Varanasi: दुग्ध उत्पाद विक्रेता को पिस्टल लाइटर दिखाकर पांच लाख लूटे, सात घंटे में खुलासा; पकड़े गए दो किशोर
Varanasi News: वाराणसी पुलिस ने लूट के मामले में सात घंटे के अंदर एक्शन लिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने असलहा दिखाकर अपराध को अंजाम दिया था।
विस्तार
वाराणसी जिले के कुंडीगढ़ मुहल्ला स्थित अमूल दुग्ध उत्पाद के विक्रेता उमाशंकर को सोमवार की सुबह पिस्टल लाइटर और स्प्रिंग वाला चाकू दिखाकर दो किशोर पांच लाख रुपये लूट लिए। सक्रिय हुई चौक थाने की पुलिस ने सीसी फुटेज और सर्विलांस की मदद से सात घंटे की मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को पकड़ लिया।
दोनों किशोरों के पास से पुलिस ने दुकानदार के एक लाख 68 हजार 907 रुपये, एक पेन ड्राइव, दो चेकबुक, दस्तखत किया एक चेक, एलआईसी की दो रसीद, सात चाबी और अन्य कागज बरामद किया है। दोनों किशोरों से पूछताछ की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने की कार्रवाई
चौक थाना क्षेत्र के कुंडीगढ़ निवासी उमाशंकर ने बताया कि सुबह 4:30 बजे से 5 बजे के बीच उनकी दुकान पर दो किशोर आए। उनमें से एक किशोर चार महीने पहले तक उनकी दुकान पर काम करता था। दोनों उन्हें असलहा इसैर चाकू दिखाकर उनका बैग लूट ले गए। बैग में लगभग पांच लाख रुपये और जरूरी कागज थे।एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर चौक विमल कुमार मिश्रा की टीम को लगाया गया।
सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से सामने आया कि दोनों किशोर उमाशंकर की दुकान से निकल कर दालमंडी से नई सड़क, लक्सा, गुरुबाग होते हुए महमूरगंज की ओर गए थे। दोनों की तलाश में लगी टीमों ने उन्हें सूरजकुंड इलाके से पकड़ा तो उनकी तलाशी में 30 हजार रुपये बरामद हुए। दोनों ने बताया कि 30 हजार रुपये निकालने के बाद दोनों ने बैग सिद्धिगिरीबाग इलाके में फेंक दिया था।
पुलिस सिद्धिगिरीबाग पहुंची तो बैग के अंदर जिस हिस्से की चेन बंद थी, उसमें से शेष रकम और कागज बरामद हुए। पुलिस ने सिद्धगिरी बाग इलाके से पिस्टल लाइटर और चाकू बरामद किया। बरामद करने का प्रयास कर रही है। उधर, मामले में त्वरित गति से प्रभावी कार्रवाई के लिए डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने इंस्पेक्टर चौक विमल कुमार मिश्रा और उनकी टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।