Varanasi News Today: डिप्टी CM का करीबी बताकर ठगी के आरोपी को अग्रिम जमानत, पालतू कुत्ते से हमला कराया; खबरें
Varanasi News: वाराणसी में डिप्टी सीएम से करीबी संबंध होने की बात कहकर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपित दो प्रॉपर्टी डीलरों को अदालत से राहत मिल गई। वहीं, लंका थाना क्षेत्र में पालतू कुत्ते ने बच्ची को काट लिया। पड़ोसी के खिलाफ पीड़ित पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: डिप्टी सीएम से करीबी संबंध होने की बात कहकर जमीन दिलाने और निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपित दो प्रॉपर्टी डीलरों को अदालत से राहत मिल गई। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (षष्ठम) आलोक कुमार की अदालत ने शेरूका चंदौली निवासी मृत्युंजय सिंह और धरमपुर बड़ागांव निवासी शिवकुमार को अग्रिम जमानत दे दी।
अदालत ने आदेश दिया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की स्थिति में दोनों आरोपितों को एक-एक लाख रुपये की दो-दो जमानतें और बंधपत्र प्रस्तुत करने पर रिहा किया जाए। बड़ागांव थाना क्षेत्र के चन्द्रशेखर राजभर ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि मार्च 2023 में बाबतपुर में उनकी मुलाकात मृत्युंजय सिंह और शिवकुमार से हुई। संवाद
दोनों ने स्वयं को रियल एस्टेट कारोबारी बताते हुए कहा कि वे जेबीएस प्रॉपर्टी प्राइवेट लिमिटेड और शक्ति कैपिटल नामक कंपनियों का संचालन करते हैं। साथ ही खुद को डिप्टी सीएम का करीबी बताकर बाबतपुर में जमीन दिलाने और निवेश पर बेहतर लाभ का भरोसा दिया था।
चोरी के मामले में दोषी को दो साल की सजा
एफटीसी-14 न्यायाधीश मनोज कुमार की अदालत ने चोरी के एक मामले में आरोपी विनोद भारती को दोषी पाया और दो साल की सजा के साथ ही चार हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। आरोपी विनोद भारती पुत्र दशमी, आदर्श नगर कॉलोनी, थाना मंडुआडीह, वाराणसी का निवासी है। उसके खिलाफ थाना चितईपुर में साल 2024 में प्राथमिकी दर्ज किया गया था। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि विनोद भारती अर्थदंड का भुगतान नहीं करता है, तो उसे 15 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
पालतू कुत्ते से बच्ची पर हमला कराया, प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट जानकी नगर काॅलोनी में शनिवार की सुबह पालतू कुत्ते ने बच्ची को काट लिया। पड़ोसी के खिलाफ पीड़ित पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि पड़ोसी ने उकसाकर कुत्ते से कटवाया है। पीड़ित पिता विजय शंकर यादव ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रिचा यादव घर के सामने सामान लेने गई थी। इसी दौरान पड़ोसी केशव और उनकी पत्नी माया ने जानबूझकर अपने पालतू कुत्ते को बच्ची पर छोड़ा। कुत्ते के हमले से बच्ची जमीन पर गिर गई और उसे काट लिया। आरोपियों ने बिना लाइसेंस के अवैध रूप से कुत्ता रखा है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पति पर उबलता पानी फेंकने का आरोप
फूलपुर थाना क्षेत्र के रोह मछली गांव निवासी अजय कुमार कन्नौजिया ने अपनी पत्नी और ससुर पर संपत्ति हड़पने के इरादे से उबलता पानी डालकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। अजय कुमार कन्नौजिया के अनुसार, उसकी शादी 2016 में रीता देवी से हुई। अजय का आरोप है कि दो साल से उसकी पत्नी उस पर संपत्ति अपने नाम करने का दबाव बना रही है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अजय कुमार कन्नौजिया की तहरीर पर पत्नी रीता देवी और ससुर सुरेश कन्नौजिया के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
वृद्धा से 4.21 लाख रुपये की धोखाधड़ी
मकान निर्माण के बहाने 4.21 लाख रुपये हड़पने, मारपीट के मामले में वृद्धा ने आरोपी शोएब के खिलाफ सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चेतगंज थाना क्षेत्र के हबीबपुरा निवासी पीड़िता हेमलता शुक्ला ने पुलिस को बताया कि मकान बनवाने के लिए मोहम्मद शोएब खान से संपर्क किया था। दोनों के बीच मकान निर्माण का अनुबंध हुआ था। आरोपी ने निर्माण सामग्री खरीदने के लिए 4,21,602 रुपये लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने काम पूरा नहीं किया। बेटे ओमप्रकाश के साथ 14 दिसंबर 2025 को आरोपी के ठिकाने पर गई तो आरोपी ने बेटे ओमप्रकाश की पिटाई की। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही गई है।
अपहरण का आरोप, पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की
फूलपुर थाना क्षेत्र के मिराशाह के पास से युवती के लापता होने पर परिजनों ने उसके अपहरण का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार युवती 25 जून को मिराशाह स्थित मजार पर मत्था टेकने गई थी। रात करीब नौ बजे कार में सवार कुछ लोग उसे अपने साथ ले गए। पीड़ित भाई का कहना है कि डीसीपी गोमती से कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है।
ग्राम प्रधान को फेसबुक पर बदनाम करने का आरोप
घमहापुर के ग्राम प्रधान पवन कुमार सिंह को सोशल मीडिया पर बदनाम करने के मामले में शिवपुर पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित पवन कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि संगीता पटेल नाम की एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है। इस आईडी से उनके खिलाफ बेहद गंदे और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। छानबीन में पता चला कि यह फर्जी आईडी घमहापुर गांव के ही अभिषेक सिंह द्वारा संचालित की जा रही थी। शिवपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आईटी एक्ट समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
60 रुपये के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के कुआर बाजार में चिकन खरीदने के दौरान 60 रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, लूट, धमकी देने के आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पहले पक्ष की ओर से कुआर कोट निवासी रजनीश सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा शांतनु सिंह 24 जून की शाम चिकन खरीदने गया था। ऑनलाइन 900 रुपये भेजकर 60 रुपये वापस मांगे। आरोप है कि दुकानदार मनीष सोनकर ने गाली देनी शुरू कर दी। उसके भाई मनोज, विनोद समेत अन्य लोगों ने हमला कर दिया। सोने की चेन और लॉकेट भी छीन ली। वहीं, दुकानदार मनीष सोनकर की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज किया गया।
मनीष का आरोप है कि चिकन के 990 रुपये मांगने पर सोनू सिंह के बेटे ने मारपीट की और दुकान में रखे 10 हजार रुपये लूट लिए। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
किसानों ने मछली पालन का तरीका जाना
कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर में पांच दिवसीय मत्स्य आधारित समेकित कृषि प्रणाली प्रशिक्षण का समापन शनिवार को हुआ। वैज्ञानिकों ने किसानों को कम लागत में मछली पालन का तरीका बताया। इसके साथ ही आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। केंद्र के अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने कहा कि यह प्रणाली छोटे किसानों के लिए आय बढ़ाने का प्रभावी मॉडल है। उन्होंने मत्स्य पालन, जल प्रबंधन और कृषि विविधीकरण पर चर्चा की।
प्रशिक्षण समन्वयक राहुल कुमार सिंह ने एक एकड़ के समेकित कृषि मॉडल की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने मिश्रित मत्स्य पालन के साथ मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन को जोड़ने से आय में वृद्धि की जानकारी दी। सस्य वैज्ञानिक अमितेश कुमार सिंह ने वर्मी कंपोस्ट निर्माण की विधि और उसके लाभ बताए। पूजा सिंह ने अजोला उत्पादन और बत्तख पालन को आय बढ़ाने के प्रभावी विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया।
डोमरी में शिवलिंग तोड़ने की धमकी
डोमरी गंगा घाट पर अस्थायी रूप से स्थापित शिवलिंग को तोड़ने की धमकी देने के आरोप में मां गंगा प्रहरी ट्रस्ट के अध्यक्ष लाल बाबू निषाद ने रामनगर थाने में तहरीर दी है। इसके साथ ही चंदा वसूली का भी आरोप है।लाल बाबू निषाद ने रामनगर पुलिस को बताया कि ट्रस्ट गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और गंगा आरती जैसे कार्यों का संचालन करता है। जून में गंगा घाट पर एक शिवलिंग मिला।
