वाराणसी में सचिन पायलट बोले: यूपी के सीएम नहीं सुनते पीड़ा, मुद्दों की बजाय करते हैं विवाद की राजनीति
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता सचिन पायलट बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। अमर उजाला से बातचीत में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
विस्तार
यूपी विधानसभा चुनाव में संगठन की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को वाराणसी पहुंचे राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा मुद्दों की राजनीति नहीं करती है, बल्कि हिंदू-मुस्लिम जैसे विवाद पर बात करती है। यूपी के सीएम ने पांच साल तक किसी की पीड़ा नहीं सुनी और प्रदेश का माहौल अराजक कर दिया है।
अंधरापुल स्थित होटल में बुधवार को अमर उजाला से विशेष बातचीत में सचिन पायलट ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों पर छापेमारी केंद्रीय एजेंसियों के जरिए दबाव की राजनीति है। केंद्र सरकार ने अपने चहेते उद्यमियों के लाखों करोड़ रुपये माफ कर दिए, मगर किसानों के दुख दर्द पर रत्ती भर ध्यान नहीं दिया। बल्कि उनके मुंह का निवाला छीनने का हर संभव प्रयास तक किया।
यूपी चुनाव पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण
भाजपा ने आमदनी दोगुना करने का वायदा किया था, वह तो पूरा नहीं हुआ, लोगों का दर्द सौ गुना जरूर बढ़ गया। उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव न केवल इस राज्य के लिए बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
पढ़ेंः तो क्या आजमगढ़ की इस सीट से अखिलेश यादव लड़ेंगे चुनाव, सपा जिलाध्यक्ष ने भेजा न्योता
कांग्रेस नेता ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश में भले ही लंबे समय से सरकार में नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी सड़क पर लगातार जनता की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है। सपा और बसपा भी विपक्ष की भूमिका निभा नहीं पाई। प्रदेश में जहां कही भी अन्याय हुआ वहां हमारी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा सबसे पहले जनता के साथ खड़ी दिखीं। उत्तर प्रदेश के बाद भाजपा देश के प्रत्येक राज्य में चुनाव हारेगी और 2024 में उसकी केंद्र से भी विदाई तय है।
पढ़ेंः चार लोगों ने घर पर लगा रखा था पार्टी का झंडा, आचार संहिता उल्लंघन में पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
भाजपा के लोग किसानों से किस मुंह से मांगेंगे वोट
सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा के लोगों ने तो किसानों को दबाने के चक्कर में उनको कुचलने से भी गुरेज नहीं किया, अब वह किस मुंह से उनसे वोट मांगेंगे। देश में किसान पर कर्ज कई गुना बढ़ चुका है और उनकी आय घटती चली गई। पांच उपचुनाव हारने के बाद भाजपा ने अपने तीन काले कृषि कानून वापस लिया। अभी भी हमें यह आशंका है कि चुनाव खत्म होने के बाद भाजपा सरकार पिछले दरवाजे से अपने काले कृषि कानूनों को लाने का प्रयास करेगी।
युवाओं को कांग्रेस में मिलती है तरजीह
कांग्रेस में युवा नेतृत्व के अभाव के सवाल पर पायलट ने कहा कि 30 साल से कांग्रेस यूपी में सत्ता में नहीं है। प्रियंका गांधी ने एक ब्लू प्रिंट बनाया है। इसमें महिला, किसान और नौजवान के साथ सभी वर्गों को जोड़ने की योजना है। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में यूपी में साल तक कांग्रेस ने सड़कों पर संघर्ष किया। सरकार के खिलाफ कोई दूसरा विपक्ष खड़ा नहीं था। यही कारण है कि अब युवा हमारे साथ तेजी से जुड़ रहे हैं।
राजस्थान सरकार के साथ खटास पर भी बोले पायलट
राजस्थान सरकार के साथ खटास के सवाल पर पायलट ने कहा कि डेढ़ साल पहले मैंने अपने नेतृत्व को कुछ सुझाव दिए थे और उसकी कमेटी बनी है। कदम भी उठाए जा रहे हैं। अब तक धारणा है कि राजस्थान में एक बार कांग्रेस व एक बार भाजपा की सरकार रहती है। मगर, संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं के जरिए इस धारणा को हर हाल में बदलूंगा। हमारी ही सरकार में चार साल में दलित मंत्री नहीं थे, मैंने मुद्दा उठाया तो अब कैबिनेट में चार दलित मंत्री हैं। यूपी में विजय के बाद राजस्थान में भी इसे दोहराएंगे।
पढ़ेंः वैक्सीन लगवाने का ऐसा डर: नाविक ने टीका लगाने गए स्वास्थ्यकर्मी को उठाकर पटका, दूसरा पेड़ पर चढ़ा, देखें वायरल VIDEO