पुलिस ने चिता से शव उतरवाया: पिता ने मुंडवाया था सिर, पत्नी बोली- हत्या है; एक हफ्ते पहले मृत बच्चा जन्मा था
भितरी गांव में एक युवक की कथित आत्महत्या के बाद फुलवारी घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान विवाद हो गया। पत्नी पूजा और उसके पिता ने पोस्टमार्टम की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिता से शव उतरवाकर कब्जे में लिया और जिला मुख्यालय पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच जारी है।
विस्तार
गाजीपुर के भितरी गांव निवासी त्रिपुरारी यादव (28) की कथित आत्महत्या के बाद रविवार को फुलवारी घाट पर उस समय विवाद हो गया, जब पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए चिता पर रखे शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी पूजा और उसके पिता अलगू यादव की ओर से पोस्टमार्टम की मांग किए जाने के बाद दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवा दिया।
कोतवाल रामसजन नागर के अनुसार, त्रिपुरारी ने शनिवार रात पारिवारिक कलह के बीच कमरे में पंखे के सहारे कथित तौर पर फंदा लगा लिया था। परिजन शव लेकर फुलवारी घाट पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी दौरान करीब एक सप्ताह पहले मृत नवजात को जन्म देने के बाद मायके सादात के हाजीपुर गांव में रह रही पत्नी पूजा अपने पिता अलगू यादव और अन्य परिजनों के साथ भितरी पहुंची। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
इसके बाद पूजा और उसके पिता ने पुलिस को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस के पहुंचने तक शव चिता पर रखा जा चुका था। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को कब्जे में लिया और कोतवाली ले आई। बाद में मृतक के पिता महेंद्र यादव की तहरीर पर शव को जिला मुख्यालय पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के पिता महेंद्र यादव ने बताया कि त्रिपुरारी की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। वह दो भाइयों में बड़ा था और वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।