Varanasi News: GRP-RPF ने पकड़े 12 लाख के कछुए, नाबालिग बरामद, आरोपी अरेस्ट; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें
दून एक्सप्रेस के महिला कोच से जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने 60 कछुए बरामद किए हैं। उन्हें तस्कर नहीं मिला। वहीं, जैतपुरा पुलिस ने नाबालिग को अपहर्ता के साथ पकड़ लिया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
कैंट जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बीती शाम दून एक्सप्रेस के महिला कोच से 60 कछुआ बरामद किए। छह पिट्ठू बैग से बरामद कछुओं को जीआरपी ने वन विभाग को सौंपा। इनकी कीमत 12 लाख रुपये आंकी गई है। जीआरपी ने यात्रियों से काफी पूछताछ की, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बताया।
कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि प्लेटफॉर्म आठ पर 13010 दून एक्सप्रेस की आरपीएफ और जीआरपी ने चेकिंग की। इस बीच महिला कोच में 6 बैग (2 पिट्ठू व 4 झोले) लावारिस मिले। इसमें 60 जिंदा कछुए बरामद हुए। वन विभाग के दरोगा अनिल श्रीवास्तव को इन्हें सौंपा गया।
किशोरी को अगवा करने का आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा करने के मामले में आरोपी को जैतपुरा पुलिस ने गुरुवार को ऊंचवा मैदान से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान शक्कर तालाब निवासी ऐतेसामुलहक के रूप में हुई है। 1 अप्रैल को सरैया निवासी नाबालिग की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने नाबालिग को भी बरामद कर लिया।
मकान मालिक और किरायेदार में मारपीट, केस दर्ज
जैतपुरा थाना क्षेत्र के ईश्वरगंगी पोखरा मोहल्ले में मकान मालिक और किरायेदार में मारपीट हो गई। ईश्वरगंगी पोखरा निवासी पीड़ित हरि गोविंद दूबे ने पुलिस को बताया कि मकान मालिक सुरेश ने पिटाई की। जिससे उसके सिर और हाथ में चोटें आई हैं। पत्नी संध्या दुबे और भाई दीपक दुबे को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपहर्ता गिरफ्तार, किशोरी को मुक्त भी कराया
किशोरी को अगवा करने के मामले में आरोपी को कपसेठी पुलिस ने बृहस्पतिवार को कुरू चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। साथ ही किशोरी को भी मुक्त कराया। आरोपी की पहचान गैरहा निवासी सत्यम गौड के रूप में हुई है।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को फूलपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को कैथोली मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अशोक पटेल निवासी कठिरांव (जंगलपुर) के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और धमकी के मामले में युवती ने बुधवार को केस दर्ज कराया था।
एसी मैकेनिक की पिटाई करने वालों पर केस दर्ज
महमूरगंज में प्राथमिक विद्यालय के पास एसी और फ्रिज मैकेनिक की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। पीड़ित ने भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया है। मोतीझील के सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि वह रविवार शाम अपने भाई सुशील के साथ काम से घर लौट रहा था।
महमूरगंज प्राथमिक विद्यालय के पास मड़ौली के रहने वाले विवेक राय ने छह साथियों के साथ उसे रोका और दस हजार रुपये की मांग करने लगे। असमर्थता जताने पर सभी ने लोहे की रॉड से पिटाई कर दी। सुनील की शिकायत पर विवेक और अज्ञात साथियों पर मुकदमा दर्ज किया गया।
पान दुकानदार को गोली मारने का आरोपी गिरफ्तार
सिंधौरा थाना क्षेत्र के मरूई गांव में पिछले हफ्ते पान विक्रेता पर फायरिंग के आरोपी को फूलपुर पुलिस ने बृहस्पतिवार को तपस्वी महाराज इंटर कॉलेज राजपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से तमंचा और बाइक बरामद हुई।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान मरूई निवासी पवन कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में पवन ने बताया कि वह अपने साथियों सत्यम और शशांक सिंह के साथ रवि मौर्य के पिता सुरेंद्र मौर्य की दुकान पर पहुंचा। रुपये लेनदेन को लेकर रवि से विवाद हुआ था। बाइक पर बैठे सत्यम ने सुरेंद्र पर गाेली चलाई और भाग निकला।
किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज
बड़ागांव के वाजिदपुर हरहुआ गांव से किशोरी के अपहरण के मामले में केस दर्ज कराया गया है। पीड़ित रामकेश यादव ने बताया कि उसकी 14 साल की बेटी 2 अप्रैल को अपराह्न 3 से 4 बजे के बीच गेहूं काटने के लिए खेत जा रही थी, तभी गांव के ही जिम्मेदार ने उसे डरा-धमका कर गाड़ी में बिठा लिया। साथ ही गौरा चांदपुर में एक अंधेरे कमरे में एक महिला की निगरानी में बंद कर दिया।
नाबालिग के साथ छेड़खानी, केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कनियर नरायनपुर गांव में नाबालिग के साथ छेड़खानी में पीड़िता की मां ने केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि 15 अप्रैल को उसकी बेटी शौच करने गई थी, तभी आरोपी विजय शंकर पटेल ने जबरन दरवाजा खोलकर छेड़खानी की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग निकला।
जमीन के सट्टा के नाम पर धोखाधड़ी, 5 पर केस
जमीन के सट्टा के नाम पर साढ़े छह लाख की धोखाधड़ी के मामले में पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नक्खीघाट दनीयलपुर के दीपक लाल विश्वकर्मा ने बताया कि 9 दिसंबर 2021 को काशीराम आवास शिवपुर की रहने वाली आरती, पति विवेक ने 6 लाख 35 हजार रुपये में जमीन का सट्टा किया। उसी जमीन को आरती ने कैंट के रामावतार को 13 सितंबर 2024 को सट्टा कर दिया। जांच की गई तो आरती, विवेक, राम अवतार, अंशिका, चंदा ने धमकी दी और पूरे पैसे हड़प लिए।
ऑनलाइन सीमेंट की खरीदारी में 48 हजार की ठगी
ऑनलाइन सीमेंट की खरीदारी के बहाने महिला से 48,772 रुपये की धोखाधड़ी हुई। पीड़िता ने चितईपुर थाने में केस दर्ज कराया है। चितईपुर थाना क्षेत्र के वृंदावन सुसुवाही की रहने वाली रीना सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने घर की छत ढलवाने के लिए एसीसी गोल्ड लिमिटेड से ऑनलाइन 48,772 रुपये देकर 150 बोरी सीमेंट 21 फरवरी 2025 को बुक कराया था।
बुकिंग के समय फोन पर बात करने वाले ने 24 घंटे में सीमेंट पहुंचने का आश्वासन दिया। फिर 25 फरवरी से फोन उठाना बंद कर दिया। ऑनलाइन साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाने में बताया गया कि नालंदा, बिहार में पैसे निकाले गए हैं।
मारपीट में 6 नामजद के खिलाफ केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा में बुधवार रात रोहित मौर्या की पिटाई के मामले में छह नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रोहित के भाई राहुल ने बताया कि कन्हैया स्टोर के पास धारदार हथियार से रोहित पर हमला किया गया। मारपीट करने वालों में विक्की कन्नौजिया, विशाल गुप्ता, इशू, शुभम, अरुण, आकाश सहित अज्ञात हैं। बीचबचाव करने पहुंचे विकास मौर्या, रोहित और सतीश की भी पिटाई की गई। घायलों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
दैत्रावीर बाबा मंदिर से घंटा चोरी में दो गिरफ्तार
पड़ाव के दैत्रावीर बाबा मंदिर से घंटा चोरी के मामले में रामनगर पुलिस ने दो आरोपियों को पंचवटी तिराहे के पास 52 बीघा से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चोरी के 15 घंटे बरामद हुए। रामनगर इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के पंडित के पुरवा निवासी राहुल मिश्र और रामपुर रामनगर निवासी रवि सिंह के रूप में हुई है। 14 अप्रैल को दैत्रावीर बाबा मंदिर से घंटे और घंटियां चोरी की गई थीं।
शीतला मंदिर में महिला दर्शनार्थी की चेन चोरी
शीतला घाट मंदिर से महिला दर्शनार्थी की पिछले हफ्ते चेन चोरी हो गई। पीड़िता ने दशाश्वमेध थाने में बृहस्पतिवार को केस दर्ज कराया। फरीदपुर की गायत्री पाल ने बताया कि वह छह अप्रैल को शीतला मंदिर में दर्शन करने गई थीं। भीड़ में किसी ने सोने की नौ ग्राम की चेन चोरी कर ली। थाना प्रभारी ने बताया कि सीसी कैमरे की मदद से जांच कराई जा रही है।
महिला अस्पताल में अब बच्चेदानी, पथरी का ऑपरेशन
जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा में महिलाएं अब बच्चेदानी और पथरी का ऑपरेशन करा सकेंगी। अस्पताल में इस सुविधा के शुरू होने से महिलाओं को बड़ी सहूलियत होगी। अस्पताल की एसआईसी डॉ. नीना वर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में निसंतान महिलाओं के उपचार की व्यवस्था भी शुरू करवाई जाएगी। ओवेरियन सिस्ट से परेशान महिलाओं की भी जरूरत के हिसाब से सर्जरी की जाएगी। ऑपरेशन थियेटर में ब्लड स्टोरेज यूनिट भी है, जिसमें हर समय छह यूनिट ब्लड रहता है।
लोन के आवेदनों की जांच करने बैंक पहुंचे डीएम
डीएम एस. राजलिंगम गुरुवार को अचानक बैंक ऑफ बड़ौदा लेढ़ूपुर शाखा पहुंच गए। उन्होंने यहां मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत लंबित लोन आवेदनों के बारे में शाखा प्रबंधक से पूछा। शाखा प्रबंधक ने बताया कि नौ आवेदन स्वीकृत किए गए और दो आवेदन अभी लंबित हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अंदर हर हाल में निस्तारण करें। जिला प्रबंधक को निर्देशित किया कि ऋण स्वीकृत/वितरण के लिए कॉमन चेक लिस्ट जारी करें। उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों की जानकारी गूगल शीट पर साझा करें।
सीयूजी नंबर नहीं उठाने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर निगम की ओर से जारी सीयूजी नंबर नहीं उठाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने आदेश जारी किया है। कहा कि शिकायत मिल रही है कि कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से सीयूजी नंबर का प्रयोग जनहित में नही किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सीयूजी नंबरों पर (कॉल/व्हाट्सएप) प्राप्त होने वाली जनशिकायतों का संज्ञान लेते हुए त्वरित निस्तारण किया जाना सुनिश्चित करें।
अस्सी घाट पर जेसीबी से दुकान ध्वस्त कराई
नगर निगम की ओर से गुरुवार को प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा की अगुवाई में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अस्सी घाट पर सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से वेंडिंग करने पर जेसीबी से दुकान को ध्वस्त कराया गया।
नरहरपुरा लोहटिया में पशु बांधकर गंदगी और रास्ता बाधित करने पर दो भैंस और चार गाय जब्त कर ली गईं। पहड़िया चौराहा से बेनीपुर रोड से अस्थाई दुकानें, ठेला गाड़ी हटवाई। साथ ही 1 ठेला गाड़ी को जब्त कर जुर्माना वसूला गया। लल्लापुरा में एओ मुस्लिम इंटर कॉलेज की जमीन पर अवैध तरीके से दुकान चलाने वालों को कागजात के साथ निगम में बुलाया गया।
साइबर क्राइम थाने के प्रभारी बने विजय नारायण
पुलिस आयुक्त ने साइबर क्राइम थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह को लालपुर-पांडेयपुर थाने का प्रभारी बनाया। वहीं, पुलिस लाइन से निरीक्षक विजय नारायण मिश्र को साइबर क्राइम थाने की कमान सौंपी। लालपुर-पांडेयपुर थानाध्यक्ष विवेक पाठक को उसी थाने में एसएसआई तैनात किया है।
महिला शिक्षक से दुर्व्यवहार में हो सकती है कार्रवाई
बीएचयू महिला महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर से दुर्व्यवहार करने वाले विज्ञान संस्थान के असिस्टेंट प्रोफेसर पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है। महिला की शिकायत के बाद विमेंस ग्रीवांस सेल ने जांच रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को दी है। विज्ञान संस्थान के शिक्षक को कैंपस में मिले आवास, प्रशासनिक पद सहित अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर फैसला हो सकता है। महिला शिक्षक की ओर से महिला आयोग को भी शिकायत करने की तैयारी है।
भुगतान नहीं करने वालों की संपत्तियां होंगी निरस्त
भुगतान नहीं करने वालों की संपत्तियां निरस्त की जाएंगी। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने निर्देश दिया है कि जिन बकायेदारों की ओर से भुगतान नहीं किया जा रहा है, उनकी संपत्तियों को निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी को बकाया भुगतान करने के लिए अंतिम नोटिस दिया जाए। 20 बकाएदार हैं, जिन्होंने भुगतान नहीं किया है। सभी को नोटिस भेजा गया है।
उधर, वीडीए सभागार में गुरुवार को बैठक में अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने लंबित शमन मानचित्रों की समीक्षा कर निस्तारण का निर्देश दिया। जोनल अधिकारी को सील प्रकरणों की जांच कर बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। साथ ही 01 सप्ताह में जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर सुनिश्चित करें।
आठ बीघे की अवैध प्लॉटिंग कराई ध्वस्त
वीडीए की ओर से आठ बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। नगवां वार्ड के पंडितपुर हरदत्तपुर में शीतला यादव की ओर से आठ बीघे में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इन्हें पूर्व में नोटिस दिया गया था। बावजूद प्लॉटिंग कराने पर प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के सहयोग से प्लॉटिंग ध्वस्त कराई। जोनल अधिकारी संजीव कुमार, अवर अभियंता आदर्श निराला की देखरेख में कार्रवाई की गई।
10 आवंटियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी
वीडीए में गुरुवार को विशेष रजिस्ट्री कैंप में 40 लोग पहुंचे। इसमें से 10 आवंटियों ने अपनी संपत्तियों का पूर्ण भुगतान किया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर लगे कैंप की अध्यक्षता सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा ने की। इसमें प्राधिकरण की आवासीय योजनाओं लालपुर, अशोक विहार, बड़ी गैबी में पूरा भुगतान कर चुके 10 आवंटियों की रजिस्ट्री की प्रक्रिया विधिक रूप से पूरी की गई। इस दौरान संपत्ति दस्तावेजों से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
डिजिटल निगरानी के लिए नए सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर वीडीए सभागार में प्रवर्तन पोर्टल का प्रशिक्षण दिया गया। अपर सचिव परमानंद यादव की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। यह नया प्रवर्तन सॉफ्टवेयर उत्तर प्रदेश सरकार के आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की ओर से विकसित एक डिजिटल प्रबंधन प्रणाली है। जो अनधिकृत निर्माण गतिविधियों की निगरानी और नियंत्रण के लिए अत्यंत प्रभावी उपकरण है। पूर्व में संचालित पोर्टल के स्थान पर यह नया सिस्टम उन्नत और यूज़र-फ्रेंडली है।
अमृत सरोवर में पानी की व्यवस्था करें : बीडीओ
चिरईगांव ब्लॉक सभागार में गुरुवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में खंड विकास अधिकारी बीरेंद्र द्विवेदी ने कहा कि मनरेगा के तहत कार्यों के लिए तत्काल आईडी जनरेट कराएं और कार्य शुरू कराएं। अमृत सरोवरों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया।
कहा कि नहर, सरकारी ट्यूबवेल या अन्य संसाधनों के माध्यम से इन जलस्रोतों में पानी भरा जाए। बीडीओ ने बताया कि वर्ष 2024-25 के लिए आवंटित 19 प्रधानमंत्री आवास सभी पूर्ण हो चुके हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 135 में से 108 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष 27 अब भी अपूर्ण हैं।
रेल प्रशासन ने नहीं सुनी तो युवाओं ने खुद बनाया रास्ता
कादीपुर रेलवे क्राॅसिंग ओवरब्रिज निर्माण के चलते चौबेपुर-बाबतपुर रेलवे क्राॅसिंग बंद होने से 40 गांवों का संपर्क मार्ग टूट गया है। ग्रामीणों ने डीआरएम समेत अन्य रेल अधिकारियों को पत्रक सौंपकर क्रॉसिंग के दक्षिण पुलिया के पुराने जर्जर रास्ते को खोलने की मांग की थी।
आरोप है कि रेलवे ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद चुमकुनी छित्तमपुर के समाजसेवी अमित राय के नेतृत्व में युवाओं ने बृहस्पतिवार को अपने खर्चे से जेसीबी से पूरा रास्ता बना डाला। ताकि बाइक, ऑटो पुलिया के नीचे से गुजर सके। अब तक लोगों को 8 किमी घूमकर जाना पड़ता था। प्रधान राघवेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में कई गांवों के लोगों ने रेलवे अधिकारियों से मुलाकात की थी।
आरपीएफ की कांस्टेबल ने बचाई मां, बेटी की जान
कैंट रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को आरपीएफ की महिला कांस्टेबल ने मां और बेटी की जान बचाई। बेटी को सही सलामत देख बुजुर्ग पिता की आंखें भर आईं। कैंट इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि लोहटिया निवासी ओमप्रकाश, उनकी पत्नी राजकुमारी और बेटी बॉबी चंदौली में शादी में शामिल होने के लिए कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म आठ से चलती कोटा पटना एक्सप्रेस में चढ़ रहे थे।
उनकी पत्नी प्लेटफॉर्म व ट्रेन के पायदान के बीच फंस गईं। उन्हें बचाने के दौरान बेटी भी किनारे आ गई। यह देख महिला कांस्टेबल बबीता शर्मा ने बिना किसी देरी के बुजुर्ग महिला को खींच लिया। साथ ही बेटी को प्लेटफॉर्म के किनारे से बाहर किया। वहीं, बेटी और पत्नी को सही सलामत देखकर राजकुमार की आंखों से आंसू निकल पड़े। उन्होंने महिला कांस्टेबल का धन्यवाद किया।
वृद्धा की मौत के मामले में चालक गिरफ्तार, हंगामा
सारनाथ के सथवां में बुधवार रात सड़क पार करते समय कार के धक्के से वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया। वाहन को कब्जे में ले लिया है। वृद्धा के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। उधर, रात को जाम समाप्त होते ही लोगों ने रात डेढ़ बजे चालक के घर पर पहुंचकर उसकी पिटाई कर दी। बृहस्पतिवार सुबह परिजन व स्थानीय लोग सारनाथ थाने पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस की ओर से चालक की गिरफ्तारी और कार्रवाई के आश्वासन पर दो घंटे बाद बाद जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से चालक के निवास स्थान गोइठहां (लालपुर–पांडेयपुर) पहुंची। पूछताछ में चालक जगदीश ने बताया कि वह शाहजहांपुर में कॉपरेटिव पंचायत में सीनियर ऑडिटर है। थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
ट्रेन के सामने कूद कर युवक ने दी जान
चौखंडी रेलवे स्टेशन के बीच सोनबरसा रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिम अप लाइन पर बृहस्पतिवार शाम युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। गेट मैन की सूचना पर पहुंची जंसा पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शव की शिनाख्त कराई जा रही है। गेटमैन ने बताया कि युवक कुछ देर तक टहलने के बाद ट्रेन के करीब आते ही ट्रैक पर कूद गया।
ईंट से सिर फोड़ा, हाथ में दांत से काटा
रोहनिया के अखरी में ओढ़े निवासी जितेंद्र कुमार दुबे को बाइक सवार एक युवक ने बृहस्पतिवार को पीट दिया। जितेंद्र का आरोप है कि उस पर ईंट से वारकर आरोपी युवक ने सिर फोड़ दिया। साथ ही हाथ में दांत से काट लिया। पीड़ित जितेंद्र ने आरोपी तनिष्क सेठ उर्फ पंकज के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
565 रुपये सालाना पर लीजिए दस लाख रुपये दुर्घटना बीमा का कवरेज
द स्माॅल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन व इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ओर से बृहस्पतिवार को एमएसएमई इंडस्ट्रियल एस्टेट चांदपुर में कार्यशाला हुई। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ब्रांच मैनेजर वंशिता कुमारी ने बताया कि व्यक्तिगत दुर्घटना पॉलिसी में 565 रुपये सालाना देने पर 10 लाख का दुर्घटना बीमा कवरेज मिलेगा।
बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर अधिकतम दो बच्चों की शिक्षा के लिए भी 50000 रुपये दिए जाएंगे। अस्पताल में भर्ती होने पर 15 दिनों तक 500 रुपये प्रतिदिन देने की योजना है। दवाओं की खरीद पर 15% तक की छूट और जांच पर 40 तक की छूट की व्यवस्था है।
एसआईए के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने कहा कि कर्मचारी व कामगार बीमा कराते हैं तो जरूरत के समय कर्मचारी आर्थिक रूप से सुरक्षित रहेंगे। मुख्य अतिथि एमएसएमई के डिप्टी डायरेक्टर आरके चौधरी ने कहा कि दुर्घटना बीमा पॉलिसी भविष्य को सुरक्षित करने का काम करती हैं। संचालन नीरज पारिख और धन्यवाद बृजेश केशरी ने किया। कार्यशाला में वीके राणा, विकास विश्वकर्मा, नितीश श्रीवास्तव, प्रीति, उद्यमी शीशपाल गर्ग, अनुपम देवा माैजूद रहे।
राज्यमंत्री ने वितरित किए वेंडिंग कार्ड
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बृहस्पतिवार को सारनाथ में स्ट्रीट वेंडर सेवा की ओर से सैकड़ों लोगों को वेंडिंग कार्ड वितरित किए। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को रोजगार के साथ ही खुद का व्यापार करने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर विकास प्राधिकरण के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा, एक्सईएन एलबी दुबे, अजीत सिंह, अतुल सिंह, अभय पांडेय और संजय जायसवाल मौजूद रहे।
गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो...
श्रीमद्भागवत कथा की पूर्णाहुति हवन-पूजन और भजन संध्या के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने यज्ञकुंड में आहुतियां डालीं और विश्व कल्याण की कामना की। धूप, दीप और मंत्रोच्चार से आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। कलाकारों ने श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम..., गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो... आदि भजन सुनाए। संचालन सृजन चतुर्वेदी ने किया। पूजन में चंद्रशेखर तिवारी, त्रिज्या तिवारी, अरुण तिवारी, भव्य तिवारी, अपूर्व कुमार तिवारी, राजेश तिवारी आदि रहे।
वृद्धाश्रम में दीं खाद्य एवं दैनिक जरूरत की चीजें
रोटरी क्लब काशी की ओर से सारनाथ स्थित वृद्धाश्रम और कुष्ठ आश्रम में खाद्य एवं दैनिक उपयोग की सामग्रियों का वितरण हुआ। आश्रम में पुरुष एवं महिला समेत करीब 35 सदस्यों को सामग्रियां दी गईं। क्लब के अध्यक्ष सीए रमेश गुप्ता, अरुण तिवारी और सचिव प्रो. बृजेश जायसवाल के नेतृत्व में सदस्यों ने आश्रम के वृद्धों के साथ समय गुजारा और उन्हें उपहार दिए। इस मौके पर अश्विनी श्रीवास्तव, सुभाष सिंह, डॉ. एपी राय, भानु शंकर पांडेय, राजन जायसवाल आदि रहे।
चंद्रशेखर यादव चुने गए जिलाध्यक्ष
पीडब्ल्यूडी नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ का अधिवेशन गुरुवार को पीडब्ल्यूडी कार्यालय के संघ भवन में हुआ। इसमें चंद्रशेखर यादव को जिलाध्यक्ष, रामप्रसाद और राधेश्याम पाल को कार्यवाहक अध्यक्ष, विपिन कुमार श्रीवास्तव को संरक्षक और सुनील कुमार गिरी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। वहीं, अजय कुमार को जिला मंत्री, अभय कुमार श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष, रामसेवक को संप्रेक्षक और फूलचंद्र सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इनके अलावा 42 कार्यकारिणी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
बौद्धिक संपदा के संरक्षण पर किया मंथन
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर में तकनीकी प्रबंधन समिति की 15वीं बैठक निदेशक डॉ. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान सब्जी उत्पादन की तकनीक के बौद्धिक संपदा संरक्षण पर वैज्ञानिकों ने मंथन किया। वैज्ञानिकों ने विकसित तकनीक के मूल्यांकन और आईपीआर संरक्षण पेटेंट के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए। बीएचयू के ह्यूमन जेनेटिक्स विभाग की प्रो. गीता राय, डॉ. इंदीवर प्रसाद डॉ. नागेंद्र राय, डॉ. अनंत बहादुर, डॉ. अरविंदनाथ सिंह, डॉ. डीपी सिंह, डॉ. हरे कृष्ण, डॉ. एसके सिंह आदि ने अपने सुझाव रखे।
वीर बहादुर को मिला राष्ट्र गौरव सम्मान
चिरईगांव के प्रह्लादपुर (गौरा कलां) निवासी शिक्षक और लोकगायक वीर बहादुर यादव को उनकी बहुआयामी सेवाओं के लिए राष्ट्र गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। विधायक सुशील सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। चंद्रशेखर फाउंडेशन की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जयंती पर सारनाथ शक्तिपीठ में आयोजित समारोह में उनका सम्मान हुआ।
बच्चों के नामांकन के लिए चलाया अभियान
प्राथमिक विद्यालय मनोरथपुर के शिक्षकों ने ईंट-भट्टों पर जाकर बाहर से आए मजदूरों के बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए अभियान चलाया। अभिभावकों को शिक्षा का महत्व बताते हुए बच्चों को स्कूलों में दाखिला कराने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाध्यापक अमिताभ मिश्र ने बताया कि बच्चे विद्यालय से वंचित न हो इसलिए ऐसे बच्चों की पहचान कर विद्यालय नाम लिखा गया है। इस दौरान बृजेश कुमार, प्रेमनाथ मौर्य, सुषमा देवी, मंशा शर्मा मौजूद रहीं।
चंद्रशेखर ने देश को एकता में पिरोने का किया काम
चंद्रशेखर फाउंडेशन की ओर से शक्तिपीठ आश्रम पर गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर और बनारस जिला बोर्ड के प्रथम अध्यक्ष बाबू प्रसिद्ध नारायण सिंह की जयंती मनाई गई। मुख्य अतिथि सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर ने भारत की राजनीतिक एकता को मजबूत किया। मुकुंद नारायण सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर भारतीय संस्कृति और परंपरा के गौरवपूर्ण मूल्य के प्रबल पक्षधर थे।
एमएलसी विनीत सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर देशहित व किसानों के हित की बात करते थे। संचालन अरविंद शुक्ला व धन्यवाद हिमांशु सिंह ने किया। उधर, बीएचयू में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को भारत रत्न दिलाने की मांग उठी। राष्ट्रपति और पीएम मोदी को संबोधित मांग पत्र प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में साैंपा गया। छात्र नेता अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर भारतीय राजनीति के अग्रदूत थे। सम्मी सिंह, रविभान सिंह, हर्ष त्रिपाठी, डॉ. शुभम तिवारी, सौरभ सिंह, दिव्यांश सिंह आदि मौजूद रहे।
राजघाट पुल पर कार खराब होने से 4 किलोमीटर लंबा जाम
राजघाट पुल पर बृहस्पतिवार देर शाम खराब कार की वजह से 4 किमी का लंबा जाम लग गया। जाम छुड़ाने में पुलिस और यातायात पुलिस परेशान रही। एक के बाद एक तीन गाड़ियों के खराब होने से जाम बढ़ता गया। शाम 7.30 बजे पड़ाव से राजघाट की ओर जा रहा पिकअप अचानक बंद हो गया। दोनों ओर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।
हालात तब और बिगड़ गए जब इसी बीच कार का टायर फट गया और वह भी बीच पुल पर फंस गई। देखते ही देखते पड़ाव से भदऊचुंगी तिराहे तक 4 किलोमीटर गाड़ियों की कतार लग गई। सड़कों पर कारें, मालवाहक और बाइक रेंगती नजर आईं। जाम की सूचना पर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। तुरंत दोनों खराब वाहनों को हटवाने की प्रक्रिया शुरू की गई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 9 बजे जाम पूरी तरह से समाप्त किया जा सका।
शाइन सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर के निदेशकों और छह एजेंट पर केस
शाइन सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर के निदेशकों व अन्य छह एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में कैंट थाने में केस दर्ज किया गया है। पीड़ित झांसी के परीक्षा कॉलोनी निवासी भरत यादव ने पुलिस को बताया कि प्लॉट के नाम पर 24 लाख 87 हजार जमा कराने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराई गई।
इस दौरान ऑफिस बंद कर सभी आरोपी भाग निकले। 2013 में शाइन सिटी के जेपी मेहता कार्यालय में संपर्क करने पर एजेंट संतोष कुमार निवासी मोहनलाल गंज लखनऊ, संजय सिंह, अनिता सिंह, रेनू सिंह ने जीबीटी नगर करैली, प्रयागराज निवासी एमडी राशिद नसीम, आसिफ नसीम से बात कराई और आशियाना कॉलोनी में 24 लाख 87 हजार का प्लॉट बुक करवाया।
बीएचयू में डेढ़ साल की बच्ची की 10 घंटे तक सर्जरी कर ट्यूमर निकाला
बीएचयू अस्पताल में 20 डॉक्टरों की टीम ने डेढ़ साल की बच्ची की सर्जरी कर करीब एक किलो का ट्यूमर निकाला। 10 घंटे तक दो चरणों में सर्जरी की गई। इसमें बाल सर्जरी विभाग के साथ ही कार्डियोथोरेसिक विभाग सहित अन्य विभाग के डॉक्टरों की टीम रही। सर्जरी के बाद बच्ची अब पूरी तरह से स्वस्थ है। अब महामना कैंसर संस्थान में उसकी कीमोथेरेपी चलेगी।
बच्ची का इलाज महामना कैंसर अस्पताल में डेढ़ महीने से चल रहा था। उसके शरीर में ट्यूमर गुर्दे से लेकर हृदय तक फैल चुका था। महामना कैंसर अस्पताल में ट्यूमर को फैलने से रोकने के लिए कीमोथेरेपी दी जा रही थी। बाद में बच्ची की सर्जरी के लिए उसे बीएचयू के कार्डियोथोरेसिक विभाग में रेफर किया गया। प्रो. सिद्धार्थ लखोटिया और बाल सर्जरी विभाग के प्रो. वैभव पांडेय के नेतृत्व में मार्च के अंत में बच्ची की सर्जरी की गई।
बिजली की आवाजाही ने बढ़ा दी परेशानी, पानी का संकट गहराया
तीन दिन से दिन में तीखी धूप होने से लोग परेशान हो गए हैं। वहीं, शहर से गांव तक बिजली कटौती जारी है। इस वजह से लोग गर्मी से परेशान हैं। कटौती होने से पानी का संकट भी झेलना पड़ रहा है। करौंदी के पास बस की टक्कर से एलटी लाइन टूट गई। दोपहर में एक घंटे तक बिजली गुल रही।
पावर कार्पोरेशन के चेयरमैन आशीष गोयल ने चार दिन पहले ही वाराणसी में बिजली आपूर्ति को लेकर समीक्षा की थी। अधिकारियों को जर्जर तार सही करवाने, लोकल फॉल्ट पर अंकुश लगाने को कहा था। इसके बाद भी फॉल्ट हो रहे हैं। बृज इन्क्लेव कॉलोनी सुंदरपुर, महेशपुर, खोजवां, चांदपुर, ककरमत्ता, नदेसर, राजाबाजार, इमलॉक कॉलोनी सहित अन्य कॉलोनियों में लोग बिजली की आवाजाही से परेशान रहे।
ग्रामीण इलाकों में रोहनिया विद्युत उपकेंद्र के यूनिवर्सिटी फीडर से दोपहर में 3 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। ट्रांसफार्मर में पैनल लगाने की वजह से समस्या हुई। अधीक्षण अभियंता प्रमोद गोगानिया ने बताया कि ढीले तारों को सही करवाया जा रहा है। इसके अलावा भी फॉल्ट मिलने की सूचना पर इसे ठीक करवाया जा रहा है।
गंगा में डॉल्फिन और कछुओं को बचाने के लिए बनेगी टीम
वन विभाग गंगा में डॉल्फिन और कछुओं के संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करेगा। इसके लिए विभाग की टीमें आसपास के गांवों के किसानों और युवाओं से मिलकर उन्हें डॉल्फिन और कछुओं के महत्व के बारे में बताएगी। गंगा में इन दिनों राष्ट्रीय जलीव जीव डॉल्फिन की संख्या बढ़ रही है, अठखेलियां करतीं डॉल्फिन और उनके बच्चे गंगा की ऊपरी सतह तक आ जाते हैं।
मार्कंडेय महादेव घाट के आस-पास अभी डॉल्फिन की संख्या 60 से अधिक होने का अनुमान है। डॉल्फिन की संख्या का बढ़ना गंगाजल की गुणवत्ता में सुधार से संभव हुआ है। वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि डॉल्फिन और कछुए गंगा नदी के लिए बहुत जरूरी हैं।
उप प्रभागीय वनाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि गंगा के किनारे रहने वाले किसानों, मछुआरों और युवाओं को जागरूक किया जाएगा। जिससे मछली पकड़ते समय मछुआरे इस बात का ध्यान रखे और डॉल्फिन और कछुओं को सुरक्षित रखा जा सके।
कैंट होकर गुजरेंगी 6 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
दिल्ली, बिहार, चंड़ीगढ़, उत्तराखंड के बीच छह जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। 04098/04097 आनंद विहार टर्मिनल-सीतामढ़ी एक्सप्रेस 22 अप्रैल से चलेगी। दोनों दिशाओं में इसका ठहराव वाराणसी कैंट स्टेशन पर होगा। 04504/04503 चंडीगढ़–पटना विशेष एक्सप्रेस आरक्षित स्पेशल का संचालन होगा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि 04030/04029 आनंद विहार टर्मिनल–मुजफ्फरपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन दोनों दिशाओं में 8-8 फेरे लगाएगी व यात्रा के दौरान कैंट में रूकेगी। 04012/04011 दिल्ली–दरभंगा स्पेशल एक्सप्रेस आरक्षित ट्रेनें वाराणसी कैंट में ठहरेगी। 04094/04093 आनंद विहार टर्मिनल–जोगबनी स्पेशल एक्सप्रेस आरक्षित ट्रेन दोनों दिशाओं में 12-12 फेरे लगाएगी।
रोजगार पाने के लिए टाइम मैनेजमेंट जरूरी
हरिशचंद्र पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग के कार्यक्रम में छात्रों को कौशल विकास से जुड़ी अहम जानकारियां दी गई। इस दौरान काशी विद्यापीठ में अर्थशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. अंकिता गुप्ता ने कहा कि रोजगार पाने के लिए कौशल विकास और टाइम मैनेजमेंट पर ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रोजगार प्राप्त करने के लिए जो क्वालिटी होनी चाहिए उसे सीखना पड़ेगा। उन्होंने टाइम मैनेजमेंट , स्किल डेवलपमेंट, स्व मूल्यांकन, अपनी प्रतिभा को निखारना, राइटिंग स्किल डेवलप करना और ग्रुप डिस्कशन के बारे में विस्तार से बताया। अध्यक्षता करते हुए प्रोफेसर विश्वनाथ वर्मा ने कहा कि छात्रों को समूह में पढ़ने की जरूरत है।
रोजगार परक कोर्स के लिए आवेदन करें युवा
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट में अनुसूचित जाति/जनजाति अन्य पिछड़ा वर्ग और इन वर्गों के दिव्यांगजन अभ्यर्थियों के लिए एक वर्ष का कार्यालय प्रबंधन प्रशिक्षण कोर्स शुरू होगा। सहायक निदेशक मुकेश कुमार ने बताया कि टंकण, आशुलिपि, कंप्यूटर सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, सचिवीय पद्धति एवं सामान्य गणित आदि विषयों का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। उम्र 18 से 35 वर्ष तथा शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट पास होना चाहिए। इसके साथ ही हाईस्कूल स्तर पर अंग्रेजी विषय अनिवार्य है। प्रवेश लेने के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है।
कैंपस प्लेसमेंट में 117 को मिली नौकरी
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में गुरुवार को कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन हुआ। इसमें उत्तराखंड की एक कंपनी ने 140 अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा और साक्षात्कार लिया। परीक्षा में 117 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि 150 की वैकेंसी थी। अभ्यर्थियों को उत्तराखंड में 23,626 रुपये प्रति माह पर नौकरी दी गई है। नोडल प्रधानाचार्य एमके सिंह ने बताया कि इसमें 2022, 2023 और 2024 के पासआउट अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। चयनित युवाओं को 25 अप्रैल को उत्तराखंड जाकर ज्वाइन करना है।
आईआईटी बीएचयू में दी गई जेमपोर्टल से खरीदारी की जानकारी
आईआईटी बीएचयू में सार्वजनिक खरीद और सरकारी ई-मार्केटप्लेस जेम पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने जेम से खरीदारी के बारे में विस्तार से बताया। संस्थान के एबीएलटी4 में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यवाहक निदेशक प्रो. एनके मुखोपाध्याय ने किया।
गुरुवार को प्रोक्योरमेंट ऑपरेशन्स एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में असिस्टेंट प्रो. रूत्विक पाठक ने खरीद चक्र, उसके मूल सिद्धांतों, विभिन्न खरीद विधियों के बारे में बताया। जेम विशेषज्ञ निखिल राय ने इस प्लेटफॉर्म की विशेषताओं, लाभों और कार्यान्वयन प्रक्रिया के बारे में बताया। कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ अधीक्षक अभिषेक मिश्रा, धन्यवाद उप-कुलसचिव डॉ. अमित कुमार सिंह ने किया।
संस्कृत विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षा को लेकर छुट्टियां रद्द
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 25 अप्रैल से 4 मई तक होने वाली शास्त्री प्रथम, पंचम सेमेस्टर की परीक्षा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा की तैयारी को लेकर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इस बीच विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के लिए 25 अप्रैल तक घोषित साप्ताहिक, पर्व के अवकाश को परीक्षा विभागीय और संबद्ध कर्मचारियों के लिए निरस्त किया गया है। ऐसे में संबंधित कर्मचारियों को अवकाश के दिनों में भी विश्वविद्यालय में परीक्षा संबंधी कार्यों को करना होगा।
केंद्रीय विद्यालय में मनाया गया प्रवेशोत्सव
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में गुरुवार को कक्षा एक के विद्यार्थियों का प्रवेशोत्सव मनाया गया। साथ ही अभिभावक अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा व उपप्राचार्य अभिषेक त्रिपाठी रहे। इस अवसर पर अभिभावकों को पठन-पाठन, विद्या प्रवेश, तकनीकी शिक्षा का समावेश और पाठ्य पुस्तकों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अंजली, विजय सिंह समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
सम्मान समारोह में 65 शिक्षक सम्मानित
कंपोजिट विद्यालय बेलवरिया में गुरुवार को हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान रैली निकाली गई। इसके बाद शिक्षक सम्मान समारोह हुआ। मुख्य अतिथि अंबरीश सिंह भोला ने कहा कि शिक्षकों का राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान हैं। कार्यक्रम में 65 शिक्षकों, 5 पूर्व एआरपी, 3 नवागत एआरपी को सम्मानित किया गया। वहीं, चार सेवानिवृत्त शिक्षकों को विदाई दी गई।
एनएसजी वन कैटेगरी के हिसाब से हों यात्री सुविधाएं : प्रमुख वित्तीय सलाहकार
उत्तर रेलवे नई दिल्ली की प्रमुख वित्तीय सलाहकार भावना शर्मा ने गुरुवार को कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने एनएसजी वन कैटेगरी के हिसाब से स्टेशन पर अन्य यात्री सुविधा विकसित करने पर जोर दिया। प्रमुख वित्तीय सलाहकार ने आईआरसीटीसी प्रीमियम लाउंज, पार्सल घर, मेडिकल कंटेनर यूनिट, टिकट घर, द्वितीय प्रवेश द्वारा, प्रथम तल स्थित एसी वेटिंग हॉल, बुकिंग ऑफिस, ओएसओपी स्टाल आदि का हाल जाना। लोहता स्थित नई वाशिंग लाइन और क्रॉसिंग 5 स्पेशल का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ खामियों को दुरूस्त करने का निर्देश दिया।
आज आएंगे डिप्टी सीएम केशव माैर्य
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार की दोपहर पौने तीन बजे हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। करीब तीन बजे सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं से मुलाकात करेंगे और विभागीय अफसरों के साथ बैठक करेंगे। चार बजे बाबतपुर में एक होटल का उद्घाटन करेंगे और यहीं एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
शाम आठ बजे पांडेयपुर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। शनिवार सुबह आठ बजे बाबा कालभैरव के दर्शन करने जाएंगे और उसके बाद बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन पूजन करेंगे।
युवा उद्यमी विकास के लिए मांगे गए आवेदन
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत लोन देने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। जिले के निवासी युवा/ युवतियां वेबसाइट http//msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनवाने के लिए https://msmeup.iid.org.in/customize-bankable-report लिंक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। जिला उद्योग उपायुक्त मोहन शर्मा ने बताया कि आवेदक की उम्र 21 से 40 वर्ष होनी चाहिए।
जगमग होगी सारनाथ से रिंग रोड की सड़क
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बृहस्पतिवार को सारनाथ तिराहे से रिंग रोड तक सड़क के दोनों ओर पटरी पर 50.15 लाख रुपये की लागत से विद्युतीकरण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अब रिंग रोड से सारनाथ होते हुए वाराणसी में प्रवेश करने वाले किसी भी नागरिक को कोई परेशानी नहीं होगी। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युतीकरण का यह काम युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर पूरा कराएं।
माैसम : आज से आंधी बारिश के आसार
तीन दिन से तेज धूप और गर्मी से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। गुरुवार को भी अन्य दिनों की तुलना में धूप बहुत तीखी रही। हवा भी ठप रही, जिससे बाइक और साइकिल चलाते समय चेहरा झुलसने जैसी गर्मी लग रही थी। दिन में धूप तेज होने की वजह से रात को भी गर्मी से किसी तरह की राहत नहीं मिली।
बृहस्पतिवार का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि औसत से 1.4 अधिक रहा। न्यूनतम तापमान भी 24.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, यह औसत से 1.8 ज्यादा रहा। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार से एक बार फिर मौसम बदलेगा। रविवार तक आंधी, बारिश के भी आसार हैं।