फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi major news in one click Eight years imprisonment case of rape hearing gyanvapi case today

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरेंः दुष्कर्म मामले में आठ वर्ष की कैद, लॉर्ड विश्वेश्वर मामले में सुनवाई आज

Thu, 01 Aug 2024 09:54 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 01 Aug 2024 09:54 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) ने किशोरी से दुष्कर्म मामले में आरोपी को आठ वर्ष की सजा सुनाई है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर किशोरी को अगवा किया था। वहीं, ज्ञानवापी से जुड़ी लॉर्ड विश्वेश्वर मामले में वादी की गुरुवार को सुनवाई होगी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi major news in one click Eight years imprisonment case of rape hearing gyanvapi case today
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

शादी का झांसा देकर किशोरी को अगवा कर दुष्कर्म के मामले में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) अनुभव द्विवेदी की अदालत ने दोषी को आठ वर्ष की कैद और 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। वहीं, किशोरी को भगाने में सहयोग करने के दोषी विनोद यादव को तीन वर्ष के कठोर कारावास व पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

विज्ञापन


अभियोजन पक्ष के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र की पीड़ित की मां ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 13 मई 2016 को बेटी को गांव का ही रहने वाला प्रदीप यादव अपने साथी विनोद यादव के साथ बहला-फुसलाकर भगा ले गया। 
विज्ञापन


फूलपुर पुलिस ने विवेचना के दौरान 11 जुलाई 2016 को फूलपुर बाजार से अभियुक्त प्रदीप यादव को गिरफ्तार किया। साथ ही पीड़िता को बरामद कर अभियुक्त को जेल भेजा था। पुलिस ने पीड़िता के मेडिकल मुआयने के बाद दोनों अभियुक्तों के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में आरोप पत्र प्रेषित किया। अदालत ने विचारण के दौरान दोनों अभियुक्तों को दोषी पाने के बाद सजा सुना दी।
विज्ञापन
विज्ञापन


सरैया में ट्रेन से गिरकर युवक का पैर कटा
वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया रेलवे डॉट पुल के पास बीती रात ट्रेन से गिरकर एक युवक का बांया पैर कट गया। उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिहार के रोहतास नाराइना गांव का निवासी राकेश 28 वर्ष कैंट स्टेशन से मेमू ट्रेन से सासाराम जा रहा था।

अचानक पैर फिसलने से वह ट्रैक पर आ गिरा। पुलिस ने घायल को मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया और उसके परिजनों को सूचना दी। घायल राकेश मजदूरी करने के लिए वाराणसी आया था।

कार की टक्कर से सिपाही घायल
वाराणसी के छावनी क्षेत्र में होटल के सामने चार पहिया वाहन के धक्के से बाइक सवार पुलिसकर्मी अनिल कुमार घायल हो गया। कैंट पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। टक्कर से अनिल कुमार का पैर फ्रैक्चर हो गया।

बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जसेवापुरी। कपसेठी थाना क्षेत्र के ऊपरवार गांव में संचालित सिल्वर ग्रो विद्यालय की बस चालक के खिलाफ बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं बस सीज कर दी गई। अभिभावक बाबा तिवारी की तहरीर पर चालक विजय राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

मंगलवार की दोपहर बाद बस असंतुलित होकर पलट गई थी, जिसमें 6 बच्चे घायल हुए थे। दूसरे दिन बुधवार को छात्र विद्यालय नहीं गए।स्कूली बसें खाली ही लौटी। विद्यालय प्रबंध समिति ने अपने कर्मचारियों को गांव में अभिभावकों के घर भेजा और भरोसा दिलवाया कि घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

रुपये के लेनदेन का विवाद, लूट की दी फर्जी सूचना
सेवापुरी के जंसा थाना क्षेत्र के कतवारूपुर गांव के पास बीती रात लूट की फर्जी सूचना पर पुलिस परेशान हो गई। छानबीन में सामने आया कि मामला लूट का नहीं बल्कि लेनदेन का है। दोनों पक्षों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

कपसेठी थाना क्षेत्र के सकलपुर गांव निवासी ऑटो चालक अंकित श्रीवास्तव ने पुलिस को सूचना दी की कपसेठी थाना क्षेत्र के भीषमपुर गांव निवासी रोहन सिंह ने उसे मारा पीटा और बाइक लूट ली। पुलिस जांच में जुटी तो मामला लेनदेन का निकला। थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के अभिभावकों को बुलाया गया है। फर्जी सूचना देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

सीडीओ के आदेश के बाद भी दर्ज नहीं हुआ ग्राम प्रधान, सचिव पर मुकदमा
सेवापुरी के बड़ागांव विकासखंड के गांव कुरु में 14 जुलाई को विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान सीडीओ हिमांशु नागपाल को वरुणा नदी के किनारे बने शवदाह गृह में धांधली मिली थी। सीडीओ ने ग्राम प्रधान रेनू तिवारी और सचिव वीरेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। मगर, सीडीओ के आदेश के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। 

मकान में चोरी का प्रयास, कैमरे में कैद घटना
सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर में बीती रात चोर मकान के गेट का ताला तोड़ अंदर घुस गए। हालांकि, इस बीच पड़ोसियों की आहट सुनकर वह भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छानबीन की। सीसी कैमरे में चोरों की हरकत कैद हुई है। 

अधिवक्ता शिशिर कुमार पाठक के अनुसार, वह तिलमापुर में रहते हैं। 29 जुलाई को परिवार सहित कपसेठी में गांव गए थे। बंद मकान देखकर चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए। पड़ोसियों की आहट सुनकर भाग निकले।

अग्निशमन विभाग को मिला एक अदद फायर क्विक रिस्पांस व्हीकल
उत्तर प्रदेश अग्निशमन विभाग लखनऊ द्वारा वाराणसी को एक अदद फायर क्विक रिस्पांस व्हीकल अग्निशमन वाहन दिया गया है। यह वाहन कम चौड़े मार्गों पर चलने में सक्षम है। इसमें हाई प्रेशर पेट्रोल ड्रिवेन फायर पंप है, जो फोम प्रवाह करता है। इससे ट्रांसफॉर्मर, गैस और धीमी आग को भी बुझाया जा सकता है।



वाहन में 700 लीटर क्षमता के वाटर टैंक के साथ-साथ 50 लीटर का फोम टैंक है। इसकी विशेषता यह है कि वाहन से चलते-चलते भी आग को बुझाया जा सकता है। फायर क्विक रिस्पांस व्हीकल में मैनुअल बोल्ट कटर, हाइड्रोलिक बोल्ट कटर, हेलमेट विथ टॉर्च, जैक, ग्लास ब्रेकर भी है। इनका रेस्क्यू में प्रयोग किया जा सकता है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने फायर सर्विस कर्मियों और फायर वाहन के फायर पंप और विभिन्न उपकरणों की टेस्टिंग की। 

दुष्कर्म का आरोपी निजी अस्पताल का प्रबंधक गिरफ्तार
रामनगर अस्पताल की महिला कर्मचारी से दुष्कर्म के मामले में वांछित प्रबंधक को पुलिस ने टेंगरा मोड़ से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि आरोपी डॉ. सुनील सिंह टेंगरा मोड़ के निजी अस्पताल का प्रबंधक है। छह जुलाई को महिला कर्मचारी ने प्रबंधक के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया था। 

वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मारपीट और अगवा करने की धमकी समेत अन्य आरोपों में चालक के खिलाफ भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। नवाबगंज के मां शारदा नगर की रहने वाली संगीता अग्रवाल का आरोप है कि वाहन चालक आलोक चौरसिया उन्हें परेशान करता है। 

पहले वह उनके यहां नौकरी करता था, उसकी हरकतों की वजह से उसे निकाल दिया था। अब वह पति-पुत्र के अपहरण की धमकी दे रहा है। 15 व 16 जुलाई रात घर में ताकझांक भी कर रहा था। डोर बेल बजाकर भी परेशान किया। 

जान से मारने की धमकी, केस
अधिवक्ता ने धमकी समेत अन्य आरोपों में भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। भेलूपुर थाना क्षेत्र के संकुलधारा खोजवां निवासी अधिवक्ता दीपक सिंह ने बताया कि ओएलएक्स पर फ्लैट बेचने का विज्ञापन डाला था। 23 जुलाई को अनजान नंबर से मैसेज आया और फ्लैट की जानकारी मांगी। दो दिन बाद कॉल कर गालीगलौज और गुंडा टैक्स की मांग की गई। 27 जुलाई को ओएलएक्स पर मैसेज भेजकर गुंडा टैक्स न देने पर जान से मारने की धमकी दी। 

चाय की दुकान पर शराब पीने का विरोध करने पर मारपीट
बड़ागांव थानाक्षेत्र के वाजिदपुर गांव में सोमवार रात शराब पीने का विरोध करने पर हमलावरों ने दुकानदार की पिटाई कर दी। मंगलवार रात घायल दुकानदार की तहरीर पर पांच नामजद सहित दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

वाजिदपुर गांव निवासी मनीष यादव का आरोप है कि चाय की दुकान पर रात 9.45 बजे रोहन केशरी निवासी हरहुआ बाजार, आदर्श सिंह, कल्लू मिश्रा, श्रेयांस सिंह, रौनक सिंह अपने दो अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे और तोड़फोड़ कर मार पीट की। 

पिटाई कर बाइक लूटने का प्रयास, मुकदमा दर्ज
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के टिकरी गांव के बाबू उर्फ रंजीत की पिटाई कर बाइक लूटने का प्रयास किया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बाबू ने बताया कि 25 जुलाई को नगवा से मौसा के यहां से वह घर लौट रहा था। 

टिकरी स्वास्थ्य केंद्र के पास गोलू यादव, बाबूलाल यादव, मुकेश यादव, नितिन यादव ने अपने तीन साथियों के साथ उन्हें रोका। गालीगलौज के बाद पिटाई की। इस दौरान बाइक छीनने का प्रयास किया। 

बरात में दूल्हे के भाई का रुपये से भरा बैग चोरी, केस
वाराणसी के नरिया तिराहे पर बरात के दौरान दूल्हे के भाई का रुपये से भरा बैग चोरी हो गया। बैग में 2.36 लाख रुपये थे। लंका पुलिस मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसी कैमरे को खंगाल रही है। बागपत के काठा निवासी सुमित कुमार के भाई विनीत की शादी 12 जुलाई को नरिया के रामनाथ चौधरी लॉन में थी। 

सुमित ने बताया कि भाई के बग्गी पर चढ़ते समय उनके पास नीला बैग था। बैग के भीतर एक भूरे रंग का हैंडबैग था, जिसमें शादी के खर्च के लिए 2,36,000 रुपये नगद थे। बरात नरिया के पास पहुंची थी कि किसी ने बैग से रुपये पार कर दिए। 

मंशा देवी मंदिर की दानपेटी तोड़कर चोरी
रामनगर के रामपुर वार्ड में शायर माता मंदिर के बाहर दानपेटी का ताला तोड़कर चोरी हुई। दूसरी ओर किला मार्ग पर सब्जी मंडी के पास मां मंशा देवी मंदिर के मुख्य द्वार पर बीयर की बोतल रखकर धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया। दोनों घटनाओं से लोगों में रोष है। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। 

रमेश पटेल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसी कैमरों को खंगाला। एक युवक चिह्नित हुआ है। उधर, बीयर की बोतल फेंकने की घटना की सूचना वार्ड के जनप्रतिनिधियों ने रामनगर थानाध्यक्ष को दी। थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा का कहना है कि दोनों घटनाओं में आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

बाजार गई किशोरी लापता, गुमशुदगी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा देवपोखरी क्षेत्र की किशोरी 25 जुलाई से लापता है। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने बुधवार को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। किशोरी के दादा मो. शमीम अहमद ने पुलिस को बताया कि पोती बगल के दुकान पर गई थी। पोती की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती है। 

प्राचीन लाॅर्ड विश्वेश्वर वाद में सुनवाई आज
सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक कोर्ट में गुरुवार को वर्ष 1991 में दाखिल ज्ञानवापी से जुड़े प्राचीन लॉर्ड विश्वेश्वर वाद में सुनवाई होनी है। अभी इस वाद में वादी रहे हरिहर पांडेय की तीन पुत्रियों को पक्षकार बनाये जाने के मुद्दे पर सुनवाई चल रही है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस वाद को 6 महीने में निस्तारित करने को कहा है। 

मंडुवाडीह थाने के एसएसआई को अति उत्कृष्ट सेवा पदक
मंडुवाडीह थाने में तैनात वरिष्ठ उप निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव को 25 वर्ष तक सराहनीय सेवा के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से अति उत्कृष्ट सेवा पदक से नवाजा जाएगा। थाने के ही चालक सचिंद्र गौड़ को उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। मंडुवाडीह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि एसएसआई और वाहन चालक को सभी पुलिसकर्मियों ने बधाई दी है। 

ऑनलाइन कंपनियों के खिलाफ प्रदर्शन
भामाशाह भारतीय जन पार्टी ने शास्त्री घाट पर ऑनलाइन कंपनियों के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। पार्टी के अध्यक्ष सुजीत गुप्ता ने कहा कि पार्टी व्यापारियों के साथ कंधे से कंधे मिलाकर खड़ी है। 

आज कल लोग ऑनलाइन कंपनियों से खरीदारी कर रहे हैं। जिसकी वजह से व्यापारी, बनिया, दुकानदार, ठेला, पटरी व्यवसायी का सामान पहले की तरह नहीं बिक रहा है। सरकार से मांग है कि जल्द ही इन कंपनियों पर बैन लगाकर व्यापारियों के साथ न्याय करे। इस मौके पर धीरज गुप्ता, सुनील कुमार गुप्ता, संजय मोदनवाल, विकास सेठ, अनिल गुप्ता मौजूद रहे।

5 बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, 3 निर्माण सील
वीडीए की ओर से शहर में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई और तीन अवैध निर्माण सील कराए गए। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार दशाश्वमेध वार्ड के परमानंदपुर में बगैर लेआउट स्वीकृत आलोक कुमार ने 5 बीघे में अवैध प्लॉटिंग विकसित कराई थी, जिसे ध्वस्त कराया गया। 

रेशम कटरा में पूर्व में निर्मित भवन को तोड़कर पिलर का निर्माण किया जा रहा था। आंशिक अवैध निर्माण कराने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया था। बावजूद निर्माण जारी रखने पर दोबारा सील करने की चेतावनी दी गई। कोतवाली वार्ड में बुलानाला पर राहुल सेठ ने अवैध निर्माण कराया। 

इस पर वीडीए ने नोटिस दिया था। बावजूद अवैध निर्माण जारी रखने पर दोबारा सील किया गया। सारनाथ में कलावती देवी की ओर से चौरा माता कॉलोनी पांडेयपुर में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। वीडीए उपाध्यक्ष ने आम जनता से अपील की कि बगैर लेआउट स्वीकृत कराए कोई भी निर्माण न कराएं। ऐसा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

विश्वकर्मा योजना में 12076 का हुआ चयन
अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने नगर निगम सभागार में सभी कर अधीक्षकों एवं राजस्व निरीक्षकों के साथ विश्वकर्मा योजना की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 12076 पात्रों का चयन कर उनका परीक्षण कराते हुए पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। 

इसके तहत उपयुक्त पात्रों को 15 हजार रुपये की मदद की जाती है। इससे पात्र 18 प्रकार के कार्यों के व्यवसाय के लिए आवश्यक उपकरण खरीद सकते हैं। एक परिवार के एक ही सदस्य को लाभ दिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति अपने पास के जनसेवा केंद्र पर जाकर विश्वकर्मा पोर्टल पर अपना आवेदन कर सकते हैं। 

डॉ. पीआर सेन बने कर्मचारी स्वास्थ्य संकुल के सीएमओ
वाराणसी। बीएचयू अस्पताल में तैनात सीएमओ डॉ. पीआर सेन को विश्वविद्यालय के कर्मचारी स्वास्थ्य संकुल का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है। डॉ. सेन अन्य कार्यों के साथ-साथ यह कार्य भी देखेंगे। इसके पहले इस पद पर तैनात डॉ. एसपी जॉन अब बीएचयू अस्पताल में महत्वपूर्ण चिकित्सकीय कार्य देखेंगे। डॉ. पीआर सेन ने वर्ष 2005 में छात्र स्वास्थ्य संकुल में चिकित्सा अधिकारी के रूप में कार्य ग्रहण किया था। 

सपा नेताओं ने रामनगर की समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन सौंपा
जनसमस्याओं को लेकर रामनगर के सपा नेताओं ने जोनल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। रामनगर जोनल कार्यालय पहुंचे सपा नेताओं ने कहा कि जब से रामनगर को नगर निगम में मिलाया गया है तब से समस्याओं की बाढ़ आ गई है। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

उन्होंने कहा, सीवर की समस्या हर समय बनी रहती है। रामनगर का ऐसा कोई इलाका नहीं बचा है, जहां से दूषित जलापूर्ति की शिकायत न हो। दो-दो दिन पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें आ रही हैं। प्रकाश व्यवस्था ध्वस्त है। कहीं पोल तो लाइट नहीं है। जहां लाइट है वहां एलईडी खराब है। 

समस्याओं से जुड़े अधिकारी समस्याओं को हल करना तो दूर फोन तक नहीं उठाते। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर निगम जनसमस्याओं के निस्तारण में तेजी नहीं लाता और यहां व्याप्त दुर्व्यवस्थाओं को दूर नहीं करता तो वह जन आंदोलन का सामना करने के लिए तैयार रहे। सपा प्रतिनिधिमंडल में संजय यादव, संगीता पटेल, विवेक कहार, जितेन्द्र मलिक, सुजीत सिंह, जवाहर मौर्य रहे।

100 मीटर दौड़ में उमेश ने मारी बाजी
एथलेटिक्स की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता को देख खिलाड़ियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव की देखरेख में खिलाड़ियों ने अभ्यास किया। कोच चंद्रभान यादव ने बताया कि लालपुर के डॉक्टर भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में 100 मीटर में उमेश यादव, 200 मीटर में किशन मिश्र, 800 मीटर में अजीत कुमार यादव और बालिका वर्ग के 800 मीटर में शिवांगी और प्रकृति यादव ने बाजी मारी।

बताया कि आगामी प्रतियोगिताओं को लेकर खिलाड़ी सुबह छह से आठ और शाम को चार से सात बजे तक अभ्यास कर रहे हैं। अभ्यास करने वालों में लव कुमार उपाध्याय, संदीप, गुडि़या यादव, ऐश्वर्या उपाध्याय, ब्यूटी चौहान, अंकिता विश्वकर्मा शामिल थीं। 

मोहम्मद रफी की याद में मछलियों को खिलाया चारा
डर्बीशायर क्लब के बैनर तले प्रख्यात पार्श्व गायक मोहम्मद रफी 44वीं पुण्यतिथि पर लोगों ने पितरकुंडा पर मछलियों को चारा खिलाया। क्लब अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर ने कहा कि मोहम्मद रफी का जन्म 24 दिसंबर 1928 में पेशावर (पाकिस्तान) में हुआ था। 

उनका पूरा परिवार पाकिस्तान छोड़कर मुंबई आकर बस गया। उनके गाने फिल्मों में काफी मशहूर हुए, जिसे आज भी हर कोई सुनने को बेताब रहते हैं। उनके देशभक्ति गीत भी काफी प्रसिद्ध हैं। इस दौरान हैदर मोलाई, चिंतित बनारसी, शंभू यादव, प्रदीप कुमार, अरविंद यादव मौजूद रहे। 

बीएचयू में छात्रों का आमरण अनशन आज से
वाराणसी। दिसंबर-2023 में नेट में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को पीएचडी प्रवेश में वरीयता देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर लेकर बीएचयू के परीक्षा नियंता कार्यालय के सामने धरना दे रहे छात्र गुरुवार से बेमियादी अनशन शुरू करेंगे। छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले छात्रों ने कहा कि वे कई दिनों से धरना दे रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। संघर्ष समिति के सदस्य दिव्यांश दुबे ने बताया कि सुबह 11 बजे परीक्षा नियंता कार्यालय पर आमरण अनशन शुरू होगा। 

बीएचयू के देवाशीष गांगुली सेवानिवृत्त
बीएचयू के सहायक कुलसचिव (गैर-शिक्षण) देवाशीष गांगुली दादा सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने बीएचयू में बनारसी लंगड़ा आम का पौधा लगाया। इस अवसर पर सेंट्रल ऑफिस के अनुभाग अधिकारी, कर्मचारियों और डॉ. सरफराज आलम ने दादा को सम्मानित किया। देवाशीष गांगुली ने कहा कि सभी को एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और महामना की बगिया में अपने सेवानिवृत्त के दिन एक पौधा अवश्य लगाएं। 

कमिश्नर ने दो सफाई कर्मियों को निलंबित करने को कहा
पिछले दिनों शहर में सफाई न होने की शिकायतें कमिश्नर कौशल राज शर्मा को मिली थी। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट से जांच कराई तो शिकायत सही मिली। इस पर कमिश्नर ने दो सफाई कर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। 

डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली कंपनी, सुपरवाइजर, सफाई निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम के वार्ड नं 28 सरायनंदन से शिकायत मिली थी कि सफाई में लापरवाही बरती जा रही है। इस पर कमिश्नर ने जांच कराई तो सफाई निरीक्षक दिवाकर पांडेय और सफाई कर्मचारी मंजू पत्नी गंगा व शांति कभी क्षेत्र में नहीं जाते हैं। 

वार्ड में गंदगी भी मिली और सुपरवाइजर संतोष कुमार को दोबारा इसी वार्ड में सुपरवाइजर के पद पर रखने की शिकायत भी सही पाए जाने पर कार्रवाई के आदेश दिए गए। जांच में यह भी मिला कि डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली कंपनी के लोग भी वार्ड में रोज नहीं पहुंच रहे हैं। मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि कार्रवाई कर एक सप्ताह में उन्हें अवगत कराएं।

बीएचयू में पेड़ कटाई की जांच करेगी दो सदस्यीय टीम
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में हरे पेड़ों की कटाई की जांच होगी। एनजीटी ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच समिति गठित की है। एनजीटी की प्रधान पीठ, नई दिल्ली की तीन सदस्यीय बेंच ने बुधवार को प्रकरण की सुनवाई की।

बीएचयू के पूर्व छात्र और हाईकोर्ट के अधिवक्ता सौरभ तिवारी की याचिका पर एनजीटी ने प्रभागीय वन अधिकारी और क्षेत्रीय अधिकारी, पर्यावरण मंत्रालय भारत सरकार, लखनऊ की कमेटी बनाकर मामले की जांच का आदेश दिया है। प्रकरण की अगली सुनवाई 11 नवंबर को होगी। 

याचिकाकर्ता के मुताबिक एनजीटी ने आदेश दिया है कि कितने पेड़ काटे गए और उनके बदले कितने नए पेड़ लगाए गए, इसकी जांच कर रिपोर्ट दें। तिवारी ने बतौर याचिकाकर्ता मामले में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये बहस की। 

कथक में दिखाई घोड़े की चाल और कृष्ण की माखन चोरी
राष्ट्रीय फैशन प्रोद्यौगिकी संस्थान (निफ्ट) के बड़ा लालपुर स्थित संस्थान में तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार को हुई। निफ्ट एवं स्पिक मैके की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कथक नृत्य का आयोजन किया गया। बनारस घराने के कलाकार विशाल कृष्णा ने पारंपरिक नृत्य कथक की प्रस्तुति से नवागत छात्रों का मन मोह लिया।

विशाल ने कथक की शुरुआत गणेश वंदना गाइये गणपति जगबंदन... से की और तीन ताल पर शुद्ध पारंपरिक नृत्य के साथ घोड़े की चाल बच्चों की गेंद खेलना एवं श्रीकृष्ण के माखन चोरी पर आधारित बोल पर मनमोहक प्रस्तुति दी। 

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि भारत की पहचान पूरे विश्व में अपने प्राचीन संस्कृति एवं संगीत से है। संपूर्ण विश्व में भारतीय परिधान लोकप्रिय हो रहे हैं। शास्त्रीय नृत्य कार्यक्रम में अनीश मिश्रा ने सारंगी, तबले पर उदय शंकर मिश्रा, हारमोनियम एवं गायन पर संतोष कुमार मिश्रा ने संगत की। इस दौरान एनएस बोरा, मोहित किशोर वत्स, डॉ. सुधा ढींगरा, डॉ. पृथा हुसैन, प्रो. मार्टिन जे मैथ्यूज मौजूद रहे।

सारनाथ की विरासत से रूबरू हुए गाइड
इंटैक की ओर से विरासत दर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान पुरातात्विक स्थल सारनाथ के बारे में गाइड को विस्तार से जानकारी दी गई। आर्कियोलॉजिस्ट अजय श्रीवास्तव ने विस्तार से पुरातात्विक स्थल सारनाथ के बारे में जानकारी दी। बुधवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता अजय श्रीवास्तव ने किया। स्वागत इंटैक के कन्वेनर अशोक कपूर ने किया। इस दौरान अजय सिंह, जैनेंद्र राय, राजेश्वर सिंह, विक्रम मेहरोत्रा मौजूद रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed