बेकाबू कार ने छात्र को बुरी तरह से कुचला, मौके पर दम तोड़ा
मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत खालिसपुर गांव के स्कूल के पास मंगलवार की शाम लगभग 4:30 बजे एक बेकाबू कार ने एक छात्र को कुचल दिया जिससे मौके पर ही छात्र की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित गांव वालों ने घटनास्थल के पास स्टेट हाईवे जाम कर दिया। लगभग 15 मिनट बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने घटना के बाद भाग रही कार को स्टेडियम के पास पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार खालिसपुर गांव निवासी सत्यप्रकाश का 12 वर्षीय पुत्र शिवम स्टेट हाईवे के किनारे स्थित परिषदीय प्राइमरी स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र था। वह शाम लगभग 4:30 बजे घर से स्कूल की तरफ आ गया। इसी दौरान सड़क पार करते समय बलिया की ओर से तेज गति से आ रही कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दिया जिससे मौके पर ही शिवम की मौत हो गई।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और लगभग 15 मिनट के बाद मौके पर सरायलखंसी थानाध्यक्ष डीके श्रीवास्तव पहुंच गए। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को शासनादेश के अनुरूप आर्थिक मदद दिलाई जाएगी और दुर्घटना करने वाली कार को भी जल्दी पकड़ लिया जाएगा। पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने कार चालक के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।