Varanasi: BHU में 49 महीने बाद ईसी गठित, आठ सदस्यों में तीन भाजपा के नेत; राष्ट्रपति मुर्मू ने किया नामित
कार्यकारिणी परिषद को लेकर काशी हिन्दू विश्वविद्यालय ने पत्र भी जारी कर दिया है। इससे पहले 2018 में भी परिषद का गठन किया गया था लेकिन तीन साल बाद यह खत्म हो गया। इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से आठ सदस्यों को नामित किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीएचयू में 49 महीने बाद कार्यकारिणी परिषद (ईसी) का गठन हो गया है। शिक्षा मंत्रालय ने बीएचयू की विजिटर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से नामित किए गए 8 सदस्यों के नाम रजिस्ट्रार को भेज दिए हैं। इनमें 3 भाजपा नेता हैं। बीएचयू ने इसका पत्र जारी भी कर दिया है।
यह पहला मौका होगा जब बीएचयू की ईसी में भारतीय जनता पार्टी के तीन नेताओं को जगह मिली है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और चंदौली के पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, वाराणसी के मेयर अशोक कुमार तिवारी और भाजपा काशी क्षेत्र का क्षेत्रीय अध्यक्ष, शिक्षाविद और समाजसेवी दिलीप पटेल को ईसी का सदस्य बनाया गया है।
इससे पहले बीएचयू में 10 जून, 2018 को ईसी का गठन किया गया था। इसका कार्यकाल तीन साल के बाद जून 2021 को खत्म हो गया था। तत्कालीन कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन के कार्यकाल में ईसी का गठन ही नहीं हुआ था। यह मामला अदालत तक पहुंचा था। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शिक्षा मंत्रालय को अंतिम चेतावनी तक दी थी।
हाईकोर्ट ने कहा था ईसी का गठन जल्द किया जाए। मामले में बीएचयू के प्रोफेसरों का कहना है कि पिछली ईसी में भाजपा को कोई नेता नहीं था। इससे पहले किसी दूसरे दल के नेताओं को ईसी में जगह नहीं मिली थी। सत्ता पक्ष के नेताओं का नाम होने से हैरानी हो रही है।
तीन वर्ष के लिए रहेंगे पद पर
दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, बीएचयू के समाजशास्त्री प्रो. ओम प्रकाश भारतीय और समाजशास्त्री प्रोफेसर श्वेता प्रसाद, बीएचयू में जंतु विज्ञान विभाग के रिटायर्ड प्रोफेसर और क्लस्टर जम्मू विवि के कुलपति बेचन लाल और बीएचयू रेडियोथेरेपी के रिटायर्ड प्रोफेसर यूपी शाही भी सदस्य के तौर पर नामित हुए हैं। बीएचयू अधिनियम, 1915 के अधिनियम 14(1) के अनुसार, तत्काल प्रभाव से तीन वर्ष की अवधि के लिए कार्यकारी परिषद में नामित किया गया है।
बीजेपी नेताओं और बीएचयू के प्रोफेसरों ने ईसी गठन की दी बधाईयां
बीजेपी के तीन नेताओं समेत ईसी के आठ सदस्यों का नाम बाहर आते ही बधाईयों का सिलसिला शुरू हो गया। बीएचयू में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल और मेयर अशोक तिवारी को बनारस से बीजेपी के सभी मंत्रियों और नेताओं ने शुभकामनाएं दी।
कहा जा रहा है कि ईसी के गठन के बाद विवि के प्रोफेसरों और छात्रों को शिक्षा के साथ बेहतर अनुदान भी मिलेगा। अब विवि की एकेडमिक गतिविधियां पटरी पर आ जाएगी। वहीं बीएचयू के प्रो. ज्ञान प्रकाश मिश्रा, प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे और पूर्व प्रोफेसरों ने भी बधाई दी है।
बीएचयू से शुरू हुआ छात्र जीवन
मेरे छात्र जीवन और राजनैतिक कॅरियर की शुरुआत इसी कैंपस से की और अब फिर से महामना की सेवा करने का मौका मिला है। हम मालवीय जी के आजीवन ऋणि रहेंगे। - डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, पूर्व केंद्रीय मंत्री
बीएचयू के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहूंगा
पहली बार कोई मेयर ईसी का सदस्य बनाया गया है। अब बीएचयू के विकास के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहूंगा। सभी का सहयोग लेकर शिक्षा की इस तीर्थ नगरी में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाया जाएगा। - अशोक तिवारी, मेयर