यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: वाराणसी में 15 विद्यालयों को तीसरी बार केंद्र बनाने, 20 केंद्रों की दूरी पर आपत्ति
परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी होने के बाद विद्यालयों को निर्धारित समय में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया था। इसके तहत आई 94 आपत्तियों में केंद्रों की दूरी को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
विस्तार
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए जारी परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची पर विद्यालयों की ओर से कुल 94 आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन आपत्तियों में 20 से अधिक परीक्षा केंद्रों की दूरी, 15 से अधिक एक ही विद्यालय को लगातार तीसरी बार केंद्र बनाए जाने और 35 से अधिक किसी केंद्र पर अधिक संख्या में परीक्षार्थियों को आवंटित किए जाना हैं। इनके अलावा 15 से अधिक विद्यालयों ने केंद्र बनने के लिए दावा किया है।
परीक्षा केंद्रों की अनंतिम सूची जारी होने के बाद विद्यालयों को निर्धारित समय में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया था। इसके तहत आई 94 आपत्तियों में केंद्रों की दूरी को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
इसे भी पढ़ें; आसान हुआ सफर: काशी से दिल्ली के बीच आज से दौड़ेगी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन, पहले ही दिन दीपावली तक की सीटें फुल
विद्यालयों की आपत्ति है कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करते समय विद्यार्थियों की सुविधा और केंद्र तक पहुंचने की दूरी का ध्यान रखा जाना चाहिए। परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं को समय से केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए केंद्रों के आवंटन की समीक्षा की मांग की गई है।
लगातार तीसरी बार केंद्र बनाए जाने पर भी आपत्ति
आपत्तियों में एक ही विद्यालय को लगातार तीसरी बार परीक्षा केंद्र बनाए जाने का मुद्दा भी शामिल है। विद्यालयों की ओर से इस तरह के आवंटन पर सवाल उठाए गए हैं। केंद्र निर्धारण में किन विद्यालयों को लगातार तीसरे वर्ष केंद्र बनाया गया है और इस संबंध में दर्ज आपत्तियों पर क्या निर्णय लिया जाएगा, यह निस्तारण के बाद ही स्पष्ट होगा।
अधिक छात्र संख्या आवंटित होने पर आपत्तियां सबसे ज्यादा
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या के आवंटन को लेकर सबसे अधिक आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। विद्यालयों का कहना है कि किसी एक केंद्र पर अधिक संख्या में विद्यार्थियों को आवंटित किए जाने से परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं पर असर पड़ सकता है। इसका निस्तारण किया जाएगा।
क्या बोले अधिकारी
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की अनंतिम सूची जारी की गई थी। इसमें विद्यालयों से दावा आपत्ति मांगे गए थे। अभी तक कुल 94 दावा आपत्तियां आई हैं। इनका क्रमवार निस्तारण किया जाएगा। जल्द ही अंतिम सूची जारी की जाएगी। -भोलेंद्र प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, वाराणसी