नेशनल वॉलीबॉल में UP का परचम: काशी में दो घंटे-15 मिनट का मुकाबला, महिला-पुरुष टीमों ने प्ले-ऑफ में मारी बाजी
Varanasi News: 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में यूपी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले चक्र (क्वार्टर फाइनल क्वालीफाइंग मैच) में प्रवेश कर लिया है।
विस्तार
Sports News: डॉ . संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में (सिगरा) में जारी 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के पांचवें दिन संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में (सिगरा) में जारी 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के पांचवें दिन गुरुवार को उत्तर प्रदेश की टीमों ने अपने जुझारू प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
महिला वर्ग के प्ले-ऑफ मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने हार न मानने वाले जज्बे का परिचय दिया। गुजरात के खिलाफ खेल रही यूपी की बेटियों ने करीब दो घंटे और 15 मिनट चले कड़े संघर्ष में जीत हासिल की। मैच की शुरुआत में यूपी ने बढ़त बनाई, लेकिन मध्य के सेटों में गुजरात ने जोरदार वापसी करते हुए यूपी पर भारी दबाव बना दिया था।
उत्तर प्रदेश की इस रोमांचक जीत की सूत्रधार सेटर आर्या रहीं, जिन्होंने अपनी उंगलियों के जादू से शानदार 'बॉल सेट' किए। उनकी सटीक सेटिंग का पूरा फायदा काजल और प्रियंका जैसी अटैकर्स ने उठाया और गुजरात के पाले में धुआंधार स्मैश की बौछार कर दी। डिफेंस में लिब्रो जान्सी ने अविश्वसनीय कलेक्शन दिखाए, जबकि नेट पर मीना और नीलू ने अपनी ब्लॉकिंग से गुजरात के हमलों को नाकाम कर दिया।
दर्शकों ने बढ़ाया उत्साह
गुजरात की हार का मुख्य कारण उनका कमजोर बॉल पास और अंत में बिखरा हुआ तालमेल रहा। इस शानदार प्रदर्शन से खुश होकर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने यूपी महिला टीम को 11,000 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पुरुष वर्ग के प्ले-ऑफ मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने अपने पड़ोसी राज्य उत्तराखंड को पटखनी दी। शुरुआत में उत्तराखंड ने कांटे की टक्कर दी और पहले सेट में यूपी को दबाव में रखा, लेकिन उसके बाद यूपी के अटैकर्स ने मोर्चा संभाल लिया। रजनीश सिंह और शहीद आलम के पावरफुल शॉट्स और यूनिवर्सल सूर्यांश के ऑलराउंड प्रदर्शन के सामने उत्तराखंड का डिफेंस टिक नहीं सका। उत्तराखंड की टीम सही अटैक न कर पाने के कारण दबाव में आती गई और मैच गंवा बैठी।
तमिलनाडु और केरला का दबदबा
उधर तमिलनाडु की महिला टीम ने एकतरफा खेल दिखाते हुए तेलंगाना को महज एक घंटे में शिकस्त दे दी। तमिलनाडु की सर्विस और स्मैश इतने सटीक थे कि तेलंगाना की टीम किसी भी सेट में चुनौती पेश नहीं कर सकी। वहीं पुरुष वर्ग में केरला ने छत्तीसगढ़ को आसानी से हराकर अगले चक्र में जगह बनाई।
दिग्गजों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, डीआरएम आशीष जैन और आयोजन समिति के अध्यक्ष व महापौर अशोक कुमार तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया।
अगला पड़ाव: प्री-क्वार्टर फाइनल की जंग
अब प्री-क्वार्टर फाइनल महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश टीम का अगला मुकाबला आज ही सायंकाल ओडिशा से होना तय है। जब कि महिला वर्ग में तमिलनाडु का सामना हिमाचल प्रदेश से होगा। पुरुषों में उत्तर प्रदेश का इंडियन रेलवे से, केरल का कर्नाटका के मध्य प्री-क्वार्टर फाइनल होगा। टूर्नामेंट अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुँच चुका है, जहां नौ जनवरी को क्वार्टर फाइनल और 11 जनवरी को महामुकाबला (फाइनल) खेला जाएगा।
आज के अब तक के मैचों का स्कोरकार्ड
पुरुष वर्ग
- उत्तर प्रदेश बनाम उत्तराखंड (प्ले-ऑफ)
- परिणाम: उत्तर प्रदेश 3-1 से जीता
- सेट स्कोर: (28-30, 25-21, 25-23, 25-17)
- केरल बनाम छत्तीसगढ़ (प्ले-ऑफ)
- परिणाम: केरल 3-0 से जीता
- सेट स्कोर: (25-16, 25-19, 25-15)
महिला वर्ग
- उत्तर प्रदेश बनाम गुजरात (प्ले-ऑफ)
- परिणाम: उत्तर प्रदेश 3-2 से जीता
- सेट स्कोर: (25-16, 23-25, 18-25, 25-15, 15-07)
- तमिलनाडु बनाम तेलंगाना (प्ले-ऑफ)
- परिणाम: तमिलनाडु 3-0 से जीता
- सेट स्कोर: (25-14, 25-14, 25-08)