फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi crime news Embezzlement of ₹1.65 lakh at an eye hospital security guard beaten up at BHU

वाराणसी में क्राइम की खबरें: नेत्रालय में 1.65 लाख की हेराफेरी, बीएचयू में सुरक्षा गार्ड की पिटाई

Sun, 13 Sep 2026 02:19 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Sun, 13 Sep 2026 02:19 PM IST
सार

नेत्रालय में 1.65 लाख की हेराफेरी का आरोप लगाया गया है। साथ ही बिलिंग रिकॉर्ड से भी छेड़छाड़ का आरोप है। मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उधर, बीएचयू में सुरक्षा गार्ड को स्कॉर्पियो सवार 10 युवकों द्वारा पिटाई का मामला सामने आया है।

विज्ञापन
Varanasi crime news Embezzlement of ₹1.65 lakh at an eye hospital security guard beaten up at BHU
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

नेत्रालय में 1.65 लाख की हेराफेरी का आरोप, बिलिंग रिकॉर्ड से भी छेड़छाड़

विज्ञापन

कैंट थाना क्षेत्र के खजुरी में पूर्वांचल नेत्रालय और रेटिना केयर सेंटर में 1.65 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने निदेशक डॉ. अखिलेश कुमार पांडेय की तहरीर पर मिर्जापुर निवासी वीरेंद्र कुमार उर्फ सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, डॉ. अखिलेश ने आरोपी पर नकदी में हेरफेर के साथ कंप्यूटर बिलिंग रिकॉर्ड में छेड़छाड़ और अभिलेख ले जाने का आरोप लगाया है। वींरेंद्र ऑप्टिकल स्टोर में बिलिंग क्लर्क और कैशियर था। उसके जिम्मे ग्राहकों से नकदी लेना, कंप्यूटर पर बिलिंग करना और स्टॉक रजिस्टर का रखरखाव था। संस्थान के आंतरिक वित्तीय ऑडिट में कंप्यूटर डाटाबेस और वास्तविक नकदी में अंतर मिला। आरोप है कि ऑप्टिकल शुल्क के रूप में प्राप्त नकद में हेरफेर कर बिलिंग सॉफ्टवेयर में दर्ज प्रविष्टियों को हटाया या संशोधित किया गया। इससे 1,65,160 रुपये संस्थान के खाते में दर्ज नहीं हो सके। संस्थान की ओर से 25 मई को विधिक नोटिस भेजकर बकाया रकम और अभिलेख लौटाने को कहा गया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।  

बीएचयू में सुरक्षा गार्ड को स्कॉर्पियो सवार 10 युवकों ने पीटा
सर सुंदरलाल चिकित्सालय में शुक्रवार दोपहर नो पार्किंग में स्कॉर्पियो खड़ा करने से मना करने पर मनबढ़ों ने सुरक्षा गार्ड की बेरहमी से पिटाई और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर लंका पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। चांदमारी निवासी सुरक्षा गार्ड पीयूष कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग के गेट नंबर एक पर तैनात थे। इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो रास्ते में खड़ी हो गई। चालक से गाड़ी हटाने को कहा तो उसने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चालक ने फोन कर 8 से 10 अन्य लड़कों को मौके पर बुला लिया। इन लोगों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी और गाड़ी की फोटो ले ली। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अपनी गाड़ी लेकर भाग गए। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि सुरक्षा गार्ड की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन संख्या के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।  
विज्ञापन


संपर्क मार्ग पर ईंटें रख कब्जे का आरोप, भिड़े दो पक्ष
चौबेपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में शनिवार को संपर्क मार्ग पर रखी ईंटें हटाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी और विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पुलिस ने लेखपाल से रास्ते की पैमाइश कराई, जिसमें सड़क की जमीन पर अतिक्रमण मिला। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय सोनकर के मुताबिक, शेख अबू जफर उर्फ आगा खान संपर्क मार्ग के कुछ हिस्से को अपनी निजी जमीन बता रहे थे। आरोप है कि मार्ग पर ईंटें रख दिए जाने से ग्रामीणों और वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों ने ईंटें हटाने के लिए कहा तो विवाद हो गया। थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।  की मांग पर हल्का लेखपाल को बुलाकर रास्ते की पैमाइश कराई गई। पैमाइश में सड़क की जमीन पर अतिक्रमण मिलने पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को ईंटें हटाने का निर्देश दिया। विवाद के बाद एक पक्ष से प्रभात रंजन मिश्रा और दूसरे पक्ष से शेख अबू जफर ने मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना जमीन विवाद न्यायालय में है। इसी विवाद के बीच सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण किया गया था। फिलहाल गांव में शांति है।

