Varanasi News: वाराणसी से अहमदाबाद के लिए चलेगी नई ट्रेन, जल्द शुरू किया जाएगा संचालन; पढ़ें पूरी जानकारी
Varanasi News: वाराणसी से अहमदाबाद (साबरमती) के बीच नई ट्रेन चलाने को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। ट्रेन शुरू होने से पूर्वांचल और गुजरात के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। प्रयागराज, कानपुर, आगरा, जयपुर और अजमेर होते हुए प्रस्तावित ट्रेन व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के लिए यात्रियों को बड़ी राहत देगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी से अहमदाबाद तक जल्द ही नई ट्रेन चलाने की तैयारी है। इस ट्रेन से अहमदाबाद तक जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत होगी। रेल मंत्रालय की ओर से वाराणसी से अहमदाबाद के साबरमती स्टेशन के बीच ट्रेन संचालन की स्वीकृति मिल चुकी है। इससे पूर्वांचल और गुजरात के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के लिए आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
काशी से अहमदाबाद जाने के लिए अब तक गोरखपुर से अहमदाबाद हर दिन जाने वाली ट्रेन नंबर 19490, सप्ताह में एक दिन शनिवार को वाराणसी से साबरमती जाने वाली ट्रेन नंबर 20964 चलती है। इसके अलावा बनारस स्टेशन से हर शनिवार को अहमदाबाद होते हुए ओखा तक ट्रेन नंबर 22970 का संचालन होता है।
ट्रेन नंबर 19168 रविवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार को वाराणसी से साबरमती चलती है। बनारस स्टेशन से हर बुधवार को 12946 बनारस से वेरावल तक चलती है। इन सब ट्रेनों के चलने के बाद भी भीड़ बहुत होती है।
अब वाराणसी से साबरमती तक ट्रेन चलाने की मंजूरी रेल मंत्रालय से मिलने के बाद जल्द ही ट्रेन का संचालन शुरू हो सकता है। यह ट्रेन वाराणसी में किस स्टेशन से चलाई जाएगी, इसका फैसला आधिकारिक पत्र जारी होने के बाद ही हो सकेगा।
प्रयागराज, कानपुर, आगरा होते हुए जाएगी ट्रेन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन चलाने की स्वीकृति का पत्र कानपुर और आगरा के सांसद समेत इस रूट के अन्य सांसदों को भी भेजा है। इस ट्रेन के चलने का स्टेशन, तिथि, यात्रा रूट भी जल्द ही रेलवे बोर्ड की ओर से जारी होने का इंतजार है। फिलहाल जिस रूट की चर्चा है, उसमें वाराणसी से प्रयागराज, गोविंदपुरी (कानपुर), आगरा, जयपुर, अजमेर होते हुए साबरमती (अहमदाबाद) तक ट्रेन चलेगी।