फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Arguments held in Nadesar shootout case flight bookings 90% full

Varanasi News Today: नदेसर शूटआउट मामले में हुई बहस, विमानों में बुकिंग 90 फीसदी फुल; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Fri, 27 Mar 2026 06:04 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Fri, 27 Mar 2026 06:04 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी के नदेसर शूटआउट मामले में विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) के कोर्ट में बहस हुई। पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी कोर्ट में मौजूद रहे। वहीं, बोर्ड की परीक्षाएं समाप्ति की ओर हैं, अप्रैल से नया सत्र शुरू होगा और 15 मई के बाद गर्मी की छुट्टियां होंगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें..

विज्ञापन
Varanasi News Today Arguments held in Nadesar shootout case flight bookings 90% full
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में बृहस्पतिवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपी अभय सिंह की ओर से अधिवक्ता ने बहस की। कोर्ट ने अगली बहस के लिए 31 मार्च की तिथि नियत की है। कोर्ट में अभियोजन की ओर से एडीजीसी और वादी निजी रूप से उपस्थित थे। बहस के समय पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी कोर्ट में मौजूद थे।

विज्ञापन


प्रकरण के अनुसार, चार अक्तूबर 2002 को तत्कालीन विधायक और पूर्व सांसद धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ जौनपुर लौट रहे थे। कैंट थाने के नदेसर में अभय सिंह और उनके साथियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में धनंजय सिंह, उनके गनर, चालक समेत कई लोग घायल हो गए थे। 
विज्ञापन


इस मामले में वादी धनंजय सिंह ने गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने विनीत सिंह, संदीप सिंह, संजय सिंह रघुवंशी, विनोद सिंह और सतेन्द्र सिंह को भी नामजद कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

कफ सिरप मामले में फरार आरोपी प्रशांत उपाध्याय के घर आज होगी 82 की कार्रवाई, घर पर बजेगी डुगडुगी
कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में फरार चल रहे आरोपी प्रशांत उपाध्याय उर्फ लड्डू के खिलाफ अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए धारा 82 के तहत कार्रवाई का आदेश दिया है। अदालत ने आरोपी को 30 जुलाई तक न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपी के खिलाफ नोटिस चस्पा की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शुक्रवार को पुलिस टीम महमूरगंज और मंडुवाडीह स्थित आरोपी के आवास पर पहुंचकर डुगडुगी बजाकर मुनादी कराएगी और अदालत का नोटिस चस्पा किया जाएगा। कोडीनयुक्त कफ सिरप से जुड़े मामले में आरोपी प्रशांत उपाध्याय काफी समय से फरार चल रहा है और न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। बार-बार नोटिस के बावजूद हाजिर न होने पर अदालत ने उसके खिलाफ दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 82 के तहत उद्घोषणा जारी करने का आदेश दिया है। 

पुलिस के अनुसार यदि निर्धारित तिथि 30 जुलाई 2026 तक आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो उसके खिलाफ आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया भी शामिल हो सकती है।

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और जम्मू के विमानों में बुकिंग 90 फीसदी फुल
बोर्ड की परीक्षाएं समाप्ति की ओर हैं, अप्रैल से नया सत्र शुरू होगा और 15 मई के बाद गर्मी की छुट्टियां होंगी। इस समय बड़ी संख्या में लोग हिल स्टेशनों की ओर रुख करते हैं। हालांकि, वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाईअड्डा होने के बावजूद यहां से किसी भी हिल स्टेशन के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध नहीं है। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से हिल स्टेशनों तक पहुंचने के लिए यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद या जम्मू जैसे एयरपोर्ट पर उतरकर दूसरी उड़ान लेनी पड़ती है।

बोर्ड परीक्षाओं के समाप्त होने और 15 मई से गर्मी की छुट्टियों की तैयारी के चलते बड़ी संख्या में लोग ठंडे क्षेत्रों के लिए यात्रा करेंगे। गर्मी की छुट्टियों में मांग बढ़ने के कारण विमान किराया बढ़ जाता है, इसलिए यात्रियों ने पहले से ही टिकट बुक कर ली हैं। 

इंडिगो के सेल्स हेड अनुभव भट्टाचार्य ने बताया कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद के लिए अभी सामान्य किराया है। हालांकि, एडवांस बुकिंग के कारण इन विमानों में 90 फीसदी सीटें पहले से ही फुल हैं। अकासा एयरलाइंस के सेल्स हेड राहुल सिंह ने भी पुष्टि की कि विमानों में 90 फीसदी सीटें भरी हुई हैं। उन्होंने बताया कि मांग को देखते हुए 29 मार्च से वाराणसी से नवी मुंबई के लिए नई विमान सेवा शुरू की जाएगी।

18 घंटे बाद मिला युवक का शव
चौबेपुर क्षेत्र के कैथी गांव स्थित गंगा नदी पर बने पीपा पुल से बुधवार रात करीब आठ बजे गंगा में गिरे युवक का शव 18 घंटे बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बृहस्पतिवार को बरामद किया गया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कैथी गांव स्थित मार्कंडेय महादेव के पास निवासी सुजीत कुमार यादव (30) बुधवार रात टांडा (चंदौली) से सामान लेकर पैदल अपने घर लौट रहा था।

पीपा पुल पर पहुंचते ही अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह लड़खड़ाकर पुल से गंगा नदी में जा गिरा। घटना की जानकारी परिजनों को बृहस्पतिवार को हुई। इससे पहले उसकी खोजबीन की जा रही थी। बृहस्पतिवार को पीपा पुल के पास किसी ने बताया कि एक व्यक्ति गंगा में गिर गया था। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन कर दोपहर करीब दो बजे शव बरामद किया। सुजीत घर पर रहकर खेती करता था। परिवार में पत्नी ममता यादव, मां राजमती देवी और दो बेटियां (10 व 8 वर्ष) हैं। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
 

ऑनलाइन फ्रॉड में 30 लाख की रकम व्यापारी को वापस मिली
ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हुए एक व्यापारी का 30 लाख रुपये की रकम वापस मिल गई। रकम वापस मिलने पर व्यापारियों ने पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से मिलकर धन्यवाद दिया।

व्यापारी ऋषि आहूजा ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो गए थे। आरोप है कि जयपुर की एक कंपनी ‘प्योर प्रॉफिट’ द्वारा उनसे करीब 30,00,000 रुपये की रकम हड़प ली गई थी। पुलिस ने कार्रवाई कर फ्राड राशि को रिकवर किया वापस दिलाया। इस दौरान मालवीय मार्केट व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष अभिषेक केशरी, चंदर क्वात्रा,विनय अरोड़ा और गुरजीत सिंह बग्गा मौजूद रहें।

महिला से अभद्रता और मारपीट में प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के प्रेमचंद नगर कॉलोनी में घर में घुसकर महिला के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। अधिवक्ता अमित कुमार सिंह के अनुसार, 25 मार्च को रजिस्ट्री कार्यालय के पास एक परिचित से विवाद के बाद आरोपी विशाल सिंह, विकास सिंह, सुशीला देवी व योगेंद्र सिंह उर्फ कल्लू सिंह उनके घर पहुंचे। उस समय उनकी पत्नी अकेली थी। उसे मारपीट कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

घर में घुसकर मारपीट, लूट का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के जदीद बाजार में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट और लूट की वारदात सामने आई है। पीड़िता मोनिका पांडेय के अनुसार, 25 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे सुधांशु द्विवेदी, उनकी पत्नी पूजा द्विवेदी व कुछ नकाबपोश महिलाएं और अन्य लोग जबरन घर में घुस गए। उस समय घर में साकुंभरी पांडेय और दो बच्चे मौजूद थे। आरोप है कि बदमाशों ने सभी को कमरे में बंद कर अलमारी से करीब पांच लाख रुपये नकद व जेवरात लूट लिए और डीवीआर समेत सामान तोड़ दिया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

सीमांकन के बाद कब्जा करने के आरोप
सिंधौरा थाना क्षेत्र सिंधौरा कस्बा में राजस्व विभाग द्वारा पैमाइश के बाद भी दोबारा कब्जा करने के मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को दी गई तहरीर में मलरा देवी ने बताया that पिंडरा तहसील के राजस्व विभाग द्वारा पुलिस बल की मौजूदगी में उसके आराजी नंबर का सीमांकन किया गया था। विपक्षी फिर से कब्जा कर लिए। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

दहेज हत्या के आरोपी गिरफ्तार
दहेज हत्या के मामले में आरोपी अनिल कुमार, निवासी सालिवाहनपुर को पुलिस ने पांचो शिवाला तिराहे के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि बुधवार को बेटावर निवासी रमाशंकर ने बेटी की दहेज को लेकर हत्या करने का आरोप लगाकर ससुराल पक्ष पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अंजली भारती की शादी पिछले साल अप्रैल में अनिल कुमार के साथ हुई थी। बुधवार की रात अंजली की मौत हो गई थी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है। 

मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के बनकट गांव के सामने बृहस्पतिवार की रात एक युवक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। वह सफेद शर्ट और जींस की पैंट पहने हुए था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी राजकुमार मौर्य बताया मामले की जांच की जा रही है। 

चोरी के पिकअप वाहन के साथ एक गिरफ्तार
बड़ागांव क्षेत्र के चक खरावन मोड़ के पास बृहस्पतिवार की दोपहर वाहन चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन को रोका गया। इस दौरान चालक भागने का प्रयास किया, तो शक के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि पिकअप भदोही के लक्षापुर गांव से चोरी की है। गाड़ी के चेसिस व इंजन नंबर के आधार पर पुलिस ने वाहन मालिक चंद्रशेखर से बात की, तो जानकारी मिली कि वाहन चोरी हो गया है और स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पकड़ा गया आरोपी मुन्ना यादव थाना मनियारी, जनपद कटिहार, बिहार का निवासी है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिए गए किसान
फूलपुर पुलिस ने काशी द्वार आवासीय योजना के विरोध में बृहस्पतिवार को जुटे किसानों को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि पाबंदी और धारा 144 के बावजूद लोग जुटे। ऐसे में 12 किसानों को शांति भंग की आशंका में हिरासत में लिया गया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि धारा 144 लागू होने के बावजूद एकत्र होने व सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने पर धारा 188 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी किसानों को छोड़ दिया गया। 

एंटी रोमियों टीम ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया, 73 का चालान और 3 वाहन सीज
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत बृहस्पतिवार को पुलिस ने मंदिरों, मेलों और भीड़भाड़ वाले 58 स्थानों पर 2542 महिलाओं, बालक-बालिकाओं को सरकारी योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। एंटी रोमियो स्क्वाड ने स्कूल, कॉलेज और पार्क सहित 205 स्थानों पर चेकिंग कर 2443 लोगों को जांचा। इस दौरान 826 को चेतावनी दी गई, 16 के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई और 39 के विरुद्ध अन्य कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। मिशन शक्ति केंद्रों पर 46 जागरूकता कार्यक्रमों में 860 लोगों ने भाग लिया। वहीं संवेदनशील स्थानों पर फुट पेट्रोलिंग और वाहन चेकिंग अभियान में 987 वाहनों की जांच कर 73 का चालान और 3 वाहन सीज किए गए।

सीसी कैमरे की फुटेज देने से इन्कार पर युवक पर हमला
सीसीटीवी फुटेज देने से इन्कार करने पर युवक को मारपीट कर घायल करने के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। छित्तूपुर स्थित तारा नगर कॉलोनी निवासी करन कक्कड़ ने बताया कि 23 मार्च की सुबह करीब 11:15 बजे वह अपनी दुकान से भोजूबीर तक, बड़ी माता शीतला, अदलहाट जा रहा था। 

फुलवरिया मार्ग पर आरोपी कृष्णा कुमार अपने 6-7 साथियों के साथ पहुंचा और रास्ता रोककर अपने मामले से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत देने का दबाव बनाने लगा। इन्कार करने पर आरोपियों ने मारपीट की। पीड़ित का यह भी आरोप है कि 9 मार्च को भी आरोपी अपने साथियों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचा था और धमकी दी थी। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

नमो घाट पर नाविकों की मनमानी, आरती स्थल के सामने जेटी हटा कर बांधी नाव
नमो घाट पर आरती स्थल के सामने जेटी हटा कर नाव बांधने की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने नावों को हटवाया। इस दौरान नाविकों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। थाना प्रभारी की फटकार के बाद सभी नाविक नावों को दूसरे स्थान पर लगाने के लिए चले गए।

नमो घाट फेस-3 के सामने आरती स्थल के पास नाव लगाने को लेकर 30 दिनों से राजघाट और वरुणा पार के नाविकों के बीच तनाव की स्थिति है। 22 मार्च को एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने दोनों पक्षों से बात कर उन्हें शासन स्तर से आदेश आने तक नमो घाट आरती स्थल और जेटी के आसपास नाव खड़ी करने से मना किया था।

इधर, वरुणा पार क्षेत्र के कुछ नाविक 10-12 की संख्या में नाव लाकर आरती स्थल के पास बांध दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने नावों को घाट किनारे से हटवाया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि नगर निगम द्वारा फिलहाल नमो घाट पर नावों को बांधने और सवारी बैठाने पर प्रतिबंध है। इसे देखते हुए नाविकों से बात कर उन्हें नमो घाट पर नाव खड़ी करने से मना किया गया।

मारपीट के मामले में तीन पुलिसकर्मियों समेत अन्य के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज
पांडेयपुर स्थित विराट नगर कॉलोनी में पुलिसकर्मियों पर मारपीट, लूटपाट और महिला से अभद्रता के आरोप के मामले में न्यायालय के आदेश पर कैंट पुलिस ने तीन पुलिसकर्मियों निरंजन, प्रवीण कुमार और अजय सोनकर सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। कॉलोनी निवासी किरन देवी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि बीते साल 17 जुलाई की रात उनका पुत्र साहिल कन्नौजिया अपने मित्र के साथ घर के बाहर वाहन खड़ा कर रहा था। 

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले निरंजन, प्रवीण कुमार, अजय सोनकर व अन्य लोग पहुंचे और वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद करने लगे। आरोपितों ने साहिल और उसके मित्र को डंडे, बैट और बेल्ट से पीट दिया। सोने की चेन छीन ली। बीच-बचाव करने पहुंची किरन देवी से भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

युवक पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र निवासी विवाहिता ने अपने कॉलेज के पूर्व परिचित युवक पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया और प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक उसका पुराना परिचित है। शादी के बाद भी वह लगातार उससे संपर्क बनाए रखने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर आरोपी मारपीट करता और जान से मारने की धमकी देता था। आरोप है कि युवक ने विवाहिता की फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

पुलिस चौकी के पास ट्रॉली से मिले गैस सिलिंडर
जिले में रसोई गैस की किल्लत के बीच, विशेश्वरगंज भैरवनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता की अध्यक्षता में व्यापारियों की एक बैठक हुई। व्यापारियों ने रसोई गैस की किल्लत, वितरण प्रणाली की विफलता और बढ़ती कालाबाजारी को लेकर प्रशासन के विरुद्ध कड़ा आक्रोश जताया।

प्रतीक गुप्ता ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम और एडीएम सप्लाई का ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि गैस वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक मोहल्ले की संबंधित पुलिस चौकी के पास सिलिडर लदी गाड़ियां खड़ी कर बांटी जाएं, ताकि बिचौलियों और कालाबाजारी पर लगाम लग सके। बैठक में अलखनाथ गोस्वामी, अशोक सेठ, राकेश तिवारी एडवोकेट और विनय गुप्ता सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे। 

डेढ़ लाख वेतन पर 35 हॉस्टलों के लिए नियुक्त होंगे 15 खेलों के 41 कोच
15 खेलों के लिए संचालित हो रहे 35 हॉस्टलों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए 41 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को कोच बनाया जाएगा। इन्हें हर महीने डेढ़ लाख रुपये मानदेय मिलेगा। हाॅकी, तैराकी, वाॅलीबॉल, जिम्नास्टिक, एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबाॅल, बैडमिंटन, टेबल-टेनिस, बास्केटबाॅल, कबड्डी, कुश्ती, बाक्सिंग, हैंडबाॅल, जूडो जैसे खेलों के खिलाड़ी कोच बनेंगे। खेल निदेशालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार 12 अप्रैल शाम पांच बजे तक आवेदन वाराणसी के क्षेत्रीय कार्यालय तक भेजना होगा। 

चयन के लिए योग्यता के तौर पर ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप आदि में खेला हुआ खिलाड़ी या प्रशिक्षक हो। इसके अलावा पदक विजेता खिलाड़ियों को वरीयता दी जाएगी। पद्मश्री, खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ी या प्रशिक्षक को भी योग्य माना जाएगा। न्यूनतम योग्यता स्नातक रखी गई है। क्षेत्रीय खेल कार्यालय वाराणसी से निर्धारित प्रोफार्मा प्राप्त कर दो प्रतियों में जमा कर सकते हैं।

मुकदमा वापस लेने की धमकी
बड़ागांव थानाक्षेत्र के खटौरा गांव निवासी एक व्यक्ति को मुकदमा न उठाने पर मारपीट कर घायल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ागांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। गांव निवासी शांति भूषण सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह 25 मार्च को तहसील पिण्डरा जा रहा था, तभी रास्ते में गांव के विकास सिंह ने मुकदमा उठाने की धमकी दी। इनकार करने पर मारपीट की गई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

कूड़ा जलाने को लेकर हुई मारपीट
बड़ागांव थानाक्षेत्र के रसुलपुर गांव में बुधवार की रात कुड़ा जलाने को लेकर हुई मारपीट में दो सगे भाई घायल हो गए। घायलों ने थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में छोटेलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि बुधवार की रात 8:30 बजे वह घर के पास कुड़ा जला रहा था। पड़ोसी आनंद कुमार ने विरोध किया और मारपीट कर घायल कर दिया। बचाव में आए उनके भाई को भी मारपीट का सामना करना पड़ा। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

हाईकोर्ट ने पशु तस्करी के आरोपी की गिरफ्तारी पर लगाई रोक, सरकार से मांगा जवाब
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने वाराणसी के कपसेठी थाने में दर्ज पशु तस्करी मामले में आरोपी धीरज की गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी है। साथ ही राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। यह आदेश न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति डॉ. अजय कुमार-द्वितीय की खंडपीठ ने दिया है।

वाराणसी के कपसेठी थाने में याची धीरज के खिलाफ उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। याची ने एफआईआर को रद्द करने व गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग कर हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याची के अधिवक्ता ने दलील दी कि धीरज उस वाहन का मालिक है, जिसमें दो गायों को ले जाया जा रहा था। 

एफआईआर में लगाए गए पुलिस के आरोपों को मान भी लिया जाए, तब भी याची के खिलाफ अपराध नहीं बनता है। एफआईआर को रद्द किया जाना चाहिए। अदालत ने इस मामले को विचारणीय माना है और सब इंस्पेक्टर को नोटिस जारी कर चार सप्ताह में जवाब मांगा है। साथ ही सरकारी वकील को भी इसी अवधि में जवाबी हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। 

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ थाने में तहरीर
मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हनुमान चालीसा फेम नाजनीन अंसारी ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि इंद्रेश कुमार ने 10 लाख हिंदू लड़कियों की शादी मुस्लिम घरों में कराई है... पर आपत्ति जताई और उनके खिलाफ लालपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। 

नाजनीन अंसारी ने कहा कि स्वामी अपने बयान से अपनी राजनीति चमका रहे हैं और जो आरोप लगा रहे हैं, उसका ठोस सबूत भी प्रस्तुत करें। नाजनीन अंसारी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधियों ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में स्वामी के झूठे, भ्रामक, उत्तेजक एवं सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाले बयानों के संबंध में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा। 

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विरोध में महिलाओं ने किया प्रदर्शन
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयान के विरोध में दलित महिला परिषद ने लमही के मुंशी प्रेमचंद स्मृति द्वार पर प्रदर्शन किया। खुशी रमन के नेतृत्व में महिलाओं ने आक्रोश मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि बड़बोले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद हिंदू धर्म को बदनाम करना चाहते हैं। उन्होंने समाज सुधारक एवं विचारक इंद्रेश कुमार पर 10 लाख हिंदू बेटियों का विवाह मुसलमानों के घर करवाने का आरोप लगवाया है। 

इंद्रेश कुमार ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की बात को झूठा करार दिया। महिलाएं स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उनसे 10 हजार लोगों के नाम पूछ रही हैं, जिनकी शादी कराई गई है। मुस्लिम महिला फांडेशन की डॉ. नजमा परवीन, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. अर्चना सिंह ने परिषद का समर्थन किया। प्रदर्शन में उजाला, लक्ष्मीना, धनेसरा, चिंता, दुलरा, मीरा, पूनम, सुनीता आदि शामिल रहीं। 

