Varanasi Accident: होली के लिए बाजार जा रहे छात्र की मोपेड की टक्कर से मौत, दो घंटे जाम; आरोपी युवक गिरफ्तार
Varanasi News: वाराणसी में हादसे के बाद बालक की माैत की जानकारी मिलते ही लोहता थाने की पुलिस पहुंच गई। चक्काजाम कर रहे लोगों को मुआवजे का आश्वासन देकर शांत कराया गया। वहीं, आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Road Accident in Varanasi: लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी बंधा के पास सोमवार रात होली की खरीदारी करने बाजार रहे साहिल प्रजापति (12) की मोपेड की टक्कर से मौत हो गई। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों ने कोटवा-लहरतारा मार्ग पर दो घंटे चक्काजाम कर दिया।
एसीपी रोहनिया के समझाने और आर्थिक मुआवजा के आश्वासन पर ग्रामीण माने। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मोपेड सवार युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। छितौनी निवासी साहिल रात के समय घर के पास ही बाजार में पैदल होली का सामान लेने जा रहा था। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए मोपेड सवार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह भाग निकला। लोगों ने तुरंत साहिल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दोपहर में शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा तो परिजन और लोग आक्रोशित हो गए। दोपहर दो बजे परिजनों ने कोटवा-लहरतारा मार्ग पर शव रखकर नारेबाजी शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी और आर्थिक मुआवजा की मांग पर अड़ गए। दो घंटे तक होली की खरीदारी करने निकले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस ने यातायात किसी तरह बहाल कराया। एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा समेत थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने परिजनों को समझाया। मुख्यमंत्री से आर्थिक मुआवजा दिलाने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम 4 बजे चक्काजाम समाप्त हुआ।
थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि आरोपी छितौनी भरथरा निवासी अरविंद राजभर को गिरफ्तार किया गया। पिता दिनेश प्रजापति ने पुलिस को बताया कि तीन बेटों में साहिल सबसे छोटा और कक्षा छह का छात्र था। मां उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो बाइक की टक्कर में तीन घायल
लोहता थाना क्षेत्र के अलाऊद्दीनपुर गांव के सामने सोमवार रात दो बाइक की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जंसा थाना क्षेत्र के परमपुर गांव के अभयराज राजभर (19) व रितेश राजभर (18) परमपुर से कोरौता बाजार की तरफ जा रहा था। सामने से विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार सूर्यबली यादव (34) निवासी अलाऊद्दीनपुर से टकरा गया। तीनों घायल हो गए। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।