UP Weather: बनारस का पारा 36.4 डिग्री, सबसे बड़े रिकॉर्ड से सिर्फ पांच डिग्री दूर; बारिश का यलो अलर्ट जारी
UP Weather News: वाराणसी में बारिश के बाद हो रही उमस से बनारस के लोग परेशान हो रहे हैं। भीषण गर्मी में एसी-कूलर का भी असर नहीं हो रहा है। जिले में बिजली कड़कने के साथ जोरदार बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
Varanasi Weather: बारिश के बाद की गर्मी काशीवासियों के लिए असहाय हो गई है। साफ पर्यावरण में धूप के किरणों में चुभन जैसा एहसास हो रहा है। शुक्रवार को बनारस का तापमान 36 डिग्री को पार कर गया है, जो कि अपने ऑल टाइम रिकॉर्ड से महज पांच डिग्री ही कम और जुलाई में 30 साल के औसत तापमान से तीन डिग्री ऊपर रहा।
जुलाई में अब तक का सबसे ज्यादा पारा 41.4 डिग्री है, वही 30 साल का अधिकतम औसत तापमान 33.9 डिग्री है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री ज्यादा 36.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री ऊपर 27 डिग्री तक चला गया।
मौसम विज्ञान विभाग के एक अध्ययन के अनुसार, 1991 से लेकर 2020 तक के बनारस में जुलाई महीने में औसतन न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस और औसत अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था। हालांकि वर्ष 2025 में जुलाई महीने का औसत तापमान बाद में पता चलेगा। वहीं बीते 15 वर्षों में जुलाई में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री से लेकर 41.4 डिग्री सेल्सियस तक गया है।
स्वच्छ पर्यावरण में बढ़ी धूप की तीव्रता
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बनारस में बीते इस सप्ताह के शुरुआती तीन दिनों में 100 मिमी से ज्यादा बारिश के चलते पर्यावरण काफी स्वच्छ हो गया है। इससे धूप के किरणों की तीव्रता काफी बढ़ गई है। वहीं उमस भी ऐसी हो गई है कि पूरे दिन शरीर का पसीना सूख ही नहीं रहा है।
रविवार के बाद बदल सकता है मौसम
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 22 जुलाई को वाराणसी में बिजली कड़कने के साथ जोरदार बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बताया गया है कि इसके पहले और बाद के एक से दो दिनों तक बारिश का अलर्ट नहीं है। हालांकि प्रो. श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार के बाद बंगाल की खाड़ी की ओर से आ रही नम हवा बारिश करा सकती है।