फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Extortion of darshan Vishwanath Dham FIR six people injured in accident

Varanasi News Today: विश्वनाथ धाम में दर्शन के नाम पर वसूली, तीन पर FIR, हादसे में छह लोग घायल; पढ़ें खबरें

Sun, 23 Nov 2025 08:35 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 23 Nov 2025 08:35 AM IST
सार

Varanasi News: विश्वनाथ धाम में दर्शन के नाम पर भक्तों से पैसे लेने के मामले में एसडीएम ने चौक थाने में रपट दर्ज करवाई है। वहीं, स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल भेजा गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Extortion of darshan Vishwanath Dham FIR six people injured in accident
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन कराने के लिए पैसे लेने के आरोप में चौक थाने में तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसडीएम शंभू शरण की तहरीर पर आरोपियों में एक होमगार्ड, अन्नपूर्णा मंदिर का पूर्व कर्मचारी और एक अन्य पर कार्रवाई की गई है। 12 नवंबर को मंदिर कार्यालय में दर्शनार्थियों से अवैध धनराशि वसूलने की शिकायत मिली थी। चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि होमगार्ड अमित कुमार सिंह, पूर्व कर्मचारी विनोद कुमार सिंह और राज श्रीवास्तव पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। जांच की जा रही है। 

विज्ञापन


अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के सामने बीती रात करीब एक बजे सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बैजापुर, थाना सराय ख्वाजा जौनपुर निवासी प्रीतम सिंह (21) और अमन सिंह (27) के रूप में हुई है। दोनों किसी मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से जौनपुर वापस लौट रहे थे।
विज्ञापन


टेढ़वा पुल के पास पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस से दोनों को पिंडरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


मारपीट और दांत से कान काटने का आरोपी गिरफ्तार
बीएचयू में सुरक्षाकर्मी समेत दो युवकों की पिटाई और कान काटने के आरोपी प्रशांत गिरी को लंका पुलिस ने शनिवार को लंका से गिरफ्तार किया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जंसा थाना क्षेत्र के तेंदू पटेरवा का निवासी है। पीड़ित ने शुक्रवार को तहरीर में बताया था कि प्रशांत ने उसकी पिटाई की और बाद में दांत से कान भी काट लिया।

पूछताछ में आरोपी प्रशांत ने बताया कि नशे की हालत में उसने ऐसा किया था। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी बीएचयू के एंबुलेंस चालक, मेडिकल स्टोर और पैथलॉजी वालों से रंगदारी मांगता है। मना करने पर लोगों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देता है। 

स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर में छह लोग घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के पलहीपट्टी चौराहे के पास स्कॉर्पियो और ऑटो की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। ऑटो में बैठे एक ही परिवार के छह सदस्यों को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से दो लोगों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुआरी कला निवासी मनोज अपनी पत्नी नीलिमा, पुत्र रवि और पुत्री गुड़िया व एक वृद्धा जोखना देवी के साथ ऑटो से सिंधोरा से पलहीपट्टी की तरफ लौट रहे थे। भोजूबीर की तरफ से सिंधोरा जा रही स्कॉर्पियो से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सभी घायल हो गए। स्कार्पियो चालक व सवार वाहन छोड़कर भाग निकले। इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। 

जमीन के विवाद में किसान पर हमला 
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रामचंदीपुर (नखवा) गांव में दो दिन पहले खेत जोतने को लेकर मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित लक्ष्मण प्रजापति ने पुलिस को बताया कि गांव के ही विजय बहादुर उर्फ गुलजार यादव ने पिटाई की है। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। 

दसवीं के छात्र पर पंच से हमला
फूलपुर थाना क्षेत्र के नयेपुर में इंटर कॉलेज के गेट पर शनिवार को मनबढ़ों ने पंच से छात्र योगेश पर हमला कर दिया। बर्जी निवासी योगेश ने पुलिस को बताया कि वह भागीरथी महराज इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र है। दोपहर में स्कूल में कुछ छात्रों से विवाद हो गया। अपराह्न तीन बजे वह स्कूल के बाहर आया तो दो नामजद समेत छह अज्ञात ने गालीगलौज की। साथ ही लाठी-डंडे से पिटाई की और पंच से सिर पर हमला कर दिया। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जांच कराई जा रही है। 

डीजे पर डांस और जमीन के विवाद में मारपीट
बड़ागांव के बहोरीपुर और बौरहवा गांव में डीजे पर डांस और जमीन के विवाद में मारपीट में पिता-पुत्र सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। बौरहवा गांव में शुक्रवार को डीजे पर डांस को लेकर बरात में आए चौबेपुर थाना क्षेत्र के उकथी गांव निवासी राजू सरोज की पिटाई कर दी गई। गांव के सनी, भरत सोनकर और इंद्रमणी सरोज ने हमला किया। 

वहीं, बहोरीपुर के अतुल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता सुरेंद्र प्रसाद पांडेय और राजस्व कर्मियों के साथ जमीन की पैमाइश करा रहा था। पड़ोस के अवनीश कुमार सिंह, टिंकू सिंह, रौनक सिंह, जयप्रकाश, आदर्श और आयुष सिंह ने लाठी-डंडे से मारकर घायल कर दिया। अवनीश ने असलहा लहराकर डराया। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। 

रजिस्ट्री के बाद जमीन पर नहीं दे रहे कब्जा
रजिस्ट्री का 30 लाख लेकर जमीन पर कब्जा नहीं देने के मामले में आरोपी सोमारू पर धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई। भदोही के औराई सेऊर निवासी जिले दार सिंह ने पुलिस को बताया कि लठिया निवासी सोमारू बिंद से 30 लाख में दो प्लॉट खरीदे थे, लेकिन पैसे लेने के बाद भी सोमरू कब्जा नहीं दे रहा है। कब्जा लेने पहुंचे तो सोमारू मारपीट पर आमादा हो गया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

कार से महिला प्रोफेसर का बैग लेकर भागा
भेलूपुर थाना क्षेत्र के कमच्छा गुरुबाग मार्ग पर शनिवार दोपहर खड़ी कार से बीएचयू की प्रोफेसर डॉ. शिखा सचान का बैग लेकर उचक्का भाग निकला। बैग के भीतर एक लैपटॉप, आभूषण और डेढ़ लाख की नकदी थी। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। महिला प्रोफेसर खरीदारी करने गुरुबाग गई थी। प्रोफेसर के पति भी सर सुंदरलाल अस्पताल के बाल रोग विभाग में प्रोफेसर हैं। 

लोन की वसूली के नाम पर पिटाई
लोन दिलाने के बहाने ब्याज वसूली और मारपीट के मामले में विवेक कुमार सिंह ने शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश कुमार सिंह से गुहार लगाई। भोजूबीर के सरसौली निवासी विवेक ने पुलिस को बताया कि एक परिचित उसे पीसीएफ प्लाजा के दफ्तर ले गया। जहां तीन लोगों ने 50 हजार रुपये आठ प्रतिशत ब्याज पर देने को लेकर सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए। वह 60 हजार रुपये ब्याज भर चुका है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण आगे भुगतान न कर पाने पर तीनों ने उसकी बंधक बनाकर पिटाई की है। अपर पुलिस आयुक्त ने कैंट पुलिस को जांच सौंपी है। 

पंचायत भवन और केंद्र में चोरी का आरोपी गिरफ्तार
पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी के आरोपी मगन गौड़ को चोलापुर पुलिस ने शुक्रवार रात गाजीपुर के खानपुर से गिरफ्तार किया। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि आरोपी गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के रामपुर का रहने वाला है। 24 जुलाई को भटपुरवां कला के पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी हुई थी। मगन खिड़की काटकर अंदर दाखिल हुआ और टीवी, इन्वर्टर, बैटरी, प्रिंटर और अन्य सामान चोरी कर लिया था। एसीपी ने बताया कि आरोपी मगन पर पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 

लिफ्ट के बहाने बुजुर्ग की चेन और नकदी छीनी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियां के पास शनिवार को 70 साल की बुजुर्ग यशोदा को बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने टप्पेबाज ने चेन और 1200 नकदी छीन ली। पुलिस आसपास के सीसी कैमरे खंगाल रही है। जौनपुर के केराकत छितौना निवासी यशोदा देवी ने पुलिस को बताया कि भतीजी की शादी में नरपतपुर में मायके जा रही थीं। चौबेपुर में साधन का इंतजार कर रही थीं। एक युवक उनके पास आया और बताया कि उनके भाई पप्पू यादव ने उन्हें लेने भेजा है। वृद्धा उसके झांसे में आ गई। युवक ने लिफ्ट देने के बहाने उन्हें बाइक पर बैठाया और शाहपुर पेट्रोल पंप के पास उतारकर गले से चेन और 1200 रुपये नकद लेकर भाग निकला। पीड़िता के बेटे संजय ने तहरीर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष राजेंद्र यादव ने बताया कि जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। 

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने पर जुर्माना वसूला
कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार रात सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शाम 5 से रात 9 बजे तक अभियान में 98 चेकिंग पार्टियों ने 2,183 व्यक्तियों और 1382 वाहनों की चेकिंग की। 12 वाहन सीज किए गए। 4,54,700 का जुर्माना वसूला गया। अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिव हरि मीना ने बताया कि अभियान रोज चलेगा। 

मांगों को लेकर लेखपालों का थाने पर प्रदर्शन
आठ सूत्री मांगों के समर्थन में तहसील सदर के लेखपालों ने शनिवार को चौबेपुर थाने में समाधान दिवस पर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। लेखपाल संघ के तहसील मंत्री श्यामानंद सागर ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुई तो मंत्री, विधायक के आवास पर 8 दिसंबर को धरना प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी देंगे।

सक्षम अधिकारी के न आने से फरियादी मायूस
फूलपुर थाना दिवस पर शनिवार को तहसील स्तर के किसी भी सक्षम अधिकारी के न आने से फरियादी मायूस होकर लौट गए। फरियादी दोपहर दो बजे तक बैठे रहे और फिर बिना शिकायती पत्र दिए ही लौट गए। इस बार मात्र दो शिकायतें आईं एक श्रीनिवास असबालपुर (फूलपुर) व कृष्णावती देवी फूलपुर की थी। 

कुरकुरे दिलाने के बहाने 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास
लोहता थाना क्षेत्र के एक कॉलोनी में बीती शाम कुरकुरे दिलाने के बहाने पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास में बाल अपचारी को पुलिस ने शनिवार को पकड़ा। मूलरूप से भदोही का रहने वाला परिवार लोहता में किराये पर रहता है। शाम को मकान मालिक के 16 साल का पोता कुरकुरे दिलाने के बहाने घर से दूर ले गया। वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के चीखने चिल्लाने पर उसे छोड़ दिया। बच्ची ने घर पहुंचकर माता-पिता को आपबीती सुनाई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो समेत दुष्कर्म के प्रयास के मामले में प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि बाल अपचारी को पकड़ा गया है। 

बंद मकान में चोरी : रोहनिया के बैरवन में प्रदीप कुमार श्रीवास्तव के बंद मकान को चोरों ने खंगाल दिया। पीड़ित ने शनिवार सुबह तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने  बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

पत्रकार को मातृशोक
वरिष्ठ पत्रकार राकेश सिंह की मां फूलपत्ती देवी (80) का शनिवार की दोपहर निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं। उन्होंने पांडेयपुर के शिवनगर कॉलोनी स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। शनिवार की देर शाम उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट किया गया। पति कैलाशनाथ सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में प्रबुद्धजन, सामाजिक, राजनीतिक और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल रहे। 

अपर सचिव को मातृशोक
माध्यमिक शिक्षा परिषद क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के अपर सचिव विनोद कुमार राय की मां सहोदरा देवी (93) का शुक्रवार की रात एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार शनिवार की सुबह मणिकर्णिका घाट पर किया गया। अपर सचिव ने उन्हें मुखाग्नि दी। अपर सचिव ने बताया कि उनकी माता सहोदरा देवी की तबीयत बृहस्पतिवार को ज्यादा खराब हो गई थी। इसके बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। क्षेत्रीय कार्यालय में शोक सभा हुई। सुभाष चंद्र यादव, राम जी, संजय, उमाशंकर श्रीवास्तव, साहब सिंह आशीष राय, मनोज शामिल हुए। 

भाजपा के सेक्टर प्रभारी का बीमारी से निधन
भाजपा के राजा बाजार के सेक्टर प्रभारी महेश तिवारी का लंबी बीमारी के बाद शुक्रवार देर रात निधन हो गया। वह 2014 में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कचहरी शाखा में पासिंग ऑफिसर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। वह मूलरूप से बलिया के बेलहरी ब्लॉक के उत्तिमापुर गांव के निवासी थे। उनका अंतिम संस्कार मणिकर्णिका घाट पर किया गया। मुखाग्नि पुत्र आशीष तिवारी ने दी। परिवार में पत्नी, सात बेटियां व एक बेटा है। 

टीएमसी नेता को मारने वाले को 1 करोड़ देने का एलान
पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद निर्माण की घोषणा पर टीएमसी नेता हुमायूं कबीर के बयान का विरोध होने लगा है। अखिल भारत हिंदू महासभा के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष और विश्व हिंदू सेना प्रमुख अरुण पाठक ने कहा कि टीएमसी एमएलए को मारने वाले को एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। मुगल आक्रांताओं के नाम से अगर कहीं भी कोई ईंट रखी गई तो उस व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। देश में ऐसे बयान देने वालों के खिलाफ भी एक ऑपरेशन सिंदूर जैसा अभियान और चलाना चाहिए। टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर ने छह दिसंबर को मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी नामक मस्जिद की आधारशिला रखने का एलान किया। 

बैंड और बरात से यातायात व्यवस्था का बजा बाजा
शादी के सीजन में  यातायात पुलिस की अधूरी तैयारी से शनिवार देर शाम से रात 12 बजे तक जाम में लोग फंसे रहे। एक से डेढ़ घंटे तक लोग अपनी गाड़ियों में कैद रहे। शहर के अंदर से लेकर रिंग रोड और हाईवे किनारे वैवाहिक लॉन में शादियों की वजह से लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। 

चांदमारी रिंग रोड अंडरपास चौराहा के चारों तरफ रात 10 से 12 बजे तक भीषण जाम रहा। यही हाल पहाड़िया-आशापुर मार्ग और सिगरा, महमूरगंज, मंडुवाडीह और अखरी बाईपास अंडरपास का रहा। थाना और यातायात पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के बाद भी जाम नहीं छूट सका। लॉन के बाहर सड़क पर अवैध पार्किंग और बरातियों के डांस से भी जाम लगा रहा।

जीएसटी में छूट नहीं देने पर होगी कार्रवाई
जीएसटी में ग्राहकों को छूट न देने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राज्यकर उपायुक्त (प्रशासन) सिद्धार्थ सिंह ने चेतावनी जारी की है। लोगों से अपील की है कि ऐसे व्यापारियों के खिलाफ सूचना दें जो बिल में छूट नहीं दे रहे हैं। ड्रग इंस्पेक्टर जनाब अली ने बताया कि दवाओं का मूल्य निर्धारण और उपलब्धता बनाए रखने का कार्य एजेंसी नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी डिपार्मेंट फार्मास्यूटिकल्स मिनिस्ट्री ऑफ केमिस्ट एंड फर्टिलाइजर्स गवर्नमेंट ऑफ इंडिया की है। 

31 दिसंबर तक वाटर मेट्रो का सर्वे होगा
काशीवासियों को देश के पहले शहरी सार्वजनिक परिवहन रोपवे के बाद अब वाटर मेट्रो की सौगात जल्द मिलेगी। भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने अर्बन वाटर मेट्रो प्रोजेक्ट का खाका तैयार किया है। कोच्चि मेट्रो रेल लिमिटेड के माध्यम से सर्वे कराया जा रहा है। दिसंबर में सर्वे पूरा करने के बाद इस परियोजना को मूर्त रूप दिया जाएगा। आईडब्ल्यूएआई के अधिकारियों ने बताया कि वाटर मेट्रो को इलेक्ट्रिक कैटामरॉन भी कहा जाता है। जो पर्यावरण हितैषी, ऊर्जा कुशल और जनसुविधा केंद्रित परिवहन प्रणाली होगी। 

भंडारण केंद्रों पर अधिक मूल्य लेने पर होगी कार्रवाई
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने शनिवार को राजकीय कृषि बीज भंडार काशी विद्यापीठ का निरीक्षण किया। मौके पर गोदाम प्रभारी राहुल राज और किसान मिले। राहुल ने बीज बिक्री की स्थिति से अवगत कराते हुए बताए कि ब्लाॅक क्षेत्र के किसान 652 क्विंटल गेहूं के बीज ले चुके हैं। अभी 172.20 क्विंटल बीज बचे हैं। 

संगम सिंह मौर्य ने चेतावनी दी कि अगर किसी गोदाम पर निर्धारित मूल्य से अधिक पर गेहूं के बीज की बिक्री करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। कर्मचारियों को निर्देशित किए कि वे किसानों में प्रचार-प्रसार कर बचे बीज की बिक्री कर दें। किसानों को उच्च गुणवत्ता के गेहूं के बीज 50 फीसदी अनुदान पर दिए जा रहे हैं। जिले में पर्याप्त मात्रा में डीएपी एवं यूरिया भी उपलब्ध है। किसान ले सकते हैं। किसानों को कोई जानकारी मिलती है तो इसकी विभाग में शिकायत कर सकते हैं। 

102 किसानों से 4251 क्विंटल हुई धान खरीद
जिले में 35 धान खरीद केंद्रों पर खरीद शुरू हो गई है। 102 किसानों से 4251 क्विंटल खरीद हुई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि एक नवंबर से खरीद शुरू हुई है। मगर, मोंथा तूफान और बारिश के चलते धान की कटाई और मड़ाई में विलंब से होने से खरीद करीब छह नवंबर से शुरू हुई थी। ई-पॉप मशीन से इस बार आंखों के जरिए किसानों का सत्यापन कर खरीद हो रही है। इन सभी मशीनों में आ रही दिक्कत को दूर कर ली गई है। सॉफ्टवेयर अपडेट कर लिए गए हैं।

डीएम ने निर्वाचन के मतदाताओं से नाम जुड़वाने की अपील की
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मतदाताओं से अपील की है कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं। आलेख्य प्रकाशन के पश्चात अपने दावे/आपत्ति निर्धारित फार्म-18 एवं फार्म-19 में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक नवंबर के आधार पर उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची नए सिरे से तैयार की जा रही है। 27 नवंबर को निर्वाचक नामावलियों का मुद्रण होगा। दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 2 से 16 दिसंबर है। 30 दिसंबर को अनुपूरक सूची तैयार होगी। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी को होगा। 

सीवर लाइन के लिए एनओसी जारी
अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि रतापुर क्षेत्र में वार्ड संख्या 13 रामपुर, रामनगर नगर निगम नव सम्मिलित क्षेत्र में है। यहां सीवर लाइन नहीं है। लाइन डालने के लिए आवास विकास और परिषद को एनओसी जारी किया गया है। लल्लापुरा में सड़क सुधार कार्य का प्रस्ताव 15वें वित्त के तहत 25 लाख रुपये स्वीकृत किया गया है। सिगरा से औरंगाबाद तक सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण का काम चल रहा है। 

काशीकॉन : शोध और तकनीक से फिजियोथेरेपी को देना होगा बढ़ावा
इंडियन एसोसिएशन ऑफ असिस्टिव टेक्नोलॉजिस्ट एंड फिजियोथेरेपिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन काशीकॉन का शुभारंभ शनिवार को हुआ। देश के विभिन्न जगहों से आए विशेषज्ञों ने वर्तमान समय में फिजियोथेरेपी और बुजुर्गों की स्वास्थ्य सेवाओं पर बातचीत की। इसमें फिजियोथेरेपी को बढ़ावा देने के लिए शोध और तकनीक का सहारा लेने की बात विशेषज्ञों ने कही। 

बीएचयू केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित सम्मेलन में उत्तर प्रदेश राज्य एलाइड एंड हेल्थकेयर काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. कमल पंत ने एलायड हेल्थ प्रोफेशनल्स के सशक्तीकरण, शिक्षा, कौशल विकास और नियमन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की चर्चा की। कहा कि शोध, तकनीक, नवाचार का सहारा लेकर इस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सहायता तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आधुनिक पुनर्वास, रोबोटिक थैरेपी आदि पर विस्तार से चर्चा की। 

वक्ताओं ने बुजुर्गों की सेहत, न्यूरो-रीहैबिलिटेशन, और तकनीकी नवाचारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण और भविष्य की दिशा प्रस्तुत की। बांबे हॉस्पिटल मुंबई से डा. निर्मल सूर्या ने न्यूरो रिहेबिलिटेशन पर खुलकर चर्चा की।इस दौरान आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो.एसएन संखवार, डॉ. संतोष पांडेय, डा. व्योग ज्ञानपुरी, डॉ. प्रकाश मेहता आदि मौजूद रहे। 

डिजी यात्रा का 14% यात्री कर रहे इस्तेमाल
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर चेक-इन पहले से ज्यादा आसान हो गया है। यात्री डिजी एप के जरिये फेस रिकॉग्निशन से सीधे एयरपोर्ट में प्रवेश कर सकते हैं। लेकिन इसका उपयोग महज 14 फीसदी यात्री ही कर रहे हैं। प्रमुख कारण जानकारी का अभाव है। 

इस सुविधा के बारे में लोगों को बताने के लिए डिजी बडीज की तैनाती की गई है। यह सुविधा एयरपोर्ट के 14 एंट्री गेट पर है। हैरानी की बात यह है कि 2022 से उपलब्ध होने पर भी यात्रियों में से सिर्फ 14 फीसदी ही हाई-टेक सिस्टम का उपयोग कर रहे हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट पर रोजा 14 से 15 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। औसतन फ्लाइट लेने वालों की संख्या 8000 है। 

डिजी यात्रा के लिए एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे 6 काउंटर, टर्मिनल में लगे 5 काउंटर और बोर्डिंग प्वाइंट पर लगे 3 काउंटरों पर सुविधा है। इसका प्रयोग 1100 यात्री ही करते हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, जानकारी का अभाव होने के कारण ये स्थिति है। यात्रियों को जागरूक करने के लिए जिनकी तैनाती की गई है उन्हें सक्रिय किया जाएगा। 

आयुर्वेद कॉलेज में सीएमई पर रोक
भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआईएसएम) ने आयुष चिकित्सकों के लिए होने वाली सीएमई (कांटिनिवस मेडिकल एजुकेशन) पर रोक लगा दी है। सीएमई में शामिल होने वाले शिक्षकाें और डाॅक्टरासें को जो क्रेडिट अंक मिलता था, उसे भी अगले आदेश तक के लिए रोक दिया गया है। क्रेडिट अंक मिलने पर उसका लाभ डॉक्टरों के प्रमोशन में होता था।

एनसीआईएसएम में एथिक्स एंड रजिस्ट्रेशन बोर्ड में अध्यक्ष डॉ. एसएम कुदरी की ओर से 20 नवंबर को इसका आदेश जारी किया गया है। राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. नीलम गुप्ता ने बताया कि आयोग की ओर से जो आदेश जारी किया गया है, उसके अनुसार सीएमई क्रेडिट अंक आवंटन के सभी तरह के ऑफलाइन प्रस्ताव पर रोक लगा दी गई है। 

आईएमएस बीएचयू प्रशासन ने रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी को बताया गलत
आईएमएस बीएचयू में पिछले दिनों रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी की ओर से रेजिडेंट की सुरक्षा की मांग उठाई गई थी। इसके लिए निदेशक को एक पत्र भी सौंपा गया था। अब आईएमएस बीएचयू प्रशासन ने उस पत्र को गलत बताया है। बीएचयू की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है कि विश्वविद्यालय के संज्ञान में आया है कि तथाकथित रेजिडेंट डॉक्टर वेलफेयर सोसाइटी के नाम से एक पत्र प्रसारित किया जा रहा है, जो भ्रामक है। 

इस पत्र में चिकित्सा विज्ञान संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम व पदनाम का भी उल्लेख है, इस बारे में आईएमएस निदेशक प्रो. एसएन संखवार का कहना है कि गलत ढंग से नाम, पदनाम का उल्लेख किया गया है। पत्र में तथाकथित सोसाइटी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव असैा कोषाध्यक्ष के रूप में हस्ताक्षर किए गए हैं। ऐसा करने वाले वर्तमान में छात्र या रेजिडेंट नहीं हैं और न ही चिकित्सा विज्ञान संस्थान से संबद्ध हैं। निदेशक ने लोगों से अनाधिकृत रूप से जारी हो रहे पत्र और उठाई जा रही मांग से बचने की अपील लोगों से की है।

गंगा के बाद असि और वरुणा नदी के किनारे भी बनेगा फ्लड जोन
एनजीटी की पहल पर हरिद्वार से बलिया तक गंगा और इसकी सहायक नदियों पर पहली बार फ्लड जोन (बाढ़ क्षेत्र) घोषित किए गए हैं। गंगा के बाद असि और वरुणा नदी पर भी फ्लड जोन बनाए जाएंगे।सर्वे ऑफ इंडिया (एसआई) सर्वे के आधार पर राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान (एनआईएच, रुड़की) इन नदियों के किनारे फ्लड जोन तय करेगा। इसके बाद पिलर और साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। एनजीटी की पहल पर राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान (एनआईएच, रुड़की) ने हरिद्वार से बलिया तक फ्लड जोन घोषित किया है। 

इसकी शुरुआत गंगा नदी से हुई है। इसके चिह्नित स्थानों पर पिलर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई। अब सर्वे ऑफ इंडिया (एसआई) गंगा की सहायक नदी वरुणा के 202 किमी और असि नदी के आठ किमी किनारे सर्वे कर रही है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेशचंद्र आजाद ने बताया कि सर्वे के लिए एसआई को सिंचाई विभाग ने 81 लाख रुपये दिए हैं। ब्यूरो

एसआई डिजिटल एलिवेशन मॉडल (डीईएम) रिपोर्ट दिसंबर में एनआईएच को सौंपेगी। इसके बाद एनआईएच फ्लड जोन तय कर इसकी रिपोर्ट जून तक सिंचाई विभाग को सौंपेगा। इसके बाद विभाग इन नदियों के किनारे पिलर और साइन बोर्ड लगाएगा।  

रिपोर्ट से तय होगी पिलर की संख्या
एनआईएच अपनी रिपोर्ट के बाद बजट तय करेगा। सुरेशचंद्र आजाद ने बताया कि रिपोर्ट में तय पिलर और साइन बोर्ड की संख्या के आधार पर प्रस्तावित बजट के लिए शासन को भेजे जाएंगे। बजट आने के बाद सिंचाई विभाग कार्यदायी संस्था से कार्य कराएगी।

दिसंबर से दो श्मशान घाटों पर शुरू होगी शवों की गिनती
दिसंबर से दो श्मशान घाटों पर शवों की गिनती शुरू हो जाएगी। इसकी तैयारी नगर निगम ने कर ली है। यहां पर नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहेंगे। जो यहां आने वाले हर शवों की फीडिंग कंप्यूटर में करेंगे। इसके लिए शव लेकर आने वालों को एक नंबर अलॉट किया जाएगा। यहां पर कंप्यूटर के साथ दक्ष लोग रहेंगे जो तीन शिफ्ट में तैनात होंगे। इसकी पूरी रूपरेखा बनाई जा रही है। इससे पता चल सकेगा कि प्रतिदिन कितने शवों का दाह संस्कार किया गया है। 

पूर्व में यहां से पर्ची जारी होती थी लेकिन बाद में ये व्यवस्था बंद कर दी गई। अब एक फिर से ये व्यवस्था शुरू होगी। इस पर्ची पर मृतक का नाम होगा। दाह संस्कार करने वाले से उसका संबंध और किस दिन और किस समय पर शव का दाह संस्कार किया गया, ये सारा विवरण इस पर होगा। मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि दिसंबर से इसे शुरू कर दिया जाएगा। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में भी निगम को आसानी हो जाएगी। 

जेरिकॉन पुणे में चमके आईएमएस बीएचयू के छात्र
आईएमएस बीएचयू में फार्माकोलॉजी विभाग के छात्रों ने 13 से 15 नवंबर तक एएफएमसी पुणे, महाराष्ट्र में आयोजित जेरिकॉन-25 में कई पुरस्कार जीते। विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. उपिंदर कौर के निर्देशन में कार्यक्रम में आईओई-टीडीआर परियोजना की शोध सहायक डॉ. शिवांगी पांडे ने सहायक जराचिकित्सा श्रेणी में मौखिक प्रस्तुतियों में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र तिरलुका निखिल और एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा श्रेया बरनवाल ने स्नातक मौखिक प्रस्तुतियों में क्रमशः द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। 

बीएचयू के आदित्य को 280वां स्थान
बीएचयू के मालवीय शिशु विहार में कक्षा तीन के छात्र आदित्य कुमार सोनी ने यूनिफाइड इंटरनेशनल साइबर ओलंपियाड में राष्ट्रीय स्तर पर 280वां स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 7वां स्थान प्राप्त किया। आदित्य को 3996 रुपये के साथ प्रशंसा पत्र और स्वर्ण पदक दिया जाएगा। आदित्य बीएचयू के सहायक कुलसचिव राज कुमार सोनी के बेटे हैं। इस उपलब्धि पर आदित्य ने कहा कि जो विद्यार्थी अपने रूप-रंग से ज्यादा ध्यान किताबों पर देते हैं, वही सफलता पाते हैं। पिता राज सोनी ने कहा कि आदित्य पढ़ाई में उत्कृष्ट है। पांच दिसंबर को नेशनल लेवल साइंस टैलेंट सर्च परीक्षा में हिस्सेदारी करेगा। 

केंद्रीय कारागार में 20 कैदी देंगे बोर्ड परीक्षा 
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके अनुसार बोर्ड परीक्षाएं आगामी 18 फरवरी से शुरू होंगी। इस बार की बोर्ड परीक्षा में केंद्रीय कारागार के 20 कैदी परीक्षा देंगे। इसमें 10 हाईस्कूल और 10 इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि  केंद्र निर्धारण की कवायद चल रही है। 24 नवंबर को समिति रिपोर्ट सौंपेगी। जिले में इस बार हाईस्कूल के 46074 और इंटरमीडिएट की परीक्षा में 44218 छात्र शामिल होंगे। इनके अलावा कक्षा में 46328 और 11वीं में 38840 छात्रों ने पंजीकरण कराया है। यह छात्र अगली बार की बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। 

एआई के प्रभाव पर हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता
उदय प्रताप कॉलेज में एआई और मानव बुद्धि पर हिंदी और अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता हुई। कृत्रिम बुद्धिमत्ता मानव की बौद्धिक क्षमता को नष्ट कर रही है या नहीं इसपर डिबेट की गई। पक्ष और विपक्ष में दो- दो प्रतिभागियों ने अपनी बातें रखी।अब इनका चयन कर 25 नवंबर को यूपी कॉलेज के 116वें संस्थापन दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। यूपी कॉलेज स्थापना का कार्यक्रम एक सप्ताह तक चलेगा। इसमें शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू किया गया। 

द आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में मनाया गया सीनियर फाउंडर्स डे
वाराणसी (वि)। अमरा अखरी बाईपास स्थित द आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को सीनियर फाउंडर्स डे मनाया गया। इसमें 110 छात्र-छात्राओं ने 15 वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति से सभी को भाव विभाेर कर दिया। विद्यालय के चेयरमैन विनीत चोपड़ा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य बुद्धि को जगाना, चरित्र का निर्माण करना और ऐसी पीढ़ी तैयार करना है जो संवेदना, नेतृत्व और उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़े। 

बॉयज शो, गर्ल्स शो इस दौरान बोर्ड परीक्षा में कक्षा 12 और 10वीं में 95 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। छात्रों ने अंग्रेजी नाटक मैकबेथ का मंचन भी किया। विद्यालय की निदेशक सुबीना चोपड़ा ने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षाओं के लिए नहीं बल्कि उद्देश्यपूर्ण, दयालु, साहसी और नवोन्मेषी जीवन के लिए तैयार करती है। इस दौरान उप निदेशक गणेश सहाय, प्रधानाचार्य सुमिता थापर मौजूद रहीं।

कुलसचिव-परीक्षा नियंत्रक के लिए इंटरव्यू 18 दिसंबर को
बीएचयू में अब स्थायी कुलसचिव का इंतजार जल्द ही खत्म हो जाएगा। नए कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति अगले महीने तक हो सकती है। 18 दिसंबर को दोनों पदों पर चयन के लिए इंटरव्यू होगा। परिसर स्थित होलकर भवन में सुबह 9 बजे से इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू होगी। कुलसचिव और परीक्षा नियंत्रक के पदों के लिए कुल 8-8 आवेदन को मेरिट के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें से एक-एक अभ्यर्थी का चयन होना है।

वर्तमान में कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह मार्च 2022 में कुलसचिव बनाए गए थे। हालांकि ये स्थायी नियुक्ति नहीं थी। जबकि परीक्षा नियंता के तौर पर 2022 में डॉ. मनोज पांडेय के बाद प्रोफेसरों को जिम्मेदारी दी जाने लगी। अब फिर से बीएचयू ने दोनों पदों को भरने की वैकेंसी निकाली है।

24 नवंबर को काशी आएगी पदयात्रा
मारवाड़ी समाज की कुलदेवी माता शाकंभरी देवी की 64 दिवसीय पदयात्रा कोलकाता से 24 नवंबर को काशी पहुंचेगी। यात्रा काशी से पैदल चलकर सकरायधाम राजस्थान जा रही है और वहां तीन जनवरी 2026 को पहुंचेगी। पदयात्रियों की सेवा के लिए अखरी बाइपास के सामने व्यवस्था की गई है। शनिवार को श्री शाकंभरी परिवार की ओर से मारवाड़ी समाज भवन में बैठक हुई। इसमें यात्रा की तैयारियों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में श्री शाकंभरी परिवार काशी के संरक्षक रमेश चौधरी, संस्थापक शिवकुमार मित्तल एवं आनंद लडिया, अशोक शोरेवाला, सोनू चिरानिया, निधि शोरेवाला, रिंकू सर्राफ एवं अन्य सदस्य मौजूद थे। संचालन महेश चौधरी ने किया। यह जानकारी सुरेश तुलस्यान ने दी। 

गणेश बने संस्कृत विद्यालय समिति के अध्यक्ष
संस्कृत विद्यालय शिक्षक समिति के प्रदेश कार्यकारिणी की कोर बैठक दशाश्वमेध स्थित प्रधान कार्यालय में हुई। इसमें सर्वसम्मति से शिक्षाविद डाॅ. गणेश दत्त शास्त्री को एक बार फिर से दो वर्ष के लिए प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। पदाधिकारियों ने कहा, डॉ. शास्त्री के नेतृत्व में संस्कृत शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं का निदान होता रहा है। इस अवसर पर कोर कमेटी से डाॅ. गोविंद्र प्रसाद मिश्र को प्रदेश प्रवक्ता और डॉ. अशोक कुमार को मंत्री बनाया गया। बैठकमें डाॅ. श्रवण मणि त्रिपाठी, डाॅ.रवि मिश्रा, डाॅ.अभिषेक पाठक, डाॅ.बृजेश मणि त्रिपाठी थे। 

महोत्सव में 1311 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
आराजीलाइन, काशी विद्यापीठ और सेवापुरी ब्लॉक में काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के तहत कार्यक्रम आयोजित हुए। इसमें समृद्धि सिंह और अंश की टीम गायकी में विजेता रही। डीडीओ विजय जायसवाल ने बताया कि जोन स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में तीनों आयु वर्गों के चार विधाओं गायन, वादन, नृत्य व नुक्कड़ नाटक में 23 स्थलों पर कार्यक्रम हुए। इसमें गायन में 572, वादन में 84, नृत्य में 315 नुक्कड़ नाटक में 340 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अपना दल एस विधायक डाॅ. सुनील पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुजीत सिंह मौजूद रहे। 

ज्ञान और वैराग्य की जननी है भक्ति
ज्ञान, भक्ति और वैराग्य तीनों एक दूसरे से जुड़े हुए हैं। भक्ति को अक्सर ज्ञान और वैराग्य की जननी या माता के रूप में वर्णित किया गया है। जो इन दोनों को जन्म देती है। भक्ति को सभी गुणों का मूल माना गया है। ये बातें वृंदावन से पधारे कथा व्यास गोरीलाल कुंज श्रीधाम के महंत स्वामी किशोरदास देव ने कहीं। वह शनिवार को श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंधविद्यालय दुर्गाकुंड में संकटमोचन संकीर्तन मंडल की ओर से चल रहे भक्तमाल कथा के छठवें दिन प्रवचन कर रहे थे। व्यासपीठ का पूजन आरती शिवकुमार एवं अखिलेश खेमका ने किया। इस अवसर पर विजय कुमार मिश्र, नीरज दुबे, बलदाऊ पाठक, श्याम अग्रवाल, सुशील अग्रवाल उपस्थित थे। 

कभी 5 हजार में लिखा, अब हर गाने के 5 लाख मिल रहे, बीएचयू ने दी सपने देखने की ताकत
बंबई में का बा... और आइए न हमरा बिहार में... से प्रसिद्ध हुए गीतकार और बीएचयू के पूर्व छात्र डॉ. सागर ने कहा कि बॉलीवुड में पांच हजार रुपये से गीत लिखने का सफर शुरू हुआ और आज सफर पांच लाख रुपये प्रति गीत तक पहुंच चुका है। 

बीएचयू के सामाजिक विज्ञान संकाय में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. सागर ने कहा कि बीएचयू ने मुझे सपने देखने की ताकत दी और जेएनयू ने उसे अभिव्यक्त करने का साहस। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. संजय पासवान ने कहा, समावेशी शिक्षा केवल पुस्तकों का विषय नहीं है, यह लोकतंत्र की आत्मा है। यदि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े विद्यार्थी को अवसर नहीं मिलेगा, तो राष्ट्र विकास अधूरा रहेगा। 

प्रो. जेबी कोमरैया ने कहा कि यह कार्यशाला न केवल शैक्षिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक न्याय एवं समावेशन की दिशा में सार्थक कदम है। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लाकड़ा ने कहा कि योजनाओं का सही लाभ तभी मिलेगा जब छात्र जागरूक होंगे। डॉ. अमरनाथ पासवान ने कहा कि समावेश केवल शब्द नहीं,  विश्वविद्यालय की आत्मा है। इस दौरान प्रो. आरपी पाठक, डॉ. राजेश पासवान, डॉ. एके जोशी आदि मौजूद रहे। 

बीएचयू में बौद्धिक संपदा अधिकार पर 150 शिक्षाविदों ने पढ़े शोध पत्र
बीएचयू में 125 विश्वविद्यालयों के 150 शिक्षाविदों ने अपने-अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। इसमें छह विदेशी विश्वविद्यालय भी शामिल थे। उन्हें आगामी काशी तमिल संगमम कार्यक्रम की जानकारियां दी गईं। 

शनिवार को डेयरी साइंस और फूड टेक्नोलॉजी विभाग में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि बौद्धिक संपदा अधिकार के क्षेत्र में भारत का बड़ा योगदान रहा है। इंटरनेशनल कॉन्क्लेव ऑन पेटेंट इन्वेंटिव स्टेप्स की थीम पर हुए इस कार्यक्रम में मंत्री दयालु ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा में भारत के संत और ऋषियों ने काफी योग दान दिया। श्रुति परंपरा के अनुरूप गुरु शिष्य के बीच समन्वय के साथ ज्ञान साझा किया जाता था। आज समय की मांग है कि हमारे शिक्षक बौद्धिक संपदा अधिकार में कार्य करें।

पुस्तक का हुआ लोकार्पण : कॉन्क्लेव के आयोजन सचिव डॉ. बाला लखेंद्र की संपादित पुस्तक इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स इन्वेंटिव स्टेप्स का लोकार्पण किया गया। मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य बौद्धिक परंपरा अधिकार के क्षेत्र में हो रहे अनुसंधानों से जुड़े शिक्षाविदों को एक प्लेटफाॅर्म पर लाना है। 

खिलेश्वरी के भरतनाट्यम से झंकृत हुई वरुणा संध्या
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया और पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से शनिवार को छावनी स्थित नेहरू पार्क में आयोजित वरुणा संध्या में बीएचयू की डाॅ. खिलेश्वरी पटेल ने अपनी शिष्याओं नेहा कुमारी व अदिति सिंह के साथ भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी। भरतनाट्यम की पहली प्रस्तुति कौतुवम् से आरंभ हुई जो भगवान गणेश को समर्पित एक पारंपरिक नृत्यरचना थी। द्वितीय प्रस्तुति में भगवान शिव पर आधारित कीर्तनम् प्रस्तुत किया गया। अंतिम प्रस्तुति तिल्लाना की रही। प्रमाणपत्र मुख्य अतिथि डिप्टी कंट्रोलर माप बाट गुलाब सिंह व अध्यक्ष अजय गुप्ता ने दिया। 

11वें स्थापना दिवस पर कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
सुबह-ए-बनारस के 11वें स्थापना दिवस का आयोजन रविवार को अस्सी घाट पर होगा। गोधूलि बेला से ब्रह्म बेला तक अनवरत सांस्कृतिक अनुष्ठान अपने आप में अनूठा होगा। जीआई टैग के उत्तरदायित्व निर्वहन के क्रम में शहनाई और तबला से जुड़े कलाकारों और शिल्पकारों को सम्मानित किया जाएगा। स्थापना दिवस के प्रमुख आकर्षण में सात शास्त्रीय शैली के नृत्य, प्रहर पर आधारित शास्त्रीय संगीत, वाद्य वृंद, ध्रुपद, भजन की विभिन्न प्रस्तुतियां होंगी। इसमें पांच देशों के कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। 

स्थापना दिवस पर प्रभाती सत्र में तबले पर रिंपा शिवा और शहनाई जवाहर लाल का विशेष कार्यक्रम होगा। सुबह-ए-बनारस की शुरुआत 24 नवंबर 2014 को किया गया था। मुख्य कार्यक्रमों में सुबह-ए-बनारस 3443 प्रमुख कलाकार, घाट संध्या में शास्त्रीय नृत्य, सुगम संगीत, कलानिधि, शास्त्रार्थ, प्रशिक्षण शिविर और काव्यर्चन में 5000 से ज्यादा कलासाधक जुड़े हैं। 

संस्कृत के छात्र-छात्राओं का सेना में जेसीओ पद पर चयन बड़ी उपलब्धि
अनुशासन और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। एनसीसी के माध्यम से लड़कियों को आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता की शिक्षा देना बहुत ही महत्वपूर्ण है। संस्कृत विश्वविद्यालय के बच्चों का सेना में जेसीओ के पदों पर चयन होना एक बड़ी उपलब्धि है।

उक्त बातें एनसीसी के सीओ लेफ्टिनेंट संजेश राय ने कहीं। वह शनिवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में मिशन शक्ति के विशेष अभियान (फेज-5) के तहत महिलाओं की आत्मरक्षा विषयक व्याख्यान को संबोधित कर रहे थे। 

जनसंपर्क अधिकारी शशींद्र मिश्र ने कहा कि नारी परिवार की आत्मा होती है। उनका विशाल हृदय, धैर्य, शालीनता, त्याग की प्रतिमूर्ति है। मुख्य वक्ता डॉ. नितिन आर्य ने रामायण, महाभारत के जीवन दर्शन और वेदों में महिलाओं के योगदान और स्थान के बारे में जानकारी दी। वेद विभाग के आचार्य डॉ. विजय कुमार शर्मा ने कहा कि जीवन में एक नारी ही जीवन का आधार स्तंभ है, वह गृहणी होने साथ-साथ कुशल प्रबंधक भी है। नोडल अधिकारी प्रो. विद्या कुमारी चंद्रा की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। 

काशी सांसद : नृत्य में प्रियंका और सितार में स्वरूपानंद को प्रथम स्थान
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के तहत संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में गायन, वादन, नृत्य और नुक्कड़ नाटक का आयोजन हुआ। नृत्य में प्रियंका मिश्रा, सितार वादन में स्वरूपानंद पाठक, तबला वादन में राहुल, लोकसंगीत में हिमांशु मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, सुगम संगीत में स्वागताी, विशाल, मानस तिवारी और नुक्कड़ नाटक में शिक्षा बनाम बेटियां : शिक्षा की नई पहल को प्रथम स्थान मिला। 

मुख्य अतिथि कुलसचिव राकेश कुमार ने कहा कि यह एक ऐसा मंच है जहां पर सभी के अंदर की प्रतिभा को अवसर देने तथा सम्मानित होने का अधिकार प्राप्त करना है। विशिष्ट अतिथि पूर्व संकायाध्यक्ष प्रो. हीरक कांत चक्रवर्ती, नोडल अधिकारी प्रो. विशाखा शुक्ला ने कहा कि 24 नवंबर को जिलास्तर पर प्रतियोगिता होगी। विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान डॉ. श्रुति उपाध्याय, डॉ. शैल पांडेय, डॉ. कंचन, डॉ. अखिलेश मिश्र आदि मौजूद रहे।

नेताजी ने पिछड़े समाज के हक के लिए किया था संघर्ष
पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती शनिवार को मनाई गई। जिला कार्यालय अर्दली बाजार में नेताजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने गरीबो, किसानों, मजदूरों एवं पिछड़े समाज के हक, अधिकार व उत्थान के लिए हमेशा संघर्ष किया।

संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव ने किया। डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, रामसिंह यादव,  रामनरेश यादव आदि ने विचार रखे। उधर, महानगर कार्यालय ललिता टाॅकीज में महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि नेताजी भले ही आज हम लोगों के बीच में नहीं हैं लेकिन हम समाजवादियों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे। डाॅ. बहादुर सिंह, डाॅ. ओपी सिंह, महानगर महासचिव योगेंद्र आदि ने विचार रखे। सपा नेता प्रदीप मौर्या ने चकबीही में जयंती मनाई। उर्जेश कुमार गुप्ता ने बनारस स्टेशन के बाहर फल बांटे। 

1008 दीप जलाकर लोकबंधु राजनारायण को किया नमन
समाजवाद के पुरोधा लोकबंधु राजनारायण की 108वीं जयंती की पूर्व संध्या पर बेनियाबाग राजनारायण पार्क में राजनारायण विचार मंच एवं प्रबोधिनी फाउंडेशन की ओर से दीपोत्सव और संकल्प सभा हुई। लोगों ने 1008 दीप प्रज्ज्वलित कर राजनारायण की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने राजनारायण के क्रांतिकारी विचारों को समाज में जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। 

महासचिव विनय शंकर राय मुन्ना ने कहा कि गरीबों को मीले रोटी तो मेरी जान सस्ती है... का नारा देकर राजनारायण आजीवन सड़क से सांसद तक समाज के अंतिम व्यक्ति के हक के लिए संघर्ष करते रहे। सभी ने लोकबंधु राजनरायण को भारत रत्न देने की मांग की। बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय, अरविंद राय, दिलीप मिश्रा, प्रदीप सिंह, प्रवीन उपाध्याय, सुशील सिंह तोयज माैजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed