Varanasi Accident: धक्के से सड़क पर गिरा बाइक सवार युवक, ट्रक के कुचलने से मौत; दो साल पहले हुई थी शादी
Varanasi News: वाराणसी के लालपुर चट्टी के पास नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सड़क पर गिरने के बाद पीछे से आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया और फरार हो गया। मिर्जापुर निवासी युवक वाराणसी में निजी कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
UP Road Accident: वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र स्थित लालपुर चट्टी के समीप नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान मिर्जापुर जिले के बरैनी गांव निवासी मयंक कुमार सिंह उर्फ सोनू (38) के रूप में हुई है। वह शनिवार सुबह अपने घर से बाइक पर सवार होकर वाराणसी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह लालपुर चट्टी के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मयंक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें कुचल दिया और वाराणसी की ओर फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की मिर्जामुराद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात कार और ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहनों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
मयंक दो भाइयों में छोटे थे और वाराणसी की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। करीब दो वर्ष पहले उनकी शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी और चार महीने का एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता तेज बहादुर सिंह सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।