सावन में कोरोना का असर: काशी विश्वनाथ मंदिर में कम हुई श्रद्धालुओं की संख्या, सीएम योगी की अधिकारियों संग बैठक
- काशी विश्वनाथ मंदिर में 10,000 से भी कम आ रहे श्रद्धालु।
- वाराणसी में कोरोना मरीजों की संख्या हुई 2085।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। इसका असर वाराणसी में काशी विश्वनाथ के दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं की संख्या पर भी पड़ रहा है। पिछले साल के मुकाबले कई गुना कम भक्त दर्शन करने पहुंच रहे हैं।
काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन में पिछले साल श्रद्धालुओं के आने की संख्या लगभग 1 लाख थी, सोमवार में करीब डेढ़ से दो लाख हो जाती थी। लेकिन इस बार कोरोना वायरस की वजह से दर्शन करने आते श्रद्धालुओं की संख्या सिर्फ 10,000 से भी कम है।
इस साल मंदिर में सावन के पहले सोमवार को करीब 10 हजार भक्तों ने बाबा के दर्शन किए थे, दूसरे सोमवार को वहीं ये संख्या करीब 3,500 रह गई। तीसरे सोमवार को करीब 8,000 श्रद्धालु दर्शऩ करने आए। चौथे सोमवार को भी भक्तों की संख्या कम है।
चौथे सोमवार को बाबा विश्वनाथ का रुद्राक्ष श्रृंगार किया गया। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए बैरिकेडिंग कराकर में रेड कार्पेट बिछाई है। चौथे सोमवार को मंगला आरती के बाद दर्शन पूजन आरंभ हो गया। मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए तीन अलग-अलग मार्ग तैयार किए गए हैं। तीनों मार्ग पर सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए श्रद्धालुओं के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है और सोशल डिस्टेनसिंग का पालन किया जा रहा है।
वाराणसी में कोरोना :
वाराणसी जिले में अब तक कोरोना संक्रमित 2085 मरीज हो गए हैं, जिसमें 855 के डिस्चार्ज, 42 के मौत के बाद 1188 एक्टिव केस रह गए हैं। वहीं, रविवार को कुल 26 मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज भी किया गया।
वाराणसी में शनिवार को 102 नए मरीज मिलने और एक मौत के बाद रविवार को भी 161 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा तीन लोगों की मौत भी हो गई। इनमें मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा की स्टाफ नर्स, हेड कांस्टेबल और बीएचयू के रिटायर्ड प्रोफेसर की पत्नी की मौत हुई है। जिसके बाद कोरोना से मरने वालों की संख्या 42 पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीएचयू के सेंट्रल हाल सभागार में रविवार को वाराणसी मंडल की कोविड संक्रमण एवं बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीएचयू व जिला प्रशासन के समन्वय से पूर्वांचल सहित अन्य प्रदेशों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जा सकती है।
बीएचयू में लेवल-3 के बेड में विस्तार व नान कोविड ओपीडी संचालित करें। सीनियर डॉक्टर भी कोविड मरीजों का विजिट करें। उन्होंने कहा कि बीएचयू को राज्य सरकार से जो सहयोग चाहिए, वह मिलेगा। बीएचयू ऐसा कार्य करे कि वह दूसरों के लिये अनुकरणीय हो। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर जिले में 100 बेड के कोविड अस्पताल बनेंगे। बीएचयू एल-3 में 300 बेड की व्यवस्था की जाएगी।