वाराणसी विकास प्राधिकरण: अब सरल होगी नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया, हर मंगलवार को नक्शा समाधान दिवस
वीडीए बोर्ड की बैठक में दशाश्वमेध प्लाजा के बजट बढ़ोतरी पर मुहर लगी। कैटिल कॉलोनियों में आवंटित भूखंडों को नहीं लेने वाले पशुपालकों का आवंटन रद्द होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी शहर के सुनियोजित विकास को गति देने के लिए विकास प्राधिकरण अब नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया और सरल करेगा। प्राधिकरण की 125वीं बैठक में प्रत्येक मंगलवार को नक्शा समाधान दिवस घोषित कर कैंप लगाने का निर्णय लिया गया है। कैटिल कॉलोनियों में आवंटित भूखंडों को नहीं लेने वाले पशुपालकों का आवंटन रद्द करने का भी निर्णय हुआ। अब नए सिरे से इसकी नीलामी से आवंटन किया जाएगा। उधर, गंगा किनारे के 200 मीटर दायरे में भवनों की मरम्मत से विकास शुल्क वसूलने का प्रस्ताव खारिज कर दिया गया।
वीडीए बोर्ड की बैठक में रोड से सटे ऐतिहासिक महत्व वाले भवनों के अगले हिस्से की मरम्मत कराने का फैसला हुआ। वीडीए की ले-आउट वाली बृज इनक्लेव कालोनी और संपूर्णानंद कॉलोनी का तलपट मानचित्र संशोधन कर भूखंडों की दोबारा पड़ताल करके उसका मिलान किया जाएगा। बोर्ड अध्यक्ष और मंडलायुक्त ने बैठक में नक्शा प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रस्ताव दिया। कहा कि हर वार्ड के जेई को टारगेट देते हुए नक्शों को पास करने में तेजी लाई जाए। हर वार्ड के लिए अलग-अलग जगहों पर भी कैंप भी लगाया जाएगा, ताकि लोग वीडीए कार्यालय न आकर उस जगह पर जाकर अपने नक्शों को जमा करके पास करा सकें।
गंगा किनारे के भवनों की मरम्मत का मामला खारिज
गंगा के 200 मीटर के दायरे में भवनों के पुनर्निर्माण और मरम्मत की अनुमति के लिए विकास शुल्क लेने का मसौदा बोर्ड में रखा गया, लेकिन कमिश्नर ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया। साथ ही इसमें कमेटी गठित करने का निर्देश दिया। वहीं रविदास स्मारक और पार्क होकर रविदास घाट तक स्थित क्रूज में बैठने के लिए पार्क प्रवेश शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। क्रूज संचालक शुल्क को वीडीए कोष में जमा करेंगे। उधर, गोदौलिया मल्टी लेबल पार्किंग में जो ऊंचाई का प्रावधान महायोजना-2031 में है, उसी के तहत ऊंचाई दी जाएगी। इस ऊंचाई को लेकर सपा एमएलसी शतरुद्र प्रकाश ने सवाल उठाया था।
1127 लाख की अवस्थापना निधि को हरी झंडी
वीडीए अवस्थापना निधि समिति की बैठक भी आयुक्त कार्यालय में हुई। इसमें 1127 लाख रुपये के विकास कार्यों को हरी झंडी मिली। वाराणसी शहर में अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने पर चर्चा हुई। सुबह-ए-बनारस से मस्जिद तिराहे तक क्षतिग्रस्त सड़क को नवीन पद्धति के आधार पर प्लास्टिक अपशिष्ट का उपयोग करते हुए बनाया जाएगा। पड़ाव स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्थल के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहरी भाग का सौंदर्यीकरण करते हुए अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। रामनगर के तिवारी कटरा से निषादराज तक सीवरेज कार्य एमएलसी लक्ष्मण आचार्य के प्रस्ताव पर कराया जाएगा।
हर मंगलवार को वीडीए में नक्शा समाधान शिविर
नक्शा समाधान शिविर में बेहतर परिणाम आने के बाद विकास प्राधिकरण प्रशासन ने अब हर मंगलवार को वीडीए सभागार में नक्शा समाधान शिविर लगाने का निर्णय लिया है। इस दिन सभी वार्डों के सभी तरह के नक्शों की सुनवाई की जाएगी। खास बात इस दिन की यह रहेगी कि इसमें सभी पटल सहायक, सभी वार्डों के अभियंता, प्रभारी अधिकारी मानचित्र के अलावा सभी जोनल अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा दिन व वार्ड वाइज नक्शों की अलग से भी सुनवाई होगी। 31 अगस्त से प्रभावी इस नई व्यवस्था के तहत सभी कर्मियों की शिविर में उपस्थिति अनिवार्य की गई है। शुक्रवार को इस आशय का आदेश वीडीए वीसी ईशा दुहन ने जारी कर दिया।
किस दिन कौन से वार्ड का कहां रहेगा शिविर
वीसी ने बताया कि सोमवार को शिवपुर, सिकरौल, सारनाथ व नगवां वार्ड का शिविर प्राधिकरण सभागार में रहेगा। मंगलवार को सभी वार्डों का शिविर वीडीए सभागार में होगा। बृहस्पतिवार को नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग के ड्राइंग रूम में भेलूपुर, चेतगंज, दशाश्वमेध, कोतवाली, चौक, आदमपुर व जैतपुरा वार्ड का शिविर लगेगा। वहीं पहले व तीसरे शुक्रवार को रामनगर व दूसरे व चौथे शुक्रवार को मुगलसराय नगर पालिका कार्यालय में शिविर लगाकर नक्शों का निस्तारण किया जाएगा।