रक्तदाताओं को मिलेगा बाबा काशी विश्वनाथ के स्पर्श दर्शन का पुण्य
जयश्री कृष्णा फाउंडेशन की ओर से रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संस्था के संस्थापक संजीव अग्रवाल और संयोजक नीरज पारीख ने बताया कि रक्तदान न केवल तीन जीवन बचाने वाला पुण्य कार्य है। इस कार्य में वाराणसी की कई अग्रणी संस्थाओं और छह ब्लड बैंकों का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। 

इस शिविर की खास विशेषता यह है कि सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रक्तदान करने वाले सभी नागरिकों को बाबा विश्वनाथ का स्पर्श दर्शन कराया जाएगा। जेएसके से जुड़ी महिलाओं ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। कार्यक्रम की तैयारी बैठक में रितेश अग्रवाल राकेश अग्रवाल, डॉ. शालिनी राणा, मुन्ना चौरसिया और अभिषेक भट्टाचार्य सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। इंदु मल्होत्रा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।

शास्त्रीय बंदिशों और शिव भजन पर झूमे श्रद्धालु
चैत्र नवरात्र की अष्टमी पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के शिर्वाचनम मंच पर शास्त्रीय बंदिशों और शिव भजन पर श्रद्धालु जमकर झूमे। भजन गायक डॉ. आशीष जायसवाल ने शिवधुन में रंग दिया। नरेंद्र मिश्र के सितार वादन और लोकगायिका डॉ. सुष्मिता झा की आवाज ने शिव के लोक कलाओं से परिचस कराया। दिव्या श्रीवास्तव और उनके समूह ने सांस्कृतिक नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

हनुमान भक्तों ने बाइक पर निकाली शोभायात्रा, राममय हुई काशी
प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर हनुमत सेवा समिति नेवादा के तत्वावधान में निकली वाहन शोभायात्रा से क्षेत्र राममय हो उठा। नेवादा से शुरू हुई शोभायात्रा में शहर के 11 क्षेत्रों से आए श्रद्धालु दोपहिया वाहनों पर केसरिया ध्वज लेकर शामिल हुए। डमरू और भजनों के बीच जय बजरंगी, जय हनुमान... के उद्घोष से मार्ग गूंजता रहा। रामबली मौर्य और अजय मौर्या के नेतृत्व में रैली भिखारीपुर तिराहा, सुंदरपुर, नरिया, लंका होते हुए संकट मोचन मंदिर पहुंची।

पुरुषों के साथ महिलाएं व बच्चे भी शामिल रहे और श्रद्धालुओं ने प्रभु श्री राम, माता सीता व लक्ष्मण जी के प्रति आस्था व्यक्त की। भ्रमण के बाद यात्रा भिखारीपुर चौराहे पर संपन्न हुई। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन हनुमान जी के श्री राम के प्रति प्रेम व आगामी शोभायात्रा की तैयारी का प्रतीक है।

अष्टमी पर विश्वनाथ मंदिर में भक्तों को बंटा नारियल
चैत्र नवरात्र की अष्टमी मंगला गौरी को समर्पित रही। मंदिर के शास्त्रियों ने मां के धारण किए जाने के लिए वस्त्र और शृंगार सामग्री विधिपूर्वक शक्तिपीठ माता विशालाक्षी को अर्पित की। इस अनुष्ठान के अलावा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से भक्तों में प्रसाद स्वरूप नारियल बंटवाया गया। यह नारियल भगवान श्री विश्वनाथ और मंदिर में स्थापित देवी स्वरूप कलश को अर्पित कर उनके आशीर्वाद और प्रसाद स्वरूप भक्तों को दिया गया। देते वक्त श्रद्धालुओं की मंगल कामना भी की गई।

काशी के प्रभु अवधूत ने अघोर को श्मशान से आश्रम विषयक बनाया
बीएचयू के पूर्व छात्र और अखिल भारतीय दर्शन परिषद के महासचिव प्रो. किस्मत कुमार सिंह ने पड़ाव स्थित श्री सर्वेश्वरी समूह के संस्थापक अवधूत भगवान राम के समाज दर्शन पर शोध आधारित व्याख्यान दिया। बिहार के छपरा स्थित जय प्रकाश विश्वविद्यालय में हुए अखिल भारतीय दर्शन परिषद् के 70वें राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्होंने कहा कि अघोर को श्मशान विषयक से आश्रम विषयक बनाया। महाप्रभु ने अघोर दर्शन को समाज सेवा से जोड़कर आधुनिक समय में संत परंपरा का एक नया आयाम लिखा। कुष्ठ रोगियों की अपने हाथ से सेवा कर मुख्य धारा में लेकर आए। किनारामी संत परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री सर्वेश्वरी समूह की स्थापना कर अघोर साधना को समाज सेवा से जोड़ा।

काशी में आज बारिश की चेतावनी, 2 दिन बाद तीसरा विक्षोभ आएगा
पश्चिमी विक्षोभ एक ही महीने में तीसरी बार काशी में प्रवेश कर सकता है। फिलहाल शुक्रवार को बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ की तीसरी शाखा रविवार को काशी में धमक सकती है। यह उत्तरी पाकिस्तान की ओर से आ रही है।

इसके चलते बनारस सहित पूर्वी यूपी में 30-31 मार्च और एक अप्रैल तक बारिश का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को हमीरपुर और प्रयागराज के बाद काशी यूपी का सबसे गर्म शहर बन गया। शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा, 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हवा शांत रही। यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अगले पांच दिन के दौरान तीन दिन बारिश होने के संकेत हैं। वहीं, शुक्रवार के लिए चेतावनी जारी की गई है।

काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए दलाल या जुगाड़ के फेर में न पड़ें श्रद्धालु : मंदिर प्रशासन
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए एक अपील जारी की है। कहा है कि विशिष्ट परिस्थितियों में भी बाबा के दर्शन के लिए किसी दलाल या जुगाड़ के फेर न पड़ें। किसी भी विशिष्ट अनुरोध के लिए सीधे मंदिर न्यास कार्यालय से भौतिक रूप में या ceo@skvt.org पर ईमेल के माध्यम से अनुरोध करें। जो संभव सुविधा होगी वह संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ न्यास उपलब्ध कराएगा। 

सामान्य स्थितियों के लिए दर्शन, आरती और रुद्राभिषेक के लिए मंदिर हेल्प डेस्क पर संपर्क करें। उधर, मंदिर प्रशससन ने 9 महीने 9 दिन के काशीवास पर आए पुणे के दंपती को नियमित बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन की व्यवस्था कराई है। पुणे के संजीव आंबेकर और नेहा आंबेकर ने बताया कि उनका 9 माह 9 दिन का काशीवास 29 मार्च को पूरा होगा। 

काशीवास का संकल्प लेने के दौरान दोनों दंपती को हर दिन बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करना था। लेकिन, दैनिक पास निरस्त होने के चलते आम दर्शनार्थियों के साथ रोज दर्शन करने में दिक्कत आ रही थी। दंपती ने बताया कि प्रतिदिन सुगम दर्शन का टिकट लेना भी व्यावहारिक नहीं था। ऐसे में मंदिर कार्यालय में मुख्य कार्यपालक अधिकारी से हमने संपर्क किया। मंदिर प्रशासन ने उनके नियमित दर्शन की व्यवस्था कराई।

केंद्रीय कारागार का किया संयुक्त त्रैमासिक निरीक्षण
शिवपुर स्थित केंद्रीय कारागार में बृहस्पतिवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव शुक्ला के नेतृत्व में संयुक्त त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एडीएम आलोक कुमार वर्मा, डीसीपी वरुणा जोन आकाश पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रवीण कुमार तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार शामिल रहे। अधिकारियों ने कारागार के विभिन्न सर्किलों का निरीक्षण कर बंदियों की परेड देखी और उनकी समस्याएं सुनीं। 
 

साथ ही, उन बंदियों के मामलों की समीक्षा की गई, जिनकी जमानत मंजूर हो चुकी है, लेकिन जमानतदार के अभाव में वे अभी भी जेल में निरुद्ध हैं। संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। जेल अस्पताल की साफ-सफाई तथा पाकशाला की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया गया, जिस पर अधिकारी संतुष्ट नजर आए। इस मौके पर वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र समेत अन्य जेल अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed