Varanasi News Today: भगवान पर टिप्पणी करने का आरोपी अरेस्ट, 25-25 हजार के दो इनामी गिरफ्तार; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में देवी-देवताओं पर टिप्पणी करने के आरोपी को फूलपुर थाने की लिए ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, जिले की पुलिस ने 25-25 हजार के दो इनामी को भी पकड़ा है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: फूलपुर थाना क्षेत्र के नेवादा क्षेत्र में देवी-देवताओं पर टिप्पणी के आरोपी भोथी हाशमी को पुलिस ने शनिवार को क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया। फूलपुर के हरिनाथपुर अवनीश सिंह विक्की ने पुलिस को बताया कि नेवादा गांव निवासी भोथी हाशमी सोशल मीडिया पर हिंदू देवी देवताओं पर टिप्पणी कर रहा है।
आई लव मोहम्मद का नारा लगाता है। सोशल मीडिया पर देवी देवताओं पर आपत्तिजनक वीडियो भी पोस्ट करता है। वहीं, भाजपा के दीपक सिंह व अतुल रावत बेलवा के नेतृत्व में अन्य लोगों ने भोथी हाशमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सौहार्द बिगाड़ने और माहौल खराब करने समेत अन्य आरोपों में भोथू हाशमी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से नेवादा में फोर्स तैनाती है।
बिना अनुमति के शहर में अवैध विज्ञापन लगाने पर साढ़े पांच लाख का ठोका जुर्माना
नगर निगम वाराणसी द्वारा पूरे शहर क्षेत्र में बिना अनुमति के अवैध विज्ञापन लगाने वाले शुभम जायसवाल नाम के व्यक्ति पर 5.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नोटिस भी जारी कर दी गई है। निरीक्षण में पाया गया कि शुभम जायसवाल नाम के व्यक्ति ने पूरे नगर क्षेत्र में अवैध रूप से विज्ञापन लगाया है।
जांच में पता चला कि इनके द्वारा विज्ञापन के प्रकाशन हेतु नगर निगम से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई है, जिसको देखते हुए प्रशासन द्वारा सभी अवैध विज्ञापन को हटाने की कार्यवाही शुरू कर दी है। इसके साथ ही 5.50 लाख रुपये की धनराशि का जुर्माना नोटिस जारी कर दिया गया है।
ठगी के मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में वांछित 25 हजार का इनामी बबलू सिंह को पुलिस ने शनिवार को घुरहूपुर से गिरफ्तार किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बिहार के सहरसा स्थित रिपौली निवासी बबलू सिंह, मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के एलआईसी गली सब्जी मंडी के पास किराये के मकान में रहता था। 25 मई 2023 को महावीर नगर मेड़ता सिटी, नागौर (राजस्थान) निवासी वेंकटेश्वर तिवारी ने बबलू सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी, मारपीट मामले में मुकदमा दर्ज कराया था।
ठगी का आरोपी 25 हजार का इनामी गिरफ्तार
तीन साल पहले नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी में पुलिस ने 25 हजार के इनामी ईश्वर चंद्र मौर्य को दफ्फलपुरा चौराहे से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि मंडुवाडीह के पहाड़ी निवासी ईश्वर चंद्र मौर्य ने तीन साल पहले नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी की थी। पीड़ित देवा उपाध्याय निवासी दुर्गाकुंड ने कोर्ट के जरिये केस दर्ज कराया था।
26 हजार रुपये की लूट का आरोपी गिरफ्तार
तमाचाबाद स्थित एक्सवे माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड की शाखा से 26 हजार की लूट में शामिल वांछित प्रद्युम्न यादव को मिर्जामुराद पुलिस ने शनिवार को ठठरा गांव के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, दो कारतूस, वारदात में उपयोग बाइक बरामद हुई है।
मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भदोही के कोइरौना थाना क्षेत्र के मन्नीपुर गांव निवासी प्रद्युम्न यादव है। 28 अप्रैल को एक्सवे माइक्रो क्रेडिट की शाखा में असलहा के बल पर ब्रांच अफसर से 26 हजार रुपये लूट हुई। घटना में शामिल अन्य आरोपी भदोही निवासी सुमित यादव को पुलिस ने बंगलूरू से गिरफ्तार किया है।
पानी बहने पर विवाद, गड़ासे के बट से किया वार
जंसा थाना क्षेत्र के रैसी रामपुर में शुक्रवार की देर रात बारिश का पानी बहने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित विनोद कुमार प्रजापति ने पुलिस को बताया कि बारिश का पानी बहने को लेकर पड़ोसी ऋषि नारायण सिंह और अमित कुमार सिंह ने गड़ासे के बट और चाकू से वार किया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी ऋषि नारायण सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे युवक पर हमला
फूलपुर थाना क्षेत्र के बिन्दा गांव में शुक्रवार की रात दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन कर लौट रहे निलेश यादव ( 20) की मनबढ़ों ने लाठी डंडे से पिटाई की। बिंदा निवासी पीड़ित निलेश यादव ने चार आरोपियों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र यादव, जितेंद्र यादव, राकेश यादव और विकास यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
युवक की पिटाई में 25 अज्ञात पर केस
लंका थाना क्षेत्र में नक्कटैया मेला के दौरान अंकित सिंह की पिटाई के मामले में शुक्रवार की रात 25 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। खोजवा सरायनंदन निवासी अंकित कुमार ने पुलिस को बताया कि 28 सितंबर की रात मेला देखकर घर लौट रहा था। इस दौरान आरोपियों ने लाठी डंडे से हमला किया। मोबाइल भी छीन लिए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसी टीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
जमीन विवाद में मारपीट, केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के नैपुरा कला में जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। शुक्रवार की रात पीड़ित सिंधू पाल ने केस दर्ज कराया। पीड़ित सिंधू पाल ने पुलिस को बताया कि गांव के रहने वाले संदीप यादव ,उषा देवी, मुन्ना लाल पटेल, सोभनाथ यादव उर्फ कल्लू जमीन पर कब्जा कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने पिटाई की। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मुनारी बाजार में युवक को पीटा, वीडियो वायरल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुनारी बाजार में एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। इससे पहले भी पुलिस ने इसी युवक और उसके साथी को शांति भंग में गिरफ्तार किया था।
युवक की पिटाई, केस दर्ज
सारनाथ के सरायमोहाना में पुरानी रंजिश को लेकर नौशाद की पिटाई मामले में शुक्रवार रात पुलिस ने तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। सरायमोहाना निवासी नौशाद ने बताया कि 25 सितंबर को पड़ोसी सेखु, अबरार व शाहिद ने पिटाई की। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
कार की टक्कर से बुलेट सवार युवती की मौत, युवक कोमा में
रोहनिया थाना क्षेत्र के जगतपुर में शुक्रवार की सुबह कार की टक्कर से घायल बुलेट सवार खुशी यादव (24) की उपचार के दौरान बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में मौत हो गई। वहीं, घायल विकास यादव (26) कोमा में है। घायल युवक के पिता ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
रामघाट निवासी पीड़ित पिता अशोक यादव ने पुलिस को बताया कि बेटा विकास यादव उर्फ बाबू और चेतगंज के चौछटवा निवासी खुशी यादव बुलेट से सुबह अदलपुरा दर्शन के लिए निकले। जगतपुर के पास विपरीत दिशा में मोहनसराय से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी।
बेटा विकास और खुशी घायल हो गई। दोनों को बीएचयू स्थित ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां खुशी की मौत हो गई। बेटा कोमा में है। इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि कार को चिह्नित किया गया है। चालक की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
मध्य प्रदेश से वाराणसी आया युवक लापता, भाई ने दी तहरीर
मध्य प्रदेश के गुना के पठार से वाराणसी आया युवक अंशु राठौर (27) एक अक्तूबर को लापता हो गया। परिजनों ने इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को देने के साथ ही जैतपुरा थाने में तहरीर दी है। युवक के भाई अरनव राठौर ने पुलिस को बताया है कि उनका भाई एक अक्तूबर को साबरमती एक्सप्रेस में बैठकर वाराणसी के लिए रवाना हुआ था। वह मानसिक रूप से अवस्थ है। 3 अक्तूबर को सुबह ऑटो वालों से पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने वाराणसी सिटी स्टेशन के बाहर अंशु को देखा था।
अरनव ने बताया कि रेल कंट्रोल रूम में शिकायत करने पर जीआरपी, आरपीएफ की टीम ने संपर्क किया। लिहाजा स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा गया लेकिन अंशु का पता नहीं चल सका। इस बारे में जैतपुरा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
होटल डी पेरिस में नहीं है डांडिया कार्यक्रम
छावनी क्षेत्र स्थित होटल डी पेरिस में पांच अक्तूबर को कोई डांडिया कार्यक्रम नहीं है। होटल प्रबंधन ने खुद इसकी सूचना रिलीज के माध्यम से जारी की है। कैंट पुलिस के अनुसार बिना अनुमति कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं होगा। उधर, 2500 लोगों में 800 से अधिक लोगों का टिकट वापस कराया गया है।
कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अब तक 800 से अधिक लोगों के टिकट के पैसे लौटाए गए हैं। वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी और कार्यक्रम के आयोजक अनिल साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। एंकर निकिता राजपूत ने भी अनिल साहू पर धोखाधड़ी और धमकी का केस दर्ज कराया है।
बरसात में जलमग्न हुए खेत, सड़क और प्राथमिक विद्यालय
जिले में शुक्रवार सुबह 9 बजे से शुरू हुई बरसात देर रात 11 बजे तक होती रही। बारिश लगातार होने के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव हो गया। रोहनिया में खेतों में पानी लग गया। अगैती धान की फसलें आधा फीट तक पानी में डूब गईं। किसानों की मानें अगर तेज हवा चली तो फसल लेट जाएगी, इससे नुकसान हो सकता है। कछवा रोड के कपसेठी मार्ग पर बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर गया।
सुबह तक आने जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राजातालाब के जक्खिनी में बरसात के कारण सड़कों पर और खेतों में पानी भर गया। पानी शनिवार की दोपहर तक निकल नहीं पाया। चौबेपुर में बर्थरा खुर्द गांव में पानी टंकी के पास नाले पर ग्राम प्रधान ने मिट्टी डलवा दिया जिससे छोटी पुलिया भी बंद हो गई। बारिश का पानी जल निगम की बनी पानी टंकी के चारों ओर भर गया। निवासी सुरेश तिवारी ने बताया कि पुलिया छोटी है। पानी निकल नहीं पा रहा है।
संगठन की मजबूती का फर्नीचर कारोबारियों ने लिया संकल्प
फर्नीचर व्यापार मंडल वाराणसी के स्थापना दिवस पर शुक्रवार को संगठन की मजबूती पर जोर दिया गया। मलदहिया स्थित कार्यक्रम के दौरान फर्नीचर कारोबारियों ने समृद्ध व्यापारिक संगठन बनाने का संकल्प लिया।फर्नीचर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने बताया कि संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों के हितों की रक्षा करने के लिए मिलकर काम करना होगा। महामंत्री रमेश यादव ने व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा और उनके हितों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कोषाध्यक्ष दिलीप गुप्ता गुड्डू, पूर्व महामंत्री संजय अरोड़ा, मोहित गुप्ता, राहुल सिंह, राशिद, किशन और संदीप आदि रहे।
जीएसटी के बदलाव और अध्ययन पर टैक्स अधिवक्ताओं ने की चर्चा
कर अधिवक्ता संघ चंदौली की ओर से शनिवार को सारनाथ के टूरिस्ट बंग्लो में एक दिवसीय सेमिनार हुआ। द उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संघ के कार्यकारिणी की बैठक में क्रियाकलापों पर चर्चा हुई। दो सत्र में जीएसटी के बदलाव व अध्ययन पर दिल्ली और कानपुर से आए जीएसटी विशेषज्ञ संतोष गुप्त, ऋषिराज कपूर और जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर मिथिलेश शुक्ला, वक्ता एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 हरिलाल प्रजापति ने विचार रखे। प्रांतीय अध्यक्ष रमेश प्रसाद जायसवाल ने कहा कि अधिवक्ताओं को प्रदेश में अपनी बात मजबूती से रखनी चाहिए।
महामंत्री देवेंद्र कुमार शर्मा ने जीएसटी में अधिवक्ताओं की भूमिका पर जोर दिया। संचालन अधिवक्ता अमित कुमार राय और स्वागत गंगेश पांडेय ने किया। सेमिनार में कर अधिवक्ता संघ चंदौली के संरक्षक नागेश्वर सिंह, अध्यक्ष विनय कांत मिश्रा, महामंत्री उमेश सिंह, वीएन राय, सुमित जायसवाल, लाल रत्नाकर सिंह मौजूद रहे।
जीएसटी में सुधारों से आम आदमी को राहत : हंसराज विश्वकर्मा
भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में शनिवार को जीएसटी संशोधन पर एक कार्यक्रम हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि जीएसटी में सुधारों से आम आदमी को राहत मिली है। इस मौके पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामप्रकाश दुबे, जिला उपाध्यक्ष अरविंद प्रधान, जिला सह संयोजक दीप सिंह, राजीव वर्मा, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने पर मंथन करेंगे विशेषज्ञ
देश के आयुर्वेद चिकित्सकों का एक दिवसीय सम्मेलन संसर्जनम 12 अक्तूबर को काशी में होगा। अंधरापुल के होटल रिजेंसी में होने वाले सम्मेलन में यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, दिल्ली, झारखंड, पंजाब, हरियाणा आदि जगहों से 100 से अधिक आयुर्वेद चिकित्सक शामिल होंगे। आयोजन समिति से जुड़े डॉ. सिद्धार्थ मित्तल ने बताया कि सम्मेलन में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने पर मंथन किया जाएगा। अलग-अलग सत्रों में चिकित्सकों को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति से उपचार पर बात रखने का मौका दिया जाएगा।
बूथ स्तर पर कमेटी का गठन करें
महानगर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक शनिवार को महानगर कार्यालय राजीव भवन मलदहिया में हुई। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर महानगर के 13 ब्लॉक, 50 मंडल एवं 100 वार्डों का गठन हो चुका है। अब बूथ स्तर पर कमेटी गठित की जाएगी। प्रत्येक महीने के पहले रविवार को महानगर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक होगी। बैठक में आसमा फातिमा को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराया गया। बैठक में डाॅ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, रमजान अली उपस्थित रहे।
ओमप्रकाश त्रिपाठी अध्यक्ष और विनय बने सचिव
गंगा वरुणा संगम पर प्राचीन आदि केशव मंदिर के श्रीआदि केशव मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों का चयन हो गया है। इसमें ओम प्रकाश त्रिपाठी अध्यक्ष, संतोष कुमार त्रिपाठी उपाध्यक्ष, विनय कुमार त्रिपाठी सचिव, ओंकारनाथ त्रिपाठी कोषाध्यक्ष, चंद्र प्रकाश त्रिपाठी आय व्यय निरीक्षक चुने गए हैं। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मंदिर परिसर में ही शपथ दिलाई गई।
इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्तन कैंसर की जांच
स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्तन कैंसर की जांच के लिए चलाए गए अभियान में जिले में एक दिन में 102446 महिलाओं की जांच की गई। इस दौरान महिलाओं को स्तन कैंसर के कारण, बचाव के उपाय भी बताए गए। एक दिन (24 घंटे) में 1 लाख से अधिक महिलाओं की करने के बाद यह अभियान इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है।
जिले में स्तन कैंसर के कारण, बचाव के प्रति जागरूकता के साथ ही अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर स्क्रीनिंग की जाती है। इस बीच 29 सितंबर को अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों पर चलाए गए अभियान में 24 घंटे के भीतर जांच का आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच गया। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि इस उपलब्धि को इंडियन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने मान्यता देते हुए प्रमाणपत्र दिया है। सीएमओ ने बताया कि इसका उद्देश्य महिलाओं में कैंसर की समय पर पहचान कर जागरूक करना है।
गंगा का जलस्तर 20 सेमी तक बढ़ा
बारिश के चलते गंगा का जलस्तर 20 सेंटीमीटर तक बढ़ गया। शुक्रवार रात आठ बजे तक गंगा का जलस्तर 64.69 मीटर था जो कि शनिवार रात 64.89 मीटर पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शनिवार सुबह दो सेंटीमीटर प्रति घंटे और रात 10 बजे तक एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की स्पीड से गंगा का पानी बढ़ रहा था। बारिश थमने से अब पानी बढ़ने के आसार कम हैं।
कोरौता में लगने वाला मेला स्थगित हुआ
लोहता थाना के कोरौता बाजार में शनिवार को लगने वाला विजयादशमी/ रावण दहन मेला बारिश की वजह से अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है। मेला समिति के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह उर्फ डब्बू सिंह ने बताया कि मेले की सूचना एक दिन पहले दी जाएगी।
संजीव शुक्ला बने काशी के जिला जज
जिले में शनिवार देर रात 6 न्यायिक अधिकारियों की तैनाती की गई। चंद्र प्रकाश तिवारी प्रथम को मोटर एक्सीडेंटल क्लेम कोर्ट का पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। शैलेश कुमार तिवारी को पीठासीन अधिकारी व्यावसायिक न्यायालय, सत्या नंद उपाध्याय को पीठासीन अधिकारी भूमि अधिग्रहण पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन प्राधिकरण, संजीव शुक्ला को जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। विकास श्रीवास्तव को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश वाराणसी बनाया गया है। हाईकोर्ट इलाहाबाद की ओर से देर रात सूची जारी की गई।
एमसीएच विंग में नहीं मिलीं डॉक्टर, सभी से मांगा जवाब
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल परिसर के एमसीएच विंग में सीएमएस डॉ. आरएस राम के निरीक्षण में ओपीडी में डॉक्टर नहीं मिलीं। लापरवाही पर सीएमएस ने सभी डॉक्टर, कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। इसकी कॉपी जिलाधिकारी, अपर निदेशक, सीएमओ और एमसीएच विंग के नोडल अधिकारी डॉ. आरके यादव को भी दी है।
सीएमएस कार्यालय की ओर से आदेश में बताया गया है कि ओपीडी में आने वाले मरीजों ने डॉक्टरों के ओपीडी में न बैठने की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। 3 अक्तूबर को सुबह 9.10 बजे निरीक्षण किया गया तो ओपीडी में कोई भी चिकित्साधिकारी अपने कक्ष में नहीं मिला।
निरीक्षण में पता चला कि चिकित्साधिकारियों के बीच समन्वय की कमी की वजह से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएमएस ने दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद ही वेतन मिलेगा। किसी मरीज के प्रसव पीड़ा से कराहने के बाद कोई डॉक्टर देखने नहीं पहुंचा तो परिजनों ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की थी।
बीएचयू में 8 दिन की योग कार्यशाला कल से
बीएचयू में 6 अक्तूबर से आठ दिवसीय राष्ट्रीय योग कार्यशाला शुरू होगी। यह कार्यशाला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। कार्यशाला का समापन 13 अक्तूबर को होगा। संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं को 350 रुपये रजिस्ट्रेशन के लिए देने होंगे। वहीं बाकी संकायों के छात्र-छात्राओं और प्रोफेसरों सहित बाहरी लोगों को भाग लेने के लिए 500 रुपये देने होंगे। बीएचयू की वेबसाइट पर पोस्टर और क्यूआर कोड जारी कर दिया गया है। इसे स्कैन कर कार्यशाला के लिए पंजीकृरण कराया जा सकता है। ये कार्यक्रम संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में ही चलेगा।
हाइड्रोजन ऊर्जा पर मंथन करेंगे 100 से ज्यादा वैज्ञानिक
आईआईटी बीएचयू में 10 से 12 अक्तूबर तक हाइड्रोजन ऊर्जा और स्थिरता की थीम पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर तय की गई है। इस कार्यक्रम में नीति आयोग के सदस्य डॉ. विजय कुमार सारस्वत भी स्पीकर होंगे। उनके अलावा आईआईटी रुड़की के प्रो. केके पंत, आईआईटी दिल्ली, आईआईटी धनबाद के प्रो. सुकुमार मिश्रा और अमेरिका की मिसीसिपी स्टेट यूनिवर्सिटी से प्रो. नीरज राय और ऑस्ट्रेलिया के कर्टेन यूनिवर्सिटी से प्रोफेसर विष्णु पाठक समेत कई वैज्ञानिक आएंगे। वहीं हाइड्रोजन पर काम कर रहीं एनटीपीसी सहित कई बड़ी कंपनियों के भी अधिकारियों का जमावड़ा होगा।
हाइड्रोजन स्टोरेज और प्रोडक्शन पर होगी चर्चा : ये कार्यक्रम केमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की ओर से किया जाएगा। इसमें पोस्टर-पेपर प्रजेंटेशन, स्टार्टअप शोकेस और एग्जीबिशन, पैनल डिस्कसन और नेटवर्किंग ब्रांडिंग का कार्यक्रम किया जाएगा। इसमें हाइड्रोजन स्टोरेज, हाइड्रोजन प्रोडक्शन, हाइड्रोजन ट्रांसपोर्टेशन, हाइड्रोजन इंटीग्रेशन, रिन्यूएबल एनर्जी, भविष्य की तकनीक, कार्बन डाई ऑक्साइड कैप्चरिंग, मोबिलिटी सॉल्यूशन आदि पर देश-विदेश के 100 से ज्यादा एक्सपर्ट द्वारा मंथन किया जाएगा।
छात्रावास के लिए आवेदन 15 अक्तूबर तक
राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावासों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर तक बढ़ाई गई है। समाज कल्याण अधिकारी गिरीश चंद दूबे ने बताया कि विभाग की ओर से राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ परिसर और राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास आशापुर में संचालित है। दोनों छात्रावासों में शैक्षिक सत्र 2025-26 में नियमानुसार 70 प्रतिशत स्थान अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्रों और 30 प्रतिशत स्थान सामान्य वर्ग और अन्य पिछड़े वर्ग के छात्रों का प्रवेश लिया जाना है।उन्होंने बताया कि छात्रावास में प्रवेश छात्र की योग्यता और मूल निवास स्थान की दूरी आदि के आधार पर होगा।
बीएचयू की डॉ. पूजा ने पेरिस में पढ़ा शोध पत्र
बीएचयू के हिंदी विभाग की पोस्ट-डॉक्टरल फेलो (पीडीएफ) डॉ. पूजा यादव ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में अपना शोध-पत्र प्रस्तुत किया। पेरिस की 300 साल पुरानी प्रतिष्ठित संस्था इनाल्को (इंस्टीट्यूट नेशनल डेस लैंग्वैज ऐट सिविलाइजेशन ओरिएंटल्स) में हुई अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में उन्होंने उर्दू साहित्य और अध्ययन विषय पर चर्चा की। पेरिस में इस विषय पर हुई पहली संगोष्ठी ऐतिहासिक मानी गई। इसमें देश-विदेश से आए कई प्रख्यात विद्वानों और शोधार्थियों ने हिस्सा लिया। डॉ. पूजा यादव ने हिंदी विभाग से एमए और पीएचडी की।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर हुई संगोष्ठी
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में दीक्षांतोत्सव से पहले राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति चुनौतियां एवं संभावनाएं विषयक संगोष्ठी में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि इस तरह की प्रतिभाओं से ही हमारे विश्वविद्यालय का गौरव है। आप सभी को इसी तरह जीवन में आने वाली चुनौतियों से बिना घबराए आगे बढ़ते रहना है। संगोष्ठी में उत्कृष्ट शोध पत्र प्रस्तुतिकरण के लिए शोध छात्र अनुराग पांडेय, प्रवक्ता डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र और डॉ. विवेक पांडेय को कुलपति ने प्रशस्ति पत्र, प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
डॉ. अनिल जनरल काउंसिल के सदस्य नामित
बीएचयू में कला इतिहास विभाग में पर्यटन प्रबंधन के सहायक आचार्य डॉ. अनिल कुमार सिंह को दिल्ली भेषज विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय की जनरल काउंसिल के सदस्य के तौर पर नामित किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
काशी विद्यापीठ में 200 अभ्यर्थियों ने लिया दाखिला
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में पीजी में दाखिले के लिए दूसरे चरण की काउंसिलिंग शनिवार से शुरू हो गई। तीन दिन तक चलने वाली काउंसिलिंग के पहले दिन एमएससी फिजिक्स, पीजीडीसीए, एमए/एमएससी गणित सहित अन्य कोर्स में 200 अभ्यर्थियों ने दाखिला लिया। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन फीस जमा की।
विश्वविद्यालय में स्नातक में दाखिले की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब स्नातकोत्तर की प्रक्रिया अंतिम दौर में चल रही है। पीजी की खाली सीटों को भरने के लिए अब विश्वविद्यालय की ओर से तीन दिन तक काउंसिलिंग कराई जा रही है। इसमें पहले दिन एमएससी फिजिक्स, पीजीडीसीए, एमए/एमएससी गणित, एमए/एमससी सांख्यिकी, एमए मनोविज्ञान, पीजी डिप्लोमा इन ह्यूमन रूरल डेवलपमेंट के साथ ही एमए हिंदी, पीजी डिप्लोमा इन फिजियोथेरेपी, एमए जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन, एमएसडब्ल्यू, एमए आईआरपीएम और एम म्यूज में दाखिले लिए गए।
छह अक्तूबर को होंगे काले हनुमान के दर्शन
काशी नरेश के किले के अंदर अलौकिक श्यामवर्ण दक्षिणमुखी हनुमान का दर्शन छह अक्तूबर को होगा। साल में एक बार खुलने के कारण चंदौली, मिर्जापुर, बनारस सहित आसपास जिलों से दर्शनार्थी पहुंचते हैं। दुर्ग प्रशासन का अनुमान है कि लाखों भक्त आएंगे। दुर्ग के सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि डाॅ. अनंत नारायण सिंह के निर्देश पर सोमवार सुबह लगभग दस बजे मंदिर का पट दर्शनार्थियों के लिए खोला जाएगा। दर्शन पूजन का दौर तीन बजे तक चलेगा।
501 कन्याएं और महिलाएं निकालेंगी कलश यात्रा
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से साप्ताहिक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ 5 से 11 अक्तूबर तक होगा। रविवार सुबह 10 बजे 501 कन्याएंं और महिलाएं भव्य कलश यात्रा निकालेंगी। यह यात्रा चौबेपुर कस्बा नगर से होते हुए कार्यक्रम स्थल स्कूल के खेल मैदान पर पहुंचेगी। आयोजक संतोष कन्नौजिया, सृजन चतुर्वेदी शिवम ने बताया कि रविवार शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी स्वाती भारती श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान पर व्याख्यान देंगी।
हॉलैंड में मनाया नवरात्र, 30 भक्तों ने ली दीक्षा
अंतरराष्ट्रीय वेदांत सोसाइटी की ओर से हॉलैंड में नवरात्र मनाया गया। संस्था के महासचिव स्वामी प्रबुद्धानंदपुरी महाराज के आचार्यत्व में सौ से अधिक भक्तों ने विविध विधान से पूजन किया। उन्होंने बताया कि वहां पर नौ दिनों तक उत्साह और भक्तिभाव से नवरात्र मनाया गया। देवी की पूजा, दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया और आरती उतारी गई। कन्या पूजन और हवन यज्ञ से नवरात्र की पूर्णाहुति हुई। इस दौरान 30 भक्तों ने दीक्षा भी ली। आठ अक्तूबर को 15 विदेशी भक्त स्वामी जी के साथ काशी पहुंचेंगे। सभी यहां 12 दिनों तक सत्संग और भजन कीर्तन करेंगे।
वरुणा संध्या में सहजप्रीत ने पेश किया रुद्र कवचम
छावनी परिषद और दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से शनिवार को नेहरू पार्क में वरुणा संध्या हुई। अमृतसर से आई कथक कलाकार सहजप्रीत सिंह ने नृत्य की शुरुआत राग यमन कल्याण में श्री रुद्र कवचम से की। तीनताल पर तकनीकी निपुणता का प्रदर्शन किया। सहजप्रीत ने गुरु डॉ. रोशन कुमारी की बंदिशें प्रदर्शित कीं। राग देश में एक मनोहारी तराना प्रस्तुत किया और समापन एक मार्मिक गजल फिर आह दिल से निकली...से किया। बोल पढ़ंत पर आनंद मिश्रा, शिवम शर्मा ने हारमोनियम और सारंगी पर ओम साही ने साथ दिया।
स्टाइल बाजार में महिलाओं की त्योहारी खरीदारी
रोटरी क्लब वृंदा की ओर से शनिवार को कैंटोंमेंट के एक होटल में स्टाइल बाजार में महिलाओं ने त्योहारी चीजों की जमकर खरीदारी की। कपड़े, चांदी के ज्वेलरी, सजावटी सामग्री खूब बिक्री हुई। मुख्य अतिथि रोटरी डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर डॉ. आशुतोष अग्रवाल और क्लब की अध्यक्ष अध्यक्ष ललिता मोदी ने सुबह मेला का शुभारंभ किया। 60 से अधिक आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। राजस्थान, गुजरात, प्रयागराज, कानपुर, इंदौर, कोलकाता, भदोही, मिर्जापुर, आगरा, मुंबई, इंदौर आदि राज्यों व शहरों के डिजाइनर्स और आकर्षक स्टॉल लगे थे।
गरबा रास से की देवी की आराधना
नव्या संस्कृति भूमिहार समाज और काशी महिला संगठन की ओर से शनिवार को कैंटोमेंट के होटल में गरबा रास व प्री दिवाली उत्सव हुआ। महिलाओं ने गरबा से देवी की स्तुति की। महिषासुर मर्दिनी नाटय प्रस्तुति से देवी की आराधना की। राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य व भाजपा नेत्री मीना चौबे ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। गणेश वंदना के बाद गरबा रास और नाट्य प्रस्तुतियों के अलावा अष्ट लक्ष्मी नृत्य, भरतनाट्यम की भी प्रस्तुति बेजोड़ रही। लकी ड्रॉ के 10 विजेताओं को आकर्षक उपहार दिया गया। स्वागत अनुपमा राय व संचालन मधुलिका राय और नीतू सिंह ने किया। इस मौके पर डॉ. स्वेता राय, डॉ. सरोज पांडेय, डॉ. गीता पांडेय, अंजना राय रहे।
जुल्म के खिलाफ निकाले अलम का जुलूस
इमाम रजा के रौजे पर बम गिराए जाने के विरोध में अलम का एहतेजाजी जुलूस शनिवार को काली महल शिया मस्जिद से अंजुमन हैदरी के जेरे इंतजाम उठाया गया। नई सड़क, दालमंडी, चौक, मैदागिन, मुकीमगंज इमामिया अरबी कॉलेज पहुंचा, जहां पर नमाज अदा करने के बाद मजलिस हुई। जुलूस में नोहा मातम के साथ जुल्म के खिलाफ नारे लगाते हुए चल रहे थे। इस दौरान मौलाना अमीन हैदर हुसैनी ने मजलिस को खिताब किया। कच्ची सराय, हाड़ा सराय, चौक से अलम जुलूस में शामिल हुआ था।
पदयात्रा का नागेपुर में स्वागत
एक कदम गांधी के साथ 56 दिवसीय पदयात्रा तीसरे दिन शनिवार को लोक समिति आश्रम नागेपुर पहुंची। पदयात्रियों का ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने स्वागत किया। बापू और आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद यात्रा आगे बढ़ी। पदयात्रा में 16 राज्यों से आए करीब 100 पदयात्री स्कूली बच्चों के साथ बेनीपुर के लिए रवाना हुए। यह यात्रा राजघाट वाराणसी से राजघाट दिल्ली तक यात्रा जाएगी।
सत्संग से विवेक और सद्गति की होती है प्राप्ति
कथा वाचिका साध्वी श्रीनिष्ठा ने कहा कि रामचरितमानस के पढ़ने मात्र से ही नाकारात्मकता नष्ट हो जाती है। सत्संग के बिना विवेक नहीं आता है। सत्संग से ही सद्गति की प्राप्ति होती है। कथा हमें अमृत देता है और हमारे विष को हर लेता है। कोशलेश नगर में चल रही शिवमय श्रीरामकथा के दूसरे दिन शनिवार को वह प्रवचन कर रही थीं। मुख्य यजमान डॉ. आंनद मिश्रा और सत्या मिश्रा ने व्यासपीठ का पूजन किया।
दीपावली मेला में दिव्यांगों के उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से दीपावली मेला लगेगा। दिव्यांगों के बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। उपनिदेशक दिव्यांगजन सतेंद्र कुमार ने बताया कि मेले के लिए कम से दो वर्ष का अनुभव रखने वाली पंजीकृत स्वैच्छिक संस्थाओं से प्रस्ताव मांगे गए हैं। इच्छुक संस्थाएं जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विकास भवन कार्यालय में अपना प्रस्ताव नौ अक्तूबर तक भेज दें।
भारत है देवभूमि, यहां मस्जिदों का कोई स्थान नहीं
भारत की संपूर्ण भूमि देवभूमि है। इस भूमि पर आक्रांताओं की ओर से बनवाई गई मस्जिदों के लिए कोई स्थान नहीं है। मेरे भारत में राम का जन्म है, कृष्ण का जन्म है। मेरे भारत में दशावतार हुए हैं। संपूर्ण काशी शिव की है और यहां पर किसी आक्रांता का कोई चिह्न नहीं रहना चाहिए। उक्त बातें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष आचार्य अशोक द्विवेदी ने कहीं। वह शनिवार को रविंद्रपुरी के वेद पारायण केंद्रम न्यास में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वेद परायण केंद्रम न्यास की ओर से इस बार देश के तीन विद्वानों को सम्मानित किया जाएगा। काशी विद्वत परिषद के अध्यक्ष प्रो. हरि नारायण तिवारी को वेद ऋषि, मुंबई की डी कल्याणी को ज्योतिष रत्न, वैदिक नारायण शर्मा कांकर को वेदरत्न से सम्मानित किया जाएगा। हर साल की तरह शरद पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन 6 अक्तूबर को किया जाएगा। शुभारंभ 4 बजे श्री चक्र राजराजेश्वरी भगवती की विशेष आराधना से होगा।
गुरु तेग बहादुर के कड़ा और शस्त्र के गुरुद्वारे में हुए दर्शन
सिखों के नौवें गुरु तेग बहादुर साहिब की 350वीं जागृति यात्रा शनिवार को बनारस पहुंची। पटना के श्रीहरमंदर जी से सासाराम के रास्ते आने वाली यात्रा का मोहनसराय चौराहे पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा गुरुद्वारा गुरुबाग, रोहनिया, मोढ़ैला तिराहा, मंडुवाडीह चौराहा, महमूरगंज, रथयात्रा होते हुए पहुंची। 150 यात्रियों के साथ यात्रा में गुरु साहब के कड़ा और शस्त्र के दर्शन भी हो रहे हैं। पटना साहिब से तख्त श्री केसगढ़ साहिब, श्री अनंदपुर साहिब (रोपड़) पंजाब तक यात्रा जाएगी। सिख समाज ने शहीदी शताब्दी को समर्पित जागृति यात्रा जत्था की अगवानी की।
गुरुद्वारे में पुष्प वर्षा कर जागृति यात्रा का स्वागत किया गया। पालकी पर विराजित पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को सम्मानपूर्वक फूलों की वर्षा कर गुरुद्वारे में ले जाया गया। गुरुबाग में शाम का दीवान भाई नरिंदर सिंह ने शबद गायन कर संगत को निहाल किया। यात्रा में बाबा शहीद दीप सिंह द्वारा हस्तलिखित श्री गुरु ग्रंथ साहिब भी शामिल है। पांच अक्तूबर को गुरुद्वारे में शबद गायन के उपरांत नाश्ता, जलपान व लंगर के बाद पुनः जागृति यात्रा सुबह 9 से 9.30 बजे के मध्य जौनपुर होते हुए गोरखपुर के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा में 150 यात्री शामिल हैं। मुख्य ग्रंथी भाई रंजीत सिंह ने यात्रियों का स्वागत किया।