वाराणसी में कोरोना: एक्टिव केस हुए 8458, सुबह मिले 692 नए मरीज, अब तक 402 की गई जान
वाराणसी में सोमवार को 1347 संक्रमित मिले, 3 महिलाओं की गई जान
अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 31,780 पहुंच गई है।
अब हर दिन एक हजार से ज्यादा कोरोना मरीज मिल रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वाराणसी में कोरोना का संक्रमण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार की सुबह 692 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि के बाद कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 31,780 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग को सुबह मिली 2382 सैंपल की रिपोर्ट में 692 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक अब एक्टिव मरीजों की संख्या 8458 हो गई है। वहीं इस महीने चार दिन में ही 4735 नए मरीज मिले। इसमे 10 अप्रैल को 1176, 11 को 1520, 12 अप्रैल को 1347, जबकि 13 अप्रैल को सुबह 11 बजे तक 692 मरीज मिल चुके हैं।
कोरोना से अब तक 402 लोगों की मौत
वाराणसी में सोमवार को अस्पतालों में भर्ती 3 महिलाओं की मौत के बाद अब मरने वाले का आंकड़ा 402 पहुंच गया है। इधर, अलग-अलग जगहों से सोमवार को 1347 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। सोमवार को बीएचयू धन्वंतरि हॉस्टल, सुश्रुत हॉस्टल, आईएमएस बीएचयू और परिसर में 30 लोग संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा बीएलडब्ल्यू के लोगों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। राहत की बात यह है कि रविवार को 1520 केस के मुकाबले मरीजों की संख्या कम रही।
सोमवार को दीनदयाल अस्पताल में इंग्लिशिया लाइन निवासी 60 वर्षीय महिला, बीएलडब्ल्यू अस्पताल में बजरडीहा निवासी 65 वर्षीय महिला और शुभम सद्भावना अस्पताल लंका में भी सिगरा निवासी 65 वर्षीय महिला की मौत हुई है।
जांच कराने वालों की उमड़ी भीड़
अब जांच कराने वालों की भीड़ भी हर दिन उमड़ रही है। सोमवार को बीएचयू सुपर स्पेशिएलिटी ब्लॉक के बाहर, मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा, ईएसआईसी, काशी विद्यापीठ स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य पर जांच के लिए लोगों की लंबी लाइन दिखी। काशी विद्यापीठ पीएचसी पर दोपहर 12 बजे के बाद जांच बंद कर दी गई। जिन कर्मचारियों पर जांच की जिम्मेदारी थी, उन्हें कांटेक्ट ट्रेसिंग में जांच के लिए भेज दिया गया। ऐसे में लोग इंतजार करते रहे। बीएचयू में भी लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सोमवार को कुल 7447 लोगों की जांच हुई। 6120 की रिपोर्ट मिली।
पूर्वांचल के जिलों का आंकड़ा
सोमवार को वाराणसी में कोरोना के 1347, आजमगढ़ में 217, बलिया में 216, जौनपुर में 188, गाजीपुर में 184, चंदौली में 145, मिर्जापुर में 117, सोनभद्र में 111, भदोही में 76, मऊ में 50 नए मरीज मिले। आजमगढ़ में चार, वाराणसी में तीन और बलिया और सोनभद्र में एक-एक मरीज की मौत हो गई।