स्थानीय लोगों की आस्था को देखते हुए उसे चबूतरे पर स्थापित किया गया। श्रद्धालु यहां पूजा-पाठ करते हैं। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने स्थल पर किसी भी नए निर्माण कार्य न करने का निर्देश दिया था। इसकी जानकारी देने के लिए सूचना बोर्ड लगाया गया था। पुलिस को वीडियो साक्ष्य भी सौंपा है। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले की जांच सूजाबाद चौकी इंचार्ज को सौंपी गई है।
परीक्षा देने जा रहे दो भाइयों को एंबुलेंस ने मारी टक्कर
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव स्थित नेशनल हाईवे पर शनिवार को प्रतियोगी परीक्षा देने वाराणसी जा रहे बाइक सवार दो भाइयों को एंबुलेंस ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि प्रयागराज जिले के फाफामऊ निवासी विवेक यादव (30) अपने छोटे भाई आयुष यादव (26) के साथ बाइक से वाराणसी प्रतियोगी परीक्षा देने जा रहे थे। रखौना गांव के पास एंबुलेंस ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस में शव रखा था, जिसे गुजरात के वडोदरा से बिहार के पटना ले जाया जा रहा था।
दरोगा का सम्मान
फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस पर फायरिंग करने वाले बदमाश को साहसिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार करने वाले उपनिरीक्षक अनिल कुमार को शनिवार शाम मंगारी व्यापार मंडल ने सम्मानित किया। सम्मानित करने वालों में मंडल अध्यक्ष पप्पू सिंह, उपाध्यक्ष श्याम सुंदर सेठ, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र कोका, संतोष मदनवाल रहे।
चौराहों पर लगेंगे आरओ युक्त वाटर कूलर
प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को गुलाबबाग स्थित अपने कार्यालय से 6 वाटर कूलर वितरित किए। उन्होंने कहा कि इससे पहले विधानसभा क्षेत्र में 8 वाटर कूलर स्थापित किए गए थे। जनता की मांग और बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब 6 नए वाटर कूलर और लगाए जा रहे हैं। कहा कि सभी वाटर कूलरों में आधुनिक आरओ (रिवर्स ऑस्मोसिस) प्रणाली लगाई गई है, जिससे लोगों को पूरी तरह शुद्ध, स्वच्छ और ठंडा पेयजल मिल सकेगा। इस मौके पर जितेंद्र मिश्रा, विकास सिंह, सौरभ सिंह, सत्यप्रकाश जायसवाल, सुमित जायसवाल और पूर्व पार्षद रोहित मौर्या समेत अन्य मौजूद रहे।
अशांति बढ़ने पर महायज्ञ करता है चिकित्सा का काम
चौबेपुर के छितमपुर गांव के नेपाली भगवती धाम में चल रहे शत चंडी महायज्ञ में योगी शंभूनाथ ने कथा से मनुष्य के कल्याण को संभव बताया। कहा कि समाज में वैचारिक महिषासुर, कलह और अशांति बढ़ने पर महायज्ञ सामूहिक चिकित्सा का काम करता है। योगी शंभू नाथ ने श्रद्धालुओं से आसुरी शक्तियों के नाश का संकल्प लेने का आह्वान किया। यज्ञ में आहुतियां डालने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही है। 29 जून को हवन और 30 जून को भंडारा होगा। वहीं, धौरहरा हरिहरपुर गांव में भी शतचंडी महायज्ञ के दौरान योगी रामानंद प्रवचन हुआ।
गुरु हरिगोविंद महाराज का प्रकाशोत्सव आज से
सिक्ख धर्म के छठवें पातशाह गुरु हरिगोविंद महाराज का 431वां प्रकाशोत्सव 30 जून को मनाया जाएगा। गुरुद्वारा नीचीबाग में तीन दिवसीय प्रकाशोत्सव रविवार को अखंड पाठ साहिब से शुरू हो जाएगा। सबद कीर्तन और संगत के मत्था टेकने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। अखंड पाठ साहिब की समाप्ति गुरु के प्रकाश पर्व पर होगी। गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के अनुसार 30 जून को सुबह 8.45 से 10 बजे तक विशेष कीर्तन दीवान सजेगा। गुरुद्वारे के हजूरी रागी जत्था रकम सिंह और गुरुबाग गुरुद्वारे के नरिंदर सिंह शबद कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे। मुख्य ग्रंथी जगतार सिंह गुरु साहिब के जीवन दर्शन से संगत को रूबरू कराएंगे। गुरु का लंगर चलेगा।
रोटरी के नए विद्यालय भवन का कल लोकार्पण
रोटरी क्लब वाराणसी ग्रेटर और इनरव्हील क्लब ग्रेटर की ओर से ब्रह्मर्षि बलदेव विद्या मंदिर सूरजकुंड परिसर में निर्मित नए विद्यालय भवन का लोकार्पण 29 जून को होगा। क्लब के संस्थापक अध्यक्ष देव प्रमोद अग्रवाल, अध्यक्ष संदीप प्रहलादका और संगीता अग्रवाल ने बताया कि सदस्यों के सहयोग से भवन तैयार हुआ है।
आठ सुसज्जित कक्ष हैं। लगभग 2600 वर्गफुट में है। इन कक्षों का उपयोग विद्यार्थियों के अध्ययन और शिक्षण गतिविधियों के लिए किया जाएगा। निवर्तमान अध्यक्ष विपुल शंकर पंड्या ने बताया कि परियोजना सेवा, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उपाध्यक्ष विजय कुमार अग्रवाल, निर्देशक संजीव टकसाली और कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज के वंचित और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर अवसर दिलाना संस्था की प्राथमिकता में है।
सनातन का प्रचारक बनने का प्रशिक्षण ले रहे युवा
चौबेपुर के स्वर्वेद महामंदिर धाम के समीप सद्गुरु सदा फलदेव आप्त गुरुकुल परिसर में पांच दिवसीय अखिल भारतीय युवा प्रचारक प्रशिक्षण शिविर में शनिवार को विभिन्न राज्यों से 1500 युवाओं ने सनातन संस्कृति के संवाहक बनने का प्रशिक्षण लिया। संत प्रवर विज्ञान देव महाराज के सान्निध्य में विहंगम योग संत समाज में स्वर्वेद दर्शन, योग साधना व व्यक्तित्व विकास पर ज्ञान दिया गया। विज्ञान देव महाराज ने कहा कि हर मनुष्य में अपार शक्ति और असीम संभावनाएं हैं।
शिव के राज्याभिषेक दिवस पर किया नमन
श्री काशी महाराष्ट्र सेवा समिति की ओर से शनिवार को नीलकंठ स्मृति भवन में शिव राज्याभिषेक दिवस मनाया। लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजन किया। समिति के ट्रस्टी संतोष सोलापुरकर ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ‘हिंदवी स्वराज्य’ के संस्थापक हैं। वे राष्ट्र गौरव का प्रतीक भी हैं।
उन्होंने युवाओं से शिवाजी महाराज के पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया। सोलापुरकर ने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन धर्म, साहस और जनसेवा पर आधारित था। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में लोगों में आत्मविश्वास जगाया। इस मौके पर प्रो. माधव जनार्दन, मकरंद महस्कर, षडानन , सुहास पटवर्द्धन, अनंतराम आदि रहे।
अलंकरण और सम्मान लेने आएंगे 700 रोटेरियन
रोटरी इंटरनेशनल मंडल 3120 का वार्षिक अलंकरण और सम्मान समारोह रविवार को आजमगढ़ मार्ग पर नंदगांव के सभागार में होगा। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर के 100 क्लबों के 700 रोटेरियन भाग लेंगे।
समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण में अहम योगदान देने वाले क्लबों और रोटेरियनों को सम्मानित किया जाएगा। मंडलाध्यक्ष डॉ. आशुतोष अग्रवाल और पूर्व मंडलाध्यक्ष उत्तम अग्रवाल ने शनिवार को अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट में बताया कि रोटरी इंटरनेशनल की ओर से दिए गए प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले रोटेरियनों और क्लबों का भी अभिनंदन होगा।
नियति वर्मा ने भक्तिरस और कजरी से बांधा समा
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया के वरुणा संध्या में शनिवार को कैंटोमेंट के नेहरू पार्क में नियति वर्मा का गायन हुआ। उन्होंने गणेश वंदना से शुरुआत की। राग दुर्गा में ‘जय-जय दुर्गा मां या भवानी’ और ‘जग-जननी देवी’ जैसे देवी गीत सुनाई। ‘रिमझिम बरसेला बदरिय’ और ‘हमरे मिर्जापुर के अल मस्ती के हाल बा बड़ा बेमिसाल’ जैसी कजरी गीत पेश किया। तबले पर अनंग गुप्ता और संवादिनी पर आनंद शंकर मिश्रा ने संगत की। सोसाइटी के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कलाकारों को सम्मानित किया। संचालन अजय कुमार सिंह ने किया।
उमाशंकर बने मारवाड़ी समाज संरक्षक मंडल के अध्यक्ष
मारवाड़ी समाज वाराणसी के संरक्षक मंडल के लिए नए पदाधिकारियों का चुनाव शनिवार को लक्सा के मारवाड़ी समाज भवन में हुआ। संरक्षक मंडल के अध्यक्ष रमेश कुमार चौधरी की अध्यक्षता में चुनाव में उमाशंकर अग्रवाल अध्यक्ष, संजीव शाह मंत्री, पुरुषोत्तम जालान प्रथम और कमल अग्रवाल द्वितीय उपाध्यक्ष चुने गए। अनुज डिडवानिया कोषाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। समाज के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उमाशंकर अग्रवाल ने कहा कि मारवाड़ी समाज राष्ट्रीय हित और सामाजिक कार्यों को बढ़ावा देता है। संस्था का लक्ष्य शिक्षित मारवाड़ी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। दीपक बजाज ने धन्यवाद दिया। बैठक में विजय मोदी, सुमन सिंघी, दीनानाथ रहे।
सुहरवर्दी के निधन से साहित्य को अपूरणीय क्षति
वरिष्ठ पत्रकार सलीम सुहरवर्दी के निधन पर काशी पत्रकार संघ में शनिवार को शोक सभा में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने सलीम सुहरवर्दी के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए दुखद बताया। उर्दू दैनिक ‘आजाद’, ‘हिंदुस्तान’, ‘आज’ और ‘आवाज-ए-मुल्क’ में काम किया। वह पत्र-पत्रिकाओं में लेख लिखते और अल्पसंख्यक समुदाय की समस्याओं को उजागर करते रहे। वह उर्दू शायरी के लिए मशहूर थे और नजीर बनारसी के शागिर्द थे। उन्हें फारसी युक्त उर्दू का हिंदी अनुवाद करने में महारत थी। इस दौरान अरुण मिश्र, जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सुनील शुक्ला, योगेश कुमार गुप्त, अखिलेश मिश्र, रमेश राय, मिर्जा अतहर हुसैन, कौसर अली कुरैशी, मोहम्मद अश्फाक सिद्दीकी, विनय शंकर सिंह रहे।
पिछले साल की उपलब्धियों ने महासभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया : संदीप काबरा
महेश नवमी सप्ताह के तहत अखिल भारत वर्षीय माहेश्वरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। उन्होंने महासभा के सभापति संदीप काबरा और महामंत्री अजय काबरा के साथ मंडुवाडीह में कार्यक्रम को संबोधित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी संगठनात्मक चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव केवल पद का नहीं, जिम्मेदारी का चुनाव है। युवाओं और महिलाओं को आगे आकर नेतृत्व संभालना होगा। अध्यक्षता दीपक माहेश्वरी, संचालन लोकेंद्र करवा, धन्यवाद अनिल झावर और स्वागत गौरव राठी ने किया। इस दौरान नारायण राठी, विजय राठी, राजेंद्र काबरा, कृष्ण दत्त चांडक, राम माहेश्वरी, ओंकार, गौरीशंकर नेवर, बृजमोहन मुंडा, डॉ. मोहिनी झावर, रेखा सोमानी, अलका बाहेती, राजकुमार , संजीव, भारती, पूजा, विनोद जाजू और कैलाश रहे।
विद्यापीठ में काउंसिलिंग शुरू, पहले दिन 65 अभ्यर्थियों ने लिया दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2026-27 में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए शनिवार से काउंसिलिंग शुरू हो गई। पहले दिन बीएससी टेक्सटाइल एंड हैंडलूम सहित चार कोर्स में चली प्रक्रिया में 65 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया। प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग स्थल पर ही परिचय पत्र और लाइब्रेरी कार्ड दे दिया गया।
शनिवार को पहले दिन बीएससी (टेक्सटाइल एंड हैंडलूम की काउंसिलिंग विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में कराई गई जबकि पर्यटन अध्ययन संस्थान में बीएससी इन टूरिज्म एंड हॉस्पिटालिटी ऑपरेशंस में दाखिले की प्रक्रिया चली। इसके अलावा समाज कार्य संकाय में बीएसडब्ल्यू और ललित कला विभाग में बीड्रामा (थिएटर आर्ट्स) की काउंसिलिंग चली।
सुबह 10 बजे संकाय में आने पर अभ्यर्थियों को पहले विवि में कोर्सवार सीट, प्रवेश नियमावली की जानकारी दी गई। समन्वयक प्रवेश सेल प्रो. बंशीधर पांडेय, डॉ. राहुल गुप्ता ने सभी केंद्रों पर भ्रमण किया। इस दौरान प्रवेश सेल के सदस्य डॉ. दुर्गेश कुमार उपाध्याय, डॉ. आरती विश्वकर्मा, डॉ. धनंजय विश्वकर्मा, डॉ. आयुष कुमार, डॉ. वरुण कुमार, प्रो. रमन पंत मौजूद रहे।
ऑनलाइन जमा हो गया शुल्क, परिचय पत्र भी मिला
प्रवेश सेल के उप समन्वयक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन शुल्क भी जमा कर दिया। शुल्क जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को परिचय पत्र, लाइब्रेरी कार्ड भी काउंसिलिंग स्थल पर ही जारी किया गया। उन्होंने कहा कि प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी विवि की वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहे। प्रवेश काउंसिलिंग से संबंधित सूचना ईमेल या एसएमएस के माध्यम से मात्र दी जाएगी।
लक्ष्मण आचार्य ने व्यक्त की शोक संवेदना
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं काशी क्षेत्र के पूर्व उपाध्यक्ष सुधीर मिश्रा के बड़े भाई 80 वर्षीय शिव कांत मिश्रा का पिछले दिनों निधन हो गया था। शनिवार को असम के महामहिम राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए अस्सी स्थित सुधीर मिश्रा के आवास पर पहुंचे। उन्होंने स्वर्गीय शिव कांत मिश्रा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर काशी क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय, पूर्व मेयर राम गोपाल मोहले, विनीत सिंह, रविंद्र सिंह, संजीव मिश्रा, शैलेंद्र मिश्र समेत अन्य मौजूद रहे।
ट्रॉमा सर्जरी की तकनीक बताई गई
इंडियन एसोसिएशन ऑफ ट्रॉमा सर्जन्स की ओर से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आईएटीस्कॉन 2026 का शनिवार को शुभारंभ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने ट्रॉमा एवं आर्थोपेडिक उपचार के क्षेत्र से जुड़ी तकनीक प्रतिभागियों को बताई। साथ ही देश के विभिन्न जगहों से आए चिकित्सकों ने संवाद कर बेहतर उपचार का आह्वान किया। मुख्य अतिथि आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने इस तरह के आयोजनों को चिकित्सकों के साथ ही मेडिकल छात्रों के लिए उपयोगी बताया। आईएटीएस के अध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार, महासचिव डॉ.भुवन सिंह ने ट्रॉमा सर्जरी से जुड़े बिंदुओं की चर्चा की। इस दौरान डॉ. अजीत सैगल ने द्वारा एचटीओ प्लेट और डॉ. अभिजीत वहगांवकर ने डिस्टल एंड रेडियस पर बातचीत की।
स्थलीय निरीक्षण अधीनस्थों के भरोसे न छोड़ें
डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को जनसुनवाई की। इस दौरान अफसरों को निर्देश दिए कि स्थलीय निरीक्षण खुद करें। उसे अधीनस्थों के भरोसे न छोड़ें। विशेष रूप से जमीन से संबंधित विवादों के समाधान के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को तत्काल मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करें।
गुनाहों वाले बाजुओं से बढ़ी सेंट्रल जेल की आमदनी
कैदियों के हुनर से सेंट्रल जेल की आय बढ़ रही है। हत्या, लूट, डकैती में दोषी कैदियों को रोजगार से जोड़ने की पहल सार्थक साबित हुई और बंदियों के हुनर ने जेल उद्योग को नया मुकाम दिलाया है। सेंट्रल जेल के काष्ठ उद्योग में वित्तीय वर्ष 2022-23 की तुलना में वर्ष 2025-26 की आय में लगभग 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी अपने श्रम और कला से उपयोगी वस्तुएं तैयार कर रहे हैं। जेल अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्रा ने बताया कि सेंट्रल जेल में बने फर्नीचर के ऑर्डर अब सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों से लगातार मिल रहे हैं। जेल के काष्ठ कला उद्योग में करीब 80 कैदी कार्य कर रहे हैं। कैदियों की मेहनत से आय में वृद्धि हुई है। वह न्यायाधीशों के लिए भी कुर्सियां और अन्य फर्नीचर बनाते हैं। जेलर अखिलेश कुमार ने बताया कि बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक इस उद्योग से जुड़कर वह समाज की मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
9वीं की नई किताब में वेद की सीख आपातकाल का इतिहास भी शामिल
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने कक्षा 9 के सामाजिक विज्ञान पाठ्यक्रम में बड़ा बदलाव करते हुए नई पाठ्यपुस्तक जारी की है। नई किताब में भारतीय ज्ञान परंपरा, वेद, लोकतंत्र, आपातकाल, महिला भागीदारी और समकालीन घटनाओं को शामिल किया गया है। नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत तैयार की गई इस पुस्तक में पहली बार विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़े विषयों को आधुनिक सामाजिक अध्ययन के साथ जोड़कर पढ़ाया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नई पुस्तक में छात्रों को ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद से परिचित कराया जाएगा।
चौराहों पर लगेंगे आरओ युक्त वाटर कूलर
प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को गुलाबबाग स्थित अपने कार्यालय से 6 वाटर कूलर वितरित किए। उन्होंने कहा कि इससे पहले विधानसभा क्षेत्र में 8 वाटर कूलर स्थापित किए गए थे। जनता की मांग और बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब 6 नए वाटर कूलर और लगाए जा रहे हैं। कहा कि सभी वाटर कूलरों में आधुनिक आरओ (रिवर्स ऑस्मोसिस) प्रणाली लगाई गई है, जिससे लोगों को पूरी तरह शुद्ध, स्वच्छ और ठंडा पेयजल मिल सकेगा। इस मौके पर जितेंद्र मिश्रा, विकास सिंह, सौरभ सिंह, सत्यप्रकाश जायसवाल, सुमित जायसवाल और पूर्व पार्षद रोहित मौर्या समेत अन्य मौजूद रहे।
आईएमएस बीएचयू में सर्जरी की बारीकियां बताई गईं
आईएमएस बीएचयू में ईएनटी विशेषज्ञों की संस्था (एसोसिएशन ऑफ ओटोलैरिंगोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया) की ओर से दो दिवसीय राष्ट्रीय वैज्ञानिक कार्यशाला मिड एओआईकॉन 2026 का शनिवार को शुभारंभ हुआ। देश भर से 150 से अधिक प्रतिभागियों के साथ ही 60 विशेषज्ञ दो दिन तक नई तकनीक से ईएनटी शल्य चिकित्सा पर चर्चा करेंगे।
पहले दिन प्रतिभागियों को देहदान में मिली डेडबॉडी पर शल्य चिकित्सा कर इससे जुड़ीं बारीकियां बताई गईं। केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि इस तरह के आयोजन नवाचार एवं प्रयोगधर्मिता को प्रोत्साहित करने का माध्यम है।
एसोसिएशन के निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. नौशाद वी ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं ईएनटी शल्य चिकित्सकों के कौशल को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. द्वैपायन मुखर्जी ने युवा ईएनटी चिकित्सकों से संगठन से जुड़कर उसके भविष्य को सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया। आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने डिसेक्शन सत्रों एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण की सराहना की।
संजीवनी यूके में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
उदय प्रताप स्वायत्तशासी महाविद्यालय की छात्रा संजीवनी राजेश का चयन प्रतिष्ठित नेशनल कैडेट कोर यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत यूनाइटेड किंगडम (यूके) में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। वह 100 यूपी बटालियन एनसीसी, ग्रुप मुख्यालय ‘बी’, वाराणसी की कैडेट हैं। ग्रुप ‘बी’ वाराणसी एनसीसी के ग्रुप कमांडर ग्रुप कैप्टन विकास पंजियार ने छात्रा को बधाई दी।
बीएचयू में पांच विभागों के अध्यक्ष बदले नए संकाय प्रमुख की भी हुई तैनाती
बीएचयू में एक जुलाई से कई विभागों में अध्यक्ष और संकायों के प्रमुख बदल जाएंगे। विवि की ओर से विभागवार नए अध्यक्ष और संकाय प्रमुख की तैनाती भी कर दी गई है। एक जुलाई से कार्यकाल तीन साल के लिए होगा।
विवि में विधि, विज्ञान संस्थान, कृषि विज्ञान संस्थान सहित कई विभागाध्यक्षों का कार्यकाल 30 जून को पूरा हो रहा है। नियमानुसार कार्यकाल पूरा होने से पहले नई तैनाती की जाती है। बीएचयू कुलसचिव कार्यालय की ओर से 27 मई को आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें विवि के भू-विज्ञान विभाग के प्रो. अरुण देव सिंह को विज्ञान संकाय का प्रमुख नियुक्त किया गया है। इसमें बताया गया है कि प्रो. अरुण का कार्यकाल एक जुलाई से तीन साल के लिए या सेवानिवृत्ति तक(जो भी पहले हो) के लिए रहेगा। विवि के कुलपति ने संकाय प्रमुख के रूप में आचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव के कार्य की सराहना की है।
विधि विभाग में प्रो. प्रदीप कुमार सिंह को विभागाध्यक्ष और विधि संकाय का प्रमुख जिम्मेदारी दी गई है। विज्ञान संस्थान के गृह विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. ललिता वत्ता बनाई गई हैं। मृदा विज्ञान और कृषि रसायन विभाग के प्रो. सतीश कुमार सिंह को कृषि संकाय प्रमुख नियुक्त किया गया है। कृषि विज्ञान संस्थान के एग्रोनॉमी विभाग में प्रो. शिवप्रकाश अध्यक्ष बनाए गए हैं।
आज से शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान
वाराणसी जिले में रविवार से पांच साल तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इस दिन सभी पोलियो बूथों पर बूथ दिवस मनाया जाएगा। पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन और जन-जागरूकता के लिए शनिवार को जनपद स्तरीय रैली निकाली गई। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विकास खंडों के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से भी रैलियां निकाली गईं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से भी जागरूकता रैलियां निकलीं।
अवैध मुर्गी फार्म से महामारी का खतरा
सेवापुरी के मनियारीपुर गांव में अवैध मुर्गी फार्म से ग्रामीण परेशान हैं। मृत मुर्गियों को खुले में फेंकने व गंदगी से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि दुर्गंध से सांस व त्वचा रोग हो रहे हैं। भूजल दूषित होने की भी आशंका है। ग्रामीणों ने फार्म बंद करने और संयुक्त जांच की मांग की है।
आर्य महिला कॉलेज में मन की बात आज
प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम 28 जून रविवार को सुबह 11 बजे श्री आर्य महिला डिग्री कॉलेज चेतगंज के हॉल में आयोजित किया जाएगा। सह मीडिया प्रभारी प्रमील पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में एमएलसी उत्तर प्रदेश ‘मन की बात’ कार्यक्रम के संयोजक विजय बहादुर पाठक मुख्य अतिथि व महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि विशिष्ट अतिथि होंगे। यहां से कार्यक्रम को दूरदर्शन पूरे उप्र में लाइव दिखाया जाएगा।
आग से निपटने की व्यवस्था अधूरी मिली, नौ को नोटिस
लखनऊ में कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना के बाद जारी जांच अभियान में अग्निशमन विभाग ने शनिवार को 15 कोचिंग सेंटर, होटल, अस्पताल और पुस्तकालयों की जांच की। इनमें से नौ में आग की चुनौती से निपटने की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। इस पर नोटिस दिया गया है। यथार्थ एकेडमिक चौबेपुर बंद पाया गया। गिलट बाजार के सर्वेश कोचिंग सेंटर में आग से निपटने की व्यवस्था नहीं मिली।
सारनाथ के कॅरिअर पॉइंट में प्राथमिक अग्निशमन उपकरण ही मिल सके। शिवपुर के आइडियल कोचिंग सेंटर में भी आग से निपटने की व्यवस्था नहीं मिली। जेआरएस ट्यूटोरियल शिवपुर में प्राथमिक उपकरण मिले लेकिन सीढ़ी के नीचे इन्वर्टर निकास द्वार को बाधित कर रहा था।
सुंदरपुर में लाइफ लाइन हॉस्पिटल में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था ठीक नहीं मिली। होटल एराया सुंदरपुर में भी कमियां पाई गईं। जीआईसी लाइब्रेरी सुंदरपुर और एमजी लाइब्रेरी सुंदरपुर में भी अग्नि सुरक्षा के इंतजाम अधूरे थे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंंह राजपूत ने बताया कि अभियान जारी रहेगा।
ई-केवाईसी के लिए तीन दिन बचे, नहीं कराया ताे रुक जाएगी सब्सिडी
वाराणसी जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर पर मिलने वाली सब्सिडी के लिए ई-केवाईसी कराने के लिए तीन दिन शेष हैं। 30 जून तक ई-केवाईसी नहीं कराई तो सब्सिडी हमेशा के लिए रुक सकती है। जिले में 8 लाख घरेलू गैस उपभोक्ताओं पर असर पड़ सकता है। आंकड़ों के अनुसार, इसके कारण सबसे अधिक समस्या प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होने वाली है।
जिले में उज्ज्वला उपभोक्ताओं की संख्या 2.49 लाख है। नियमों के मुताबिक, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को हर वित्तीय वर्ष में कम से कम एक बार बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण या ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। जिला आपूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया किएजेंसी जाकर अंगूठा या बायोमेट्रिक या कंपनी के मोबाइल ऐप से प्रक्रिया पूरी तरह मुफ्त में कर सकते हैं।
पुरवा हवाओं का दबाव बढ़ा, अगले सप्ताह दस्तक दे सकता है मानसून
वाराणसी पिछले 10 दिन से तीखी धूप और उमस झेल रहे लोगों को अगले सप्ताह से राहत मिलने की उम्मीद है। शनिवार से पुरवा हवाओं का दबाव बढ़ गया है। इस वजह से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। जिस तरह से मानसून की सक्रियता पूर्वांचल में बढ़ी है। इसको देख मौसम वैज्ञानिक भी अगले सप्ताह मानसून की दस्तक की संभावना जता रहे हैं।
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है शुरुआती दिनों में बारिश के आसार हैं। शनिवार को दिन में धूप तीखी होने से रात में लोग गर्मी से परेशान रहे। जून शुरुआत से ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवा चलने से लोग दिन की तरह ही रात में भी गर्मी से बेचैन हो गए। हवा की रफ्तार थमने से भी उमस से किसी तरह की राहत नहीं मिली। दिन की तरह रात को भी लोग गर्मी से परेशान रहे। शनिवार को अधिकतम तापमान औसत से 6.6 डिग्री सेल्सियस अधिक 42.5 रिकॉर्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान भी 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।