मुसीबत: फुलवरिया फोरलेन के निर्माण कार्य के दौरान मंडुवाडीह से लहरतारा जाने में होगी परेशानी
हर महीने बनेगा एक पिलर, फरवरी तक लहरतारा का शिरा तैयार होगा। फुलवरिया फोरलेन निर्माण से कैंट-मोहनसराय जीटी रोड पर यातायात बाधित नहीं होगा।
विस्तार
वाराणसी में फुलवरिया फोरलेन के निर्माण में अब मंडुवाडीह से लहरतारा जाने वालों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। लहरतारा वाले छोर का निर्माण शुरू हो गया है। हर महीने यहां पर एक पिलर का निर्माण होगा। कुल छह पिलर बनाए जाएंगे। इस दौरान कैंट मोहनसराय जीटी रोड पर यातायात बाधित नहीं होगा।
सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल ने बताया कि फुलवरिया फोरलेन का पूरा काम जून तक पूरा होगा। लहरतारा छोर का काम फरवरी तक पूरा होगा। जीटी रोड को किसी प्रकार से बाधित नहीं किया जाएगा। मंडुवाडीह से लहरतारा मार्ग के यातायात को डायवर्ट करने से पूर्व यातायात विभाग के साथ बैठक होगी। जीटी रोड से मंडुवाडीह मार्ग पर चार पिलर होंगे, जबकि लहरतारा वाले मार्ग पर दो पिलर होंगे। फुलवरिया फोरलेन का निर्माण होने के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से बीएचयू जाने वालों को कैंट होकर नहीं जाना पड़ेगा। शिवपुर से फोरलेन से लहरतारा, डीएलडब्ल्यू, सुंदरपुर, लंका होकर बीएचयू जाएंगे।
एक नजर में फुलवरिया फोरलेन
- लहरतारा-फुलवरिया जेपी मेहता इंटर कालेज से वाया सेंट्रल जेल रोड से शिवपुर मार्ग का काम जून 2022 में पूरा होगा।
- शिवपुर चुंगी मार्ग पर ओवरब्रिज का काम दिसंबर तक पूरा किया जाना है।
- वरुणा नदी पर बनने वाले पुल और सड़क निर्माण का काम चल रहा है।
- लहरतारा की तरफ पिलर बनाने का काम शुरू है।