लखनऊ-जौनपुर मार्ग पर ट्रक और बाइक में भिड़ंत, सपा नेता की मौत, साथी गंभीर
जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र के धनियामऊ गांव के पास मंगलवार की रात सड़क हादसे में सपा नेता की मौत हो गई। हादसे में उनका साथी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के उर्दू बाजार निवासी मोहम्मद मुस्लिम हीरा(35) सपा की जिला कार्यकारिणी सदस्य और कार्यालय के प्रभारी थे। मंगलवार को वह एक शादी समारोह में शामिल होने अपने दोस्त अशफाक(38) के साथ बदलापुर गए थे।
देर रात लौटते समय धनियामऊ के पास सामने से आ रहे ट्रक की लाइट पड़ने से बाइक चला रहे अशफाक की आंखे चौंधिया गईं। इसके बाद बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दोनों काफी देर तक सड़क पर बेहोश पड़े रहे। आसपास के लोगों ने उन्हें नौपेड़वा सीएचसी पहुंचाया। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बक्शा सीएचसी पर एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर परिजन जौनपुर से एंबुलेंस लेकर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल ले आए। यहां डॉक्टरों ने मुस्लिम को मृत घोषित कर दिया। अशफाक भी घंटों तक बेहोशी की हालत में पड़ा रहा।
होश में आने के बाद बताया कि ट्रक की लाइट पड़ने के बाद आंखें चौंधिया गई थीं। फिर क्या हुआ, कुछ नहीं पता। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में सपा नेता जिला अस्पताल पहुंच गए। बक्शा एसओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।