फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Couple convicted of misdeed sentenced to life imprisonment duped of 5 lakh rupees

Varanasi News: दुष्कर्म के दोषी दंपती को उम्रकैद, झांसा देकर पांच लाख रुपये हड़पे; पढ़ें वाराणसी की खास खबरें

Sat, 19 Apr 2025 11:33 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 19 Apr 2025 11:33 AM IST
सार

वाराणसी में किशोरी से दुष्कर्म मामले में आरोपी दंपती को विशेष न्यायाधीश (पाॅक्सो एक्ट) की अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। वहीं, सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बना वीडियो वायरल करने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Couple convicted of misdeed sentenced to life imprisonment duped of 5 lakh rupees
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Today News: विशेष न्यायाधीश (पाॅक्सो एक्ट) विनोद कुमार की अदालत ने किशोरी से दुष्कर्म के मामले में आरोपी दंपती पुनवासी गुप्ता और विमला देवी को दोषी पाया है। अदालत ने दोषी दंपती को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही, दोनों आरोपियों को 50-50 हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, वादी ने रोहनिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 

विज्ञापन


आरोप था कि पांचवीं में पढ़ने वाली उनकी बेटी सात अक्तूबर 2018 की रात घर से घड़ी का पाउडर लेने दुकान जा रही थी। रास्ते में विमला देवी उसे मिली और अपने घर ले गई। हाल-चाल लेने के बाद विमला देवी ने उसकी बेटी को खाना खिलाया और कमरे की लाइट बंद कर दी। इसके बाद कमरे में उसका पति पुनवासी गुप्ता आया और उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। 
विज्ञापन


फर्जी अकाउंट बनाकर वीडियो वायरल किया, केस 
सोशल मीडिया पर मुस्लिम महिला के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा वीडियो वायरल करने पर चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से जांच कर रही है। चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के अश्वनी कुमार पाठक ने पुलिस को तहरीर दी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


बताया कि राजापुर के राजेश उर्फ महेश विश्वकर्मा ने मुस्लिम महिला के नाम से फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर वीडियो वायरल किया है। वीडियो में उनके बड़े भाई अशोक कुमार पाठक को चोरी से पीपल की डाल तोड़ते दिखाया जा रहा है। जबकि, हकीकत में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। थानाध्यक्ष चोलापुर ने बताया कि आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 

मुनाफे का झांसा देकर पांच लाख रुपये हड़पे
नदेसर की कंपनी के निदेशकों, मैनेजर और अन्य कर्मियों के खिलाफ मुनाफे का झांसा देकर पैसा हड़पने के आरोप में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जय प्रकाश नगर काॅलोनी, शिवपुरवा निवासी संजय कुमार कन्नौजिया के अनुसार नदेसर में केबीसीएल इंडिया लिमिटेड नाम से एक कंपनी का कार्यालय खुला था। 

उनकी मुलाकात मिर्जापुर के ओड़ी जमालपुर निवासी मैनेजर सत्य प्रकाश सिंह मोनू से हुई। उन्होंने कार्यालय बुलाया। वहां निदेशक विश्वनाथ प्रताप सिंह, राकेश कुमार व शशिकांत मिश्रा, एजेंट जय प्रकाश व श्यामबली से मुलाकात हुई। सभी ने उन्हें कंपनी की योजना के अनुसार फिक्स डिपाजिट के नाम पर दो बार में पांच लाख रुपये जमा कराए। कहा कि समय पूरा होने पर मुनाफे के साथ पैसे वापस मिलेंगे। अब कार्यालय में ताला बंद है। 

महिला अधिवक्ता से मारपीट, गालीगलौज और अभद्रता
कचहरी से बाहर निकली महिला अधिवक्ता के साथ पति, देवर और अन्य अज्ञात ने मारपीट, गालीगलौज और अभद्र व्यवहार किया। महिला अधिवक्ता ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर में बताया कि वह 17 अप्रैल को परिवार न्यायालय से अपने मुकदमे की पैरवी कर वापस निकल रही थी।

वहां पहले से मौजूद उसके पति जशवंत, देवर राहुल और तीन अज्ञात ने गालीगलौज कर मारपीट की। विरोध करने पर जमीन पर गिराकर कपड़े फाड़ दिए और अभद्रता की। आसपास के अधिवक्ता साथियों ने उन्हें बचाया। आरोपियों ने दोबारा मुकदमे की पैरवी करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। 

पुलिस ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया
चौबेपुर थाना क्षेत्र के उमरहां निवासी आलोक कुमार के घर पर शुक्रवार को चिरईगांव चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने कुर्की का नोटिस चस्पा किया। डुगडुगी बजवा कर पुलिस ने लाउडस्पीकर से ग्रामीणों को जानकारी दी कि खाद्य अपमिश्रण निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत एक मुकदमा विचाराधीन है। आरोपी के हाजिर न होने पर अदालत ने उसके खिलाफ कुर्की की उद्घोषणा जारी की है। 

गेहूं की छह बोरी चोरी, चार दिन बाद केस दर्ज
शिवपुर के खारी जैपार निवासी एक किसान का भूसा बचाने के चक्कर में गेहूं चोरी हो गया। चार दिन बाद शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। दीपक कुमार गुप्ता ने बताया कि गत 13 अप्रैल को गेहूं की कटाई की। बारिश के कारण गेहूं भीग न जाए, इसलिए छह बोरी गेहूं घर के बरामदे में रख दिए। 14 अप्रैल बरामदे में रखी गेहूं की छह बोरी लापता थी। शिकायत 14 अप्रैल को ही शिवपुर थाने की पुलिस से की गई। पुलिस ने चार दिन के बाद शुक्रवार को चोरी का मुकदमा दर्ज किया। 

सरकारी गल्ले की दुकान से 135 बोरी अनाज चोरी
सिंधौरा के रूपचंद्रपुर गांव निवासी जनमेंजय चौबे की सरकारी गल्ले की दुकान को चोरों ने खंगाल डाला। जनमेंजय चौबे ने सिंधौरा थाने की पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह वह दुकान पर आए तो देखा कि ताला टूटा हुआ था। दुकान से 135 बोरी अनाज गायब था। सिंधौरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

रंजिश में मारपीट, मुकदमा दर्ज
सारनाथ के सिरिस्ति चौबेपुर निवासी आनंद सिंह की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व आठ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। आनंद ने तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे। तभी रंजिश को लेकर गाजीपुर मार्ग पर फुटहवा इनार मोड़ पर सिरिस्ति चौबेपुर के अंकित ने आठ दोस्तों के साथ हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। तहरीर पर पुलिस ने अंकित सिंह सहित आठ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दहेज हत्या के आरोप में पति और सास गिरफ्तार
चौबेपुर थाने की पुलिस ने उकथी गांव निवासी विनोद राम और उसकी मां तेतरा देवी को दहेज हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने शुक्रवार को बताया कि 17 मार्च को विनोद राम की पत्नी गुड़िया ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। पिता तुलसीपुर, मोतीझील महमूरगंज निवासी दिनेश राम ने चौबेपुर थाने में दामाद सहित चार के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। गुड़िया की ननद और ननदोई की पुलिस को तलाश है। 

जूते पॉलिश करने के पैसे मांगने पर पिटाई, मुकदमा
चोलापुर थाना क्षेत्र के शिवरामपुर के रहने वाले राजेश ने चोलापुर थाने में तूफानी यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राजेश ने पुलिस को बताया कि वह जूते पॉलिश करता है। आरोप लगाया कि तूफानी यादव ने जूते पॉलिश कराने के बाद जब पैसे मांगे तो उसकी जमकर पिटाई कर दी। 

बाउंड्री वाॅल तोड़ने के मामले में 24 पर मुकदमा
नरोत्तमपुर कला के रहने वाले विवेक कुमार राय की बाउंड्री वाॅल तोड़ने के मामले में 24 आरोपियों के विरुद्ध लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विवेक कुमार राय ने बताया कि नरोत्तमपुर की दलित बस्ती के रहने वाले सूरज, जगदीश उर्फ नाटे,  सुभाष, सूरज, सतीश, रेखा देवी, ऊषा, सरोज, इंदू देवी, निरंजन, चंदा, सुनीता, गणपत, प्रमोद, रामसेवक, पकौड़ी, चंपा देवी, कन्हैया, दिनेश, शांता की पत्नी, संजय की पत्नी, दिलीप की पत्नी और रामसेवक की पत्नी ने उनकी बाउंड्री वॉल तोड़ी है। पुलिस को बताया कि बस्ती के पास उनकी पैतृक जमीन है। उस पर बृहस्पतिवार को बाउंड्री वाॅल बनवाई गई थी। 

संरक्षित मवेशी की तस्करी में वांछित इनामी गिरफ्तार
चोलापुर थाने की पुलिस ने संरक्षित मवेशी की तस्करी के आरोप में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जौनपुर के जलालपुर थाने के खेवसीपुर निवासी विकास के रूप में हुई है।

एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि विकास के तीन साथी संरक्षित मवेशियों के साथ 17 मई 2023 की रात मुरली अंडरपास के पास से पकड़े गए थे। विकास पुलिस को चकमा देकर अंधेरे में भाग गया था। शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि वह अपने घर आया हुआ है तो पुलिस टीम ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। 

जल जीवन मिशन की टंकी से बैटरियां चोरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बीकापुर पर्वतपुर गांव में जल जीवन मिशन योजना की पानी की टंकी पर चोरों ने धावा बोला। चोर 50 बैटरियां, नल, टोटी, छोटी-बड़ी लाइट और अन्य उपकरण चोरी कर ले गए। ऑपरेटर पवन कुमार सिंह ने विभागीय अधिकारियों और चौबेपुर थाने की पुलिस को सूचना दी। 

बंद मकान से नकद-आभूषण चोरी, मुकदमा दर्ज
शिवपुर के कठवतिया गंगोत्री विहार कॉलोनी शिवपुर में 14 अप्रैल को अशोक कुमार सिंह के बंद घर में चोरों ने हाथ साफ कर लिया। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि 14 अप्रैल को वह परिवार के साथ जौनपुर में शादी में गए थे। 17 अप्रैल को लौटने पर देखा कि आलमारी का ताला तोड़कर चोरों ने 50 हजार रुपये और आभूषण चोरी कर लिए। चोर सीसी कैमरे में भी कैद हुए हैं। शिवपुर पुलिस चोरों को तलाश रही है। 

महंत अवधूत गिरि के शिष्यों के साथ मारपीट, केस
सादात नगर पंचायत स्थित शिव मंदिर कुटिया पर शुक्रवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। वाराणसी से आए महंत अवधूत गिरि ने अपने शिष्यों के साथ नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन राजनाथ यादव व उनके लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। 

पुलिस ने पूर्व चेयरमैन व 12 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महंत अवधूत गिरि की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, वह शिव मंदिर पर शिष्यों संग आए थे। पुराने महंत व व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा चल रही थी। पूर्व चेयरमैन राजनाथ यादव व  समर्थकों से कहासुनी होने लगी। आरोप है कि पूर्व चेयरमैन व उनके समर्थकों ने महंत अवधूत गिरि के साथ आए शिष्य नरदेव गिरि व हिमांशु मिश्रा के साथ मारपीट की। 

बदमाश को पकड़ने गए सिपाही पर चाकू से हमला
गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मुकदमों में वांछित बदमाश को पकड़ने गई जीआरपी टीम पर बदमाश ने हमला कर दिया। चाकू के हमले से एक सिपाही लहूलुहान हो गया। जीआरपी कर्मियों ने घेर कर बदमाश को पकड़ लिया और अपने साथ वाराणसी ले गई। घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

कैंट जीआरपी थाने में दर्ज मुकदमे में बदमाश के पीडीडीयू नगर में होने की सूचना मिली थी। तीन एसआई के साथ छह सिपाही बदमाश को पकड़ने पहुंचे। शुक्रवार सुबह नौ बजे जीटीआर ब्रिज पर बदमाश वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी बीच बदमाश ने पुलिस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू सिपाही सत्येंद्र शाह के पेट में लग गई। 

चेन छीनने, बेचने में आभूषण विक्रेता सहित 4 गिरफ्तार
सिगरा थाने की पुलिस ने शुक्रवार रात एक आभूषण विक्रेता और तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्त में आए तीन बदमाश हाल के दिनों में सिगरा थाना क्षेत्र में सोने की चेन और लॉकेट छीनने की दो वारदात में शामिल रहे हैं। तीनों चेन छीनकर एक आभूषण विक्रेता को बेच देते थे।

आभूषण विक्रेता के पास से चेन और  गलाया हुआ लॉकेट बरामद किया गया है। चारों से देर रात तक सिगरा थाने में पुलिस की पूछताछ जारी रही। उधर, इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में बीते दिनों हुई चेन छीनने की वारदात के संबंध में चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

गिरफ्त में आए आरोपियों में चोलापुर क्षेत्र निवासी आभूषण विक्रेता व एक बदमाश है। दो अन्य बदमाशों में एक बाबतपुर और एक जौनपुर के चंदवक क्षेत्र का निवासी है। चारों से पूछताछ की जा रही है और उनका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई के संबंध में शनिवार को जानकारी साझा जाएगी।

16 जून से 1200 रिक्रूट आरक्षियों का 1 महीने का प्रशिक्षण
पुलिस लाइंस में 16 जून से 900 पुरुष व 300 महिला रिक्रूट आरक्षियों का एक माह का नियुक्ति प्रशिक्षण शुरू होगा। 21 जुलाई से 500 महिला रिक्रूट आरक्षियों का नौ माह का प्रशिक्षण कोर्स शुरू होगा। 

शुक्रवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रशिक्षण और आवासीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि तीनों नए कानूनों, डिजिटल साक्ष्य व फॉरेंसिक टूल्स, साइबर अपराध और तकनीक का सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। हॉर्स राइडिंग, स्विमिंग, स्पोर्ट्स, फायरिंग, परेड ड्रिल रिक्रूट आरक्षी सीखेंगे। यूनिफाॅर्म अनुशासन, आचरण, सॉफ्ट स्किल, कर्तव्यनिष्ठा व सेवा-भावना के साथ संवैधानिक मूल्यों का सम्मान की शिक्षा दी जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट में नियुक्त वरिष्ठ अधिकारी रिक्रूट आरक्षियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन/सीसी कैमरा मॉनिटरिंग, वीआईपी सुरक्षा, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, यातायात, आपदा-प्रबंधन के बारे में प्रशिक्षित करें। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (लाइंस) प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (लाइंस) श्रुति श्रीवास्तव, सहायक पुलिस आयुक्त (लाइंस) डॉ. ईशान सोनी, प्रतिसार निरीक्षक मौजूद रहे। 

महिला यात्री के साथ स्पेशल ट्रेन में छिनैती, केस
काशी स्टेशन के पास शुक्रवार को स्पेशल ट्रेन में सफर के दौरान महिला का पर्स छीनकर बदमाश भाग निकला। पर्स में आभूषण, दो मोबाइल, क्रेडिट कार्ड, 7 हजार नकदी समेत अन्य जरूरी सामान थे। पीड़िता ने कैंट जीआरपी थाने में केस दर्ज कराया। जीआरपी ने स्टेशन के आसपास सीसी कैमरों को खंगाल रही है। 

शिवपुर के रुद्रा अपार्टमेंट के रहने वाले अजय कुमार गुप्ता ने जीआरपी को बताया कि वह पत्नी उर्मिला गुप्ता के साथ 01054 स्पेशल ट्रेन के एस 10 में 66, 68 नंबर सीट पर मैहर की यात्रा कर रहे थे। काशी स्टेशन पहुंचने से पहले आउटर पर ही कोच में सवार बदमाश अचानक पत्नी के हाथ से पर्स छीनकर कोच से कूद गया। अजय गुप्ता ने बताया कि वह मूलरूप से आगरा के सिकंदरा के रहने वाले हैं। 

पाइप लाइन फटने से 150 घरों की जलापूर्ति ठप
ग्राम पंचायत पूरनपट्टी में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी की मुख्य सप्लाई की पाइपलाइन फट गई। गांव के 150 घरों में एक सप्ताह से आपूर्ति बाधित है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंप ऑपरेटर राजेंद्र कुमार मिश्रा के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व अधिकारियों के निर्देश पर टंकी के चारों ओर चहारदीवारी के निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से खोदाई कराई जा रही थी। 

इस दौरान मशीन का बकेट मुख्य पाइप से टकरा गया, इससे पाइप फट गई और सप्लाई ठप हो गई। गांव में पहले से ही कई घरों में जल कनेक्शन अधूरे हैं और निर्माण कार्य भी पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। जल निगम के क्षेत्रीय अवर अभियंता अतुल यादव ने कहा कि उन्हें  घटना की जानकारी नहीं थी। जल्द ही जांच कर मरम्मत कराई जाएगी। 

जमीन पर अवैध प्लॉटिंग करने की शिकायत
तिलमापुर के देवी प्रसाद मिश्रा ने वीडीए उपाध्यक्ष से शिकायत की है कि उनकी जमीन पर दबंग लोग अवैध प्लॉटिंग कर रहे हैं। गाजीपुर से बलुआ मार्ग पर उनकी जमीन है। यहां धड़ल्ले से अवैध निर्माण किया जा रहा है। तीन अवैध तरीके से मकान भी बनवाए गए हैं। इसकी जांच कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराने की मांग की। 

निगम ने सड़क पर बनाई सीढ़ी कराई ध्वस्त
नगर निगम की ओर से शुक्रवार को अतिक्रमण हटवाए गए। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा के अनुसार, आजाद नगर फुलवरिया में सड़क पर सीढ़ी बनाई गई थी। प्रवर्तन दल ने जेसीबी से उसे ध्वस्त कराया। कैंट रेलवे स्टेशन के पास मंदिर के सामने गुमटी और ठेला हटाया गया। सड़क के दोनों किनारे लगे गुमटी , ठेले और ऑटो को हटवाकर अतिक्रमण मुक्त कराया गया। 

गलत जगह पर भांग की दुकान चलने की शिकायत
गलत जगह पर भांग की दुकान चलने पर इमिलिया गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि भांग की आड़ में अन्य मादक पदार्थ की बिक्री हो रही है। नशेड़ियों के जमावड़े से ग्रामीणों में रोष है। आबकारी विभाग से शिकायत के बाद भी कुछ नहीं हुआ। ग्रामीण इंद्रजीत सिंह, पवन सिंह, ब्रिजेश कुमार, दीपक कुमार, सुनील कुमार ने बताया कि समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे। 

पांच डग्गामार बसों का चालान, आठ सीज
अवैध रूप से यात्री वाहनों के संचालन और माल वाहनों में ओवरलोडिंग के खिलाफ शुक्रवार को आरटीओ और रोडवेज एआरएम ने विशेष अभियान चलाया। रोडवेज समेत आसपास से पांच डग्गामार बसों का चालान और ओवरलोडिंग समेत टैक्स बकाया मामले में आठ वाहनों को सीज किया गया।

ई-रिक्शा, ऑटो समेत अन्य 81 वाहनों के चालान काटे गए। एआरटीओ प्रवर्तन श्याम लाल, रोडवेज ग्रामीण डिपो के एआरएम वीके श्रीवास्तव के नेतृत्व में कैंट स्टेशन और रोडवेज के आसपास अवैध रूप से चल रही बसों पर कार्रवाई की।

दिन में धूप, शाम को तेज हवा से राहत 37.8 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान
शुक्रवार को दोपहर में हवा की रफ्तार थमने और तीखी धूप ने लोगों को तपा दिया। हालांकि शाम को तेज हवा चलने से लोगों ने राहत महसूस की। मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला।

गुरुवार को अधिकतम तापमान जहां 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा वह शुक्रवार को कम होकर 37.8 पर पहुंच गया। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान भी 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को तेज हवा, बादलों की आवाजाही के साथ ही बूंदाबांदी की संभावना जताई है। 

कार के नंबर पर नोएडा में चल रही स्कूटी, चालान कटने पर चला पता
इमिलिया गांव निवासी एक युवक की टाटा जेस्ट कार के रजिस्ट्रेशन नंबर की एक स्कूटी नोएडा में चल रही है। इसका खुलासा तब हुआ जब बिना हेलमेट स्कूटी चलाने के आरोप में एक हजार रुपये के चालान का मैसेज आया। युवक ने ई-मेल और पत्र से नोएडा की ट्रैफिक पुलिस और आरटीओ से शिकायत की है। 

चोलापुर थाना क्षेत्र के इमिलिया निवासी इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उनकी टाटा जेस्ट कार का रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी-32 जीवाई-1746 है। शुक्रवार को उनके मोबाइल पर एक हजार रुपये के चालान का मैसेज आया। इंद्रजीत सिंह ने अपने वाहन नंबर के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा कर शिकायती पत्र भी भेजा है। 

एनसीसी, स्काउट गाइड की महिलाओं को रोडवेज में कंडक्टर बनने का मौका
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में संविदा पर महिला परिचालकों की भर्ती हो रही है। 25 अप्रैल तक आवेदन किए जाने की अंतिम तिथि निर्धारित है। इस बार परिवहन निगम में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड संस्था के माध्यम से भी महिला अभ्यर्थियों को जोड़ा जाएगा।

वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी आठ डिपो के एआरएम को इसका पत्र भेजा है। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रोडवेज में संविदा पद पर परिचालक की भर्ती निकाली गई है। 

कैंट होकर गुजरेगी आनंद विहार सीतामढ़ी समर स्पेशल ट्रेन
गर्मी में यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनें संचालित हो रही हैं। इसी तरह 04098/04097 आनंद विहार टर्मिनस-सीतामढ़ी वाया वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 अप्रैल से होगा। 

आनंद विहार टर्मिनस से 22 अप्रैल से 11 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को और सीतामढ़ी से 23 अप्रैल से 12 जुलाई तक प्रत्येक बुधवार व शनिवार को 24 फेरों में चलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 04098 आनंद विहार टर्मिनस-सीतामढ़ी स्पेशल आनंद विहार टर्मिनस से सुबह 5 बजे खुलेगी और शाम 5 बजे वाराणसी कैंट होकर दूसरे दिन सीतामढ़ी रात 2.30 बजे पहुंचेगी।

वापसी यात्रा में 04097 सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनस  सीतामढ़ी से सुबह 3.45 बजे खुलेगी और वाराणसी में दोपहर 1.35 बजे होकर दूसरे दिन आनंद विहार टर्मिनस दोपहर 1.30 बजे पहुंचेगी। कुल 19 आरक्षित कोच लगाए जाएंगे। वहीं, 04030/04029 आनंद विहार टर्मिनस-मुजफ्फरपुर वाया औड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा  स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 अप्रैल से होगा। 

मुंबई, बंगलूरू के विमान में बढ़ी बुकिंग, गुवाहाटी में कम हुई 
गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही विमान में यात्रियों की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। मुंबई, बंगलूरू की उड़ानें पूरी क्षमता के साथ चल रही हैं। वहीं, कोलकाता, गुवाहाटी आवाजाही करने वाले यात्रियों की संख्या घट गई है। यही कारण है कि इन शहरों के बीच विमान सेवाएं भी कम हो रही हैं। यात्रियों की कमी के चलते जयपुर की सेवा पहले बंद ही हो गई है।

एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार मुंबई, बंगलूरू के अलावा पुणे की उड़ान में यात्रियों का दबाव अधिक है। दक्षिण भारत और काशी के बीच पर्यटकों की आवाजाही बढ़ती जा रही है। बाबतपुर एयरपोर्ट से सबसे अधिक मुंबई, दिल्ली के बाद बंगलूरू, हैदराबाद की विमान सेवाएं हैं। बंगलूरू के लिए 10 और हैदराबाद के लिए आठ विमान सेवाएं हैं। चेन्नई के लिए तीन विमान सेवा है। 

टूर ऑपरेटर अभिषेक सिंह ने बताया कि दक्षिण भारतीय पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। काशी विश्वनाथ धाम के चलते विमान में बुकिंग फुल चल रही है। हफ्ते भर पहले ग्रुप में टिकट कराइए तो मिलना मुश्किल होता है। बंगलूरू के लिए जबरदस्त भीड़ है। मुंबई, पुणे की भी उड़ान पैक है। सबसे कम इस समय गुवाहाटी और कोलकाता रूट पर यात्री हैं।

200 जन्म-मृत्यु के प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे
नगर निगम मुख्यालय से जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र की पेंडेंसी खत्म हो गई जबकि जोनल कार्यालय पर बरकरार है। निगम के जोन में 200 आवेदन पेंडिंग हैं। भेलूपूर, कोतवाली, दशाशवमेध, आमदपुर, वरुणापार, रामनगर, मांडवी और सारनाथ जोन में आवेदन लटके हैं। जिनका निस्तारण अभी नहीं हुआ है।

पिछले दिनों अभियान चलाकर निगम मुख्यालय से सारे आवेदनों की पेंडेंसी खत्म कराई गई। जोनल कार्यालयों की पेंडेंसी को खत्म कराने के लिए निगम की ओर से अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। आवेदनों का निबटारा कराया जाएगा। पिछले दिनों बैठक में मेयर अशोक कुमार तिवारी की ओर से निर्देश दिया गया था। 

संकल्प शक्ति ही दिलाएगी नशे से मुक्ति
आरोग्य भारती के व्यसन मुक्ति आयाम के तहत पहड़िया स्थित जन कल्याण केंद्र में सभा का आयोजन किया गया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. कैलाश त्रिपाठी ने कहा कि नशा सिर्फ व्यक्ति को नहीं बल्कि परिवार और समाजको गर्त में धकेल देता है। नशे के सेवन से बचने के लिए लोगों को दिनचर्या और खानपान में बदलाव लाना होगा। शारीरिक श्रम और आध्यात्मिक संकल्प शक्ति विकसित कर नशे से मुक्ति पाई जा सकती है। डॉ. वीके सिंह ने कहा कि अपने अंदर सकारात्मक ऊर्जा से हम नशे से दूर रह सकते हैं। 

वाहन डीलरों के टैक्स जमा करने पर अस्थायी रोक
चार पहिया और गैर परिवहन वाहन (मोटर कार) की कर की दर में एक प्रतिशत की वृद्धि पर अस्थाई रोक लगा दी गई है। वाहन 4.0 पोर्टल पर नए कर की दर संशोधन की प्रक्रिया पूरी होने तक डीलरों की ओर से फीस की राशि जमा करने की कार्रवाई पर सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय ने रोक लगाई है। 

डीलरों को निर्देश जारी किया गया है कि 20 अप्रैल की शाम 5 बजे तक सभी पुराने कर की दर में बिक्री के वाहनों की फीस, टैक्स जमा कर दें। पोर्टल पर कर की दर में संशोधन होने में लगभग दो दिन का समय लगेगा। दो दिनों में डीलरों द्वारा पुराने कर की दर से फीस टैक्स पोर्टल के माध्यम से जमा किया जाएगा। 

पशुपालक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन
भारतीय पशुपालक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय बहादुर यादव ने शुक्रवार को संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन कर पदाधिकारियों की घोषणा की है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में नवीन, बालाजी पवारऔर राजेंद्र चौधरी  को जिम्मेदारी दी गई।

राष्ट्रीय महासचिव के पद पर अनिल चौधरी, अरुण कुमार पांडेय और मानिक कन्हैया लाल पटेल की नियुक्ति की गई। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के रूप में रामदुलार यादव तथा राष्ट्रीय संगठन मंत्री वीरेंद्र पाल और राष्ट्रीय प्रवक्ता दीपचंद मेघवाल बने। कार्यकारिणी संचालक सुजींद्र सिंह मौर्य, कुसुम पाल, संजय सिंह , कालिका प्रसाद यादव को बनाया गया है। 

जैव विविधता संबंधी परियोजनाओं पर हुई समीक्षा
भारतीय सब्जी अनुसन्धान संस्थान में शुक्रवार को जैव विविधता संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राष्ट्रीय पादप आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो, नई दिल्ली के निदेशक डॉ. जीपी सिंह और सीआरपी एग्रोबायोडायवर्सिटी परियोजना के प्रमुख अन्वेषक डॉ. सुशील पांडे मौजूद रहे। सीआरपी एग्रोबायोडायवर्सिटी परियोजना के अंतर्गत संस्थान वर्तमान में तीन फसलों - भिंडी, खीरा और बैंगन पर कार्यरत है। संस्थान के नवनियुक्त निदेशक डॉ. राजेश कुमार, निदेशक डॉ. राजेश कुमार, डॉ. प्रदीप कर्माकर, डॉ. भुवनेश्वरी माैजूद रहे। 

एसएमएस के संस्थापक सतीश कुमार सिंह का निधन
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज वाराणसी के संस्थापक सतीश कुमार सिंह (73 वर्ष) का निधन हो गया है। वह मूल रूप से बस्ती के रहने वाले थे और जॉइंट कमिश्नर (फूड और सप्लाई) के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

वर्ष 1995 में उनके ही प्रयासों से एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की नींव पड़ी थी। 2008 में एसएमएस को विस्तार देते हुए उन्होंने एसएमएस लखनऊ की भी नींव रखी। एसएमएस वाराणसी परिवार की तरफ से निदेशक प्रो. पीएन झा, कुलसचिव संजय गुप्ता सहित समस्त सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। 

पूजा सिंह अध्यक्ष, सीमा महामंत्री
उत्तर प्रदेश आंगनबाड़ी कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन से जुड़ी हरहुआ ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की बैठक हुई। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष बाबूलाल मौर्य ने कहा कि आंगनबाड़ी के कर्तव्य एवं अधिकारों का हनन किया जा रहा है। इसमें कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों के बारे में बताया। यहां हरहुआ ब्लॉक के पदाधिकारियों  में किरन त्रिपाठी ब्लॉक संरक्षक, पुजा सिंह अध्यक्ष, सीमा गुप्ता महामंत्री, सुनीता उपाध्यक्ष, मीना देवी कोषाध्यक्ष, क्षमा तिवारी संगठन मंत्री, मुर्ति देवी संयुक्त मंत्री, सोनी पाल व प्रभावती देवी,अनीता कार्यकारिणी सदस्य, निर्वाचित हुईं। 

पावर कॉर्पोरेशन के एमडी ने देखी बिजली निगम के कार्यों की हकीकत
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के एमडी पंकज कुमार शुक्रवार सुबह काशी पहुंचे। निजी कार्यक्रम में भाग लेने आए एमडी ने काशी में रोपवे संचालन के लिए बनने वाले नए उपकेंद्र के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। साथ ही रोपवे के लिए बिजली आपूर्ति निर्बाध मिलती रहे, बिजली निगम की ओर से बिछाई जाने वाले केबल के कार्यों के बारे में अधिकारियों से बातचीत की। 

एमडी के अचानक निरीक्षण की सूचना के बाद निगम के अधिकारी भी सतर्क हो गए। एमडी पंकज कुमार ने अधिकारियों से पहले रोपवे संचालन के लिए भारत माता मंदिर परिसर में बनने वाले उपकेंद्र के बनाए जाने, यहां से दी जाने वाली बिजली आपूर्ति के बारे में जानकारी ली। अलईपुरा से बिछाई जा रही केबल के कार्य को भी चौकाघाट सहित अन्य जगहों पर देखा। भिखारीपुर एमडी ऑफिस में बने कंट्रोल रूम में गए। 

कालाष्टमी पर कल होगी मंदिरों में पूजा
वैशाख मास कृष्णपक्ष की अष्टमी तिथि यानी 20 अप्रैल को कालाष्टमी मनाई जाएगी। श्रद्धालु व्रत रखेंगे। शहर के भैरव मंदिरों में पूजन-अर्चन करेंगे। बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन के लिए भीड़ होगी। मान्यता है कि व्रत रखकर भैरव बाबा के दर्शन-पूजन से आरोग्य, सुख के साथ अकाल मृत्यु के भय और कठिनाइयों से मुक्ति मिलती है।

ज्योतिषविद विमल जैन के अनुसार वैशाख मास कृष्णपक्ष की अष्टमी तिथि 20 अप्रैल को शाम 7:01 बजे से लगेगी और अगले दिन शाम 6:59 बजे तक रहेगी। उत्तराषाढ़ा नक्षत्र 20 को दिन में 11:49 बजे से अगले दिन दोपहर 12:38 बजे तक रहेगा। जबकि अष्टमी तिथि पर साध्य योग दिनभर रहेगा। 

बच्चों को दें संस्कारों की शिक्षा 
कथावाचक सतीश शर्मा ने कहा कि बाल्यावस्था से ही बच्चों को संस्कारित करने की शिक्षा भागवत से मिलती है। उनको गीता, भावगत और रामायण का ज्ञान देने का प्रयास करें। हमें भक्त प्रह्लाद के चरित्र से भी से सीखना चाहिए। चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन शुक्रवार को उन्होंने भक्त सिरोमणि प्रह्लाद के चरित्र का मार्मिक वर्णन किया। 

उन्होंने कहा कि जब भगवान नृसिंह ने भक्त प्रह्लाद से वरदान मांगने को कहा तो उसने कहा कि भक्ति में कोई व्यापार नही होता। क्योंकि भक्त भगवान की कृपा और भक्ति ही चाहता है। जब लक्ष्मी जी, शंकर जी, ब्रह्मा जी, नारद जी आदि देवगण भगवान नृसिंह के विकराल रूप को देखकर डर रहे थे। तब ब्रह्मा ने भक्त प्रह्लाद को भगवान के सम्मुख भेजा। कथाव्यास ने श्री नृसिंह अवतार लीला का सुंदर वर्णन किया। 

ग्रीन आर्मी लाएगी समाज में परिवर्तन
फूलपुर और बड़ागांव में शराब का कारोबार रोकने के लिए गोमती जोन के पुलिस उपायुक्त और होप वेलफेयर ट्रस्ट मिलकर एक ग्रीन आर्मी बनाने जा रहे हैं। ग्रीन आर्मी महिलाओं का एक संगठित समूह होगा। इसमें प्रत्येक समूह में 50 महिलाएं होंगी। इसका उद्देश्य नशामुक्ति अभियान चलाना, महिलाओं को सशक्त बनाना होगा। पुलिस उपायुक्त आकाश पटेल के अनुसार होप वेलफेयर ट्रस्ट को कंपनियों से फंड मिलने की सहमति बन गई है। रोजगार के लिए यहां छोटी फैक्ट्रियां लगाई जा सकेंगी। 

रागी जत्था ने गुरुवाणी से संगत को किया निहाल
सिख धर्म के नौवें गुरु तेगबहादुर सिंह का 404वां प्रकाशोत्सव शुक्रवार को मनाया गया। गुरुद्वारा बडीसंगत नीचीबाग में संगत ने मत्था टेककर श्रद्वाभाव अर्पित किए। प्रसिद्ध रागी जत्था तवनीत सिंह चंडीगढ़, गुरुद्वारे की हजूरी रागी जत्था नरिन्दर सिंह, रकम सिंह ने गुरुवाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया। गुरुद्वारे के मुख्य ग्रन्थी जगतार सिंह ने गुरु तेग बहादुर की वीरगाथा सुनाई। संगत ने अटूट लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारा गुरूबाग के ग्रन्थी महंत सिंह ने संगत को धन्यवाद दिया। 

यूनेस्को में स्थान मिलना सांस्कृतिक विजय
यूनेस्को द्वारा भगवतगीता और भरतमुनि रचित नाट्यशास्त्र को ‘मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड रजिस्टर’ में शामिल करने पर संस्कृत विवि के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने खुशी जताई है। कुलपति ने कहा कि दोनों को यूनेस्को में शामिल किया जाना सांस्कृतिक विजय है। यह भारत के शाश्वत ज्ञान-स्रोतों को वैश्विक मंच पर मान्यता दिलाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व का एक और महत्वपूर्ण कदम है। यूनेस्को की यह पहल इन ग्रन्थों की सुरक्षा और संरक्षण को सुनिश्चित करेगी। 

पर्यावरण संरक्षण के लिए जुटेंगी संस्थाएं
पर्यावरण संरक्षण गतिविधि काशी प्रांत की ओर से विश्व पृथ्वी दिवस की पूर्व संध्या पर 20 अप्रैल को नगर निगम उद्यान में हरित संगम का आयोजन होगा। इसमें जल व ऊर्जा संरक्षण, पौधरोपण, ऊर्जा संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्ति, मृदा प्रदूषण को रोकने के उपाय बताए जाएंगे। इस दौरान विशेषज्ञों की मौजूदगी में कंपोस्ट खाद बनाने की विधि, इको ब्रिक्स बनाना, मैजिक ड्रम के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। प्रयोगात्मक प्रशिक्षण देरकर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। 

जायरीन का टीकाकरण व ट्रेनिंग 21 से होगा शुरू
हज का सफर 29 अप्रैल से शुरू हो रहा है। इसे लेकर जायरीन की ट्रेनिंग और टीकाकरण 21 से 24 अप्रैल तक चलेगा। साथ ही हज के अरकानों से रूबरू कराया जाएगा। पूर्वांचल हज सेवा समिति के महासचिव अदनान खान ने बताया कि 21 अप्रैल को सिटी गर्ल्स इंटर काॅलेज काजी सादुल्लापुरा, 22  को मदरसा जामिया रेवड़ीतालाब, 23 को जनता सेवा अस्पताल मदनपुरा और  24 अप्रैल को एओ मुस्लिम कॉलेज, लल्लापुरा में कैंप लगेगा। कैंप में जायरीन को दो फोटो, पहले जारी हेल्थ फिटनेस् सर्टिफिकेट की फोटो कॉपी, हजयात्रा की जमा धनराशि की रसीद लाना होगा। 

नइया मोरी पार करो... सुनाया
सुबह ए बनारस अस्सीघाट पर शुक्रवार को वरिष्ठ कलाकार नवेंदु भट्टाचार्य का गायन हुआ। आरंभ राग भटियार में विलंबित एक ताल में निबद्ध बंदिश से किया। उचट गई मोरी नींद...और द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश सुनाया। नइया मोरी पार करो...और समापन भजन- सीतापति रामचंद्र...रहा। तबले पर डॉ. अमित ईश्वर और संवादिनी पर हर्षित उपाध्याय ने संगत की। कलाकारों को प्रमाणपत्र सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया। 

प्रदर्शनी में दिखा बरेका का ऐतिहासिक सफर
बनारस रेल इंजन कारखाना में शुक्रवार को ऐतिहासिक विरासत की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी का शुभारंभ महाप्रबंधक नरेशपाल सिंह ने किया। इसमें बरेका के ऐतिहासिक सफर, तकनीकी नवाचारों और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। 

महाप्रबंधक ने कहा कि बरेका केवल एक कारखाना नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रगति का प्रतीक है। प्रदर्शनी में डीजल रेल इंजन डब्ल्यू डीएम 2 कुंदन से इलेक्ट्रिक लोको डब्ल्यूएपी 7 तक के सफर को दर्शाया गया। वियतनाम, बांग्लादेश, म्यांमार जैसे देशों को निर्यात किए इंजन के माॅडल भी प्रदर्शनी में शामिल थे। 1935 में बने मिस मफेट इंजन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। 

इस दाैरान बरेका के प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजी. विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/सर्विस इंजीनियर नीरज जैन, सुनील कुमार, प्रवीण कुमार, राम जन्म चौबे, अमित वर्मा, एसबी पटेल, राजेश कुमार आदि माैजूद रहे। 

एमएमवी के हेरिटेज हॉल में आज एलुमनी मीट
बीएचयू के महिला महाविद्यालय में शनिवार से एलुमनी मीट का आयोजन होगा। कॉलेज के हेरिटेज हॉल में देश-विदेश की पूर्व छात्राएं इकट्ठा होंगी। पूर्व और वर्तमान छात्राओं का आपसी संवाद भी होगा। वहीं कॅरिअर को बेहतर दिशा दिखाने और सहयोग के लिए भी सहमतियां बनेंगी। सुबह 11.30 बजे समागम का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद शाम तक ये आयोजन होगा। 

सोलर पैनल बनाना सीखेंगे आईटीआई के विद्यार्थी
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में सूर्यमित्र योजना के तहत शॉर्टटर्म कोर्स शुरू हो गया है। इसमें दो बैच में 25-25 छात्रों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कोर्स में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना, संचालन और रखरखाव से संबंधित कौशल की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों को आसानी से रोजगार से जोड़ा जाएगा। प्रधानाचार्य एमके सिंह ने बताया कि कोर्स पूरा होने के बाद युवाओं को सर्टिफिकेट मिलेगा। 

छात्रों ने साइबर क्राइम से बचाव का तरीका जाना
लेढ़ूपुर स्थित आरएस कॉन्वेंट सैनिक स्कूल एंड हॉस्टल परिसर में शुक्रवार को आयोजित कार्यशाला में छात्रों को साइबर क्राइम से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान एसीपी साइबर क्राइम विजय प्रताप सिंह ने अपनी टीम के साथ कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को साइबर अपराध, इसके प्रभाव, सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। छात्रों ने सवाल भी पूछे, जिसका जवाब एसीपी ने दिया। विद्यालय के चेयरमैन सुदामा सिंह, प्रधानाचार्य संध्या सिंह ने एसीपी को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

आइसेकी के छात्रों ने ओ लेवल की परीक्षा में लहराया परचम
आइसेकी इंस्टीट्यूट के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित निलिट की ओ लेवल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। छात्रों ने सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कड़ी मेहनत का परिचय देते हुए शानदार अंक प्राप्त किए हैं।

संस्थान के परिणाम पर खुशी व्यक्त करते हुए आइसेकी के संस्थापक श्याम प्रसाद और निदेशक अब्दुल मन्नान ने छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस सफलता का श्रेय संस्थान के समर्पित शिक्षकों को दिया, जिनके अथक प्रयास ने छात्रों को इस मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि शिक्षक न केवल पाठ्यक्रम पूरा कराते हैं, बल्कि छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं।

माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण, बनेगा स्वास्थ्य कार्ड
माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जाएगी। इस संबंध में शिक्षा विभाग ने वार्षिक पंचांग में दिशा-निर्देश दिए हैं। जांच के आधार पर हर एक विद्यार्थी का स्वास्थ्य कार्ड भी तैयार होगा। इसमें उनके स्वास्थ्य संबंधी सभी जानकारियां होंगी। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य स्तर का आंकलन करना और समय रहते किसी भी स्वास्थ्य समस्या की पहचान कर उसका उचित समाधान करना है। 

स्वास्थ्य जांच के दौरान विद्यार्थियों की सामान्य शारीरिक जांच के साथ-साथ उनकी देखने, सुनने की क्षमता और अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य मानकों का मूल्यांकन होगा। विद्यार्थियों का स्वास्थ्य कार्ड बनेगा। विद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की स्थिति से उनके अभिभावकों को भी नियमित रूप से अवगत कराएंगे। 

विद्यालयों में स्वच्छता के महत्व, कुपोषण के दुष्प्रभावों और पौष्टिक आहार के लाभों के बारे में विशेष सत्र आयोजित होंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। 

नामांकन बढ़ाने के लिए प्रधानों से किया जा रहा संपर्क
जिले के परिषदीय विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल (बीडीसी) के सदस्य भी सक्रिय हो गए हैं। वे गांव के प्रधानों से संपर्क कर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने का प्रयास कर रहे हैं। जिले के 1145 परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए एक अप्रैल से स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है। 

पिछले शैक्षणिक सत्र में इन विद्यालयों में प्रति विद्यालय औसतन 10 से लेकर 800 तक बच्चों का नामांकन हुआ था। सेवापुरी के 784 विद्यालयों में कंपोजिट विद्यालय करधना में लगभग 700 छात्रों का नामांकन हुआ, जबकि चकलोल प्राथमिक विद्यालय में यह संख्या मात्र 8-9 रही। इसी प्रकार, चोलापुर के 133 विद्यालयों में कंपोजिट विद्यालय चोलापुर में 850 छात्रों का नामांकन हुआ, वहीं प्राथमिक विद्यालय पीपरी में केवल 40 छात्र पंजीकृत हुए। 

आराजीलाइन के 157 विद्यालयों में भतसार विद्यालय में 750 छात्रों का नामांकन दर्ज किया गया, जबकि बहेडवां प्राथमिक विद्यालय में केवल 35 छात्र ही पंजीकृत हुए। अन्य विकास खंडों में भी विद्यालयों में छात्रों की संख्या कहीं 10 तो कहीं 800 के करीब हैं। 

भाषण संकलन पुस्तिका का विमोचन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कराई गई भाषण प्रतियोगिता के प्रमुख अंशों को संकलित कर पुस्तिका का प्रकाशन कराया गया है। इसका विमोचन कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने किया। इस पुस्तिका को विश्वविद्यालय मुद्रणालय एवं प्रकाशन विभाग द्वारा मुद्रित किया गया है। 

भाषण प्रतियोगिता राज्य के छह विश्वविद्यालयों को छह समूहों में विभक्त करके आयोजित की गई थी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के अंतर्गत पांच अन्य विश्वविद्यालयों में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ के प्रतिभागी भी रहे। पुस्तिका का संपादन प्रो. शैला परवीन ने किया है। भाषण में 11 एवं नाट्य प्रस्तुति में 82 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। 

आज चार घंटे गुल रहेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से पांडेयपुर से आजमगढ़ रिंग रोड पर सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इसमें बाधक बनने वाले खंभे, ट्रांसफाॅर्मर की शिफ्टिंग की वजह से शनिवार को लालपुर-पांडेयपुर इलाके में कई काॅलोनियों में सुबह 11 बजे से 3 बजे तक यानी 4 घंटे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। शनिवार को उदयपुर उपकेंद्र के सोयेपुर फीडर और पांडेयपुर, उपकेंद्र के तहत आने वाले लालपुर, पहड़िया, अर्दली बाजार, नारायनपुर, शिवपुर फीडर के तहत आने वाली काॅलोनियों में आपूर्ति बाधित रहेगी। 

आभा कार्ड बनाने में जिला अस्पताल नंबर वन
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल को ऑनलाइन पंजीकरण के लिए आभा कार्ड बनाए जाने के मामले में यूपी में पहला स्थान मिला है। दूसरे नंबर पर कानपुर का मान्यवर कांशीराम संयुक्त अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पार्थसारथी सेन शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को लखनऊ में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में इसकी घोषणा की गई। बैठक में प्रमुख सचिव ने जिला अस्पताल की इस उपलब्धि के लिए सीएमएस को बधाई दी है। 

647 युवाओं को दिया 278.61 लाख ऋण
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के जरिये सरकार युवाओं को उद्यमी बनाने के संकल्प को पूरा कर रही है। ये सरकार के प्रयास का ही असर है कि स्टार्टअप शुरू करने के लिए महज चार महीने में ही वाराणसी के 647 युवाओं को 278.61 लाख रूपये ऋण दिया जा चुका है। योजना के तहत 3811 युवाओं ने ऋण के लिए आवेदन किया था। जिला उद्योग प्रोत्साहन और उद्यमिता विकास केंद्र के सहायक आयुक्त विनोद वर्मा ने बताया कि आवेदनों की जांच के बाद 3515 युवाओं का आवेदन बैंकों को भेजा गया था। 

भीड़भाड़ वाले इलाके में लगेंगे प्याऊ
गर्मी को ध्यान में रखकर शहर के भीड़ भाड़ वाले इलाकों में प्याऊ लगाए जाएंगे। मेयर अशोक कुमार तिवारी का निर्देश मिलने के बाद जलकल ने सर्वे का काम शुरू कर दिया है। गोदौलिया, विश्वनाथ मंदिर मार्ग, मैदागिन, कालभैरव आदि स्थानों के अलावा प्रमुख चौराहों पर वाटर कूलर लगवाए जाएंगे। जलकल के अधिकारियों के अनुसार सभी जेई से भीड़भाड़ वाले स्थानों की सूची मांगी गई है। हाल ही में चार पानी की टंकियों को भरने के लिए मुख्य पाइप लाइन से जोड़ने का काम पूरा कराया गया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed