वाराणसी: आईएमएस बीएचयू का 66वां वार्षिक दिवस समारोह 19 नवंबर को, मेधावियों को मिलेगा सम्मान
आईएमएस बीएचयू का 66वां वार्षिक दिवस समारोह 19 नवंबर को स्वतंत्रता भवन में होगा। इस मौके पर मेधावी छात्रों, संकाय सदस्यों और 43 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले 18 नवंबर से दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला भी लगेगा।
विस्तार
आईएमएस बीएचयू का 66वां वार्षिक दिवस समारोह 19 नवंबर को स्वतंत्रता भवन में आयोजित किया जाएगा। समारोह में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों और संकाय सदस्यों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही संस्थान से सेवानिवृत्त हो रहे 43 फैकल्टी और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान और सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें छह फैकल्टी और 37 नॉन टीचिंग स्टाफ सदस्य शामिल हैं।
18 नवंबर से लगेगा दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला
वार्षिक दिवस समारोह से पहले 18 और 19 नवंबर को केएन उडुपा ऑडिटोरियम परिसर में दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। 18 नवंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होने वाले इस मेले में लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलेगी।
पहली बार आईआईटी बीएचयू के भी लगेंगे 10 स्टॉल
आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार, मेला संयोजक प्रो. विजय नाथ मिश्रा और प्रो. टीपी चतुर्वेदी ने बताया कि मेले में कुल 70 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से 10 हजार से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य है। पहली बार आईआईटी बीएचयू के भी 10 स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले में सामान्य सर्जरी के साथ रोबोटिक सर्जरी से जुड़ी जानकारियां भी दी जाएंगी।
तीन हजार से अधिक स्कूली छात्र होंगे शामिल
आयोजन समिति के अनुसार, दो दिवसीय स्वास्थ्य मेले में तीन हजार से अधिक स्कूली छात्र भी शामिल होंगे। इस दौरान उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां दी जाएंगी। आयोजन में प्रो. संजय गुप्ता, प्रो. एसके भारतीय, प्रो. बी. राम, वैद्य सुशील दुबे सहित कई लोग मौजूद रहे।