विज्ञापन
विज्ञापन

50 लाख रुपये की मांग, मारपीट और डीएनए जांच का आरोप
सिगरा थाने में दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के आरोप में शास्त्री नगर निवासी श्रेया पाठक ने पति शुभम दूबे और ससुराल पक्ष के पांच सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि शादी के बाद उनसे नोएडा या गुड़गांव में फ्लैट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग की गई। श्रेया पाठक ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 15 मई 2023 को मिर्जापुर निवासी शुभम दूबे से हुई थी। 

शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोग मायके से 50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगे। इन्कार करने पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना दी जाने लगी। अगस्त 2024 में पति के साथ नोएडा में रहने लगी। फरवरी 2025 में देवर सौरभ दूबे भी उसी एक कमरे के फ्लैट में आ गया। दो कमरे का फ्लैट लेने के लिए पति और देवर ने फिर 50 लाख रुपये लाने की शर्त रखी। 27 जुलाई 2025 की रात दोनों ने मारपीट की। 

श्रेया ने शिकायत में बताया कि 2026 में बेटे के जन्म के बाद पति और ननद दीक्षा ने चोरी-छिपे बच्चे की लार का नमूना ले लिया। 1 अप्रैल 2026 को पति ने फोन पर दावा किया कि डीएनए जांच में बच्चा उसका नहीं निकला है। पति ने जान से मारने की धमकी भी दी। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पति शुभम दूबे, ससुर विष्णु कांत दूबे, सास इंदू दूबे, देवर सौरभ दूबे और ननद दीक्षा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।  

किशोरी को साथ ले गया युवक, परिजनों को फोन कर धमकाया
चौबेपुर क्षेत्र के एक गांव से किशोरी को साथ ले जाने और परिजनों को फोन कर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने रोशन सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस किशोरी की बरामदगी और आरोपी की तलाश में जुटी है। परिजनों के अनुसार, आठ सितंबर की शाम 4:30 बजे आरोपी किशोरी को अपने साथ ले गया। आरोप है कि 11 सितंबर की सुबह 10:45 बजे युवक ने परिजन के मोबाइल पर फोन किया। आरोप है कि फोन पर पुलिस से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

छह लाख की अगरबत्ती लेने के बाद भुगतान से इन्कार
कोतवाली क्षेत्र के मध्यमेश्वर निवासी अगरबत्ती कारोबारी मिथुन सरकार ने चंदौली निवासी चंद्र भूषण मिश्रा और साले कृष्ण कुमार तिवारी के खिलाफ छह लाख रुपये की अगरबत्ती लेने के बाद भुगतान नहीं करने और बकाया मांगने पर धमकी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। मिथुन के मुताबिक, दो साल से मुगलसराय निवासी चंद्र भूषण मिश्रा के साथ कारोबार चल रहा था। आरोप है कि दिसंबर 2025 में चंद्र भूषण के कहने पर अलग-अलग तिथियों में उसकी फर्म को छह लाख की अगरबत्ती दी गई। आरोप है कि 22 जून को चंद्र भूषण दुकान पर पहुंचा। हिसाब-किताब और बकाया रकम की बात करने पर आरोपी नाराज हो गया। थाना प्रभारी दया शंकर सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

दुकानदार को चाकू मारकर भागा युवक
कोतवाली थाना क्षेत्र के राज मंदिर त्रिमुहानी पर बृहस्पतिवार शाम दुकान पर सफाई कर रहे बुजुर्ग बुद्धू राम पर एक अज्ञात युवक ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। घायल ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। बुद्धू राम ने पुलिस को बताया कि वह शाम 7:30 बजे दुकान पर काम कर रहे थे। तभी अचानक हमला हुआ। थाना प्रभारी दया शंकर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। 

कैंटीन संचालक का मोबाइल चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार में काम मांगने आए युवक पर कैंटीन संचालक का मोबाइल चोरी करने का आरोप लगा है। बलिया के चितबड़ागांव निवासी त्रिलोकी सिंह श्यामा अस्पताल के पास कैंटीन चलाते हैं। आरोप है कि प्रियांशु मौर्या दो-तीन दिन से काम मांगने आ रहा था। शुक्रवार को वह कैंटीन पहुंचा और मौका पाकर नीले रंग का ओपो मोबाइल चोरी कर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद मोबाइल नहीं मिला तो त्रिलोकी ने पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। 

स्पीड पोस्ट की फर्जी रसीद कोर्ट में लगाने का आरोप, छह पर प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र में देवोत्तर संपत्ति से जुड़े विवाद में कथित तौर पर फर्जी स्पीड पोस्ट रसीद तैयार कर न्यायिक कार्यवाही में इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। सीताराम अग्रहरि की अर्जी पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना का आदेश दिया है। 

तहरीर के अनुसार, जतनबर निवासी सीताराम अग्रहरि का आरोप है कि राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, अयोध्या प्रसाद मिश्रा, गोपाल मिश्रा, श्रवण मिश्रा, रामकृष्ण मिश्रा और आदित्य नारायण मिश्रा ने उन्हें भवन से बेदखल करने की मंशा से 10 मई 2025 की कथित स्पीड पोस्ट रसीद तैयार कराई। रसीद बाद में अपर जिलाधिकारी (नगर) किराया प्राधिकरण की अदालत में दाखिल की गई। संदेह होने पर उन्होंने आरटीआई के जरिए रेल डाक सेवा से जानकारी मांगी। 

जवाब में बताया गया कि संबंधित आर्टिकल 10 मई 2025 को वाराणसी आरएमएस काउंटर पर बुक नहीं हुआ था। जवाब में संलग्न रसीद को फर्जी बताया गया। आरोप है कि आरोपियों ने अज्ञात लोगों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उसका वास्तविक दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल किया। पुलिस आयुक्त और कैंट थाने में भी शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

कैंट रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट पकड़े गए 103 लोग
कैंट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को विशेष चेकिंग में 103 लोग बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। सुबह 8 से शाम 4 बजे तक अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक (इंचार्ज) जनार्दन सिंह के नेतृत्व में 21 लोगों की टीम ने भागीदारी की। 94905 रुपये का राजस्व वसूला गया।  

घर में घुसा अजगर, ग्रामीणों ने पकड़ा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के रमईपट्टी गांव में शुक्रवार रात मकान में अजगर घुस गया। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसे पकड़कर पास के ताल में छोड़ दिया। रमईपट्टी गांव में नेशनल हाईवे किनारे आरटीओ कार्यालय के पास अशोक पटेल के मकान में रात को अजगर दिखाई देने पर परिजन दहशत में हो गए। अशोक पटेल समेत आसपास के लोगों ने तुरंत बड़ागांव पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम के पहुंचने तक ग्रामीण अजगर को ले जा चुके थे। 

पेड़ गिरने से तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित
आराजी लाइन में अडानी गोवर्धन प्लांट के पास बारिश और हवा के चलते एक पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से बिजली के तार भी उसकी चपेट में आ गए। इससे विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई। हादसे के बाद विद्युत विभाग ने आपूर्ति रोककर तारों की मरम्मत का काम शुरू किया। इस दौरान क्षेत्र में तीन घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। तार दुरुस्त किए जाने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।  

तीन घरों में हुई चोरी के मामले विधायक ने अधिकारियों से की बात
जंसा थाना क्षेत्र के भतसार जोगीवीर पाही गांव में शुक्रवार देर रात असलहों से लैस नकाबपोश बदमाशों ने तीन घरों में धावा बोलकर नकदी और आभूषण चोरी कर ली थी। घटना के बाद शनिवार को अपना दल (एस) विधायक डॉ. सुनील पटेल शनिवार को पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस पर लीपापोती का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले में पुलिस के उच्चाधिकारियों से बात कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। मौके से ही पुलिस के उच्च अधिकारियों को फोन कर घटना की गंभीरता से जांच और जल्द खुलासा का निर्देश देने को कहा। उन्होंने घटना की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी दी। 

ऑटो में बैठाकर शिक्षिका के गले से चेन निकालने का आरोप
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में काली माता मंदिर के पास ऑटो में बैठाकर शिक्षिका के गले से चेन निकालने का मामला सामने आया है। दौलतपुर निवासी शिक्षिका प्रीति रानी ने अज्ञात ऑटो चालक और एक महिला पर चेन चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

शिक्षिका के मुताबिक, नौ सितंबर को दोपहर 3:15 बजे वह काली माता मंदिर के पास चेतनशील दुकान के पास थी। तभी एक ऑटो चालक उनके पास आया और उन्हें ऑटो में बैठा लिया। ऑटो में पहले से एक महिला बैठी थी। आरोप है कि चालक और महिला बातचीत में उन्हें उलझाए रहे। इसी दौरान महिला ने मौका पाकर उनके गले से चेन निकाल ली। कुछ दूरी पर चालक और महिला शिक्षिका फरार हो गए।

ऑटो से उतरने के बाद शिक्षिका को गले चोरी होने की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात ऑटो चालक और महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed