UP Chunav 2022: लग्जरी गाड़ियों और असलहों के शौकीन हैं ज्यादातर उम्मीदवार, खुद तो करोड़पति, पत्नी के नाम भी करोड़ों की चल-अचल संपत्ति
विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन करने वाले तमाम उम्मीदवार करोड़पति होने के साथ जमीन, गहनों, लग्जरी गाड़ियों और असलहों के भी शौकीन हैं। इनमें से कई ने उद्योगों में भी ठीकठाक निवेश किया है।
विस्तार
ओबरा से भाजपा के प्रत्याशी व प्रदेश के राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड के पास तीन लाख रुपये नकद, करीब साढ़े 16 लाख रुपये बैंक खातों में हैं। उन्होंने दो लाख रुपये का इंश्योरेंस भी लिया है। इसके अलावा एक स्कार्पियो और फार्च्यूनर भी उनके पास है। संजीव गोंड के पास 140 ग्राम सोना, एक रायफल और एक पिस्टल है। इस तरह उनकी कुल चल संपत्ति 66 लाख रुपये की है।
हाईस्कूल तक पढ़े 46 वर्षीय संजीव ने अपना व्यवसाय कृषि दर्शाया है। दुद्धी से बसपा प्रत्याशी और विधायक हरिराम चेरो ने वर्ष 2017 में जब चुनाव लड़ा था, तब उनके पास महज 72 हजार रुपये की चल संपत्ति थी। अब वह बढ़कर 26 लाख रुपये की हो गई है। हाईस्कूल तक पढ़े हरिराम चेरो के पास 50 हजार नगद, एक फार्च्यूनर और इनोवा करीब दो करोड़ की बीमा पालिसी भी है। अचल संपत्ति डेढ़ करोड़ है। चेरो पर 80 हजार का ऋण भी है।
घोरावल से विधायक और भाजपा के प्रत्याशी डॉ. अनिल मौर्य की चल सपंत्ति 2.42 करोड़ और अचल संपत्ति 2.51 करोड़ की रुपये है। उनके पास नौ लाख रुपये नकद, 3.10 लाख रुपये बैंक खातों में है इसके अलावा नोवा हास्पिटल लखनऊ में 1.94 करोड़ रुपये का निवेश, फ्लैट के लिए 27.80 लाख रुपये का एडवांस सहित सोने की दो चेन, चार अंगूठी, एक रिवाल्वर और रायफल भी हो।
मुख्य पेशा ट्रांसपोर्ट और पेट्रोल पंप का
घोरावल से सपा प्रत्याशी रमेश दुबे के पास 1.16 करोड़ की चल और 2.04 करोड़ की अचल संपत्ति है। दंपती पर 38 लाख की देनदारी भी है। दुद्धी से सपा के प्रत्याशी विजय सिंह गोंड 15 लाख रुपये चल और 3.46 करोड़ अचल संपत्ति के मालिक हैं। उन पर करीब 25 लाख का ऋण भी है।
ओबरा से सपा के अरविंद उर्फ सुनील गोंड के पास 20 लाख रुपये चल और 70 लाख की अचल संपत्ति है। सदर से कांग्रेस के कमलेश ओझा के पास 23.75 की चल, 20 लाख की अचल संपत्ति है। ओबरा के कांग्रेस प्रत्याशी रामराज गोंड के पास महज 5 लाख की संपत्ति है। घोरावल से कांग्रेस की विंधेश्वरी सिंह राठौर 13.45 लाख की चल संपत्ति है। उनके पास कृषि भूमि पर करीब साढ़े नौ लाख का केसीसी ऋण है।
जौनपुर: पूर्व सांसद धनंजय पर दस आपराधिक मामले दर्ज
जौनपुर के मल्हनी से जेडीयू के प्रत्याशी व पूर्व सांसद धनंजय सिंह करोड़पति हैं। धनंजय पर दस आपराधिक मामले दर्ज हैं। उनके पास राइस मिल, पेट्रोल पंप भी है। उनके पास सवा आठ लाख रुपये कैश, एक फार्च्यूनर, टैंकर, बोलेनो व होंडा सिटी कार है, कुल 3 करोड़ 56 लाख 62 हजार 562 की चल संपत्ति जबकि लखनऊ, बाराबंकी, जौनपुर में अचल संपत्ति है।
मुंगराबादशाहपुर से भाजपा विधायक अजय शंकर दुबे के पास 40 हजार कैश, 300 ग्राम सोने एवं हीरे के आभूषण है, एक पिस्टल, के अलावा एक करोड़ 23 लाख 60 हजार 810 रुपये की चल संपत्ति और 95 लाख की अचल संपत्ति है। उन पर बैंक का 73 लाख 59 हजा 434 रुपये का कर्ज भी है। मछलीशहर से भाजपा प्रत्याशी मेहीलाल गौतम साक्षर है। उनके पास पांच हजार रुपये कैश, एक स्प्लेंडर बाइक और 75 हजार रुपये की चल संपत्ति है जबकि दस लाख रुपये की अचल संपत्ति है।
भदोही : विधायक विजय मिश्र पर 24 मुकदमे दर्ज
भदोही जिले की ज्ञानपुर विधानसभा सीट से विधायक विजय मिश्र इस बार प्रगतिशील मानव समाज पार्टी के प्रत्याशी हैं। उन पर 24 मुकदमे दर्ज हैं। शपथपत्र के अनुसार उनके पास एक करोड़ 34 लाख 53 हजार रुपये से अधिक की चल अचल संपत्ति है। विधायक के पास कोई असलहा नहीं हैं। फार्च्यूनर गाड़ी, पेट्रोलपंप में हिस्सेदारी, कई जगह जमीन, मकान आदि की संपत्ति है। उनके पास करीब 20 तोला सोना, नीलम, पोखराज, मूंगा, रुद्राक्ष आदि हैं।
ज्ञानपुर सीट से सपा के उम्मीदवार पूर्व मंत्री रामकिशोर बिंद पर एक मुकदमा दर्ज है। ये 1 करोड़ 38 लाख की चल अचल संपत्ति के मालिक हैं। भदोही के कांग्रेस प्रत्याशी वसीम फिरोज के पास कुल तीन लाख 72 हजार रुपये की पूंजी है, जबकि अचल संपत्ति शून्य है।वसीम के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं।
औराई से बसपा से चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री कमलाशंकर भारती के पास कुल 37 लाख 56 हजार की संपत्ति है। औराई की कांग्रेस प्रत्याशी संजू कन्नौजिया के पास महज दो लाख 32 हजार रुपये की जमा पूंजी है। उनके पति के पास दो लाख 47 हजार रुपये हैं।
चंदौली
चंदौली जिले की मुगलसराय सीट से भाजपा प्रत्याशी रमेश जायसवाल के पास 3.85 लाख रुपये नकद हैं जबकि बैंक में तीन लाख रुपये जमा हैं। साढ़े चार लाख से अधिक की बीमा पालिसी है। एक बोलेरो, एक महिंद्रा एक्यूवी व बुलेट मोटरसाइकिल के अलावा 40 ग्राम सोने के आभूषण हैं। लाइसेंसी रिवाल्वर, 60 लाख की कृषि भूमि और छह लाख की गैर कृषि भूमि है। उन पर छह लाख का कार लोन भी है।
सकलडीहा से बसपा उम्मीदवार जयश्याम त्रिपाठी संपूर्णानंद संस्कृत महाविद्यालय प्रभुपुर के प्राचार्य हैं। इनके पास दो लाख कैश, 14 लाख का बीमा दो स्कार्पियो और ट्रैक्टर है। इसके अलावा प्रभुपुर, चहनियां आदि स्थानों पर करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति है। इन पर 21 लाख रुपये का कर्ज भी है।
गाजीपुर
गाजीपुर सदर से भाजपा की प्रत्याशी डा. संगीता बलवंत के पास एक लाख पांच हजार नगद के अलावा एक खाते में 183773, दूसरे में 1050000, तीसरे में 43 हजार जमा हैं। उनके पास सोने के चार सौ ग्राम आभूषण, 32 बोर का रिवाल्वर, एक रिपीटर गन है। पूर्व मंत्री जहूराबाद से बसपा की प्रत्याशी सैयदा शादाब फातिमा के पास 45 हजार नगद, एक बचत खाते में 2318164, दूसरे में 2291522 रुपये जमा है।
इनके पास फारच्यूनर एवं टाटा सफारी वाहन तथा एनटीबी 315 बोर राइफल, 720 ग्राम सोने के आभूषण हैं। जहूराबाद से ही भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक कालीचरण राजभर के पास दो लाख नगद, तथा नौ बैंक खातों में 184908 रुपये जमा हैं। इनके पास स्कार्पियो, दस ग्राम आभूषण, राइफल और रिवाल्वर है। सैदपुर से सपा प्रत्याशी अंकित भारती के पास 60 हजार नगद, एक बैंक खाते में 58666, दूसरे में 43030, तीसरे में 17333, चौथे में 4005000 रुपये जमा है। इस युवा प्रत्याशी के पास डेढ़ सौ ग्राम सोना तथा पांच सौ ग्राम चांदी है।
आजमगढ़
आजमगढ़ के मुबारकपुर सीट से एआईएमआईएम के प्रत्याशी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली की कुल चल संपत्ति डेढ़ अरब है। उनके पास 1.57 अरब की चल व 11.37 करोड़ की अचल संपत्ति है। सदर सीट से बसपा प्रत्याशी सुशील सिंह के पास 1.25 लाख नगद के अलावा 91.24 लाख की चल और 5.46 करोड़ की अचल संपत्ति है। इन पर 22 लाख की देनदारी है।
100 ग्राम सोना, एक रिवाल्वर व एक रिपटर गन भी है। जिसकी कीमत 1.30 लाख रुपये है। मुबारकपुर से भाजपा प्रत्याशी अरविंद जायसवाल 3.63 करोड़ की चल तो 12.67 करोड़ की अचल संपत्ति के मालिक है। इन पर कोई देनदारी नहीं है। लालगंज सुरक्षित से सपा उम्मीदवार बेचाई सरोज 37 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। उन पर 1.30 लाख रुपये की देनदारी भी है।