Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Mayor personally enters census information from November 16 citizens

वाराणसी: महापौर ने खुद भरी जनगणना की जानकारी, 16 नवंबर से घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना

Mon, 16 Nov 2026 01:32 PM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: किशन चौबे Updated Mon, 16 Nov 2026 01:32 PM IST
सार

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा स्थित आवास पर ऑनलाइन स्व-गणना कर डिजिटल जनगणना का शुभारंभ किया। 16 से 30 नवंबर तक नागरिक पोर्टल पर परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन और जनगणना करेंगे।

 

विज्ञापन
Varanasi Mayor personally enters census information from November 16 citizens
वाराणसी जनगणना - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के तहत सोमवार को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया का शुभारंभ हुआ। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा स्थित अपने आवास पर ऑनलाइन स्व-गणना कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर घर बैठे अपने परिवार का विवरण दर्ज करें। जनगणना के दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़े 40 बिंदुओं पर जानकारी देनी होगी।

विज्ञापन


30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना
महापौर ने कहा कि नागरिकों को स्व-गणना के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। वे मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपना और परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नागरिकों की ओर से दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। इसका उपयोग देश के विकास और भविष्य की योजनाओं के निर्माण में किया जाएगा।
विज्ञापन


ओटीपी सत्यापन के बाद भरना होगा फॉर्म
अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह ने बताया कि स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर और नाम के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद ओटीपी सत्यापन कर ऑनलाइन प्रश्नावली भरनी होगी। विवरण जमा होने के बाद 11 अंकों की विशिष्ट एसई-आईडी मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी है। जब प्रगणक घर पहुंचेंगे तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। इससे पहले दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सकेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

 

Trending Videos

Varanasi Mayor personally enters census information from November 16 citizens
वाराणसी जनगणना - फोटो : Amar Ujala

एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक
स्व-गणना की प्रक्रिया 30 नवंबर को समाप्त होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। इस दौरान परिवार के सदस्यों से जुड़े निर्धारित 40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी। प्रशासन ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं।

इन जानकारियों के देने होंगे जवाब
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि नागरिकों को परिवार के प्रत्येक सदस्य का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, माता-पिता का विवरण, मातृभाषा, अन्य भाषाओं का ज्ञान, दिव्यांगता, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और शैक्षणिक योग्यता जैसी जानकारियां तैयार रखनी होंगी।

इसके अलावा रोजगार और व्यवसाय, कार्यस्थल, जन्मस्थान, पूर्व और स्थायी निवास, विवाहित महिलाओं के बच्चों से जुड़ी जानकारी, कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की संख्या और मोबाइल नंबर समेत अन्य जानकारियां भी मांगी जाएंगी। प्रश्नावली में आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से जुड़े सवाल भी शामिल हैं।

नगर आयुक्त ने काशीवासियों से स्व-गणना में भाग लेने और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस अभियान से जुड़ सकें।

इस दौरान अपर नगर आयुक्त बरखा सिंह, जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण मिश्र समेत नगर निगम के कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed