होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़: पुलिस को देख दो रशियन युवतियां खिड़की से कूदकर भागीं, चार हिरासत में
Varanasi Crime News: कैंट थाना क्षेत्र स्थित होटल शरीन इन टाउन सिटी में पुलिस ने छापेमारी कर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों से चार युवतियों को हिरासत में लिया गया।
विस्तार
वाराणसी जिले के छावनी क्षेत्र के ओयो के होटल टाउन सिटी में देह व्यापार का बुधवार को कैंट पुलिस ने भंडाफोड़ किया। होटल के चार कमरों से चार युवतियां मिलीं। पुलिस ने आशंका जताई है कि दो रशियन युवतियां खिड़की से कूदकर दूसरे मकान के रास्ते भाग निकलीं। होटल संचालक दशमीत समेत अमन राय, पीयूष जायसवाल, उमेश यादव और ट्रैवल एजेंसी संचालक शिवम शर्मा पर कैंट पुलिस ने देह व्यापार समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया है। कमरे से पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। सीसी कैमरे की फुटेज पुलिस ने कब्जे में ली है। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की है।
एडीसीपी वरुणा नीतू ने बताया कि जांच में सामने आया कि होटल में देसी और विदेशी ग्राहकों के लिए ऑन डिमांड युवतियों को बुलाने का नेटवर्क चलता था। ग्राहक ऑनलाइन बुकिंग करते थे और लगभग 70 प्रतिशत भुगतान एडवांस में किया जाता था। होटल चलाने का एग्रीमेंट दशमीत सिंह से किया गया था। इसके बाद होटल अमन राय को किराये पर दे दिया, अमन ने ओयो के साथ मिलकर टाउन सिटी नाम से इसे संचालित किया।
बाद में अमन ने संचालन की जिम्मेदारी पीयूष जायसवाल को दे दी, पीयूष ने गाजीपुर निवासी उमेश यादव को मैनेजर नियुक्त किया। छापे के दौरान उमेश भाग निकला। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि ट्रैवल डेस्क संचालक शिवम शर्मा समेत कुल पांच पर मुकदमा दर्ज किया गया है। होटल को सील किया जाएगा। विदेशी युवतियों की पहचान और उनके नेटवर्क का पुलिस पता लगा रही है।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: दालमंडी में चला हथौड़ा चला, सड़क चौड़ीकरण के लिए कार्रवाई शुरू; तस्वीरों में देखें एक्शन
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि एडीसीपी वरुणा नीतू कात्यायन, एसीपी कैंट नितिन तनेजा, कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा की संयुक्त टीम ने छापा मारा। दो विदेशी युवतियों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। पुलिस ने बाहर से उन्हें समझाया, लेकिन युवतियों ने दरवाजा नहीं खोला।
पुलिस ने जब दरवाजे का लॉक तोड़ा तो कमरे में कोई नहीं था। खिड़की खुली मिली, जिसका रास्ता एक मकान से होकर जाता है। युवतियां इसी रास्ते से भाग निकलीं। होटल के अलग-अलग कमरों से चार अन्य युवतियां मिलीं। पूछताछ में तीन पश्चिम बंगाल और एक दिल्ली की रहने वाली निकली।
देव दीपावली तक होटल में ठहरना था
हिरासत में ली गईं युवतियों ने पुलिस को बताया कि वह एजेंट के माध्यम से वाराणसी पहुंची थीं। होटल की चारपहिया ने कैंट स्टेशन से होटल पहुंचाया। देव दीपावली तक होटल में ही ठहरना था। युवतियों ने बताया कि दो नवंबर को कुछ विदेशी युवतियां आने वाली थीं। फॉरेंसिक टीम ने भी होटल में जांच की। रशियन युवतियों के कमरे से मिले साक्ष्य के आधार पर उनकी पहचान और वीजा संबंधी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।