Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi crime news today incidents ranging from life-threatening attacks to assaults thefts and threats

वाराणसी में अपराध की खबरें: कहीं जानलेवा हमला तो कहीं मारपीट, चोरी और धमकी; कई मामलों में केस व गिरफ्तारी

Sun, 15 Nov 2026 09:42 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Sun, 15 Nov 2026 09:42 PM IST
सार

वाराणसी में रविवार को कई खबरें सुर्खियों में रहीं। कहीं जानलेवा हमला तो कहीं मारपीट, चोरी और धमकी के मामले सामने आए। कुछ मामलों में प्राथमिकी दर्ज हुई तो कुछ में गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। 

विज्ञापन
Varanasi crime news today incidents ranging from life-threatening attacks to assaults  thefts and threats
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

फ्लैट विवाद में पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला

विज्ञापन

लंका थाना क्षेत्र के डाफी स्थित श्री विनायक अपार्टमेंट में पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। पीड़िता ने लंका थाने में रविवार को अपने पति अजीत शंकर पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

पीड़िता रामा पांडेय ने पुलिस को बताया कि पति जुआ खेलने और अन्य बुरी आदतों के कारण फ्लैट से आने वाला सारा किराया बर्बाद कर देते हैं। पीड़िता के भरण-पोषण के लिए बिल्डर के भाई ने उन्हें अपार्टमेंट के दो फ्लैटों की चाबियां दी थीं। 12 नवंबर की शाम करीब जब फ्लैट नंबर 307 में ताला बंद कर रही थीं, तभी अजीत शंकर पांडेय वहां पहुंचे। उन्होंने हाथ मरोड़कर जबरन चाबी छीन ली और पत्नी के साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में हाथ, पैर, कमर और सिर में गंभीर चोटें आईं।
विज्ञापन


पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उनका गला भी दबाया। शोर सुनकर बच्चों और अपार्टमेंट के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर जान बचाई। लोगों को जुटता देख आरोपी पति गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी अजीत शंकर पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

 
बाइक चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद
बाइक चोरी के दो आरोपियों गौरव सिंह और हिमांशु सिंह को बड़ागांव पुलिस ने रविवार को हरहुआ स्थित हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद की गई। बड़ागांव थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि पीड़ित ने सूचना दी कि उसकी बाइक चोरी हो गई है। इस दौरान पीड़ित और स्थानीय लोगों ने घेराबंदी करते हुए बाइक चोरी के दोनों आरोपियों को पकड़ा। इस दौरान पहुंची पुलिस को सौंपा। आरोपियों के पास से पुलिस ने बाइक बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में सुरवां गोकुलपुर निवासी गौरव सिंह और बेरवां गांव निवासी हिमांशु सिंह है। गौरव सिंह का आपराधिक इतिहास भी है।  

इसे भी पढ़ें; शिव की काशी में छठ महापर्व की धूम: दंडवत प्रणाम करते घाटों तक पहुंचीं महिलाएं, तस्वीरों में देखें झलकियां
 
क्वींस कॉलेज के शिक्षक के मकान का ताला तोड़कर चार लाख के जेवरात समेट ले गए चोर
शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर स्थित सरस्वती नगर में चोरों ने बंद मकान से नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। परमानंदपुर के सरस्वती नगर निवासी मिथिलेश कुमार पांडेय क्वींस कॉलेज में सहायक अध्यापक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 10 नवंबर को दोपहर में वह परिवार के साथ मकान में ताला बंद कर दूसरे आवास पर चले गए थे। 13 नवंबर की शाम करीब छह बजे परिवार के साथ लौटे तो मुख्य गेट का ताला बंद था, लेकिन अंदर कमरों के ताले टूटे मिले। जांच करने पर पता चला कि चोर 25 हजार रुपये नकद, दो बड़ी सोने की चेन, तीन नाक की कील, दो जोड़ी नथुनी, एक चांदी की चेन, सात चांदी के सिक्के और दो जोड़ी चांदी की पायल समेत अन्य आभूषण चुरा ले गए हैं। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। 

मैदागिन चौराहे पर बैनर फाड़ने और धमकी देने पर प्राथमिकी दर्ज
मैदागिन चौराहे पर बैनर फाड़ने और धमकी देने मामले में कोतवाली पुलिस ने शनिवार की रात प्राथमिकी दर्ज की है। हिंदू युवा वाहिनी के मंडल अध्यक्ष शुभम सोनकर ने पुलिस को बताया कि वह महानगर के मंडल अध्यक्ष हैं। हेमू कालाणी मंडल की ओर से यह प्रार्थना पत्र दिया था। मुख्य आरोपी शिवांशु यादव और उसके अज्ञात साथियों ने रंजिश के चलते संगठन के हजारों रुपये कीमत के बैनर-पोस्टर फाड़ दिए। जब इसका विरोध किया और कारण पूछा, तो आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने अपशब्द कहे और जान से मारने की आपराधिक धमकी भी दी। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। उपनिरीक्षक गौरव मिश्रा को इस मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। वह घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल करेंगे।  

Trending Videos

पुरानी रंजिश में पति-पत्नी पर लाठी और ईंट-पत्थर से हमला, चार पर प्राथमिकी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भोरकला मनकइया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर पति-पत्नी पर लाठी और ईंट-पत्थर से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता संगीता देवी ने अपने चचिया ससुर और देवर समेत चार लोगों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई। उनके निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

संगीता देवी के अनुसार, पांच नवंबर की सुबह करीब दस बजे आरोपी शराब के नशे में लाठी और ईंट-पत्थर लेकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। विरोध करने पर सभी ने उन पर और उनके पति राजेश पटेल पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने दोनों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी में मेडिकल परीक्षण कराया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की। कई बार थाने का चक्कर लगाने और महिला हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने सहायक पुलिस आयुक्त बड़ागांव से शिकायत की। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

जमीन ठगी में दंपती से 10.75 लाख हड़पे, 4 आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
जमीन दिलाने के नाम पर दंपती से 10.75 लाख रुपये की ठगी गई। रुपये वापस मांगने पर महिला से अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। चौक पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महमूरगंज के बिरदोपुर ग्रीन निवासी अमनदीप कौर ने पुलिस को बताया कि उनके पति सतनाम सिंह उर्फ सोनू ने अगस्त 2026 में अपना पैतृक मकान बेचा था। नया मकान लेने के लिए उन्होंने अपने परिचित ऋषि और गौतम दादा बंगाली से बात की। इन दोनों ने उन्हें ठठेरी बाजार निवासी सुमित वर्मा, सन्नी वर्मा और मोनू वर्मा से मिलवाया। आरोपियों ने महमूरगंज में एक खाली जमीन दिखाने की बात कही थी। जमीन पसंद आने पर आरोपियों ने बयाने के तौर पर 12 लाख रुपये मांगे। अपने पति के साथ सुड़िया, ठठेरी बाजार पहुंची। उन्होंने सन्नी वर्मा, मोनू वर्मा और ऋषि को 10.75 लाख रुपये नकद दिए। लेन-देन के समय सुमित वर्मा भी वहां मौजूद था।

आरोप है कि रकम लेने के बाद 22 अक्तूबर को जमीन का बैनामा करने से आरोपी टाल-मटोल करने लगे। 26 अक्तूबर की शाम अपने पति के साथ आरोपियों की दुकान पर पहुंची, जहां उन्हें जमीन या पैसा देने से साफ इन्कार कर दिया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज और अभद्रता की। उन्होंने उनके कपड़े फाड़ने का भी प्रयास किया। पति ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना देकर अपनी जान और पत्नी की अस्मिता बचाई। चौक थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि सुमित वर्मा, सन्नी वर्मा, मोनू वर्मा और ऋषि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा को सौंपी गई है। 

डोसा दुकान में तोड़फोड़, दो युवतियों पर प्राथमिकी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मोहल्ले में शनिवार रात डोसा दुकान में दो युवतियों ने तोड़फोड़ की। आरोप है कि जान से मारने की धमकी तक दी। दुकान संचालक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात युवतियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

दुकानदार बाल मुकुन्द पांडेय ने पुलिस को बताया कि रात करीब आठ बजे दो युवतियां काले रंग की एक्टिवा स्कूटी से दुकान पर पहुंचीं। आसपास की दुकानों का वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि वह अचानक दुकान में घुस गईं और डोसा बनाने का बैटर फेंक दिया। इसके बाद युवतियों ने दुकान में रखे सामान में तोड़फोड़ की और गाली-गलौज करने लगीं। विरोध करने पर उन्होंने सामान फेंककर मारा, जिससे एक कर्मचारी और एक ग्राहक बच्चे को चोटें आईं। 

युवतियों ने गल्ले में हाथ डालने का भी प्रयास किया। आसपास के लोगों को वीडियो बनाते देख वह मौके से भाग गईं। जाते समय एक युवती ने खुद को लल्लापुरा निवासी मनोज चौरसिया व ओम प्रकाश चौरसिया की बेटी बताते हुए धमकी दी। यह पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे और स्थानीय लोगों के मोबाइल फोन में कैद हुई है। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि पुलिस वाहन नंबर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय स्थित करनाडाड़ी में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मोहन धरकार की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक खरगापुर, ज्ञानपुर, भदोही का निवासी था। जानकारी के अनुसार, पांच नवंबर की शाम मोहन घर से बाइक से वाराणसी जा रहा था। इसी दौरान मोहनसराय करनाडाड़ी में सर्विस लेन पर विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे बजाज पल्सर सवार अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मोहन गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। 

अनैतिक व्यापार के मामले में वांछित सैयद समीर गिरफ्तार, 6 प्राथमिकी हैं दर्ज
अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में वांछित सैयद समीर (39) को कैंट पुलिस ने मकबूल आलम रोड स्थित आजाद नगर कॉलोनी में उसके घर के बाहर से रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लूट, धमकी, मारपीट और आईटी एक्ट समेत कुल छह मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कैंट थाने में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 और 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। इसके अलावा भेलूपुर, कैंट, कोतवाली और सिगरा थानों में लूट, धमकी, मारपीट और आईटी एक्ट से संबंधित पांच अन्य मामले दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पांडेय ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। 

चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 13 आपराधिक मामले हैं दर्ज
जवाहर नगर मार्केट से पर्स और नकदी चोरी करने के आरोपी राजेश गुप्ता को सिगरा पुलिस ने शनिवार की रात जवाहर नगर मार्केट से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी के 3810 रुपये बरामद किए गए। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चंदौली मुगलसराय कोतवाली के पड़ाव रतनपुर निवासी राजेश गुप्ता है। आरोपी ने 20 अक्तूबर को एक घर से पैंट, पर्स, नकदी, आधार, पैन और डेबिट कार्ड चोरी किया था। राजेश गुप्ता का एक लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 13 मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस अधिनियम, चोरी और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ सिगरा, कैंट, चेतगंज, जैतपुरा और भेलूपुर थानों में मामले दर्ज हैं। 

किशोरी मिली, आरोपी गिरफ्तार
किशोरी को अगवा करने के आरोपी रितिक राजभर को सारनाथ पुलिस ने शनिवार की रात सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से किशोरी को मुक्त कराया गया। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पुरानापुल, सारनाथ का निवासी है। शनिवार को पीड़िता की मां ने सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।  

सड़क पर पशु बांधने पर लगेगा जुर्माना
नगर निगम शहर में सड़क पर पशु बांधने वालों के खिलाफ अभियान चलाएगा। पहली बार पकड़े जाने पर प्रति पशु जुर्माना लगेगा। दूसरी बार गलती करने पर पशुओं को जब्त कर लिया जाएगा। यह अभियान सड़क पर पशुओं से होने वाले हादसों को रोकने और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर विजय अमृत राज ने बताया कि सड़क पर पशु बांधने वालों के खिलाफ अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि पहले जुर्माना लगाया जाएगा और दूसरी बार पशुओं को जब्त किया जाएगा। जब्त किए गए मवेशियों को सुरक्षित गौशालाओं में भेजा जाएगा। 

चोरी के ऑटो सहित तीन बाल अपचारी पकड़े
चोरी के ऑटो के साथ तीन बाल अपचारियों को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने शनिवार की रात ताड़ीखाना तिराहा के पास से हिरासत में लिया। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बाल अपचारियों के कब्जे से चोरी का ऑटो बरामद किया गया। यह ऑटो 4 नवंबर को चोरी हुआ था, जिसकी प्राथमिकी लालपुर पांडेयपुर थाने में दर्ज कराई गई थी।  

घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़ और मारपीट, दो नामजद
शिवपुर थाना क्षेत्र में घर में अकेली युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अनिल कुमार उर्फ गोलू और बाबू लाल राजभर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, घटना 14 नवंबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे की है। वह कॉलेज से लौटने के बाद घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दोनों व्यक्ति जबरन घर में घुस आए और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन घसीटने लगे। आरोप है कि इस दौरान गला दबाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। युवती के शोर मचाने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।  

मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए महिला से मारपीट और छेड़खानी, प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र निवासी महिला ने विकास कुमार पांडेय पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने, मारपीट और छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का आरोप है कि आरोपी कई महीनों से फोन कर उस पर छेड़खानी का मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। इन्कार करने पर तेजाब फेंकने, दुष्कर्म कराने और नौ वर्षीय बेटे को अगवा कर जान से मारने की धमकी देता था।

आरोप है कि 13 नवंबर को आरोपी एक लेखपाल के साथ उसके घर पहुंचा और जमीन की पैमाइश कराने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और मारपीट की। आरोप है कि उसने नाखून से महिला के सीने पर खरोंच मारी और साड़ी खींचकर छेड़खानी की। बीच-बचाव करने पहुंचे महिला के ससुर को भी पीट दिया। महिला ने घटना का वीडियो और फोन पर मिली धमकियों की रिकॉर्डिंग होने का दावा किया है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

मनबढ़ों ने भाजपा बूथ अध्यक्ष को पीटा, हत्या की धमकी
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के जंगमबाड़ी भाजपा बूथ अध्यक्ष अनुज शुक्ला की मनबढ़ों ने रंजिश में बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान मनबढ़ों ने हत्या करने की धमकी भी दी। पुलिस ने आरोपी सन्नी यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गणेश महाल निवासी अनुज शुक्ला जंगमबाड़ी के भाजपा बूथ अध्यक्ष हैं। पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर दोना-पत्तल की दुकान संचालित करते हैं।

शनिवार की रात करीब 11 बजे वह ई-रिक्शा से दुकान का माल उतरवाकर अंदर रख रहे थे। इसी दौरान सनी यादव ने अचानक वहां पहुंचकर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सनी यादव ने उनके साथ मारपीट की। आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस हमले में अनुज के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं हैं। दशाश्वमेध थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सनी यादव के खिलाफ मारपीट, आपराधिक धमकी समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed