UP कॉलेज: परीक्षा और रिजल्ट एक साथ, 40 फीसदी ई-मार्कशीट जारी, बिना हस्ताक्षर वाला अंकपत्र एजुकेयर पोर्टल पर
यूपी काॅलेज के छात्र अपने रिजल्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। एजुकेयर पोर्टल खोलने वालों की संख्या भी बढ़ गई है। बताया गया है कि इसी सप्ताह के अंत तक एमएससी चौथे सेमेस्टर का भी रिजल्ट जारी हो जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP College: उदय प्रताप कॉलेज में पहली बार सेमेस्टर परीक्षा के साथ-साथ रिजल्ट भी जारी हो रहे हैं। किसी विषय का पेपर होने के 3-4 दिन के अंदर बिना हस्ताक्षर की ई- मार्कशीट भी मिल जा रही है। कॉलेज के एजुकेयर पोर्टल पर ये अपलोड होने लगा है।
40 फीसदी छात्रों यानी कि यूजी-पीजी को मिलाकर 2500 सीटों में से 1000 छात्र और छात्राओं के अंकपत्र वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं। फिलहाल सेमेस्टर परीक्षा 30 मई तक चलेगी।
एक मई से शुरू हुई सेमेस्टर परीक्षा में अब तक एमए हिंदी, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र भूगोल, एमए सांख्यिकी, बीकॉम, बीएड और एमकॉम के चौथे सेमेस्टर के रिजल्ट घोषित कर दिए गए हैं। प्राचार्य प्रो. डीके सिंह का कहना है कि इसी सप्ताह के अंत तक एमएससी चौथे सेमेस्टर का भी रिजल्ट जारी हो जाएगा।
परीक्षा के दिन कोडिंग-डिकोडिंग, अगले दिन मूल्यांकन : यूपी कॉलेज में सुबह 7 से 9.30 बजे तक सेमेस्टर परीक्षा हो रही है। 10 बजे के बाद उत्तर पुस्तिका की कोडिंग-डिकोडिंग की प्रक्रिया की जा रही है। अगले दिन परीक्षकों को बुलाकर सारी कॉपियां चेक कराईं जाती हैं। अगले दिन सॉफ्टवेयर की मदद से डेटा एंट्री कर एजुकेयर पोर्टल पर रिजल्ट की इलेक्ट्रॉनिक प्रति भी अपलोड की जा रही है।
1-5 जुलाई तक यूजी-पीजी की प्रवेश परीक्षा, 13 कोर्स में मेरिट से एडमिशन
यूपी कॉलेज में स्नातक और परास्नातक में प्रवेश परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है। 1 से 5 जुलाई तक 12 कोर्स में 2500 सीटों के लिए परीक्षा होगी। वहीं बाकी बचे 13 कोर्स में प्रवेश परीक्षा के बजाय पिछली क्वालिफिकेशन की मेरिट से प्रवेश लिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा के ठीक बाद 8 जून से मेरिट पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 15 जुलाई के बाद प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी होगा और 12 कोर्स में प्रवेश लिया जाएगा।
यूपी कॉलेज में 6000 आवेदन पत्र आए हैं और 8000 से अधिक अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। बीएससी कृषि में 150 सीटों के मुकाबले 1200 आवेदन पत्र आए हैं। एमएससी के हर कोर्स में सीट के मुकाबले तीन गुना आवेदन आए हैं। प्रवेश प्रक्रिया में आवेदन करने की तिथि भी बढ़ाई गई है। 31 मई के बाद विलंब शुल्क के साथ 15 जून तक पोर्टल खुला रहेगा।
मार्कशीट की हार्ड कॉपी बाद में मिलेगी
प्रो. सिंह ने कहा कि सेमेस्टर परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद कॉलेज की एकेडमिक प्रक्रिया में तेजी आएगी। साथ ही जिन छात्र या छात्राओं को तत्काल मार्कशीट की जरूरत होगी तो इसका भी प्रिंट लिया जा सकेगा। बाद में हस्ताक्षर और मुहर युक्त मार्कशीट की हार्ड कॉपी भी दे दी जाएगी। पीएचडी इंटरव्यू की भी प्रक्रिया तेजी से खत्म करा ली जाएगी। आवेदन करने वाले हर पात्र अभ्यर्थी को यहां प्रवेश मिल रहा है।