फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Brothers accused of killing child jailed cheated of 7.45 lakh rupees in wheat purchase FIR

Varanasi News Today: 10 साल के बच्चे की हत्या के आरोपी भाइयों को जेल, गेहूं की खरीद में 7.45 लाख की ठगी; FIR

Thu, 14 Aug 2025 09:07 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 14 Aug 2025 09:07 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के रामनगर में एक बच्चे का शव बरामद हुआ था। इसमें दोनों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वहीं, ऑनलाइन गेहूं खरीदने के नाम पर 7.45 लाख रुपये की ठगी के मामले में कैंट थाने में मामला दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Brothers accused of killing child jailed cheated of 7.45 lakh rupees in wheat purchase FIR
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: दस साल के सूरज शर्मा की हत्या के आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार दोनों चचेरे भाई फैजान और राशिद को जेल भेज दिया गया। वहीं, शाम को सूरज का शव रामनगर में प्रवाहित कर दिया गया। पुलिस ने मां सोना शर्मा से भी पूछताछ की है। बीती रात सूरज शर्मा (10) का शव बावनबीघा क्षेत्र से पुलिस ने बरामद किया था। 

विज्ञापन


डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि अंतिम बार सूरज गोलाघाट निवासी फैजान के साथ दिखा था। फैजान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू हुई तो उसने बताया कि उसने चचेरे भाई राशिद के साथ मिलकर सूरज की गला दबाकर हत्या की और शव बावनबीघा में झाड़ी में फेंक दिया। बताया कि सूरज की मां के साथ अवैध संबंध था।
विज्ञापन


मां के साथ आपत्तिजनक हालत में सूरज ने देख लिया था। डर था कि सूरज कहीं सभी को इस बारे में न बता दे। ऐसे में उसकी हत्या कर दी। मंगलवार को मां सोना शर्मा ने केस दर्ज कराया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन


रंजिश में मारपीट, तीन लोग घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के इंदरखापुर गांव में मंगलवार रात रंजिश में दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक युवती सहित तीन लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने दो महिलाओं सहित सात लोगों पर केस दर्ज कराया है। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि सुनील कुमार ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी चंदन सरोज, वंदन सरोज, सुशीला और पूजा ने मारपीट कर घायल कर दिया। विपक्षी वंदन सरोज ने आरोप लगाया है कि सुनील, सरोज, नीतू देवी और धर्मेंद्र ने मारपीट की। बीचबचाव करने पहुंची बहन पूजा देवी पर हमला कर घायल कर दिया। 

चोरी के ट्रैक्टर के साथ तीन गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मढ़नी अंडरपास के पास बुधवार पुलिस ने चोरी के ट्रैक्टर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि 11 जुलाई को संदहां बालू मंडी में खड़े ट्रैक्टर को बालू समेत चोरी हो गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी संदीप राजभर, संदीप कुमार नेवादा व विशाल सिंह उर्फ लोकी को गिरफ्तार किया। 

गेहूं की खरीद में 7.45 लाख की ठगी, मुकदमा
ऑनलाइन गेहूं खरीदने के नाम पर 7.45 लाख रुपये की ठगी के मामले में बुधवार को कैंट थाने में बिहार के रोहतास निवासी दीपक भगत के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ है। टकटकपुर निवासी अमित कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि बिहार में दिलावर ट्रेडर्स के दीपक भगत के बैंक खाते में 23 जुलाई 2025 को गेहूं खरीद के लिए 7,20,000 रुपये और 25000 रुपये ट्रांसफर किए, लेकिन न तो गेहूं की आपूर्ति हुई और न ही रुपये वापस मिले। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

घर से 200 मीटर दूर नाले में मिला किशोर का शव
लोहता के भरथरा गांव से लापता किशोर का शव घर के पीछे 200 मीटर दूर एक गहरे नाले में बुधवार को मिला। विशाल कुमार गोंड (17) 11 अगस्त को घर से निकला था। रात तक नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की। भाई रवि कुमार ने 12 अगस्त को थाने में मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार सुबह एक लड़ने ने नाले में शव देखकर सूचना दी। थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौक की वजह पता चलेगी। 

अवैध पिस्टल, कारतूस रखने के दो आरोपी गिरफ्तार
अवैध असलहा और कारतूस रखने के दो आरोपियों को कैंट पुलिस ने बुधवार को छावनी में मॉल तिराहे से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, तीन कारतूस और बाइक बरामद हुई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों में जौनपुर कोतवाली के तूतीपुर निवासी शिवम निगम और सुल्तानपुर के चांदा थाना क्षेत्र के गौरा निवासी अभिषेक तिवारी है।

पशु तस्करी के वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार
पशु तस्करी के आरोपी सलाऊ को जंसा पुलिस ने बीती रात बसंतपुर बड़ौरा मोड के पास से गिरफ्तार किया। कतवारूपुर निवासी सलाऊ ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि दो सप्ताह पहले साथी फैजल उर्फ पप्पू और अनिल के साथ पिकअप वाहन से दो गोवंश ले जा रहे थे। जंसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों के शोर मचाने पर आरोपी गोवंश को रास्ते में गिराकर भाग निकले थे। 

बाइक पर बिठाने से मना करने पर पिटाई, केस
भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मोतीझील निवासी रवि कुमार की तहरीर पर मारपीट के मामले में दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। रवि ने तहरीर में बताया कि 5 अगस्त को वह बाइक से जा रहा था। आरोपी ने बीच रास्ते में बाइक रुकवाई और बैठने के लिए कहने लगा। मना करने पर घर पहुंचकर पिटाई कर दी। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है। 

जुआ खेलने में चार गिरफ्तार
शिवपुर थाना क्षेत्र के कांशीराम आवास जंगल के पास वरुणा नदी के किनारे जुए के फड़ पर मंगलवार रात छापा मारकर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में नदेसर चरणनगर निवासी शैलेंद्र कुमार उर्फ बाबू, आदमपुर कज्जाकपुरा निवासी गनपत उर्फ गन्नू, पुराना कांशीराम आवास निवासी सतीश कुमार और किशन कन्नौजिया है। इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि फड़ से 2060 रुपये और तीन मोबाइल बरामद हुए। 

दूध व्यापारी पर हमला, अज्ञात पर केस
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गोबरहा निवासी दूध व्यापारी अखिलेश यादव पर हमले में बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। अखिलेश ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात दूध लेकर डेयरी जा रहा था। छितौनी गांव के पास अज्ञात ने हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित के भाई के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। 

कैंट स्टेशन पर पुलिस और आरपीएफ ने की चेकिंग
स्वतंत्रता दिवस को लेकर बुधवार रात कैंट स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन का पुलिस और रेलवे की सुरक्षा एजेंसियों ने निरीक्षण किया। पार्सलघर, प्लेटफार्मों, यात्री हॉल, एफओबी, सर्कुलेटिंग एरिया में सामानों की जांच की गई। अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीना ने डाग स्क्वॉयड, आरपीएफ और जीआरपी के साथ व्यवस्था देखी। प्रवेश व निकास द्वार पर चेकिंग बढ़ाने और अतिक्रमण हटाने पर जोर दिया। एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी., एसीपी चेतगंज डाॅ. ईशान सोनी रहे। 

पशु आहार में यूरिया का इस्तेमाल करने पर 5 पर केस
मार्च में तीन पशु आहार की इकाइयों से लिए गए नमूने में प्रतिबंधित नीम कोटेड यूरिया मिलने पर 5 पर केस दर्ज किया गया है। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि जुलाई तक जिले में 256 स्थानों पर छापा मारा गया। 68 नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। तीन उर्वरक विक्रेताओं के निबंधन प्रमाणपत्र निलंबित किए गए हैं। जबकि 10 कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। 

वहीं, गजापुर के दुकानदार पर गलत तरीके से यूरिया बेचने पर निबंधन प्रमाणपत्र निलंबित किया गया है। बताया कि जिले में जुलाई तक 256 स्थानों पर छापे मारकर 68 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए, जबकि  तीन उर्वरक विक्रेताओं के निबंधन प्रमाण पत्र निलंबित किए गए हैं। 10 उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। 

बाउंड्री वाॅल बनाने के बाद कराएं विकास कार्य 
पांडेयपुर आवासीय योजना के लिए बुधवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यहां बाउंड्रीवाल बनाने के बाद विकास कार्य कराएं। पूर्व में किए निरीक्षण के क्रम में आवाप्ति एवं विधि अनुभाग को विवरण पेश करने के निर्देश दिए। यहां 12 भूखंड के संबंध में बताया गया कि इसमें विकास कार्य कराने में किसी प्रकार की बाधा नहीं है। इस पर वीडीए उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि प्रीकाॅस्ट बाउंड्री बनवाने के बाद विकास कार्य कराएं। 

Varanasi News Today Brothers accused of killing child jailed cheated of 7.45 lakh rupees in wheat purchase FIR
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

चिह्नित कर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराएं 
वीडीए के अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को सभागार में बैठक की। कहा कि शहर में हो रहे अनियोजित विकास और अवैध प्लॉटिंग का चिह्नांकन कर ध्वस्तीकरण कराएं। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। शिकायतों का निस्तारण कराएं। शमन शुल्क मद में शिवपुर और सिकरौल वार्ड में अब तक 2.93 करोड़ रुपये जमा कराए गए। 

जगतपुर पीजी कॉलेज के उपप्रबंधक का निधन
रोहनिया के जगतपुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय के उप प्रबंधक और पूर्वांचल दवा व्यवसायी संघ के पूर्व पदाधिकारी विभाशंकर सिंह (65) का बुधवार  शाम 4 बजे निधन हो गया। लोहता क्षेत्र के सुरहीं गांव निवासी विभा शंकर सिंह जगतगंज में रहते थे। शौचालय जाते समय पैर फिसलने से उनके सिर में चोट लग गई थी। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी पूर्व सांसद डॉ. मुरली मनोहर जोशी के करीबी थी। अंतिम संस्कार गरुवार सुबह हरिश्चंद्र घाट पर होगा। 

बिना टिकट पकड़े 239 यात्री, 1.48 लाख का जुर्माना
कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह 8 से शाम 4 बजे तक किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने नेतृत्व किया। 21 स्टाफ के दल ने 239 बिना टिकट यात्री पकड़े और 1,48,040 रुपये का जुर्माना वसूला गया। रेलवे अधिकारी ने बताया कि कई लोग जल्दी में टिकट खरीदना भूल जाते हैं तो कुछ जानबूझकर बचने की कोशिश करते हैं। दोनों ही स्थितियों में नियम बराबर है। लोगों से अपील की है कि वे रेलवे के नियमों का पालन करें और बिना टिकट यात्रा न करें। इस दौरान जनार्दन सिंह, एसके पांडेय, संजय, बीबी सिंह, प्रवीन, आशा, राजेश मौजूद रहे। 

Varanasi News Today Brothers accused of killing child jailed cheated of 7.45 lakh rupees in wheat purchase FIR
वरुणा नदी में जाता सीवर का पानी। - फोटो : अमर उजाला

गंगा, वरुणा और असि किनारे के वार्डों में सफाई शुरू
बाढ़ का पानी उतरने के साथ गंगा, वरुणा, असि नदी किनारे के वार्डों में सीवर पाइप लाइनों की सफाई जलकल ने शुरू कराई है ताकि इन पाइपों में सिल्ट न जमने पाए। सीवर सफाई मैनुअल शुरू कराई गई है। 

बाढ़ ग्रस्त इलाकों से सटे कई इलाकों में मशीनें लगाकर सीवर पाइप लाइन की सफाई कराई जा रही है। अब भी तटवर्ती इलाकों में गाद और गंदगी व्याप्त है। घाटों पर पंप लगाकर सिल्ट हटावाई जा रही है।

वरुणा किनारे सरैया, पुरानापुल, उंचवा, अमरपुर मढ़िया, शैलपुत्री, शक्कर तालाब, कोनिया, विजईपुरा, नई बस्ती और माताबारी जैसे इलाकों का हाल अब भी खराब है। गाद और मलबे को जल्द साफ नहीं किया गया, तो डेंगू, मलेरिया, हैजा और त्वचा रोग जैसी बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जैसे-जैसे पानी कम हो रहा है। 

वैसे इन स्थानों पर तत्काल युद्धस्तर पर सफाई, चूने, एंटी लार्वा व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराएं। ताकि, किसी भी प्रकार के संक्रामक रोगों के फैलने की सम्भावना न हो सके। निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कोनिया, शैलपुत्री मार्ग जलालीपुरा, नगवॉ, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट आदि क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सड़कों, घाटों की सफाई कराई। 

एसोसिएशन के संयुक्त महासचिव बने विनय
इंडियन ओवरसीज बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन का 25वां त्रैवार्षिक अधिवेशन चेन्नई के ट्रेड सेंटर में संपन्न हुआ। इस चुनाव में वाराणसी ऑफिसर्स इकाई ने परचम लहराया। वाराणसी क्षेत्र के निवर्तमान सहायक महासचिव विनय कुमार मौर्य को निर्विरोध रूप से उत्तर प्रदेश, बिहार व उत्तराखंड का संयुक्त महासचिव चुना गया।

चुनाव में जीत हासिल करने वालों में वाराणसी यूनिट के रतन कुमार को उप महासचिव यूपी और बिहार, रानी टुडू को सहायक महासचिव वाराणसी चुना गया। नवनियुक्त संयुक्त महासचिव विनय कुमार मौर्य ने साथियों का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह जीत केवल उनकी जीत नहीं अपितु सारे काॅमरेड की जीत है। 

रोटरी व महामना वेलनेस के 50 सदस्यों ने किया रक्तदान
रोटरी क्लब बनारस व महामना वेलनेस सेंटर के सदस्यों ने आईएमएस बीएचयू में रक्तदान शिविर में 50 सदस्यों ने रक्तदान किया। मुख्य अतिथि प्रो. अमित नंदनधर द्विवेदी व विशिष्ट अतिथि डॉ. ललित अग्रवाल, डॉ. प्रखर जायसवाल ने उन्हें सम्मानित किया। स्वागत रोटरी अध्यक्ष विजय जायसवाल और राकेश कोछड़ तथा संयोजक रो अजय केजरीवाल ने किया। इस मौके पर अमित उपाध्याय, धनंजय सिंह, उमा केजरीवाल, नीरज शर्मा, रमेश तिवारी, डॉ. संजय यादव मौजूद रहे।

ऑक्टाविया हॉस्पिटल शिवपुर को आयुष्मान भारत की मान्यता
भरलाई, शिवपुर स्थित ऑक्टाविया हॉस्पिटल को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान भारत की मान्यता प्राप्त हुई है। अब आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त में मिलेंगी। आयुष्मान भारत योजना के तहत हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों को 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा।

हॉस्पिटल के मेडिकल डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल (डॉ.) अखिलेश उपाध्याय (सेवानिवृत्त) ने पत्रकारों को बताया कि ऑक्टाविया 100 बेड का फुली एयर कंडीशन्ड, मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल है। यहां कैथलैब, मॉड्यूलर ओटी सहित पूर्वांचल का सबसे आधुनिक आईसीयू है।

लियोशाइन के फ्रीडम ऑफर में ट्राईकोर कुकवेयर की पेशकश
लियोशाइन कंपनी स्वतंत्रता दिवस पर फ्रीडम ऑफर ‘एल्युमीनियम के बर्तनों से आजादी’ लेकर आई है। कंपनी ने तीन लेयर वाले लियोशाइन ट्राईकोर कुकवेयर को मार्केट में पेश किया है। यह कुकवेयर स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी अनुकूल है।

 कंपनी के ओनर निशांत केशरी ने बताया कि इस कुकवेयर पर सात साल की रिप्लेसमेंट गांरटी होगी। ऑफर में ग्राहकों के लिए एक्सचेंज ऑफर भी मिलेगा जिसमें एल्युमीनियम के बर्तन जैसे कड़ाही, तवा, फ्राई पैन को बदलकर कर लियोशाइन के तीन लेयर वाले ट्राईकोर कुकवेयर को ग्राहक ला सकते हैं, वह भी 50 प्रतिशत की एक्सचेंज छूट के साथ। यह ऑफर पूर्वांचल के सभी प्रमुख बर्तनों की दुकानों और जालान के रिटेल स्टोर्स पर उपलब्ध है।

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की रेनूकूट एवं रॉबर्ट्सगंज शाखा में ग्राहक गोष्ठी
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्षेत्रीय कार्यालय, वाराणसी के क्षेत्रीय प्रमुख रणविजय सिंह की उपस्थिति में बैंक की रेनूकूट और रॉबर्ट्सगंज शाखाओं में ग्राहक गोष्ठी आयोजित की गई। इस मौके पर उन्होंने बैंक की सेंट क्वीन, सेंट व्यवसाय, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं व अन्य बैंकिंग उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने ग्राहकों को बैंक की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। 

कहा कि महिलाओं को समाज में सशक्त बनाने के लिए 18-65 वर्ष की महिलाओं के लिए सेंट क्वीन बचत खाता उपलब्ध है। बैठक में रेनूकूट के विशिष्ट ग्राहक मुकेश कुमार सिंह, वेद प्रकाश, धीरज सिंह, अरुण केसरी, विजय बहादुर सिंह, विनोद कुमार पांडेय और रॉबर्ट्सगंज के जीडी दूबे, डॉ. एके सिंह, पंकज जायसवाल और क्षेत्रीय कार्यालय से प्रेम एस यादव मुख्य प्रबंधक शाखाओं के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

हर घर तिरंगा रैली में बच्चों ने दिखाया देशभक्ति का जोश
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सेंट लॉरेंस इंटरनेशनल स्कूल में हर घर तिरंगा रैली का आयोजन हुआ। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ इस रैली में हिस्सा लिया। स्कूल प्रांगण से शुरू रैली में विद्यार्थी हाथों में छोटे-छोटे तिरंगे और देशभक्ति से भरे नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे। भारत माता की जय और वंदे मातरम् जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। 

विद्यार्थियों ने रैली के दौरान अनुशासन और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा। समापन पर सभी ने राष्ट्रगान गाया। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा ऋषिकेश पांडेय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपने कामों से भी देश के प्रति प्रेम जताना चाहिए। उन्होंने सभी से गर्व के साथ अपने घरों में तिरंगा फहराने और देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

कंपनी गार्डेन में टूटा पड़ा है बच्चों का झूला, हो रही परेशानी : शहर के प्रमुख पार्कों में से एक मैदागिन के पास कंपनी गार्डेन में लगा बच्चों का झूला टूटा पड़ा है। इससे यहां आने वाले बच्चों को निराश होकर लौटना पड़ता है। निगम की ओर से शहर के पार्कों में आने वाले बच्चों को बेहतर माहौल देने के लिए प्रयास किया गया था। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बच्चों के लिए झूले लगवाए गए थे। इन झूलों के टूटे होने की शिकायत यहां के क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने सदन और कार्यकारिणी में मरम्मत करवाने की बात कही गई थी। इसके बावजूद अब तक मरम्मत नहीं हो सकी है। - अनिकेत पांडेय, हरतीरथ

टीका लगाने के बाद पोर्टल पर अपलोड होगी सूची
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों को टीडी यानी टिटनेस डिप्थीरिया का टीका लगाने के अभियान की बुधवार को समीक्षा की गई है। सीएचसी काशी विद्यापीठ पर समीक्षा के दौरान अधीक्षक डॉ. रामबली सिंह ने कहा कि टीकाकरण के बाद उसकी सूची वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। इसमें लापरवाही करने वाली एएनएम पर कार्रवाई की जाएगी। 

टीकाकरण अभियान की समीक्षा में चिकित्सा अधीक्षक ने ब्लॉक के सभी एएनएम को अभियान के तहत स्कूलों में पढ़ने वाले 10 से 16 साल के छात्र-छात्राओं को टीडी का टीका लगाने को कहा। कहा कि टीका लगाने के बाद यूविन पोर्टल पर उसका विवरण अपलोड करना जरूरी होगा। अपलोड नहीं करने की दशा में संबंधित एएनएम पर कार्रवाई की जाएगी। माॅनीटरिंग के लिए लगाए गए स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों को कार्य के प्रति तत्पर रहने को कहा। कहा कि 25 विद्यालयों में टीडी कैंपेन आयोजित किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी 40 एएनएम को दी गई है।

साइबर क्राइम से बचाव के लिए किया जागरूक
जंसा क्षेत्र के बीएनएस स्कूल के छात्र-छात्राओं को बुधवार को साइबर क्राइम से जुड़ी दी गई है। क्राइम प्रभारी ताबिश खान ने बताया कि आधुनिक युग में साइबर क्राइम का खतरा बढ़ा है। लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। इस समय लॉटरी, यूपीआई, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड, ओलएक्स के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी हो रही है। साइबर अपराध का पता चलते ही तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिला उपनिरीक्षक मंजू चौरसिया ने भी ट्रैफिक रूल और साइबर क्राइम से बचाव के तरीके बताए। जंसा थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने सभी की सराहना की। विवेक गौतम, प्रियंका सिंह उपस्थित रहे। 

कुलपति ने बांटने के लिए दिए 1200 झंडे
बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर बीएचयू परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की। राष्ट्रीय सेवा योजना को 1200 झंडा दिया और कहा कि इसे परिसर के आसपास रहने वाले लोगों में निशुल्क वितरण किया जाएगा। 

बुधवार को कुलपति आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर इस अभियान की शुरुआत गई। 2 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। यूजीसी की ऑनलाइन बैठक में मौजूद कई अधिकारियों ने बताया कि चित्रकला प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा, तिरंगे झंडे का घर-घर वितरण, राष्ट्र भक्ति के गीतों पर आधारित प्रतियोगिता और विश्वविद्यालय के सभी भवनों पर तिरंगे लाइट की सजावट कर अभियान को सफल बनाया जा रहा है। 

प्रो. अमित बने पशु विज्ञान संकाय के प्रमुख
बीएचयू में कुलपति ने प्रो. अमित राज गुप्ता को पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय का संकाय प्रमुख नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति 14 अगस्त से लेकर अगले तीन वर्ष के लिए होगी। प्रो. गुप्ता इसके साथ ही पशु चिकित्सा सर्जरी एवं रेडियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष का भी कार्यभार देखेंगे। यह पद 14 अगस्त से अगले आदेश तक के लिए उन्हीं के पास होगा। 

Varanasi News Today Brothers accused of killing child jailed cheated of 7.45 lakh rupees in wheat purchase FIR
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

काशी विद्यापीठ में 30 तक जमा करने होंगे शोध प्रस्ताव
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाणिज्य विभाग में शोध के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 30 अगस्त तक संशोधित शोध प्रस्ताव जमा करना होगा। विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार शुक्ल ने बताया कि अभ्यर्थियों को शोध प्रस्ताव को संशोधित कर अपने निर्देशक के हस्ताक्षर एवं अग्रसारण सहित संलग्न पीएचडी पंजीकरण फार्मेट, शोध पंजीकरण शुल्क की रसीद देना होगा। 

साथ ही इस आशय का शपथपत्र कि अभ्यर्थी किसी प्रकार की संस्था में सेवारत नहीं हैं एवं पूर्णकालिक शोध छात्र/छात्रा के रूप में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेगा। इसको भी 30 अगस्त तक शाम 4 बजे तक जमा करना होगा। 

25 अगस्त तक शोध पंजीकरण
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ इतिहास विभाग में शोध पंजीकरण के लिए शोध प्रस्ताव जमा करने वाले अभ्यर्थियों को 25 अगस्त को विभाग में बुलाया गया है। विभागाध्यक्ष प्रो. जया कुमारी आर्यन ने बताया कि अभ्यर्थियों को अपने शोध प्रस्ताव  (हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी पेनड्राइव में) के साथ सुबह 11 बजे से विभागाध्यक्ष कक्ष में उपस्थित होना होगा। इस बारे में विभाग से विस्तृत जानकारी ली जा सकती है। 

मल्हार पुस्तक को रुचिकर बना रहे औरैया के शिक्षक
कक्षा सात की मल्हार पुस्तक एनसीईआरटी की ओर से जारी की गई है। इस पुस्तक को और रुचिकर बनाने की कवायद हिंदी संस्थान बनारस में चल रही है। इसमें औरैया के शिक्षक प्रशांत अवस्थी भी अपना योगदान दे रहे हैं। इसके पाठ्यक्रम में कई स्थानीय परिदृश्यों को भी शामिल करने की तैयारी है।

मल्हार कक्षा सात की हिंदी की पुस्तक है। नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (एनसीईआरटी) की पुस्तक को उत्तर प्रदेश के परिपेक्ष्य में कस्टमाइज (अनुकूलित) करने का काम किया जा रहा है। यह कार्य वाराणसी स्थित राज्य हिंदी संस्थान में चल रहा है। प्रदेश के हिंदी विशेषज्ञ इसमें जुटे हुए हैं। पुस्तक में परिवर्तन व विकास में औरैया के प्राथमिक विद्यालय पुरुषोत्तमपुर के शिक्षक प्रशांत अवस्थी भी अपना योगदान दे रहे हैं।

हिंदी संस्थान की निदेशक चंदना राम इकबाल यादव के निर्देशन में यह काम चल रहा है। पुस्तक मल्हार को 20 प्रतिशत तक परिवर्तित किया जा चुका है। बदलाव के बाद पूरे प्रदेश में नए सत्र से यह पुस्तक लागू होगी। पुस्तक में प्रदेश की बोलियों भोजपुरी, अवधी, ब्रज, बुंदेली, कन्नौजी आदि को भी शामिल किया रहा है। साथ ही क्षेत्रीय लोक संस्कृति, लोककला, लोकगीत, साहित्य, क्रांतिकारियों, तीर्थ स्थलों, प्रमुख गीतों की जानकारी भी इस पुस्तक में शामिल होगी। शिक्षक प्रशांत अवस्थी ने बताया कि पुस्तक के संबंध में रिपोर्ट विभाग को भेजी जाएगी। 

Varanasi News Today Brothers accused of killing child jailed cheated of 7.45 lakh rupees in wheat purchase FIR
IIT BHU - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू में हिंदी कामकाज के लिए स्टाफ को मिलेगा प्रशिक्षण
आईआईटी बीएचयू में कंप्यूटर पर हिंदी कामकाज और राजभाषा नियम को समझाने के लिए कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। सभी विभागाें और यूनिट की ओर से हिंदी कार्यशाला में हिस्सा लेने वाले जूनियर और सीनियर कर्मचारियों को नामित कर सूची राजभाषा प्रकोष्ठ को भेजनी होगी। 21 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक एनी बेसेंट हॉल में कार्यशाला कराई जाएगी। 

रमना फीडर से आज तीन घंटे ठप रहेगी आपूर्ति
बिजली निगम की ओर से पेड़ की डाल की कटाई, छटाई की वजह से बृहस्पतिवार को रमना फीडर से सुबह 9 बजे से 12 बजे यानी तीन घंटे तक आपूर्ति ठप रहेगी। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड बरईपुर मनीष झा ने बताया कि रोहनिया 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र करसड़ा से निर्गत 11 केवी रमना फीडर से जुड़े इलाकों में बेहतर आपूर्ति के लिए शट डाउन लिया जाएगा। 

पीएम बाल पुरस्कार के लिए आवेदन 15 तक
वाराणसी में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन करने के लिए दो दिन शेष बचे हुए हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि आवेदन की अंतिम तारीख 15 अगस्त निर्धारित की गई है। पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि यह पुरस्कार उन बच्चों को दिया जाता है जिन्होंने 5 से 18 वर्ष की आयु में खेल, सामाजिक सेवा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी आदि में उत्कृष्ट कार्य किया हो या कठिन परिस्थितियों में बहादुरी दिखाई है। https://awards.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। 

कंट्रोल रूम में शिकायत करें किसान
नकली उर्वरक और कालाबाजारी रोकने के लिए किसान कंट्रोल रूम खोला गया है। मोबाइल नंबर 7007259547 एवं 9369560120 पर वह शिकायत कर सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि आए दिन उर्वरक दुकानों पर छापा मारकर नकली उर्वरक व कालाबाजारी की जांच की जा रही है। मगर किसान भी इसको लेकर जागरूक रहें। ऐसी कोई शिकायत मिलती है तो बताएं। उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। जिले में उर्वरक की कमी नहीं है। किसानों में 25325 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण हो चुका है। 

13,616 ने गाजियाबाद रूट पर किया हवाई सफर
वाराणसी से गाजियाबाद की दूरी 1 घंटे 35 मिनट में तय की जा रही है। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गाजियाबाद (हिंडन) के लिए दो उड़ान सेवा चल रही है। जारी आंकड़ों के अनुसार, इस रूट पर अब तक कुल 13,616 यात्री सफर कर चुके हैं। इनमें से एयर इंडिया एक्सप्रेस से 10,751 और इंडिगो से 2,865 यात्रियों ने यात्रा की है। वाराणसी एयरपोर्ट से वर्तमान में देश-विदेश के कुल 13 गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं, जिनमें दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, चेन्नई, कोलकाता, बंगलूरू, भुवनेश्वर, हैदराबाद, और काठमांडू शामिल हैं। 

गंगा में जलस्तर कम होने के बाद शुरू होगा वरुणा किनारे एसटीपी बनाने का काम
गंगा का जलस्तर कम होने के बाद वरुणा किनारे बनने वाले एसटीपी का काम शुरू होगा। इसे लेकर जल निगम के अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। जल्द ही पानी उतरने के बाद सर्वे का काम होगा। साथ ही दो साल के भीतर वरुणा को साफ करने के लिए एसटीपी का निर्माण पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों अधिकारियों को वरुणा नदी के प्राकृतिक स्वरूप को बेहतर बनाने के लिए निर्देश दिए थे। इसके बाद से कवायद तेज कर दी गई है। 

बाढ़ के चलते काम प्रभावित हुआ है। उम्मीद है कि सितंबर से काम शुरू होगा। वरुणा के प्रदूषण कम करने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन एनएमसीजी ने मंजूरी दी है। वरुणा नदी में गिरने वाले गंदे पानी को रोकने और प्रदूषण समाप्त करने के लिए वरुणा किनारे वाराणसी में 274 करोड़ की लागत से 60 एमएलडी क्षमता का एक एसटीपी बनेगा। जहां सीवर का शोधन होगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed