वाराणसी: महिला अस्पताल के एमसीएच विंग में शिफ्ट होंगे मंडलीय अस्पताल के वार्ड, 500 बेड का बनेगा नया हॉस्पिटल
सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल का निर्माण जल्द ही शुरू होगा। ऐसे में महिला अस्पताल के एमसीएच विंग में मंडलीय अस्पताल के वार्ड शिफ्ट होंगे। वहीं मेडिकल, सर्जिकल वार्ड सहित अन्य विभागों के 184 बेड शिफ्ट होंगे।
विस्तार
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में 8 मंजिला बनने वाले सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल का निर्माण जल्द ही शुरू होने वाला है। इसे लेकर लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। जिस जगह पर नया भवन बनाया जाना है, उसकी परिधि में आने वाले वार्डों को जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा कैंपस में बने एमसीएच विंग में शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद मेडिकल, महिला वार्ड, सर्जिकल वार्ड वाले मरीज एमसीएच विंग में बनने वाले वार्ड में भर्ती किए जाएंगे। अस्पताल के बर्न यूनिट, आईसीयू को इमरजेंसी के ऊपर शिफ्ट किया जाएगा।
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा परिसर में आठ मंजिला सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के बनने के बाद वाराणसी सहित आसपास के जिलों के मरीजों को जांच, इलाज में बड़ी राहत होगी। चार महीना पहले भूमि पूजन भी इसका हो चुका है, अब जाकर काम शुरू होने की तैयारी चल रही है। इसके लिए मंडलीय अस्पताल कैंपस में बने बर्न यूनिट, आईसीयू सहित मेडिकल, सर्जिकल वार्ड की बिल्डिंग को ध्वस्त कराया जाएगा। जब तक नया सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनकर तैयार नहीं हो जाएगा, तब तक के लिए इन वार्डों को एमसीएच विंग में शिफ्ट किया जा रहा है।
करीब 184 बेड की शिफ्टिंग एमसीएच विंग में कराई जा रही है। इसे देखते हुए एमसीएच विंग में दूसरे से लेकर चौथे तल पर ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने सहित मरीजों को भर्ती कर इलाज किए जाने संबंधी व्यवस्था भी चल रही है। इस बीच सोमवार को सीएमओ डॉ.एनपी सिंह भी दोपहर में एमसीएच विंग में शिफ्टिंग की तैयारी देखने पहुंचे। यहां ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाने, एसी से जुड़े कामकाज धीमी गति से चल रहा था। सीएमओ ने बताया कि एमसीएच विंग में वार्ड शिफ्ट होने संबंधी कामकाज में लगी कार्यदायी एजेंसी के लोगों को हर हाल में 30 सितंबर तक शिफ्टिंग का काम पूरा करने को कहा।
500 बेड का बनेगा नया हॉस्पिटल
मंडलीय अस्पताल में वर्तमान समय में न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी सहित कई विभाग नहीं है। ऐसे में यहां आने वाले मरीजों को बीएचयू अस्पताल रेफर करना पड़ता है। ऐसे में 500 बेड का नया सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाया जा रहा है। इसके लिए 2023 में ही प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। इसी साल 28 अप्रैल को पीएम नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास किया। 18 जुलाई को वाराणसी दौरे पर आए डिप्टी सीएम और यूपी के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने भी जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की बात की थी। अब वर्ष 1870-75 के दौरान स्थापित शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय में पुराने ढांचे को हटाकर यहां नया आठ मंजिला सुपर स्पेशियलिटी भवन तैयार किया जाएगा। इसमें आईसीयू, कैंसर, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी और हार्ट यूनिट जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी।