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। चेकिंग के दौरान 7 व्यक्तियों के खिलाफ अशांति फैलाने, गंदगी, 6 पर अवैध रूप से पार्किंग के जुर्म में केस पंजीकृत किया गया। दो अवैध वेंडरों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त देवांश शुक्ला की ओर से गठित ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते की टीम ने प्लेटफॉर्म एक के यात्री हॉल से एक नाबालिग बच्चे को रेस्क्यू कर चाइल्ड लाइन को सौंप दिया।
पैसा न देने पर मारने की धमकी, मुकदमा दर्ज
नदेसर निवासी श्रेयस की तहरीर पर कैंट थाने में फोन कर पैसा मांगने और धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। श्रेयश ने तहरीर में बताया कि अज्ञात कई नंबरों से पैसे मांगने और धमकी देने के लिए फोन आ रहे है। साथ ही व्हाट्सएप हैककर आधार, पैन और फोटो ले ली। साथ ही परिजनों को रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। कैंट थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि जांच हो रही है।
स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ केस के लिए भाजपाइयों ने किया प्रदर्शन
चौबेपुर थाने में भाजपाइयों ने बुधवार को स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। भाजपाइयों ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर स्वामी ने आपत्तिजनक बयानबाजी देकर भारतीय सेना का अपमान किया है।
एसीपी सारनाथ ने समझा-बुझाकर शांत कराया और आश्वस्त किया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। भाजयुमो किसान मोर्चा के जिला शोध प्रमुख गौरव सिंह के नेतृत्व में भाजपाई चौबेपुर थाने पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ता हाथ में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर नारे लगा रहे थे। स्वामी प्रसाद मौर्य ने भारतीय सेना को लेकर अनाप-शनाप बयान दिया। उन्होंने सेना के शौर्य और पराक्रम का जानबूझकर अपमान किया।
मौर्य के खिलाफ राष्ट्रद्रोह के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को चौबेपुर थाने से बाहर जाने को कहा, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और भाजपाइयों से बातचीत की। आश्वासन दिया कि साक्ष्य का परीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में विशाल रघुवंशी, आनंद गुप्ता, गुरुदयाल राजभर, हिमांशु सिंह, सुमित कुमार रहे।
एक युवक और उसके छह दोस्तों पर केस दर्ज
शिवपुर के पिसौर निवासी अजय कुमार रिंकू और छह दोस्तों के खिलाफ एक महिला ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है। महिला के अनुसार, अजय कुमार उर्फ रिंकू उसे परेशान करता है। किसी न किसी बात को लेकर ब्लैकमेल करता है।
शादी के लिए दबाव बनाता है। साथ ही बदनाम करने की धमकी देता है। महिला ने बताया कि वह पहले से विवाहित है। 25 मई देर रात अजय कुमार रिंकू अपने दोस्त तेरस और पांच अज्ञात लोगों को लेकर आया। गालीगलौज कर मुंह बांधकर बुरी तरह से पीटा। शिवपुर थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
लॉन से नकदी और मोबाइल फोन चोरी
शिवपुर के दानूपुर रिंग रोड पर एक लॉन में नामकरण और बरही संस्कार के दौरान चोर नकदी और मोबाइल फोन चुरा ले गए। भुक्तभोगी ने शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। ऐढ़े निवासी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि द बनारस लॉन में 25 मई की रात पुत्र राहुल पांडेय के पुत्र का नामकरण और बरही संस्कार था।
बताया कि उनके पौत्र को उल्टी होने लगी तो उनके पुत्र राहुल पांडेय ने एक बैग को कुर्सी पर रखकर उसे ले लिया। कुछ ही देर बाद राहुल ने देखा तो बैग गायब था। वहां लगे सीसी कैमरे की फुटेज चेक की गई तो दो युवक बैग लेकर जाते दिखे। बैग में 1.75 लाख रुपये और बहू का मोबाइल फोन था। शिवपुर थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि सीसी फुटेज की मदद से दोनों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
चेन छीनने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
मंदिरों में श्रद्धालुओं की चेन छीनने वाली महिलाओं की गैंग के पांच लोगों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 19 हजार 7 सौ रुपये और एक बोलेरो मिला। आरोपियों की पहचान रीता देवी ग्राम परसई कोतवाली गाजीपुर, तारा देवी निवासी बढ़ौना थाना फूलपुर जिला वाराणसी, मंगरा देवी निवासी मकरा थाना जलालपुर, गीता और मीरा निवासी हिरावनपुर सिंधौरा वाराणसी, संतोष राम निवासी तुरना थाना नंदगंज जिला गाजीपुर के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि गैंग बनाकर बोलेरो से आरोपी वारदात करते थे।
शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण किया
शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने के आरोप में लोहता थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान रहीमपुर नई बस्ती निवासी मोहम्मद इरसाद के रूप में हुई है।
मिलावटी और नकली शराब बेचते हुए दो गिरफ्तार
गोलगड्डा में परचून की एक दुकान में आबकारी विभाग और आदमपुर थाने की पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने अंग्रेजी शराब की 180 एमएल की 74 बॉटल व 375 एमएल की एक बॉटल, 52 केन बीयर, देसी शराब की 200 एमएल की 10 शीशी, 315 नकली ढक्कन, 65 नकली क्यूआर कोड, एक स्कूटी और 1150 रुपये बरामद किया। इंस्पेक्टर आदमपुर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि गोलगड्डा निवासी राजा बाबू सोनकर और प्रहलाद घाट के श्याम बाबू को गिरफ्तार किया गया है। दोनों अंग्रेजी शराब में मिलावट कर बिक्री करते थे। इसके अलावा नकली देसी शराब बेचते थे।
युवक ने फंदा लगाकर जान दी, प्रेम-प्रसंग की आशंका
सिगरा के आईपी मॉल में एक दुकान में काम करने वाले युवक ने चंदुआ छित्तूपुर में अपनी दुकान में फंदा लगाकर जान दे दी। सिगरा थाने की पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी। आशंका है कि युवक ने प्रेम प्रसंग में जान दी है। आजमगढ़ के तरना थाना क्षेत्र के पड़री गांव के सुजीत यादव (22) छित्तूपुर में किराये पर रहता था।
बुधवार सुबह मकान मालिक प्रदीप गुप्ता से सुजीत के गांव से एक युवक ने उसके बारे में पूछा। प्रदीप ने बताया कि सुजीत ऊपर कमरे में है। युवक कमरे में गया तो वह गमछे के फंदे के सहारे लटका हुआ था। मकान मालिक की सूचना पर सिगरा थाने की पुलिस आई। बातचीत और पूछताछ में पता चला कि सुजीत पांडेयपुर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता था। सुजीत की मौत की सूचना पाकर वह युवती भी रोते हुए कमरे तक आई थी।
प्रशासन-वकीलों के बीच टकराव से न्यायिक कार्य ठप
पिंडरा तहसील में प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच टकराव के कारण न्यायिक कार्य ठप होने से फरियादी परेशान हैं। तहसील में लंबे समय से कामकाज बाधित रहने से दस्तावेज सत्यापन, दाखिल-खारिज जैसे कई कार्य प्रभावित हुए। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने आश्वासन दिया कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, तहसील सदर में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उधर, पिंडरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कृपा शंकर पटेल और महामंत्री सुधीर कुमार सिंह ने राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय व महामंत्री अमृत सिंह पटेल को ज्ञापन सौंपा। 3 जून को पिंडरा में आयोजित महापंचायत में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया।
निर्माणाधीन थानों का किया निरीक्षण
जिले में पुलिसकर्मियों के लिए बन रहे 192 आवासों, एलटी कॉलेज अर्दली बाजार में निर्माणाधीन लालपुर पांडेयपुर थाने के निर्माण स्थलों का अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) डॉ. एस चन्नप्पा ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान दिलीप कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह और अरविंद कुमार उपस्थित रहे।
संवासिनी प्रकरण : प्रधान लेखक से जिरह, अगली सुनवाई 30 को
विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यदुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में ढाई दशक पुराने संवासिनी प्रकरण की सुनवाई हुई। कांग्रेस के नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में धरना-प्रदर्शन व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में बुधवार को कैंट थाने के तत्कालीन प्रधान लेखक उमाशंकर सिंह से जिरह की गई।
अगली सुनवाई 30 जून को होगी। आरोपी कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के मामले में सुप्रीम कोर्ट का स्थगन आदेश प्रभावी होने के कारण सूचीबद्ध होने तक साक्ष्य पत्रावली में अंकित नहीं किया जा सकता। इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिवक्ता संजीव वर्मा ने न्यायालय को दी।
एससी-एसटी एक्ट में निगम के सुपरवाइजर को अंतरिम जमानत
रंजिश को लेकर एक युवक पर पिस्टल से हमला कर गंभीर रूप से मारने-पीटने के मामले में नगर निगम के सुपरवाइजर को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (एससी-एसटी एक्ट) देवकांत शुक्ला की अदालत ने आरोपी सुपरवाइजर अनिकेत उपाध्याय को 25-25 हजार की दो जमानतें और बंध पत्र देने पर अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया। अदालत ने आरोपी की नियमित जमानत के लिए अगली तिथि 5 जून नियत कर दी।
महिलाओं ने खाली बाल्टी लेकर किया प्रदर्शन
कपसेठी वनवासी बस्ती की महिलाओं ने बुधवार शाम वाराणसी-भदोही मार्ग पर कपसेठी थाना गेट के पास खाली बाल्टी लेकर प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना था कि तीन महीने से बस्ती के लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। दोनों हैंडपंप खराब हैं।
कुआं सूख गया है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रधान व ब्लॉक कर्मचारी नहीं सुन रहे हैं। कुछ देर तक हंगामे के बाद लोगों के समझाने पर महिलाएं मान गईं। वहीं, ग्राम प्रधान सुजीत कुमार का कहना है कि मिस्त्री के साथ जाकर हैंडपंप ठीक करवाएंगे।
प्रोफेसर पर प्राइवेट प्रैक्टिस का आरोप, शिकायत
आईएमएस बीएचयू के गैस्ट्रोलॉजी विभाग के एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर पर विश्वविद्यालय परिसर के आवास में रहते निजी ओपीडी चलाने का आरोप छात्रों ने लगाया है। कुलसचिव से कार्रवाई की मांग की है। सत्यनारायण रघुवंशी के नेतृत्व में छात्रों ने ज्ञापन सौंपा। बताया कि प्रोफेसर की ओर से 1000 रुपये की ओपीडी फीस ली जाती है। वह सेवानिवृत्त होने के बाद सरकारी आवास में रह रहे हैं। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे।
आयुष्मान कार्ड बनाने में देरी पर जताई नाराजगी
चौबेपुर के उप स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को आशा कार्यकर्ताओं के साथ हुई बैठक में सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरबी यादव ने आयुष्मान और आभा कार्ड के समय से न बनने पर नाराजगी जताई। अधीक्षक ने विशेष शिविर लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का आयुष्मान वय-वंदन कार्ड जल्द से जल्द बनाने के निर्देश दिए। साथ ही छूटे हुए सभी बच्चों को समय से टीका लगाने के निर्देश दिए।
डायल 112 के प्रभारी बने इंस्पेक्टर सुधीर
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार की रात इन इंस्पेक्टर के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। इसके तहत इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी को डायल 112 का प्रभारी बनाया गया है। इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश को कैंट थाने का अतिरिक्त निरीक्षक और इंस्पेक्टर विजय नारायण मिश्रा को साइबर क्राइम थाने का अतिरिक्त निरीक्षक बनाया गया है।
खड़े ट्रक के पीछे टकराई मैजिक, चालक गंभीर
बड़ागांव के कुड़ी नाले के पास बुधवार सुबह खड़े ट्रक के पीछे एक मैजिक जा टकराई। हादसे में मैजिक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। चालक की पहचान बड़ागांव थाना क्षेत्र के खटौरा गांव निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है।
नाै लोगों को भेजा गया अपना घर आश्रम
दशाश्वमेध थाना द्वारा बुधवार को भिक्षावृत्ति मुक्त काशी अभियान चलाया गया। घाट पर बैठे 9 लोगों को रेस्क्यू कर अपना घर आश्रम भेजा गया। टीम में वंदना श्रीवास्तव, प्रीति सिंह, विशाल सिंह मौजूद रहे।
पक्षकार बनने की अर्जी पर सुनवाई जारी
अपर जिला जज चौदहवां संध्या श्रीवास्तव की कोर्ट में बुधवार को ज्ञानवापी के प्रकरण में मुख्तार अहमद अंसारी के पक्षकार बनने की निगरानी अर्जी पर सुनवाई हुई। कोर्ट में निगरानी अर्जी पर ज्ञानवापी के लॉर्ड विश्वेश्वर के वाद के वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी ने बहस की। अगली सुनवाई की तिथि चार जुलाई नियत की गई है।
अतिक्रमण हटाने के लिए बने सह नोडल
30 मई से नालों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बुलडोजर चलाने के लिए जोनल अधिकारियों को सह नोडल बनाया गया है। इस आशय का आदेश नगर निगम की ओर से जारी हो गया है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अपने-अपने जोन का निरीक्षण कर नालों पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दें। यदि वे स्वयं नहीं हटाते हैं तो 30 मई को चलने वाले अभियान के दौरान उनसे खर्च भी वसूला जाएगा।
यूजर चार्ज जमा करने की तारीख बढ़ाएं
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बुधवार को नगर निगम में मेयर अशोक कुमार तिवारी से मुलाकात की। इस दौरान आईएमए के पदाधिकारियों ने अनुज्ञा शुल्क और यूजर चार्ज की बढ़ोतरी पर आपत्ति दर्ज कराई। साथ ही 31 मई तक जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाने की मांग की। जिस पर मेयर ने कहा बैठक कर सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। मुलाकात करने वालों में आईएमए सचिव डॉ. एके त्रिपाठी, डॉ. एसपी सिंह, डाॅ. पीके तिवारी, डाॅ. अजित सैगल मौजूद रहे।
खुले में मांस बेचने पर 50 हजार का जुर्माना
खाद्य सुरक्षा विभाग ने चौकाघाट, हुकुलगंज, भोजूबीर और अर्दली बाजार में खुले में मांस बेचने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर 50,000 का जुर्माना लगाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खुले में मांस बेचने पर पूर्ण प्रतिबंध है। कोई भी विक्रेता खुले में मांस बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सात लाख उपभोक्ताओं पर बिजली दर बढ़ोतरी का भार
पावर काॅरपोरेशन की ओर से अगले महीने यानी जून में 4.27 प्रतिशत बढ़ाकर बिल दिए जाने के फैसले से जिले के सात लाख से अधिक उपभोक्ताओं को बढ़ा बिल चुकाना पड़ेगा। जिले में शहरी और ग्रामीण इलाकों में इस समय 737078 उपभोक्ता हैं। इसमें घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही कमर्शियल बिजली का प्रयोग करने वालों को भी इसका भार पड़ेगा।
प्रदेश स्तर पर ईंधन अधिभार शुल्क निर्धारित करने के लिए जो नीति जारी की गई है, उसी का असर उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। इसके तहत जून माह से उपभोक्ताओं से ईंधन अधिभार शुल्क 4.27 फीसदी अधिक लिया जाएगा। हालांकि इस तरह का शुल्क अब तक उपभोक्ता नहीं देते थे और पहली बार लिए जाने वाले इस शुल्क से उनकी जेब ढीली होगी। जिले में 737078 उपभोक्ताओं में सर्वाधिक 4 लाख शहरी क्षेत्र वाले हैं। ऐसे में अगर किसी सामान्य उपभोक्ता का बिल 1000 रुपये हर महीने आता है तो उनको 1042.70 रुपये बिल के रूप में देने होंगे।
बीएचयू में खुले जिम से स्वास्थ्य और सोशल कनेक्टिविटी बढ़ी
बीएचयू में खुले जिम से स्वास्थ्य के साथ ही सोशल कनेक्टिविटी बढ़ी है। ये खुलासा जर्नल ऑफ हेल्थ, पॉपुलेशन एंड न्यूट्रिशन में प्रकाशित अध्ययन में हुआ है। अध्ययन में ये बात सामने आई है कि यहां आने वाले लोगों की जीवनशैली में कई सकारात्मक बदलाव आए हैं।
बीएचयू में दो साल पहले परिसर में चार ओपन जिम (ओजी-ए, ओजी-बी, ओजी-सी और ओजी-डी) शुरू किए गए थे। इन सभी ओपन जिम में बीएचयू में छात्र, कर्मचारियों के साथ आम जनता भी आती है। अध्ययन करने वाली टीम में शामिल महिला महाविद्यालय की प्रो. ललिता वत्ता, डॉ. नेहा राठी, उपासना पांडेय, आंचल पांडेय और बिंदेश्वरी येलम ने बताया कि ओजी-सी जिम में चार महीने में सबसे ज्यादा 3,384 लोगों ने व्यायाम किया।
बीएचयू में बिक रही छात्रों की बनाई खाद
बीएचयू में छात्रों की बनाई खाद बाजार भाव से आधे दाम पर बेची जा रही है। सामाजिक विज्ञान संकाय के एमए छात्रों ने कोर्स के तहत वर्मी कंपोस्ट खाद तैयार किया है। 125 रुपये में पांच किलो और 250 रुपये में 10 किलो खाद बेची जा रही है। ये छात्र सामाजिक विज्ञान संकाय के समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र शाखा से परास्नातक कर रहे हैं। केंद्र के कोआर्डिनेटर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, हर दिन केंद्र में ही दोपहर के दो बजे से चार बजे तक वर्मी कंपोस्ट खरीदा जा सकता है।
फेरी-पटरी वालों ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन की ओर से प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा से मुलाकात कर चार सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। नेतृत्व कर रहे संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम ने कहा कि काशी आगमन द्वार पर कुछ रेस्टोरेंट के सड़कों पर मांसाहार के अपशिष्ट फेंक देते हैं।
इस पर कार्यवाही की जाए। वेंडिंग शुल्क डिजिटल भुगतान के माध्यम से लिया जाए। नगर आयुक्त ने कहा कि पुलिस आयुक्त को 10 जून को होने वाली टाउन वेंडिंग कमेटी बैठक में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए पत्र जारी करेंगे। माैके पर राजेंद्र प्रसाद सिंह, हरिशंकर सिन्हा, अनिल कुमार, डॉ. गौरव रहे।
ऊर्जा मंत्री के बयान से कर्मचारी नाराज
बिजली निगम का निजीकरण होकर रहेगा। यूपी के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के इस बयान के बाद कर्मचारियों में नाराजगी है। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आठवें दिन बुधवार को भी भिखारीपुर हनुमान मंदिर पर प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की।
कहा कि 29 मई को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में बिजली कर्मी शामिल होंगे। ऊर्जा मंत्री ने बुधवार को कहा था कि बिजली निगम का निजीकरण होकर रहेगा। यह भी कहा कि विरोध करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। संघर्ष समिति के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने कहा कि जिस दिन टेंडर निकलेगा बिना किसी दूसरे नोटिस के बिजलीकर्मी कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे।
श्रीराम कथा-नवाह्न पारायण की हुई पूर्णाहुति
अखिल भारतीय सनातन न्यास की ओर से आयोजित श्रीमानस नवाह्न पारायण यज्ञ और मानस प्रवचन का बुधवार को समापन हुआ। मां बागेश्वरी देवी मंदिर परिसर में सुबह नवाह्न पारायण के बाद शाम को कथावाचक ने श्रीराम कथा का रसपान कराया। पूर्णाहुति पर विधिवत हवन-पूजन हुआ। पं. श्रीराम तिवारी के आचार्य में डॉ. अजय जायसवाल, रवि प्रकाश जायसवाल ने पूजन कराया। लोगों ने हवन कुंड में आहुतियां डालीं। अनुष्ठान में जयशंकर गुप्ता, प्रमोद यादव मुन्ना, वतन कुशवाहा, सुजीत जायसवाल, विनीत कुमार, राजेश सेठ आदि रहे।
गरीब महिलाओं को दान दिया एक मुट्ठी चावल
नारी शक्ति प्रेरणा संकुल समिति के तहत 2025-2026 का वार्षिक आम सभा बुधवार को काशीपुर में हुई। इस दौरान गरीब महिलाओं को मुट्ठी भर चावल दान किया गया। मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक सुनील कुमार पटेल ने महिलाओं के इस प्रयास की सराहना की। यहां आम सभा में 23 ग्राम पंचायत और 33 ग्राम संगठन से 400 महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान नारी शक्ति प्रेरणा संकुल समिति की अध्यक्ष लक्ष्मी राजभर, सचिव विद्यावती देवी, कोषाध्यक्ष सरोज देवी, उपाध्यक्ष रेनू देवी, उपसचिव प्रतिमा देवी, संध्या मौत्री, अनिता देवी आदि रहीं।
वरुणा के पुनरुद्धार के लिए किया सद्बुद्धि यज्ञ
काशी की प्राचीन नदी वरुणा के पुनरुद्धार के लिए बुधवार को चौकाघाट मछली मंडी के सामने सद्बुद्धि यज्ञ किया। इसका उद्देश्य वरुणा नदी के संरक्षण के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को जागृत करना था। संस्था के अध्यक्ष केके उपाध्याय की अध्यक्षता में पं. राजेश चौबे के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ वरुणा के उद्धार के लिए आवाज बुलंद की। इस दौरान सरकार से वरुणा की सफाई कराने की मांग की गई। यज्ञ सभा में प्रमुख रूप से कैलाश सिंह, भानु प्रताप राय, सोनू, डॉ. पुष्पा यादव, बृजेश श्रीवास्तव, उदय, सदन चौहान, रुद्र प्रताप राय आदि शामिल रहे।
एम्स देवघर ने स्थापना दिवस मनाया
भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), देवघर ने 25 मई को अपना 7वां स्थापना दिवस और वार्षिक अनुसंधान पुरस्कार दिवस मनाया। इस अवसर पर संस्थान, संकाय सदस्यों, शोधकर्ताओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य अनुसंधान मंत्रालय के सचिव और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने देश में सार्वजनिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में एम्स के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर चिकित्सा शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया। डॉ. राजीव बहल ने एम्स देवघर में नए राज्य वायरल अनुसंधान और निदान प्रयोगशाला (वीआरडीएल) और बहु-विषयक अनुसंधान इकाई (एमआरयू) एवं टीआरसी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एम्स देवघर के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र कुमार अरोड़ा, राज्यसभा सदस्य प्रदीप कुमार वर्मा, कार्यकारी निदेशक और सीईओ प्रो. सौरभ वार्ष्णेय, डीन अकादमिक प्रो. हरमिंदर सिंह आदि उपस्थित रहे।
काशी की साहित्यिक परंपरा में तेग अली-रत्नाकर का योगदान स्मरणीय
राजकीय पुस्तकालय अर्दली बाजार में बुधवार को हिंदी की धरोहर : काशी की सृजन-परंपरा विषयक व्याख्यान हुआ। पं. विद्यानिवास मिश्र के जन्मशती समारोह के तहत आयोजित व्याख्यान में प्रो. प्रकाश उदय ने भोजपुरी गजलों के जनक तेग अली के साहित्यिक योगदान पर चर्चा करते हुए कहा कि वे न केवल भोजपुरी के पहले गजलकार थे, बल्कि उन्होंने गजल जैसे नफासत भरे काव्य-रूप को काशी के देसी अंदाज, दबंगई और देहातीपन से इस तरह जोड़ा कि भोजपुरी गजल को एक नया आस्वाद प्राप्त हुआ।
अध्यक्षता करते हुए काशी विद्यापीठ के हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि तेग अली जैसे कवि हिंदी साहित्य के इतिहास ग्रंथों में उपेक्षित हैं। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि ब्रजभाषा की अंतिम कड़ी रत्नाकर जैसे कवियों को इतिहास में पर्याप्त स्थान नहीं मिला। प्रो. श्रद्धानंद ने कहा कि काशी की साहित्यिक परंपरा में तेग अली और रत्नाकर, दोनों ही आधुनिक काल के अत्यंत महत्वपूर्ण हस्ताक्षर हैं। संचालन डॉ. राम सुधार सिंह ने किया।
आज 250 विद्वान श्रीकाशी विश्वनाथ की करेंगे आराधना
वाराणसी। प्राचीन पेरूर मठ (कोयंबटूर तमिलनाडु) की ओर से गुरुवार से श्री काशी विश्वनाथ धाम में धार्मिक अनुष्ठान होगा। मंगला आरती के बाद पांच शताब्दियों से भी अधिक प्राचीन पेरूर मठ के पूर्व महामंडलेश्वर शांतलिंग राम स्वामी के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मठ के 250 अनुयायी बाबा की आराधना करेंगे।
तमिल भक्ति परंपरा की काव्य रचना तिरूवासगम के 658 भजनों का सस्वर गान होगा। अनुष्ठान 6:30 घंटे तक निरंतर चलेगा। अनुष्ठान शांतलिंग मरुदाचल स्वामी के आचार्यत्व में होगा। कोविलूर मठ के प्रधान कोविलूर स्वामी ने संकल्पना तैयार की है। मंदिर न्यास ने इस अनुष्ठान की स्वीकृति प्रदान की है।
गर्मी से बचाने के लिए मंदिर में लगवाए गए पंखे
पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर देऊरा गांव में भक्तजनों को तेज गर्मी से बचाने के लिए पंखे की व्यवस्था की गई है। भक्त बाल गोविंद वर्मा ने दूधिया पोखरे के पास स्थित मंदिर में पंखे लगवाए। पंचकोशी परिक्रमण मार्ग पर इन मंदिरों में लोग अक्सर यहां आकर रामचरितमानस पाठ करते हैं और पूजन दर्शन भी करते हैं।
किसी का अनुसरण कर न लें वित्तीय फैसले
बीएचयू में वित्तीय मसलों, एनपीएस और यूपीएस को लेकर संगोष्ठी हुई। सर्टिफाइड फाइनेंसियल गोल प्लानर एसएन सिंह ने कहा कि कोई भी वित्तीय निर्णय या निवेश दूसरे का अनुसरण करते हुए नहीं बल्कि अपनी जरूरत और भविष्य के लक्ष्यों को देखकर लेना चाहिए।
मुख्य वक्ता मुंबई के बलराम प्रसाद भगत ने एनपीएस और यूपीएस पर बताया कि यदि कोई सरकारी वेतनभोगी यूपीएस पेंशन विकल्प का चुनाव करता है तो उसका पेंशन अंतिम वेतन के आधार पर निर्धारित होता है। एनपीएस विकल्प में पेंशन राशि का निर्धारण यूपीएस की तरह से न होकर बदलता रहता है। इस दौरान प्रो. राजेश सिंह, पूर्व डीन प्रो. केके सिंह मौजूद रहे।
जयंती पर याद किए गए विनायक दामोदर सावरकर
काशी महाराष्ट्र सेवा समिति के ओर से स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की जयंती मनाई गई। सिद्धेश्वरी स्थित नीलकंठ स्मृति भवन में आयोजित कार्यक्रम में समिति के ट्रस्टी संतोष सोलापुरकर ने कहा कि वीर सावरकर केवल एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि समाज सुधारक, लेखक, इतिहासकार और एक प्रबुद्ध राजनेता भी थे।
उन्होंने भारतीय समाज को रुढि़यों से मुक्त करने के लिए निरंतर संघर्ष किया। वह मातृभूमि की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए समर्पित रहे। अध्यक्षता अध्यक्ष मकरंद म्हस्कर ने की। संचालन मंत्री षडानन पाठक ने किया। इस अवसर पर अनंतराम बक्षी, मुकुंद केलकर, राहुल बक्षी, आश्रय मिटकर, श्रीनीधि देव, राकेश केलकर आदि उपस्थित रहे।
काशी से 21 सनातनियों का दल नैमिषारण्य रवाना
सेंटर फॉर सनातन रिसर्च के नेतृत्व में 21 सदस्यों का दल डॉ. पूनम भगत के नेतृत्व में बुधवार को सिगरा से नैमिषारण्य के लिए रवाना हुआ। दल वहां के मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्ययोजना बनाएंगे। दल में रामानंद महाराज, डॉ. अंजू पांडेय, डॉ. नीलम पांडेय, विकास बरनवाल, सुष्मिता सेठ, जितेंद्र, उमंग सिंह आदि शामिल हैं।
राष्ट्रनायक सेनानी की मनाई जयंती
प्रणाम वंदेमातरम समिति की ओर से गीता मंदिर नई सड़क में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, राष्ट्रनायक वीर सावरकर की जयंती मनाई गई। लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। सदस्यों सहित राष्ट्रप्रेमियों ने वीर सावरकर के राष्ट्र के लिए दिए योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
सावरकर जी ने घनघोर कठिन परिस्थितियों में भी अंडमान के काल कोठरी में कोयलें से दिवारों पर क्रांति की रचनाएं रचीं। समिति अध्यक्ष अनूप जायसवाल, सोमनाथ विश्वकर्मा ने विचार रखे। संचालन दीपक आर्य, गोपाल और धन्यवाद ज्ञापन ओम प्रकाश यादव बाबू ने किया। इस मौके पर धीरेन्द्र शर्मा, मनीष चौरसिया, प्रदीप जायसवाल, मंगलेश जायसवाल, निर्मल मिश्रा, धर्मचंद, प्रकाश, विष्णु, लालजी रहे।
मेयर ने दो मिनी नलकूपों का किया शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने वार्ड संख्या 96, दशाश्वमेध में मीरघाट के हनुमानजी मंदिर के पास 02 नये नलकूपों का शिलान्यास किया। इसकी लागत 44 लाख 91 हजार है। इसी वार्ड में अहिल्याबाई घाट के पास मिनी नलकूप (रिबोर) का भी शिलान्यास किया। इसकी लागत 31 लाख 12 हजार है। चितरंजन पार्क के पास 02 वाटर कूलर का लोकार्पण किया। क्षेत्रीय विधायक नीलकंठ तिवारी, पार्षद नरसिंह दास, सुरेश चौरसिया, विजय द्विवेदी, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह रहे।
शिविर में 38 समस्याओं का हुआ निस्तारण
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से रविंद्रपुरी में शिविर में कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं। नाम संशोधन, जन्म तिथि में सुधार, मोबाइल नंबर सुधार, बैंक खाता अपडेशन, यूएन एक्टिवेशन, आधार लिंक और एवं भविष्य निधि खाता के स्थानांतरण के बारे में बताया गया। शिविर में 38 मामले आए, सभी का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। जिला नाेडल अधिकारी नीरज श्रीवास्तव, सुबाेध कुमार और शालू कुमारी मौजूद थे।
आपदा प्रबंधन और प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण
वाराणसी मंडल के सिविल डिफेंस विभाग की ओर से बनारस स्टेशन और कोचिंग डिपो में दो दिवसीय मासिक बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का संयुक्त प्रशिक्षण केंद्र में आयोजन हुआ। वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी बलिंदर पाल ने सिविल डिफेंस वॉलेंटियर को आपदा प्रबंधन की बारीकियों के बारे में बताया। माैके पर शिव शंकर सिंह, देवानंद यादव, अनिल यादव, भगुनाथ यादव मौजूद रहे।
चुनावों में मिली हार के कारणों पर किया विचार
समाजवादी पार्टी की शिवपुर विधानसभा की समीक्षा बैठक बुधवार को शंकरपुर रिंगरोड के पास संगठन प्रभारी/पूर्व एमएलसी विशाल वर्मा ने की। इसमें विस और लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के कारणों पर विचार हुआ। चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य तय करना होगा। जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, अक्षय प्रधान, संतोष यादव जिला महासचिव आनंद मौर्या, पूर्व विधायक उदय लाल मौर्या मौजूद रहे।
बकाया जमा न करने वालों पर करें प्रभावी कार्रवाई
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए कार्यालय में सभी जोन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित शमन मानचित्रों की समीक्षा कर मानचित्र निस्तारण करने को कहा। जोन वन के वार्ड शिवपुर, सिकरौल में शमन धनराशि के रूप में 41,42,947 रुपये जमा कराया गया। सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा में कुल धनराशि 13,81,413 रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया। अप्रैल से अब तक शमन धनराशि 38,60,280 जमा कराया गया।
भाजपा नेता विनोद बने परामर्शदात्री समिति के सदस्य
भाजपा नेता विनोद सोनकर को रेलवे बोर्ड की ओर से रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति का सदस्य नामित किया गया है। उनके मनोनयन पर भाजपा जिला अध्यक्ष/ एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने उन्हें अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी। सर्किट हाऊस में उनका स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री संजय सोनकर, रामप्रकाश सिंह वीरू ओमप्रकाश प्रियदर्शी, मनीष गौड़ मौजूद रहे।
तीन महीने से पेंशन नहीं निकालने वालों की मांगी जानकारी
मुख्य कोषाधिकारी गोविंद सिंह ने तीन महीने से बैंक खाते से धनराशि नहीं निकालने वाले पेंशनरों के नाम व खाता संख्या की जानकारी मांगी है। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक, यूनियन बैंक आॅफ इंडिया समेत कई बैंको को पत्र लिखा है। मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनभोगियों को पेंशन भेजी जा रही है। तीन महीने से कुछ पेंशनधारक धनराशि नहीं निकाल रहे हैं। अब ऐसे लोगों की जानकारी मांगकर कोषागार स्तर पर पेंशनरों की जांच-पड़ताल कर समीक्षा की जाएगी।
विकसित कृषि संकल्प अभियान का पूर्वाभ्यास
आईआईवीआर, शाहंराहपुर की ओर से 29 मई से शुरू होने वाले विकसित कृषि संकल्प अभियान का बुधवार को 6 जनपदों में पूर्वाभ्यास हुआ। इसमें 500 से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया। कृषि वैज्ञानिकों ने कम पानी में बेहतर फसल उत्पादन, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, रासायनिक उर्वरकों के कम उपयोग, संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने इस अभियान को किसानों की आय दोगुनी करने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में जरूरी बताया।
आदर्श गांवों के विकास कार्यों में लापरवाही, चार का वेतन रोका
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बुधवार को सांसद आदर्श गांवों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान इन गांवों में हो रहे विकास कार्यों की प्रगति धीमी मिली। सीडीओ ने तीन इंजीनियरों समेत चार के वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने बताया कि अब तक 40 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं हुआ है। सभी गलियों की इंटरलॉकिंग का काम 25 जून तक हर हाल में कराए जाने के निर्देश दिए। काम पूरा नहीं हुआ तो ठेकेदारों को काली सूची में डाला जाएगा। उन्होंने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता मयंक चौधरी, अवर अभियंता अमरेश और जल निगम के सहायक अभियंता शत्रुघ्न और अमित का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
कृषि वैज्ञानिकों और किसानों की टीम गांवों का करेगी दौरा
सीडीओ हिमांशु नागपाल के निर्देश पर कृषि वैज्ञानिक, कृषि अधिकारी और प्रगतिशील किसानों की तीन टीमें गठित की गई हैं। यह टीम 29 मई से 12 जून तक 135 गांवों में अभियान चलाकर फसल पर किसानों से चर्चा करेगी।
कर्मचारियों का प्रदर्शन, पदों की कटौती का विरोध
सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पदों की कटौती सहित कई विभागीय आदेश के खिलाफ मुख्य अभियंता कार्यालय पर विरोध किया। संगठनों ने शासनादेश को निरस्त करने की मांग की। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष शशिकांत श्रीवास्तव ने बताया कि आंदोलन में 17 मान्यता प्राप्त संघ के सदस्य शामिल हुए। शशिकांत श्रीवास्तव, पीके राय, अजय पटेल, अवधेश रहे।
प्लास्टिक के प्रयोग से होने वाले नुकसान बताए
मंडलीय चिकित्सालय से बुधवार को एक विशेष जागरूकता रैली निकाली गई। इसे प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक बी. एन. चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधरी ने किया। प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले नुकसान बताए। प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक बीएन चौधरी, डॉ. आरआर सिंह, डॉ. कल्पना दूबे माैजूद रहीं।
स्वच्छता पर ध्यान देना जरूरी
बीएचयू अस्पताल के साथिया केंद्र की ओर से मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में माहवारी के दौरान स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के प्रति डॉक्टरों ने जागरूक किया। स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. संगीता राय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. ममता और साक्षी अग्रवाल ने मासिक धर्म स्वास्थ्य के बारे में युवतियों और किशोरियों को बताया। डॉ. साक्षी अग्रवाल ने एचपीवी टीकाकरण का महत्व बताया।
कैंपस प्लेसमेंट में 28 अभ्यर्थियों का चयन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार को कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली की एक कंपनी ने 42 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। साक्षात्कार के बाद 28 छात्रों का चयन किया और चयनित अभ्यर्थियों को एक सप्ताह बाद कंपनी आकर जॉइन करने के लिए ऑफर लेटर दिया। कंपनी के एचआर ने बताया कि अभ्यार्थियों को कंपनी में ऑन रोल जॉब दिया गया है। 18000 से 24000 तक सैलरी दी जाएगी। प्रधानाचार्य एमके सिंह ने अभ्यर्थियों शुभकामनाएं दी। इस दौरान प्लेसमेंट सहप्रभारी देवव्रत, मनोज कुमार, हेमंत कुमार मौजूद रहे।
परीक्षा के बाद छात्रों ने की विभाग की सफाई
बीएचयू के छात्रों ने सेमेस्टर परीक्षा के बाद पूरे विभाग की साफ-सफाई की। पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में अंतिम परीक्षा के बाद कक्षाओं और गलियारों को साफ किया। विभाग के आसपास के क्षेत्र में फैले कचरे को इकट्ठा कर फेंका। छात्रों ने झाड़ू लगाकर प्लास्टिक कचरा और इस्तेमाल किए गए कागजों को कूड़ेदान में डाला। विभागाध्यक्ष प्रो. शोभना नार्लीकर ने छात्रों के इस प्रयास की सराहना की। इस दौरान एमए दूसरे सेमेस्टर के छात्र सुजीत, विवेक सिंह, शुभम विश्वकर्मा, रजत भारती, नवीन कुमार माैजूद रहे।
रोजगार मेले में 71 अभ्यर्थियों का चयन
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में बुधवार को वृहद रोजगार मेले में 764 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। साक्षात्कार के बाद 16 कंपनियों ने 71 अभ्यर्थियों का चयन किया। रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह ने कहा कि अभ्यार्थियों को 10000 से 40000 तक सैलरी दी जाएगी। अभ्यर्थी किसी भी तरह की परेशानी होने पर कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इन्हें एक सप्ताह में जॉइन करना है। सहायक निदेशक (सेवायोजन) वाराणसी मंडल मुकेश कुमार ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी। कहा कि आगे भी रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला आज से
बीएचयू के एमएमवी और राज्य ललित कला अकादमी की ओर से बृहस्पतिवार से 20 दिन की स्व वित्तपोषित ग्रीष्मकालीन चित्रकला कार्यशाला शुरू होगी। सुबह 10 बजे एमएमवी की प्राचार्य प्रो. रीता सिंह कार्यशाला का उद्घाटन करेंगी। कार्यशाला के दौरान गर्मियों में उकेरी जाने वाली कई खास कलाकृतियों को बनाना सिखाया जाएगा। यहां पर लैंडस्केप, कंपोजिशन, पोट्रेट, छापाकला, फोटोग्राफी, इलस्ट्रेशन, पोस्टर, रंगोली, टेराकोटा आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नीलम राय को मिला प्रथम स्थान
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद लखनऊ की ओर से राज्य स्तरीय आईसीटी इनोवेटिव प्रतियोगिता में शिक्षिका नीलम राय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसमें उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों से लगभग 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नीलम राय ने डिजिटल टूल्स, क्यूआर कोड्स और यूट्यूब वीडियो के माध्यम से अपने कार्यों को प्रस्तुत कर निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान हासिल किया। डायट प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ल और बीएसए अरविंद पाठक व शिक्षकों ने बधाई दी ।
यूपी कॉलेज के छात्र की सीडीएस में 128वीं रैंक
काशी के प्रियांशु सिंह को कंबाइंड डिफेंस सर्विस (सीडीएस) 2024 की परीक्षा में 128वीं रैंक हासिल हुई है। यूपी कॉलेज से गणित से बीएससी और इलाहाबाद विवि में फिजिक्स से एमएससी की डिग्री हासिल की है। हाईस्कूल में 10 सीजीपीए और इंटरमीडिएट में गणित स्ट्रीम से 95 फीसदी अंक मिले।
प्रियांशु मूल तौर पर चोलापुर के कैथोर गांव का निवासी हैं, लेकिन वह सारनाथ में रहकर तैयारी करते थे। प्रियांशु अब जल्द ही तमिलनाडु के ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में प्रशिक्षण लेंगे। उन्होंने अपने माता-पिता और गुरुओं को इस सफलता का श्रेय दिया है।