Varanasi News: मंदिर-स्कूल के पास नहीं होगी तंबाकू की दुकान, नगर निगम ने शुरू किया सर्वे; होगी कार्रवाई
काशी में मंदिर और स्कूलों के पास अब तंबाकू की दुकानों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। नगर निगम ऐसी दुकानों के खिलाफ अभियान चलाएगा। इसके साथ ही उन लोगों पर कार्रवाई भी करेगा।
विस्तार
Nagar Nigam Varanasi: नगर निगम तंबाकू की ऐसी दुकानों का सर्वे कराएगा जो मंदिर और स्कूल की 100 मीटर की परिधि के दायरे में हैं। उन सभी दुकानदारों को चेतावनी दी जाएगी और उन्हें 100 मीटर की परिधि से बाहर किया जाएगा। मौजूदा समय में शहर के कई बड़े मंदिरों और विद्यालयों के ठीक बाहर तंबाकू की दुकानें खुली हुई हैं।
शहर के दुर्गाकुंड मंदिर, चौकाघाट के पास मंदिर समेत शहर के कई बड़े मंदिरों और विद्यालयों के बाहर तंबाकू खुलेआम बिक रहे हैं। संशोधित प्रस्ताव में पान की दुकानों को प्रतिबंध से बाहर रखने का निर्णय लिया गया है।
तंबाकू के खिलाफ समय-समय पर अभियान चलाया जाता है लेकिन यह प्रभावी नहीं दिखाई देता है। अभियान के दौरान सिर्फ सामान्य जुर्माना वसूला जाता है, कभी मुकदमा दर्ज नहीं कराया जाता है। इसीलिए यह कारण भी है कि मंदिर और स्कूलों के बाहर अभी भी धड़ल्ले से यह दुकानें चल रही हैं।
अब नगर निगम ने सर्वे कराकर कड़ी कार्रवाई का फैसला लिया है। अधिनियम के तहत सिगरेट, पान मसाला के दुकानदरों को अब निगम से लाइसेंस व पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराना होगा और यह पंजीकरण एक वर्ष के लिए मान्य होगा।
बोले अधिकारी
शासनादेश के मुताबिक सर्वे कराया जाएगा। तंबाकू की दुकानों के लाइसेंस भी चेक किए जाएंगे। मंदिर और स्कूलों के पास से तंबाकू की दुकानों को हटवाया जाएगा। - अशोक कुमार तिवारी, मेयर