UP MLC Election: एमएलसी का चुनाव अगले साल, तीन प्रत्याशी मैदान में; वाराणसी में शिक्षकों से संपर्क शुरू
Varanasi News: प्रत्याशियों ने अपने-अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिक्षकों से बातचीत की जा रही है। उन्हें अपने पाले में लाने के लिए मंथन किए जा रहे हैं। इस चुनाव में 30 हजार मतदाता शिक्षक मतदान करते हैं।
विस्तार
शिक्षक विधायक और एमएलसी पद के लिए अगले साल चुनाव है। अब तक तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। एक वर्तमान में शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव भी शामिल हैं। चुनाव में वाराणसी खंड के 8 जिलों बनारस, गोरखपुर, फैजाबाद , लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, बरेली मुरादाबाद, मेरठ और सहारनपुर हैं। 30 हजार मतदाता शिक्षक मतदान करते हैं।
माध्यमिक शिक्षक संघ के मीडिया प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि शिक्षक विधायक और एमएलसी पद के लिए 2026 में चुनाव होना है। सारिणी अभी जारी नहीं हुई है। प्रत्याशियों में से चेतनारायण सिंह, प्रमोद मिश्र और लाल बहादुर यादव हैं। इन लोगों ने शिक्षकों से संपर्क शुरू कर दिया है।
एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर बैठक
एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को जेपी मेहता इंटर कॉलेज में शिक्षकों की बैठक हुई। चुनाव के संबंध में रूपरेखा तैयार हुई। शैक्षिक विचार पत्रिका के संपादक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने शिक्षकों और पदाधिकारियों को वोटर बनाने के लिए फॉर्म-19 भरने संबंधी निर्देश दिए।
जिला संयोजक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक के संयोजक अपने स्तर से बूथ संयोजक बनाकर फॉर्म 19 पहुंचा दें। मंडल मंत्री डॉ. सत्येंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिन विद्यालयों में फॉर्म 19 पहले से भरा गया है, उसे जमा करवाकर उनकी प्राप्ति रसीद अवश्य प्राप्त कर ले। प्रदेश मंत्री कमलेश सिंह ने विरासत को बनाए रखने पर बल दिया।
विधायक ने किया सड़क निर्माण का शिलान्यास
कैंट विधानसभा के भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शनिवार को ग्रामसभा सुल्तानपुर में 34.68 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 468 मीटर लंबे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह सड़क अरविंद मौर्य के आवास से गौरइया बॉर्डर तक बनेगी। इसका भूमि पूजन ग्राम प्रधान रितू देवी ने किया। शिलापट्ट का अनावरण प्रधान प्रतिनिधि मनोज मौर्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से किया।