आईआईटी बीएचयू: 15वें दीक्षांत समारोह में मिलेंगी 2048 उपाधियां, कुमार मंगलम बिरला होंगे चीफ गेस्ट; प्राइज भी
आईआईटी बीएचयू के 15वें दीक्षांत समारोह में कुल 2,048 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह में उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान 62 टॉपर्स को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 125 मेडल और पुरस्कार दिए जाएंगे। दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधियां देकर सम्मानित किया जाएगा।
विस्तार
आईआईटी बीएचयू में 31 अक्तूबर को स्वतंत्रता भवन में 15वां दीक्षांत समारोह होगा। आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला मुख्य अतिथि होंगे, जो कि 62 टॉपर्स को 125 मेडल देकर सम्मानित करेंगे। साथ में बोर्ड ऑफ गवर्नर के अध्यक्ष डॉ. कोटा हरिनारायण, निदेशक प्रो. अमित पात्रा और पहली बार बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी भी रहेंगे।
समारोह में कई स्रातक, परास्रातक और पीएचडी सहित छह कटेगरी में कुल 2,048 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। बुधवार को संस्थान में आयोजित प्रेसवार्ता में निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने दीक्षांत समारोह की प्रमुख विशेषताओं, उपाधियों के विवरण, मेडल और पुरस्कारों के साथ ही समारोह में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों की जानकारी दी।
निदेशक ने दी जानकारी
निदेशक प्रो. पात्रा ने बताया कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, शोध कार्यों और नवाचारों को सम्मानित करने का मौका है। इस दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को मेडल और पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रो. अमित पात्रा ने बताया कि इस वर्ष कुल 2,048 उपाधियां हैं। इनमें बीटेक की 1,106, इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री (आईडीडी) की 385, एमटेक/एमफार्मा की 322, पीएचडी की 182, एमएससी की 39 और बीआर्क की 14 उपाधियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां संस्थान की तकनीकी शिक्षा, उच्चस्तरीय शोध और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाती हैं।
97 गोल्ड मेडल मिलेंगे
दीक्षांत समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न मेडल और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए कुल 62 विद्यार्थियों के नाम सूचीबद्ध किए गए हैं। इनमें कई विद्यार्थी एक से अधिक सम्मान प्राप्त करेंगे। पुरस्कारों में 97 गोल्ड मेडल, 2 सिल्वर मेडल, 25 नकद पुरस्कार शामिल हैं।
प्रमुख सम्मानों में एक प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल शामिल है, जो बीटेक, बीआर्क और इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए दिया जाता है। वहीं, डायरेक्टर्स गोल्ड मेडल दो विद्यार्थियों के ओवरआल प्रदर्शन, संगठनात्मक क्षमता और नेतृत्व कौशल जैसी उपलब्धियों के लिए दिए जाएंगे।