फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Chitouna case SIT investigated crime scene misdeed victim reached police station

वाराणसी की खबरें: छितौना केस...SIT ने घटनास्थल की जांच की, दुष्कर्म पीड़िता पहुंची थाने; चार पर FIR

Sun, 27 Jul 2025 09:34 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 27 Jul 2025 09:34 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी में छितौना गांव हुए खूनी संघर्ष मामले में एसआईटी ने घटनास्थल की जांच की। वहीं, शिवपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली दुष्कर्म पीड़िता ने चार आरोपियों के खिलाफ आपत्तिजनक फोटो वीडियो वायरल करने के मामले में केस दर्ज कराया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Chitouna case SIT investigated crime scene misdeed victim reached police station
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: चौबेपुर थाना क्षेत्र के छितौना गांव में 5 जुलाई को दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष की जांच शनिवार को विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने किया। टीम ने साक्ष्य एकत्र करने के साथ दोनों पक्षों के लोगों से घटना से जुड़े तथ्यों की  जानकारी ली। इस दाैरान घटना के बारे में ग्रामीणों से बात की। पूछताछ के दौरान घटना के कारणों, संघर्ष की शुरुआत और उसके बाद की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही टीम ने राजस्व विभाग के अधिकारियों, क्षेत्र में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों से भी जानकारी ली। 

विज्ञापन


घटना के प्रत्यक्षदर्शी से विवरण एकत्र किए। एसआईटी के विवेचक एवं चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि टीम के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर अध्ययन किया। ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली गई है। निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन


9 महिलाओं, 3 युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया
गंगा घाट किनारे पर्यटकों, श्रद्धालुओं संग आए दिन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय महिला व पुरुष गिरोह की तलाश में मंडुवाडीह पुलिस ने शनिवार की रात लहरतारा स्थित ओम शिव पेइंग गेस्ट हाउस में छापा मारा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 9 महिलाओं व 3 युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि संदेह के आधार पर अभी पूछताछ की जा रही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

थियेटर मैनेजर के खिलाफ महिला ने दर्ज कराया केस
लक्सा थाना क्षेत्र के एक मॉल के थियेटर मैनेजर के खिलाफ एक महिला ने अभद्रता का आरोप लगाया। बृहस्पतिवार की रात घटना के बाबत लक्सा पुलिस ने केस दर्ज किया है। सिगरा के लल्लापुरा की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी 10 सहेलियों के साथ बृहस्पतिवार की रात फिल्म देखने गई थी। इस बीच थिएटर मैनेजर और उसके सहयोगियों ने टिकट चेकिंग के बहाने अभद्रता की। सीट बदल दिया। अन्य महिलाओं के संग विरोध की तो गाली गलौज और धमकी दी। लक्सा थानाध्यक्ष दयाराम ने बताया कि केस दर्ज करते हुए जांच की जा रही है। 

आपत्तिजनक पोस्ट पर दो के खिलाफ मुकदमा
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में चौबेपुर थाने में शनिवार को राहुल राय और सन्नी राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सर्विलांस के दौरान कुछ ऐसे पोस्ट चिह्नित किए गए। जिनका तनाव फैलाना प्रतीत हो रहा था। दाेनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 

मारपीट के मामले में फायरिंग की सूचना दी
सारनाथ थाना क्षेत्र के सथवा में शुक्रवार की देर रात फायरिंग की सूचना पर पुलिस पहुंची। मामला मारपीट और रंजिश का निकला। गलत सूचना और अशांति फैलाने पर पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया। थानाध्यक्ष विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सथवां चौराहे पर मूलचंद कुमार का मकान है।

छह माह पूर्व मूलचंद की पत्नी का देहांत हो गया। मूलचंद ने शव को मकान परिसर में दफनाने का प्रयास किया था। इसका विरोध पड़ोसी पंकज सिंह ने किया था। इसी प्रकरण को लेकर मूलचंद के भतीजा निखिल ने रात 1.15 बजे फायरिंग की सचूना दी। छानबीन में फायरिंग की सूचना गलत निकली। प्रकरण में मूलचंद, पंकज सिंह व निखिल सिंह का शांतिभंग में चालान किया गया। 

मारपीट के मामले में तीन किन्नर और अज्ञात पर केस
रंजिश को लेकर किन्नरों ने शुक्रवार की रात युवक की पिटाई कर दी। पीड़ित पड़ाव सूजाबाद निवासी विधायक ने तीन किन्नरों और अज्ञात के खिलाफ रामनगर थाने में मारपीट का केस दर्ज कराया। पीड़ित विधायक ने पुलिस को बताया कि रात में वह अपने मित्र के यहां से घर लौट रहा था। पंचवटी भीटी के पास कुछ किन्नर मौजूद थे। सभी ने पिटाई की। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि मारपीट सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

टॉप 10 बदमाश अरविंद यादव गिरफ्तार
कैंट थाने की पुलिस ने शनिवार को टॉप 10 अपराधी अरविंद यादव को उसके घर से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि फुलवरिया निवासी अरविंद यादव को न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। वह टॉप 10 बदमाश की सूची में शामिल है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज है। 

दुष्कर्म पीड़िता ने चार के खिलाफ केस दर्ज कराया
शिवपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली दुष्कर्म पीड़िता ने चार आरोपियों के खिलाफ आपत्तिजनक फोटो वीडियो वायरल करने के मामले में केस दर्ज कराया। पीड़िता का आरोप है कि क्षेत्र के सुयश पांडेय, अजय शंकर पांडेय और दो  महिलाओं ने फोटो वायरल की। इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि युवती ने इनके खिलाफ पूर्व में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि उसकी आपत्तिजनक फोटो वायरल कर रहा है। मामले की छानबीन की जा रही है। 

रिटायर्ड दारोगा के घर में चोरी
मिल्कीचक में रिटायर्ड दरोगा ब्रह्मदेव उपाध्याय के मकान में शुक्रवार की रात 16 हजार रुपये और आभूषण पर चोरी हो गया। शनिवार की सुबह पहुंची पुलिस ने छानबीन की। ब्रह्मदेव उपाध्याय के बेटे विनय उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि चैनल पर ताला खोलकर चोर अंदर दाखिल हुए। गले से सोने की चेन खींचने पर मां ने शोर मचाया। चोर सभी कमरों और बालकनी में लगे वल्ब निकाल लिए थे। 

हादसे में घायल की मौत के मामले में केस दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर कलां गांव के पास पिछले दिनों सड़क हादसे में घायल गणेश उपाध्याय की मौत हो गई। बेटे की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शनिवार को वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि 3 जुलाई को स्कूटी से घर लौट रहे गणेश उपाध्याय को वाहन ने टक्कर मार दी थी। गणेश को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। 

साइबर सुरक्षा के प्रति छात्राओं को किया जागरूक
मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज स्थित स्कूल परिसर में शनिवार को पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। महिला एसआई अनुजा गोस्वामी और एसआई मधुसूदन त्रिपाठी ने गुड व बैड टच, साइबर हेल्पलाइन 1930, पुलिस हेल्पलाइन 112 व वूमेन हेल्पलाइन 1090 के बारे में जानकारी दी। कहा छात्राओं को फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने ओर ब्लैक मेलिंग जैसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस अवसर पर अमरनाथ पटेल, राम सकल पटेल, दिनेश पटेल, उत्तम पटेल, कल्पना शर्मा आदि रहीं। 

निगम ने 25 किलो मांस जब्त किया
नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी डॉ संतोष पाल ने शनिवार को रेवड़ी तालाब, शेख सलीम फाटक क्षेत्र में जांच की। पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि कई मीट दुकानें खुली मिलीं। 25 किलो से अधिक मीट जब्त कर दुकानदार लक्ष्मण सोनकर, हीरा, गुलाब सोनकर, अफजल कुरैशी (शेख सलीम फाटक) के खिलाफ एफआईआर कराने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह अभियान पूरे सावन माह तक नियमित रूप से चलता रहेगा। 

मार्कंडेय महादेव दर्शन को आया युवक लापता 
मार्कंडेय महादेव मंदिर कैथी में दर्शन को पहुंचा युवक मोहित सोनी (22) दो दिन से लापता है। शुक्रवार की देर शाम खोजबीन के दौरान राजवारी पुल पर उसका जूता मिला है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की है। पुलिस की ओर से नदी में भी उसकी खोजबीन की जा रही है।

आजमगढ़ के मेंहनाजपुर निवासी पिता रविंद्र सेठ ने बताया कि बेटे मोहित गुरुवार की रात मार्कंडेय महादेव दर्शन की बात कहकर घर से निकला था।  मोहित का जूता राजवारी गोमती नदी के पुल पर उसका जूता मिला। इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि परिजनों द्वारा बेटे के डूबने की आशंका पर स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन की जा रही है। 

सोनारपुरा में घुसा यात्री वाहन, लगा लंबा जाम
भेलूपुर चौराहा-सोनारपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर यात्रियों से भरे वाहन के चलते लंबा जाम लगा। बाइक और पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। जाम लगने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने यात्री वाहन को ललित सिनेमा हॉल के पार्किंग में खड़ा कराया। यातायात पुलिसकर्मियों की अनदेखी से वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र में पहुंच गया। सावन माह में भेलूपुर-सोनारपुर मार्ग पर जाम लगने के बाद गोदौलिया सोनारपुर से शिवाला जाने वाले और सोनारपुर से केदार घाट जाने वाली गली में भी जाम लग गया। 

10 करोड़ की जमीन कब्जामुक्त कराई
नगर निगम ने शनिवार को चितईपुर मुख्य मार्ग स्थित 6 हजार वर्ग फीट जमीन को पुलिस के सहयोग से कब्जामुक्त कराया। इस जमीन पर 10 लोगों ने कब्जा कर लिया था। बाजार दर के आधार पर इसका मूल्य 18 करोड़ रुपये आंका गया है। 

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि निरीक्षण में भूमि पर अवैध कब्जा मिला। विरोध की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने जिला प्रशासन से सहयोग लिया गया। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में थाना चितईपुर, जिला प्रशासन, तहसील, नगर निगम, पीएसी की उपस्थिति में भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। नगर निगम ने बैरिकेडिंग कराते हुए बोर्ड लगाकर जमीन को सुरक्षित कर लिया है। 

वीडीए ने ग्रुप हाउसिंग के लिए दो भूखंड बेचे 
ई-ऑक्शन के जरिये ग्रुप हाउसिंग के लिए दो भूखंड वीडीए ने बेचे। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि ग्रुप हाउसिंग क्षेत्रफल 10224 वर्गमीटर के प्रथम भूखण्ड बीई-7 को आरक्षित मूल्य 28.52 करोड़ के सापेक्ष उच्चतम बोली 28.88 करोड़ लगी। 7694 वर्गमीटर के द्वितीय भूखंड बीई-5 को आरक्षित मूल्य 21.46 करोड़ के सापेक्ष उच्चतम बोली 21.78 करोड़ लगी। मेसर्स राजपाल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के पक्ष में विक्रय किया गया। 

कर्मचारियों से मारपीट, जेई ने दी तहरीर
मंड़ौली में बिजली आपूर्ति बाधित होने से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार की देर रात मंडुवाडीह डीपीएच पर हंगामा किया। इस मामले में मंडुवाडीह डीपीएच पर तैनात अवर अभियंता पंकज कुमार ने उपकेंद्र के नियंत्रण कक्ष में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और तोड़फोड़ की तहरीर मंडुवाडीह थाने में दी।  पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मंडुवाडीह थाना प्रभारी को दी तहरीर में अवर अभियंता ने बताया कि 25 जुलाई की रात करीब 10.30 बजे सेंट जांस काॅलोनी में विद्युत आपूर्ति बाधित होने को लेकर करीब 10 लोग उपकेंद्र आए। कर्मचारी अजीत पासवान, मो. नूर आलम, अंकित मौर्या के साथ मारपीट करते हुए कुर्सियों को तोड़ दिया गया। पुलिस के आने से पहले ही सब भाग गए। इस बारे में मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि उपकेंद्र और आसपास लगे सीसी कैमरे से मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बाइक सवार दो कांवड़ियों को ट्रक ने मारी टक्कर
बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसराय ओवरब्रिज के पास शनिवार अपराह्न बाइक सवार दो कांवड़ियों को ट्रक ने टक्कर मार दी। घायलों में अयोध्या के कुमारगंज तिंदौली निवासी लाल बहादुर (50) को पुलिस ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां हालत चिंताजनक है।

अयोध्या के कुमारगंज तिंदौली के कांवड़ियों का 22 सदस्यीय दल 11 बाइक पर सवार होकर दशाश्वमेध घाट से गंगाजल लेकर बाबा बामदेव कुमारगंज (अयोध्या) जल चढ़ाने जा रहा था। काजीसराय बाजार के पास ट्रक ने बाइक सवार विजय गौतम और लाल बहादुर को टक्कर मार दी। थाना प्रभारी बड़ागांव अतुल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल कांवड़िया को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

Varanasi News Today Chitouna case SIT investigated crime scene misdeed victim reached police station
डीएम सत्येंद्र कुमार। - फोटो : अमर उजाला

शासी निकाय के 26.19 करोड़ के प्रस्तावों का डीएम ने किया अनुमोदन
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को जिला नगरीय विकास अभिकरण वाराणसी की शासी निकाय की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। अल्प विकसित मलिन बस्ती योजना में जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजे गए 26.19 करोड़ के प्रस्तावों को शासी निकाय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने अनुमोदित करते हुए निर्देशित किया कि सभी जनप्रतिनिधियों को इससे अवगत करा दिया जाए।

डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 में ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों में से सत्यापन के लिए लंबित 25 हजार आवेदनों के शीघ्र सत्यापन की जिम्मेदारी एसडीम सदर और जोनल अधिकारी को दी। दीनदयाल जन आजीविका योजना के तहत स्वरोजगार के लिए बैंकों में लंबित 66 आवेदनों को तत्काल स्वीकृत और वितरित करने के लिए जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया।

दीनदयाल जन आजीविका योजना के तहत लेबर चौक बनाने के लिए पीओ डूडा ने बताया कि दीनदयाल हॉस्पिटल के बगल में लेबर चौक के लिए स्थल चिह्नित कर डीपीआर बनाकर शासन को प्रेषित किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने शहर में अन्य स्थानों पर भी जगह चिन्हित करने के लिए श्रमायुक्त को निर्देशित किया। 

बच्चों को मिल रही सुरक्षा
गोमती जोन पुलिस की तरफ से पुलिस छात्र संवाद कार्यक्रम हुआ। छात्रों को सुरक्षा और कानून की जानकारी दी गई। अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने प्रेजेंटेशन और वीडियो से विद्यालयों में संवाद किया। पुलिस टीम 35 सेकेंडरी स्कूलों का भ्रमण कर 7000 छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों पर जागरूक कर रही हैं।  

निर्माल्य निस्तारण के लिए किया अनुबंध
शहर के मंदिरों से निकलने वाले माला फूलों के निस्तारण के लिए नगर निगम का शनिवार को एक एनजीओ के साथ अनुबंध हुआ। अनुबंध पत्र पर नगर निगम की ओर से नगर आयुक्त अक्षत वर्मा और मेसर्स ईजी हेल्प के प्रबंधक कोमल सिंह ने हस्ताक्षर किए। इसमें नगर निगम संस्था को कोई वित्तीय सहायता नहीं देगा। 

राशन कार्ड और पेंशन की समस्या 
सेवापुरी ब्लाक के मड़ैया ग्राम पंचायत पर पीएम आगमन को लेकर जन चौपाल के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। शनिवार को चौपाल में राशन कार्ड, पेंशन, हर घर नल योजना की समस्या उठीं। कार्यक्रम स्थल पर बाल विकास, खाद्य एवं रसद, जल जीवन मिशन सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। नोडल अधिकारी देवेंद्र कुमार ओझा ने चौपाल में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध  निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। 

आज से कांग्रेस शुरू करेगी आम जनता से संवाद
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण अभियान में कांग्रेस पार्टी ने बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने इस मुद्दे की जमीनी सच्चाई जानने और इसे राजनीतिक-प्रशासनिक स्तर पर उचित स्थान दिलाने के लिए 12 सदस्यीय जमीनी सर्वेक्षण टीम गठित की है। टीम 27 जुलाई से दालमंडी क्षेत्र में व्यापारियों, धार्मिक प्रतिनिधियों, महिला उद्यमियों और आम नागरिकों से संवाद शुरू करेगी। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि प्रशासन द्वारा की गई तोड़फोड़ और नोटिस प्रक्रिया की समीक्षा की जाएगी। रिपोर्ट तैयार कर ज्ञापन के रूप में प्रदेश की राज्यपाल को सौंपा जाएगा। 

सफल अधिकारी वही जो सबको साथ लेकर चले
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सेमिनार हॉल में शनिवार को लीडरशिप स्टाइल विषय पर व्याख्यान हुआ। इसमें पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रवीण प्रकाश ने आधुनिक प्रशासन, संगठनात्मक प्रबंधन और नेतृत्व के विभिन्न आयामों पर अपने अनुभव साझा किए। प्रवीण प्रकाश ने बताया कि एक सफल अधिकारी वह होता है जो न केवल निर्णय लेने में सक्षम हो, बल्कि टीम को साथ लेकर चलने, संवाद कायम रखने और प्रेरणा देने की कला भी जानता हो। 

दलितों के खिलाफ है आरएसएस की मानसिकता
सपा ने शनिवार को सारनाथ में पीडीए सम्मेलन किया। राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर ने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा, आरएसएस की मानसिकता दलित और पिछड़ों के खिलाफ है। भाजपा सरकार संविधान बदलकर मनमानी करना चाहती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने की। संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायकों उदयलाल मौर्य, महेंद्र सिंह पटेल, अब्दुल समद अंसारी, पूर्व एमएलसी राजदेव सिंह मौजूद रहे। 

दुर्गाघाट पर तोड़ा गया मठ का जर्जर हिस्सा
बारिश के चलते दुर्गाघाट पर श्रीराम तारक मठ की जर्जर खिड़की गिर गई थी। यह रिकाॅर्ड में जर्जर भवन है। जिसे नगर निगम ने नोटिस दिया था। यह काफी समय से बंद था और कोई इसमें रहता नहीं था। मठ के प्रबंधन ने खिड़की गिरने के बाद निजी मजदूर लगाकर भवन के जर्जर हिस्से को गिरवाना शुरू कर दिया है। क्षेत्र की पार्षद कनकलता मिश्रा ने बताया कि यहां कोई रहता नहीं था। मठ के लोग स्वयं इसे गिरवा रहे हैं। 

आयकर के फायदे गिनाए 
दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की ओर से महमूरगंज के एक लॉन में सेमिनार हुआ। इसमें आयकर विवरण में हुए बदलाव और शेयर मार्केट के फ्यूचर ऑप्शंस के टैक्स के विषय पर चर्चा की गई। 

विशिष्ट अतिथि सेंट्रल काउंसिल मेंबर सीए ज्ञान चांद मिश्रा रहे। शाखा अध्यक्ष सीए नीरज कुमार सिंह ने आयकर विवरणी के फायदे बताए। साथ ही समय पर टैक्स जमा करने को लेकर लाभों को बताया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र के वक्ता सीए अंकित सोमानी ने कहा कि इस वर्ष आयकर विवरणी में बदलाव हुए है इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और करदाता को भी अपने साल भर के आय का हिसाब भी करने में सुविधा होगी। सीए वैभव मेहरोत्रा, कोषाध्यक्ष सीए रंजीत पांडे, शिकासा अध्यक्ष सीए प्रकाश पांडे, कार्यकारिणी सदस्य सीए नमन कपूर, पूर्व अध्यक्ष सीए विजय प्रकाश मौजूद रहे। 

Varanasi News Today Chitouna case SIT investigated crime scene misdeed victim reached police station
अशोक कुमार तिवारी। - फोटो : अमर उजाला

मेयर ने की एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत
मेयर अशोक कुमार तिवारी के नेतृत्व में एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत हुई। शनिवार को मेयर ने वार्ड सुसुवाहीं के गौतम नगर काॅलोनी में अभियान के तहत पहला पेड़ लगाया।  इसके बाद शहरभर में पहले दिन 500 पेड़ लगाए गए। ये सभी ट्रीगार्ड के साथ लगाए गए। मेयर के नेतृत्व में इस साल 20 हजार पेड़ लगाए जाएंगे। पिछले साल नगर निगम ने 8 हजार पेड़ ट्रीगार्ड के साथ लगाए थे।

मेयर ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य औश्र उनको उत्तम पर्यावरण के लिए आज सभी को एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पौधरोपण अभियान में नगर निगम की ओर से पेड़, ट्रीगार्ड उपलब्ध कराया जा रहा है। गड्ढा भी किया जा रहा है। 

सभी काशी वासियों से अपील है कि इस पहल में अपना योगदान दें। पौधरोपण के अवसर पर रोहनिया के पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह औढे़, क्षेत्रीय पार्षद सुरेश सिंह पटेल, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, उद्यान अधीक्षक डाॅ. वीके सिंह ने पौधे लगाए। 

व्यापार को वैश्विक स्तर पर बढ़ाएं : आयुष बंसल
बिजनेस नेटवर्क इंटरनेशनल (बीएनआई) वाराणसी शाखा के बैनर तले शनिवार को नदेसर स्थित एक होटल में बनारस के 500 से अधिक व्यापारी और उद्यमियों ने व्यापार बढ़ाने के टिप्स जानें। उन्हें देश-विदेश में अपने कारोबार को फैलाने के तरीके बताए गए। उन्हें बनारस के व्यापार को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए प्रेरित किया गया। बीएनआई के मेगा राइज अप इवेंट का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

मुख्य वक्ता प्रसिद्ध बिजनेस कंसल्टेंट आयुष बंसल ने कहा कि हर व्यापारी एक दूसरे का मदद करे तो उनका कारोबार बढ़ेगा। बीएनआई से जुड़े व्यापारी 400 करोड़ का करोबार हो रहे हैं। स्वागत व संचालन बीएनआई वाराणसी के कार्यकारी निर्देशक आयुष नरसरिया ने किया। इसमें भदोही, मिर्जापुर, गाजीपुर आदि जिलों के भी ऑटोमोबाइल, टायर, आभूषण, वस्त्र, डिजिटल मार्केटिंग उद्योग, मीडिया उद्योग आदि क्षेत्रों के जुड़े कारोबारी शामिल रहे। 

विंध्याचल धाम के लिए निकली पदयात्रा
श्री बाल माता मंदिर देवीकोठा की पदयात्रा शनिवार को शिव की नगरी से शक्ति के धाम के लिए निकली। ढोल-नगाड़ों पर झूमते और भजन गाते हुए भक्तों की टोली ने माता के धाम के लिए प्रस्थान किया। पहले माता की आरती उतारी, इसके बाद गुरुद्वारे में मत्था टेककर मां के धाम के लिए पैदल रवाना हो गए। 30 जुलाई को पदयात्री मां विंध्यवासिनी के धाम पहुंचेंगे और 31 जुलाई से पांच अगस्त तक के अनुष्ठान शुरू होंगे। 

शोभायात्रा में मां शैलपुत्री के महंत पं. जिऊत महाराज अपने शिष्यों के साथ डमरू और शंखनाद कर रहे थे। सरस्वती इंटर कॉलेज के छात्र और खत्री हितकारिणी सभा के लोग ध्वजा लेकर चल रहे थे। ज्ञानवापी पर आनंद खरवार, सत्यनारायण मंदिर पर सूरजमल परिवार, बांसफाटक पर केशव जालान और कपूर परिवार ने स्वागत किया। यात्रा के गुरुद्वारा पहुंचने पर प्रबंधक समिति ने स्वागत किया। गुरुद्वारा में मत्था टेककर पदयात्री मां विंध्यवासिनी के धाम के लिए रवाना हो गए।

सफर का दिखा चांद 15 को मनेगा चेहल्लुम
मुहर्रम की 30 तारीख को हिजरी साल के दूसरे माह सफर का चांद दिखा। सफर के 20 तारीख यानी 15 अगस्त को इमाम हुसैन और शहीदाने कर्बला का चेहल्लुम अकीदत के साथ मनाया जाएगा। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि शहर में 16 सफर यानी 11 अगस्त से ही जुलूसों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। शहर में सात दिनों तक लगातार कई इलाकों में अलम, ताबूत ताजिये के जुलूस उठाए जाएंगे। दुनियाभर से करोड़ों लोग कर्बला पहुंचेंगे। 

मां दक्षिणेश्वरी काली की सजी झांकी
पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर विराजमान मां दक्षिणेश्वरी काली की शनिवार को जलविहार झांकी सजाई गई। माता का हरियाली शृंगार हुआ। भक्तों ने माता के दिव्य स्वरूप का दर्शन किया। देर रात तक मंदिर में माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगा रहा।

भोजूबीर के मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में मां काली का दरबार झूले पर सजाया गया। भक्तों ने बेला, गुलाब, जूही, रजनीगंधा समेत फलों और पत्तियों से शृंगार किया। भगवती की रच-रचकर जलविहार झांकी सजाई गई। इससे पहले भोर में चार बजे पंचामृत से माता के विग्रह को स्नान कराया गया। नवीन वस्त्र और रजत मुंडमाला धारण कराकर विधि-विधान से पूजन और आरती हुई। 

वी कृष्ण कुमार की टीम को दिलाई गई शपथ
लायंस क्लब वाराणसी सिटी का 36वां पदग्रहण समारोह शनिवार को कचहरी के कमिश्नरी सभागार में हुआ। मुख्य अतिथि मंडलाध्यक्ष डॉ. अर्पणधर दूबे के मौजूदगी में नई टीम को शपथ दिलाई गई। डॉ. अर्पणधर और पूर्व मंडलाध्यक्ष बलबीर सिंह बग्गा ने दीप प्रज्ज्वलन किया। आरोही प्रजापति और कृत्रिशा गुप्ता ने ईश वंदना प्रस्तुत की। अधिष्ठापन अधिकारी प्रथम उपमंडलाध्यक्ष उदय चंदानी ने नए अध्यक्ष वी कृष्ण कुमार, सचिव शिवशंकर कपूर, कोषाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव को शपथ दिलाई। 

रोटेरियन डाॅ. आशुतोष चतुर्वेदी बने अध्यक्ष
रोटरी क्लब वाराणसी मिडटाउन का 45वां पद ग्रहण समारोह शनिवार को सिगरा के एक होटल में मनाया गया। इसमें निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन अभिषेक पांडेय ने रोटेरियन डाॅ. आशुतोष चतुर्वेदी को काॅलर पहना कर अध्यक्ष और वीरेंद्र कपूर को पिन पहना कर सचिव पद की जिम्मेदारी सौपी। समारोह की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गर्वनर इलेक्ट रोटेरियन पूनम गुलाटी रहीं। विशिष्ट अतिथि प्रो. चंद्रमौली उपाध्याय, काचीपीठ के वीएस सुब्रमण्यम और डिस्ट्रिक्ट गर्वनर नोमिनेटेड रोटेरियन दिनेश गर्ग रहे। 

ट्रांसपोर्ट नगर योजना में हुआ पौधरोपण
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग और सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने शनिवार को ट्रांसपोर्ट नगर योजना का निरीक्षण किया। यहां पर्यावरण संवर्धन के लिए  पौधरोपण किया। वीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि योजना में प्रवेश द्वार पर गार्ड रूम का निर्माण कराया जाए। पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं। रेलवे और एनएचएआई से समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को शीघ्र गति दी जाए। 

कजरी गीतों पर झूमीं, शशि बनीं तीज क्वीन
लायनेस क्लब सुरभि वाराणसी सिटी की ओर से रथयात्रा स्थित एक रेस्टोंरेंट में स्थापना दिवस और तीजोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने कजरी गीत व नृत्य प्रस्तुत किए। तीज क्वीन शशि मेनन बनीं। इस दौरान पूर्व अध्यक्षों का सम्मान हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. शालिनी टंडन और डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन रमनलता अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया। 

अक्षयवट हनुमानजी का किया गया शृंगार
सावन के तीसरे शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में विराजमान अक्षयवट हनुमान का भव्य शृंगार किया गया। रुद्रावतार का रुद्राक्ष के 11,000 दानों से शृंगार हुआ। बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। शनिवार भोर में चार बजे मंगला आरती से पहले पुजारी राजू पांडेय ने हनुमान जी के विग्रह का विधिवत स्नान, सिंदूर और तेल का लेपन किया। उन्हें नूतन वस्त्र पहनाकर और रुद्राक्ष की माला पहनाई गई। 

भाविप काशी का सेवा एवं संस्कृति माह आज से शुरू
भारत विकास परिषद् काशी का सेवा एवं संस्कृति माह रविवार से शुरू होगा, जो 24 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान भजन, चिकित्सा, गौ सेवा, दिव्यांग सहायता, रक्तदान, आत्मरक्षा और राष्ट्रप्रेम जैसे विविध आयोजन होंगे। संस्था के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि पहले दिन संकट मोचन मंदिर परिसर में भजन संध्या होगी। इसके बाद धर्मसंघ गौ सेवा, रानी बढ़हर मंदिर गुरुधाम में रुद्राभिषेक जैसे कार्यक्रम होंगे। 

हनुमत प्रभु को लगाया भोग, भक्तों में बांटा प्रसाद
श्रावण मास में संकल्प संस्था की ओर से शनिवार को चौक स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में पूजन हुआ और खिचड़ी का भोग लगा। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं, कांवड़ियों और राहगीरों में खिचड़ी व शीतल जल का वितरण हुआ। सेवा में संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, मृदुला अग्रवाल, डॉ. अनिल कुमार द्विवेदी, डॉ. शशि द्विवेदी शामिल रहे। 

काशी तेलुगु संगमम में साहित्य धर्म और कला का दिखा संगम
काशी तेलुगु संगमम के दूसरे दिन शनिवार को साहित्य, धर्म और कला का अनुपम संगम दिखा। दक्षिण भारत से आए शृंगेरी शंकराचार्य भारती तीर्थ के अनुयायियों ने गुरु वंदना की। ब्रह्मश्री वद्दिपर्ति पद्माकर ने वेद, पुराण के प्रसंगों से देवत्व की अनुभूति कराई तो दक्षिण भारत के लोककला की आभा निखरी। 

दर्शनम आध्यात्मिक पत्रिका की ओर से महमूरगंज के शृंगेरी मठ में आयोजित काशी तेलुगु संगमम और 25वें शतावधानम में सुबह से रात तक विविध अनुष्ठान हुए। मुख्य अतिथि बीएचयू के पूर्व आचार्य भूदाटि वेंकटेश्वरलु और विशिष्ट अतिथि महामहोपाध्याय आचार्य दोरबल प्रभाकर शर्मा ने तेलुगु संगमम को देश की एकता और अखंडता के लिए अहम बताया। हैदराबाद से आए कलाकारों ने लोक संगीत और लोकनृत्य से सभी को विभोर किया। सभी अनुयायियों ने गुरु वंदना की। ब्रह्मश्री वद्दिपर्ति पद्माकर अष्टादशपुराण, भागवत का वर्णन किया। 

संचालक एम वेंकट रमन शर्मा ने बताया कि अंतिम दिन रविवार को सुबह नौ बजे धारणा सभा, अभिनंदन समारोह, सांस्कृतिक आयोजन और सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इस मौके पर कडिमेल्ल वर प्रसाद, लक्ष्मी नरसिंहम, भरत शर्मा, केएल कामेश्वर राव  मौजूद रहे। इसमें शामिल होने आए दक्षिण भारतीयों में से 300 लोगों ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन किया।

महादेव की गोद में झूले श्याम प्रभु
सावन महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर श्याम प्रभु के झूलनोत्सव पर महमूरगंज स्थित शुभम लॉन में लीलाधर की अलौकिक झांकी सजी। शनिवार को महादेव की गोद में झूले पर विराजित श्याम प्रभु झांकी का दर्शन कर भक्त निहाल हुए। इस दौरान उन्होंने भजनों की प्रस्तुतियों का भी आनंद लिया।  
श्री श्याम मंडल की ओर से दो दिवसीय 54वें श्री श्याम झूलनोत्सव के स्वर्णिम वर्ष का श्रीगणेश शनिवार को हुआ।

वेलवेट फैब्रिक और नगीनों के साथ ही देसी-विदेशी फूलों से शृंगार किया। अन्य मंडपों में गणेश जी, दुर्गा जी, हनुमान जी, बाबा विश्वनाथ की झांक सजी थी। संस्था के अध्यक्ष दीपक तोदी सपत्नीक उर्मिला तोदी, मंत्री पवन कुमार अग्रवाल, संस्था के पूर्व अध्यक्ष दीपक बजाज, अजय खेमका ने अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर झूलनोत्सव का शुभारंभ किया। 30 से अधिक श्याम मण्डलियों ने भजन पेश किया।

पीएनबी ने एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया 
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने शुक्रवार को एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। पीएनबी आयुक्त कार्यालय सभागार में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें मुख्य महाप्रबंधक संजय गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंडल प्रमुख प्रभाष चन्द्र लाल ने एमएसएमई सेक्टर की प्रकृति पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विभिन्न शाखाओं से संबंधित ऋण योजनाओं के लाभार्थियों को मुख्य महाप्रबंधक ने ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किया। 

मुख्य महाप्रबंधक ने कहा कि बैंक स्वयं भी तकनीकी रूप से अत्यंत सक्षम हुआ है और देश के अन्य क्षेत्रों की तरह एमएसएमई क्षेत्र को भी तकनीकी संपन्न बनाने के लिए कृतसंकल्प है। मुख्य अतिथि संयुक्त सचिव (उद्योग) उमेश कुमार सिंह ने देश के विकास के परिप्रेक्ष्य में उद्यमिता के विकास का रेखांकन किया। कार्यक्रम में एमसीसी प्रमुख राजेश कुमार सिन्हा, अंचल प्रबंधक दीपक कुमार सिंह, मंडल प्रमुख प्रभाष चन्द्र लाल, उप अंचल प्रबंधक हरविंदर सिंह रंधावा, रैम प्रमुख सैविश सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।

हर दो मिनट में मिलेगा गोंडोला, एक दिशा में एक घंटे में 3000 लोग करेंगे यात्रा
रोपवे परियोजना का निरीक्षण जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को किया। डीएम को कार्यदायी एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि कार्य पूरो होने बाद कैंट से गोदौलिया तक हर डेढ़ से दो मिनट के अंतराल में यात्रियों को गोंडोला उपलब्ध रहेगा। एक दिशा में एक घंटे में 3000 लोग यात्रा कर सकेंगे। 

कैंट और काशी विद्यापीठ स्टेशन में हेलमेट लगाकर उन्होंने निर्माण कार्य को देखा। उन्होंने कहा कि काशी आने वाले पर्यटकों को प्रदूषणरहित परिवहन की अच्छी सुविधा मिल सके। पहले सेक्शन में पहला स्टेशन कैंट, दूसरा विद्यापीठ स्टेशन और तीसरा स्टेशन रथयात्रा होगा। दूसरे सेक्शन रथयात्रा से गोदौलिया तक कार्य भी तेजी से चल रहा है। इस दौरान अधिकारियों से निर्माण कार्य के बाबत जानकारी ली। उन्हें निर्देश दिया की परियोजना को समय से पूरा कराएं। 

एनआरएलएम में सीडीओ को पहला स्थान
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) में बेहतर कार्य करने वाले तीन मुख्य मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें वाराणसी के सीडीओ हिमांशु नागपाल को प्रथम, अंबेडकर नगर के सीडीओ द्वितीय और बिजनौर से सीडीओ तीसरे स्थान पर रहे। 

पचरांव में बनेगा नया बिजली उपकेंद्र
चिरईगांव ब्लाॅक के ग्राम पंचायत पचरांव में 33/11 केवी का नया विद्युत उपकेंद्र बनाया जाएगा। ग्राम पंचायत के मिनी औद्योगिक क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विद्युत तंत्र प्रणाली के आधुनिकीकरण योजना के तहत 6.40 करोड़ से बनने वाले उपकेंद्र का शिलान्यास शनिवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया। 

अंक सुधार : 655 छात्रों ने दी परीक्षा, 38 अनुपस्थित
यूपी बोर्ड की अंक सुधार परीक्षा शनिवार को लहुराबीर के क्वींस इंटर कॉलेज में हुई। 693 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 655 ने परीक्षा दी। जबकि 38 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे। हाईस्कूल में 186 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। 167 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। हाईस्कूल की परीक्षा में 16 बालक और 3 बालिकाएं अनुपस्थित रहीं। इसी प्रकार इंटरमीडिएट स्तर पर 507 परीक्षार्थियों ने अंक सुधार परीक्षा के लिए आवेदन किया था। 

आरओ और एआरओ की परीक्षा आज
यूपीपीएससी की ओर से समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा रविवार को 82 परीक्षा केंद्रों पर होगी। इन केंद्रों पर 39,888 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। 82 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिलाधिकारी ने हरिश्चंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज मैदागिन स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। 

पिंडरा में राजकीय पॉलिटेक्निक का शुभारंभ
जिले को दूसरा राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान मिल गया है। पिंडरा के कूरू में नवनिर्मित पॉलिटेक्निक भवन का संचालन शुरू हो गया है, जिससे अब जिले में दो राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान कार्यरत हो गए हैं। संस्थान 2010 से भवन के निर्माण की प्रतीक्षा कर रहा था और कक्षाएं गाजीपुर में संचालित हो रही थीं। 

प्रदर्शनी में 22 छात्र राज्य स्तर के लिए चयनित
जिलास्तरीय प्रदर्शनी और प्रोजेक्ट प्रतियोगिता शनिवार को मलदहिया के पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हुई। वाराणसी और गाजीपुर के 219 बाल वैज्ञानिकों ने मॉडलों का प्रदर्शन किया, जिनमें से 22 बेहतरीन प्रोजेक्ट्स को चुना गया है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय, काशी विद्यापीठ और उदय प्रताप महाविद्यालय के प्रोफेसरों और विशेषज्ञों की निर्णायक समिति ने मूल्यांकन के बाद 22 सर्वश्रेष्ठ मॉडलों का चयन किया। शुभारंभ मुख्य अतिथि मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने किया। 

अग्निवीर सामान्य प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी
भारतीय सेना ने अग्निवीर सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) का परिणाम शनिवार दोपहर जारी कर दिया। लिखित परीक्षा 30 जून से 10 जुलाई तक हुई थी। अभ्यर्थी सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर परिणाम देख सकते हैं। परिणाम कई श्रेणियों के लिए रोल नंबर के अनुसार जारी किया गया है। पहली बार जनरल ड्यूटी, तकनीशियन ट्रेड के दो वर्ग और क्लर्क के लिए लिखित परीक्षा कराई गई थी। 

यूजी-पीजी कोर्स में होगी सप्लीमेंट्री परीक्षा
वाराणसी। बीएचयू में यूजी-पीजी कोर्स की सप्लीमेंट्री परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी गई है। पीजी के सभी कोर्स के चौथे सेमेस्टर, जियोफिजिक्स में एमएससी टेक के पांचवें सेमेस्टर, बीपीएड और बीएड के चौथे सेमेस्टर, बीए कला संकाय और सामाजिक विज्ञान संकाय, बीएससी, बीकॉम, बीपीए, एलएलबी और शास्त्री कोर्स में पांचवें सेमेस्टर की सप्लीमेंट्री परीक्षा होगी। बीएफए के आठवें और बीएलएलबी के 10वें सेमेस्टर की परीक्षा होगी। 

बीएससी बायो में 53, बीकॉम में 36 ने लिया दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में स्नातक की काउंसिलिंग में शनिवार को बीएससी और बीकॉम में दाखिला लिया गया। वाणिज्य संकाय में चल रही प्रक्रिया में बीएससी बायो में 53 और बीकॉम में 36  विद्यार्थियों ने काउंसिलिंग करवाई। मौके पर ही लाइब्रेरी और प्रोविजनल परिचय पत्र दिया गया। शुक्रवार को बीएससी मैथ के बाद अब शनिवार को बीएससी  बायो और बीकॉम की काउंसिलिंग करवाई गई। सुबह कागजात को लेकर पहुंचे विद्यार्थियों के गेट पास चेक करने के बाद अंदर जाने दिया गया। 

पहली से 8वीं तक एनईसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई
सीबीएसई के स्कूलों में अब पहली से आठवीं कक्षा में भी एनसीईआरटी किताबों से पढ़ाई होगी। सीबीएसई बोर्ड ने अपने सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों को पत्र लिखकर एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई करवाने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही नौवीं से 12वीं कक्षा तक एनसीईआरटी की किताबों से ही पढ़ाई करवानी होगी। 

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, सीबीएसई बोर्ड के निजी स्कूल निजी प्रकाशकों की किताबों को तवज्जो देते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। स्कूलों को सिर्फ एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई करवाना अनिवार्य होगा। सभी कक्षा के लिए एनसीईआरटी की किताबों की सूची वेबसाइट पर उपलब्ध है। पत्र में कहा गया है कि यदि स्कूल एनसीईआरटी के बजाय अन्य प्रकाशकों की किताबों से पढ़ाई करवाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। 

Varanasi News Today Chitouna case SIT investigated crime scene misdeed victim reached police station
काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

विद्यापीठ में स्नातक पाठ्यक्रमों का प्रवेश परिणाम जारी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में 2025-26 में स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। बीबीए, बीसीए, बीए एलएलबी के प्रवेश परीक्षा परिणाम शामिल है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी लॉगिन आईडी से प्रवेश परीक्षा परिणाम संबंधित लिंक से प्राप्त कर सकते हैं। 

संगीत पथ की तर्ज पर शहर में बनाया जाएगा साहित्यिक पथ 
संगीत पथ की तर्ज पर  शहर में साहित्यिक पथ भी बनेगा। यह पथ शहर के बड़े साहित्यकारों को समर्पित होगा। काशी के बड़े साहित्यकारों में शामिल संत कबीर, गोस्वामी तुलसीदास, संत रविदास, जगन्नाथ दास रत्नाकर, भगवान दास, गोपी नाथ कविराज, सुदामा पांडेय धूमिल, भारतेंदु हरिश्चंद्र, जयशंकर प्रसाद, आचार्य रामचंद्र शुक्ल, मुंशी प्रेमचंद, हजारी प्रसाद द्विवेदी, श्याम सुंदर दास, भगवान दास आदि को यह पथ समर्पित रहेगा। 

वीडीए की ओर से इसकी तैयारी की जा रही है। यहां पर आकर्षक लाइटिंग, संबंधित साहित्यकारों को ध्यान में रखकर निर्माण कराया जाएगा। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व का उल्लेख होगा। उनके ऐतिहासिक दोहे और साहित्यिक विचार दीवारों पर लिखे जाएंगे। 

प्रदेश के राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने बताया कि मैंने अधिकारियों को सुझाव दिया था कि संगीत पथ की तर्ज पर साहित्यिक पथ तैयार करें। इसके लिए वे जल्द ही निरीक्षण कर स्थान तय करेंगे। यूपी काॅलेज के आसपास, मलदलिया से फातमान मार्ग साहित्य पथ होगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed