सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत: बाइक सवार से लिफ्ट लेकर जा रही थीं कछवा रोड बाजार, परिजनों में कोहराम
वाराणसी के बिहड़ा गांव निवासी दो महिलाएं शुक्रवार दोपहर बाइक सवार से लिफ्ट लेकर कछवा रोड बाजार जा रहीं थीं। तमाचाबाद में ट्रैक्टर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों महिलाओं की मौत हो गई। बाइक चला रहा शख्स घायल है।
विस्तार
वाराणसी के तमाचाबाद में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर शुक्रवार भीषण सड़क हादसा हुआ। बेकाबू ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाओं की मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं, दोनों महिलाओं का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला।
मिर्जामुराद थाना अंतर्गत बिहड़ा गांव निवासी सनोज पटेल बाइक से कछवा रोड बाजार आ रहा था। सुभाष पटेल की पत्नी राधा पटेल (40) और वकील गौड़ की पत्नी शांति गौड़ (45) भी कछवा रोड बाजार आ रही थीं। रास्ते में सनोज मिला तो दोनों उसकी बाइक पर सवार हो गईं।
अस्पताल में हुई महिलाओं की मौत
तमाचाबाद में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर सनोज की बाइक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर मिर्जामुराद थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाई।
ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान राधा और शांति की मौत हो गई। वहीं, सनोज का उपचार जारी है। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि राधा पटेल तीन बेटियों व एक बेटे और शांति तीन बेटों और दो बेटियों की मां थी। इस संबंध में मिर्जामुराद थाना प्रभारी दीपक राणावत ने बताया कि ट्रैक्टर लेकर भागे आरोपी चालक की तलाश कराई जा रही है। हादसे के संबंध में अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।