वाराणसी में दिसंबर माह से करिए इलेक्ट्रिक बसों में सफर, प्रदूषण भी होगा कम
नवंबर माह के अंत तक ई बस चार्जिंग स्टेशन सहित सारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। मिर्जामुराद स्थित एक महाविद्यालय में 11 ई बसें आ चुकी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रविवार को 10 और सोमवार की दोपहर एक और ई बस मिर्जामुराद स्थित एक महाविद्यालय में पहुंच गई है। इसे मिलाकर अब शहर के लिए कुल 11 ई बसें आ चुकी हैं। शहरवासी अगले माह के प्रारंभ में इलेक्ट्रिक बस में सफर करेंगे। इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से शहर में पर्यावरण प्रदूषण पर भी काफी हद तक लगाम लगेगी।
नगरीय परिवहन निदेशालय और परिवहन निगम की ओर से चार्जिंग बस स्टेशन को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए बीते 27 अक्तूबर को लखनऊ से आए ज्वाइंट डायरेक्टर अजीत सिंह ने स्टेशन का निरीक्षण किया था। इसके बाद कार्यदाई निजी कंपनी पीएमआई और सीएनडीएस को तय समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिये गए थे।
तकनीकी निरीक्षण के लिए मुख्यालय ने गठित की टीम
हरियाणा से वाराणसी के मिर्जामुराद पहुंची 11 इलेक्ट्रिक बसों का तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा। परिवहन निगम की ओर से सोमवार को टीम गठित कर रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक को जल्द से जल्द रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस टीम में कैंट रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक, तकनीकी सहायक प्रबंधक सहित एक टेक्निकल ऑफिसर को शामिल किया गया है। इनके द्वारा सभी बसों की फिटनेस की जांच की जाएगी। साथ ही बसों के रजिस्ट्रेशन और चालकों की नियुक्ति कर सूची मुख्यालय को भेजी जाएगी।
दिसंबर माह की शुरुआत तक शहर में ई बसें चलने लगेंगी। बसों के तकनीकी निरीक्षण के लिए मुख्यालय द्वारा टीम गठित की गई है। फिटनेस सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी कर मुख्यालय को सूचित किया जाएगा। - कमलाकांत तिवारी, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज
मिर्जामुराद में अब तक 11 इलेक्ट्रिक बस आ चुकी हैं। उन्हें पास के ही एक महाविद्यालय के परिसर में रखवाया गया है। ई बस चार्जिंग स्टेशन का काम तेजी से चल रहा है, जिसे 25 नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। - जयदीप वर्मा, परामर्श दाता पीएमआई